Blog

  • नगर निगम बैंक फ्रॉड मामले में IAS अधिकारी RK Singh को विशेष अदालत में किया पेश

    नगर निगम बैंक फ्रॉड मामले में IAS अधिकारी RK Singh को विशेष अदालत में किया पेश

    IAS अधिकारी सहित अन्य आरोपियों को तीन-तीन दिन के रिमांड पर भेजा गया

    पंचकूला: नगर निगम बैंक फ्रॉड मामले में गिरफ्तार आईएएस अधिकारी आरके सिंह को शुक्रवार को पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत में पेश किया गया है। इसके अलावा सीबीआई के द्वारा गिरफ्तार किए गए एक अन्य आरोपी प्रिंस को भी कोर्ट में पेश किया गया है। इसकी इस मामले में यह भूमिका है कि इसका फोन इस्तेमाल हुआ था। पैसों का जितना लेन-देन हुआ उसका ओटीपी उसके नंबर पर आया था फिलहाल आईएएस अधिकारी और अन्य आरोपी को तीन-तीन दिन के रिमांड में भेजा गया है। सुनवाई के दौरान सीबीआई ने मामले की गहन की जांच के लिए आरोपी का रिमांड मांगा है।

    अदालत ने दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद आरके सिंह को तीन दिन के सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। सीबीआई मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जानी है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाना है कि कथित गड़बड़ी में अन्य किन-किन लोगों की भूमिका रही है और धन की लेन-देन की पूरी श्रृंखला क्या रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई महत्वपूर्ण जानकारियों सामने आ सकती हैं। इससे मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा होगा। सीबीआई मामले से जुड़े वित्तीय लेन-देन, बैंक खातों और दस्तावेजों की विस्तृत जांच की जानी है। इसके अलावा यह भी पता लगाया जाना है कथित गड़बड़ी में अन्य किन-किन लोगों की भूमिका रही है। धन की लेन-देन की पूरी श्रृंखला क्या रही है। जांच एजेंसी का मानना है कि आरोपी से पूछताछ के दौरान कई जरुरी जानकारियां सामने आ सकती हैं।

    इससे मामले के अन्य पहलुओं का खुलासा होगा। गौरतलब है कि पंचकूला निगम के फंड से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले और बैंकिंग अनियमितताओं की जांच सीबीआई कर रही है। इस मामले में पहले भी कई दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा चुकी है। सीबीआई अब रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से विस्तृत पूछताछ करेगी। जांच एजेंसी वित्तीय लेनदेन की कड़ियों को जोड़ने, कथित लाभार्थियों की पहचान करने और मामले में शामिल अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी पड़ताल करेगी।

    सूत्रों के अनुसार, आने वाले दिनों में जांच के आधार पर और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं। गौरतलब है कि हरियाणा में सरकारी और नगर निगम निधियों को निजी बैंकों में जमा कराने तथा उनमें हुई कथित गड़बड़ियों को लेकर सीबीआई जांच कर रही है। इस मामले में पहले भी कई अधिकारियों, बैंक, कर्मचारियों और अन्य आरोपियों की गिरफ्तार हो गई है।

  • NEET अभ्यर्थियों को हिमाचल सरकार की बड़ी राहत, एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

    NEET अभ्यर्थियों को हिमाचल सरकार की बड़ी राहत, एचआरटीसी बसों में मुफ्त सफर की सुविधा

    ऊना, सुशील पंडित :  नीट-2026 परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए प्रदेश सरकार ने एचआरटीसी की साधारण बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान करने का निर्णय लिया है। परिवहन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के निर्देशों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) मुख्यालय ने सभी इकाई अधिकारियों को पत्र जारी कर 20 से 22 जून तक नीट अभ्यर्थियों को मुफ्त यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
    अग्निहोत्री ने बताया कि प्रदेश के अनेक विद्यार्थी दूरदराज क्षेत्रों से परीक्षा केंद्रों तक पहुंचते हैं। विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है, ताकि किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में परिवहन संबंधी परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विद्यार्थी बिना किसी अतिरिक्त चिंता और आर्थिक बोझ के तनावमुक्त होकर परीक्षा में शामिल हो सकें।
    एचआरटीसी के निर्देशों के अनुसार यह सुविधा  निगम की साधारण बसों में उपलब्ध होगी। अभ्यर्थी अपने नीट एडमिट कार्ड के आधार पर अपने निवास स्थान से परीक्षा केंद्र तक एक बार जाने और एक बार वापस लौटने की निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। एडमिट कार्ड ही उनकी पहचान, निवास स्थान और परीक्षा केंद्र के प्रमाण के रूप में मान्य होगा।
    उपमुख्यमंत्री ने सभी नीट अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध है और प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को हरसंभव सहयोग प्रदान करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर हिमाचल का नाम रोशन करेंगे।
       
  • समर कैम्प रेडीनेस मेले में बच्चों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

    समर कैम्प रेडीनेस मेले में बच्चों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा

    ऊना, सुशील पंडित : बाल विकास परियोजना ऊना के पर्यवेक्षक वृत्त झलेड़ा के अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्र रामपुर बाहती ब्राह्मण मोहल्ला में शुक्रवार को समर कैम्प रेडीनेस मेला-1 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पर्यवेक्षक कुलवीर कौर ने की। मेले का उद्देश्य छोटे बच्चों को खेल-खेल में विद्यालयी शिक्षा के लिए तैयार करना और अभिभावकों को बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जोड़ना रहा।

    मेले में 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों, उनके माता-पिता, दादा-दादी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान बच्चों के लिए विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिनके माध्यम से उन्हें सीखने, समझने और अपनी रचनात्मक क्षमता को विकसित करने का अवसर मिला।

    कार्यक्रम में अभिभावकों को बच्चों के प्रारंभिक विकास, स्कूल रेडीनेस, भाषा कौशल, सामाजिक व्यवहार और घर पर सीखने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार करने के संबंध में जानकारी दी गई। साथ ही बच्चों के बौद्धिक, सामाजिक और भावनात्मक विकास में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

    पर्यवेक्षक कुलवीर कौर ने कहा कि समर रेडीनेस मेले का मुख्य उद्देश्य बच्चों को विद्यालय में प्रवेश के लिए मानसिक, सामाजिक और व्यवहारिक रूप से सक्षम बनाना है। उन्होंने कहा कि जब परिवार और आंगनवाड़ी केंद्र मिलकर बच्चों की शिक्षा की नींव मजबूत करते हैं तो बच्चे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सीखने की क्षमता को बढ़ाने के साथ-साथ अभिभावकों को भी बच्चों की शिक्षा एवं विकास प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं।

  • Punjab News: दाना मंडी में दिखा गुंडागर्दी का नंगा नाच, 5 युवक घायल, एक दर्जन नौजवानों पर केस दर्ज

    Punjab News: दाना मंडी में दिखा गुंडागर्दी का नंगा नाच, 5 युवक घायल, एक दर्जन नौजवानों पर केस दर्ज

    बरनालाः दाना मंडी गांव अमला सिंह वाला में मामूली नोंकझोंक को लेकर गुंडागर्दी का नंगा नाच देखने को मिला। जहां जमकर तेजधार हथियार चले। इस घटना में 5 युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार एक दर्जन से अधिक युवकों ने 5 युवकों पर किरपाण, डंडों सहित अन्य हथियारों से हमला कर दिया। अस्पताल में डॉक्टर ने एक की हालत गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद देकर बठिंडा अस्पताल रैफर कर दिया।

    सिविल अस्पताल में उपचार के दौरान राजवीर सिंह पुत्र जगतार सिंह निवासी अमला सिंह वाला ने बताया कि एक युवक का फोन पर किसी अन्य युवक से विवाद हो गया, जिसके बाद वे और हरप्रीत सिंह, हरदीप सिंह पुत्र अवतार सिंह, हरप्रीत सिंह, सुखवंत सिंह सभी अमला सिंह वाला के मामला सुलझाने दाना मंडी गए थे। वहां उक्त युवक ने बाहर से लगभग एक दर्जन से अधिक लड़कों को बुला लिया।

    नौजवानों ने लोहे की राड़ों, मोटरसाइकिल की गरारी, किरपाणों और अन्य तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। घटना के दौरान पीड़ितों ने शोर मचाया तो हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं घटना की सूचना परिजनों को दी गई और परिजन उन्हें उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर आए। अस्पताल में डॉक्टरों द्वारा हरप्रीत सिंह पुत्र अवतार सिंह की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे प्राथमिक उपचार के बाद बठिंडा एम्स अस्पताल रैफर कर दिया।

    इसके अलावा हरदीप सिंह, हरप्रीत सिंह और सुखवंत सिंह को भी काफी चोटें आई हैं और उनका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है। इस संबंध में थाना ठुल्लीवाल के सहायक थानेदार जसविंदर सिंह ने बताया कि घायल नौजवानों के बयानों के आधार पर विभिन्न धाराओं के तहत एक दर्जन हमलावरों के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है, उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • टकोली ग्राम पंचायत में वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित

    टकोली ग्राम पंचायत में वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं पर जागरूकता शिविर आयोजित

    ऊना, सुशील पंडित : वित्तीय साक्षरता एवं बैंकिंग जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम पंचायत टकोली में वित्तीय साक्षरता एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के संतृप्ति अभियान के अंतर्गत एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन पंजाब नेशनल बैंक के जिला अग्रणी प्रबंधक संजीव सक्सेना तथा नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक सबरीना राजवंशी के मार्गदर्शन में किया गया।
    इस अवसर पर जिला अग्रणी प्रबंधक संजीव सक्सेना ने पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं तथा केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, किसान क्रेडिट कार्ड, अटल पेंशन योजना सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा एवं वित्तीय समावेशन योजनाओं के लाभों पर प्रकाश डाला।
    उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के माध्यम से नागरिक कम प्रीमियम पर बीमा सुरक्षा प्राप्त कर सकते हैं, वृद्धावस्था के लिए पेंशन का प्रावधान सुनिश्चित कर सकते हैं तथा स्वरोजगार एवं कृषि गतिविधियों के लिए वित्तीय सहायता का लाभ उठा सकते हैं। उन्होंने पात्र व्यक्तियों से इन योजनाओं से जुड़कर अधिकतम लाभ प्राप्त करने का आह्वान किया।
    संजीव सक्सेना ने केवाईसी की आवश्यकता पर बल देते हुए बैंक खातों की जानकारी समय-समय पर अद्यतन रखने की सलाह दी। उन्होंने साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए ऑनलाइन धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड तथा संदिग्ध लिंक के माध्यम से होने वाली ठगी से बचाव संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने लोगों से किसी भी स्थिति में अपना ओटीपी, एटीएम पिन, बैंक खाता विवरण अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने की अपील की।
    उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से सशक्त एवं जागरूक समाज के निर्माण के लिए बैंकिंग सेवाओं और सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक नागरिक तक पहुंचना आवश्यक है। यह शिविर जिला ऊना में 15 जून से 15 जुलाई तक चलाए जा रहे वित्तीय समावेशन एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के विशेष संतृप्ति अभियान का हिस्सा है, जिसके अंतर्गत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में जागरूकता एवं नामांकन शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।
    संजीव सक्सेना ने किसानों को “खेत बचाओ अभियान” के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने किसानों से कृषि गतिविधियों के लिए उपलब्ध संस्थागत ऋण सुविधाओं, किसान क्रेडिट कार्ड तथा अन्य बैंकिंग योजनाओं का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वित्तीय रूप से सशक्त बनाना तथा उनकी कृषि भूमि और आजीविका की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
    नाबार्ड की जिला विकास प्रबंधक सबरीना राजवंशी ने भी ग्रामीणों को वित्तीय समावेशन, नियमित बचत की आदत विकसित करने तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय जागरूकता ग्रामीण विकास का महत्वपूर्ण आधार है और इसके माध्यम से समाज के प्रत्येक वर्ग को सशक्त बनाया जा सकता है। शिविर में उपस्थित लोगों ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को ग्रामीण क्षेत्रों के लिए अत्यंत उपयोगी बताते हुए इनके नियमित आयोजन की सराहना की।
    इस शिविर में पंचायत प्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
  • पंजाब सरकार ने तीन जिलों में दिल की स्वास्थ्य जांच के लिए A.I आधारित उपकरण स्थापित करने हेतु C.H. R. I के साथ साझेदारी की

    पंजाब सरकार ने तीन जिलों में दिल की स्वास्थ्य जांच के लिए A.I आधारित उपकरण स्थापित करने हेतु C.H. R. I के साथ साझेदारी की

    चंडीगढ़: राज्य में स्वास्थ्य सुविधाओं की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल के तहत मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार ने पंजाब के सार्वजनिक स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने और सुधारने के लिए सेंटर फॉर हेल्थ रिसर्च एंड इनोवेशन (सीएचआरआई) के साथ महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया है। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. बलबीर सिंह की उपस्थिति में इस समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।

    इस साझेदारी का उद्देश्य अत्याधुनिक आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (ए.आई.) को सीधे ज़मीनी स्तर पर लागू करना और स्वास्थ्य सेवा सुविधाओं को मजबूत करने के साथ-साथ नागरिकों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में नवीन तकनीकियों का उपयोग करना है। इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत पंजाब के तीन ज़िलों — पटियाला, एसएएस नगर (मोहाली) और फतेहगढ़ साहिब — में नवीन एआई-आधारित तकनीकी उपकरण स्थापित किए जाएंगे, जो लोगों की स्वास्थ्य जांच और दिल व सांस की समस्याओं का शीघ्र पता लगाने में मदद करेंगे।

    तकनीकी की जानकारी देते हुए स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि इस पहल के तहत उन्नत एआई-आधारित ईसीजी उपकरण और एआई स्टेथोस्कोप स्थापित किए जाएंगे। इसमें सनफॉक्स स्पैंडन ईसीजी उपकरण शामिल है जो तेजी से दिल की स्वास्थ्य जांच करता है और उन व्यक्तियों, खासकर दिल की गंभीर समस्याओं वाले मरीजों की पहचान में मदद करता है जिन्हें तुरंत रेफरल की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि इसके अलावा एआई-आधारित डिजिटल स्टेथोस्कोप (एआई स्टेथ) का उपयोग बच्चों में दिल की समस्याओं की स्क्रीनिंग में मदद करेगा, जिससे इलाज की जरूरत वाले बच्चों को समय पर संबंधित डॉक्टर के पास रेफर किया जा सकेगा।

    इन ए.आई. आधारित उपकरणों के बारे में स्वास्थ्य कर्मचारियों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जो नई तकनीकी को नियमित सेवा प्रणाली में सहज और प्रभावी ढंग से एकीकृत करने को सुनिश्चित करेगा। यह साझेदारी भविष्य में पूरे पंजाब के स्वास्थ्य ढांचे में एआई-आधारित तकनीकियों को अपनाने के संबंध में इंप्लीमेंटेशन लर्निंग प्रदान करने में भी मदद करेगी।

    इस प्रोजेक्ट के प्रभाव पर बोलते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि इन एआई तकनीकी आधारित उपकरणों को स्थापित करने का मतलब है कि अब हमारे लोगों के लिए तेजी से अधिक सटीक स्वास्थ्य स्क्रीनिंग की सुविधा उपलब्ध होगी, जो दिल की गंभीर समस्याओं का जल्दी पता लगाने मंा सक्षम होगी। यह पहल केवल उन्नत उपकरण स्थापित करने के बारे में नहीं है, बल्कि फ्रंटलाइन स्वास्थ्य सेवा क्षमता को मजबूत करने, रेफरल प्रक्रिया को बेहतर बनाने और पूरे राज्य में भविष्य के लिए तथ्य-आधारित प्रमाण तैयार करने के बारे में है।

    तकनीकी रूप से पूरी तरह सक्षम स्वास्थ्य सेवा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर देते हुए डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि तकनीकी हमारी स्वास्थ्य सेवा के तरीकों को बदल रही है और पंजाब इसमें अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

  • मर्डर की सुलझी गुत्थी, पत्नी ने भतीजे संग मिलकर किया पति का कत्ल, ये वजह आई सामने, देखें वीडियो

    मर्डर की सुलझी गुत्थी, पत्नी ने भतीजे संग मिलकर किया पति का कत्ल, ये वजह आई सामने, देखें वीडियो

    पानीपतः गढ़सरनाई गांव में हुई मदन की हत्या की गुत्थी को थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने सुलझाते हुए 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक मदन की पत्नी पिंकी ने प्रेम प्रसंग के चलते भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति हत्या को अंजाम दिया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मदन की हत्या को स्वीकार किया है। सब इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि गांव निवासी केला देवी पत्नी मनीराम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था उसके 3 बेटे है और तीनों शादीशुदा है। वह बड़े बेटे राजेंद्र के पास रहती है। छोटा बेटा मदन 7 जून की रात खाना खाकर घर पर सो गया था। देर रात करीब 2:30 बजे मदन के फोन से उनके पास आया और बताया कि पता नहीं पापा को कुछ हो गया है, वो बोल नहीं रहे। सूचना मिलते ही वह बेटे राजेंद्र के साथ मदन के मकान पर पहुंची।

    बरामदे में चारपाई पर बेटे मदन का शव पड़ा हुआ था। शरीर व सिर पर चोट के निशान थे। जिसे बड़ा बेटा राजेंद्र अन्य के साथ मिलकर मदन को सरकारी अस्पताल लेकर गए, जहा पर डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। अज्ञात व्यक्ति ने मदन की गला दबाकर व चोट मारकर हत्या की है। थाना सेक्टर 13/17 में केला देवी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि मामले की विभिन्न पहलुओं पर जांच करते हुए पुलिस ने बुधवार को मृतक की पत्नी पिंकी से कड़ाई से पूछताछ की।

    उसने भतीजे विशाल के साथ मिलकर पति की हत्या करना स्वीकारा। इसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रभारी इंस्पेक्टर दलबीर ने बताया कि पूछताछ में आरोपी पिंकी ने बताया पति मदन शराब पीकर उसके व बेटे के साथ मारपीट करता था। जेठ के लड़के विशाल के साथ उसकी बातचित होनी लगी और दोनों के बीच संबंध बन गए। पति को दोनों पर शक हो गया। कुछ दिन पहले पति ने विशाल के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची। तय साजिश के तहत विशाल नींद की गोलियां व कीटनाशक दवाई लेकर आया।

    7 जून की रात उसने पति को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिला दी, जिसके बाद वह अंदर दिवान पर ही सो गया। रात करीब 11:15 बजे विशाल ने फोन कर पूछा तो उसने गोलियां खिलाने की बात बता दी और उसे घर आने के लिए कहा। इसके बाद विशाल रात करीब 12:30 बजे छत के रास्ते घर आया। वह पति को सहारा देकर अंदर से बाहर लेकर आई और बरामद में बीछी चारपाई पर लेटाकर दोनों ने उसके हाथ पैर बांध दिए। नशा होने के चलते पति मदन बोल नहीं पा रहा था। चारपाई पर विशाल ने पति का मुंह पकड़ लिया और उसने किटनाशक दवाई मुंह में डाल दी।

    जब पति ने आवाज लगाने की कोशिश की तो विशाल ने लोहे की पाईप उठाकर सिर पर वार कर दिया। बेहोश होने पर विशाल ने गला घोट दिया। पति मदन की मौत होने पर विशाल अपने घर भाग गया और उसने वारदात में इस्तेमाल सारा सामान छिपा दिया। किसी को उस पर शक ना हो इसके लिए वह रोने का नाटक करने लगी। आवाज सुनकर बेटा उठ गया। पूछने पर उसने बेटे को बताया पता नहीं तुम्हारे पापा को कुछ हो गया है, और जल्दी से ताऊ राजेंद्र के पास फोन करने के लिए कहा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त रस्सी, किटनाशक बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद दोनों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी पिंकी को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी विशाल को कड़ाई से पूछताछ के लिए 1 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया।

  • 5 बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पंजाब सरकार ने करवाया परिवारों से पुन: मिलाप : Dr Baljit Kaur

    5 बच्चों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पंजाब सरकार ने करवाया परिवारों से पुन: मिलाप : Dr Baljit Kaur

    चंडीगढ़ : सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार द्वारा बच्चों की सुरक्षा, देखभाल और उनके सर्वोत्तम हितों को सुनिश्चित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों के तहत 5 बांग्लादेशी बच्चों को सुरक्षित तरीके से उनके स्वदेश भेजा गया है, जहाँ वे अपने परिवारों के साथ पुनः मिल सकेंगे। यह कदम बच्चों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें पारिवारिक माहौल प्रदान करने के प्रति पंजाब सरकार की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

    इस संबंध में अधिक जानकारी देते हुए सामाजिक सुरक्षा, महिला एवं बाल विकास मंत्री डॉ. बलजीत कौर ने बताया कि ये बच्चे वर्ष 2023 के दौरान सीमावर्ती क्षेत्र में मिले थे, जिसके बाद बाल कल्याण समितियों के आदेशों के अनुसार उन्हें पंजाब के बाल गृहों में सुरक्षा और देखभाल के लिए रखा गया। इस दौरान बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, काउंसलिंग और समग्र विकास को सुनिश्चित किया गया ताकि वे सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल में रह सकें।

    कैबिनेट मंत्री ने कहा कि बांग्लादेश उच्चायोग, विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और अन्य संबंधित एजेंसियों के सहयोग से बच्चों की पहचान और उनके परिवारों के बारे में आवश्यक पुष्टि करने के पश्चात सभी कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं सफलतापूर्वक पूरी की गईं। इसके बाद 5 बच्चों को सुरक्षित तरीके से बांग्लादेश भेजा गया, जहाँ वे अपने परिवारों के साथ पुनः मिल सकेंगे।

    डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि हर बच्चे को अपने परिवार के प्यार, सुरक्षा और अपनेपन का अधिकार है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे के लिए अपने परिवार से पुनर्मिलन जीवन के सबसे सुखद और यादगार पलों में से एक होता है। पंजाब सरकार ऐसे हर बच्चे के सर्वोत्तम हितों की रक्षा के लिए पूरी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ काम कर रही है।

    जब कोई बच्चा अपने परिवार से पुनः जुड़ता है तो यह सिर्फ एक परिवार की खुशी नहीं होती, बल्कि मानवता, करुणा और सामाजिक जिम्मेदारी की भी जीत होती है। डॉ. बलजीत कौर ने कहा कि पंजाब सरकार बच्चों की भलाई और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए भविष्य में भी ऐसे प्रयास जारी रखेगी।

  • Punjab News: दिन दहाड़े महिला की स्कूटी से 2 लाख और फोन चोरी, 3 पर केस दर्ज

    Punjab News: दिन दहाड़े महिला की स्कूटी से 2 लाख और फोन चोरी, 3 पर केस दर्ज

    श्री मुक्तसर साहिबः बठिंडा रोड पर स्थित नहरी कॉलोनी के नजदीक दिनदहाड़े एक महिला की स्कूटी की डिग्गी से दो लाख रुपये की नकदी और मोबाइल फोन चोरी होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी पुलिस ने इस संबंध में मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दिए बयानों में गुरु तेग बहादुर नगर की सुनीता रानी पत्नी डॉ. दविंदर कुमार ने बताया कि 17 जून को वह बठिंडा रोड स्थित एसबीआई बैंक की शाखा से अपने पति के खाते से चेक के जरिए 2 लाख रुपये निकलवाकर लौटी थी। उसने यह नकदी अपने पर्स में डाली और पर्स को अपनी स्कूटी की डिग्गी में रखकर घर वापस आने लगी।

    जब वह नहरी कॉलोनी के पास सब्जी खरीदने के लिए रुकी, तो इसी दौरान शहर की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर तीन अज्ञात युवक आए। आरोपित बड़ी चालाकी से स्कूटी की डिग्गी खोलकर उसमें रखा पर्स उड़ाकर मौके से फरार हो गए। पीड़िता के अनुसार, चोरी हुए पर्स में दो लाख रुपये की नकदी के अलावा एक रेडमी नोट-7 प्रो मोबाइल फोन भी था। थाना सिटी पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर तीनों अज्ञात आरोपियतों के खिलाफ मामला दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

  • आयुष विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में करवाया योगाभ्यास, अधिकारियों व जवानों ने लिया भाग

    आयुष विभाग ने अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में करवाया योगाभ्यास, अधिकारियों व जवानों ने लिया भाग

    ऊना, सुशील पंडित : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के उपलक्ष्य में आयुष विभाग ऊना द्वारा रिजर्व पुलिस बटालियन बनगढ़ में विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी ऊना डॉ. किरण शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थिति रहीं। बटालियन के कमांडेंट, अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।

    योग सत्र के दौरान योग प्रशिक्षिकाओं अमिता शर्मा एवं ऋचा ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करवाया। उन्होंने योग के वैज्ञानिक महत्व और इसके शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले सकारात्मक प्रभावों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर डॉ. जगजीत देहल, डॉ. नवदीप, डॉ. ट्यूजी शर्मा, डॉ. नीरज पूनर, एपीओ जगत पाल एवं विवेक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुष अधिकारी डॉ. किरण शर्मा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जो शरीर और मन के बीच संतुलन स्थापित करने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति स्वस्थ, ऊर्जावान और तनावमुक्त जीवन की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से आह्वान किया कि वे योग को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएं तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाएं। उन्होंने कहा कि योग न केवल रोगों की रोकथाम में सहायक है, बल्कि जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

    यह कार्यक्रम अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत आयोजित किया गया, जिसका उद्देश्य योग के प्रति जन-जागरूकता को बढ़ावा देना और इस वर्ष की थीम “स्वस्थ, सक्रिय एवं गरिमामय वृद्धावस्था के लिए योग” के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। इस दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास अपनाकर स्वस्थ समाज और स्वस्थ राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।