चुनाव से पहले BJP को झटका; YouTuber Manish Kashyap ने दिया इस्तीफा, देखें वीडियो

Written by

in

पटनाः PMCH में जूनियर डॉक्टरों की पिटाई के शिकार चर्चित यूट्यूबर मनीष कश्यप ने बीजेपी से नाता तोड़ लिया है। उन्होंने खुद फेसबुक पर लाइव होकर इस बात का ऐलान किया है। प्रवक्ता असित नाथ तिवारी के बाद बिहार चुनाव से पहले बीजेपी को ये दूसरा बड़ा झटका है।

यूट्यूबर मनीष कश्यप ने फेसबुक पर लाइव होकर कहा कि मैं मनीष कश्यप अब भाजपा में नहीं हूं। भारतीय जनता पार्टी का सदस्य मैं अब नहीं हूं। मैं अपने क्षेत्र चनपटिया गया था, बहुत सारे लोगों से मिला, घूमा। अब मैं इस निर्णय पर पहुंचा हूं कि अब मुझे बिहार, बिहारियों, मजदूरों और पलायन रोकने के लिए लड़ना है। मैं जब पार्टी में था तो भी इन मुद्दों पर आवाज उठाता रहा। मुझे लगा कि अब पार्टी में रहकर इन मुद्दों पर आवाज नहीं उठा सकता। कुछ लोग मेरे इस फैसले से खुश होंगे, कुछ दुखी भी होंगे।’

मनीष कश्यप ने आगे कहा कि ‘मुझे इस फैसले के लिए मजबूर किया गया। आप सबको ये पता है। मैंने अपना तन मन धन पार्टी के लिए समर्पित कर दिया। कुछ लोगों ने कहा कि मनीष कश्यप अति महत्वाकांक्षी है, अगर ऐसा होता तो मैं 2024 का लोकसभा चुनाव लड़के इनका खेल बिगाड़ देता।’ मंत्री मंगल पांडेय पर तीखा हमला बोला। कश्यप ने कहा कि मुझे किसी न किसी प्लेटफॉर्म की तलाश रहेगी, क्या हमलोग एक नया प्लेटफॉर्म तैयार करें, या किसी और के साथ मिलकर ब्रांड बिहार की बात की जाए, बिहार में स्वास्थ्य विभाग में फैले भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ा जाए।

मनीष कश्यप ने ये भी साफ कर दिया है कि वो बिहार विधानसभा चुनाव 2025 लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि ‘मुझे कहां से चुनाव लड़ना चाहिए, किस पार्टी से लड़ना चाहिए या अकेले लड़ना चाहिए, ये आप लोग बताइएगा। मैं स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ आवाज उठाउंगा भाई, बुरा मत मानिएगा। मैं यहां बिहार के लोगों की जान बचाने के लिए खड़ा हूं। अब जो जान मारने (जान लेने) के तरफ खड़े रहेंगे, वही मेरा विरोध करेंगे।’ मनीष कश्यप ने इस वीडियो में दावा किया है कि वो मुजफ्फरपुर कांड की परतें खोलेंगे। यही नहीं उन्होंने कहा कि मुजफ्फरपुर रेप केस की तरह ही जिले में एक और बड़े और जघन्य मामले का खुलासा करेंगे।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *