Punjab News: 7 मेडिकल स्टोरों को चोरों ने बनाया निशाना, देखें वीडियो

होशियारपुरः जिले में आए दिन चोरी की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं गढ़शंकर में देर रात 7 मेडिकल स्टोरों पर 2 अज्ञात चोरों ने घटना को अंजाम दिया। इस संबंध में पीड़ित दुकानदारों ने घटना की सूचना पुलिस को दे दी है। वहीं थाना गढ़शंकर की पुलिस द्वारा मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, पिछली रात लगभग 3 बजे 2 अज्ञात चोरों ने गढ़शंकर शहर में 6 दुकानों में और एक गांव सतनौर के अड्डे पर दुकान में चोरी की वारदात को अंजाम दिया।

दुकानदारों के मुताबिक चोरों ने दुकानों के शटर तोड़कर नगदी और सामान साफ कर लिया। चोरों द्वारा चोरी की वारदात की सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है। जिसमें 2 चोर अपना मुंह ढककर शटर तोड़ते हुए और चोरी करते नजर आ रहे हैं। यह पूरी घटना सुबह लगभग 3 बजे हुई है।

सीसीटीवी फुटेज से पता चलता है कि एक चोर दुकान के बाहर खड़ा रहता है और दूसरा दुकान के अंदर जाकर नगदी और सामान साफ करता है। इस संबंध में थाना गढ़शंकर के एएसआई रशपाल सिंह ने बताया कि वे वारदात स्थल का जायजा ले रहे हैं और दुकानदारों के बयानों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *