Movie देखकर लौट रहा परिवार, खड़े ट्रक से हुई भीषण टक्कर, 6 की मौत, 5 गंभीर घायल

Written by

in

कोंडागांवः जिले में बीती रात भयानक हादसे का मामला सामने आया है जहां, तेज रफ्तार स्कॉर्पियो खड़े ट्रक में घुस गई। हादसे में पिता-पुत्र समेत 2 परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 5 लोग घायल हैं, जिनमें 3 की हालत गंभीर है।

जानकारी मुताबिक, मृतकों की पहचान नूतन मांझी (18), शत्रुघ्न मांझी (26), लखनराम मंडावी (40), उपेंद्र मंडावी (17) और रूपेश मंडावी (23) के रूप में हुई है, जबकि एक की पहचान नहीं हुई है। सभी लोग छत्तीसगढ़ मूवी देखकर लौट रहे थे। मरने वालों में लखनराम मंडावी और उपेंद्र मंडावी पिता-पुत्र हैं। बीती रात को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बड़े डोंगर गांव के रहने वाले 11 लोग छत्तीसगढ़ फिल्म ‘माटी’ देखने के लिए गए थे। फिल्म खत्म होने के बाद स्कॉर्पियो से अपने गांव बड़े डोंगर लौट रहे थे। वह मसोरा टोल प्लाजा के पास पहुंचे थे कि हादसे का शिकार हो गए।

बताया जा रहा है कि मसोरा टोल प्लाजा के पास एक खराब ट्रक खड़ा था। इसी ट्रक में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो जा घुसी। हादसा इतना भयंकर था कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए। 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई। इसमें कुछ के माथे पर, कुछ के हाथ और कुछ के सीने पर चोटें आईं हैं। वहीं 5 लोग घायल हैं, जिसमें कुछ लोगों के हाथ टूट गए हैं, तो किसी के सिर पर गंभीर चोट है। 3 लोगों को जगदलपुर रेफर किया गया है, जबकि 2 लोगों का कोंडागांव में ही इलाज चल रहा है। एक मृतक और 5 घायलों की पहचान नहीं हो पाई है।

जानकारी मिलते ही कोंडागांव पुलिस मौके पर पहुंची। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। घायलों का इलाज जारी है। हादसे को लेकर जांच की जा रही है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *