पंजाब : प्रेमिका से कराई भतीजे की शादी, दोस्तों संग मिलकर फूफा ने किया कत्ल

बठिंडा: पंजाब के बठिंडा में हुई हत्या को पंजाब पुलिस ने सुलझा लिया है। यहां अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास एक युवक का शव मिला था। ट्रैक्टर से कुचल कर वारदात को हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी। पुलिस की जांच में यह हादसा हत्याकांड निकला। हत्या का आरोपी मृतक का फूफा है। पुलिस जांच में पता चला कि फूफा ने अपनी पूर्व प्रेमिका का विवाह मृतक के साथ करवाया और शादी के बाद भी रिश्ते जारी रहे। इस बारे में जब भतीजे को पता चला तो फूफा ने दो अन्य लोगों के साथ मिल वारदात को अंजाम दिया। मृतक का नाम लखवीर सिंह है। बठिंडा के एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने शुक्रवार को बताया कि आरोपी जसविंदर सिंह उर्फ काला निवासी श्री गुरु गोबिंद सिंह नगर (बठिंडा) मृतक का फूफा था। जतिंदर सिंह उर्फ जिंदू निवासी गांव डंडा और रुपिंदर सिंह उर्फ पिंडा निवासी गांव हरिके कलां (श्री मुक्तसर साहिब) भी हत्याकांड में शामिल है। जसविंदर सिंह, जतिंदर सिंह उर्फ जिंदू और रूपिंदर सिंह उर्फ पिंडा को पुलिस ने गिरफ्तार कर जांच की तो मामले का खुलासा हुआ। 

घटना में इस्तेमाल ट्रेलर घोड़ा व लोहे की रॉड बरामद की। पूछताछ में पता चला कि जसविंदर सिंह ने लखवीर सिंह का रिश्ता करवाया था। शादी के बाद लखवीर सिंह को शक होने लगा कि फूफा का उसकी पत्नी से रिश्ता है। इसी बात पर लखवीर सिंह और जसविंदर सिंह के बीच कई बार विवाद भी हुआ। इससे आरोपी जसविंदर सिंह अपने दिल में मृतक लखवीर सिंह के प्रति रंजिश रखने लगा। इसके बाद जसविंदर सिंह ने रिश्तेदार जतिंदर सिंह उर्फ जिंदू से लखवीर सिंह की हत्या के बारे में बात की। जिंदू संबंधों के बारे में जानता था। आरोपी जिंदू ने साजिश के तहत मृतक लखवीर सिंह को अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास बुलाया। जहां लखवीर सिंह के सिर में आरोपी जिंदू और रूपिंदर सिंह उर्फ पिंडा ने तेजधार हथियार से वार किया। इसके बाद उन्होंने अपने ट्रैक्टर से उसे कुचल दिया। घटना को हादसे का रूप देने के बाद लखवीर सिंह का मोबाइल भी आरोपी अपने साथ ले गए।

एसएसपी गुलनीत सिंह खुराना ने बताया कि नौ मार्च 2023 को गिद्दड़बाहा निवासी लखवीर सिंह का शव अंबुजा सीमेंट फैक्टरी के पास मिला था। गिद्दड़बाहा निवासी अमृतपाल सिंह ने थाना थर्मल बठिंडा में केस दर्ज करवाया। पुलिस ने मौके पर स्थिति को देख मामले को हादसा करार दे दिया और अज्ञात वाहन व अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया लेकिन मामला संदिग्ध लगने के कारण एसपी अजय गांधी, दविंदर सिंह एसपी (जांच) बठिंडा व गुरप्रीत सिंह डीएसपी सिटी-2 बठिंडा ने मामले की जांच सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर तरलोचन सिंह और एसआई हरजोत सिंह को करने का आदेश दिया।

Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *