Blog

  • Punjab News: 3 युवकों से बुरी तरह मारपीट, सिर पर कड़ा मारकर फोड़ा सिर, देखें सीसीटीवी

    Punjab News: 3 युवकों से बुरी तरह मारपीट, सिर पर कड़ा मारकर फोड़ा सिर, देखें सीसीटीवी

    लुधियानाः शहर के गणेश नगर इलाके में शरेआम गुंडागर्दी का मामला सामने आया है जहां, कुछ युवकों ने एक युवक से मारपीट कर बुरी तरह घायल कर दिया। इस दौरान घटना सीसीटीवी में कैद हो गई जिसमें कुछ युवक आपस में भिड़ते हुए नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को मामले की शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते पीड़ित युवक आयुष ने बताया कि उसके दोस्त की बाइक का रात को पेट्रोल खत्म हो गया था जिसके चलते वह अपने दोस्त के साथ बाइक में पेट्रोल भरवाने जा रहा था। जब वह पेट्रोल भरवाकर घर आए तो उन्होंने देखा कि मोहल्ले के ही कुछ युवक हेरोइन की सप्लाई देने के लिए बाहर खड़े थे। जब हमने उन्हें देख लिया तो उन्होंने हमें अपने पास बुला लिया। इसी दौरान हमलावरों ने अपने अन्य दोस्तों को भी बुला लिया जिसमें से एक ने आयुष पर हमला कर दिया और उसके सिर पर कड़े से वार किया जिससे वह घायल हो गया। बाद में युवकों ने आयुष के दोस्तों से भी बुरी तरह मारपीट की और उनकी बाइकों को ईट मारकर तोड़ दिया और मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घटना के बाद आयुष को अस्पताल दाखिल करवाया और पुलिस को मामले की सूचना दी।

    आयुष ने पुलिस प्रशासन और सरकार से मांग की है कि इस तरह के लोगों पर नकेल कसी जाए और इन पर सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि यह उनपर पहले भी हमला कर चुके है और अब भी बाज नहीं आ रहे है। इसलिए इन पर कड़ी कार्रवाई की जाए।

  • Jalandhar News: घर में खड़ी गाड़ी को लगी आग, जलकर हुई राख, देखें वीडियो

    Jalandhar News: घर में खड़ी गाड़ी को लगी आग, जलकर हुई राख, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: लवकुश चौक के पास घर में खड़ी कार में आग लगने की घटना सामने आई है। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। वहीं घटना की सूचना लोगों द्वारा दमकल विभाग को दी गई। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

    वहीं मामले की जानकारी देते हुए कार के मालिक अवतार सिंह ने बताया कि स्विफ्ट गाड़ी उसके भाई है और वह कनाडा में गया हुआ है। अवतार सिंह ने बताया कि उन्हें अल सुबह पड़ोसियों कार को आग लगने के बारे में सूचना दी थी। उन्होंने कहा कि घर में छत के नीचे उनकी 2 गाड़ियां खड़ी थी।

    इस दौरान आज सुबह अचानक एक गाड़ी को आग लग गई। आग लगने से गाड़ी जलकर राख हो गई। वहीं दमकल विभाग के कर्मी ने बताया कि उन्हें आज सुबह घर में खड़ी गाड़ी को आग लगने की सूचना मिली थी। जिसके बाद मौके पर पहुंचकर एक गाड़ी की मदद से आग पर काबू पा लिया गया। आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।

  • Elon Musk ने दिया बड़ा बयान, बोले – ‘AI और रोबोट छीन लेंगे सभी की नौकरियां’

    Elon Musk ने दिया बड़ा बयान, बोले – ‘AI और रोबोट छीन लेंगे सभी की नौकरियां’

    नई दिल्ली: दुनिया के सबसे अमीर और टेस्ला सीईओ एलन मस्क ने अभी एक बड़ा बयान दे दिया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को लेकर उन्होंने कुछ ऐसा कह दिया है जिसके बाद कई लोग चिंता में आ सकते हैं। उनका कहना है कि आने वाले दिनों में सभी लोगों की नौकरी ले लेगा। इसके बाद खेतीबाड़ी फ्री होंगे और सब्जियां उगाने जैसे काम कर पाएंगे। मस्क ने एक्स पर एक पोस्ट का रिप्लाई देते हुए ये बयान दिया है। उन्होंने लिखा कि – एआई और रोबोट सभी जॉब्स ले लेंगे। लोगो के पास सब्जियां खरीदने की जगह उगाने का भी ऑप्शन होगा। मस्क ने इस पोस्ट को 22 अक्टूबर को शेयर किया है।

    एमेजॉन करेगा लोगों को रिप्लेस

    एक यूजर ने एक्स पर पोस्ट किया और लिखा कि – ‘एमेजॉन आने वाले दिनों में 60,000 लोगों को रिप्लेस करने वाला है। इसकी जगह पर कंपनी एआई और रोबोट्स को नौकरी देगी। इस पोस्ट पर एलन मस्क ने रिप्लाई दिया है। उन्होंने लिखा कि – एआई और रोबोट आने वाले दिनों में सभी नौकरियां छीन लेंगे। इन सब बयानों के बाद भी मस्क की कंपनी खुद एआई और ऑटोनोमस ऑप्टिमस रोबोट बनाने पर काम कर रही है। एआई कंपनी का नाम XAI है। वहीं रोबोट को लेकर टेस्ला भी काम कर रही है। मस्क के रोबोट के कई वीडियो और तस्वीरें भी सामने आ चुकी है’।

    एआई बनेगा नौकरियों के लिए खतरा

    एआई आने वाले दिनों में इंसानों की कई नौकरियों पर कब्जा कर लेगा। ऐसे बयान बहुत से लोग देते हुए नजर आ चुके हैं। कुछ अरबपति भी ऐसी बयानबाजी कर चुके हैं। एआई के गॉडफादर कहलाए जाने वाले जेफ्री हिंटन भी कह चुके हैं कि एआई के कुछ खतरे भी हैं। उनका ऐसा मानना है कि एआई जल्द ही इंसानों से ज्यादा समझदार हो जाएंगे और कई लोगों की नौकरियां खत्म कर देंगे। माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर बिल गेट्स ने भी यह कहा है कि एआई कुछ समय के लिए नौकरियां भी छीन लेगा हालांकि उनके आने से कई तरह के नए काम भी पैदा हो जाएंगे।  
  • पिता के क्रिया-कर्म में हुए खर्च को लेकर विवाद, छोटे ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

    पिता के क्रिया-कर्म में हुए खर्च को लेकर विवाद, छोटे ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी मारकर की हत्या

    बाड़मेरः शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है जहां पिता की मौत के बाद क्रिया-कर्म में खर्च हुए पैसों को लेकर 2 सगे भाइयों में पहले विवाद हुआ और फिर देखते ही देखते वह विवाद खूनी झड़प में बदल गया जिसमें छोटे भाई ने बड़े की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी भाई मौके से फरार हो गया।

    जानकारी मुताबिक, मृतक गुणेशाराम किसान था। उसकी पत्नी की करीब 6 साल पहले साल 2019 में मौत हो गई थी। उसके कोई बच्चा नहीं है। दोनों भाई एक साथ ही रहते थे। आरोपी छोटे भाई की पत्नी पीहर गई हुई थी। दोनों भाइयों के अलावा बुजुर्ग मां, छोटे भाई की पत्नी और बच्चे एक साथ एक ही घर में रहते हैं। करीब 3 साल पहले पिता की भी मौत हो चुकी है। पिता की मौत के रीति-रिवाज के कार्यक्रम में रुपए खर्च हुए थे। उसी खर्चे के रुपयों को लेकर छोटा भाई और बड़े भाई में विवाद हो गया था। कहासुनी इतनी बढ़ी की छोटे भाई ने कुल्हाड़ी से हमला कर बड़े भाई का मर्डर कर दिया।

    बीजराड़ थानाधिकारी मगाराम ने बताया कि बुधवार देर रात को नवातला गांव निवासी गुणेशाराम (35) पुत्र अमराराम और उसके सगे भाई किशनाराम (30) के बीच रुपयों के लेन-देन को लेकर बहस हो गई। बहस इतनी बढ़ी कि छोटे भाई किशनाराम ने कुल्हाड़ी से बड़े भाई गुणेशाराम पर सिर के पीछे वाले हिस्से पर वार कर दिया। देखते ही देखते बड़ा भाई खून से लथपथ हालत में नीचे गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद भाई वहां से फरार हो गया। सूचना पर बीजराड़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची।

    घटनास्थल पर एफएसएल और एमओबी की टीमों को बुलाया गया। सबूत जुटाए गए। शव को चौहटन हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है। पुलिस की अलग-अलग टीमें आरोपी भाई की तलाश शुरू कर दी है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

  • Punjab News: बस कर्मियों ने किया नेशनल हाईवे जाम, लगी लंबी कतारें, फंसी एबुलेंस

    Punjab News: बस कर्मियों ने किया नेशनल हाईवे जाम, लगी लंबी कतारें, फंसी एबुलेंस

    लुधियाना: पंजाब रोडवेज़ ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (PRTC) और पनबस के कर्मचारियों ने 23 अक्तूबर को पूरे पंजाब में हड़ताल का ऐलान किया गया था। वहीं शेरपुर चौक नई दिल्ली नेशनल हाईवे को कर्मियों द्वारा जाम कर दिया गया है। ऐसे में बसों को सड़कों पर खड़ा करके जाम कर दिया है। ऐसे में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं दूसरी ओर पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।

    कर्मियों द्वारा आज 12 बजे से जालंधर, लुधियाना, अमृतसर, पटियाला और संगरूर में विरोध प्रदर्शन शुरू किया गया है जोकि दोपहर 2 बजे तक जारी रहेंगा। वहीं हाईवे के दोनों रोड़ जाम करके प्रदर्शन किया जा रहा है। जिसके कारण वाहनों की लंबी कतारें लगी हुई है। 2 किलोमीटर से अधिक जाम लग गया है। वहीं लंबी वाहनों की कतारों में एबुलेंस भी फंसी हुई है। एबुलेंस में मरीज मौजूद है। पुलिस द्वारा रोड़ को डायवर्ट किया जा रहा है। दूसरी ओर जाम में फंसी एबुलेंस को निकालने का प्रयास किया जा रहा है।

  • 29 मंजिला इमारत की 22वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    29 मंजिला इमारत की 22वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में लगी भीषण आग, देखें वीडियो

    मुंबई: जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड पर एक 29 मंजिला इमारत की 22वीं मंजिल पर स्थित फ्लैट में आग लग गई। वहीं मैक्सिमा सोसाइटी के निवासियों का मानना है कि शायद कोई पटाखा बालकनी में गिर गया था, जिससे आग लगी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ।

    अभय दीप ने कहा, “जब आग लगी तब फ्लैट में कोई नहीं था। बिल्डिंग के फायर-फाइटिंग सिस्टम की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।” मैक्सिमा सोसाइटी के चेयरमैन अभय दीप ने बताया कि आग लगने की सूचना फायर ब्रिगेड को दी गई थी, लेकिन उन्होंने कहा कि वे न आएं क्योंकि आग जल्दी बुझ गई थी।

    उन्होंने बताया कि इसी बिल्डिंग में रहने वाले सांसद रविंद्र वायकर ने आग बुझाने में मदद की। सांसद रविंद्र वायकर ने भी आग बुझाने के प्रयासों में हाथ बंटाया। यह आग जोगेश्वरी-विक्रोली लिंक रोड पर स्थित मैक्सिमा सोसाइटी में लगी थी। आग 22वीं मंजिल पर लगी थी, जबकि बिल्डिंग कुल 29 मंजिल की है। आग लगने का कारण एक पटाखा माना जा रहा है।

  • भारत की बढ़ती तरक्की देख भड़का पाकिस्तान, PAK जनरल ने दिया विवादित बयान

    भारत की बढ़ती तरक्की देख भड़का पाकिस्तान, PAK जनरल ने दिया विवादित बयान

    नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान मे दशकों से चल रहे तनाव का कारण सीमा विवाद नहीं बल्कि आतंकवाद है। भारत बार-बार यह दोहरा भी चुका है कि जब तक पाकिस्तान अपनी जमीन से आतंकवादी संगठनों को पनाह देता रहेगा तब तक उसके साथ किसी भी तरह के सामान्य संबंध नहीं हो पाएंगे। मई 2025 में भारतीय सेना की ओर से ऑपरेशन सिंदूर चलाया गया था वो भी इसी नीति का मिसाल था। यह कार्रवाई पहलगाम के धार्मिक स्थानों पर हुए आतंकी हमले के जवाब में हुई थी। भारत ने इस ऑपरेशन सिंदूर के जरिए यह साफ संदेश दे दिया था कि आंतकवाद के खिलाफ उसकी नीति जीरो टॉलरेंस पर आधारित है। पाकिस्तान ने हमेशा की तरह यह कदम राजनीतिक कदम बताने की कोशिश की लेकिन उसी समय उसके नेता आतंकवादियों के अंतिम संस्कारों में शामिल होते हुए दिखे। इससे उसका दोहरा रवैया भी उजागर हुआ है।

    झगड़ा सुलझाने के लिए तीसरे देश की जरुरत

    अब हाल ही में इस्लामाबाद में हुए एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में पाकिस्तान के जनरल साहिर शमशाद मिर्जा ने एक बयान दिया है। उन्होंने कहा कि भारत और पाकिस्तान को विवादों को सुलझाने के लिए किसी तीसरे देश या अंतरराष्ट्रीय संस्था की मध्यस्थता की जरुरत है। यह बयान पाकिस्तान की उसी पुरानी सोच को दर्शाता है जिसमें हर मसले पर बाहरी ताकतों से सहारा लेने की मानसिकता नजर आती है। भारत ने इस पर साफ कह दिया है कि भारत और पाकिस्तान के सभी मुद्दे द्विपक्षीय हैं और किसी तीसरी पक्ष की इसमें कोई भी भूमिका नहीं है। भारत का यह रुख 1972 के शिमला समझौते और 1999 के लाहौर घोषणापत्र पर आधारित है। जहां दोनों देशों ने आपसी संवाद के जरिए विवाद सुलझाने का वादा किया था।

    भारत संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों को करता है अनदेखा

    जनरल मिर्जा ने अपने भाषण में भारत को साम्राज्यवादी और प्रभुत्व वादी देश कह दिया है। इसी बीच उन्होंने यह स्वीकार भी किया है कि भारत आज दुनिया की एक महत्वपूर्ण वैश्विक शक्ति है। उन्होंने आरोप लगाया है कि भारत संयुक्त राष्ट्र प्रस्तावों को अनदेखा करता है और मानवाधिकारों का उल्लंघन करता है। उनके इस बयान से पाकिस्तान की कूटनीतिक निराशा और हीन भावना दर्शाती है। भारत को टोर्जन हॉर्स कहने वाला पाकिस्तान यह भूल गया है कि उसकी अपनी पहचान अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ही एक आतंकवाद समर्थक देश के तौर पर बन चुकी है।

    पाकिस्तान की बढ़ी चिंता

    अब के समय में भारत न सिर्फ एशिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है बल्कि G-20, ब्रिक्स औऱ संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर भी सक्रिय भूमिका निभा रहा है। भारत को अब एक वैश्विक नीति-निर्माता के तौर पर देखा जाता है जो कई ग्लोबल हितों की पहचान भी बन गया है। ऐसे में पाकिस्तान को यह चिंता है कि भारत अब सिर्फ दक्षिण एशिया तक ही सीमित नहीं रहा है बल्कि ऐसा देश बन चुका है जिसकी बात पूरी दुनिया सुनती है इसी वजह से वह बार-बार तीसरे पक्ष का मुद्दा उठाकर अंतरराष्ट्रीय सहानुभूति लेने की कोशिश कर रहा है।
  • Birthday पर पटाखा चलाना पड़ा महंगा, दोनों आंखें झुलसी

    Birthday पर पटाखा चलाना पड़ा महंगा, दोनों आंखें झुलसी

    अलवरः शहर के गंगा मंदिर दिल्ली दरवाजा के पास गोवर्धन की रात जन्मदिन मना रहा 23 साल का युवक त्रिलोक जाटव पटाखे की चपेट में आ गया, जिससे उसकी दोनों आंखें झुलस गई और उसे दिखना भी बंद हो गया। परिजनों ने त्रिलोक को रात को ही जिला अस्पताल दाखिल करवाया। वहां आंखों का एक्सपर्ट डॉक्टर नहीं मिलने पर निजी अस्पताल लेकर जाना पड़ा।

    घायल के भाई ने बताया कि त्रिलोक जन्मदिन पर घर के बाहर ही पटाखे चला रहा था। कुछ देर बाद ही जन्मदिन का केक काटने की तैयारी थी, लेकिन भाई अचानक एक सूतली बम की चपेट में आ गया। जब बम नहीं चला तो वह उसके नजदीक जाकर देखने लगा, तभी बम फट गया, जिससे उसकी आंखें झुलस गई। आंखों से पूरी तरह दिखना बंद हो गया था उसे तुरंत आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर आए, जहां प्राथमिक उपचार तो कर दिया, लेकिन आंखों का एक्सपर्ट डॉक्टर नहीं मिला, जिस कारण मरीज को निजी अस्पताल लेकर जाना पड़ा।

  • 4 मोस्ट वाटेंड बदमाशों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, रंजन पाठक समेत सभी वांटेड ढेर

    4 मोस्ट वाटेंड बदमाशों का पुलिस ने किया एनकाउंटर, रंजन पाठक समेत सभी वांटेड ढेर

    नई दिल्लीः राजधानी दिल्ली के रोहिणी में बिहार पुलिस और दिल्ली पुलिस की संयुक्त टीम ने बिहार के 4 बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। बदमाशों की पहचान 25 वर्षीय रंजन पाठक, 25 वर्षीय बिमलेश महतो उर्फ बिमलेश साहनी, 33 वर्षीय मनीष पाठक और 21 वर्षीय अमन ठाकुर के रूप में हुई है। चारों आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मिली जानकारी के अनुसार यह एनकाउंटर रोहिणी के बहादुर शाह मार्ग पर डॉक्टर अंबेडकर चौक से लेकर पंसाली चौक तक चला।

    जानकारी के मुताबिक बदमाशों और पुलिस के बीच जमकर गोलीबारी हुई। सूत्रों के अनुसार, एनकांउटर में 3 पुलिसकर्मी घायल भी हुए हैं। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का नेतृत्व डीसीपी संजीव यादव कर रहे थे। पुलिस ने बताया कि इन बदमाशों की तलाश लंबे समय से चल रही थी। बुधवार देर रात इन बदमाशों का लोकेशन रोहिणी में मिली, जिसके बाद इनके खिलाफ एक्शन लिया गया।

    ऐसी आशंका जताई जा रही है कि ये सभी बिहार चुनाव में भी किसी वारदात को अंजाम देने वाले थे। वहीं मुठभेड़ में घायल सभी बदमाशों को रोहिणी स्थित डॉ. बीएसए अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने सभी को मृत घोषित कर दिया। ये सभी सिग्मा गैंग के बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि ये लोग बिहार में हत्या और आपराधिक साजिश समेत कई गंभीर अपराधों में वांछित थे और कथित तौर पर गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली और नेपाल के बीच घूम रहे थे।

    पुलिस रिकॉर्ड बताते हैं कि रंजन पाठक और बिमलेश महतो पर आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत कई मामले दर्ज हैं, जबकि अमन ठाकुर पर गुड्डू ठाकुर नाम के एक व्यक्ति की हत्या का आरोप है। इन लोगों पर चुनाव में वारदात देने का भी आरोप लग रहा है। इन बदमाशों की कुंडली खंगाली जा रही है ताकि अन्य बदमाशों को दबोचा गचा। दिल्ली पुलिस और बिहार पुलिस राजधानी में गिरोह की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए समन्वय कर रही हैं। जांचकर्ता अब इस गिरोह और अन्य संगठित आपराधिक नेटवर्क के बीच संभावित संबंधों की जांच कर रहे हैं।

  • प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े युवती को मारी गोली, हालत गंभीर

    प्रपोजल ठुकराने से नाराज युवक ने दिनदहाड़े युवती को मारी गोली, हालत गंभीर

    गुरुग्रामः हरियाणा के गुरुग्राम में दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। जहां दिन दहाड़े युवक ने युवती का गोली मार दी। युवती की हालत गंभीर बताई जा रही है। युवती की पहचान 30 वर्षीय शिवांगी तिवारी निवासी प्रतापगढ़, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार प्रपोजल ठुकराने से नाराज होकर युवक ने युवती को गोली मारी और घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

    घटना के बाद आसपास के लोगों ने घायल युवती को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा हैकि शिवांगी तिवारी एक कंपनी में काम करती है। वहीं, आरोपी की पहचान उत्तर प्रदेश के जौनपुर के रहने वाले विपिन के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उद्योग विहार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की है।

    मौके पर मौजूद रहे लोगों ने बताया है कि युवती डूंडाहेड़ा में किराए के मकान में रह रही थी। आरोपी युवक के साथ पहले उसकी दोस्ती थी, जो बाद में प्रेम प्रसंग में बदल गई। हालांकि, हाल ही में युवती ने इस रिश्ते को खत्म कर दिया था, जिसे युवक स्वीकार नहीं कर पाया। लोगों ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे शिवांगी खाना लेने जा रही थी। इसी दौरान विपिन वहां आया और युवती पर देसी पिस्टल से गोली मार दी।

    युवती को गोली मारने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस के मुताबिक लड़की के कंधे पर गोली लगी है और उसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। आसपास के लोगों का कहना है कि आरोपी विपिन निजी कंपनी में ड्राइवर की नौकरी करता है। उद्योग विहार थाना पुलिस ने आरोपी युवक विपिन को अरेस्ट कर लिया है। उसके कब्जे से एक देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।