Blog

  • अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Singh Saini

    अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Singh Saini

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन की शिकायतों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि वास्तविक और सक्रिय है। सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री ने न केवल शिकायतों को गंभीरता से सुना बल्कि मौके पर ही फोन पर संवाद कर मामलों की गहराई से जानकारी ली और तुरंत निर्णय भी दिए।

    बैठक के दौरान दो ऐसे मामले सामने आए जिनमें शिकायतकर्ता स्वयं उपस्थित नहीं थे। इस पर मुख्यमंत्री ने बिना समय गंवाए फोन पर सीधे शिकायतकर्ताओं से बात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। पहला मामला फतेहपुर जातांवाली निवासी संजय कुमार का था, जिन्होंने रजवाहे पर साइफन सही तरीके से न लगाए जाने की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन पर संजय कुमार से बातचीत कर पूरे मामले को समझा और तुरंत एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि निष्पक्ष जांच के साथ समाधान सुनिश्चित हो सके।

    दूसरा मामला निर्मल कौर से जुड़ा था, जिनकी ओर से उनके पिता बैठक में उपस्थित हुए थे। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति विरेंद्र पाल, जो आयुष विभाग में फार्मासिस्ट थे, उनका फरवरी 2026 में निधन हो गया था, आरोप थे कि उसके बाद उन्हें मिलने वाले लाभ और सहायता प्रदान नहीं की गई। हालांकि बैठक में उपस्थित उनके पिता ने आयुष विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। लेकिन, मुख्यमंत्री ने इस मामले में भी सीधे निर्मल कौर से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने भी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद भी किया। मुख्यमंत्री की इस प्रकार की जनता के प्रति जवाबदेही वाली कार्यशैली ने स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली में न केवल प्रशासनिक सक्रियता है, बल्कि जनता की समस्याओं को व्यक्तिगत स्तर पर सुनने और समाधान निकालने की गंभीर प्रतिबद्धता भी शामिल है।

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सिरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं को हल करते हुए शिकायतों का निदान करें। बैठक में 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गई जिनमें से 12 शिकायतों का निपटान कर दिया गया और तीन शिकायतें लंबित रखी गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए विशेष निर्देश भी दिए, उन्होंने कहा कि सीवरेज व सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। शहरी क्षेत्र में जहां सीवरेज लाइन डाल दी गई है वहां जल्द से जल्द सड़क बनाने का कार्य शुरू किया जाए।

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की फर्जी वसीयत संबंधी शिकायत पर अधिकारियों की ओर से बताया गया कि अंगूठा निशान की दो जगह जांच करवाई गई है और दोनों जगह धुंधली होने की वजह से रिपोर्ट का मिलान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार की शिकायत जिसमें उन्होंने साइफन को गलत बनाए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग थी, मुख्यमंत्री ने इस मामले में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जो मौके पर जाकर किसानों से बातचीत करेगी तथा इसके तमाम पहलूओं को देखते हुए अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

    रानियां के वार्ड नंबर एक निवासी बलवीर राम की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके भाई जगसीर सिंह की मौत के मामले में अगर शिकायतकर्ता कोई तथ्य लेकर आए तो उसे जांच में शामिल किया जाएगा। एडिशनल मंडी सिरसा निवासी हार्दिक गोयल की शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया-एक के सर्विस इंडस्ट्री शॉप के नक्शे के पेवमेंट एवं पार्किंग का नाप सही रुप से नहीं दिए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर परिषद के अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इस मामले में संलिप्तों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्य को लेकर जो टेंडर हुआ है उस पर जल्द काम शुरू किया जाए।

    मुख्यमंत्री ने भादड़ा निवासी महेंद्र सिंह, गांव तारुआना निवासी राम सिंह, जंडवाला बिश्रोइयां निवासी ओम विष्णु, खुईयां मलकाना निवासी जरनैल सिंह, कुस्सर निवासी महेश कुमार, मेहनाखेड़ा निवासी देवदत्त, राम कॉलोनी बरनाला रोड निवासी शकुंतला तथा रोड़ी निवासी रूलदु राम की शिकायत का सुनवाई के बाद निपटारा कर दिया गया। रलदु राम की शिकायत पर गली निर्माण के निर्देश के साथ ही रुपये मांगने के संबंध में जेई के खिलाफ जांच करने के निर्देश भी दिए गए है।

    बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनीवाल, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन सतीश जग्गा भी मौजूद रहे।

     

     

  • दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार, 31 जुलाई तक आवेदन

    दिव्यांगजनों के लिए उत्कृष्ट कार्य करने वालों को मिलेगा राष्ट्रीय पुरस्कार, 31 जुलाई तक आवेदन

    ऊना, सुशील पंडित; दिव्यांगजनों के अधिकारों, शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार, पुनर्वास और सामाजिक समावेशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले व्यक्तियों एवं संस्थाओं के लिए केंद्र सरकार ने दिव्यांगजन सशक्तिकरण हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार-2026 के लिए आवेदन एवं नामांकन आमंत्रित किए हैं। पात्र उम्मीदवार और संस्थाएं 31 जुलाई, 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

    जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित ने बताया कि भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अंतर्गत दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग (डीईपीडब्ल्यूडी) द्वारा दिए जाने वाले ये प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण के क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायी कार्य करने वाले व्यक्तियों, नियोक्ताओं, नवाचारकर्ताओं, संस्थाओं एवं संगठनों को प्रदान किए जाते हैं।

    उन्होंने बताया कि इच्छुक एवं पात्र व्यक्ति, संस्थाएं और संगठन राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल www.awards.gov.in पर केवल ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन एवं नामांकन प्रक्रिया 15 मई, 2026 से प्रारंभ हो चुकी है और 31 जुलाई, 2026 तक जारी रहेगी। निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।
    आवास पंडित ने बताया कि पुरस्कार से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता मानदंड एवं विभिन्न पुरस्कार श्रेणियों की जानकारी दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग की वेबसाइट www.depwd.gov.in तथा राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल पर उपलब्ध है। उन्होंने अधिक से अधिक पात्र व्यक्तियों एवं संस्थाओं से समय रहते आवेदन करने की अपील की है।

  • सात्विक आहार थाली में विद्यार्थियों ने परोसा स्वस्थ जीवनशैली का मंत्र

    सात्विक आहार थाली में विद्यार्थियों ने परोसा स्वस्थ जीवनशैली का मंत्र

    चंडीगढ़: राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान, पंचकूला में पौष्टिकता, शुद्धता और पोषण से परिपूर्ण सात्विक आहार ‘अन्नम’ थाली के जरिये विद्यार्थियों ने स्वस्थ-जीवन का मंत्र परोसा। विद्यार्थियों ने घर की रसोई में प्रयोग होने वाली खाद्य सामग्री से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार किए, जिनमें आयुर्वेदिक सिद्धांतों की झलक देखने को मिली, जोकि परिवर्तनशील मौसम में लाभकारी माने जाते हैं। सात्विक आहार थाली निर्माण प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ संस्थान के कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में तीशा ग्रुप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।

    आयुष मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान के कुलपति प्रोफेसर (डॉ.) संजीव शर्मा एवं डीन प्रोफेसर गुलाब चंद पमनानी के मार्गदर्शन में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में युवा पीढ़ी को फास्ट फूड से होने वाले नुक्सान के प्रति जागरूक करने के लिए सात्विक आहार थाली निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के दौरान तैयार की गई थालियों में आमतौर पर घर की रसोई में प्रयोग होने वाली दालें, मोटा अनाज, हरी सब्जियां, मौसमी फल, सलाद, अंकुरित अनाज के साथ पारंपरिक भारतीय व्यंजन तैयार किए गए, जो शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में सहायक माने जाते हैं।

    प्रतियोगिता में तीशा ग्रुप ने उत्कृष्ट व्यंजन तैयार किए, जिसके आधार पर ग्रुप ने प्रथम स्थान हासिल किया। इसके साथ ही अनुष्का ग्रुप और स्वाति ने संयुक्त रूप से दूसरा स्थान हासिल किया।

     

  • पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    पीएम राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक करें आवेदन

    चंडीगढ़: भारत सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए 31 जुलाई तक नामांकन आमंत्रित किए गए हैं। इनमें राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के तहत बहादुरी, खेलकूद, सोशल साइंस, विज्ञान एवं तकनीक पर्यावरण सहित आर्ट एवं कल्चर के क्षेत्र में असाधारण उपलब्धि हासिल करने वाले बच्चे, जिनकी आयु 31 जुलाई को 5 वर्ष से लेकर 18 वर्ष तक हो, को वर्ष 2026 के जनवरी माह में आयोजित होने वाले समारोह में राष्ट्रपति द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। अवार्ड की घोषणा 26 दिसंबर 2026 को राष्ट्रीय वीर बाल दिवस के अवसर पर की जाएगी।

    एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बाल पुरस्कार में विभिन्न श्रेणियों के तहत कुल 25 बच्चों का चयन किया जाएगा। पुरस्कारों में एक मैडल सहित प्रशस्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। सर्वप्रथम स्क्रीनिंग कमेटी द्वारा प्राप्त आवेदनों की छंटनी की जाएगी ,उसके उपरांत फाइनल नामों का “सिलेक्शन नेशनल कमेटी” द्वारा किया जाएगा। राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए राज्य सरकार, केंद्र शासित प्रदेश प्रशासन, जिला कलेक्टर/जिला मजिस्ट्रेट, पंचायती राज संस्थाएं, सभी केंद्रीय और राज्य स्कूल बोर्ड, केंद्रीय विद्यालय संगठन, नवोदय विद्यालय संगठन, राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग, राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग और राष्ट्रीय जन सहयोग और बाल विकास संस्थान, सामाजिक न्याय मंत्रालय, विकलांग विभाग, शिक्षा मंत्रालय में स्कूल शिक्षा विभाग, स्कूल शिक्षा के सभी राज्य विभाग, युवा मामले मंत्रालय, खेल विभाग, भारतीय खेल प्राधिकरण, संस्कृति मंत्रालय, विज्ञान मंत्रालय और प्रौद्योगिकी, पर्यावरण और वन मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, गृह मंत्रालय और प्रेस सूचना ब्यूरो सहित राष्ट्रीय चयन समिति नॉमिनेट कर सकती हैं। पुरस्कार से जुड़ी अन्य जानकारी अवाड्र्सडॉटजीओवीडॉटइन पर देखी जा सकती हैं।

  • भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष अपने पद से इस्तीफा दे! क्योंकि वे पंजाबियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैः संदीप दहिया

    भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष अपने पद से इस्तीफा दे! क्योंकि वे पंजाबियों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैः संदीप दहिया

    चंडीगढ़ः आम आदमी पार्टी के नेता संदीप दहिया के नेतृत्व में वार्ड 12 के कई कार्यकर्ताओं ने चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय सेक्टर-33 के सामने आम आदमी पार्टी चंडीगढ़ द्वारा आयोजित शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। आप के सभी नेता और कार्यकर्ता श्री गुरुद्वारा साहिब सेक्टर 34 के सामने एकत्रित हुए और वहां से चंडीगढ़ भाजपा मुख्यालय सेक्टर-33 तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला।

    संदीप दहिया ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष द्वारा ‘पंजाबी मूर्ख’ कहे जाने से हर पंजाबी की भावनाओं को ठेस पहुंची है। भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष को पंजाब के इतिहास और संस्कृति की जानकारी नहीं है, इसीलिए उन्होंने पंजाबियों के लिए इस तरह के शब्द कहे। भाजपा अध्यक्ष दावा करते हैं कि वे अमृतसर में रहते थे,  लेकिन उन्हें यह नहीं पता था कि पहले वहां ऐसे लोगों के लिए एक प्रसिद्ध मानसिक अस्पताल था। शायद वे उस अस्पताल से भागकर चंडीगढ़ आ गए हों। भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष पंजाब में रहने वाले हर पंजाबी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

    संदीप दहिया ने कहा कि भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष एक राष्ट्रीय पार्टी के जिम्मेदार पद पर बैठे हैं। उन्हें अपने बयानों पर नियंत्रण रखना होगा। उनका बयान खुद पंजाबियों के प्रति भाजपा की मानसिकता का प्रमाण है। दरअसल, उन्हें यह भी नहीं पता कि चंडीगढ़ पंजाब की राजधानी है। चंडीगढ़ की स्थापना पंजाब के कई गांवों को मिलाकर हुई थी।

    संदीप दहिया ने बताया कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी पंजाब आ रहे हैं। अगर चंडीगढ़ के भाजपा अध्यक्ष ने अपने पद से इस्तीफा नहीं दिया,  तो आम आदमी पार्टी भी उनके पंजाब दौरे के दौरान विरोध प्रदर्शन करेगी। पंजाब में रहने वाला हर व्यक्ति पंजाबी है। सभी पंजाबी आगामी विधानसभा चुनाव और चंडीगढ़ नगर निगम चुनाव में भाजपा के खिलाफ अपने वोट से सबक देंगे।

     

  • मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से Green Hydrogen क्षेत्र में शोध करने का किया आह्वान

    मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय से Green Hydrogen क्षेत्र में शोध करने का किया आह्वान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू), शिमला में विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने 10.09 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित मल्टी फैकल्टी भवन का उद्घाटन किया। इस भवन में तीन शैक्षणिक मंजिलें, कंप्यूटर-कम-सीबीटी लैब तथा पार्किंग सुविधा उपलब्ध होगी। मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित सीबीटी लैब का भी उद्घाटन किया। यह सुविधा शिक्षण क्षमता बढ़ाने और डिजिटल शिक्षा को प्रोत्साहित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    मुख्यमंत्री ने 8.25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले नए अकादमिक ब्लॉक का शिलान्यास भी किया। यह पांच मंजिला भवन होगा, जिसमें पार्किंग, नई कक्षाएं और बढ़ती छात्र संख्या के अनुरूप अतिरिक्त शैक्षणिक स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा।

    मुख्यमंत्री ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा भी की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विश्वविद्यालय को सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है तथा इसके विकास के लिए प्रतिवर्ष 150 करोड़ रुपये की सहायता प्रदान कर रही है। इन पहलों से विश्वविद्यालय के बुनियादी ढांचे, डिजिटल बदलाव और शैक्षणिक उत्कृष्टता को मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि वह स्वयं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के छात्र रहे हैं और विगत वर्षों में यहां काफी सकारात्मक बदलाव आए है। छात्रों को भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान की आवश्यकता पर बल दिया।

    सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार स्वच्छ और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। इसी दिशा में सोलन जिले के नालागढ़ में हिमाचल प्रदेश की पहली ग्रीन हाइड्रोजन परियोजना स्थापित की जा रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय से ग्रीन हाइड्रोजन के क्षेत्र में शोध करने का आग्रह करते हुए कहा कि इस क्षेत्र में राज्य के लिए अपार संभावनाएं मौजूद हैं।

    हिमाचल प्रदेश, देश को लगभग 90,000 करोड़ रुपये मूल्य की पारिस्थितिकी सेवाएं प्रदान करता है। लेकिन 16वें वित्त आयोग की सिफारिशों के तहत राजस्व घाटा अनुदान (आरडीजी) बंद किए जाने से राज्य को प्रतिवर्ष लगभग 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने की आशंका है। प्रदेश सरकार के प्रयासों से हिमाचल इस चुनौती का दृढ़ता से सामना करेगा और अग्रणी राज्य बनकर उभरेगा।

    राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की रक्षा करने के लिए प्रतिबद्ध है और राज्यहित में उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार, हिमाचल प्रदेश को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से कई परिवर्तनकारी कदम उठा रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कंप्यूटर-कम-सीबीटी लैब के माध्यम से शिमला जिले के युवाओं को विभिन्न परीक्षाओं के कंप्यूटर आधारित टेस्ट हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में ही देने की सुविधा मिलेगी। इससे पहले उन्हें ऐसी परीक्षाओं के लिए अन्य जिलों में जाना पड़ता था। इस सीबीटी लैब में लगभग 250 युवा एक साथ इस सुविधा का लाभ उठा सकेंगे।

    विधायक हरिश जनारथा, सुरेश कुमार, संजय अवस्थी, विवेक शर्मा, महापौर नगर निगम शिमला सुरेंद्र चौहान, हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड के अध्यक्ष देवेंद्र श्याम, हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के कुलपति महावीर सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

  • Punjab News: Textile Factory में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    Punjab News: Textile Factory में लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले के हज़ूरी रोड इलाके के माधोपुरी में स्थित एक टेक्सटाइल फैक्ट्री में शुक्रवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। देखते ही देखते आग ने फैक्ट्री के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया।
    घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। दमकल कर्मी लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटे हुए हैं ताकि आग आसपास की इमारतों तक न फैल सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फैक्ट्री से अचानक धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं, जिसके बाद इलाके के लोगों ने तुरंत प्रशासन और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इस हादसे में फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है। हालांकि राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई सूचना नहीं मिली है। फिलहाल दमकल विभाग की टीमें मौके पर मौजूद हैं और आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं। आग बुझने के बाद नुकसान का सही आकलन किया जाएगा और आग लगने के कारणों की जांच शुरू की जाएगी।    
  • पंजाब सरकार द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए राज्य में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टल निर्माणाधीन : Dr Baljit Kaur

    पंजाब सरकार द्वारा कामकाजी महिलाओं के लिए राज्य में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टल निर्माणाधीन : Dr Baljit Kaur

    चंडीगढ़/ साहिबज़ादा अजीत सिंह नगर: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार द्वारा अपने घरों से दूर विभिन्न शहरों में कार्यरत महिलाओं को सुरक्षित, सुविधाजनक एवं किफायती आवास उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंजाब की ओर से मोहाली, जालंधर तथा अमृतसर में पांच वर्किंग वूमेन हॉस्टलों का निर्माण कराया जा रहा है।

    यह जानकारी पंजाब की सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने आज मोहाली के सेक्टर-66 में विधायक कुलवंत सिंह की उपस्थिति में सात मंजिला वर्किंग वूमेन हॉस्टल के निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए दी।

    डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 70 करोड़ रुपये की लागत आएगी तथा इसका निर्माण कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा युद्ध स्तर पर कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह पंजाब का सबसे बड़ा सरकारी क्षेत्र का वर्किंग वूमेन हॉस्टल होगा, जहां 484 महिलाओं को अत्याधुनिक एवं सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध होंगी। हॉस्टल में सिंगल, डबल तथा डॉर्मिटरी कमरे उपलब्ध होंगे। इसके अतिरिक्त, कामकाजी महिलाओं के साथ रहने वाले बच्चों के लिए क्रेच सुविधा तथा मनोरंजन हेतु इनडोर खेलों की व्यवस्था भी की जाएगी।

    मंत्री ने बताया कि यह मोहाली में निर्मित होने वाला तीसरा वर्किंग वूमेन हॉस्टल है। इससे पहले निफ्ट मोहाली फेज-1 में 25.26 करोड़ रुपये की लागत से 150 महिलाओं की क्षमता वाला हॉस्टल निर्माणाधीन है। इसी प्रकार सेक्टर-79, मोहाली में 100 महिलाओं की क्षमता वाले एक अन्य वर्किंग वूमेन हॉस्टल का निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है, जिस पर 12.57 करोड़ रुपये की लागत आएगी।

    मोहाली में बन रहे इन तीन हॉस्टलों के अतिरिक्त विभाग द्वारा गांधी विनिता आश्रम, जालंधर में 100 महिलाओं की क्षमता वाला 10.11 करोड़ रुपये की लागत का हॉस्टल तथा अमृतसर में 150 महिलाओं की क्षमता वाला 27.34 करोड़ रुपये की लागत का वर्किंग वूमेन हॉस्टल भी निर्माणाधीन है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएंगी।

    डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि इन हॉस्टलों में रहने वाली महिलाओं को अत्यंत रियायती एवं नाममात्र किराए पर आवास उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे बाहर कार्यरत महिलाओं को बड़ी राहत मिलेगी।

    बठिंडा में भी रेड क्रॉस भवन में किराये के आधार पर 100 महिलाओं की क्षमता वाला एक वर्किंग वूमेन हॉस्टल संचालित किया जा रहा है। मीडिया के एक प्रश्न के उत्तर में उन्होंने कहा कि राज्य के किसी भी शहर में यदि कामकाजी महिलाओं के लिए हॉस्टल की मांग आती है, तो विभाग आवश्यकतानुसार किराये पर भवन लेकर भी ऐसी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

     

    विभाग का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि रोजगार के लिए अपने घरों से दूर रहने वाली महिलाओं को आवास और सुरक्षा संबंधी किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर विधायक कुलवंत सिंह ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान तथा कैबिनेट मंत्री डॉ. बलजीत कौर का धन्यवाद करते हुए कहा कि मोहाली जैसे तेजी से विकसित हो रहे शहर में दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाली कामकाजी महिलाओं के लिए ऐसे हॉस्टल राज्य सरकार की महिला सुरक्षा एवं सशक्तिकरण के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक हैं।

    इस अवसर पर सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशक डॉ. शेना अग्रवाल, विशेष सचिव केशव हिंगोनिया, अतिरिक्त उपायुक्त (विकास) सोनम चौधरी, जिला कार्यक्रम अधिकारी निखिल अरोड़ा तथा लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय मंडल के कार्यकारी अभियंता रणजीत सिंह सिद्धू सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

  • Punjab News: 3 अवैध पिस्टल व 12 जिंदा कारतूस सहित जीजा-साले गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: 3 अवैध पिस्टल व 12 जिंदा कारतूस सहित जीजा-साले गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पठानकोटः पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक सीक्रेट इन्फॉर्मेशन पर कार्रवाई करते हुए जीजा और साले की जोड़ी को गिरफ्तार किया है। जिनकी पहचान साजन जिला जालंधर व प्रिंस गोस्वामी पठानकोट के रहने वाले के रूप में हुई है। दोनों के पास से 3 गैर-कानूनी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद हुए हैं। अरेस्ट किए गए आरोपियों में से एक पर पहले से ही मर्डर के दो केस दर्ज हैं और वह पठानकोट में अपने ससुराल में रह रहा था। पुलिस मामले की पूरी जांच कर रही है।

    गैर-कानूनी हथियारों के खिलाफ चल रहे कैंपेन में पठानकोट पुलिस को एक बड़ी कामयाबी मिली है। एक टिप-ऑफ पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक जीजा और एक साले को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जांच में यह भी पता चला है कि गिरफ़्तार किए गए आरोपियों में से एक पर पहले से ही हत्या के दो मामले दर्ज हैं। वह व्यक्ति लंबे समय से पठानकोट में अपने ससुराल में रह रहा था। पुलिस को शक है कि इन हथियारों का इस्तेमाल किसी क्रिमिनल एक्टिविटी के लिए किया जाना था, जिसकी जांच चल रही है।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ़्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और किस मकसद से इस्तेमाल किए जाने थे। पुलिस का कहना है कि इस मामले में और भी खुलासे होने की संभावना है।

     

  • ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 के सांस्कृतिक ऑडिशन संपन्न, दो दिनों में करीब 90 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

    ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 के सांस्कृतिक ऑडिशन संपन्न, दो दिनों में करीब 90 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा

    ऊना, सुशील पंडित : 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में आयोजित दो दिवसीय ऑडिशन शुक्रवार को संपन्न हो गए। ऑडिशन के दूसरे और अंतिम दिन करीब 40 स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इससे पहले पहले दिन करीब 50 कलाकारों ने ऑडिशन में भाग लिया था। इस प्रकार दो दिनों में करीब 90 कलाकारों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
    मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि ऑडिशन का उद्देश्य स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना और क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि चयनित कलाकारों को 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले पिपलू मेले की सांस्कृतिक संध्याओं में प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। उन्होंने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म के साथ पिपलू मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। तीन दिवसीय मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, डॉग शो तथा विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। 26 जून को आयोजित होने वाली स्टार नाइट मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
    कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हिमाचल की लोक संस्कृति, परंपराओं और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान, धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया है तथा स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर इसकी गरिमा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।