Punjabi Singer Sunanda Sharma की गाड़ी के तोड़े शीशे, बैग लेकर हुए फरार, देखें वीडियो

Written by

in

चंडीगढ़ः अक्सर सुर्खियों में रहने वाली पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। हाल ही में प्रोड्यूसर पिंकी धालीवाल के साथ विवाद को लेकर काफी चर्चा में रही थी। वहीं अब लंदन में सुनंदा शर्मा गई हुई थी। जहां सुनंदा शर्मा ने वीडियो जारी करके बताया कि अज्ञात व्यक्तियों द्वारा उसकी गाड़ी पर हमला किया गया।

इस दौरान अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। वहीं गाड़ी में मौजूद एक सूटकेस और बैग लेकर अज्ञात व्यक्ति फरार हो गए। वीडियो में सुनंदा ने कहा कि उसने मेहनत से कमाए हुए एलवी के दो बैग गाड़ी में रखे हुए थे, लेकिन अज्ञात व्यक्ति वह भी ले गए। सुनंदा ने कहा कि दोनों उसके फेवरेट बैग थे और गाड़ी की काफी बुरी हालत करके अज्ञात व्यक्ति चले गए।

गौर हो कि सुनंदा शर्मा के साथ विवाद के मामले में कुछ दिन पहले ही पंजाबी संगीत निर्माता पिंकी धालीवाल को बड़ी राहत देते हुए पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने राहत दी है। हाईकोर्ट ने धोखाधड़ी के एक मामले में पंजाबी गायिका सुनंदा शर्मा के द्वारा दर्ज की गई एफआईआर को रद्द कर दिया है। उच्च न्यायालय को बताया गया कि दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है और दूसरा पक्ष मामले को जारी रखने के पक्ष में नहीं है।

अपनी याचिका में पिंकी धालीवाल ने कहा था कि एफआईआर नंबर 39, दिनांक 8 मार्च, 2025, जो कि पुलिस स्टेशन मटौर, जिला एसएएस नगर (मोहाली) में भारतीय दंड संहिता की धाराओं 406, 420, 465, 467, 468, 341, 500 और 506 के तहत दर्ज की गई थी, को रद्द किया जाना चाहिए क्योंकि शिकायतकर्ता और याचिकाकर्ता के बीच विवाद सुलझ गया है। अदालत को बताया गया कि 21 मार्च, 2025 को समझौता हो गया था और शिकायतकर्ता को एफआईआर रद्द करने पर कोई आपत्ति नहीं है।

बता दें कि सुनंदा शर्मा पंजाब की मशहूर गायिका हैं, जिनका जन्म पंजाब के जिला गुरदासपुर के फतेहगढ़ चूड़ियां में हुआ है। उन्होंने पंजाबी गाने ‘बिल्ली अख’ से अपने करियर की शुरुआत की। सुनंदा ने 2018 में आई पंजाबी फिल्म साजन सिंह रंगरूट में एक्टिंग भी की है, जिसमें उनका लीड एक्ट्रेस का रोल है। फिल्म में उनके साथ दिलजीत दोसांझ और पूर्व क्रिकेटर युवराज सिंह के पिता योगराज सिंह मुख्य भूमिका में हैं।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *