Blog

  • नागरिक सुविधाओं में ढिलाई पर सख्त हुए सीएम, टैंकर माफिया और लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

    नागरिक सुविधाओं में ढिलाई पर सख्त हुए सीएम, टैंकर माफिया और लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के निर्देश

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि गुरुग्राम प्रदेश का सबसे तेज़ी से विकसित होता शहर है, इसलिए यहां नागरिक सुविधाओं के संचालन में किसी भी स्तर की ढिलाई या कोताही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर में पानी, सीवर और सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) की वर्तमान स्थिति पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि गुरुग्राम में बसने वाला हर नागरिक तय समयावधि में उच्च स्तरीय मूलभूत सुविधाओं का लाभ प्राप्त करे। मुख्यमंत्री सोमवार को गुरुग्राम में जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में पटौदी विधायक बिमला चौधरी, सोहना विधायक तेजपाल तंवर तथा गुरुग्राम विधायक मुकेश शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में कुल 17 परिवाद रखे गए, जिनमें से मुख्यमंत्री ने 15 का मौके पर ही निपटारा किया, जबकि 2 मामलों को आगामी बैठक तक लंबित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन लंबित मामलों की स्टेटस रिपोर्ट अगली बैठक में प्रस्तुत करें।

    मुख्यमंत्री ने शहर में टैंकर माफिया पर सख्त कार्रवाई के दिए निर्देश

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बैठक के दौरान शहर में सक्रिय टैंकर माफिया पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम जैसे आधुनिक शहर में अवैध रूप से पानी की सप्लाई करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति गैरकानूनी रूप से जल आपूर्ति या शोधन का कार्य करता पाया जाता है तो संबंधित विभाग तुरंत नियमानुसार कार्रवाई करे। साथ ही, उन्होंने पुलिस आयुक्त को निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नागरिकों से प्राप्त शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए संबंधित क्षेत्र के एसएचओ द्वारा प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाए, ताकि आमजन को शुद्ध पेयजल की आपूर्ति में कोई बाधा न हो।

    बिल्डर तय एग्रीमेंट के तहत रेजिडेंट्स को उपलब्ध कराए मूलभूत सुविधाएं, अन्यथा होगी कार्रवाई

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बिल्डर्स से संबंधित शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी बिल्डर अपने प्रोजेक्ट से जुड़े निवासियों को एग्रीमेंट में तय की गई मूलभूत सुविधाएं—जैसे पानी, बिजली, सीवर, सड़क और सुरक्षा व्यवस्था—समय पर उपलब्ध कराए। उन्होंने कहा कि यदि कोई बिल्डर ऐसा करने में लापरवाही बरतता है या नागरिकों के साथ अनुबंध के विपरीत व्यवहार करता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    इंतकाल को ऑनलाइन न करने पर नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच के निर्देश

    बैठक के दौरान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पटौदी के लोकरा गांव से आए एक शिकायतकर्ता की बात पर तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित नायब तहसीलदार के खिलाफ जांच के आदेश जारी किए। शिकायतकर्ता ने बताया था कि उसका इंतकाल लंबे समय से ऑनलाइन दर्ज नहीं किया जा रहा है। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ होना चाहिए और किसी भी अधिकारी द्वारा लापरवाही या देरी को गंभीरता से लिया जाएगा। गांव बहोड़ा कला में तीन साल से अधूरे पड़े सीवर कार्य पर मुख्यमंत्री ने दिखाई सख्ती, लापरवाह अधिकारी का इंक्रीमेंट रोकने के निर्देश। बैठक में गांव बहोड़ा कला के सरपंच मनवीर सिंह ने अवगत कराया कि गांव में सीवर लाइन बिछाने का कार्य पिछले तीन वर्षों से जारी है, लेकिन अब तक पूरा नहीं हो सका है। इस दौरान विभाग ने पूरे मार्ग की खुदाई कर दी है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न विभागों से अनुमति और एनओसी जारी होने में देरी के कारण कार्य अधूरा रह गया। मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस पर कड़ा संज्ञान लेते हुए कहा कि जनता से जुड़े कार्यों में देरी अस्वीकार्य है। उन्होंने निर्देश दिए कि जिस अधिकारी की लापरवाही से फाइल पेंडिंग रही है, उसके खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए और उसका इंक्रीमेंट रोका जाए, ताकि भविष्य में कोई भी अधिकारी अपने दायित्वों से विमुख न हो। इस अवसर पर गुरुग्राम की मेयर राजरानी मल्होत्रा, जीएमडीए के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, मंडलायुक्त आर.सी बिढान, डीसी अजय कुमार, मुख्यमंत्री के ओएसडी विवेक कालिया सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।  
  • वशिष्ठ पब्लिक स्कूल के छात्र आरव ने 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल व 100 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज़ मेडल प्राप्त किया

    वशिष्ठ पब्लिक स्कूल के छात्र आरव ने 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल व 100 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज़ मेडल प्राप्त किया

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल स्कूल स्पोर्ट्स एसोसिएशन के तत्वावधान में आयोजित अंडर-14 बॉयज़ एंड गर्ल्स एथलेटिक मीट धर्मशाला में संपन्न हुई। इस प्रतियोगिता में वशिष्ट पब्लिक स्कूल, ऊना के कक्षा छठी के प्रतिभाशाली विद्यार्थी आरव चौधरी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं जिला का नाम रोशन किया। आरव ने अपनी शानदार गति और दृढ़ संकल्प के बल पर 200 मीटर दौड़ में सिल्वर मेडल तथा 100 मीटर दौड़ में ब्रॉन्ज़ मेडल प्राप्त किया। यह उपलब्धि न केवल विद्यालय बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है।

    इस प्रदर्शन के आधार पर आरव चौधरी का चयन आगामी नेशनल एथलेटिक मीट के लिए हुआ है, जो इंदौर (मध्य प्रदेश) में आयोजित की जाएगी।  स्कूल के निदेशक अनुज वशिष्ट ने इस सफलता पर आरव को हार्दिक बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य दीपक कौशल ने कहा कि आरव की यह उपलब्धि निरंतर मेहनत, अनुशासन और विद्यालय द्वारा प्रदान किए जा रहे  खेल प्रशिक्षण का परिणाम है। हमें गर्व है कि हमारे विद्यार्थी राष्ट्रीय स्तर पर विद्यालय और जिला ऊना का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  • महाविद्यालय ऊना में युवा महोत्सव समूह संख्या तीन का आयोजन किया जाएगा

    महाविद्यालय ऊना में युवा महोत्सव समूह संख्या तीन का आयोजन किया जाएगा

    ऊना/सुशील पंडित: राजकीय महाविद्यालय ऊना में 12/11/2025 से 15/11/2025 तक  अंतर महाविद्यालय युवा महोत्सव समूह संख्या तीन का आयोजन किया जाएगा। जिसके मुख्य अतिथि हिमाचल सरकार के टेक्निकल एजुकेशन एवं टाउन एंड कंट्री प्लानिंग  मिनिस्टर राजेश धर्मानी होंगे। इसके साथ  विशिष्ट अतिथि  राज्य राफ्टिंग संघ के अध्यक्ष सतपाल सिंह रायजादा होंगे। कॉलेज की प्राचार्या डॉक्टर मीता शर्मा के प्रयासों से लगभग 17 साल के बाद युवा महोत्सव (समूह संख्या 3 ) का आयोजन करवाने का मौका राजकीय महाविद्यालय ऊना को मिला है। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता में लगभग 50 कॉलेज के छात्र एवं छात्राएं भाग ले रहे हैं। जिसमें लगभग 800 विद्यार्थी सम्मिलित होंगे। जिसमें लोकनृत्य, कोरियोग्राफी, एवं शास्त्रीय नृत्य की प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में प्रदेश के विभिन्न महाविद्यालयों से विद्यार्थी सांस्कृतिक प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। महाविद्यालय परिसर में इस कार्यक्रम से संबंधित तैयारियां जोरों पर हैं। जिसमें मंच सज्जा, पारंपरिक परिधान, संगीत और लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। कॉलेज की प्राचार्या ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में कला एवं संस्कृति के प्रति रुचि उत्पन्न होने के साथ साथ उन्हें अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का मौका मिलेगा। महाविद्यालय में सभी प्राध्यापकगण, सीएससीए के सभी सदस्य और समस्त विद्यार्थीगण कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं।
  • Jalandhar News: इस इलाके में कोलकाता पुलिस की दबिश

    Jalandhar News: इस इलाके में कोलकाता पुलिस की दबिश

    जालंधर, ENS: महानगर में कोलकाता पुलिस ने दबिश दी। दरअसल, युवती की तालाश में थाना 2 के इलाके में कोलकाता पुलिस पहुंची है। वहीं मामले को लेकर थाना प्रभारी से बात की गई तो उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस से उनका संपर्क हुआ था। उनका कहना है कि युवती के लापता होने का मामला है। वहीं पुलिस युवती की आखिरी लोकेशन को ट्रेस करते हुए यहां पहुंची है। उन्होंने कहा कि इसी मामले में पुलिस जालंधर पहुंची है और अलग-अलग थानों से कोलकता पुलिस संपर्क कर रही है।

  • Punjab News: तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 2 महिलाओं की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: तेज रफ्तार ट्रक का कहर, 2 महिलाओं की मौत, देखें वीडियो

    पठानकोटः डिफेंस रोड टी-पॉइंट के पास सड़क हादसे की घटना सामने आई है। जहां आज दोपहर डिफेंस रोड टी-पॉइंट के पास एक ट्रक की चपेट में आने से 2 महिलाओं की मौत हो गई। मृतकों में से एक महिला जेनी गांव की रहने वाली है और दूसरी गांव मैरे की बताई जा रही है।

    लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल की मोर्चुरी में रखवा दिया है। घटना को अंजाम देकर ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। वहीं पुलिस टीम उक्त ट्रक चालक को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है। वहीं लड़की ने कहा कि घटना में उसकी मां और मौसी की मौत हो गई।

     

  • Punjab News: कांग्रेस प्रधान Raja Warring का फूंका पुतला, NSA लगाने की मांग पर अड़ा सिख समुदाय, देखें वीडियो

    Punjab News: कांग्रेस प्रधान Raja Warring का फूंका पुतला, NSA लगाने की मांग पर अड़ा सिख समुदाय, देखें वीडियो

    अमृतसरः तरनतारन उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वडिंग द्वारा देश के गृह मंत्री बूटा सिंह के खिलाफ की गई टिप्पणी को लेकर मामला थमने का नाम नहीं ले रहा था। वहीं अब बीते दिन राजा वडिंग द्वारा 2 छोटे सिख बच्चों के साथ जारी हुई वीडियो को लेकर वह एक बार फिर से विवादों में घिर गए है। ऐसे में अब उनके खिलाफ रंगरेटा सिंह सभा पंजाब के जत्थेदार भाई जोगा सिंह वडाला की गवाह़ी में प्रदर्शन किया जा रहा है। यह विरोध मार्च बस स्टैंड से लेकर हॉल गेट तक किया गया।

    उन्होंने कहा कि यह विरोध मार्च कांग्रेस पार्टी और ख़ास करके कांग्रेस के पंजाब अध्यक्ष राजा वडिंग के ख़िलाफ़ है। मार्च के अंत में हॉल गेट के बाहर राजा वडिंग का पुतला फूंका गया। मीडिया से बातचीत में भाई जोगा सिंह वडाला ने कहा कि कांग्रेस पार्टी एससी (अनुसूचित जाति) समाज के विरोध में काम कर रही है। ऐसे नेताओं को पंजाब अध्यक्ष बनाना कांग्रेस की मानसिकता को दर्शाता है। उन्होंने मांग की कि राजा वडिंग के खिलाफ NSA लगाकर तुरंत उन्हें गिरफ्तार किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि नहीं तो रंगरेटा सिंह सभा की ओर से कांग्रेस के खिलाफ तीखा विरोध जारी रहेगा।

    उन्होंने बताया कि, “हमारे दादा-परदादा कांग्रेस पार्टी से जुड़े रहे हैं, लेकिन ऐसी बयानबाज़ी करने वाले नेताओं की वजह से हमें कांग्रेस से अलग होना पड़ रहा है।” जोगा सिंह ने कहा कि कुछ दिन पहले उनके द्वारा अमृतसर के डिप्टी कमिश्नर को एक मांग पत्र दिया था। जिसमें राजा वडिंग पर NSA लगाने की मांग की गई थी। उन्होंने कहा कि इस मामले पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जिसके बाद आज आज संगतों ने रोष जताते हुए राजा वडिंग का पुतला फूंका। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक राजा वडिंग के खिलाफ NSA नहीं लग जाती और गिरफ्तारी नहीं होती, संगत चैन से नहीं बैठेगी।

  • हरियाणा में बैंकिंग की रफ्तार बढ़ेगी, मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

    हरियाणा में बैंकिंग की रफ्तार बढ़ेगी, मुख्य सचिव ने की समीक्षा बैठक

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्य सचिव श्री अनुराग रस्तोगी ने कहा कि लाभार्थियों के ऋण स्वीकृति और वास्तविक वितरण के बीच की खाई को तुरंत पाटना आवश्यक है। वे आज यहां हुई राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति (एसएलबीसी) की 174वीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

    मुख्य सचिव ने बैंकों से अपनी नीतियों की समीक्षा करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि किसानों सहित सभी पात्र लाभार्थियों को समय पर तथा पर्याप्त मात्रा में ऋण उपलब्ध कराया जाए। बैठक में राज्य के बैंकिंग क्षेत्र के प्रदर्शन का विस्तृत आकलन करने के लिए विभिन्न बैंकों, सरकारी विभागों और वित्तीय संस्थानों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

    रस्तोगी ने वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (एमएसएमई) को सहयोग प्रदान करने में बैंकों और सरकारी विभागों के संयुक्त प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि ग्रामीण तथा आकांक्षी ब्लॉकों में वित्तीय सेवाओं की अंतिम छोर तक पहुँच सुनिश्चित करने के लिए बैंकों और जिला प्रशासन के बीच निरंतर समन्वय आवश्यक है।

    मुख्य सचिव ने सभी बैंकों से अप्रयुक्त सरकारी जमा राशि का विस्तृत ब्यौरा देने के निर्देश देते हुए कहा कि इस संबंध में एक समग्र रिपोर्ट वित्त आयुक्त एवं सचिव को प्रस्तुत की जाए। उन्होंने बैंक प्रतिनिधियों के साथ प्रमुख परिचालन मुद्दों पर चर्चा की और वित्तीय पहुँच एवं दक्षता में सुधार हेतु ठोस सुझाव साझा किए।

    वित्तीय जागरूकता के क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों की भी सराहना की गई। ‘योर मनी योर राइट’ अभियान के तहत 825 निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय किया गया तथा 2.87 करोड़ रुपये से अधिक राशि सही लाभार्थियों को लौटाई गई। यह पहल नागरिकों को उनके भूले-बिसरे जमा धन से जोड़ने में प्रभावी साबित हो रही है।

    बैठक में बताया गया कि राज्य का बैंकिंग क्षेत्र निरंतर मजबूत वृद्धि के साथ आगे बढ़ रहा है। सितंबर 2025 तक राज्य में कुल जमा राशि 8,68,918 करोड़ रुपये तथा अग्रिम ऋण 7,69,537 करोड़ रुपये रहा। जमा में 12.48 प्रतिशत और अग्रिमों में 14.36 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर्ज की गई, जो हरियाणा की सशक्त आर्थिक गतिविधियों और व्यापक ऋण प्रवाह को दर्शाती है।

    राज्य का क्रेडिट-डिपॉजिट अनुपात 87 प्रतिशत से बढ़कर 89 प्रतिशत हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत 60 प्रतिशत से काफी अधिक है। सभी जिलों द्वारा इस लक्ष्य से बेहतर प्रदर्शन किया गया है, जिससे संतुलित एवं समावेशी ऋण प्रसार का संकेत मिलता है।

    हरियाणा का बैंकिंग नेटवर्क भी निरंतर विस्तार पर है। राज्य में बैंक शाखाओं की कुल संख्या बढ़कर 5,582 हो गई है, जिनमें सार्वजनिक क्षेत्र की 2,733, निजी क्षेत्र की 1,941, स्मॉल फाइनेंस बैंकों की 218 और हरियाणा ग्रामीण बैंक की 690 शाखाएँ शामिल हैं।

    प्राथमिक क्षेत्र ऋण वितरण (प्रायोरिटी सेक्टर लेंडिंग) में बैंकों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए अर्धवार्षिक लक्ष्य का 121 प्रतिशत प्राप्त किया। बैंकों द्वारा 1,56,572 करोड़ रुपये के लक्ष्य के मुकाबले 1,89,741 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया। कृषि क्षेत्र ने 99 प्रतिशत और एमएसएमई क्षेत्र ने 145 प्रतिशत लक्ष्य हासिल किया, जो लघु उद्यमों को सशक्त करने की दिशा में बड़ी उपलब्धि है।

    बैठक में केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत 30,754 आवेदकों ने कौशल प्रशिक्षण पूरा किया तथा बैंकों ने 7,000 से अधिक मामलों को स्वीकृति प्रदान की। पारंपरिक व्यवसायों के लिए 14,306 टूलकिट वितरित की गईं, जिससे कारीगरों को आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है।

    प्रधानमंत्री स्वनिधि 2.0 योजना (पीएम स्वनिधि) में भी उल्लेखनीय प्रगति हुई है, जिसमें भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा जैसे प्रमुख बैंकों ने रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को ऋण वितरण में अग्रणी भूमिका निभाई है। वहीं प्रधानमंत्री सूर्या घर : मुफ्त बिजली योजना में प्रदेशभर में उत्साहजनक भागीदारी दर्ज हुई है। इसके तहत अब तक 34,799 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 42 प्रतिशत लाभार्थियों को राशि वितरित की जा चुकी है, जिससे परिवार सौर ऊर्जा की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

    कृषि अवसंरचना को मजबूत करने के लिए कृषि अवसंरचना कोष (एआईएफ) के तहत 931.8 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है, जो वार्षिक लक्ष्य का 61 प्रतिशत है।

    डिजिटल बैंकिंग के क्षेत्र में भी हरियाणा अग्रणी बना हुआ है। राज्य में बचत और चालू खातों की 97 प्रतिशत से अधिक डिजिटल कवरेज प्राप्त की जा चुकी है। इसके अलावा, 18 बैंकों ने शत-प्रतिशत डिजिटलाइजेशन पूरा किया है, जिससे ग्रामीण और शहरी, दोनों क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाएँ और अधिक सुलभ एवं प्रभावी हुई हैं।

    बैठक में वित्तीय समावेशन योजनाओं के शत-प्रतिशत कवरेज, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के क्रियान्वयन, बिना बैंक शाखा वाले ग्रामीण क्षेत्रों में नई शाखाएँ खोलने तथा कमजोर वर्गों और छोटे किसानों को ऋण प्रवाह बढ़ाने के उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

    बैठक में वित्त आयुक्त एवं सचिव मोहम्मद शाइन, पंजाब नेशनल बैंक के कार्यकारी निदेशक डी. सुरेन्द्रन, भारतीय रिजर्व बैंक चंडीगढ़ के महाप्रबंधक पंकज सेतिया, नाबार्ड हरियाणा की मुख्य महाप्रबंधक निवेदिता तिवारी तथा एसएलबीसी हरियाणा के संयोजक ललित तनेजा सहित विभिन्न बैंकों और सरकारी विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Punjab News: भारी फोर्स के साथ इस इलाके में पहुंचे ADGP, 2 काबू, देखें वीडियो

    Punjab News: भारी फोर्स के साथ इस इलाके में पहुंचे ADGP, 2 काबू, देखें वीडियो

    मोगाः पंजाब सरकार की और से पंजाब को नशा मुक्त करने के लिए लगातार पुलिस द्वारा तस्करों के खिलाफ कॉसो ऑपरेशन चलाया जा रहा है। वहीं कॉसो ऑपरेशन को लेकर आज पंजाब के एडीजीपी शिव कुमार और मोगा एसएसपी अजय गांधी की अगुवाई में पुलिस द्वारा परवाना नगर में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। इस दौरान एसपी और डीएसपी सहित 100 पुलिस कर्मियों द्वारा इलाके में संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई।

    वहीं पुलिस ने एक घर से 2 युवकों को भी जांच के लिए हिरासत में लिया और उन्हें थाने ले गई। मामले की जानकारी एडीजीपी शिव कुमार ने बताया कि पंजाब पुलिस की ओर से लगातार कास्को ऑपरेशन चलाए जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के रिजल्ट भी सामने आ रहे हैं।

    वहीं आज भी परवाना नगर में संदिग्ध घरों की तलाशी ली गई। पुलिस ने दो युवकों को जांच के लिए हिरासत में भी लिया है। उन्होंने कहा कि इसी तरह इलाके के अन्य युवकों पर पुलिस को शक लगता है कि वह उन्हें जांच के लिए थाने बुला सकती है। इस दौरान उन्होंने नशा तस्करों को चेतावनी दी है कि तस्कर यह काम छोड़ दें। उन्होंने कहा कि हमारी ओर से नौजवानों का नशा भी छुड़वाया जा रहा है ताकि वह अपनी नई जिंदगी शुरू कर सके।

  • मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया शिक्षा के मंदिर का उद्घाटन, पनारसा कॉलेज से शुरू हुई नई राह

    मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया शिक्षा के मंदिर का उद्घाटन, पनारसा कॉलेज से शुरू हुई नई राह

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आज मंडी जिला के पनारसा में राजकीय महाविद्यालय पनारसा के 13.14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित भवन का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा प्रदेश सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में से एक है। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा में व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से गुणात्त्मक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सत्त प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नए संस्थान खोलने का उद्देश्य केवल इमारतें खड़ी करना नहीं होना चाहिए, बल्कि उनमें पढ़ने वाले विद्यार्थियों तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है। वर्तमान प्रदेश सरकार विद्यार्थियों के लिए पर्याप्त स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित कर रही है ताकि उनमें आत्मविश्वास का संचार हो और वह भविष्य की चुनौतियों का सामना कर सकें।

    उन्होंने कहा कि पिछले तीन वर्षों में गुणात्त्मक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सरकार ने अनेक सुधारात्मक कदम उठाए हैं जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। पहली कक्षा से लेकर जमा दो तक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए अलग स्कूल शिक्षा निदेशालय स्थापित किया गया है। वर्तमान राज्य सरकार द्वारा उठाए गए सुधारात्मक कदमों से शिक्षा के क्षेत्र में हिमाचल 21वें स्थान से 5वें स्थान पर पहुंच गया है। उन्होंने कहा कि पहली कक्षा से इंग्लिश मीडियम शुरू किया गया है और 100 सीबीएसई स्कूल बनाए जा रहे हैं, जिनमें से 40 स्कूलों को एफिलिएटिड किया जा चुका है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों तक गुणात्मक शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित करना है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि कॉलेज स्तर पर भी सरकार ने अलग निदेशालय बनाया है और उच्च शिक्षा में संरचनात्मक बदलावों की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि कभी-कभी सुधार के लिए कड़े फैसले लेने पड़ते हैं, जो शुरुआत में कठिन लगते हैं, परंतु ये फैसले जनता की भलाई के लिए ही होते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों को भविष्य के लिए तैयार करने के उद्देश्य से उन्हें सूचना प्रौद्योगिकी आधारित शिक्षा प्रदान की जा रही है।

    उन्होंने कहा कि प्रदेश की 6,297 प्राथमिक स्कूलों में प्री-प्राईमरी कक्षाएं शुरू की गई हैं। हर विद्यार्थी को आधुनिक और गुणात्मक शिक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी राजकीय आदर्श डे-बोर्डिंग स्कूल स्थापित किए जा रहे हैं। यह स्कूल स्मार्ट क्लासरूम, पुस्तकालय, खेल सुविधाओं और अन्य अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस हैं जिससे विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित होगा। प्रदेश के विद्यार्थियों के लिए महत्त्वाकांक्षी डॉ. यशवंत सिंह परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है जिसके तहत वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को देश और विदेश में एक प्रतिशत ब्याज दर पर 20 लाख रुपये तक ऋण की सुविधा दी जा रही है।

    मुख्यमंत्री ने महाविद्यालय पनारसा में अगले सत्र से सेल्फ फाइनेंसिंग आधार पर बी.वॉक और बी.सी.ए. की कक्षाएं शुरू करने की घोषण की। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने से विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा मिलेगी।

    पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री का द्रंग विधानसभा क्षेत्र का तीव्र विकास सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय पनारसा में विज्ञान कक्षाएं शुरू करने से विद्यार्थियों की संख्या में वृद्धि होगी और इससे कुल्लू महाविद्यालय का दबाव भी कम होगा।

    पनारसा पहुंचने पर स्थानीय लोगों और विद्यार्थियों ने मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर राजस्व एवं बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, पूर्व विधायक जवाहर ठाकुर, एपीएमसी अध्यक्ष कुल्लू राम सिंह मियां, एचपीएमसी निदेशक जोगिंद्र गुलेरिया, जिला परिषद अध्यक्ष अनीता ठाकुर व अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई अंब ने गायक साहिल पंडित का शानदार स्वागत

    अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई अंब ने गायक साहिल पंडित का शानदार स्वागत

    ऊना/सुशील पंडित: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) इकाई अंब के कार्यकर्ताओं ने शास्त्रीय गायन प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली गायक साहिल पंडित, जो—बी.ए. तृतीय वर्ष के छात्र हैं —का भव्य स्वागत किया। उनकी इस शानदार उपलब्धि ने न केवल कॉलेज बल्कि पूरे अंब क्षेत्र में खुशी का माहौल बना दिया।

    कार्यकर्ताओं ने सबसे पहले पारंपरिक रीति से साहिल पंडित को टीका लगाकर सम्मानित किया। इसके बाद सभी ने मिलकर उन्हें मिठाई खिलाकर उनकी जीत का उत्सव मनाया। जय घोष के जोरदार नारों के बीच कार्यकर्ता ढोल की थाप पर उत्साह से झूमते हुए उन्हें पूरे कॉलेज कैंपस में जुलूस की तरह लेकर गए। कैंपस में विद्यार्थियों और स्टाफ ने भी साहिल का गर्मजोशी से स्वागत किया।

    एबीवीपी इकाई की ओर से साहिल पंडित को उनकी कला और मेहनत को सम्मानित करते हुए एक सुंदर मोमेंटो भेंट किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि साहिल पंडित ने अपनी लगन, समर्पण और निरंतर अभ्यास से यह उपलब्धि हासिल की है, जो अंब क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

    कार्यकर्ताओं ने यह भी कहा कि एवीबीपी भविष्य में भी ऐसे प्रतिभाशाली छात्रों को प्रोत्साहित करने के लिए तत्पर रहेगा। साहिल पंडित ने अपने सम्मान के लिए एवीबीपी का आभार व्यक्त किया और कहा कि आगे भी वे और मेहनत कर क्षेत्र का नाम रोशन करने का प्रयास जारी रखेंगे।