दीपावली पर ऊना आवागमन करने वाली ट्रेनें खचाखच भरी, रेलवे ने मांग के बावजूद नहीं बढ़ाए अतिरिक्त डिब्बे, यात्री परेशान

Written by

in

हिमाचल एक्सप्रेस के छह सामान्य श्रेणी के डिब्बों में क्षमता से तीन गुणा ज्यादा यात्री कर रहे सफ़र ऊना/सुशील पंडित: दौलतपुर चौक से देश की राजधानी दिल्ली के लिए रवाना हुई 14054 हिमाचल एक्सप्रेस रेलगाड़ी में भारी भीड़ देखने को मिली। रेलगाड़ी के प्लेटफार्म पर पहुंचने से पहले ही कई यात्री तो सीट मिलने की उम्मीद में प्लेटफ़ॉर्म की दूसरी तरफ़ खड़े दिखे। इस रेलगाड़ी की लगभग सारी जनरल सीटें जिला ऊना के अंतर्गत आने वाले दौलतपुर चौक और अंब अंदौरा दोनों स्टेशन से पहले ही भर चुकी थीं। यात्रियों को डिब्बों में पैर रखने तक की जगह नहीं थी लेकिन जैसे तैसे एक दूसरे को धक्का देकर यात्री अंदर घुसने को मजबूर हो गए। दिल्ली के गोविंदपुरी इलाक़े के रहने वाले गुगन कुमार ने कहा कि रेलवे को यात्रियों की सुविधा की कोई चिंता नहीं है। वहीं ऊना से पवन, नवीन ने भी रेलवे के प्रति नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए कहा कि रेलवे अच्छी तरह जानता था कि दीपावली पर्व और छठ पूजा पर हज़ारों लोग अपने घर लौटते हैं। रेलवे यात्रियों को सुविधा देने में नाकाम साबित हुआ है। इस मामले में जिला ऊना से युवा भाजपा नेता अरुण कौशल ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि उनके द्वारा दो सप्ताह पूर्व उत्तर रेलवे से हिमाचल एक्सप्रेस और जन शताब्दी एक्सप्रेस में 17 अक्टूबर से 27 अक्टूबर तक अस्थाई तौर पर अतिरिक्त कोच लगाने और एक सप्ताह के लिए त्योहार विशेष रेलगाड़ी चलाने की मांग उठाई गई थी। शनिवार रात्रि जैसे ही उन्हें ये जानकारी मिली उन्होंने ट्वीट करके पुनः रेलवे को पूरी समस्या से अवगत कराया  और रेलवे ने उसके जवाब देते हुए लिखा कि मामला संबंधित विभाग के अधिकारियों को भेजा गया है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *