Blog

  • मेधावी विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों का अहम योगदान

    मेधावी विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता और शिक्षकों का अहम योगदान

    चंडीगढ़ : हरियाणा के शिक्षा मंत्री श्री महीपाल ढांडा ने कहा कि 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थिय़ों की मार्कशीट केवल अंकों का एक कागज नहीं है। यह उनकी रातों की नींद, उनके माता-पिता के त्याग और शिक्षकों के निस्वार्थ मार्गदर्शन का जीवंत प्रमाण है। शिक्षा मंत्री आज पंचकूला के शिक्षा सदन में सरकारी स्कूलों के हरियाणा शिक्षा बोर्ड व सीबीएसई बोर्ड के 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। इस समारोह में 22 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। मंत्री ने परीक्षा में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले विद्यार्थियों को क्रमश 11 हजार, 8100 व 5100 रुपये से सम्मानित किया।

    शानदार सफलता पर पूरे प्रदेश को है गर्व

    समारोह में शिक्षा मंत्री ने कहा कि आज का दिन मेरे लिए केवल एक मंत्री के तौर पर नहीं, बल्कि एक अभिभावक के तौर पर बेहद गर्व और हर्ष का दिन है। आपकी इस शानदार सफलता पर पूरे हरियाणा को गर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों की सफलता का एक बड़ा श्रेय उनके माता-पिता और गुरुजनों को देते हुए कहा कि जब बच्चे पढ़ाई के लिए जाग रहे थे, तब माता-पिता भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ जाग रहे थे।

    हर बच्चे को मिलेगी आधुनिक शिक्षा

    श्री महीपाल ढांडा ने सरकार के संकल्प को दोहराते हुए साफ किया कि वर्तमान सरकार का एकमात्र लक्ष्य हरियाणा के हर बच्चे को वैश्विक स्तर की आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के तहत प्रदेश के शैक्षणिक इंफ्रास्ट्रक्चर को लगातार मजबूत किया जा रहा है ताकि गांव के आखिरी छोर पर रह रहे बच्चे को भी आगे बढ़ने के समान और बेहतर अवसर मिल सकें। हरियाणा के युवाओं में हुनर की कोई कमी नहीं है और सरकार का काम उनकी इसी ऊर्जा को सही दिशा देना है।

    सफलता यात्रा का एक पड़ाव है, मंजिल नहीं

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि यह सफलता विद्यार्थिय़ों की यात्रा का एक पड़ाव है, अंतिम मंजिल नहीं। आगे की राह में चुनौतियां और बड़ी होंगी, लेकिन उन्हें पूरा विश्वास है कि छात्रों का यही जज्बा उन्हें हर मोर्चे पर विजयी बनाएगा। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे अपनी शिक्षा का उपयोग केवल अपने करियर को ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए ही न करें, बल्कि इसका उपयोग समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी करें, क्योंकि देश और प्रदेश को उनसे बहुत उम्मीदें हैं।

    कम अंक लाने वाले विद्यार्थी निराश न हों

    शिक्षा मंत्री ने कहा कि उम्मीद के मुताबिक अंक न ला पाने वाले विद्यार्थियों को निराश होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। परीक्षा के अंक आपकी पूरी जिंदगी का फैसला नहीं कर सकते। असफलता केवल यह बताती है कि सफलता का प्रयास पूरे मन से नहीं हुआ। उन्होंने छात्रों को सीख दी कि वे अपनी कमियों को पहचानें और दुगनी ताकत से दोबारा उठ खड़े हों, आने वाला समय निश्चित रूप से उनका होगा। उन्होंने सभी मेधावी छात्रों को निरंतर आगे बढ़ने और वीर राज्य हरियाणा का नाम रोशन करने की शुभकामना दी। इस अवसर पर हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग के प्रधान सचिव श्री विजय सिंह दहिया, माध्यमिक शिक्षा के निदेशक श्री जितेंद्र दहिया, डायरेक्टर श्री मनिता मलिक, स्टेट प्रोजेक्ट डायरेक्टर हरियाणा स्कूल, शिक्षा परियोजना परिषद श्री स्वपनिल रवींद्र पाटिल व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

  • एस.सी. आयोग द्वारा राजा वड़िंग के बयान का लिया सू मोटो नोटिस

    एस.सी. आयोग द्वारा राजा वड़िंग के बयान का लिया सू मोटो नोटिस

    चंडीगढ़ : पंजाब राज्य अनुसूचित जाति आयोग के चेयरमैन जसवीर सिंह गढ़ी ने कांग्रेस पार्टी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की वायरल वीडियो का सू मोटो नोटिस लिया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए जसवीर सिंह गढ़ी ने बताया कि कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर द्वारा आयोग के ध्यान में लाया गया कि कांग्रेस पार्टी के प्रधान अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने चुनाव प्रचार के दौरान दलित जातियों के प्रति जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया है।

    जिस संबंध में आयोग ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, श्री मुक्तसर साहिब से 29 मई 2026 को एस.पी. श्री मुक्तसर साहिब के माध्यम से रिपोर्ट तलब की है। साथ ही पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग की आवाज के सैंपल लेकर फोरेंसिक जांच करवाई जाए तथा उसकी रिपोर्ट आयोग को प्रस्तुत की जाए।

     

  • उधार दिए 600 रुपये मांगना पड़ा भारी, 2 युवकों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

    उधार दिए 600 रुपये मांगना पड़ा भारी, 2 युवकों ने पीट-पीटकर उतारा मौत के घाट

    अलीगढ़ः जिले में 600 रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में आटो रिक्शा चालक की पीट-पीट कर हत्या करने का मामला सामने आया है। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) आदित्य बंसल ने बताया कि यह घटना बीती देर रात बन्नादेवी थाना क्षेत्र के तहत सरसोल पुलिस चौकी के पास हुई। उन्होंने बताया कि के मृतक की पहचान ऑटो रिक्शा चलाने वाले यामीन नामक व्यक्ति के रूप में हुई है।

    उन्होंने बताया कि यामीन अपना इलाज करने के लिए अस्पताल जा रहा था और उसने अपने पड़ोसी अनीस से उधार दिए गए 600 रुपये वापस मांगे थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहा-सुनी हो गई, जिसके बाद अनीस और उसके 2 अन्य साथियों ने यामीन और उसकी पत्नी पर हमला कर दिया। परिवार के लोगों ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान यामीन के सिर पर भी चोट लगी थी।

    उन्होंने बताया कि यामीन की पत्नी सलमा और उसका भाई बाद में शिकायत दर्ज कराने के लिए थाने पहुंचे लेकिन इसी दौरान यामीन बेहोश होकर गिर पड़ा। बंसल ने बताया कि यामीन को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि इस मामले में अनीस, और उसके साथियों मोनिस और नफीस के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करके उनकी तलाश की जा रही है। वहीं पीड़ितों ने पुलिस से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

  • फिरोजपुर में 5 ग्लॉक पिस्तौल समेत हथियार सप्लायर काबू

    फिरोजपुर में 5 ग्लॉक पिस्तौल समेत हथियार सप्लायर काबू

    चंडीगढ़/फिरोजपुर : पंजाब को सुरक्षित राज्य बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता में काउंटर इंटेलिजेंस (सीआई) फिरोजपुर ने एक हथियार सप्लायर को गिरफ्तार कर सीमा पार से अवैध हथियारों की तस्करी करने वाले मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है तथा उसके कब्जे से पांच .30 बोर ग्लॉक पिस्तौल और चार जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। यह जानकारी आज यहां पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान लखविंदर सिंह निवासी गांव खेड़ा के उत्तर, फिरोजपुर के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और वह मात्र एक माह पहले ही जेल से रिहा हुआ था।

    डीजीपी गौरव यादव ने कहा कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि बरामद किए गए हथियार कथित तौर पर सीमा पार से चैनलों के माध्यम से भारत में तस्करी करके लाए गए थे और इन्हें नेटवर्क के जरिए आगे पहुंचाने की योजना थी। डीजीपी ने कहा कि इस मामले में आगे और पीछे के संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है ताकि मॉड्यूल से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान की जा सके। इस ऑपरेशन संबंधी जानकारी साझा करते हुए एआईजी सीआई फिरोजपुर गुरसेवक सिंह ने कहा कि पुलिस टीमों को संदिग्ध लखविंदर सिंह द्वारा क्षेत्र में हथियार सप्लाई किए जाने संबंधी विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई थी।

    तेजी से कार्रवाई करते हुए सीआई फिरोजपुर की पुलिस टीम ने फिरोजपुर के कुलगढ़ी क्षेत्र में गुप्त अभियान चलाकर लखविंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने आगे बताया कि उसकी तलाशी के दौरान पुलिस पार्टी ने पांच आधुनिक हथियारों की खेप बरामद की। एआईजी ने कहा कि जांच से पता चला है कि आरोपी ने ये हथियार अपने हैंडलर के निर्देशों पर आपराधिक समूहों के सदस्यों को सप्लाई करने थे। उन्होंने कहा कि जांच आगे बढ़ने के साथ आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां तथा बरामदगी होने की संभावना है। इस संबंध में थाना कुलगढ़ी, फिरोजपुर में आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर नंबर 103 दिनांक 25-05-2026 दर्ज की गई है।

  • America में Gujarati महिला की गोली मारकर हत्या, Store में घुसे लूटेरे ने की वारदात, देखें CCTV

    America में Gujarati महिला की गोली मारकर हत्या, Store में घुसे लूटेरे ने की वारदात, देखें CCTV

    वर्जीनियाः एक गुजराती मूल की महिला की गोली मारकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक मेघना पटेल (47) एक स्टोर में काम करती थीं। सोमवार सुबह मेघना ने स्टोर खोला था कि कुछ देर बाद ही एक नकाबपोश व्यक्ति स्टोर में दाखिल हुआ और उन पर फायरिंग कर दी। इसके बाद हमलावर स्टोर में लूटपाट करने के बाद फरार हो गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग स्टोर पहुंचे और एंबुलेंस को सूचना दी। हालांकि, मेघना की मौके पर ही मौत हो गई।
    वहीं पूरी घटना स्टोर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में देखा जा सकता है कि एक अज्ञात शख्स स्टोर में दाखिल होता है। पहचान छिपाने के लिए उसने ट्रैक सूट, जैकेट, हाथों में दस्ताने, चेहरे पर मास्क और सिर पर टोपी पहनी हुई थी, जिससे उसकी सिर्फ आंखें ही दिखाई दे रही थीं। आरोपी मेघना के पास पहुंचते ही उन्हें पहले कुछ पूछता है और बाद में अचानक उन पर ताबड़तोड़ दो-तीन राउंड फायरिंग कर देता है। उनके जमीन पर गिरते ही वह कैश बॉक्स से करंसी निकालकर फरार हो जाता है। बता दें, मेघना पटेल मूल रूप से गुजरात में मेहसाणे जिले के जंत्राल गांव की रहने वाली हैं। परिवार के साथ वे पिछले 10 सालों से वर्जीनिया सिटी में रह रही थीं। इस स्टोर में करीब 8 सालों काम कर रही थीं। मेघनाबेन के पिता करसनभाई और माता कपिलाबेन गुजरात के जंत्राल गांव में ही रहते हैं। वहीं घटना के बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।  
  • पंजाब में 13 जून को होगा चार नगर काउंसिलों का चुनाव, राज्य चुनाव आयोग ने किया ऐलान

    पंजाब में 13 जून को होगा चार नगर काउंसिलों का चुनाव, राज्य चुनाव आयोग ने किया ऐलान

    चंडीगढ़ : स्थानीय निकाय विभाग, पंजाब द्वारा पंजाब म्यूनिसिपल एक्ट, 1911 की धारा 13-ए के अंतर्गत जारी अधिसूचना संख्या 03/01/इलेक्शन्स(एस-2)/एमईबी/2026/78 दिनांक 21.05.2026 के अनुसार राज्य चुनाव आयोग, पंजाब ने नगर काउंसिल दीनानगर, नगर काउंसिल गुरदासपुर, नगर काउंसिल कादियां तथा नगर काउंसिल शाम चौरासी के सदस्यों के चुनाव के लिए आम चुनाव करवाने की तिथियों की घोषणा कर दी है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 30.05.2026 (शनिवार) को सुबह 11:00 बजे से दोपहर 03:00 बजे तक संबंधित रिटर्निंग अधिकारी के कार्यालय में दाखिल किए जाने शुरू होंगे और अंतिम तिथि 03.06.2026 (बुधवार) दोपहर 03:00 बजे तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच 04.06.2026 (वीरवार) को की जाएगी। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 05.06.2026 (शुक्रवार) दोपहर 03:00 बजे तक होगी। इन नगर काउंसिलों के चुनाव 13.06.2026 (शनिवार) को सुबह 08:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक करवाए जाएंगे। मतदान के तुरंत बाद उसी दिन मतों की गिनती की जाएगी। आयोग ने इन चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से करवाने के लिए सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही इन नगर काउंसिलों के अधिकार क्षेत्र में, जहां चुनाव होने हैं, आदर्श आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है और यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहेगी।
  • Jalandhar News: इस इलाके में लगी भीषण आग, देखें Live

    Jalandhar News: इस इलाके में लगी भीषण आग, देखें Live

    जालंधर, ENS: सोढल मंदिर की बैकसाइड बंटी टैंट हाउस वाली गली में स्थित घर में भीषण आग लगने की घटना सामने आई है। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। आग की लपटें दूर से ही दिखाई दे रही है। वहीं आग लगने से धुएं का गुब्बार आसमान में छा गया। इस घटना को लेकर लोगों में हड़कंप मच गया। लोगों ने तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा आग पर काबू पाने के प्रयास किए जा रहे है। इस घटना की वीडियो भी सामने आई है, जिसमें घर की छत से बाहर के रास्ते से आग की लपटें दिखाई दे रही है। घटना मे घर में पड़ा सामान जलकर राख हो गया।

    मिली जानकारी के अनुसार घर में मंदिर में ज्योत जलाई हुई थी। इस दौरान छोटा बच्चा कमरे गया और कुछ देर बाद वह भागकर नीचे आ गया। इस दौरान मंदिर में आग लग गई और देखते ही देखते आग भड़क गई। घटना में पहली मंजिल पर पड़ा सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित शीतल सिंह ने कहा कि 302 मकान में आग लग गई। पीड़ित के अनुसार बच्चों द्वारा मंदिर में तीली से आग लगाई गई और चिंगारी से आग भड़क गई। घटना के दौरान वह नीचे सो रहे थे। इस हादसे में वाशिंग मशीन, पंखा, कपड़े सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। इस घटना में जानी नुकसान होने से बचाव हो गया। घटना के दौरान छत पर परिवार मौजूद था। मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया।

    वहीं सुशील कुमार ने कहाकि वह ऑटो लेकर आ रहा था। इस दौरान देखा कि घर की छत पर आग लगी हुई थी। जिसके बाद लोगों की मदद से वह पहले आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। लेकिन देखते ही देखते आग भड़क गई। जिसके बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और उन्होंने आग पर काबू पाया। वहीं पार्षद के भाई कुलदीप शारदा ने कहाकि उन्हें घर में आग लगने की सूचना मिली थी। घटना के दौरान बच्चा छत पर खेल रहा था और अचानक मंदिर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने भीषण रूप धारण कर लिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर दमकल विभाग की 3 गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया।

  • श्रद्धालुओं से भरी Private Bus पलटी, 1 की मौत, 30 लोग घायल, मची चीख-पुकार

    श्रद्धालुओं से भरी Private Bus पलटी, 1 की मौत, 30 लोग घायल, मची चीख-पुकार

    चित्तौड़गढ़ः नेशनल हाईवे पर आज सुबह श्रद्धालुओं से भरी प्राइवेट बस पलट गई। इसमें एक श्रद्धालु की मौत हो गई, जबकि करीब 30 लोग घायल हैं। ये श्रद्धालु चित्तौड़गढ़ से प्रसिद्ध कृष्ण धाम सांवलियाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। टक्कर इतनी तेज थी कि बस की छत पर बैठे 20 से 25 यात्री सीधे नेशनल हाईवे की पक्की सड़क पर जा गिरे। गनीमत रही कि हादसे के वक्त पीछे से कोई तेज रफ्तार गाड़ी नहीं आ रही थी, वरना सड़क पर गिरे यात्री उसकी चपेट में आ सकते थे।

    जानकारी देते भादसोड़ा थाना अधिकारी महेंद्र सिंह गुर्जर ने बताया कि राजनंदिनी नाम की एक प्राइवेट बस चित्तौड़गढ़ से यात्रियों को लेकर सांवलियाजी जा रही थी। बागुंड के पास बस सर्विस रोड पर चल रही थी कि अचानक ड्राइवर ने नियंत्रण खो दिया। इस दौरान बस सीधे नेशनल हाईवे की तरफ बढ़ गई, जहां आगे कोई रास्ता नहीं था। रफ्तार तेज होने के कारण बस ने जोरदार टक्कर मारते हुए डिवाइडर, वहां लगे बिजली के पोल और सुरक्षा रेलिंग को उखाड़ दिया और मुख्य हाईवे पर जाकर पलट गई।

    हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों की सूचना पर भादसोड़ा पुलिस और चित्तौड़गढ़ सहित आसपास के इलाकों से एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत बस से बाहर निकाला और भादसोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र व सांवलियाजी मंडफिया हॉस्पिटल पहुंचाया। 4 से 5 गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद चित्तौड़गढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

    हादसे में 32 साल के रघुवीर मीणा निवासी नपनिया, तहसील छबड़ा (जिला बारां) की मौत हो गई। बस में सवार यात्री जयपुर, जोधपुर, कोटा, सवाई माधोपुर और उत्तर प्रदेश (UP) समेत विभिन्न राज्यों व जिलों से चित्तौड़गढ़ पहुंचे थे। वहां से सांवलियाजी मंदिर दर्शन के लिए इस बस में सवार हुए थे। हादसे के बाद भादसोड़ा पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को बीच हाईवे से हटवाया और क्षतिग्रस्त बिजली के पोल व रेलिंग को किनारे कर यातायात को सुचारू करवाया। पुलिस ने बस ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

  • Punjab News: हाई-टेक जासूसी, CCTV से Pakistan सूचना भेजने के मामले में 3 गिरफ्तार

    Punjab News: हाई-टेक जासूसी, CCTV से Pakistan सूचना भेजने के मामले में 3 गिरफ्तार

    पठानकोटः पंजाब की पठानकोट पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने एक संयुक्त और त्वरित कार्रवाई करते हुए सीमा पार बैठी पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी (ISI) के एक बहुत बड़े हाई-टेक जासूसी नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। भारतीय सेना व अर्धसैनिक बलों की सीसीटीवी के जरिए गोपनीय जानकारी साझा करने के मामले में पुलिस ने 3 अन्य आरोपियों को देर रात गुरदासपुर से अरेस्ट किया है। इनमें से एक पहले से गिरफ्तार मुख्य आरोपी बलजीत सिंह उर्फ बीतू का सगा भाई हरदीप सिंह है। यह सभी देश विरोधी ताकतों और पाकिस्तान स्थित ISI हैंडलर्स से संपर्क में थे। जिसने आरोपी का मोबाइल छिपाया था और पुलिस से बचाने का प्रयास किया। लेकिन पुलिस ने उसे भी दबोच लिया। इसके अलावा, 2 अन्य आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। जोकि, गुरदासपुर के रहने वाले हैं। बता दें, इस मामले में अब तक 5 लोग गिरफ्तार हो चुके हैं। वहीं एक फरार है और 2 पहले से जेल में बंद हैं।

    यह नेटवर्क राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) पर सुजानपुर के पास बाकायदा सीसीटीवी कैमरे लगाकर भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों की लाइव मूवमेंट सीधे पाकिस्तान भेज रहा था। सुरक्षा एजेंसियों और सुजानपुर पुलिस को पुख्ता खुफिया इनपुट मिले थे कि पठानकोट क्षेत्र में देश की संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा को सीधे तौर पर खतरे में डालने वाली कुछ राष्ट्र-विरोधी गतिविधियां सक्रिय हैं। इनपुट्स के आधार पर सुजानपुर पुलिस स्टेशन में 21 मई को मुकदमा दर्ज किया गया। इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और देश के सबसे सख्त कानूनों के तहत एफआईआर दर्ज की है।

    जांच के दौरान पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों के सामने जो सच आया, उसने सभी के होश उड़ा दिए। आरोपियों ने देश-विरोधी साजिश के तहत बेहद शातिराना तरीका अपनाया था। आरोपियों ने सुजानपुर में पुल नंबर 4 और 5 के बीच, राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-44) के बिल्कुल किनारे स्थित एक दुकान को चुना। इस दुकान पर विशेष रूप से सीसीटीवी कैमरे इस तरह फिट किए गए थे कि वहां से गुजरने वाले भारतीय सेना और अर्धसैनिक बलों के काफिलों और उनकी रणनीतिक मूवमेंट को स्पष्ट रूप से रिकॉर्ड किया जा सके। इन कैमरों की लाइव फीड और फुटेज को सीधे इंटरनेट के माध्यम से पाकिस्तान में बैठे आईएसआई के हैंडलरों और देश-विरोधी आकाओं को लाइव स्ट्रीम किया जा रहा था।

  • Haryana में होगा ATS का गठन, DGP Ajay Singhal ने बताए पुलिस के Action Plan, देखें वीडियो

    Haryana में होगा ATS का गठन, DGP Ajay Singhal ने बताए पुलिस के Action Plan, देखें वीडियो

    चंडीगढ/पंचकूलाः हरियाणा के DGP Ajay Singhal ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राज्य की कानून-व्यवस्था, आतंकवाद से निपटने की रणनीति, पुलिस एनकाउंटर, कर्मचारियों की सुरक्षा और अन्य अहम मुद्दों पर विस्तृत जानकारी साझा की।

    डीजीपी अजय सिंघल ने बताया कि पिछले कुछ समय में उनके डिपार्टमेंट का रिव्यू हो रहा है। मुख्यमंत्री सभी डिपार्टमेंट का रिव्यू कर रहे हैं। वहीं मुख्यमंत्री नायब सैनी ने उनके डिपार्टमेंट का अच्छे से रिव्यू लिया और पुलिस के टारगेट सेट करने के साथ मार्गदर्शन भी किया गया। इसी रिव्यू के बाद उन्होंने डिपार्टमेंट की मीटिंग रखी और नए टारगेट सेट करते हुए पुलिस अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए गए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सैनी ने पुलिस डिपार्टमेंट के लिए साढ़े 700 करोड़ रुपए सेंशन किए हैं जो पुलिस डिपार्टमेंट के इंफ्रास्ट्रक्चर को काफी मजबूत करेगा। यह पिछले 5 से 6 सालों के मुकाबले सबसे ज्यादा है और इससे उन्हें हरियाणा पुलिस को मजबूत करने में काफी सहायता मिलेगी।

    उन्होंने बताया कि हरियाणा पुलिस आतंकवाद और जासूसी जैसी गतिविधियों को बेहद गंभीरता से ले रही है। राज्य में आतंकवाद से जुड़े मामलों से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए एक एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड का गठन किया जा रहा है। इस विशेष यूनिट में प्रशिक्षित और अत्याधुनिक संसाधनों से लैस जवानों को शामिल किया जाएगा। एटीएस के तहत गुरुग्राम और पंचकूला में विशेष थाने स्थापित किए जाएंगे। आतंकवाद से संबंधित सभी मामलों को इन थानों में दर्ज किया जाएगा और भविष्य में एटीएस ही ऐसे मामलों की जांच और कार्रवाई को संभालेगी।

    वहीं कांग्रेस विधायक गोकुल सेतिया को कथित धमकी मिलने के मामले पर डीजीपी ने कहा कि जिस व्यक्ति का नाम सामने आया है, वह मलोट का रहने वाला है और पहले विधायक का कार्यकर्ता रह चुका है। दोनों पक्षों के बीच बातचीत हुई थी, जो बाद में बहस में बदल गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। इसी के साथ गुरमीत राम रहीत को मिलने वाली पैरोल के संबंध में पूछे गए सवाल पर डीजीपी ने कहा कि यह मामला जेल विभाग से संबंधित है और पैरोल देने या न देने का निर्णय संबंधित विभाग के अधिकार क्षेत्र में आता है।

    वहीं डीजीपी ने बताया कि पिछले पांच महीनों के दौरान हरियाणा में 70 से अधिक पुलिस एनकाउंटर हुए हैं। इन कार्रवाइयों के दौरान 3 पुलिसकर्मियों को भी गोली लगी है। अपराधियों के पैर में गोली लगने को लेकर उठते सवालों पर उन्होंने कहा कि ऐसा नहीं है कि केवल अपराधी ही घायल होते हैं, बल्कि पुलिसकर्मी भी अपनी जान जोखिम में डालकर कार्रवाई करते हैं और कई बार घायल भी होते हैं।

    फतेहाबाद में एक कॉन्स्टेबल की हीट वेव के कारण हुई मौत का उल्लेख करते हुए डीजीपी ने कहा कि इस घटना के बाद पुलिस विभाग ने कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। उन्होंने बताया कि 45 से 46 वर्ष से अधिक आयु वाले कर्मचारियों को नाका ड्यूटी से हटाने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा सभी कर्मचारियों का नियमित मेडिकल परीक्षण अनिवार्य किया गया है और उनकी मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।

    डीजीपी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के लिए कूलर, ठंडे पानी और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। जिन कर्मचारियों की स्वास्थ्य स्थिति ठीक नहीं है, उन्हें भी नाका ड्यूटी से हटाया जा रहा है ताकि भीषण गर्मी के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस अपराध नियंत्रण के साथ-साथ अपने जवानों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।