Blog
-

Punjab News: फर्जी वीडियो मामले में AAP का DGP से हस्तक्षेप की मांग, CM भगवंत मान को बदनाम करने की साजिश रचने वालों पर कार्रवाई की मांग
CHANDIGARH, 18 जून 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की छवि को धूमिल करने और राज्य की शांति एवं सांप्रदायिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर प्रसारित किए गए कथित फर्जी वीडियो मामले को लेकर पंजाब के पुलिस महानिदेशक (DGP) गौरव यादव से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने DGP को दो विस्तृत रिपोर्टें सौंपते हुए वीडियो तैयार करने, प्रसारित करने और उसे सोशल मीडिया पर बढ़ावा देने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में AAP पंजाब के प्रदेश अध्यक्ष अमन अरोड़ा, वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, पार्टी के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। -

Punjab News: फर्जी वीडियो के जरिए CM भगवंत मान को बदनाम करने की साजिश बेनकाब, फोरेंसिक जांच में वायरल वीडियो की खुली पोल
CHANDIGARH / MOHALI, 18 June 2026: पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा और आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने गुरुवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को बदनाम करने, धार्मिक भावनाओं को भड़काने और पंजाब की सामाजिक एकता को नुकसान पहुंचाने की कथित साजिश का खुलासा किया। दोनों नेताओं ने दावा किया कि वायरल किए गए वीडियो की दो स्वतंत्र भारत सरकार मान्यता प्राप्त फोरेंसिक लैब्स द्वारा जांच करवाई गई, जिसमें वैज्ञानिक तथ्यों के आधार पर स्पष्ट हो गया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान नहीं है। नेताओं ने आरोप लगाया कि यह पूरी साजिश पंजाब सरकार द्वारा जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट, 2026 लागू करने के बाद शुरू हुई, क्योंकि कुछ ताकतें इस कानून से असहज थीं। उन्होंने कहा कि फर्जी वीडियो तैयार करने और उसे फैलाने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।1,191 वीडियो फ्रेम की जांच में CM मान से नहीं मिला कोई मेल
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि पिछले कई दिनों से अकाली दल के कुछ नेता एक वीडियो को मुख्यमंत्री भगवंत मान से जोड़कर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने बताया कि वीडियो की जांच दो स्वतंत्र फोरेंसिक प्रयोगशालाओं द्वारा की गई, जिन्होंने कुल 1,191 फ्रेम्स का विश्लेषण किया। जांच के दौरान चेहरे की बनावट, कद, शरीर की संरचना, चाल-ढाल, साइड प्रोफाइल और बैक प्रोफाइल सहित कई तकनीकी पहलुओं की पड़ताल की गई। चीमा ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट के अनुसार वीडियो में दिख रहे व्यक्ति की लंबाई लगभग 5 फीट 10 इंच है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की लंबाई 5 फीट 8 इंच है। इसके अलावा शरीर की बनावट, कंधों की संरचना और चेहरे की विशेषताओं में भी स्पष्ट अंतर पाया गया। उन्होंने कहा कि दोनों लैब्स स्वतंत्र रूप से एक ही निष्कर्ष पर पहुंचीं कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान नहीं है।अकाली दल पर साधा निशाना, बेअदबी मामलों की दिलाई याद
हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि अकाली दल का इतिहास धार्मिक मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने से जुड़ा रहा है। उन्होंने 1986 के नकदर कांड, 2015 के बेअदबी मामलों, कोटकपूरा और बहबल कलां गोलीकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पंजाब के लोग इन घटनाओं को भूले नहीं हैं। उन्होंने कहा कि 2015 में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटनाओं के बाद भी तत्कालीन अकाली-भाजपा सरकार न्याय दिलाने में विफल रही। यहां तक कि जस्टिस जोरा सिंह आयोग की रिपोर्ट पर भी कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। चीमा ने कहा कि अकाली दल हमेशा खुद को पंथ का रक्षक बताता रहा है, लेकिन सत्ता में रहते हुए बार-बार ऐसी घटनाएं हुईं जिनसे धार्मिक भावनाएं आहत हुईं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी ने पंथ के नाम पर वोट तो लिए, लेकिन पंथक मूल्यों की रक्षा करने में असफल रही।फर्जी वीडियो बनाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
वित्त मंत्री ने कहा कि भगवंत मान सरकार ने जगत जोत श्री गुरु ग्रंथ साहिब सत्कार एक्ट, 2026 लागू कर बेअदबी के मामलों में उम्रकैद और भारी आर्थिक दंड का प्रावधान किया है। उन्होंने दावा किया कि इसी कानून के कारण कुछ ताकतें मुख्यमंत्री को निशाना बना रही हैं। चीमा ने चेतावनी देते हुए कहा कि फर्जी वीडियो तैयार करने, उसे फैलाने और धार्मिक भावनाएं भड़काने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। वहीं, AAP पंजाब मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने कहा कि यह भारत के राजनीतिक इतिहास में किसी मौजूदा मुख्यमंत्री को बदनाम करने की सबसे शर्मनाक कोशिशों में से एक है। उन्होंने दावा किया कि पहले इस वीडियो को पत्रकारों के बीच फैलाया गया, लेकिन जिम्मेदार पत्रकारों ने इसकी सत्यता पर सवाल उठाते हुए इसे प्रसारित करने से इनकार कर दिया। पन्नू ने कहा कि जब मुख्यधारा के मीडिया ने वीडियो को नहीं चलाया, तो इसे अन्य माध्यमों से फैलाने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी जल्द ही पंजाब के डीजीपी से मुलाकात कर पूरे मामले की व्यापक जांच की मांग करेगी। उन्होंने कहा कि इस साजिश में शामिल हर व्यक्ति, संगठन और नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। अंत में हरपाल सिंह चीमा और बलतेज पन्नू ने कहा कि फोरेंसिक रिपोर्ट ने वायरल वीडियो से जुड़े सभी आरोपों की हवा निकाल दी है और यह साबित कर दिया है कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को बदनाम करने के लिए सुनियोजित तरीके से झूठ फैलाया गया। उन्होंने कहा कि पंजाब के लोग ऐसी राजनीति को कभी स्वीकार नहीं करेंगे जो धार्मिक भावनाओं का इस्तेमाल कर समाज में विभाजन पैदा करने का प्रयास करे। -

Punjab News: भाजपा और आप नेताओं में खूनी झड़प, एक दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो
लुधियानाः जिले में एक दुकान पर कब्जे और पैसों के लेनदेन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) और आम आदमी पार्टी (AAP) के नेताओं के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया और दोनों गुटों में जमकर मारपीट हुई।
दोनों पक्षों के नेता हुए घायल
झड़प के दौरान दोनों पार्टियों के नेताओं को गंभीर चोटें आई हैं। घायल नेताओं को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और लोगों में दहशत फैल गई।एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप
घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने और विवाद की शुरुआत करने के आरोप लगाए हैं। दोनों नेताओं का कहना है कि सामने वाले पक्ष ने पहले हमला किया। मामले को लेकर राजनीतिक माहौल भी गर्म हो गया है।जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं और मामले की गहन जांच की जा रही है।सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि विवाद की शुरुआत कैसे हुई और सबसे पहले हमला किस पक्ष ने किया। इसके अलावा मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है।जांच के बाद होगी कार्रवाई
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी सबूतों और बयानों की जांच के बाद जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है। -

Punjab News: ‘लोक मिलनी’ समारोह में विरोधियों पर जमकर बरसे CM Mann, देखें वीडियो
कहा- हर घर के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी
फगवाड़ाः गांधी चौक में ‘लोक मिलनी’ कार्यक्रम के दौरान हलके के लोगों को सीएम भगवंत सिंह मान ने संबोधित किया। इस दौरान लोगों को संबोधित करते हुए कहा सरकार की उपलब्धियों के बारे में गिनवाया। इसके बाद विपक्षी पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों ने तो पंजाब को नशे के दल-दल में धकेला दिया। जिसका खामियाजा युवाओं को आज भुगतना पड़ रहा है। आप सरकार नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। लोगों के लिये ‘मोहल्ला क्लीनिक’ खोली जा रही है।
अकाली नेतृत्व पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, जिन्होंने गुरबानी के नाम पर वोट मांगे, वे श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की पवित्रता की रक्षा करने में विफल रहे। उन्होंने राजनीतिक लाभ के लिए धर्म का उपयोग किया और पंजाब के लोग उनके शासन के दौरान घटित घटनाओं का दर्द नहीं भूले हैं।
उन्होंने इशारा करते हुए कहा, कुछ नेता अपने कार्यकाल के दौरान हुए विकास की बातें करते हैं, लेकिन वे बरगाड़ी, बहिबल कलां और कोटकपूरा को आसानी से भूल जाते हैं। पंजाब उन दर्दनाक पलों को कभी नहीं भूल सकता। लोगों और पंजाब के सामाजिक ताने-बाने के खिलाफ किए गए पापों को कभी नहीं मिटाया जा सकता।
पंजाब के सफर पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “पंजाब ने बहुत दुख झेला है। यह 1947 में विभाजन के दौरान उजड़ा, 1984 में फिर से दुख झेले और फिर पिछली सरकारों के शासन में वर्षों की लूट-खसूट और शोषण का शिकार हुआ। अब हम पंजाब की प्रगति को और रुकने नहीं दे सकते।
उन्होंने आगे कहा, परमात्मा ने पंजाब को उपजाऊ भूमि, भरपूर पानी, अनुकूल जलवायु और मेहनती लोगों का आशीर्वाद दिया है। पंजाब में संसाधनों की कोई कमी नहीं है। पंजाब के पास वर्षों से जिस चीज़ की कमी थी, वह ऐसी नेतृत्व क्षमता थी जो निजी और राजनीतिक हितों से ऊपर उठकर राज्य के हितों को सर्वोपरि रखे।
युवाओं से भावुक अपील करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, किसी भी युवा को केवल कनाडा, अमेरिका या अन्य विदेशों के सपने देखने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। हम यहां पंजाब में ही अवसर पैदा कर रहे हैं। हम सभी मिलकर ऐसा रंगला पंजाब बनाएंगे जहां हमारे युवा अपने परिवारों और जड़ों के करीब रहकर अपनी आकांक्षाओं को पूरा कर सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा, “वर्षों तक परिवारों को कठिन परिस्थितियों में धकेला गया। माता-पिता पीछे रह गए, जबकि उनके बच्चे अवसरों की तलाश में मजबूर होकर विदेश चले गए। हम शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, रोजगार के अवसर पैदा करके और बुनियादी ढाँचे को मजबूत करके उस वास्तविकता को बदल रहे हैं।
आज के विशाल जनसमूह का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “यहाँ इतनी बड़ी संख्या में माताओं, बहनों, बुजुर्गों और युवाओं का एकत्र होना लोगों और इस सरकार के बीच गहरे संबंध को दर्शाता है। यह महज़ एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं है; यह मेरे अपने परिवार के साथ एक मिलनी है।”
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, पूरा पंजाब मेरा परिवार है। युवाओं के लिए नौकरियाँ, बच्चों के लिए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और हर घर के लिए बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित करना मेरी जिम्मेदारी है।
-

Panchkula News: 30 लाख साइबर फ्रॉड मामले में देहरादून से आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सेलर बनकर कमाई का लालच देकर फंसाया था जाल में
पंचकूलाः पुलिस टीम द्वारा लंबित साइबर अपराध मामलों में तेजी लाते हुए एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। हाल ही में आयोजित साइबर क्राइम समीक्षा बैठक में डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह द्वारा सभी जांच अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि पुराने और लंबित मामलों में भी गंभीरता से कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसी अभियान के तहत साइबर क्राइम थाना टीम ने करीब दो वर्ष पुराने एक हाई-वैल्यू साइबर ठगी मामले में पहली गिरफ्तारी करते हुए मुख्य आरोपी को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है।
साइबर थाना प्रभारी युद्धवीर सिंह के अनुसार यह मामला 01 जुलाई 2024 को भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 419 व 420 के तहत दर्ज किया गया था। पंचकूला निवासी शिकायतकर्ता पंचकूला ने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके साथ ऑनलाइन बिजनेस और निवेश के नाम पर करीब 30 लाख 52 हजार 990 रुपये की ठगी की गई।
शिकायतकर्ता के अनुसार अप्रैल 2024 में उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक महिला प्रोफाइल द्वारा संपर्क किया गया। बातचीत के दौरान आरोपी पक्ष ने स्वयं को सिंगापुर स्थित फैशन डिजाइनिंग और ऑनलाइन स्टोर संचालन से जुड़ा बताया तथा शिकायतकर्ता को ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से सेलर बनकर कमाई करने का प्रस्ताव दिया। विश्वास में लेकर शिकायतकर्ता से एक वेबसाइट पर अकाउंट बनवाया गया और शुरुआत में कम राशि जमा करवाकर भुगतान लौटाया गया जिससे विश्वास बढ़ गया।
इसके बाद अलग-अलग चरणों में शिकायतकर्ता से लाखों रुपये ऑनलाइन वॉलेट और कथित बिजनेस रिचार्ज के नाम पर जमा करवाए गए। आरोपी पक्ष लगातार डॉलर में लाभ दिखाता रहा और बाद में कथित मुनाफा निकालने के लिए अतिरिक्त टैक्स जमा कराने की मांग की गई। जब शिकायतकर्ता को संदेह हुआ तब उसे पता चला कि उसके साथ बड़े स्तर पर साइबर ठगी हो चुकी है।
डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार मामले की जांच के दौरान पुलिस ने बैंकिंग रिकॉर्ड, संबंधित संस्थानों तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से आवश्यक जानकारी जुटाई। जांच के दौरान एक बैंक खाता सामने आया जो देहरादून स्थित एक कंसल्टेंसी के नाम पर संचालित पाया गया। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आरोपी मोहित मार्क उर्फ मोन्टू निवासी देहरादून को 17 जून 2026 को देहरादून से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी 2 दिन के पुलिस रिमांड पर है। पूछताछ के दौरान आरोपी द्वारा दिए गए खुलासे के आधार पर अब अन्य संदिग्ध व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। मामले की जांच सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार द्वारा की जा रही है।
-

ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 के सांस्कृतिक ऑडिशन शुरू, पहले दिन करीब 50 कलाकारों ने दिखाई प्रतिभा
ऊना, सुशील पंडित: 24 से 26 जून तक आयोजित होने वाले ऐतिहासिक ज़िला स्तरीय पिपलू मेला-2026 की सांस्कृतिक संध्याओं के लिए गुरुवार को लता मंगेशकर कला केंद्र, समूर कलां में ऑडिशन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले दिन क्षेत्र के करीब 50 स्थानीय कलाकारों ने गायन, नृत्य और अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।मेला समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम बंगाणा सोनू गोयल ने बताया कि स्थानीय प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने और क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ऑडिशन आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि ऑडिशन प्रक्रिया 19 जून को भी जारी रहेगी तथा इच्छुक कलाकार मौके पर भी आवेदन कर सकते हैं। नामी कलाकारों एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के विजेताओं को ऑडिशन से छूट प्रदान की गई है।उन्होंने बताया कि 24 जून को पारंपरिक फेरी एवं झंडा रस्म के साथ पिपलू मेले का विधिवत शुभारंभ होगा। तीन दिवसीय मेले के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों, खेल प्रतियोगिताओं, स्कूली विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों, डॉग शो तथा विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाएगा। 26 जून को आयोजित होने वाली स्टार नाइट मेले का मुख्य आकर्षण रहेगी, जिसमें हिमाचली लोक कलाकारों के साथ पंजाबी गायकों की प्रस्तुतियां दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगी।कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा ने कहा कि पिपलू मेला क्षेत्र की समृद्ध लोक संस्कृति, धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। मेले के माध्यम से स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का सशक्त मंच मिलता है तथा युवा पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष मेले को और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया है। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में भाग लेकर इसकी गरिमा और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया। -

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल रहा है गौरवपूर्ण :- सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी
चंडीगढ़: प्रदेश की सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष का कार्यकाल गौरवपूर्ण रहा है। इस दौरान देश में व्यवस्था परिवर्तन के साथ-साथ जन कल्याण के महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
श्रुति चौधरी ने रोहतक के जिला विकास भवन के हॉल में सूचना, जनसंपर्क एवं भाषा विभाग द्वारा केंद्र सरकार सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में लगाई गई तीन दिवसीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की 12 वर्ष की महत्वपूर्ण उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। तीन दिवसीय प्रदर्शनी आज संपन्न हुई। इस प्रदर्शनी में केंद्र सरकार की 12 वर्ष की उपलब्धियों को जनता के समक्ष रखा गया।
प्रदर्शनी में 70 वर्ष से ज्यादा आयु के बुजुर्गो को भी 5 लाख तक का मुफ्त ईलाज व 60 करोड़ लोगों को आयुष्मान भारत की सुरक्षा, आस्था के धाम हुए भव्य, गुलामी की मानसिकता से मुक्ति के तहत राजपथ बना कर्तव्य पथ, नॉर्थ ईस्ट में रेल, रोड व वायु कनेक्टिविटी, मेरा स्टार्टअप, गली-गली से उभर रहे खिलाड़ी, सम्मान सुरक्षा व सुविधा, कुपोषण हारा-बचपन जीता, 81 करोड़ लोगों को हर माह मिल रहा मुफ्त राशन, हर घर नल का उपहार, पीएम किसान सम्मान निधि, पीएम सूर्य घर योजना, गारंटी फ्री लोन से बढ़ा व्यापार, डीबीटी से जीवन हुआ आसान, विकास भी पर्यावरण का संरक्षण भी, ग्रीन एनर्जी में भारत की ऊंची उड़ान, यूपीआई से लेन-देन हुआ आसान, देश ने पकड़ी अब तेज रफ्तार आदि फ्लेक्सों के माध्यम से विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को प्रदर्शित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त सचिन गुप्ता, पुलिस अधीक्षक गौरव राजपुरोहित, भाजपा जिला अध्यक्ष एडवोकेट रणवीर सिंह ढाका, प्रदेश सचिव रेनू डाबला, एडवोकेट अनीता बुधवार, जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी संजीव सैनी के अलावा अन्य संबंधित अधिकारी व पार्टी पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
-

चिट्टा-मुक्त हिमाचल के संकल्प को मजबूत बनाने के लिए विभिन्न जिलों में चलाया गया अभियान
शिमला: माननीय मुख्यमंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा 15 नवंबर 2025 को प्रारंभ किए गए प्रदेशव्यापी एंटी-चिट्टा जन-आंदोलन के अंतर्गत “चिट्टा-मुक्त हिमाचल” के संकल्प को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में स्पेशल टास्क फोर्स द्वारा जिला मंडी एवं ऊना में सघन नाकाबंदी एवं चेकिंग अभियान चलाया गया।
दिनांक 18.06.2026 को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम द्वारा बिंद्राबनी फोरलेन, जिला मंडी में नाका लगाकर वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक कार को रोककर तलाशी ली गई, तलाशी के दौरान वाहन के भीतर विशेष रूप से छिपाकर रखी गई 4.859 किलोग्राम चरस बरामद की गई। यह बरामदगी वाहन में सवार दो व्यक्तियों के कब्जे से हुई। आरोपियों को तत्काल हिरासत में लेकर उनके विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई की गई। इस संबंध में पुलिस थाना सदर मंडी में एन.डी.पी.एस. अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा मामले की आगामी जांच जारी है।

दिनांक 17.06.2026 को स्पेशल टास्क फोर्स की टीम द्वारा गाँव बेहड़ाला, तहसील मेहतपुर, जिला ऊना में नाका लगाकर वाहनों की नियमित चेकिंग की जा रही थी। चेकिंग के दौरान एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें एक व्यक्ति के कब्जे से 25.03 किलोग्राम पोस्त भूसा (डोडा अफीम) बरामद की गई। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई। इस संबंध में पुलिस थाना सदर ऊना में एन.डी.पी.एस. अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया तथा मामले की आगामी जांच जारी है।

इस समन्वित कार्रवाई का उद्देश्य न केवल नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाना है, बल्कि युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों से बचाना तथा समाज में व्यापक जन-जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। हिमाचल प्रदेश पुलिस नागरिकों, विशेषकर युवाओं से मुख्यमंत्री द्वारा की गई अपील को दोहराती है कि वे चिट्टा/नशे से संबंधित किसी भी सूचना को तुरंत 112 या नजदीकी पुलिस थाना में दें। सूचना देने वालों की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। माननीय मुख्यमंत्री के सशक्त नेतृत्व और युवाओं की सहभागिता से हिमाचल पुलिस प्रदेश में चिट्टा का खात्मा करने को दृढ़ संकल्प है।
-

Jalandhar News: घर में घुसकर गोली चलाने के मामले में 2 नामजद, देखें वीडियो
जालंधरः सब-डिवीजन शाहकोट के अंतर्गत गांव संधावाल मंड में हुई फायरिंग घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया। मौके से एक चला हुआ कारतूस का खोखा (Fired Cartridge Case) बरामद कर साक्ष्य के रूप में पुलिस कब्जे में लिया है। साथ ही दो लोगों को मामले संबंधी नामजद भी किया गया।
ये कार्रवाई एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क के दिशा-निर्देशों के तहत सरवन सिंह बल, PPS, उप पुलिस अधीक्षक, शाहकोट, दिलबाग सिंह, सब-इंस्पेक्टर, थाना प्रभारी, थाना शाहकोट तथा अन्य पुलिस अधिकारियों एवं पुलिस टीमों द्वारा की गई है।
इस संबंध में थाना शाहकोट में एफआईआर नंबर 171 दिनांक 17.06.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 324(4), 351(3), 49 एवं 333 तथा शस्त्र अधिनियम की धारा 25 एवं 27 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच के दौरान राजन पुत्र गुरमीत सिंह तथा जशन पुत्र करनैल सिंह, दोनों निवासी गांव संधावाल, थाना शाहकोट, जिला जालंधर को नामजद किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।
-

हरियाणा में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को मिली गति, अब तक 33.69 प्रतिशत गणना फार्म वितरित
चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए.श्रीनिवास ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने संविधान के अनुच्छेद 324 के तहत प्राप्त शक्तियों तथा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 21 एवं अन्य प्रयोज्य प्रावधानों का प्रयोग करते हुए 14 मई, 2026 को देश के 16 राज्यों और 3 केंद्र शासित प्रदेशों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कराने के आदेश जारी किए थे।
ए. श्रीनिवास ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी योग्य एवं पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा कोई भी अयोग्य अथवा अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में दर्ज न हो। उन्होंने कहा कि प्रत्येक भारतीय नागरिक, जिसकी आयु अर्हता तिथि को 18 वर्ष या उससे अधिक हो तथा जो किसी कानून के तहत अयोग्य घोषित न हो, वह निर्वाचक नामावली में पंजीकृत होने का हकदार होगा।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के 14 मई, 2026 के आदेश के अनुसार हरियाणा में गणना चरण (Enumeration Phase) 15 जून, 2026 से प्रारंभ किया गया है। सभी पात्र मतदाताओं के गणना फार्म यदि 14 जुलाई, 2026 तक अथवा उससे पहले संबंधित निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ) को प्राप्त हो जाते हैं, तो उन्हें मतदाता सूची के प्रारंभ्भिक प्रकाशन (Draft Electoral Rolls) में शामिल किए जाएंगे।
श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि जो मतदाता 14 जुलाई, 2026 तक अपना गणना फार्म जमा नहीं कर पाते है, वे दावे और आपत्तियों की आवधि 21 जुलाई, 2026 से 20 अगस्त, 2026 तक निर्धारित घोषणा पत्र (Declaration Form) के साथ फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
एसआईआर के गणना चरण के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर सभी मौजूदा मतदाताओं को गणना फार्म उपलब्ध करा रहे हैं। निर्वाचक विधिवत भरे हुए फार्म को बीएलओ के माध्यम से अथवा ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। अधिकतम कवरेज सुनिश्चित करने के लिए बीएलओ प्रत्येक घर का दौरा कर फार्म का वितरण, संग्रह तथा सत्यापन कर रहे हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि घर-घर जाकर की जाने वाली गणना के दौरान बीएलओ अपने साथ कम से कम 30 खाली फॉर्म-6 तथा खाली घोषणा पत्र भी रख रहे हैं, ताकि जो कोई भी नए निर्वाचक के रूप में अपना नाम दर्ज करवाना चाहे तो उसे वे उपलब्ध करवाए जा सकें।
श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि राजनीतिक दलों की अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से निर्वाचन आयोग ने मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) को भी प्रक्रिया में सहयोग की अनुमति दी है। बीएलए प्रतिदिन अधिकतम 50 गणना प्रपत्र एकत्र कर सकते हैं तथा प्रारम्भिक प्रकाशन से पहले संबंधित बीएलओ को सौंप सकते हैं। राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय मान्यता प्राप्त राजनीतिक दल एसआईआर प्रक्रिया के सुचारू एवं प्रभावी संचालन में सहयोग के लिए बीएलओ की सहायता करने के लिए अतिरिक्त बीएलए भी नियुक्त कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि हरियाणा में वर्तमान में कुल 2 करोड़ 6 लाख 55 हजार 929 पंजीकृत निर्वाचक हैं। विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के लिए 20 हजार 629 बीएलओ कार्यरत हैं। प्रदेश में बीएलए-1 की संख्या 397 तथा बीएलए-2 की संख्या 31 हजार 497 है।
विभिन्न राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बीएलए में भारतीय जनता पार्टी के 17035, इंडियन नेशनल कांग्रेस के 13759, कम्युनिस्ट पार्टी आफ इंडिया (मार्कसिस्ट) के 272, इंडियन नेशनल लोकदल के 217 तथा अन्य दलों के 214 शामिल हैं। श्री ए. श्रीनिवास ने बताया कि अब तक हरियाणा में बीएलओ द्वारा 33.69 प्रतिशत गणना फार्म (Enumeration Forms) वितरित किए जा चुके हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री ए. श्रीनिवास ने प्रदेश के सभी योग्य एवं पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करें तथा जब बीएलओ उनके घर पहुंचें तो उन्हें आवश्यक सहयोग प्रदान करें, ताकि मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके।