Blog

  • Jalandhar News: स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते हथियारों और अन्य सामान सहित 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Jalandhar News: स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देते हथियारों और अन्य सामान सहित 3 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कमिश्नरेट जालंधर पुलिस ने स्नेचिंग की वारदातों को अंजाम देने के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना 1 की पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल, एक्टिवा और दातर बरामद की है। आरोपियों की पहचान जसपाल सिंह उर्फ ​​लवली पुत्र बलवीर सिंह निवासी मोती नगर जालंधर, वरिंदर सिंह पुत्र प्रताप सिंह निवासी बोहर वाला मोहल्ला मकसूदां जालंधर और पवन कुमार उर्फ ​​पम्मा के रूप में हुई है।


    मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि कमिश्नरेट पुलिस ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार उनकी टीम ने मकसूदां चौक के पास नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान व्यक्ति ने बताया था कि पुल के पास पार्क में कुछ लोग चोरी के मोबाइल फोन बेचने आ रहे हैं। जिसके चलते उनकी टीम ने नाकाबंद करके 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

    पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एफआईआर नंबर 114 दिनांक 15.08.2024 धारा 304(2), 3(5) बीएनएस, थाना 1 में मामला दर्ज किया है। जांच में पता चला है कि जसपाल सिंह के खिलाफ पहले से ही एक मामला दर्ज है, पवन के खिलाफ 2 एफआईआर दर्ज हैं, जबकि वीरेंद्र सिंह की अभी तक कोई आपराधिक पृष्ठभूमि नहीं मिली है।

  • Punjab News: व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, 3 साल पहले हुई थी शादी, मामला दर्ज

    Punjab News: व्यक्ति ने उठाया खौफनाक कदम, 3 साल पहले हुई थी शादी, मामला दर्ज

    लुधियानाः खन्ना के धर्मपुरा मोहल्ला से बड़ी खबर सामने आई है। जहां टैक्सी चालक ने पत्नी और ससुराल वालों से परेशान होकर फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। आज अलसुबह 3 बजे परिवार के लोगों ने देखा कि कमरे में पंखे से व्यक्ति का शव लटक रहा था। जिसके बाद परिजनों ने शोर मचाते हुए आसपास के लोगों को बुलाया और उसे नीचे उतारा, लेकिन तक तक उसकी मौत हो चुकी थी। मृतक की पहचान 24 वर्षीय लक्की सिंह के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लक्की टैक्सी चलाता था।

    वह पत्नी और ससुराल वालों के काफी परेशान चल रहा था। पिता महावीर सिंह ने बताया कि उसके बेटे की शादी करीब 3 साल पहले हुई थी। उसके ससुराल वालों का घर भी पास ही है। शादी के बाद बेटा पैदा हुआ जिसकी उम्र करीब डेढ़ साल है। लक्की सिंह टैक्सी चलाकर परिवार का गुजारा करता था। दिल्ली एयरपोर्ट के ज्यादा चक्कर लगाता था। उसके घर में काफी समय से पत्नी क्लेश कर रही थी।

    अपने मायके वालों के साथ मिलकर खर्चा मांगती रहती थी। अब तलाक देने के लिए कहा जा रहा था। लक्की तलाक देने से इनकार कर रहा था। इसी कारण उसने खुदकुशी कर ली। राजेश कुमार बंटी ने बताया कि गत रात्रि भी लक्की की पत्नी आई थी। कमरे में करीब एक घंटा पति के साथ काफी झगड़ा किया। इसके बाद लक्की रोजाना की तरह अपना कमरा बंद करके सो गया। तड़के 3 बजे परिवार वालों ने देखा कि लक्की का शव पंखे से लटक रहा था।

    मामले की जांच कर रहे आईओ मुखत्यार सिंह ने बताया कि पुलिस को जब सूचना मिली तो वे तुरंत अपनी टीम समेत मौके पर गए। पंखे से शव लटक रहा था। सुसाइड नोट में लक्की ने अपनी पत्नी पूजा रानी और साला अमर को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मृतक के पिता महावीर के बयान दर्ज करके खुदकुशी के लिए मजबूर करने के आरोप में पूजा रानी और अमर के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। दोनों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं पोस्टमार्टम के बाद शव वारिसों के हवाले कर दिया गया।

  • Highway पर Car और E-Rickshaw की टक्कर में गर्भवती महिला सहित 4 की मौत

    Highway पर Car और E-Rickshaw की टक्कर में गर्भवती महिला सहित 4 की मौत

    रुद्रपुरः उत्तराखंड में जनपद उधम सिंह नगर के रुद्रपुर नैनीताल हाईवे पर अस्पताल से ई रिक्शा से घर लौट रही महिलाओं को कार चालक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि ई रिक्शा के परखच्चे उड़ गए। वहीं ई रिक्शा में बैठी 5 महिलाओं में से गर्भवती महिला समेत 3 महिला व ई रिक्शा चालक की मौत हो गई। जबकि 2 महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही कार चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्यवाही की जा रही है।

    जानकारी के मुताबिक देर रात ज्योति नामक महिला को अचानक लेबर पेन होने लगा। परिजन और आसपास की महिलाएं उसे ई रिक्शा से जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने जांच के बाद उन्हें घर भेज दिया। लगभग रात ढाई बजे गर्भवती महिला को लेकर सभी महिलाएं ई रिक्शे से घर लौट रही थी। जैसे ही वो अटरिया मोड से आगे पहुंचे कि एक कार ने ई रिक्शे में पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई रिक्शे के परखच्चे उड़ गए। ई रिक्शे में बैठी गर्भवती महिला सहित पांच महिला और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने गर्भवती महिला सहित तीन महिलाओं को रेफर कर दिया, जबकि दो महिलाओं सहित ई रिक्शा चालक को मृत घोषित कर दिया।

    हल्द्वानी के सुशील तिवारी अस्पताल में गर्भवती महिला की भी मौत हो गई, जबकि अन्य महिलाओं का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। एसपी क्राइम चंद्रशेखर घोड़के ने बताया कि घटना रात्रि लगभग ढाई से तीन बजे की है। हादसे में गर्भवती महिला सहित चार लोगों की मौत हुई है। अग्रिम कार्यवाही की जा रही है।

  • Punjab News: इंसानियत शर्मसार बेटे ने किया बाप का कत्ल, देखें वीडियो

    Punjab News: इंसानियत शर्मसार बेटे ने किया बाप का कत्ल, देखें वीडियो

    ढाई साल पहले आरोपी ने किया था दादी का कत्ल

    लुधियानाः समराला के गांव गहलेवाल में इंसानियत शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। जहां देर रात जवान बेटे ने पिता का कत्ल कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार बेटे ने लड़के के बाले से पिता पर हमला कर उसकी हत्या की, जिसके बाद वह दूसरे कमरे में जाकर बैठ गया। घटना को लेकर आसपास के लोगों ने घर जाकर देखा कि बेटे ने पिता की हत्या कर दी। आरोपी की पहचान 24 वर्षीय प्रभजोत सिंह के रूप में हुई है। वहीं मृतक की पहचान 55 वर्षीय जसविंदर सिंह के रूप में हुई है। गांववासियों ने घटना की सूचना थाना समराला पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके मृतक के शव को समराला सिविल अस्पताल में रखवाया। गांव के रहने वाले जसप्रीत सिंह ने बताया कि आरोपी प्रभजोत सिंह घर की छत पर तेजधार हथियार और लकड़ी का बाला लेकर खड़ा था। इससे लोगों को शक हुआ कि वह कुछ कर ना दें। आरोपी ने ढाई साल पहले अपनी दादी का कत्ल किया था। जसप्रीत सिंह ने बताया कि जब गांव वाले इकट्ठे होकर आरोपी के घर गए तो आरोपी अपने कमरे में बैठा था। जबकि दूसरे कमरे में उसके पिता जसविंदर सिंह का शव लहूलुहान पड़ा हुआ था। खून से भरी लकड़ा का बाला भी वहां पर पड़ा हुआ था। जिसके बाद लोगों ने मिलकर आरोपी प्रभजोत सिंह को उसके कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी और आरोपी को समराला पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
  • भारत बंद की कॉल को लेकर BSP और SC-ST समाज ने किया प्रदर्शन, देखे वीडियो

    भारत बंद की कॉल को लेकर BSP और SC-ST समाज ने किया प्रदर्शन, देखे वीडियो

    पंचकूलाः भारत बंद की कॉल को लेकर जिला सचिवालय में आज एससी-एसटी समाज व बहुजन समाज पार्टी वर्ग द्वारा डीसी ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया गया। इस दौरान पार्टी के सदस्यों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। बता दें कि 1 अगस्त 2024 को सुप्रीम कोर्ट द्वारा देश के करोडों एससी-एसटी वर्ग के लोगों के खिलाफ दिए गए वर्गीकरण एवं क्रीमी लेयर के फैसले का बसपा राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने खुला विरोध किया था।


    इस दौरान उन्होंने कहा था कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया फैसला देश के तमाम एससी एसटी वर्ग के लोगों के लिए आपातकाल के समान है। उन्होंने कहा कि समय-समय पर एससी- एसटी वर्ग के हितों के साथ कुठाराघात होता रहा है। देश की आजादी के 75 साल बाद भी दलित समाज के साथ जातीय आधार पर भेदभाव खत्म नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि आज भी नौकरियों में इनका बैकलॉग खाली पड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि सरकार को चाहिए वह संसद में कानून बनाकर सुप्रीम कोर्ट के आदेश को निष्प्रभावी बनाये व आरक्षण को संविधान की नौवी अनुसूची में डालकर एससी एसटी वर्ग के हितों को सुरक्षित करें।

    मामले की जानकारी देते हुए बहुजन समाज प्रत्याशी पवन रंधावा ने बताया कि बहुजन समाज पार्टी में वर्गीकरण करने और इसे खत्म करने का काम किया है। जिसको लेकर राष्ट्रपति के नाम आज उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा गया है। इस आरक्षण के मुद्दे को लेकर हरियाणा भर में बहुजन समाज पार्टी कार्य कर रही है। इसके साथ उन्होंने कहा कि क्रीमीलेयर को लेकर मुख्यमंत्री हरियाणा नायब सैनी ने समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के अंदर हम क्रीमीलेयर को लागू करेंगे। उन्होंने कहा कि क्रीमी लेयर को लेकर अभी तो हमारा एक छोटा सा प्रदर्शन है और हम मुख्यमंत्री नायब सैनी को बता देना चाहते हैं कि यदि वर्गीकरण की बात आई तो हम सड़कों पर उतरेंगे और प्रदर्शन करेंगे।

  • Punjab News: क्लब के चुनाव रद्द करने के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, लगाया धरना, देखें वीडियो

    Punjab News: क्लब के चुनाव रद्द करने के विरोध में सड़कों पर उतरे लोग, लगाया धरना, देखें वीडियो

    अमृतसरः हेरिटेज क्लब के चुनाव रद्द होने को लेकर लोगों में रोष पाया जा रहा है। जिसके बाद शहर के सभी गणमान्य व्यक्ति प्रशासन के खिलाफ आज सड़कों पर उतर आए हैं। उनकी मांग है कि अमृतसर हेरिटेज क्लब के चुनाव आज ही करवाए जाएं, जिसे प्रशासन की ओर से मौके पर ही रद्द कर दिया गया। क्लब के सदस्यों की ओर से माल रोड पर धरना लगाया गया है और लगातार नारेबाजी की जा रही है कि आज ही चुनाव करवाए जाएं।


    क्लब के सदस्यों ने बताया कि कोर्ट की दखल अंदाजी के बाद 16 सालों के बाद चुनाव करवाए जा रहे थे। चुनाव करवाने के लिए सदस्यों ने अपने ड्यूज भी क्लीयर करवा दिए और क्लब को तकरीबन पिछले दिनों में 72 लाख रुपए इकट्ठे हुए हैं लेकिन मौके पर यह कहकर चुनाव रद्द कर दिए गए कि कोरम पूरा नहीं है।

    सुबह चुनाव के लिए सदस्य पहुंचना शुरु हो गए थे। सुबह कुछ समय के लिए तेज बारिश हुई थी जिसके बाद सदस्य कुछ लेट पहुंचे। 10 से 12 बजे तक पहुंचने का समय नोटिस बोर्ड पर लिखा था लेकिन सदस्यों का कहना है कि उससे पहले ही 11.30 बजे तक रजिस्टर को उठा दिया गया और अनाउंस कर दिया गया कि चुनाव रद्द किए जाते हैं। जिसके बाद सभी सदस्य भड़क गए और अब सड़कों पर खड़े होकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर रहे है। सदस्यों का आरोप है कि प्रशासन मिलीभगत से चुनाव नहीं करवाना चाहता, इसीलिए ऐसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं।

    बता दें कि, हेरीटेज क्लब में 14 सालों के बाद चुनाव करवाए जा रहे थे। जिसके लिए 650 सदस्यों ने अपने डयूज़ क्लीयर कर दिए थे, जबकि 794 सदस्यों के ड्यूज अभी भी पेंडिंग थे। जिनके ड्यूज़ क्लीयर होंगे वही वोट का हकदार होगा। चुनावों के लिए रोहित लखपाल और विजय ढींगरा ग्रुप दोनों आमने सामने थे, लेकिन अब दोनों गुट प्रशासन के खिलाफ एक साथ हो गए हैं।

  • विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हिमोत्कर्ष संस्थान में सम्मान समारोह का आयोजन

    विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस पर हिमोत्कर्ष संस्थान में सम्मान समारोह का आयोजन

    ऊनासुशील पंडित: इन्नर व्हील क्लब ऊना द्वारा विश्व वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर बुधवार को संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान ऊना में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर इन्नर व्हील क्लब ने 97 वर्षीय बजुर्ग महिला सहित तीन वरिष्ठ नागरिकों को समाज में उनकी अनुकरणीय सेवाओं के लिए सम्मानित किया। इन्नर व्हील क्लब की प्रधान रमा कंवर ने कहा कि विश्व भर में वृद्व व्यक्तियो के सामने आनी वाली चुनौतियों व मुददों के बारे में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से हर वर्ष इस दिवस को मनाया जाता है।

    उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों की सेहत में गिरावट व बुजुर्गो के साथ दुव्र्यवहार जैसे मसलों पर सिविल सोसाईटी का ध्यान आकर्षित कर इसके समाधान के लिए प्रयास होने चाहिए। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिक हमारे समाज की धरोहर है,जिन्होंने अपना जीवन समाज के उत्थान व विकास के लिए लगाया है। उनके अनुभवों का लाभ हमारी आने वाली पीढिय़ा व युवाओं को लगातार मिलता है।

    उन्होंने कहा कि हमे अपने माता-पिता व बजुर्गो का ध्यान रखना चाहिए तथा उनके साथ अधिक से अधिक समय व्यतीत करना चाहिए। क्लब की सचिव शोभा सोनी ने वरिष्ठ नागरिकों के साथ अच्छा व्यवहार करने तथा उनकी बेहतर ढंग से देखभाल सुनिश्चित करने का भी आहवान किया। कार्यक्रम को क्लब की पूर्व प्रधान जतिंद्र कौर व अमरजीत बबली ने भी संबोधित किया।

    इस अवसर पर क्लब प्रधान रमा कंवर,सचिव शोभा सोनी,पूर्व प्रधान सुमन पुरी,तेजिंद्र कौर,मीरा मेहता,अमरजीत बबली,सुनीता शर्मा, हिमोत्कर्ष प्रदेश महासचिव यशपाल ठाकुर,संस्थान की उपप्रधानाचार्य रंजु,प्रशिक्षिका मीना ठाकुर,निशा,सोनिया,कमला व संस्थान की छात्राएं उपस्थित थी।

    यह हुए सम्मानित ऊना के वार्ड एक प्रेम नगर की 97 वर्षीय प्रीतो देवी पत्नि स्वर्गीय खुशी राम को इस आयु में भी सक्रिय जीवन जीकर अन्य लोगों के लिए मिसाल बनने,बंगाणा उपमंडल के पलाहटा गांव के 80 वर्षीय पूर्व नौसैनिक डा.बलदेव डोगरा को उम्र के इस पड़ाव में भी प्राकृतिक चिक्तिसक व योग प्रशिक्षक के रूप में समाज को अपनी सराहनीय सेवाएं प्रदान करने व जिला में नशे के विरूद अभियान छेडऩे,1965 व 1971 के भारत-पाक युद्वों में सक्रिय रूप से भाग ले चुके हरोली उपमंडल के बढेड़ा गांव के 80 वर्षीय पूर्व वायु सैनिक गुुलजारी लाल को सेना व सहकारिता के क्षेत्र में अतुलनीय योगदान के लिए इन्नर व्हील क्लब ने उत्कृष्ट वरिष्ठ नागरिक सम्मान से अलंकृत किया।

  • लोककथाओं में गुग्गा राणा- गुगा जाहर वीर

    लोककथाओं में गुग्गा राणा- गुगा जाहर वीर

    ऊना/ सुशील पंडित:हिंदू परंपराओं में, गोगाजी, जिन्हें ‘गुग्गा जाहर वीर’ भी कहा जाता है, एक लोकप्रिय लोक देवता हैं जिनकी भारत के उत्तरी राज्यों, विशेष रूप से उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हिमाचल और पंजाब में पूरी श्रद्धा के साथ पूजा की जाती है।

    इसी कड़ी में रक्षाबंधन पर्व से छत्र लेकर निकली गांव बदोली की डमरु मंडली क्षेत्र में गुग्गा गाथा सुना रही है इस मंडली में नाग देवता मंदिर के प्रबंधक राज कुमार शर्मा,व पवन शर्मा, अनमोल शर्मा, प्रवेश शर्मा व राकेश कुमार डमरू मंडली के साथ रहे।

    एक व्यापक मान्यता है कि वे भाद्रपद कृष्ण पक्ष की नवमी को प्रकट हुए थे और इसलिए हिंदू भक्त उन्हें यह दिन समर्पित करते हैं। गुग्गा नवमीं भारत के उत्तरी क्षेत्रों में, विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और पंजाब में बहुत धूमधाम और उत्साह के साथ मनाई जाती है।

    गुग्गा नवमी गोगाजी के सम्मान में मनाए जाने वाले महत्वपूर्ण हिंदू त्योहारों में से एक है। किंवदंतियों के अनुसार, गुग्गा को शक्तिशाली राजपूत राजकुमार के रूप में जाना जाता है, जिनके पास विषैले सांपों को नियंत्रित करने की अलौकिक शक्तियां थीं। इन दिनों अनुष्ठानों के एक भाग के रूप में उनकी कहानियों के विभिन्न संस्करण सुनाए जाते हैं। कुछ कहानियों में उनके दिव्य जन्म, उनके विवाह, पारिवारिक जीवन, युद्ध, साँप के काटने पर उपचार करने की उनकी अविश्वसनीय कला और पृथ्वी से उनके गायब होने का वर्णन है। हिंदुओं का मानना ​​है कि इस दिन उनकी पूजा करने से वे साँपों और अन्य बुराइयों से सुरक्षित रहते हैं। इसके अलावा एक लोकप्रिय मान्यता यह भी है कि भगवान गुग्गा बच्चों को सभी नुकसानों से बचाते हैं। कुछ निःसंतान विवाहित महिलाएँ भी इस दिन संतान प्राप्ति के लिए प्रार्थना करती हैं।

    गुग्गा नवमी के दिन भक्त ‘गुग्गा जी’ की मूर्ति की पूजा करते हैं। वे नीले रंग के घोड़े पर सवार दिखाई देते हैं। कुछ क्षेत्रों में गुग्गा की पूजा का अनुष्ठान ‘श्रावण पूर्णिमा’ (रक्षा बंधन का दिन) से शुरू होता है और नवमी तक नौ दिनों तक चलता है। इसी कारण इसे गुग्गा नवमीं के नाम से भी जाना जाता है। भक्त गुग्गा जी का छत्र चढ़ा कर उन की कथाओं का गुणगान पूरे क्षेत्र में करते हैं

    हिमाचल में लोग उन्हें गुग्गा ,जाहिर वीर व जाहर पीर के नाम जानते हैं। यह गोरखनाथ के प्रमुख शिष्यों में से एक थे। राजस्थान के छह सिद्धों में गुग्गा जी का प्रमुख स्थान है। इनका जन्म( विक्रम संवत 1003 के आस पास) राजस्थान के चुरू जिले के ददरेवा गाँव में चौहान वंश के शासक जेबर (जेवर सिंह) की पत्नी बाशल के गर्भ से भादो सुदी नवमी को हुआ था ।

    लोकमान्यता व लोककथाओं के अनुसार

    गुग्गा देवता की पूजा रक्षाबंधन से शुरू होकर गुग्गा नवमीं तक चलती है। इस दौरान गुग्गा मंडली के रूप में गायकों का एक समूह घर घर जाकर गुग्गा राणा की कथा लोकभाषा और वाद्ययंत्रों के साथ सुनाते हैं।

  • Punjab News: लूटपाट मामले की सुलझी गुत्थी, 3 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Punjab News: लूटपाट मामले की सुलझी गुत्थी, 3 आरोपी हथियार सहित गिरफ्तार, देखें वीडियो

    बठिंडाः जिले की पॉश कॉलोनी कमला नेहरू में ई-रिक्शा में 19 अगस्त को 4 युवक तेजधार हथियार के बल पर दुकानदार से 60 हजार रुपए छीनकर फरार हो गए थे। वहीं पुलिस ने लूट की गुत्थी को सुलझाते हुए लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 20 हजार रुपए और तेजधार कापा भी बरामद किया है।


    इसके अलावा बाइक पर सवार लुटेरे गुड्डी नामक महिला से छीना पर्स फरार हुए थे। पुलिस ने उस मामले को भी सुलझा लिया है। इस दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वह भी बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान लवप्रीत और प्रेम शूटर के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ लूटपाट के पहले भी कई मामले दर्ज है।

  • नई चिकित्सा क्रांति का केंद्र बना पशु चिकित्सालय ललड़ी

    नई चिकित्सा क्रांति का केंद्र बना पशु चिकित्सालय ललड़ी

    पशुधन के लिए इलास्टोग्राफी की सुविधा, बीमारियों का आधुनिक तरीके से होता है इलाज

    ऊनासुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक ऐसा आधुनिक अस्पताल है जहां पशुओं की बीमारी का 6 महीने पहले ही पता चल जाता है। हरोली उपमंडल के ललड़ी में स्थित यह अत्याधुनिक पशु चिकित्सालय नई चिकित्सा क्रांति का केंद्र बन चुका है। यहां पशुओं की स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान और इलाज के लिए अत्याधुनिक तकनीकों का उपयोग किया जा रहा है, जिसमें इलास्टोग्राफी की सुविधा प्रमुख है। इस तकनीक से संभावित बीमारियों का पूर्वानुमान लगाकर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाता है। यह हिमाचल प्रदेश का संभवतः पहला और इकलौता चिकित्सा संस्थान है, जहां पशुधन के लिए इस स्तर की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं।

    पशु चिकित्सालय के वेटनरी ऑफिसर डॉ. मनोज शर्मा के अनुसार, 2017 से क्रियाशील इस अस्पताल में अब तक 1891 बड़ी सर्जरियाँ और 6173 छोटी-बड़ी सर्जरियाँ की जा चुकी हैं। इसके अलावा, 5761 गायनोकॉलॉजिकल मामलों का सफलतापूर्वक उपचार किया गया है। कुल 24867 मेडिसिन मामलों का इलाज और 24080 पैथोलॉजिकल सैंपल्स की जांच की गई है। अस्पताल में अब तक 151 पशुओं के अल्ट्रासाउंड और 17 हार्ट सर्जरी भी की जा चुकी हैं।

    *आधुनिक चिकित्सा मशीनरी से लैस है अस्पताल*

    डॉ. शर्मा बताते हैं कि अस्पताल में अप्रैल महीने में 15 लाख रुपये की अल्ट्रासाउंड मशीन लगाई गई है, जिससे अब तक सवा सौ से अधिक जटिल ऑपरेशन सफलतापूर्वक किए जा चुके हैं। अब यहां एक्स-रे मशीन भी स्थापित की जा रही है।

    वे बताते हैं कि उनके साथ यहां डॉ. अनूप रुठवाल, डॉ. नेहा चौहान और डॉ मोनिका ठाकुर सेवाएं दे रहे हैं। अस्पताल में तैनात सर्जरी, मेडिसिन, गायनी, और पैथोलॉजी के इन 4 विशेषज्ञ डॉक्टरों समेत पूरा स्टाफ पशुधन, कुत्तों और अन्य पालतू जानवरों की स्वास्थ्य सेवा में तत्परता से कार्य कर रहा है। विशेषज्ञ सेवाओं की उपलब्धता के चलते यहां हिमाचल प्रदेश के अलावा पंजाब से भी रेफरल मामले आते हैं।

    *अस्पताल में हैं ये सुविधाएं*

    डॉ. शर्मा बताते हैं कि इलास्टोग्राफी के अलावा, यहां ईको कार्डियोग्राफी की सुविधा भी है, जिससे दिल की बीमारियों का इलाज भी आधुनिक विधियों से किया जाता है। नरम ऊतक सर्जरी, आंख-कान-दांत और आर्थाेपेडिक सर्जरी, वक्ष शल्य चिकित्सा और कठिन प्रसव का इलाज भी यहां किया जाता है। ट्यूमर, कैंसर, बांझपन और गर्भनिरोधक जैसे ऑपरेशन फॉरेन तकनीक से किए जाते हैं। अस्पताल में खून की जांच, क्लिनिकल बायोकैमिस्ट्री और अन्य प्रयोगशाला परीक्षण की सुविधाएं भी उपलब्ध हैं।

    *2 कनाल भूमि पर 2 करोड़ से बना अस्पताल*

    *उपमुख्यमंत्री के प्रयासों का प्रतिफल*

    पशुपालन विभाग ऊना के उपनिदेशक डॉ. विनय शर्मा ने बताया कि इस अस्पताल का निर्माण करीब 2 कनाल भूमि पर 2 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इसमें आधुनिक सेवाएं पशुपालकों के घरद्वार पर उपलब्ध हो रही हैं। यह उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के प्रयासों से ही संभव हुआ है। यहां जटिल बीमारियों का इलाज, कठिन सर्जरी के साथ-साथ पशुओं के प्रजनन और पोषण के बारे में भी पशुपालकों को सलाह दी जाती है। उन्होंने कहा कि अपनी विशेषज्ञ सेवाओं, आधुनिक सुविधाओं और उपकरणों के चलते यह अस्पताल न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पंजाब के भी कई जिलों के पशुपालकों के लिए एक महत्वपूर्ण संस्थान बन चुका है।

    *सीएम और डिप्टी सीएम का आभार*

    उल्लेखनीय है कि इस संस्थान को आर्ट ऑफ स्टेट सुविधाओं से सुसज्जित करने में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री एवं हरोली के विधायक मुकेश अग्निहोत्री की किसानों के लाभ की सोच और प्रतिबद्धता महत्वपूर्ण रही है। पशुपालक इस सुविधा के लिए सीएम और डिप्टी सीएम का आभार जताते नहीं थकते। लोगों का कहना है कि वर्तमान प्रदेश सरकार के प्रयासों से यह अस्पताल न केवल स्थानीय बल्कि पड़ोसी क्षेत्रों में भी अपनी पहचान बना रहा है और जानवरों की सेवा और स्वास्थ्य रक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। इस चिकित्सालय की वजह से पशुपालकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं और उनके पशुओं की सेहत में भी सुधार हो रहा है।