लालू, तेजस्वी को बड़ा झटका: 30 सरकारी कर्मियों सहित 78 को कोर्ट ने जारी किया समन

Written by

in

पटनाः विधानसभा चुनावों से पहले लालू और तेजस्वी यादव को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। दरअसल, नौकरी के बदले जमीन मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने लालू प्रसाद यादव, तेजस्वी और अन्य आरोपियों को तलब किया है। कोर्ट ने सभी नामजद आरोपियों को 11 मार्च को पेश होने का आदेश दिया गया है। स्पेशल CBI जज विशाल गोगने ने केंद्रीय जांच ब्यूरो द्वारा दायर आरोपपत्रों पर संज्ञान लेने के बाद आदेश पारित किया। CBI ने मामले में 30 सरकारी कर्मचारियों सहित कुल 78 लोगों को नामजद किया है। इसमें भोला यादव, प्रेम चंद गुप्ता को तलब किया गया है। कोर्ट ने कहा कि आरोप है कि प्रेम चंद गुप्ता, लालू यादव के सहयोगी के तौर पर काम करते थे।

बता दें कि बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर सभी दलों ने तैयारी शुरू कर दी है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी पिछले कुछ दिनों के दौरान दो बार बिहार आ चुके हैं। यहां उन्होंने राजद प्रमुख लालू यादव और विधानसभा में नेता विपक्ष तेजस्वी यादव से मुलाकात कर एकजुटता का संदेश दिया। अब बारी एनडीए की थी, बीते दिन इस साल पहली बार बिहार की यात्रा पर पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक मंच से कई संदेश दे दिए। भागलपुर में पीएम किसान सम्मान समारोह के मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तारीफ करते हुए जहां ‘लाडला मुख्यमंत्री’ बताया, वहीं मुख्यमंत्री ने भी प्रधानमंत्री की तारीफ करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी।

मंच पर एनडीए में शामिल घटक दलों में लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने भी मौजूद रहकर साफ संदेश दे दिया कि एनडीए एकजुट है और मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी। दरअसल, प्रधानमंत्री के बिहार में आयोजित इस कार्यक्रम को चुनावी शंखनाद भी माना जा रहा है। मंच पर पीएम मोदी और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से काफी बातें करते भी नजर आए। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन उर्फ ललन सिंह को सहयोगी बताते हुए उनके कामों की भी तारीफ की।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *