Blog

  • Punjab News: SSP ने किया खुलासा, आरोपी ने किया डबल मर्डर, गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: SSP ने किया खुलासा, आरोपी ने किया डबल मर्डर, गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पठानकोटः डिफेंस रोड टी-पॉइंट के पास सड़क हादसे में दो महिलाओं की मौत को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। मृतकों में से एक महिला जेनी गांव की रहने वाली है और दूसरी गांव मैरे की बताई जा रही है। हालांकि इससे पहले दोनों महिलाओं की मौत को लेकर ट्रक चालक के फरार होने का मामला बताया जा रहा था। वहीं इस मामले को लेकर एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि यह सड़क हादसा नहीं बल्कि डबल मर्डर हुआ है। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए इस मर्डर की गुत्थी को एक घंटे में सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

    आरोपी रिक्की को ट्रक सहित गिरफ्तार कर लिया गया है। रिक्की का नीरू नामक महिला से विवाद चल रहा था। पुलिस ने बताया कि मारने की नीयत से उसने घटना को अंजाम दिया है। सीसीटीवी कैमरे की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने खुद दोनों महिलाओं को ट्रक के नीचे कुचला और रांग साइड से वह ट्रक लेकर फरार हो गया। जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को ट्रक सहित इंडस्ट्री एरिया से गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने बताया कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने ही हत्या को अंजाम दिया है। महिलाएं किसी अन्य मामले में थाने सुजानपुर की ओर जा रही थी। जबकि उक्त आरोपी के साथ उनका मामला अलग है। आरोपी को गिरफ्तार करके उसके खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मृतक महिला की लड़की ने कहा कि उसकी मां और मौसी की मौत हो गई है।

     

     

     

  • Haryana News: घर में लगी भीषण आग, जला लाखों का सामान, देखें वीडियो

    Haryana News: घर में लगी भीषण आग, जला लाखों का सामान, देखें वीडियो

    पंचकूला: सेक्टर-2 के मकान नंबर 484 में आग लग गई। आग लगने के कारण घर में पड़ा लाखों का सामान जल गया। जब यह हादसा हुआ तो उस समय दो बुजुर्ग दंपत्ति घर में मौजूद थे। पड़ोस में रहने वाले लोगों के द्वारा आग लगने की सूचना 112 नंबर पर दी गई। इसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियां पहुंची।

    फायर ब्रिगेड़ की गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। वहीं बुजुर्ग दंपत्ति को सुरक्षित तौर पर घर से बाहर निकाल लिया गया है परंतु घर में पड़ा लाखों रुपये का सामान जल गया है। आग लगने की सूचना मिलने के बाद सेक्टर-2 चौकी इंचार्ज तेजिन्द्र पाल सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ पहुंचे।

    फिलहाल अभी आग लगने के कारण का पता नहीं चल पाया है। सेक्टर-2 चौकी इंचार्ज तेजिन्द्र पाल ने बताया कि इस मामले को लेकर पुलिस के द्वारा जांच पड़ताल की जा रही है। एक कमरे की आग तेजेंद्र पाल के द्वारा कमरे का दरवाजा तोड़कर बुझाई गई है नहीं तो आग ज्यादा फैल सकती थी।

    घटना की जानकारी देेते हुए पंचकूला व्यापार मंडल के अध्यक्ष और पड़ोस में रहने वाले अनिल थापर ने बताया कि अचानक से घर में आग लग गई। धीरे-धीरे आग पूरे घर में फैल गई और लाखों रुपये का सामान जल गया। पुलिस का कहना है कि आग बुझाने के बाद ही आग लगने के कारणों का पता लग पाएगा।

  • Punjab News: हरियाणा पुलिस की एंट्री को लेकर DIG नानक का आया बड़ा बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: हरियाणा पुलिस की एंट्री को लेकर DIG नानक का आया बड़ा बयान, देखें वीडियो

    मोहालीः पंजाब यूनिवर्सिटी मामले में हरियाणा पुलिस की मोहाली क्षेत्र में एंट्री को लेकर आज तनावपूर्ण स्थिति बन गई। दरअसल हाल ही में इस मामले को लेकर सुखबीर सिंह बादल के ट्वीट के बाद यह मामला राजनीतिक रूप से भी गरम हो गया है। इस घटना के बाद डी.आई.जी. नानक सिंह खुद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। डी.आई.जी. नानक सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पंजाब पुलिस पूरी तरह काबिल है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

    उन्होंने साफ किया कि न तो पंजाब पुलिस ने किसी तरह की नाकाबंदी की थी और न ही किसी आवागमन करने वाले व्यक्ति को रोका गया था। उन्होंने यह भी कहा कि अगर चंडीगढ़ या हरियाणा पुलिस बिना आधिकारिक सूचना मोहाली क्षेत्र में दाखिल हुई है, तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यह मामला अब राजनीतिक दृष्टि से भी चर्चा का विषय बन गया है क्योंकि विभिन्न पार्टियों के नेताओं द्वारा कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

  • पंजाब में बिजली कनेक्शन प्रक्रिया हुई आसान, 50 किलोवाट तक के लोड पर अब स्व-प्रमाणीकरण से मिलेगी सुविधा

    पंजाब में बिजली कनेक्शन प्रक्रिया हुई आसान, 50 किलोवाट तक के लोड पर अब स्व-प्रमाणीकरण से मिलेगी सुविधा

    चंडीगढ़: पंजाब के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने घोषणा की है कि लाइनमैन ट्रेड में 2,600 अप्रेंटिस (इंटर्न) संबंधी चयन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी हो गई है, जिसमें पंजाब स्टेट पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.पी.सी.एल.) के लिए 2,500 अप्रेंटिस और पंजाब स्टेट ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (पी.एस.टी.सी.एल.) के लिए 100 अप्रेंटिस शामिल हैं।

    अरोड़ा ने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार पी.एस.पी.सी.एल. और पी.एस.टी.सी.एल. को स्टाफ और तकनीकी कुशलता के मामले में मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में 2,106 (2,023 सहायक लाइनमैन, 48 आंतरिक ऑडिटर और 35 राजस्व लेखाकार) की नियुक्ति के साथ अप्रैल 2022 के बाद नई भर्तियों की कुल संख्या 8,984 हो गई है जो रोजगार के अवसर प्रदान करने और राज्य के बिजली बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

    “व्यवसाय करने में सुगमता” को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बड़े उपभोक्ता-हितैषी सुधारों की ओर कदम बढ़ाते हुए, पंजाब के बिजली मंत्री संजीव अरोड़ा ने घोषणा की कि राज्य सरकार द्वारा नए बिजली कनेक्शन प्राप्त करने और लोड क्षमता में परिवर्तनों संबंधी प्रक्रियाओं को सरल बनाया गया है।

    इस कदम के बारे में जानकारी देते हुए अरोड़ा ने कहा कि नई प्रणाली के तहत, एल.टी. (लो टेंशन) श्रेणी के तहत 50 किलोवाट तक के लोड में नए कनेक्शन या परिवर्तनों की मांग करने वाले आवेदकों या उपभोक्ताओं को किसी लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल ठेकेदार से कोई टेस्ट रिपोर्ट या भवन में बिजली संबंधी व्यवस्था के लिए कोई स्व-प्रमाणीकरण/हस्ताक्षरित दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी। इसके बजाय, ऑनलाइन आवेदन फॉर्म में एक घोषणा होगी जिसमें आवेदक घोषणा करेगा “कि भवन में आंतरिक तारें एक लाइसेंस प्राप्त इलेक्ट्रिकल ठेकेदार/सरकार के नामित अधिकारी द्वारा लगाई गई हैं और टेस्ट की गई हैं तथा टेस्ट सर्टिफिकेट आवेदक के पास उपलब्ध है।” उल्लेखनीय है कि, पीएसपीसीएल (एपी को छोड़कर) में 50KW से कम लोड वाले कुल कनेक्शन 99.5% से अधिक हैं।

    उन्होंने कहा कि एल.टी. सप्लाई पर 50 किलोवाट से अधिक लोड वाले उपभोक्ताओं के लिए, टेस्ट रिपोर्ट जमा करना अनिवार्य रहेगा, लेकिन पीएसपीसीएल अधिकारियों को ऐसी रिपोर्टों की पुष्टि करने की आवश्यकता नहीं होगी। इसी तरह, सभी नए एच.टी. (हाई टेंशन) और ई.एच.टी. (एक्स्ट्रा हाई टेंशन) आवेदकों के लिए, चीफ इलेक्ट्रिकल इंस्पेक्टर (सीईआई) द्वारा निरीक्षण रिपोर्ट अनिवार्य रहेगी; हालांकि, टेस्ट रिपोर्ट जमा करना अब आवश्यक नहीं होगा।

    अरोड़ा ने आगे कहा कि लोड एक्सटेंशन की मांग करने वाले मौजूदा एच.टी./ई.एच.टी. उपभोक्ताओं की श्रेणी में, सीईआई निरीक्षण केवल तभी आवश्यक होगा जब एक नया ट्रांसफॉर्मर लगाया जाएगा। अन्य सभी मामलों में, सीईआई प्रमाणीकरण की आवश्यकता नहीं होगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह फैसला प्रक्रिया में होने वाली देरी को कम करेगा, पारदर्शिता बढ़ाएगा और कनेक्शन जल्द जारी करने में सक्षम बनाएगा।

    बिजली मंत्री ने कहा कि आवेदक/उपभोक्ता द्वारा नया कनेक्शन/अतिरिक्त लोड/मांग/नाम बदलने आदि के लिए लाइसेंस प्राप्त बिजली ठेकेदार के माध्यम से जमा कराई गई टेस्ट रिपोर्ट (जहां भी लागू हो) की तस्दीक पीएसपीसीएल द्वारा नहीं की जाएगी।

    बिजली मंत्री ने दोहराया कि सुरक्षा नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी मौजूदा एच.टी./ई.एच.टी. उपभोक्ता सुरक्षा नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए सीईआई द्वारा वार्षिक निरीक्षण करवाते रहेंगे।

    उन्होंने आगे कहा कि ये निर्देश ए.पी. (कृषि बिजली) श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए लागू नहीं होंगे। इस सुधार को कुशलता और विश्वास-आधारित प्रशासन की ओर एक प्रगतिशील कदम बताते हुएअरोड़ा ने कहा कि यह कदम मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के पंजाब में उपभोक्ता-हितैषी, पारदर्शी और समयबद्ध जनसेवाएं प्रदान करने के दृष्टिकोण से मेल खाता है।

    उन्होंने कहा कि पीएसपीसीएल में अब लगभग 30,000 कर्मचारी हैं और अप्रेंटिस एक्ट, 1961 के अनुसार 30 या इससे अधिक कर्मचारियों वाली प्रत्येक संस्था को कुल स्टाफ के 2.5 प्रतिशत से 15 प्रतिशत तक अप्रेंटिस (इंटर्न) नियुक्त करने की आवश्यकता होती है। इस संबंध में, पीएसपीसीएल ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अप्रेंटिस (इंटर्न) की चयन प्रक्रिया पूरी कर ली है, जिससे युवाओं के कौशल विकास और भविष्य के रोजगार के लिए राह प्रशस्त करते हुए राष्ट्रीय मानकों का पालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।

    उन्होंने बताया कि लाइनमैन ट्रेड में एक साल की अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग के लिए, योग्य उम्मीदवारों को मैट्रिक पास होना चाहिए, मैट्रिक स्तर तक पंजाबी भाषा का ज्ञान होना चाहिए और इलेक्ट्रीशियन या वायरमैन ट्रेड में आई.टी.आई. योग्यता होनी चाहिए। चयन प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से की जाती है, जिसके बाद चुने गए उम्मीदवारों को प्रमाणित शेड्यूल अनुसार विभिन्न डिवीजनों में प्रैक्टिकल और सैद्धांतिक ट्रेनिंग के लिए भेजा जाता है। ट्रेनिंग के दौरान उन्हें 7700 रुपए प्रति माह स्टाइपेंड दिया जाएगा।

    बिजली मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान, 1,500 अप्रेंटिस (इंटर्न) ने अक्टूबर 2024 में सफलतापूर्वक अपनी ट्रेनिंग पूरी की थी। इस सफलता के आधार पर, नए बैच के लिए 52-सप्ताह का ट्रेनिंग प्रोग्राम चलाया जाएगा और यह ट्रेनिंग प्रोग्राम उन्हें सैद्धांतिक ज्ञान और व्यावहारिक कौशल प्रदान करने के लिए तैयार किया गया है।

    बिजली मंत्री ने बताया कि ट्रेनिंग पाठ्यक्रम में आवश्यक सुरक्षा और तकनीकी पाठ शामिल होंगे – जिसमें व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (पी.पी.ई.), प्राथमिक सहायता तकनीकें और हाई-टेंशन (एच.टी.) तथा लो टेंशन (एल.टी.) लाइनों पर सुरक्षित कार्य करने के अभ्यास शामिल हैं। आने वाले सप्ताहों में, प्रशिक्षु वोल्टेज, करंट और प्रतिरोध का माप, एच.टी./एल.टी. लाइनों की स्थापना और रखरखाव, केबल जोड़ना, अर्थिंग सिस्टम और मीटर लगाना सीखेंगे। उन्नत मॉड्यूल में फॉल्ट डिटेक्शन, ट्रांसफॉर्मर रखरखाव, लाइनों की गश्त और तूफान या बारिश के बाद इमरजेंसी प्रतिक्रिया शामिल है।

    ट्रेनिंग के दौरान, अप्रेंटिस (इंटर्न) अनुभवी पीएसपीसीएल कर्मचारियों की निगरानी में काम करेंगे, अपनी दैनिक डायरियां बनाए रखेंगे जिनकी साप्ताहिक जांच उनके सुपरवाइजर द्वारा की जाएगी। ट्रेनिंग सफलतापूर्वक पूरी होने पर उम्मीदवारों का सैद्धांतिक और व्यावहारिक मूल्यांकनों के माध्यम से मूल्यांकन किया जाएगा, जिसके बाद नेशनल अप्रेंटिसशिप काउंसिल (एनएसी), नई दिल्ली द्वारा सर्टिफिकेट जारी किए जाएंगे।

    इस पहल की महत्वता को उजागर करते हुए श्री अरोड़ा ने कहा, “यह अप्रेंटिसशिप प्रोग्राम न केवल पंजाब के युवाओं को विशेष तकनीकी कौशलों से लैस करता है बल्कि बिजली क्षेत्र के लिए प्रशिक्षित स्टाफ की सीधी भर्ती को भी सुनिश्चित करता है। यह प्रोग्राम यह भी सुनिश्चित करता है कि हमारे युवा नौकरी के लिए तैयार, कुशल और भविष्य की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम हों।”

    उन्होंने आगे कहा कि लाइनमैन ट्रेड में अप्रेंटिसशिप ट्रेनिंग का सफलतापूर्वक पूरा होना पीएसपीसीएल में सहायक लाइनमैन (एएलएम) के पद के लिए प्रारंभिक योग्यता मानदंड को दर्शाता है और अप्रेंटिस (इंटर्न) को बिजली क्षेत्र में एक स्पष्ट और योग्यता-आधारित करियर प्रगति प्रदान करता है। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बिजली विभाग के सचिव बसंत गर्ग आई.ए.एस. भी मौजूद थे।

  • Jalandhar News: इस इलाके में युवतियों को काबू करके ले गई कोलकत्ता पुलिस, देखें CCTV

    Jalandhar News: इस इलाके में युवतियों को काबू करके ले गई कोलकत्ता पुलिस, देखें CCTV

    जालंधर, ENS: थाना 2 के अंतगर्त आते इलाके में एकरेस्टोरेंट में कोलकता पुलिस ने दबिश दी। जहां पुलिस रेस्टोरेंट से 3 युवतियों को काबू करके साथ ले गई। इसकी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि एक महिला के साथ सिविल ड्रेस में कोलकता पुलिस के 2 कर्मी मौजूद है। वहीं 3 युवतियों को वह सफेद रंग की गाड़ी में बिठाकर साथ ले जा रहे है। हालांकि कोलकता पुलिस ने मामले को लेकर चुप्पी साधे रखी।

    वहीं दूसरी ओर इस मामले को लेकर थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जालंधर आने से पहले कोलकाता पुलिस के साथ उनका संपर्क हुआ था। उनका कहना है कि युवती के लापता होने का मामले में कोलकता पुलिस जालंधर आई है। वहीं पुलिस युवती की आखिरी लोकेशन को ट्रेस करते हुए यहां पहुंची है। हालांकि इस मामले को लेकर थाना प्रभारी भी कुछ ज्यादा बोलने को तैयार नहीं है।

  • Haryana News: साइबर ठगी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी, देखें वीडियो

    Haryana News: साइबर ठगी मामले में पुलिस ने गिरफ्तार किए 3 आरोपी, देखें वीडियो

    पंचकूला: सेक्टर-14 में एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि साइबर क्राइम की पुलिस के द्वारा साइबर ठगी के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। सोमवार 4:00 बजे मिली जानकारी के अनुसार, एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने सेक्टर-14 में प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए बताया कि साइबर क्राइम थाना पुलिस के द्वारा एक करोड़ 75 लाख रुपये की ठगी के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं।

    वहीं 7.31 लाख की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों से 10 लाख हजार रुपये रिकवर किए गए हैं। वहीं एक करोड़ 75 लाख रुपये की ठगी के मामले में साइबर क्राइम थाना पुलिस के द्वारा गैंग के मुख्य लीडर को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गुजरात से गिरफ्तार किया है। इस मामले में गिरफ्तार किए दूसरे आरोपी अरविंद को 6 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है।

    इस पुलिस रिमांड के दौरान एक करोड़ 75 लाख रुपये की ठगी के मामले में ठगे पैसे रिकवर किए जाएंगे। एसीपी क्राइम ने बताया कि साइबर क्राइम थाना प्रभारी युद्ध वीर की अध्यक्षता में जांच अधिकारी भूप सिंह के द्वारा दोनों मामलों में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। जल्द ही इस मामले में और आरोपी भी गिरफ्तार किए जाएंगे। इन दोनों मामलों में गैंग के मुख्य लीडर को गिरफ्तार करके भी पुलिस ने सफलता हासिल की है।

     

  • Punjab News: रेलवे स्टेशन पर पुलिस की दबिश, SSP का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे स्टेशन पर पुलिस की दबिश, SSP का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले में रेलवे स्टेशन पर एसपी गुरविंदर सिंह की अगुवाई में औचक चेकिंग की गई। मिली जानकारी के अनुसार यह चेकिंग पंजाब के डीजीपी के निर्देशों के तहत रेलवे स्थानों पर चल रही मुहिम का हिस्सा थी, जिसका मुख्य उद्देश्य रेलवे मार्ग से नशों और अन्य अवैध पदार्थों की आवाजाही रोकना है। मामले की जानकारी देते हुए एसपी गुरविंदर सिंह ने बताया कि इस साल अब तक 350 ग्राम हेरोइन, 188 किलो भुक्की (चूरा पोस्त), 64 किलो गांजा, 950 ग्राम चरस, 5000 नशीली गोलियां तथा कुछ अवैध असलहा बरामद किया जा चुका है। इन मामलों में 67 मुकदमे एन.डी.पी.एस. एक्ट के तहत दर्ज किए गए हैं।

    वहीं रेलवे स्टेशन पर आज चेकिंग के दौरान पुलिस टीमों ने स्टेशन के हर कोने की बारीकी से जांच की। इसमें महिला कांस्टेबलों और महिला एस.एच.ओ. द्वारा महिला यात्रियों की भी जांच की गई। एसपी ने बताया कि पुलिस टीमें हर रात 9 बजे से सुबह 5 बजे तक ट्रैक ड्यूटी पर रहती हैं, ताकि किसी भी शरारती तत्व या अवैध गतिविधि को तुरंत रोका जा सके। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें पठानकोट, हुशियारपुर, लुधियाना, फगवाड़ा आदि स्टेशनों पर भी इसी तरह चेकिंग लगातार कर रही हैं। सभी स्टेशनों पर सीसीटीवी कैमरे चालू स्थिति में हैं और आरपीएफ की निगरानी के तहत सुरक्षा को मजबूत किया गया है।

    एसपी गुरविंदर सिंह ने यात्रियों से अपील की कि वे सचेत रहें, बिना टिकट यात्रा न करें, और अपने सामान व बच्चों पर पूरा ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि कुछ अपराधी ट्रेनों में सोए यात्रियों के मोबाइल या अन्य सामान चोरी करने की कोशिश करते हैं, इसलिए सतर्क रहना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नशों के खिलाफ जंग लगातार जारी रहेगी, और पुलिस किसी भी हाल में नशा तस्करों या शरारती तत्वों को बख्शेगी नहीं।

     

  • बॉलीवुड अभिनेता Dharmendra की बिगड़ी तबीयत, हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती

    बॉलीवुड अभिनेता Dharmendra की बिगड़ी तबीयत, हालत नाजुक, अस्पताल में भर्ती

    मुबंईः लाखों-करोड़ों दिलों पर राज करने वाले 60-70 के दशक के लोकप्रिय बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार 89 वर्षीय धर्मेद्र की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों द्वारा उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। उनके फैंस लगातार उनके जल्दी ठीक होने के लिए प्रार्थनाएं कर रहे हैं।

    उनके करीबी दोस्त अवतार गिल ने धर्मेंद्र की सेहत पर अपडेट देते हुए बताया है कि उन पर दवाइयों का असर भी नहीं हो रहा है। परिवार के करीबियों के अनुसार धर्मेद्र को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बताया जा रहा है कि धर्मेंद्र को एक सप्ताह से ज्यादा पहले सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। 8 दिसंबर 2025 को वे 90 साल के हो जाएंगे।

    सूत्रों के मुताबिक धर्मेंद्र की पत्नी प्रकाश कौर से उनकी दोनों बेटिया- अजीता (जो अमेरिका में रहती हैं) और विजेता (जो लंदन में रहती हैं)…धर्मेंद्र की खराब तबीयत की खबर सुनते ही वहां से निकल चुकी हैं। इस साल अप्रैल में धर्मेंद्र की आंख का ग्राफ्ट ऑपरेशन हुआ था। बता दें कि धर्मेद्र ने अपने करियर में धर्मेंद्र ने एक्शन फिल्में खूब की हैं। उन्हें हिंदी सिनेमा का ही-मैन कहा जाता है। इसके अलावा ‘चुपके चुपके(1975)’ प्रतिज्ञा(1975) से लेकर ‘यमला पगला दीवाना(2011)’ तक कई कॉमेडी भी की हैं। 80 और 90 के दशक में आकर धर्मेंद्र कैरेक्टर्स रोल में नजर आने लगे। इस दशक में भी वह बड़े पर्दे पर खूब सक्रिय रहे, उनकी फिल्मों की लिस्ट काफी लंबी है।

    इसमें ‘प्यार किया तो डरना क्या?’ ‘लाइफ इन ए मेट्रो’, ‘जाॅनी गद्दार’ और ‘अपने’ जैसी चर्चित फिल्में शामिल हैं। साल 2023 में वह फिल्म ‘रॉकी रानी की प्रेम कहानी’ में नजर आए, शबाना आजमी के साथ इस फिल्म में किसिंग सीन देखकर उन्होंने हंगामा ही मचा दिया था। साल 2025 में उनकी एक फिल्म ‘इक्कीस’ रिलीज होगी।

  • इस इलाके में लगी भीषण आग, कई घर जलकर हुए राख, देखें वीडियो

    इस इलाके में लगी भीषण आग, कई घर जलकर हुए राख, देखें वीडियो

    कुल्लूः हिमाचल प्रदेश में कुल्लू के झनियार गांव में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। मिली जानकारी के अनुसार घटना में 12 घर, गोशालाएं व घास रखने के पड़ाछे जलकर राख होने की सूचना है। वहीं घटना को लेकर लोगों में दहशत का माहौल पाया जा रहा है। ग्रामीण व आसपास गांव के लोग आग पर काबू पाने में जुटे हैं। झनियार गांव सड़क से एक किलोमीटर दूर होने के कारण यहां दमकल वाहन भी मौके पर नहीं पहुंच पाया। इस कारण लोग तमाशबीन बनकर रह गए। लोगों की आंखों के सामने आशियाने जल गए। देखते ही देखते एक के बाद एक मकानों में आग लगती चली गई। आग से पूरे गांव में अफरा तफरी व चीख पुकार मची है। पहाड़ी क्षेत्रों में सर्दी के मौसम में आग लगने के ज्यादा मामले सामने आते हैं। कई बार ऐसा होता है कि सारे का सारा गांव ही राख हो जाता है। आग की लपटें इतनी भयानक थीं कि स्थानीय लोगों के लिए उन पर तुरंत काबू पाना मुश्किल हो गया, जिससे देखते ही देखते कई घर जलकर राख हो गए। इस आपदा की सूचना मिलते ही, संबंधित सरकारी और प्रशासनिक विभागों को तत्काल सक्रिय कर दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि वे प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता और राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें। पूरा इलाका इस त्रासदी से स्तब्ध है और अब सबकी निगाहें स्थानीय निवासियों की एकजुटता और प्रशासन के त्वरित सहयोग पर टिकी हैं ताकि इस नुकसान से प्रभावित लोगों को सहारा मिल सके।  
  • हमीरपुर में हुई घटना पर बोले भाजपा नेता भुट्टो, मृतक रंजना देवी के आरोपी पर नहीं हो रही कार्यवाही, आरोपी के सिर पर किसका हाथ

    हमीरपुर में हुई घटना पर बोले भाजपा नेता भुट्टो, मृतक रंजना देवी के आरोपी पर नहीं हो रही कार्यवाही, आरोपी के सिर पर किसका हाथ

    बोले, कानून-व्यवस्था चरमराई, जनता हो रही परेशान, सुक्खू सरकार सत्ता के नशे में मस्त झूठे मुकदमें बनाकर पीड़ित करने वाले ध्यान रखें, दौर सभी का आता है,समय आने पर दिया जाएगा जवाब:दविंदर भुट्टो ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने रविवार को बंगाणा में मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिला हमीरपुर के सासन गांव में हुई शर्मनाक घटना ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार के नुमाइंदे आरोपी को बचाने में जुटे हैं, जिससे यह साबित होता है कि मौजूदा सरकार अपराधियों को खुली छूट दे रही है।पूर्व विधायक दविंदर भुट्टो ने कहा कि प्रदेश में कानून की खुलेआम धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। कभी ठेकेदारों को टेंडर की राशि मांगने पर धमकाया जा रहा है, तो कभी उन पर झूठे मामले दर्ज कर डराने की कोशिशें हो रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ठेकेदारों और कर्मचारियों का शोषण कर रही है, जबकि विकास कार्य पूरी तरह ठप पड़े हैं। भुट्टो ने कहा कि झूठे मुकदमें दायर करके प्रताड़ित करने वाले ध्यान रखें,दौर सभी का आता है, समय आने पर मुंह तोड़ जवाब दिया जाएगा,उन्होंने कहा कि  हाल ही में प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में गोलीकांड और हत्याओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन आरोपी खुलेआम बाजारों में घूम रहे हैं। पुलिस और प्रशासन सरकार के दबाव में काम कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर कानून और न्याय की रक्षा कौन करेगा, जब सत्ताधारी दल के लोग ही अपराधियों को संरक्षण दे रहे हैं। भाजपा नेता ने सुक्खू सरकार पर जनविरोधी रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के नशे में चूर यह सरकार जनता की तकलीफों से पूरी तरह बेपरवाह हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पेंशनर, कर्मचारी और शिक्षाकर्मी अपने हक की मांग को लेकर सड़कों पर उतर रहे हैं, लेकिन सरकार उनकी सुनवाई करने की बजाय आंदोलनकारियों को दबाने में लगी है। दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि सुक्खू सरकार विकास की बात करने के बजाय मित्र मंडली को खुश करने के लिए कर्ज पर कर्ज ले रहा है। प्रदेश पर पहले से ही भारी कर्ज का बोझ है, सुक्खू सरकार सत्ता के नशे में मदहोश होकर जनता को गर्त में धकेल रही है। भुट्टो ने कहा कि हमीरपुर के सासन घटना की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दी जाए। साथ ही, ठेकेदारों, कर्मचारियों और पेंशनरों की जायज मांगों को तत्काल पूरा किया जाए। भुट्टो ने कहा कि भाजपा आने वाले समय में जनता के बीच जाएगी और सुक्खू सरकार की नाकामियों को उजागर करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि हिमाचल की जनता अगले चुनाव में इस सरकार को करारा जवाब देगी।