Category: Breaking News

  • लाखों रुपए का इनामी संदिग्ध ISIS आतंकी गिरफ्तार

    लाखों रुपए का इनामी संदिग्ध ISIS आतंकी गिरफ्तार

    नई दिल्लीः दिल्ली में ISIS के आतंकियों की तलाश कर रही दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने ISIS के एक संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार संदिग्ध का नाम शाहनवाज उर्फ शैफी उज्जमा है। इसके साथ ही कुछ स्लीपर सेल भी गिरफ्तार किए गए हैं। शाहनवाज उर्फ शैफी मोस्ट वॉन्टेड आतंकी है। इसकी तलाश NIA काफी दिनों से कर रही थी। आतंकी शाहनवाज पर NIA ने 3 लाख रुपए का इमान घोषित किया था। यह पुणे ISIS केस में वांटेड था।

    दिल्ली का रहने वाला शाहनवाज पेशे से इंजीनियर है। वह पुणे पुलिस कस्टडी से फरार होने के बाद दिल्ली में छिपा हुआ था। NIA को उसके दिल्ली में छिपे होने के इनपुट मिल थे। जिसके बाद रविवार को जांच एजेंसी की टीम पुलिस के साथ मिलकर कई जगहों पर छापेमारी करने पहुंची थी लेकिन उसके हाथ कोई भी सुराग नहीं लग सका था। जांच एजेंसी और पुलिस 3 इनामी आतंकियों मोहम्मद शाहनवाज आलम उर्फ शैफी उज्जमा उर्फ अब्दुल्ला, रिजवान अब्दुल हाजी अली और अब्दुल्लाह फयाज शैख की तलाश कर रही थी।

    तीन इनामी आतंकियों में से शाहनवाज अब पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। बता दें कि यह गिरफ्तारियां दिल्ली और दूसरे राज्यों से हुई हैं। पुलिस सभी से पूछताछ कर रही है। बता दें कि आतंकियों का दिल्ली कनेक्शन सामने आने के बाद पुलिस और जांच एजेंसी ने सेंट्रल दिल्ली में रेड मारी थी। अब एक आतंकी पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है।

  • सुबह- सुबह जमीनी विवाद को लेकर चली गोलियां, 6 की मौ’त

    सुबह- सुबह जमीनी विवाद को लेकर चली गोलियां, 6 की मौ’त

    देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में जमीन विवाद को लेकर पुरानी रंजिश में छह लोगों की हत्या कर दी गई है। हत्या की इस बड़ी घटना को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। जानकारी के मुताबिक देवरिया जिले के रुद्रपुर के निकट फतेहपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर 6 लोगों की हत्या कर दी गई है। घटना को लेकर पूरे इलाके में हड़कंप मचा है। इलाके में भारी पुलिस बल तैनात हैं। पूरे गांव में चीख- पुकार मची है। घटना को लेकर चारों तरफ तरह- तरह की चर्चाएं हो रही हैं।

    घटना सोमवार की सुबह करीब 7:00 बजे की बताई जा रही है। कहा जा रहा है कि सुबह-सुबह दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ और विवाद इस कदर बढ़ गया कि ताबड़तोड़ गोलियां चलने लगीं। गोली लगने से कई लोगों की मौत की खबर है। मौके पर पुलिस मौजूद है। घटना के बाद गांव में तनाव बढ़ गया है और अफरा तफरी का माहौल है। गांव में तनाव को देखते हुए एसपी डॉ. संकल्प शर्मा ने बताया कि मौके पर पीएसी भेजी जा रही है।

  • शिकागो पिज्जा रेस्टोरेंट में पुलिस की रेड, संदिग्ध अवस्था में मिले 9 युवतियां और 11 युवक, देखें वीडियो 

    शिकागो पिज्जा रेस्टोरेंट में पुलिस की रेड, संदिग्ध अवस्था में मिले 9 युवतियां और 11 युवक, देखें वीडियो 

    रेस्टोरेंट मालिक और उसके बेटे को  लिया हिरासत में 

    फर्रुखाबाद: उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद के फतेहगढ़ में पुलिस ने एक रेस्टोरेंट में छापा मारा। इस दौरान संदिग्ध अवस्था में 9 युवतियां और 11 युवक मिले, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। इसके बाद सभी को पुलिस वाहन से पुलिस लाइन ले जाया गया। पुलिस ने रेस्टोरेंट संचालक को भी हिरासत में लिया है। यह रेस्टोरेंट शहर के पाश इलाके सिविल लाइन में पुलिस लाइन के पास ही है। 

    बताया जा रहा है कि फतेहगढ़ के शिकागो रेस्टोरेंट में अक्सर युवक-युवतियों का जमावड़ा लगा रहता था। पुलिस को इस रेस्टोरेंट में अवैध गतिविधियों की सूचना मिल रही थी। इसी के चलते नगर मजिस्ट्रेट और फतेहगढ़ कोतवाली पुलिस ने छापेमारी की‌। छापेमारी से तीन मंजिला रेस्टोरेंट में हड़कंप मच गया।
    शिकागो पिज्जा रेस्टोरेंट में छापेमारी के दौरान पुलिस को कमरों में युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले। इस दौरान कुछ आपत्तिजनक चीजें भी मौके से मिलीं। इसी को लेकर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने 9 युवतियों और 11 युवकों को हिरासत में ले लिया‌ सभी को पुलिस लाइन ले जाया गया। कुछ युवक और युवतियां जिले से बाहर की हैं।

    अपर पुलिस अधीक्षक संजय सिंह ने बताया कि फतेहगढ़ कोतवाली क्षेत्र में शिकागो पिज्जा रेस्टोरेंट पर अनैतिक कार्य की सूचना मिली थी। नगर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस ने छापेमारी की तो रेस्टोरेंट से 20 युवक-युवतियों को हिरासत में लिया गया। रेस्टोरेंट मालिक और उसके बेटे को भी हिरासत में लिया है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

  • पटरी पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, ट्रेन से कटकर हुई मौत, देखें वीडियो

    पटरी पर रील बनाना युवक को पड़ा महंगा, ट्रेन से कटकर हुई मौत, देखें वीडियो

    बाराबंकी : रील बनाने के फैशन के कारण उत्तर प्रदेश के बाराबंकी में एक किशोर की जान चली गई। बाराबंकी के जहाँगीराबाद कस्बे में नाई की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति मुन्ना के पुत्र फरमान की रेल पटरी पर रील बनाने के दौरान ट्रेन से टक्कर होने के कारण मौत हो गई। मृतक किशोर का शव काफी दूर जाकर गिरा। जानकारी के अनुसार बाराबंकी के जहाँगीराबाद कस्बे का एक 16 वर्षीय किशोर फरमान बारावफात की छुट्टी के दिन पास की ही रेल पटरी पर रील बनाने के लिए गया हुआ था।

    इस पूरी घटना का वीडियो भी मोबाइल में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में दिखता है कि फरमान बिना इधर उधर देखे सीधे पटरी की तरफ बढ़ता है और इतने ही देर में ट्रेन का इंजन उसे ठोकर मारकर आगे फेंक देता है। बताया गया है कि उसे दरभंगा एक्सप्रेस ट्रेन से टक्कर लगी, जिसके कारण उसकी तुरंत ही मौत हो गई। किशोर के साथ वीडियो बनाने गए युवक भी इस घटना के कारण डर गए और उन्होंने फरमान को टक्कर लगने के बाद शोर मचाया

    जिससे पास पड़ोस के लोग वहाँ पर पहुँचे और पुलिस को सूचना दी जिन्होंने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक किशोर के घरवालों ने कहा है कि वह बारावफात का जुलूस देखने के लिए घर से निकला था और इस बीच वह पटरी पर कैसे पहुँच गया उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है। पुलिस इस मामले में और जानकारियाँ निकालने के लिए मृतक फरहान के साथ उपस्थित अन्य लड़कों से पूछताछ कर रही है।

  • पुलिस चौकी से 300 मीटर दूर महिला का बैग छीनकर भागे बाइक सवार लुटेरे, देखें CCTV 

    पुलिस चौकी से 300 मीटर दूर महिला का बैग छीनकर भागे बाइक सवार लुटेरे, देखें CCTV 

    भेलूपुर: वाराणसी में भेलूपुर थाना क्षेत्र की दुर्गाकुंड चौकी से 300 मीटर दूर एक महिला के साथ छिनैती हो गई। ई-रिक्शा से जा रही महिला से बाइक सवार दो युवक बैग छीनकर भाग गए। बदमाशों को पकड़ने के चक्कर में महिला चलती ई-रिक्शा से गिरकर घायल हो गई। वारदात पास में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में जुट गई है।

    महिला ने तहरीर में बताया कि वह रविवार सुबह नोएडा से वाराणसी पहुंची थी। मालवीय चौराहे से घर जाने के लिए ई-रिक्शा बुक किया। पीड़िता ने बताया कि जब वह ई-रिक्शा से सनबीम हॉस्टल ब्रह्मनंद नगर तक पहुंची थी, तभी दो लड़के मेरे बगल से गुजरे और जबरदस्ती पर्स छीन कर भाग गए। ब्रह्मानंद कॉलानी निवासी प्रीति सिंह ने बताया मेरे बैग में 1 लाख 42 हजार रुपए, एटीएम और अन्य कागजात थे। वहीं इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है। पुलिस की टीम मामले की जांच में लग गई है। कॉलोनी में लगे आप-पास के सीसीटीवी को खंगाल रही है।

