नाबालिग ने दिनदहाड़े युवक को मारी गोली, 4 गिरफ्तार

नई दिल्लीः जहांगीरपुरी में एक व्यक्ति को दिनदहाड़े गोली मारे जाने की घटना सामने आई है। जहांगीरपुरी के एच-4 ब्लॉक में जावेद नाम के व्यक्ति को गोली मारे जाने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है। इस मामले में दिल्ली पुलिस भी अब एक्शन में आ गई है। दिल्ली पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाल आरोपियों की पहचान की और अब धरपकड़ भी शुरू कर दिया है।

पुलिस ने चार नाबालिग आरोपी किए गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए चारो आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक घटना के बाद दिल्ली पुलिस की पीसीआर कॉल आई। कॉल करने वाले ने ये जानकारी दी कि जहांगीरपुरी की एच-4 ब्लॉक में जावेद नाम के एक व्यक्ति को गोली मारी गई है।

नाबालिग ने 36 साल के जावेद को मारी गोली

सूचना पाकर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायल को बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया। 36 साल के जावेद को दाहिनी आंख के पास गोली लगी है। घायल ने पुलिस को ये जानकारी दी कि करीब 4 बजकर 45 मिनट पर जब वह एच-3 ब्लॉक के पास पार्क के करीब था, तीन नाबालिग बच्चे उसके पास आए। तीनों बच्चे उसके जानने वाले थे।

बच्चे ने युवक के चेहरे पर मारी गोली

पुलिस के मुताबिक घायल जावेद ने बताया कि एक बच्चे ने उसके चेहरे पर गोली मार दी। गोली मारने के बाद तीनों बच्चे मौके से भाग निकले। घायल का उपचार चल रहा है और उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दिल्ली के जहांगीरपुरी थाने की पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज कर तहकीकात शुरू कर दी है। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को पकड़ा है। पकड़े गए आरोपी नाबालिग बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने देसी पिस्टल की बरामद

पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त देसी पिस्टल बरामद कर ली है। बताया जा रहा है कि जावेद ने करीब सात महीने पहले एक आरोपी के पिता की पिटाई कर दी थी। इसी का बदला लेने के लिए नाबालिग ने उसपर हमला किया। नॉर्थ वेस्ट के डीसीपी ने कहा है कि हमले में घायल शख्स और हमलावर, दोनों ही एक ही समुदाय से हैं। इसमें कोई सांप्रदायिक एंगल नहीं है।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *