महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, पिता के आरोप पर फौजी दामाद गिरफ्तार

Written by

in

ऊना /सुशील पंडित: जिला ऊना में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितयों में मौत हो गई ।मृतका के पिता ने अपने दामाद जोकि सेना में तैनात है और उसके परिवार पर बेटी को जहर खाने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने मृतका के पिता की शिकायत पर पति और सास के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस स्टेशन मैहतपुर में दी शिकायत में मृतका के पिता चंचल सिंह (61) जोकि गगरेट के रहने वाले हैं ने अपने दामाद मनजीत सिंह (34) और उसकी माता राज रानी निवासी गांव अप्पर देहलां पर उनकी बेटी पूजा देवी को प्रताड़ित करने और उसे जहर देने के लिए मजबूर करने का आरोप लगाया है जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। चंचल सिंह जोकि सेना से सेवानिवृत्त हुए हैं,ने बताया कि उनकी बेटी पूजा की शादी 2016 में मनजीत सिंह से हुई थी और उनकी एक 3 साल की बेटी भी है।

मृतका के पिता के अनुसार शादी के तीन-चार साल बाद से ही मनजीत सिंह पूजा को मानसिक और शारीरिक रूप से परेशान करने लगा था। उन्होंने बताया कि जब भी मनजीत छुट्टी पर घर आता था, पूजा उन्हें फोन करके पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने की जानकारी देती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मनजीत की मां राज रानी भी पूजा को परेशान करती थी। परिवार ने पहले पंचायत और पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं करवाई थी, क्योंकि आरोपी माफी मांग लेते थे। उन्होंने बताया कि 5 मई को पूजा ने उन्हें फोन करके घर आने से मना किया था और कहा था कि मनजीत उन्हें मारने की फिराक में है। अगले दिन 6 मई को दोपहर करीब 12 बजे मनजीत ने फोन करके बताया कि पूजा ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। इसके बाद चंचल सिंह ने अपने भांजे को बुलाकर पूजा को तुरंत अस्पताल पहुंचाने को कहा। जब वे ऊना अस्पताल पहुंचे तो पूजा बेहोश पाई गई और मनजीत शराब के नशे में वहां मौजूद था।

पूजा की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया, लेकिन परिजन उसे रोपड़ के एक अस्पताल ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की मौत मनजीत सिंह और उसकी सास की प्रताड़ना के कारण जहरीला पदार्थ खाने से हुई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मनजीत अपनी पत्नी को कोई खर्च नहीं देता था।

पुलिस ने पूजा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और आरोपित पति मनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में बीएनएसएस की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पूजा का शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *