Blog

  • आज का राशिफल, 20 जून 2026

    आज का राशिफल, 20 जून 2026

    20 जून का राशिफल बता रहा है कि, आज चंद्रदेव सिंह राशि में मघा नक्षत्र में आ गए हैं और केतु के साथ युति बना रहे हैं। ऐसे में राहु की पूर्ण दृष्टि भी चंद्रमा पर रहेगी। लेकिन अच्छी बात है कि सूर्य से तीसरे भाव में चंद्रमा के होने से वरिष्ठ योग का भी संयोग बन रहा है। ऐसे में आज का दिन मिथुन और कर्क राशि के जातकों के लिए बहुत ही अच्छा रहेगा। दरअसल आज मंगल का भी गोचर वृषभ राशि में होने जा रहा है और गुरु कर्क राशि में पुष्यामृत योग बना रहे हैं। तो आइए विस्तार पूर्वक जानते हैं आज का राशिफल।

    मेष राशि : खरीदारी या नई शुरुआत कर सकते हैं। मेष राशि वालों के लिए आज का दिन सुबह और शाम दो अलग-अलग रंगों में रंगा है। सुबह मंगलदेव अपनी राशि के बिल्कुल आखिरी पड़ाव पर हैं और इस वक्त उनकी एनर्जी अपने चरम पर है। लिहाजा सुबह जो भी बड़ा या निर्णायक काम करना हो वो इसी वक्त में निपटा लें। घर के मामलों में बृहस्पति और शुक्रदेव का साथ बना हुआ है जो बता रहा है कि घर से जुड़ी खरीदारी या नई शुरुआत कर सकते हैं। रचनात्मक काम में आज पूर्वजों की याद के साथ कुछ गहरा और असरदार बनाने की ताकत है। हालांकि, शाम के बाद मंगलदेव एक नई राशि में जाने वाले हैं, उस वक्त मन में अजीब सी बेचैनी और बदलाव का एहसास होगा। उस वक्त कोई बड़ा निर्णय टाल दें, सुकून से बैठें।

    वृष राशि : आज बड़ी योजना टाल दें। वृष राशि वालों के लिए आज का दिन बातचीत के मोर्चे पर बेहद खास है। लग्नेश शुक्रदेव और बृहस्पति दोनों एक साथ आपके तीसरे घर में हैं और दोनों पुष्य नक्षत्र में हैं। यह संयोग बता रहा है कि आज जो भी मुंह से निकले उसमें एक ऐसी मिठास और समझदारी होगी जो दूसरों को खींचेगी। कोई पुरानी गलतफहमी हो, कोई डील अटकी हो या किसी को मनाना हो तो आज सुबह में कर लें। घर में पूर्वजों को याद करने का और उनसे जुड़ी पुरानी बातें सुनने का आज सही वक्त है। मंगलदेव शाम को एक नई राशि में जाने वाले हैं, लिहाजा उस वक्त बड़े निर्णय टाल दें। मन में हल्की बेचैनी होगी, आराम करें।

    मिथुन राशि: आर्थिक मामलो में अच्छी खबर मिलेगी। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन पैसों और परिवार के मामले में उम्मीद भरा है। बृहस्पति और शुक्रदेव दोनों आपके दूसरे घर में पुष्य नक्षत्र में एक साथ हैं। यह जोड़ बता रहा है कि आज पैसों से जुड़ी कोई भी बात, खरीदारी या निवेश करना शुभ है। बुधदेव और सूर्यदेव का साथ भी लग्न पर बना हुआ है, जिससे बुद्धि और पहचान दोनों आज तेज हैं। मन में स्पष्टता रहेगी। हालांकि, शाम के बाद मंगलदेव का राशि परिवर्तन होने वाला है, जिससे लाभ वाले घर में हल्की उथल-पुथल महसूस हो सकती है। उस वक्त कोई बड़ा निवेश मत करें, जो जरूरी काम निपटाना हो, वो सुबह पहली फुर्सत में ही कर लें।

    कर्क राशि: आज आप जहां भी जाएंगे अलग छाप छोड़ेंगे।‌कर्क राशि वालों के लिए आज का दिन व्यक्तित्व और करियर दोनों के लिए असाधारण है। लग्न पर बृहस्पति और शुक्रदेव दोनों पुष्य नक्षत्र में बैठे हैं। यह संयोग बता रहा है कि आज आप जहां भी जाएंगे एक अलग ही छाप छोड़ेंगे। योगकारक मंगलदेव करियर वाले घर में आज अपनी सबसे तेज और निर्णायक स्थिति में हैं, सुबह में कोई भी बड़ा करियर निर्णय लें तो आज से बेहतर दिन नहीं होगा। पितरों को आज याद करें और उनके नाम पर कुछ दान करें, मन को गहरी शांति मिलेगी। हालांकि, शाम के बाद मंगलदेव का बड़ा परिवर्तन होगा, उस वक्त आराम को प्राथमिकता दें और बड़े फैसले कल के लिए छोड़ दें।

    सिंह राशि: आपका मन आज एकांत की तलाश कर सकता है। सिंह राशि वालों के लिए आज का दिन आत्मिक और आध्यात्मिक लिहाज से बेहद खास है। चंद्रदेव आज सिंह लग्न पर मघा नक्षत्र में हैं और केतुदेव भी वहीं पर हैं। मघा पितरों का नक्षत्र है और केतुदेव आत्मिक विरक्ति के कारक ग्रह हैं। इन दोनों का मेल बता रहा है कि आज पितरों को याद करना और उनके नाम पर कुछ करना बेहद फलदायी होगा। बृहस्पति और शुक्रदेव एकांत वाले घर में हैं, जिससे एकांत में बैठकर प्रार्थना या ध्यान करने पर मन को एक असाधारण शांति मिलेगी। लग्नेश सूर्यदेव और बुधदेव लाभ वाले घर में हैं। योगकारक मंगलदेव भाग्य से सहयोग से उन्नति दिलाएंगे। शाम के बाद एकांत में रहें।

    कन्या राशि: करियर में आपको लाभ भी मिलेगा। कन्या राशि वालों के लिए आज का दिन करियर और लाभ दोनों के मामले में बेहद उज्जवल है। लग्नेश बुधदेव और सूर्यदेव दसवें घर में हैं, जिससे करियर में आज ऐसी बौद्धिक धार रहेगी, जो लोगों पर असर करती है। ग्यारहवें घर में बृहस्पति और शुक्रदेव का पुष्य योग बता रहा है कि लाभ के मामले में आज किसी को भी निराश नहीं होना पड़ेगा। पुराना पैसा अटका हो या कोई नया मौका हो, तो सुबह में कदम उठाएं। साझेदारियों में शनिदेव की स्थिरता बनी हुई है। हालांकि, शाम के बाद मंगलदेव के राशि परिवर्तन की वजह से मन में थोड़ी बेचैनी आ सकती है। उस वक्त शांत रहें।

    तुला राशि: करियर में मेहनत का फल मिलेगा। तुला राशि वालों के लिए आज का दिन करियर के मामले में महीने के सबसे शुभ दिनों में से एक है। लग्नेश शुक्रदेव और बृहस्पति दोनों दसवें घर में पुष्य नक्षत्र में एक साथ हैं। जब करियर वाले घर में दो बड़े और शुभ ग्रह हों तो उस दिन किया गया काम टिकाऊ और असरदार होता है। सुबह से दोपहर तक का वक्त किसी भी जरूरी करियर निर्णय के लिए बेहतरीन है। बुधदेव और सूर्यदेव भाग्य वाले घर में हैं, जिससे किस्मत भी साथ दे रही है। योगकारक शनिदेव प्रतिस्पर्धा में बढ़त दे रहे हैं। हालांकि, शाम के बाद मंगलदेव का साझेदारी वाले घर में आने से रिश्तों में थोड़ी सतर्कता जरूरी है।

    वृश्चिक राशि : भाग्य और मजबूत होकर चमकेगा। वृश्चिक राशि वालों के लिए आज का दिन भाग्य के मोर्चे पर बेहद शानदार है। बृहस्पति और शुक्रदेव दोनों नौवें घर में पुष्य नक्षत्र में एक साथ हैं। किस्मत आज खुद आगे आकर मदद करेगी। जो काम बार-बार अटकता रहा हो, उसे आज हाथ लगाएं, रास्ता निकलेगा। लग्नेश मंगलदेव आज अपनी सबसे तीखी और निर्णायक स्थिति में हैं, सुबह में प्रतिस्पर्धा में कोई आपके सामने नहीं टिकेगा। पितरों को आज याद करें और उनका आशीर्वाद लें, भाग्य और मजबूत होकर चमकेगा। हालांकि, शाम के बाद लग्नेश मंगलदेव एक बड़े बदलाव से गुजरेंगे। उस वक्त कोई बड़ा कदम मत उठाएं, रात आराम से बिताएं।

    धनु राशि: मानसिक रूप से बेचैनी हो सकती है‌। धनु राशि वालों के लिए आज का दिन बड़े बदलाव ला सकता है। लग्नेश बृहस्पति और शुक्रदेव दोनों आठवें घर में पुष्य नक्षत्र में हैं। यह घर छुपी ताकतों और अचानक मिलने वाले फायदों का है। आज कोई ऐसी खबर या मौका आ सकता है, जिसकी उम्मीद नहीं थी। पार्टनर के साथ बातचीत में कोई नया आइडिया मिल सकता है। मंगलदेव रचनात्मक काम में सुबह सबसे ज्यादा ऊर्जा देंगे। पितरों को आज याद करें, उनका आशीर्वाद आपके रास्ते की रुकावट को दूर करने में मददगार साबित होगा। शाम के बाद आराम करें, मानसिक रूप से बेचैनी हो सकती है।

    मकर राशि : कारोबार में साझेदारी लंबी चलेगी। मकर राशि वालों के लिए आज का दिन रिश्तों और साझेदारी के मामले में महीने का सबसे शुभ दिन है। योगकारक शुक्रदेव और बृहस्पति दोनों सातवें घर में पुष्य नक्षत्र में हैं। यह संयोग बता रहा है कि आज जो भी रिश्ता पक्का करें या कारोबारी गठजोड़ बनाएं वो लंबे समय तक टिकेगा। सुबह का वक्त इसके लिए सबसे सही है। बुधदेव और सूर्यदेव प्रतिस्पर्धा वाले घर में दिमागी बढ़त दे रहे हैं। मंगलदेव घर वाले भाव में सुबह सबसे ज्यादा तेज हैं। पितरों को आज याद करना न भूलें, उनकी प्रसन्नता रिश्तों में मिठास लाती है। शाम के बाद मन में उथल-पुथल हो सकती है, धैर्य रखें।

    कुंभ राशि: सेहत के मामले में अपना ध्यान रखें। कुंभ राशि वालों के लिए आज का दिन सेहत के मोर्चे पर बेहद खास होने वाला है। योगकारक शुक्रदेव और बृहस्पति दोनों छठे घर में पुष्य नक्षत्र में हैं। यह युति बता रही है कि सेहत के मामले में आज ऊपर से एक खास सुरक्षा मिल रही है। जो पुरानी तकलीफ है या जो जांच टाली जा रही है वो आज करवाएं, नतीजा अच्छा आएगा। बीमारी में आराम मिलेगा। प्रतिस्पर्धा के मोर्चे पर आज दुश्मन खुद ही कमजोर पड़ेंगे। आप अपनी बुद्धि और ज्ञान से विजय हासिल कर सकेंगे। दरअसल, बुधदेव और सूर्यदेव रचनात्मक काम में नई बौद्धिक ऊर्जा दे रहे हैं। मंगलदेव बातचीत में तीखापन देते हैं, इसलिए आज जरा सोच-समझकर बोलें। शाम के बाद मंगलदेव राशि बदलने जा रहे हैं। उस वक्त शांत रहें।

    मीन राशि : धन संबंधी निर्णय सुबह लेना फायदेमंद होगा। मीन राशि वालों के लिए आज का दिन प्रेम और रचनात्मकता के लिहाज से बेहद शानदार साबित हो सकता है। आपके लग्नेश बृहस्पति और शुक्रदेव पांचवें घर में पुष्य नक्षत्र में एक साथ हैं। जो रचनात्मक काम आज हाथ में लेंगे उसमें एक ऐसी गहराई और सुंदरता होगी जो दूसरों के दिल को छू जाएगी। प्रेम में जो कदम उठाएंगे वो रंग लाएगा। शादी की चर्चा के लिए यह समय उपयुक्त है। बुधदेव और सूर्यदेव घर वाले भाव में एक नई रोशनी ला रहे हैं, घर में कोई जरूरी बात करनी हो, तो आज करें। मंगलदेव पैसों के घर में सुबह सबसे ज्यादा ताकतवर हैं, धन संबंधी निर्णय सुबह के समय करें। शाम के बाद मानसिक उथल-पुथल हो सकती है। लिहाजा, थोड़ा आराम करें या ध्यान करें।

  • आखिर क्या है Hyderabadi और कराची बिरयानी में अंतर? कैसा होता है स्वाद

    आखिर क्या है Hyderabadi और कराची बिरयानी में अंतर? कैसा होता है स्वाद

    नई दिल्ली: बिरयानी का नाम सुनते ही ज्यादातर हर किसी के मुंह में अलग स्वाद आ जाता है। भारत से लेकर पाकिस्तान और दुनिया के कई देशों तक बिरयानी की अलग-अलग वैरायटी बेहद पसंद की जाती है। बासमती चावल, खुशबूदार मसाले और चिकन या मटन के साथ बनने वाली यह डिश नॉनवेज लवर्स की पहली पसंद मानी जाती है लेकिन जब सबसे बेहतरीन बिरयानी की बात होती है तो दो नाम सबसे पहले सामने आते हैं। यह दो नाम हैदराबादी बिरयानी और कराची बिरयानी है। इन दोनों बिरयानी में बासमाती चावल मांस और खुशबूदार मसालों का इस्तेमाल होता है परंतु इन्हें बनाने का तरीका, मसालों का इस्तेमाल और टेस्ट एक-दूसरे से काफी अलग होता है।

    हैदराबादी और कराची बिरयानी में क्या होता है अंतर

    हैदराबादी और कराची बिरयानी में सबसे बड़ा फर्क इनके बनाने के तरीके और टेस्ट का होता है। हैदराबादी बिरयानी को दम कुकिंगग तकनीक से तैयार किया जाता है। इसमें मैरिनेट किए हुए चिकन या मटन के ऊपर आधे पके बासमती चावल की परत लगाकर बर्तन को बंद कर धीमी आंच कर पकाया जाता है। इससे चावल का हर दाना अलग रहता है और केसर, इलायची साथ ही तले हुए प्याज की खूशबू अच्छी तरह उसमें मिल जाती है। इसका टेस्ट हल्का और खुशबूदार होता है। कराची बिरयानी में मांस और चावल को मसालों के साथ अच्छी तरह मिलाकर पकाया जाता है। इससे हर चीज में मसालों का तीखा और चटपटा टेस्ट महसूस होता है। इसमें चिकन, मटन और कई बार बकरे के मांस का इस्तेमाल किया जाता है। इसके चावल मसालों से अच्छी तरह मिल जाते हैं और लाल रंग के दिखाई देते हैं। परोसते समय भी हैदराबादी बिरयानी परतदार और अलग समेल वाली होती है जबकि कराची बिरयानी ज्यादा मसालेदार होती है और कई जगहों पर इसमें आलू भी डाले जाते हैं।

    आखिर क्या है हैदराबादी बिरयानी?

    हैदराबादी बिरयानी अपनी खास दम कुकिंग तकनीक के लिए जानी जाती है। इसमें आधे पके हुए चावलों की परत मैरिनेट किए हुए मांस के ऊपर लगाई जाती है। इसके बाद बर्तन को अच्छी तरह सील करके धीमी आंच पर पकाया जाता है। इससे सभी टेस्ट आपस में अच्छी तरह घुल-मिल जाएं। इस बिरयानी में केसर, तले हुए प्याज और इलायची जैसी सामग्री इसकी अलग पहचान बनाती है। इसकी सबसे बड़ी खासियत यह होती है कि चावल का हर दाना अलग दिखाई देते है और मांस बहुत मुलायम होता है।

    हैदराबादी बिरयानी का आखिर क्या होता है टेस्ट

    इसमें तीखापन कम होता है। साथ ही मसालों से ज्यादा खुशबू पर जोर दिया जाता है। इसके अलावा केसर और इलायची इसकी महक को खास बनाते हैं।

    कराची बिरयानी की खासियत

    कराची बिरयानी अपने बोल्ड और मसालेदार टेस्ट के लिए मशहूर है। इसमें चावल और मसाले को अच्छी तरह मिलाया जाता है। इससे हर निवाले में मसालों को टेस्ट महसूस होता है। इस बिरयानी का रंग अक्सर लाल या नारंगी दिखाई देता है। यह लाल मिर्च और पपरिका के इस्तेमाल से आता है। कई जगहों पर इसमें आलू भी डाले जाते है जो मसालों का टेस्ट अपने अंदर सोख लेते हैं। कराची बिरयानी का टेस्ट तीखा और चटपटा होता है और यह मसालेदार टेस्ट पसंद करने वालों के लिए बेहतर ऑप्शन है। इसे खाते हुए हर बाइट में मसालों का तीखा और चटपटा टेस्ट महसूस होता है। इसका टेस्ट लंबे समय तक जुबान पर बना रहता है।  
  • शिविर में 82 रोगियों के दांतों की जांच की

    शिविर में 82 रोगियों के दांतों की जांच की

    निर्मला निकेतन इंस्टीच्यूट ज्योति किरण ने प्रवासी कामगारों के लिए लगाया दंत जांच शिविर

    बददी, सचिन बैंसल: बददी  के सिक्का होटल  के साथ लगते स्लम एरिया के प्रवासी कामगारों के लिए निर्मला निकेतन इंस्टीट्यूट ज्योति किरण ने भोजिया डेंटल कालेज की सहयोग से  दंत चिकित्सा शिविर लगाया गया। शिविर में 82 प्रवासी कामगारों की जांच कर उन्हें मुफ्त दवाईयां बांटी गई।

    संस्था की डायरेक्टर मिस मेरी ने बताया कि शिविर में भोजिया  डेंटल कालेज के दंत चिकित्सक ड़ा. अभिजीत साक्षी, जसप्रीत व शिवांशी ने रोगियों की जांच कर उन्हें मुप्त दवाईयां बांटी। शिविर में अधिकांश कामगारों को नशीले पदार्थ खाने से दांत खराब पाए गए। इन रोगियों को 31 तक कालेज में अपने दांत ठीक करने के लिए बुलाया गया। इस दौरान इन कामगारों को उपचार में छूट का भी प्रावधान किया गया है।

    मिस मेरी ने बताया कि संस्था की ओर से  स्लम एरिया के रहने वाले कामगारों के लिए समय समय पर शिविर लगाए जाते है। इससे भी भी स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। जिसमें कामगारों का मुफ्त उपचार किया गया। भविष्य में भी यहां पर अन्य शिविर भी लगाए जाएंगे। इस मौके पर संस्था की समन्वयक कल्पना,  फील्ड स्टाफ में  राहुल व धीरज भी उपस्थित रहे।

     

  • शीतला माता मंदिर में कथित पुनर्निर्माण कार्य पर उठे सवाल, डीसी से जांच की मांग: प्रिंस राजपूत

    शीतला माता मंदिर में कथित पुनर्निर्माण कार्य पर उठे सवाल, डीसी से जांच की मांग: प्रिंस राजपूत

    ऊना/सुशील पंडित: सनातन धर्म सभा ऊना ने टक्का रोड स्थित शीतला माता मंदिर में चल रहे कथित ध्वस्तीकरण एवं पुनर्निर्माण कार्य को लेकर जिलाधीश ऊना को शिकायत पत्र सौंपा और मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
    सभा के प्रधान प्रिंस राजपूत ने आरोप लगाया है कि मंदिर की पुरानी संरचना को तोड़कर पुनर्निर्माण कार्य किया जा रहा है जबकि स्थानीय श्रद्धालुओं क्षेत्र वासियों और अन्य संबंधित पक्षों को विश्वास में नहीं लिया गया। साथ ही यह भी स्पष्ट नहीं है कि संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं स्वीकृतियां ली गई हैं या नहीं? शिकायत पत्र में यह भी कहा गया है कि शीतला माता मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसका धार्मिक व सामाजिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है, ऐसे में बिना व्यापक सहमति के किए जा रहे कार्यों से श्रद्धालुओं में चिंता और असंतोष का माहौल बन गया है।
    वहीं सनातन धर्म सभा ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए तथा यह सुनिश्चित किया जाए कि मंदिर से जुड़े सभी कार्य नियमों एवं कानूनी प्रतिक्रियाओं के अनुरूप हों ,यदि जांच में किसी प्रकार की अनियमित तथा सामने आती है तो जांच पूरी होने तक संबंधित कार्यों पर रोक लगाकर आवश्यक कार्रवाई की जाए। सभा का कहना है कि प्रशासन की निष्पक्ष और त्वरित कार्रवाई से श्रद्धालुओं एवं क्षेत्र वासियों का विश्वास और अधिक मजबूत होगा।
    प्रिंस राजपूत ने कहा कि मंदिर हमारी आस्था का केंद्र है बिना सहमति के हो रहे कार्य धार्मिक भावनाओं को आहत करते हैं हम प्रशासन से निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग करते हैं।
     
  • Punjab News: कांग्रेसियों ने BJP के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन, फूंका पुतला, देखें वीडियो

    Punjab News: कांग्रेसियों ने BJP के खिलाफ किया विरोध-प्रदर्शन, फूंका पुतला, देखें वीडियो

    लुधियानाः कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय तलवार की अगुवाई में BJP के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता इकट्ठा हुए और BJP के खिलाफ नारेबाजी की और चंडीगढ़ BJP  अध्यक्ष का पुतला फूंका। इस दौरान उन्होंने BJP पर पंजाबियों का अपमान करने का आरोप लगाया और उस व्यक्ति को पार्टी से निकालने की मांग भी की।

    प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि BJP  नेता ने पंजाबियों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की है, जिसके विरोध में वे अपना रोष ज़ाहिर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस व्यक्ति ने BJP की सोच को उजागर कर दिया है। साथ ही, उन्होंने उस व्यक्ति को पार्टी से निकालने की मांग भी की है।

     

  • प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पंजाब में हो रही चर्चा: मुख्यमंत्री

    प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की पंजाब में हो रही चर्चा: मुख्यमंत्री

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगामी विधानसभा चुनाव में पंजाब में कमल खिलेगा। हरियाणा में डब्बल इंजन की सरकार जो हर वर्ग के लिए कल्याणकारी योजनाएं चला रही है, उसकी चर्चा पंजाब में भी है। पंजाब की वर्तमान सरकार ने केवल बड़ी-बड़ी बातें करके वोट हासिल किये है और अब वहां की सरकार ने पंजाब की जनता को उनके हालात पर छोड़ दिया है, लेकिन पंजाब के लोग विकास चाहते हैं।

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सिरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक के उपरांत मीडिया से बातचीत की। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज आमजन भाजपा की कल्याणकारी नीतियों से लाभांवित हो रहे हैं। एक प्रश्र के उत्तर में उन्होंने कहा कि हम गुरुओं की कृपा की वजह से यहां बैठे हैं और जब-जब धर्म पर संकट आया तो महापुरुषों ने देश-धर्म की रक्षा के लिए अपनी पीढिय़ों की कुर्बानियां दी है। पंचकूला में गुरु अर्जन देव का शहीदी दिवस भी मनाया गया ताकि आने वाली पीढिय़ां भी उनके जीवन से प्रेरणा ले सके, जिन्होंने अपने पूरे परिवार को देश व धर्म पर न्यौछावर कर दिया।

    नीट की पुनर्परीक्षा को लेकर पूछे गए प्रश्न के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं आने दी जाएगी, उनके लिए नि:शुल्क बस सेवा की सुविधा भी दी गई है। मुख्यमंत्री ने एक अन्य सवाल के जवाब में कहा कि विपक्ष के लोग केवल राजनीति कर रहे हैं। कांग्रेस के राज में प्रदेश की कानून व्यवस्था का बुरा हाल था। कानून व्यवस्था को लेकर किसी प्रकार का समझौता नहीं होगा। प्रदेश की सरकार प्रदेश के हर व्यक्ति की सुरक्षा के लिए मजबूती से खड़ी हैं। सरकार जब सेशन बुलाती है तो विपक्ष के लोग भाग जाते हैं, उन्हें सेशन में तो बैठना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के चहुंमुखी विकास के लिए सरकार लगातार बजट दे रही है। ग्राम पंचायतों व पालिकाओं में बजट पहुंचाया गया है। सरकार विकास कार्यों के लिए तीव्र गति से कार्य करवा रही है।

     

  • आत्मा परियोजना द्वारा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 

    आत्मा परियोजना द्वारा प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 

    ऊना/सुशील पंडित: विधानसभा हरोली की ग्राम पंचायत पालकवाह में आत्मा परियोजना के अंतर्गत दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें खंड तकनीकी प्रबंधक अंकुश शर्मा ने सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाए जाने वाले कृषि योजनाओं को लोगों के समक्ष रखा। सहायक तकनीकी प्रबंधक शिवांक जसवाल ने किसानों को देसी गाय के गोबर गौमूत्र से तैयार प्राकृतिक खेती में इस्तेमाल होने वाले घटकों बीजामृत जीवामृत व रोगनाशी , कीटनाशी दवाइयों जैसे दस्पर्णी अर्क व पौध लेप वास्तविक रूप में बनाकर बताए। प्रशिक्षण शिविर में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री ने सभी किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया। इसके साथ सभी किसानो को हल्दी का बीज निशुल्क दिया गया। इस मौके पर पंचायत प्रधान श्रीमती अंजना कुमारी व उपप्रधान सतपाल चौधरी व वार्ड पंच भी उपस्थित रहे।
     
  • मुख्यमंत्री ने सिरसा में किया जनकल्याण शिविर का अवलोकन

    मुख्यमंत्री ने सिरसा में किया जनकल्याण शिविर का अवलोकन

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने शुक्रवार को केंद्र सरकार के गौरवशाली 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सिरसा के पंचायत भवन में आयोजित जन कल्याण शिविर का अवलोकन किया। शिविर का मुख्य उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे आम जनता तक पहुंचाना और उन्हें जागरूक करना था। शिविर में स्वास्थ्य, कृषि, समाज कल्याण, महिला एवं बाल सहित विभिन्न विभागों ने अपनी स्टॉल लगाई।

    मुख्यमंत्री ने शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाई गई विकासात्मक और कल्याणकारी स्टालों का निरीक्षण किया। अवलोकन के दौरान उन्होंने अधिकारियों से विभागों द्वारा दी जाने वाली विभिन्न योजनाओं और उनके क्रियान्वयन की प्रगति के बारे में जानकारी ली।

    इस मौके पर उन्होंने मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। केंद्र और राज्य सरकार का एकमात्र लक्ष्य अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति का उत्थान करना है। सरकार की नीतियां पारदर्शी हैं और तकनीकी के माध्यम से भ्रष्टाचार पर लगाम लगाते हुए सीधा लाभ लाभार्थियों के खातों में भेजा जा रहा है।

    इस अवसर पर उनके साथ उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, जिलाध्यक्ष भाजपा सिरसा यतिंद्र सिंह एडवोकेट, जिलाध्यक्ष भाजपा डबवाली रेणू शर्मा मौजूद रहे।

     

     

  • आंगनवाड़ी केंद्र त्यूडी-1 में लगा समर रेडीनेस मेला

    आंगनवाड़ी केंद्र त्यूडी-1 में लगा समर रेडीनेस मेला

    बच्चों के सर्वांगीण विकास और विद्यालय प्रवेश की तैयारी पर दिया विशेष जोर

    ऊना, सुशील पंडित: बाल विकास परियोजना वृत्त घंडावल के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र त्यूडी -1 में शुक्रवार को समर कैम्प रेडीनेस मेला-1 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यवेक्षक श्रीमती नरेश कुमारी ने की। इस समर मेले में उपप्रधान हरीश चन्द एवं सभी वार्ड पंच उपस्थित थे। मेले का उद्देश्य छोटे बच्चों को खेल-खेल में विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करना और अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना रहा।

    मेले में बच्चों, उनके माता-पिता, दादा-दादी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से उन्हें सीखने, समझने और अपनी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला। कार्यक्रम में अभिभावकों को बच्चों के प्रारंभिक विकास, स्कूल रेडीनेस, भाषा कौशल, सामाजिक व्यवहार और घर पर सीखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

    पर्यवेक्षक नरेश कुमारी ने कहा कि समर रेडीनेस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय में प्रवेश के लिए मानसिक, सामाजिक और व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि जब परिवार और आंगनवाड़ी केंद्र मिलकर बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत करते हैं तो बच्चे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं।

    उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सीखने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा एवं विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं। कैंप के समापन पर बच्चों को रिफरैशमैंट वितरण किया गया व उनके उत्साह वर्धन के लिए प्रशंसा की गई।

     

  • अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Singh Saini

    अधिकारी आमजन की शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करें सुनिश्चित: CM Nayab Singh Saini

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन की शिकायतों के प्रति उनकी संवेदनशीलता सिर्फ औपचारिक नहीं, बल्कि वास्तविक और सक्रिय है। सिरसा में आयोजित जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में ऐसा ही नज़ारा देखने को मिला, जहां मुख्यमंत्री ने न केवल शिकायतों को गंभीरता से सुना बल्कि मौके पर ही फोन पर संवाद कर मामलों की गहराई से जानकारी ली और तुरंत निर्णय भी दिए।

    बैठक के दौरान दो ऐसे मामले सामने आए जिनमें शिकायतकर्ता स्वयं उपस्थित नहीं थे। इस पर मुख्यमंत्री ने बिना समय गंवाए फोन पर सीधे शिकायतकर्ताओं से बात कर पूरी स्थिति की जानकारी ली। पहला मामला फतेहपुर जातांवाली निवासी संजय कुमार का था, जिन्होंने रजवाहे पर साइफन सही तरीके से न लगाए जाने की शिकायत की थी। मुख्यमंत्री ने स्वयं फोन पर संजय कुमार से बातचीत कर पूरे मामले को समझा और तुरंत एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय कमेटी गठित करने के निर्देश दिए, ताकि निष्पक्ष जांच के साथ समाधान सुनिश्चित हो सके।

    दूसरा मामला निर्मल कौर से जुड़ा था, जिनकी ओर से उनके पिता बैठक में उपस्थित हुए थे। शिकायत में बताया गया था कि उनके पति विरेंद्र पाल, जो आयुष विभाग में फार्मासिस्ट थे, उनका फरवरी 2026 में निधन हो गया था, आरोप थे कि उसके बाद उन्हें मिलने वाले लाभ और सहायता प्रदान नहीं की गई। हालांकि बैठक में उपस्थित उनके पिता ने आयुष विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष जताया। लेकिन, मुख्यमंत्री ने इस मामले में भी सीधे निर्मल कौर से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने भी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया और मुख्यमंत्री का व्यक्तिगत रूप से धन्यवाद भी किया। मुख्यमंत्री की इस प्रकार की जनता के प्रति जवाबदेही वाली कार्यशैली ने स्पष्ट कर दिया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की कार्यशैली में न केवल प्रशासनिक सक्रियता है, बल्कि जनता की समस्याओं को व्यक्तिगत स्तर पर सुनने और समाधान निकालने की गंभीर प्रतिबद्धता भी शामिल है।

    हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सिरसा के पंचायत भवन में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी अधिकारी आमजन की समस्याओं को हल करते हुए शिकायतों का निदान करें। बैठक में 15 शिकायतें सुनवाई के लिए रखी गई जिनमें से 12 शिकायतों का निपटान कर दिया गया और तीन शिकायतें लंबित रखी गई है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतों की सुनवाई करते हुए विशेष निर्देश भी दिए, उन्होंने कहा कि सीवरेज व सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त किया जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी ना हो। शहरी क्षेत्र में जहां सीवरेज लाइन डाल दी गई है वहां जल्द से जल्द सड़क बनाने का कार्य शुरू किया जाए।

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधा संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक में गांव गंगा निवासी परमजीत सिंह की फर्जी वसीयत संबंधी शिकायत पर अधिकारियों की ओर से बताया गया कि अंगूठा निशान की दो जगह जांच करवाई गई है और दोनों जगह धुंधली होने की वजह से रिपोर्ट का मिलान नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री ने दोनों पक्षों को सुनने के बाद इस शिकायत को अगली बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। गांव फतेहपुर जोतांवाली निवासी संजय कुमार की शिकायत जिसमें उन्होंने साइफन को गलत बनाए जाने के मामले में कार्रवाई की मांग थी, मुख्यमंत्री ने इस मामले में संबंधित एसडीएम की अध्यक्षता में तीन सदस्यीय समिति गठित करने के निर्देश दिए जो मौके पर जाकर किसानों से बातचीत करेगी तथा इसके तमाम पहलूओं को देखते हुए अगली बैठक में इसकी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।

    रानियां के वार्ड नंबर एक निवासी बलवीर राम की शिकायत पर मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके भाई जगसीर सिंह की मौत के मामले में अगर शिकायतकर्ता कोई तथ्य लेकर आए तो उसे जांच में शामिल किया जाएगा। एडिशनल मंडी सिरसा निवासी हार्दिक गोयल की शिकायत इंडस्ट्रियल एरिया-एक के सर्विस इंडस्ट्री शॉप के नक्शे के पेवमेंट एवं पार्किंग का नाप सही रुप से नहीं दिए जाने के संबंध में मुख्यमंत्री ने हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण व नगर परिषद के अधिकारियों से जवाब तलब किया। उन्होंने दोनों विभागों के अधिकारियों से संतोषजनक उत्तर न मिलने पर इस मामले में संलिप्तों की जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा कि इस कार्य को लेकर जो टेंडर हुआ है उस पर जल्द काम शुरू किया जाए।

    मुख्यमंत्री ने भादड़ा निवासी महेंद्र सिंह, गांव तारुआना निवासी राम सिंह, जंडवाला बिश्रोइयां निवासी ओम विष्णु, खुईयां मलकाना निवासी जरनैल सिंह, कुस्सर निवासी महेश कुमार, मेहनाखेड़ा निवासी देवदत्त, राम कॉलोनी बरनाला रोड निवासी शकुंतला तथा रोड़ी निवासी रूलदु राम की शिकायत का सुनवाई के बाद निपटारा कर दिया गया। रलदु राम की शिकायत पर गली निर्माण के निर्देश के साथ ही रुपये मांगने के संबंध में जेई के खिलाफ जांच करने के निर्देश भी दिए गए है।

    बैठक में पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, ऐलनाबाद विधायक भरत सिंह बैनीवाल, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, कालांवाली विधायक शीशपाल केहरवाला, जिला परिषद चेयरमैन कर्ण चौटाला, उपायुक्त शांतनु शर्मा, पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारण, पुलिस अधीक्षक डबवाली जसलीन कौर, अतिरिक्त उपायुक्त अर्पित संगल, नगर परिषद चेयरमैन शांति स्वरूप, पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल, पूर्व सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी, चेयरमैन रोहताश जांगड़ा, हरियाणा बीज विकास निगम के चेयरमैन देव कुमार शर्मा, मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, चेयरमैन सतीश जग्गा भी मौजूद रहे।