    प्रीति सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे का एडमिशन कराने के लिए नोएडा गई हुई थीं। शिवगंगा एक्सप्रेस से वह सुबह वाराणसी के मंडुआडीह स्टेशन पहुंची। वहां से उन्होंने से वह लंका चौराहा पहुंची। यहां से ई-रिक्शा बुक कर वह अपने घर जा रही थीं। उनके साथ उनका पुत्र भी था। वह जैसे ही अपने घर के करीब पहुंची, तभी दो बाइक सवार उनके बगल से गुजरे और उनके पर्स को लेकर भाग निकले। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने पर्स खींचा तो वह गिर भी गईं, उन्हें चोट भी आई। पुलिस कमिश्नर अशोक मुथा जैन ने बताया महिला सुबह टैक्सी से अपने घर जा रही थी, उनके पास एक पर्स था। कुछ अज्ञात लोगों ने उनके पर्स को छीन लिया। महिला द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर FIR दर्ज कर ली गई है। टीम बदमाशों की तलाश में लगी हैं।

  • नेशनल हाईवे में पलटी बोलेरो गाड़ी

    नेशनल हाईवे में पलटी बोलेरो गाड़ी

    सीतापुर: छत्तीसगढ़ के सीतापुर के नेशनल हाईवे 43 में सीतापुर की तरफ आ रही एक बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस दुर्घटना में बोलेरो चला रहे चालक को मामूली चोट आई है। वही दुर्घटनाग्रस्त वाहन की चपेट में आने से मौके पर खड़ी बाइक और साइकिल क्षतिग्रस्त हो गयी है। जानकारी के अनुसार, सीतापुर की तरफ आ रही बोलेरो वाहन CG15 DZ 2736 अनियंत्रित होकर ग्राम सुर में नेशनल हाईवे क्र-43 के किनारे पलट गई।प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि, वाहन चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया था, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ है। इस दुर्घटना में मौके पर खड़ी बाइक और साइकिल बोलेरो की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गए है। गनीमत रही कि, इस हादसे में किसी की जान नहीं गयी, वहीं स्थानीय लोगों ने वाहन चालक को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। जहां उसका इलाज जारी है, वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पुलिस मौजूद है।

  • स्वच्छता अभियान के तहत PM Modi ने किया श्रमदान,देखें वीडियो

    स्वच्छता अभियान के तहत PM Modi ने किया श्रमदान,देखें वीडियो

    नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 1 अक्टूबरको स्वच्छता अभियान पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो पोस्ट किया है। इस वीडियो में उन्हें स्वच्छता अभियान के तहत श्रमदान करते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में ’75 डे हार्ड चैलेंज’ पूरा करने वाले हरियाणा के अंकित बैयनपुरिया भी हैं, जो इन दिनों सोशल मीडिया पर काफी वायरल हैं। दोनों ही लोगों को सफाई करते हुए और झाड़ू लगाते हुए देखा जा सकता है।

    पीएम मोदी जब 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बने थे, तो उन्होंने उस साल 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छ भारत अभियान की शुरुआत की। इस अभियान के तहत लोगों से अपने आस-पास की जगहों को साफ रखने को कहा जाता है। लोगों से अपील की जाती है कि वे न सिर्फ अपने आस-पास की जगह को साफ रखें, बल्कि पर्यावरण की सुरक्षा भी करें. हर साल गांधी जयंती के मौके पर स्वच्छ भारत अभियान के तहत कई कार्यक्रम भी आयोजित होते हैं।

    प्रधानमंत्री ने की स्वच्छ और स्वस्थ भारत की बात

    वहीं, पीएम मोदी ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, ‘आज जब देश स्वच्छता पर ध्यान दे रहा है, तो इस मौके पर मैंने और अंकित बैयनपुरिया ने भी ऐसा ही किया। स्वच्छता के अलावा, हमने इसमें फिटनेस और खुशहाली को भी शामिल किया है। यह सब स्वच्छ और स्वस्थ भारत की भावना के बारे में है!’ वीडियो में पीएम मोदी को गमछा लपेटे हुए भी देखा सकता है।

  • इंडियन एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की खेत में हुई इमरजेंसी लैंडिंग,देखें वीडियो

    इंडियन एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की खेत में हुई इमरजेंसी लैंडिंग,देखें वीडियो

    मध्य प्रदेश : राजधानी भोपाल में इंडियन एयरफोर्स के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग हुई है। भोपाल से करीब 60 किलोमीटर दूर एक खेत में तकनीकी खराबी की वजह से हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई है। इस हेलीकॉप्टर में छह जवान सवार थे। भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर को बैरसिया के डूंगरिया गांव में बने एक डैम के पास लैंड कराया गया है। गांव वालों का कहना है, कि हेलीकॉप्टर डैम के आस-पास काफी देर से चक्कर लगा रहा था । उसके बाद फिर वो खेत में उतर गया। फिलहाल हेलीकॉप्टर सवार जवान सेना के इंजीनियर और टेक्नीशियनों का इंतजार कर रहे हैं ।  

  • बड़ा हादसा: खाई में गिरी  बस, 8 की मौत, 35 घायल

    बड़ा हादसा: खाई में गिरी बस, 8 की मौत, 35 घायल

    तमिलनाडु : ऊटी-मेट्टुपालयम घाट रोड पर शनिवार शाम एक बस के खाई में गिर जाने से आठ पर्यटकों की मौत हो गई और 40 से अधिक अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना मारापालम के पास 9वें हेयरपिन मोड़ के पास हुई जब 57 पर्यटकों को लेकर एक बस कोयंबटूर जिले के मेट्टुपालयम जा रही थी।

    थेनकासी के पर्यटकों के साथ यह हादसा तब हुआ जब वे दिन भर विभिन्न पर्यटक स्थलों की यात्रा के बाद शाम को ऊटी से लौट रहे थे। चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और परिणामस्वरूप, वह 50 फीट गहरी खाई में गिर गया। पुलिस और अग्निशमन कर्मियों ने बचाव अभियान चलाया और यात्रियों को बचाया। घायलों को कुन्नूर सरकारी लॉली अस्पताल ले जाया गया, जहां उनमें से आठ को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

    मृतकों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। मृतकों की पहचान वी. नितिन, 15, एस. मुरुगेसन, 65, एस. बेबीकला, 36, देवीकला, 42, जया, 50, थंगम, 64, आर. कौसल्या, 29 और पी. मुप्पीदथी, 67 के रूप में की गई। घायलों का इलाज चल रहा है और उनमें से चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। थेनकासी से 57 पर्यटकों का एक समूह एक दिवसीय दौरे पर ऊटी आया था और विभिन्न पर्यटन स्थलों का भ्रमण करने के बाद शाम को वापस लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार, लगातार बारिश के कारण क्षेत्र में मौसम बहुत खराब था और सड़कें फिसलन भरी थीं। कोहरे के कारण दृश्यता भी खराब रही।

    पुलिस को संदेह है कि ब्रेक फेल होने के कारण चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया। तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने पर्यटकों की मौत पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पर्यटन मंत्री के.रामचंद्रन को बचाव अभियान की निगरानी करने और घायलों के लिए सर्वोत्तम संभव उपचार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।


  • आज शाम 6 बजे तक नहीं मिलेगा पेट्रोल, डीलर्स ने किया हड़ताल का एलान 

    आज शाम 6 बजे तक नहीं मिलेगा पेट्रोल, डीलर्स ने किया हड़ताल का एलान 

    राजस्थान:  पेट्रोल पंप डीलर्स आज हड़ताल पर रहेंगे। सुबह 6 से शाम 6 बजे तक करीब 7 हजार पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल की ब्रिकी नहीं होगी। डीलर्स राज्य में पेट्रोल और डीजल पर लगने वाले वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) को कम करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि राजस्थान सरकार ने मांग पूरी नहीं की तो वे 2 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। इससे पहले 15 सितंबर को भी पेट्रोल पंप डीलर्स हड़ताल कर चुके हैं। राजस्थान पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेंद्र सिंह भाटी ने कहा है कि पेट्रोल और डीजल पर बढ़ते हुए वैट पर सरकार ने 10 दिन में समाधान करने के लिए कहा था। 13 दिन बाद भी समाधान नहीं निकला है। इससे परेशान होकर उन्होंने आज सुबह 6 से शाम 6 बजे तक सांकेतिक हड़ताल का ऐलान किया है। 

    राजेंद्र सिंह भाटी ने बताया- हमारे साथ 15 सितंबर को सचिवालय में राज्य सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास की अध्यक्षता में बैठक हुई थी। इसमें हमारी पेट्रोल और डीजल पर बढ़े हुए वैट समेत कई मांगों पर 10 दिनों में समाधान की बात कही गई थी। बातचीत के 13 दिन बाद भी किसी भी समस्या का समाधान नहीं निकाला गया। सरकार के रवैये से परेशान होकर एसोसिएशन एक बार फिर से हड़ताल पर जाने को मजबूर है।
    भाटी ने कहा- डीलर्स गुरुवार से प्रत्येक जिले में ज्ञापन दे रहे हैं। साथ ही अब रात 8 से 10 बजे तक पंप की लाइट बंद कर बिक्री नहीं की जा रही। इस पर भी यदि राजस्थान सरकार सुनवाई नहीं करती है तो 1 अक्टूबर सुबह 6 से शाम 6 बजे तक सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी संज्ञान नहीं लिया जाता है तो 2 अक्टूबर से डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे।