Blog

  • पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटकाः कई दिग्गज नेताओं को अमित शाह कराएंगे भाजपा में शामिल

    पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटकाः कई दिग्गज नेताओं को अमित शाह कराएंगे भाजपा में शामिल

    चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगने जा रहा है। राज्य के कई वरिष्ठ नेता भाजपा में शामिल होंगे। इन नेताओं में पूर्व मंत्री भी शामिल हैं। गृह मंत्री अमित शाह इन नेताओं को आज चंडीगढ़ में भारतीय जनता पार्टी में शामिल करवाएंगे।

    कांग्रेस के जो दिग्गज नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं उनमें पूर्व मंत्री राजकुमार वेरका, सुंदर शाम अरोड़ा, गुरप्रीत कांगड़, बलबीर सिद्धू, मोहाली के मेयर अमरजीत जीपी आदि शामिल हैं। इससे पहले कांग्रेस के दिग्गज नेता व पूर्व प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

    केंद्रीय गृह मंत्री आज चंडीगढ़ में भाजपा कार्यालय में पहुंचेंगे। वह भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा, प्रदेश भाजपा पदाधिकारियों, प्रदेश कोर ग्रुप, जिलाध्यक्षों व मोर्चा अध्यक्षों से बैठक करेंगे। इसके अलावा कई नेताओं को भाजपा में शामिल कराएंगे। अमित शाह पंजाब के मौजूदा राजनीतिक परिदृश्य पर पदाधिकारियों के साथ चर्चा भी करेंगे।

    पंजाब कांग्रेस में नवजोत सिंह सिद्धू की एंट्री के बाद कांग्रेस का कुनबा बिखरता चला गया। पंजाब में कांग्रेस में सबकुछ ठीकठाक चल रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह मुख्यमंत्री थे, लेकिन अचानक कैप्टन के विरोध के बावजूद हाईकमान ने नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंप दी। 

    नवजोत सिंह सिद्धू ने प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालने के बाद कैप्टन अमरिंदर सिंह के लिए मुश्किलें खड़ी करनी शुरू कर दी। अंततः कैप्टन अमरिंदर सिंह ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया और पार्टी छोड़ दी। इसके बाद चुनाव से ठीक तीन माह पहले पार्टी ने चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम बनाया, लेकिन चन्नी के साथ भी नवजोत सिंह सिद्धू की पटरी नहीं बैठी। 

    कांग्रेस ने चरणजीत सिंह चन्नी को चुनाव से पहले सीएम फेस घोषित किया। इससे नवजोत सिंह सिद्धू नाखुश नजर आए। चुनाव के दौरान भी कई बार उन्होंने पार्टी को मुश्किल में डाला। परिणाम यह हुआ कि पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस 18 सीटों पर सिमटकर रह गई। राज्य में आम आदमी पार्टी को प्रचंड बहुमत मिला। आप ने 117 विधानसभा सीटों में से 92 सीटों पर जीत दर्ज की।

  • कपूरथलाः सिविल अस्पताल में युवक ने पत्नी को जान से मारा, 4 दिन पहले एक बेटे को दिया था जन्म  

    कपूरथलाः सिविल अस्पताल में युवक ने पत्नी को जान से मारा, 4 दिन पहले एक बेटे को दिया था जन्म  

    कपूरथला। पंजाब के कपूरथला सिविल अस्पताल के गायनी वार्ड में उपचाराधीन महिला को उसके ही पति द्वारा जान से मारने का समाचार है। जिसकी हॉस्पिटल स्टाफ द्वारा बनाई गई वीडियो भी वायरल हो रही है। बताया जा रहा है कि व्यक्ति अपनी पत्नी पर शक करता था। इसी के चलते उसने अपनी पत्नी के मुंह दबाकर मार दिया। हालांकि महिला ने 4 दिन पहले ही लड़के को जन्म दिया है। घटना के बाद सिविल अस्पताल के साथ द्वारा पुलिस को सूचित किया गया और आरोपी व्यक्ति को हिरासत में ले लिया गया है।  

    मिली जानकारी अनुसार कपूरथला सिविल अस्पताल के गायनी वार्ड में 1 जून को महिला बलविंदर कौर 24 वर्षीय पत्नी मनजीत सिंह वासी गांव केसर पुर को दाखिल करवाया गया था। जिसके बाद सिजेरियन ऑपरेशन कर महिला ने लड़के को जन्म दिया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार उक्त दंपति का कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह हुआ था और पहले भी एक बेटा है। 

    डीएसपी सब डिवीजन सुरिंदर सिंह ने बताया कि सिविल अस्पताल के गायनी वार्ड के प्राइवेट रूम 4 में शनिवार सुबह लगभग 6 बजे मनजीत सिंह ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी है जिसकी सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उन्होंने यह भी बताया कि आरोपी मनजीत सिंह अपनी पत्नी पर शक करता था इसी के चलते उसने मौका पाकर घटना को अंजाम दे दिया।

  • बेकाबू होकर हाईवे से नीचे गिरी बस, 16 यात्री घायल…

    बेकाबू होकर हाईवे से नीचे गिरी बस, 16 यात्री घायल…

    नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में बड़ा सड़क हादसा हुआ है। यमुना एक्सप्रेसवे पर एक बस बेकाबू होकर सर्विस रोड से नीचे जाकर पलट गई। हादसे में 16 यात्री घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। 

    जानकारी के अनुसार, यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार सुबह नोएडा से आगरा की तरफ जा रही बस अनियंत्रित होकर सर्विस रोड से नीचे गिर गई। हादसे में 16 लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि करीब 65 सवारियों को लेकर बस पंजाब के लुधियाना से दिल्ली होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते बिहार के मुज्जफरपुर जा रही थी। 

    शनिवार सुबह करीब 4:10 बजे थाना नौहझील क्षेत्र में माइल स्टोन 62 पर गांव अवाखेड़ा के पास बस अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराते हुए सड़क से नीचे गिर गई। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। गांव अवाखेड़ा निवासी गुलवीर सिंह सरपंच ने बताया कि सुबह खेतों पर टहलने जा रहे थे। तभी एक्सप्रेसवे की तरफ से हादसा होने की तेज आवाज आई। 

    दौड़कर देखा तो एक बस सड़क से नीचे गिरी हुई थी। बस में सवार यात्रियों की चीख-पुकार मच रही थी। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के बाद पुलिस व एक्सप्रेसवे कर्मियों ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को अस्पताल भिजवाया। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार यादव ने बताया कि बस हादसे में करीब 16 लोग घायल हैं। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है। परिजनों को सूचना भेज दी गई है।

  • Sidhu Moose Wala Murder: गृह मंत्री अमित शाह से आज मुलाकात करेगा सिद्धू मूसवाला का परिवार….

    Sidhu Moose Wala Murder: गृह मंत्री अमित शाह से आज मुलाकात करेगा सिद्धू मूसवाला का परिवार….

    बठिंडा। पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या का मामला गर्मा गया है। शनिवार काे शाम 5 बजे गृह मंत्री अमित शाह से सिद्धू मूसेवाला का परिवार चंडीगढ़ के होटल जे मेरियट में मुलाकात करेगा। इस दाैरान परिवार सीबीआइ जांच की मांग करेगा।

    गाैरतलब है कि 29 मई को मानसा के जवाहरके गांव में मूसेवाला की हत्या हुई थी। 30 मई को परिवार ने हाई कोर्ट के सिटिंग जज से जांच की मांग की। उन्होंने पोस्टमार्टम की परमिशन नहीं दी। जिसके बाद गृह सचिव अनुराग वर्मा ने हाईकोर्ट रजिस्ट्रार को लेटर लिखा। इसके बाद ही पोस्टमार्टम हुआ था। एक दिन पहले ही मुख्यमंत्री भगवंत मान ने मूसेवाला के परिवार से मुलाकात कर न्याय का भराेसा दिया था।

  • सरकार का बड़ा फैसलाः हर परिवार को सालाना 3 रसोई गैस सिलेंडर फ्री…

    सरकार का बड़ा फैसलाः हर परिवार को सालाना 3 रसोई गैस सिलेंडर फ्री…

    नई दिल्ली। बढती महंगाई के बीच सरकार ने बड़ा ऐलान किया है. सरकार ने हर घर यानी हर हर परिवार को सालाना 3 गैस सिलेंडर फ्री देने का फैसला किया. सरकार ने ये निर्णय कैबिनेट की बैठक में किया, जिसके बाद अब लोगों को इसका फायदा मिल रहा है.

    गौरतलब है कि गोवा सरकार ने कैबिनेट की पहली बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए राज्य में हर परिवार को तीन रसोई गैस सिलेंडर मुफ्त देने का ऐलान किया, जैसा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में वादा किया था. मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कैबिनेट की बैठक के दौरान यह घोषणा की. 

    मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने सोमवार शाम एक ट्वीट करते हुए इसकी जानकारी देते हुए बताया कि कैबिनेट ने नए वित्तीय वर्ष से भाजपा के घोषणापत्र में किए गए वादे के अनुसार तीन सिलेंडर मुफ्त देने की योजना तैयार करने का फैसला किया है. गौरतलब है कि पिछले महीने हुए गोवा में हुए विधान सभा चुनाव से पहले, भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में यह वादा किया था कि अगर पार्टी यानी भाजपा सत्ता में आती है तो प्रदेश के हर परिवार को हर साल में तीन एलपीजी सिलेंडर मुफ्त में दिया जाएगा. 

    इसके बाद गोवा सीएम प्रमोद सावंत ने संवाददाताओं से बातचीत करते हुए कहा कि लौह अयस्क खनन को फिर से शुरू करना और रोजगार सृजन मौजूदा कार्यकाल के दौरान उनकी प्राथमिकताएं रही हैं. विरोधियों द्वारा उन्हें ‘आकस्मिक मुख्यमंत्री’ बताए जाने पर सावंत ने कहा कि इस बार वह राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में ‘निर्वाचित’ हुए हैं, उन्हें ‘चयनित नहीं’ किया गया है. 

    गौरतलब है कि प्रमोद सावंत ने 2019 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद राज्य के मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभाला था. हाल में संपन्न विधानसभा चुनावों में पार्टी ने 40 सदस्यीय सदन में 20 सीटें जीतीं. भाजपा ने यह चुनाव सावंत के नेतृत्व में ही लड़ा था. 

  • राशिफल (शनिवार 04 जून 2022), जानिए कैसा रहेगा आपका दिन…

    राशिफल (शनिवार 04 जून 2022), जानिए कैसा रहेगा आपका दिन…

    मेषः कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। गृहिणियां विशेष सावधानी रखें। रसोई में चोट लग सकती है। अपेक्षित कार्यों में विलंब हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय ठीक चलेगा। आय बनी रहेगी। वाहन व मशीनरी के प्रयोग में सावधानी रखें। विवाद से क्लेश हो सकता है।

    वृषः कारोबार लाभदायक रहेगा। नौकरी में चैन रहेगा। धन प्राप्ति सुगम होगी। घरेलू कार्य समय पर होंगे। सुख-शांति बनी रहेगी। थकान व कमजोरी रहेगी। प्रतिद्वंद्विता बढ़ेगी। अविवाहितों के लिए वैवाहिक प्रस्ताव आ सकता है। कोर्ट व कचहरी में अनुकूलता रहेगी।

    मिथुनः भूमि व भवन के खरीद-फरोख्त की योजना बनेगी। बड़ा लाभ के योग हैं। परीक्षा व साक्षात्कार में सफलता प्राप्त होगी। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। व्यापार लाभदायक रहेगा। जल्दबाजी न करें। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। शत्रुता में वृद्धि हो सकती है।

    कर्कः विद्यार्थी वर्ग सफलता हासिल करेगा। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। धनलाभ के अवसर हाथ आएंगे। पार्टी व पिकनिक का कार्यक्रम बनेगा। निवेश शुभ रहेगा। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। पारिवारिक चिंता बनी रहेगी। स्वादिष्ट भोजन का आनंद प्राप्त होगा।

    सिंहः आय में निश्चितता रहेगी। व्यवसाय-व्यापार लाभदायक रहेगा। पुराने शत्रु सक्रिय रहेंगे। वाणी पर नियंत्रण रखें। किसी व्यक्ति से बेवजह विवाद हो सकता है। दु:खद समाचार प्राप्त हो सकता है, धैर्य रखें। शारीरिक कष्ट के योग हैं। लापरवाही न करें।

    कन्याः परिवार के छोटे सदस्यों के अध्ययन तथा स्वास्थ्य संबंधी चिंता रहेगी। दुष्टजन हानि पहुंचा सकते हैं। लापरवाही न करें। थोड़े प्रयास से ही कार्यसिद्धि होगी। नौकरी में कार्य की प्रशंसा होगी। निवेश में विवेक का प्रयोग करें। धनार्जन होगा।

    तुलाः आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। जोखिम उठाने का साहस कर पाएंगे। कारोबार में वृद्धि होगी। नौकरी में सहकर्मियों का साथ मिलेगा। जल्दबाजी न करें। धनागम होगा। थकान महसूस होगी। शारीरिक आराम की आवश्यकता रहेगी। दूर से शुभ समाचार प्राप्त होंगे।

    वृश्चिकः उत्साह बढ़ेगा। कार्य की बाधा दूर होकर स्थिति लाभप्रद रहेगी। कोई बड़ी समस्या से छुटकारा मिल सकता है। अप्रत्याशित लाभ के योग हैं। सट्टे व लॉटरी से दूर रहें। रोजगार प्राप्ति के प्रयास सफल रहेंगे। प्रमाद न करें। शरीर साथ नहीं देगा। स्वास्‍थ्य का ध्यान रखें।

    धनुः कीमती वस्तुएं संभालकर रखें। नौकरी में अधिकारी की अपेक्षाएं बढ़ेगी। तनाव रहेगा। कुसंगति से हानि होगी। दूसरों के कार्य की जवाबदारी न लें। व्यवसाय ठीक चलेगा। प्रेम-प्रसंग में जोखिम न लें। अप्रत्याशित खर्च सामने आएंगे। पुराना रोग उभर सकता है।

    मकरः व्यावसायिक यात्रा सफल रहेगी। बकाया वसूली के प्रयास मनोनुकूल रहेंगे। अपनी देनदारी समय पर चुका पाएंगे। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। भाग्य का साथ मिलेगा। धनार्जन होगा। कोई ऐसा कार्य न करें जिससे कि नीचा देखना पड़े।

    कुंभः कार्यप्रणाली में सुधार होगा। लाभ के अवसर हाथ आएंगे। मित्रों की सहायता करने का अवसर प्राप्त होगा। मान-सम्मान मिलेगा। कारोबारी अनुबंध होंगे। आशंका-कुशंका के चलते निर्णय लेने की क्षमता प्रभावित होगी। योजना में परिवर्तन हो सकता है।

    मीनः किसी धार्मिक आयोजन में भाग लेने का अवसर प्राप्त हो सकता है। व्यापार-व्यवसाय लाभदायक रहेगा। कानूनी अड़चन दूर होकर स्थिति अनुकूल होगी। आय में वृद्धि होगी। घर-बाहर प्रसन्नता रहेगी। रोमांस के मामले में समय खुशनुमा रहेगा। पूजा-पाठ में मन लगेगा।

  • पंजाब में दिन-दिहाडे़ बड़ी वारदात, तेजधार हथियारों से युवक का सिर धड़ से किया अलग….

    पंजाब में दिन-दिहाडे़ बड़ी वारदात, तेजधार हथियारों से युवक का सिर धड़ से किया अलग….

    मोगा : अज्ञात हमलावरों ने एक 27 साल के युवक का तेजधार हथियारों से सिर धड़ से अलग कर दिया है। दिन-दिहाड़े हुई इस घटना से पूरे शहर में दहशत का माहौल बना हुआ है। 

    आज दिन-दिहाड़े मोगा जिला के कस्बा बधनीकलां में एक 28 वर्षीय नौजवान देश राज का अज्ञात लोगों ने भरे बाजार कत्ल कर दिया गया। उक्त नौजवान जख्मी हालत में काफी देर तक सड़क पर तड़पता रहा और बाद में एकत्रित लोगों ने उक्त नौजवान को उठा कर मोगा के सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन रास्ते में नौजवान की मौत हो गई। घटना को अंजाम देने वाले नौजवान मौके से फरार होने में सफल हो गए हैं। 

    जानकारी देते डा. कोमलप्रीत कौर ने बताया कि बद्धनी कलां का रहने वाला देश राज जिसकी उम्र 28 साल है। मृतक हालत में ही सिविल अस्पताल लाया गया था। उक्त नौजवान पर तेज़ हथियारों के साथ हमला किया गया है। इस संबंधी थाना बद्धनीकलां को सूचित कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। 

  • मुवरिकपुर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला

    मुवरिकपुर में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचला

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल अम्ब के अंतर्गत आते मुवारिकपुर चौंक में फायर ब्रिगेड की गाड़ी ने बाइक पर जा रहे तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में घायल युवकों को स्वास्थ्य केंद्र अम्ब में प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रैफर कर दिया गया। पुलिस ने दमकल विभाग की गाड़ी को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर दमकल विभाग की गाड़ी चिंतपूर्णी की तरफ से आग बुझाने के लिए सघंनेई गांव की तरफ जा रही थी। मुवारिकपुर चौंक में चिंतपूर्णी की तरफ से आ रहे तीन बाइक सवार फायर ब्रिगेड की गाड़ी के पिछले टायरों के नीचे आ गए। इस हादसे में हरीश सुपुत्र रणवीर सिंह निवासी उत्तराखंड, सुमित पुत्र तेजपाल और किशन पाल पुत्र वेद प्रकाश निवासी उत्तर प्रदेश घायल हुए हैं। सभी घायलों को अम्ब अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया गया है। जानकारी देते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक का प्रवीन धीमान ने बताया कि पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

  • सल्लेवाल में शराब ठेका पर बन्दूक की नोक पर लूटी नकदी व शराब

    सल्लेवाल में शराब ठेका पर बन्दूक की नोक पर लूटी नकदी व शराब

    देर सांय हुई इस घटना से नालागढ़ में दशहत का माहौल 

    नालागढ़/सचिन बैंसल: प्रदेश के सबसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ के तहत सल्लेवाल में शराब ठेका पर बन्दूक की नोक पर लूट का मामला सामने आया है। शराब ठेका सल्लेवाल सेल्स मेल के मुताबिक जब वह शराब ठेका पर काम कर रहा था तो अचानक एक बाइक पर सवार होकर दो युवक हेलमेट पहनकर शराब ठेका पर आए उन्होंने सेल्समैन से बंदूक दिखा कर नकदी लूटी और उसके बाद शराब की दो बोतलें लेकर फरार हो गए। 

    सेल्समैन कुलशेर सिंह ने बताया कि वह देर सांय ठेके पर तैनात था तो अचानक एक बाइक उसके ठेके के आगे रूकी। बिना नंबर की बाइक से दो युवक उतरे और एक युवक के हाथ में देसी कट्टा था। उसने सेल्समैन के कान पर उसे रख कर दिया और कहा कि अगर मुंह से आवाज निकाली तो उसकी खोपड़ी उड़ा दी जाएगी। जिससे उसने गल्ले की चाबी दे दी। गल्ले में करीब पचास हजार रुपये कैश थे। एक व्यक्ति ने कैश बैक में डाला और और और उसके बाद उसने ठेके से ब्लैक डोग व एंटीक्यूट की बोतल निकाली और लेकर बाइक पर चले गए। जाते समय जब उसने बाइक का नंबर देखना चाहा तो उस पर नंबर प्लेट ही नहीं थी। नकदी लूटने के बाद नालागढ़ की तरफ रवाना हो गए। सैल्समेन में पुलिस को बताया कि लूटेरों के पास ब्लैक कलर का स्प्लेंडर मोटरसाइकिल थी और दोनों ने हेलमेट पहन रखे थे। 

    इनके जाने के बाद सेल्समेन ने अपने संचालकों को सूचित किया। संचालकों ने नालागढ़ पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसपी नरेंद्र कुमार भी सूचना मिलते ही घटना स्थल का दौरा किया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी की फुटेज को खंगाला जा रहा है। जल्द ही आरोपियों को दबोच लिया जाएगा।

  • रक्तदान से बढक़र नहीं होता कोई भी दान युवा आगे आएं: चावला

    रक्तदान से बढक़र नहीं होता कोई भी दान युवा आगे आएं: चावला

    सेवा भारती बददी के रक्तदान शिविर में 116 ने दिया रक्त

    शिव मंदिर में आयोजित हुए शिविर का एस. पी ने किया शुभारंभ

    बददी/सचिन बैंसल: देश की अग्रणी सामाजिक संस्था सेवा भारती की बददी इकाई ने शहर में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जिसमें बददी बरोटीवाला के 116 लोगों ने रक्तदान करके पुण्य कमाया। शिविर का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक बददी मोहित चावला ने किया। सेवा भारती का यह बददी में 13वां शिविर था जिसमें लोगों में रक्तदान करने को लेकर भारी उत्साह था और समय सीमा को देखते हुए डाक्टरों को 2 बजे कैंप बंद करना पड़ा। बददी इकाई अध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल ने बताया कि सेवा भारती 2010 से बीबीएन शेत्र में सिलाई केंद्र, संस्कार केंद्र तथा रक्तदान शिविर लगाकर मानव सेवा कर रही है। इस बार रक्तदान शिविर के लिए सवा सौ दानदाता पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है जिसके लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया था।

    एस.पी बददी मोहित चावला ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा आज दिया गया रक्त चार जिंदगियों को बचा सकता है और युवाओं को इसके लिए स्वैच्छिक तौर पर आगे आना चाहिए। उन्होने कहा कि 18 साल से 60 साल तक कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है और इसको करने से शरीर में किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती। चंडीगढ पीजीआई की टीम ने रक्त एकत्रित किया।

    इस अवसर पर सेवा भारती के जिलाध्यक्ष जगदीप अरोड़ा, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ नालागढ़ जिला संघचालक महेश कुमार, सेवा भारती बददी अध्यक्ष अखिल मोहन अग्रवाल, जिला सचिव अनिल मलिक, तरसेम शर्मा, मुख्य संरक्षक रणेश राणा, उपाध्यक्ष सागर चंद, मदन शर्मा, कपिल शर्मा, सौरभ गुप्ता, सुरेश यादव वर्धमान, डा श्रीकांत, कुलवीर आर्य व अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। पायनियर इंपैक्स की कर्मचारी लखविंद्र कौर ने प्रथम बार रक्तदान किया वहीं 32 लोगों का रक्त लेने से डाक्टरों ने मना कर दिया जिसमें अलग अलग कारणों का हवाला दिया गया था।

    इस रक्तदान शिविर को सफल करने के लिए पीजीआई से डॉक्टरों की टीम व उनका स्टाफ आया है जिसमें डॉक्टर  अपलक ,डॉक्टर अनुभव व डॉक्टर संदीप और उनकी टीम मौजूद रहे। प्रेस क्लब के चेयरमैन सुरेंद्र शर्मा सहित अन्य टीम ने भी रक्तदान किया वहीं राजेंद्र चौधरी तथा सपना तनवर ने व्यवस्था का जिम्मा संभाला। डैरामिट बैटरी सैपरेटर प्राईवेट लिमिटेड बददी की कंपनी के 25 कर्मचारियों ने रक्तदान कर कैंप में अतुलनीय योगदान रहा।

    इनका रहा विशेष सहयोग-
    रक्तदान शिविर को सफल बनाने में स्टीलबर्ड हाईटेक लिमिटेड, डैरामिट बैटरी सैपरेटर प्राईवेट लिमिटेड, वर्धमान गु्रप आफ इंडस्ट्रीज के निदेशक आईजेएमएस सिद्वू, कलोराईड कैम इंडिया, जेएस प्लास्टिक, क्योरटेक फार्मा, प्रेस क्लब बददी, हिमालया जनकल्याण समिति, पायनियर इंपैक्स बददी आदि का विशेष योगदान रहा।