Blog

  • Punjab News: रेलवे स्टेशन पर दिखा पुलिस का एक्शन, देखें वीडियो

    Punjab News: रेलवे स्टेशन पर दिखा पुलिस का एक्शन, देखें वीडियो

    पठानकोट: सुरक्षा के मद्देनजर आज पठानकोट रेलवे स्टेशन पर पुलिस प्रशासन द्वारा चेकिंग अभियान चलाया गया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर की गई इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा को पुख्ता करना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है।पठानकोट रेलवे स्टेशन पर आज उस समय हलचल बढ़ गई जब पुलिस की टीमों ने प्लेटफॉर्म और आने-जाने वाली ट्रेनों में तलाशी ली।

    पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह एक नियमित चेकिंग प्रक्रिया है जिसे सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए किया गया है। रेलवे स्टेशन पर नियमित चेकिंग की गई है ताकि यात्रियों की सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके। अभी तक कोई भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति नहीं पाया गया है। हमने यात्रियों को भी जागरूक किया है कि यदि उन्हें कोई भी लावारिस वस्तु या संदिग्ध व्यक्ति दिखे, तो इसकी सूचना तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी या रेलवे स्टाफ को दें।पुलिस प्रशासन का कहना है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की चेकिंग जारी रहेगी ताकि आम जनता निडर होकर सफर कर सके।

     

     

  • उपमुख्यमंत्री  ने 12.50 करोड़ रुपये से निर्मित जल शक्ति विभाग हरोली विश्राम गृह का किया लोकार्पण

    उपमुख्यमंत्री ने 12.50 करोड़ रुपये से निर्मित जल शक्ति विभाग हरोली विश्राम गृह का किया लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को हरोली में जल शक्ति विभाग के नवनिर्मित विश्राम गृह  का लोकार्पण किया। लगभग 12.50 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित यह आधुनिक परिसर 15 सुसज्जित कमरों से युक्त है, जो विभिन्न आयोजनों एवं बाहरी आगंतुकों के लिए बेहतर आवास सुविधा प्रदान करेगा तथा लंबे समय तक आम जनता के लिए भी उपयोगी सिद्ध होगा।
    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने कहा कि हरोली में लंबे समय से एक ऐसे केंद्रीय स्थान की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जहां बाहर से आने वाले अतिथि ठहर सकें। यह विश्राम गृह उसी आवश्यकता की पूर्ति करेगा। उन्होंने बताया कि परिसर की दीवारों पर हरोली और जिला ऊना के विकास कार्यों को दर्शाती तस्वीरें लगाई जाएंगी, जिससे यहां आने वाले लोगों को क्षेत्र के विकास की एक समग्र झलक प्राप्त होगी।उन्होंने कहा कि आगामी हरोली उत्सव सहित अन्य प्रमुख आयोजनों के दौरान बाहर से आने वाले मेहमानों एवं कलाकारों के लिए यहां ठहरने की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहेगी। बता दें, इसी परिसर से 11 अप्रैल को शोभायात्रा का शुभारंभ भी किया जाएगा।
    प्रदेश में 2000 करोड़ की जल शुद्धिकरण योजना लागू होगी
    उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पेयजल की गुणवत्ता सुधारने और जल शुद्धिकरण व्यवस्था को आधुनिक बनाने के लिए लगभग 2000 करोड़ रुपये की व्यापक योजना लागू की जाएगी। इस योजना के तहत आधुनिक तकनीक आधारित जल शुद्धिकरण प्रणालियां स्थापित की जाएंगी, जिससे प्रदेशवासियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा और जलजनित बीमारियों में कमी आएगी। योजना को चरणबद्ध ढंग से लागू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला ऊना में पेयजल एवं सिंचाई से संबंधित लगभग 1000 करोड़ रुपये की परियोजनाएं प्रगति पर हैं, जिनमें 550-600 करोड़ रुपये के पेयजल तथा 350-400 करोड़ रुपये के सिंचाई कार्य शामिल हैं।एडीबी के तहत जिले में 135 करोड़ रुपये की 18 परियोजनाएं स्वीकृत हैं, जिनमें से 7 पूर्ण हो चुकी हैं, जबकि शेष को इसी वर्ष पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भभौर साहिब से पोलियां बीत तक लगभग 175 करोड़ रुपये की नई पेयजल योजना पर कार्य किया जा रहा है। हरोली क्षेत्र में 75 करोड़ रुपये की बीत सिंचाई योजना (फेज-2) के माध्यम से आगामी 50 वर्षों तक जल उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त हरोली क्षेत्र में 300 से अधिक नलकूपों की रिमॉडलिंग के लिए 100 करोड़ रुपये की योजना के तहत कार्य किया जाएगा। टाहलीवाल, हरोली और खड्ड क्षेत्रों में आधुनिक सिंचाई तंत्र को सुदृढ़ किया जा रहा है। उपमुख्यमंत्री कहा कि हरोली समेत पूरे ऊना जिले में जल संरक्षण के तहत तालाबों के पुनर्जीवन (रिचार्जिंग) पर विशेष ध्यान दिया  जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को जिले के प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में छोटे बांधों के निर्माण की संभावनाएं तलाशने के भी निर्देश दिए।
    कर्मचारियों को किया सम्मानित
    इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि रिकॉर्ड समय में इस भव्य विश्राम गृह का निर्माण विभाग की कार्यकुशलता का प्रमाण है। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य के लिए मुख्य अभियंता रोहित दूबे, अधीक्षण अभियंता नरेश धीमान, अधिशासी अभियंता पुनीत शर्मा, सहायक अभियंता आशीष चौधरी, वास्तुकार राजदीप अग्रवाल, कनिष्ठ अभियंता सुरजीत कटवाल तथा कार्य को अमलीजामा पहनाने वाले इकबाल को विशेष रूप से सम्मानित किया। इस अवसर पर कांग्रेस पार्टी के उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सतपाल रायजादा ने अपने संबोधन में उपमुख्यमंत्री द्वारा ऊना जिले में जल योजनाओं की सौगात के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री का विकास दृष्टिकोण हरोली सहित पूरे क्षेत्र के लिए मार्गदर्शक है।कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष कुलदीप धीमान, प्रदेश कांग्रेस महासचिव रणजीत राणा, एससी आयोग के सदस्य अधिवक्ता दिग्विजय मल्होत्रा एवं अधिवक्ता शालिनी, जल प्रबंधन बोर्ड के सदस्य पवन ठाकुर, कांग्रेस नेता विनोद बिट्टू, सुभद्रा चौधरी, सुरेखा राणा, सतीश बिट्टू, संतोष बिट्टू, जसपाल जस्सा, विक्रमजीत सिंह, प्रमोद कुमार, मेहताब ठाकुर सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
     
  • Jalandhar News: चाइना डोर में फंसा बाज, दमकल विभाग ने दिखाई इंसानियत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: चाइना डोर में फंसा बाज, दमकल विभाग ने दिखाई इंसानियत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: पंजाब में चाइना डोर पर पूर्ण प्रतिबंध है। लेकिन उसके बावजूद चाइना डोर की बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक नहीं लग रही। यही कारण है कि चाइना डोर से लगातार हो रहे हादसे रूकने का नाम नहीं ले रहे। वहीं वीरवार को दोमोरिया पुल के पास एक बाज चाइना डोर और बिजली के तारों में बुरी तरह फंस गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर बाज को सुरक्षित बचाया।यह घटना सुबह उस समय सामने आई जब शर्मा साइकिल स्टैंड के मालिक पुष्पेंद्र शर्मा अपने स्टैंड पर पहुंचे।

    उन्होंने देखा कि स्टैंड के बाहर एक खंभे के पास बाज चाइना डोर में उलझा हुआ संघर्ष कर रहा था। पुष्पेंद्र शर्मा ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलने पर पहुंची टीम ने काफी मशक्कत के बाद बाज को नीचे उतारा। नीचे लाने पर पता चला कि पक्षी का एक पंख चाइना डोर में बुरी तरह से उलझ गया था। फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने कैंची का उपयोग करते हुए अत्यंत सावधानी से डोर को काटा और बाज को मुक्त किया।

    कुछ समय बाद पक्षी को दोबारा आसमान में उड़ा दिया गया।स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से चाइना डोर पर कड़ाई से प्रतिबंध लगाने की मांग की है। उनका कहना है कि इस घातक डोर के कारण शहर में पहले भी कई लोग और पक्षी घायल हो चुके हैं या अपनी जान गंवा चुके हैं, और ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाने चाहिए।

     

  • Kranti Express Train में अचानक धुआं निकलने से मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    Kranti Express Train में अचानक धुआं निकलने से मचा हड़कंप, देखें वीडियो

    मथुराः यशवंतपुर से हजरत निजामुद्दीन जा रही कर्नाटक संपर्क क्रांति एक्सप्रेस के पहियों से अचानक धुआं उठने पर मथुरा जंक्शन पर कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई। वहीं सुरक्षा के मद्देनजर ट्रेन को मथुरा जंक्शन स्टेशन की थ्रो लाइन पर रुकवाया गया। दरअसल, वृंदावन-भूतेश्वर के बीच किलोमीटर 1405/21 के पास एडवांस सिग्नल के निकट ट्रेन में ब्रेक बाइंडिंग की समस्या उत्पन्न हो गई, जिससे कुछ कोचों के पहियों से धुआं निकलने लगा।

    प्राप्त जानकारी के अनुसार ट्रेन को तत्काल रोका गया और करीब 9:34 बजे से 10:01 बजे तक मौके पर खड़ी रखकर तकनीकी जांच के बाद आगे के लिए रवाना किया गया। इसके बाद ट्रेन मथुरा जंक्शन की मेन लाइन पर आकर रुकी, जहां रेलवे अधिकारियों की संयुक्त टीम ने विस्तृत निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि कोच बी-1, बी-2 और बीई-1 के ब्रेक शूज पहियों से चिपक जाने के कारण धुआं उठा। मौके पर मौजूद एसी मैकेनिक और टीटीई ने भी इस तकनीकी समस्या की पुष्टि की। अधिकारियों के अनुसार इंजन का एयर ड्रायर सही तरीके से कार्य नहीं कर रहा था, जिसके चलते यह स्थिति बनी।

    मथुरा जंक्शन पर स्टेशन अधीक्षक, डिप्टी एसएस, एसएसई कैरीज एंड वैगन, इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर और मुख्य लोको निरीक्षक सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त निरीक्षण किया। जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मामला पूरी तरह तकनीकी फॉल्ट का है, इसमें किसी प्रकार का आपराधिक हस्तक्षेप नहीं पाया गया।

    ट्रेन मथुरा जंक्शन पर सुबह 10:15 बजे से 10:57 बजे तक खड़ी रही, जिसके बाद उसे सुरक्षित रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों की तत्परता से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया। जनसंपर्क अधिकारी प्रशस्ति श्रीवास्तव ने बताया कि ट्रेन में हॉट एक्सल की घटना नहीं हुई है। कोच के ब्रेक शूज़ चिपक के कारण धुंआ उठा था। मथुरा में ट्रेन को ठीक कर रवाना किया गया है।

     

  • Punjab News: तस्कर के घर पर चला पीला पंजा, CP Bhullar का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: तस्कर के घर पर चला पीला पंजा, CP Bhullar का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिला क्षेत्र में नशा तस्करी के मामले में नामजद युवक रमदीप राजा का अवैध मकान आज नगर निगम अमृतसर द्वारा ढहा दिया गया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस कमिश्नर गुरप्रीत सिंह भुल्लर स्वयं मौके पर पहुंचे और पूरी ऑपरेशन की निगरानी की। पुलिस ने निगम को पूरी सुरक्षा मुहैया कराई। कमिश्नर भुल्लर ने बताया कि रमदीप राजा के खिलाफ 2018 से लेकर अभी तक कुल 6 एफआईआर दर्ज हैं और वह एक हैबिचुअल ड्रग पैडलर है और अभी वह जमानत पर बाहर था। उन्होंने कहा कि ड्रग मनी के साथ बनवाई गई कोई भी संपत्ति कानून के सामने टिक नहीं सकती और इसका अंत यही होता है।

    उन्होंने कहा कि 1 जनवरी 2026 से अब तक अमृतसर में 526 नशा तस्करी के मामले दर्ज किए गए हैं और 899 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान लगभग 34 किलो हेरोइन समेत अन्य नशीले पदार्थ जैसे आईस और ओपिओम भी बरामद किए गए हैं। इसके अलावा 18 लाख 56 हजार 460 रुपये ड्रग मनी और 19 वाहन भी जब्त किए गए हैं।

    पुलिस कमिश्नर ने कहा कि जिला क्षेत्र के कुमटाला गांव को लगातार हॉटस्पॉट के रूप में मॉनिटर किया जा रहा है और जहां भी नशा तस्करी की गतिविधि मिलती है, वहां खास ध्यान दिया जाता है। उन्होंने कहा कि यह कार्रवाई पंजाब सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत की जा रही है और यह 23वीं कार्रवाई है। उन्होंने युवकों और माता-पिता से निवेदन किया कि नशे से दूर रहें और मेहनत की कमाई को अपनाएं, क्योंकि गलत रास्ता हमेशा नुकसानदायक होता है।

     

  • CM नायब सैनी की बड़ी बैठक, कई विभागों के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी

    CM नायब सैनी की बड़ी बैठक, कई विभागों के प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी

    चंडीगढ़: हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई हाई पावर्ड परचेज कमेटी की बैठक में हरियाणा सरकार ने विकास कार्यों को तेज़ करने के लिए बड़ा फैसला लिया। बैठक में हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, डीएचबीवीएन, एचएसआईआईडीसी, पीडब्ल्यूडी, एफएमडीए, जीएमडीए समेत 10 से अधिक विभागों की परियोजनाओं पर करीब 1028 करोड़ रुपये खर्च करने को मंजूरी दी गई। साथ ही, बोली प्रक्रिया में नेगोशिएशन कर लगभग 96 करोड़ रुपये की बचत भी की गई। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग हो और काम तय समय व गुणवत्ता मानकों के अनुसार पूरा किया जाए।

    बैठक में बिजली और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई अहम फैसले लिए गए, जिनमें पीसीसी पोल, सिंगल और थ्री फेस मीटर तथा 25 केवीए ट्रांसफार्मरों की खरीद शामिल है। हरियाणा एग्रो इंडस्ट्रीज के ‘हर-हित’ प्रोजेक्ट के तहत 29 करोड़ रुपये की खरीद को मंजूरी दी गई, जबकि मेडिकल कॉलेजों में ‘स्टूडेंट एंड फैकल्टी लाइफ साइकिल मैनेजमेंट सिस्टम’ लागू करने के लिए 5.78 करोड़ रुपये स्वीकृत हुए। गुरुग्राम में स्टॉर्म वाटर डायवर्जन, करनाल में प्रशिक्षण केंद्र, फरीदाबाद में जल आपूर्ति योजना और गुरुग्राम में एसटीपी व पंपिंग स्टेशन जैसे कई प्रोजेक्ट्स को भी हरी झंडी मिली।

    इसके अलावा, पंचकूला में अटल पार्क और शूटिंग रेंज स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, पानीपत में सीईटीपी, जींद में स्वास्थ्य केंद्र, भिवानी में एक्वा पार्क और पलवल में एसटीपी जैसे परियोजनाओं को भी मंजूरी दी गई। सिंचाई क्षेत्र में नहर संरचनाओं के निर्माण और पुनर्निर्माण के लिए भी बजट स्वीकृत हुआ। बैठक में ऊर्जा मंत्री अनिल विज, शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल, कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा समेत कई वरिष्ठ मंत्री और अधिकारी मौजूद रहे, जिन्होंने प्रदेश में बेहतर सुविधाएं और तेज़ विकास सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

  • Punjab News: 2 साल पहले विदेश गए नौजवान की मौत, इलाके में शोक की लहर, देखें वीडियो

    Punjab News: 2 साल पहले विदेश गए नौजवान की मौत, इलाके में शोक की लहर, देखें वीडियो

    होशियारपुरः मुकेरियां के गांव मुशाहपुर के नौजवान की अमेरिका के शहर मिनिसोटा में दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 42 राजिंदर सिंह के निवासी गांव मुशाहपुर के रूप में हुई है। अमेरिका में राजिंदर की मौत की खबर जैसे ही गांव में पहुंची तो गांव में शोक की लहर छा गई। मामले की जानकारी देते हुए मृतक राजिंदर के भाई ने बताया कि वह 2 साल पहले अमेरिका गया था और अमेरिका के शहर मिनिसोटा में रहता था।

    बीते 2 दिन पहले अमेरिका से राजिंदर के दोस्त ने फोन पर बताया कि उसकी मौत हो गई है। इस खबर से पूरा परिवार टूट गया। भाई ने बताया कि राजिंदर घर में इकलौता कमाने वाला था। राजिंदर की 2 छोटी बेटियां हैं। परिवार ने कर्ज उठाकर उसे विदेश भेजा था। परिवार की आर्थित स्थिति भी ठीक नहीं है। राजिंदर के परिवार ने केंद्र सरकार और पंजाब सरकार से मदद की गुहार लगाई है ताकि उसका अंतिम संस्कार पूरे रीति रिवाज के साथ गांव मुशाहपुर में किया जा सके।

     

     

  • हरियाणा में ‘Water Secure Haryana’ प्रोग्राम लॉन्च, 5,715 करोड़ की बड़ी योजना

    हरियाणा में ‘Water Secure Haryana’ प्रोग्राम लॉन्च, 5,715 करोड़ की बड़ी योजना

    चंडीगढ़- हरियाणा के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने प्रदेश में दीर्घकालिक जल स्थायित्व के उद्देश्य से महत्वाकांक्षी ‘वॉटर सिक्योर हरियाणा’ कार्यक्रम के क्रियान्वयन को लेकर आज यहां वर्ल्ड बैंक एप्रेजल मिशन के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। 5,715 करोड़ रुपये की कुल लागत के इस कार्यक्रम में 4,000 करोड़ रुपये का विश्व बैंक ऋण शामिल है। इस पहल का उद्देश्य हरियाणा में कृषि जल उपयोग की दक्षता, विश्वसनीयता और स्थिरता सुनिश्चित करना है। छह वर्षों की अवधि में प्रस्तावित यह कार्यक्रम राज्य में जल प्रबंधन प्रणाली को मजबूती देने का एक व्यापक और सुव्यवस्थित प्रयास है।

    यह परियोजना विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से लागू की जाएगी। इसके अंतर्गत सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग को 3,328 करोड़, सूक्ष्म सिंचाई एवं कमान एरिया विकास प्राधिकरण को 1,500 करोड़ तथा कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को 887 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। विभागों के इस समन्वय से समेकित योजना और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होने की उम्मीद है। सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता डॉ. सतबीर सिंह कादियान ने बताया कि यह कार्यक्रम आधुनिक तकनीक के उपयोग, संस्थागत सुदृढ़ीकरण और किसान-केंद्रित हस्तक्षेपों के माध्यम से जल प्रबंधन में संरचनात्मक परिवर्तन लाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। यह कार्यक्रम 15 क्लस्टरों में लागू किया जाएगा, जो 48.94 लाख एकड़ क्षेत्र को कवर करेगा और राज्य के सिंचाई योग्य कमांड एरिया के बड़े हिस्से को लाभ होगा।

    इस पहल का एक प्रमुख फोकस डेटा-आधारित जल प्रबंधन प्रणाली को अपनाना है, जिसमें डिजिटल डेटाबेस और रियल-टाइम मॉनिटरिंग तंत्र शामिल हैं, ताकि सिंचाई दक्षता और सेवा वितरण में सुधार किया जा सके। कार्यक्रम में टिकाऊ कृषि पद्धतियों पर भी विशेष जोर दिया गया है, जिसमें फसल विविधीकरण तथा डायरेक्ट सीडेड राइस जैसी जल-संरक्षण तकनीकों को बढ़ावा देना शामिल है। बैठक में कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजयेंद्र कुमार, वास्तुकला विभाग के प्रधान सचिव पंकज अग्रवाल, आबकारी एवं कराधान विभाग की आयुक्त एवं सचिव श्रीमती आशिमा बराड़ सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

  • Punjab News: ठेका खुलने को लेकर लोगों का विरोध, किया रोड बंद, देखें वीडियो

    Punjab News: ठेका खुलने को लेकर लोगों का विरोध, किया रोड बंद, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में फव्वारा वाला चौक के पास शराब का ठेका खुलने को लेकर लोगों द्वारा विरोध किया जा रहा है। लोगों ने रास्ता बंद करके प्रदर्शन करना शुरू कर दिया। डेढ घंटे से अधिक समय सड़क बंद किए हो चुका है, लेकिन अभी तक कोई अधिकारी घटना स्थल पर नहीं पहुंचा है। मामले की जानकारी देते हुए स्थानीय लोगों ने कहाकि ठेके पास ही 200 साल पुरानी चर्च है। हितेश ने कहा कि 50 साल पुरानी शहर की यहां पर चप्पाई बनी हुई है और यहां पर परिवारिक लोग आते है। वहीं 50 मीटर दायरे में धार्मिक मंदिर है और कुछ दूरी पर कॉलेज भी मौजूद है।

    उन्होंने कहा कि ठेका बंद करने को लेकर आज चप्पाटी मार्किट के दुकानदारों ने दुकाने बंद की है, ऐस में कल अन्य लोग भी विरोध पर उतरेंगे। इसलिए हितेश ने अपील की है कि ठेके को जल्द बंद किया जाए। चर्च के इंचार्ज पास्टर ने कहा कि चर्च और मंदिर के पास ठेका खोला गया है। उन्होंने कहा कि 200 साल पुरानी चर्च बनी हुई है। ऐसे में ठेका खुलने पर मंदिर और चर्च में श्रद्धालुओं को आने में परेशानी का सामना करना पड़ेगा। पास्टर ने कहा कि अभी तक मामले को लेकर पुलिस को शिकायत नहीं दी है, लेकिन वह जल्द डिप्टी कमिशनर के समक्ष मामले को रखेंगे।

    वहीं पकंज ने कहा कि 50 साल पुरानी मार्किट है और कुछ दूरी पर लॉ कॉलेज, मंदिर और चर्च बनी हुई है। पकंज ने कहा कि रातों-रात यहां पर ठेका खोल दिया गया। पकंज ने बताया कि डेढ घंटे से रोड जाम किया गया है। वहीं ठेका कर्मियों से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उनके पास ठेका खोलने का लाइसेंस मौजूद है। हंगामा होने के बाद ठेके के कर्मी ठेका बंद करके चले गए। इस मामले को लेकर पुलिस का कहना है कि एक्साइज का मामला है, लेकिन अभी तक एक्साइज का कोई अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है। मार्केट के लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि ठेका खोलने का फैसला वापस नहीं लिया गया तो प्रदर्शन को और उग्र किया जाएगा।

  • Amarnath Yatra के लिए इस दिन से Registration शुरू, नियमों में उम्र सीमा लागू

    Amarnath Yatra के लिए इस दिन से Registration शुरू, नियमों में उम्र सीमा लागू

    नई दिल्लीः अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण 15 अप्रैल से शुरू होगा और पहले आओ, पहले पाओ के आधार पर पंजीकरण कराया जाएगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की ने इसकी जानकारी दी है और यात्रा शुरू होने की जानकारी शीघ्र उपलब्ध करवाई जाएगी। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड ने देश के राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में विभिन्न बैंकों में होने वाले बैंकों की शाखाओं में होने वाले पंजीकरण की जानकारी उपलब्ध करवा दी है। बोर्ड ने कहा है कि 9 अप्रैल के बाद से जारी किया गया स्वास्थ्य प्रमाण पत्र ही वैध होगा। यात्री की आयु 13 साल से कम और 70 साल की आयु से अधिक नहीं होनी चाहिए। एडवांस पंजीकरण पहले की तरह आधार आधारित बायोमैट्रिक तरीके से होगा। हर श्रद्धालु को आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाणपत्र बनवाना होगा।

    प्रति यात्री से एक सौ पचास रुपये की पंजीकरण फीस ली जाएगी। कुल 554 शाखाओं में पंजीकरण होगा। जिसमें से पंजाब नेशनल बैंक, भारतीय स्टेट बैंक, जम्मू कश्मीर बैंक, यस बैंक शामिल है। जम्मू कश्मीर के डोडा, जम्मू, कठुआ, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी, सांबा, श्रीनगर, उधमपुर, रियासी, अनंतनाग, पुलवामा, डोडा में संबंधित बैंकों की विभिन्न शाखाओं में एडवांस पंजीकरण किया जाएगा। बोर्ड ने विभिन्न प्रदेशों और केंद्र शासित प्रदेशों में डॉक्टरों और अस्पतालों की सूची भी जारी कर दी है। यात्रा परमिट भी इसी आधार पर जारी किए जाएंगे। तीर्थयात्रा की आधिकारिक तिथियों की घोषणा शीघ्र ही की जाएगी। श्रद्धालुओं को सलाह दी जाती है कि वे समय पर पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें।

    पंजीकरण के साथ ही यात्री को पहलगाम या बालटाल के लिए यात्री परमिट दिया जाएगा। आरआईएफडी के बिना यात्रा की अनुमित नहीं होगी। विदेशी नागरिक श्रद्धालुओं का श्री बाबा अमरनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण पंजाब नेशनल बैंक से होगा। श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की तरफ से जारी के निर्देश के तहत विदेशी नागरिक श्रद्धालु को आवश्यक दस्तावेजों को पंजीकरण के लिए आईटी विभाग पंजाब नेशनल बैंक के सीनियर मैनेजर, सर्किल ऑफिस जम्मू को ईमेल करना होगा। जिसमें आवेदन फार्म आवश्यक स्वास्थ्य प्रमाण पत्र, वैध पासपोर्ट स्कैन फोटो और प्रति यात्री पंजीकरण फीस 1550 रुपए बैंक के खाते में जमा करवानी होगी। यह जानकारी श्रद्धालु श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड की वेबसाइट से हासिल कर सकते हैं। आरआइएफडी कार्ड के बिना कोई भी श्रद्धालु यात्रा नहीं कर सकेगा। यह कार्ड जम्मू कश्मीर के विभिन्न जिलों में स्थापित किए जाने वाले केंद्रों में उपलब्ध होंगे।