Punjab News: रंगदारी कोे लेकर आपस में उलझे बदमाश, चलाई गोलियां, एक की मौत

Written by

in

तरनतारनः विधानसभा हलका खडूर साहिब के कस्बा फतेहाबाद स्थित व्यापारी मनिंदर सिंह के घर पर रंगदारी को लेकर देर रात 2 बार गोलीबारी होने की घटना सामने आई। मिली जानकारी के अनुसार गोलीबारी करके लौट रहे 2 बदमाश किसी बात पर आपस में उलझ गए। इस दौरान जोबनजीत सिंह ने रवि हथोड़ा के सिर में गोली मारकर उसे मौत के घाट उतार दिया। सुबह युवक का शव पड़ा देख पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को पिस्तौल के साथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने 5 घंटे की जांच के बाद जोबनजीत सिंह के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया।

प्रथम जांच में सामने आया है कि जोबनजीत और रवि दोस्त थे, जोकि विदेश बैठे गैंगस्टर के इशारे पर पहले भी कई स्थानों पर फायरिंग कर चुके थे। अटारी-कपूरथला मार्ग स्थित कस्बा फतेहाबाद निवासी पोल्ट्री फार्म के कारोबारी मनिंदर सिंह को 2 माह के दौरान पहले भी 2 बार रंगदारी के लिए धमकियां मिलीं थी। इस दौरान गोलीबारी भी की गई। मंगलवार रात 11:32 बजे व्यापारी के घर पर बाइक सवार दो बदमाशों ने गोलीबारी की, इसके बाद आधी रात 2 बजे दोबारा घर पर 4 राउंड फायर किए गए। रंगदारी के लिए एक ही रात 2 बार की गोलीबारी के बाद रवि हथोड़ा अपने साथी जोबनजीत निवासी फतेहाबाद के साथ बाइक पर जा रहे थे तो रास्ते में कथित तौर पर पैसे के लेन-देन को लेकर कहासुनी हुई। इस दौरान जोबनजीत ने साथी रवि हथोड़ा के सिर में गोली मारकर मार डाला।

शव की पहचान रवि हथोड़ा की मां अजीत कौर जीता ने करते हुए बताया कि जोबनजीत रात को किसी काम का बहाना बनाकर उसके घर को साथ ले गया था। इस बारे में एसएसपी सुरेंद्र लांबा ने बताया कि जोबनजीत व रवि हथोड़ा पहले भी गैंग्स्टरों के इशारे पर कई स्थानों पर फायरिंग कर चुके हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा पहले से ही छापामारी की जा रही थी। वीरवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिवार को सौंपा जाएगा। हाथापाई के दौरान रवि हथोड़ा द्वारा भी गोली चलाई गई थी। एक गोली जोबनजीत के हाथ में लगी। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगालने के बाद मोबाइल फोन की लोकेशन से जोबनजीत को भी ट्रेस कर लिया। सूत्रों के अनुसार, उसे राउंडअप करके एक ग्लाक पिस्टल भी बरामद कर लिया गया है। हालांकि, इस बाबत अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *