Blog

  • Punjab News: बी फार्मेसी के छात्र ने की आत्महत्या, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: बी फार्मेसी के छात्र ने की आत्महत्या, परिवार ने लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसर: जिले में एक युवक ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसकी पहचान बाबा दीप सिंह कॉलोनी में रहने वाले सत्यम कुमार (18-19) के रूप में हुई है। घटना के बारे में सुनते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। यह घटना फतेहगढ़ चूड़ियां रोड स्थित बाबा दीप सिंह कॉलोनी की है।

    परिवार का आरोप: मालिक ने झूठा आरोप लगाया
    सत्यम के चाचा, सूरज कुमार ने बताया कि सतीम के मालिक ने उस पर पैसे और गहने चोरी करने का झूठा आरोप लगाया था। इसके चलते वह बहुत डिप्रेशन में चला गया। परिवार का कहना है कि इसी दबाव के कारण सत्यम ने यह कदम उठाया। सूरज कुमार ने बताया कि सतीम पढ़ाई के साथ-साथ पार्ट-टाइम काम भी करता था और अपने पिता की मदद करता था, जो ठेकेदारी का काम करते हैं।

    पुलिस में शिकायत के बाद डरा था सत्यम
    बताया गया कि जिस जगह सत्यम काम करता था, वहां उसके मालिक ने उस पर चोरी का आरोप लगाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद युवक को पुलिस स्टेशन बुलाया गया और उस पर मानसिक दबाव डाला गया। परिवार के अनुसार, यह दबाव इतना बढ़ गया कि सत्यम डर और तनाव में रहने लगा।

    सूरज कुमार ने बताया कि सत्यम ने आत्महत्या से पहले कोई सुसाइड नोट नहीं छोड़ा और किसी का नाम नहीं लिखा। वह बहुत डरा हुआ था और अपनी परेशानियों के बारे में किसी से खुलकर बात नहीं कर पाया।

    परिवार के लोगों ने की निष्पक्ष जांच की मांग
    परिवार और इलाके के लोगों ने पुलिस से निष्पक्ष और सही तरीके से जांच करने की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं से मजदूर वर्ग में डर फैलता है और भविष्य में कोई और युवक ऐसा कदम न उठाए।

    पुलिस का आया बयान
    मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि यह भी देखा जाएगा कि किसने शिकायत दर्ज कराई और उसके पीछे की सच्चाई क्या थी। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने आत्महत्या जैसा कदम क्यों उठाया।

     

     

     

     

     

  • Himachal News: मारपीट करने के आरोप में पांच लोगों पर मामला दर्ज

    Himachal News: मारपीट करने के आरोप में पांच लोगों पर मामला दर्ज

    ऊना/ सुशील पंडित: पुलिस थाना हरोली के अंतर्गत आते गांव कुंगडत ललडी रोड़ पर हुई मारपीट के आधार पर पांच लोगों पर मामला दर्ज किया गया है और मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    पुलिस को दी शिकायत में कर्ण पुत्र रजिन्द्र कुमार निवासी कुंगडत ने बताया कि 17 जनवरी 26 को शाम के समय जब यह अपने घर से काम पर मनप्रीत निवासी गांव पालकवाह के साथ मोटरसाईकिल पर जा रहा था तो कुंगडत से ललडी रोड पर दिलप्रीत, प्रिंस उर्फ गुगु, मोहित उर्फ मोनू निवासी गांव ललडी, साहिल, प्रिंस उर्फ भूरा निवासी चन्दपुर तहसील हरोली ने इनका रास्ता रोककर इसके साथ मारपीट की व इसे जातिसूचक शब्द कहे।

    वहीं शिकायत के आधार पर पुलिस ने उपरोक्त सभी के खिलाफ वीएनएस और एस सी एंड एस टी एक्ट की विभिन्न धाराओं के अन्तर्गत पुलिस थाना हरोली में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

     

     

     

  • ऊना में आम आदमी पार्टी की अहम बैठक, पंचायत चुनावों की रणनीति तय

    ऊना में आम आदमी पार्टी की अहम बैठक, पंचायत चुनावों की रणनीति तय

    ऊना/ सुशील पंडित: ऊना में आम आदमी पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पार्टी संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत करने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का मुख्य फोकस आगामी पंचायत चुनावों को लेकर रणनीति तैयार करने पर रहा, ताकि गांव-गांव तक पार्टी की पकड़ मजबूत की जा सके। बैठक में प्रदेश सचिव बलदेव राज, पार्टी प्रभारी ऋतु राज झा और सह प्रभारी अजय राजपूत विशेष रूप से मौजूद रहे। सभी नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर सक्रियता और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने पर जोर दिया। इस दौरान वक्ताओं ने कहा कि आम आदमी पार्टी ईमानदार राजनीति और जनहित के मुद्दों के साथ पंचायत चुनावों में मजबूती से उतरने की तैयारी कर रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं को अभी से सक्रिय होकर गांवों में संगठन विस्तार, सदस्यता अभियान और जनसंपर्क बढ़ाने के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष अभि चड्डा ने की। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता ही संगठन की रीढ़ हैं और आगामी पंचायत चुनावों में उनकी सक्रिय भूमिका निर्णायक साबित होगी। बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने भी अपने सुझाव रखे और संगठन को मजबूत करने को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया।
       
  • विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में किए 53 लाख के विकास कार्यों के लोकार्पण

    विधायक विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ क्षेत्र में किए 53 लाख के विकास कार्यों के लोकार्पण

    बोले…कुटलैहड़ के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, लोगों को मिलेंगी घरद्वार पर सुविधाएं

    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए विधायक विवेक शर्मा(विक्कू) ने आज(सोमवार) को ग्राम पंचायत टक्का एवं ग्राम पंचायत झलेड़ा में 53 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं के लोकार्पण किए। इनमें 28 लाख से निर्मित पंचायत सामुदायिक केंद्र टक्का, 5 लाख की लागत से बने लोक मित्र केंद्र भवन तथा 20 लाख से झलेड़ा में निर्मित मुख्यमंत्री लोक भवन शामिल है।

    विधायक विवेक शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि लोकार्पित की गई सभी परियोजनाएं कुटलैहड़ के विकास को गति देने में अहम भूमिका निभाएगी और स्थानीय लोगों को घरद्वार पर ही आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी। उन्होंने कहा कि टक्का सामुदायिक केंद्र क्षेत्रवासियों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक एवं पंचायत स्तर के कार्यक्रमों के आयोजन हेतु अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। वहीं, लोक मित्र केंद्र स्थानीय ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी सेवाएं उपलब्ध करवाने में मददगार साबित होगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री लोक भवन झलेड़ा पंचायत कार्यों के संचालन एवं आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

    वही विक्कू ने बताया कि ग्राम पंचायत टक्का में मनरेगा योजना के तहत 55 लाख रुपये के विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं तथा 30 लाख रुपये के कार्य वर्तमान में प्रगति पर हैं। इसके अतिरिक्त, प्लानिंग के अंतर्गत 65 लाख रुपये के विकास कार्य भी पंचायत में करवाए जा रहे हैं, जिससे गांव के समग्र विकास को मजबूती मिल रही है।

    उन्होंने बताया कि  भिभौर साहिब से खेतों की सिंचाई की सुविधा के लिए 45 करोड़ रुपये की लागत से एक बड़ी सिंचाई योजना कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में लगाई जाएंगी जिससे क्षेत्र के किसानों को सिंचाई की स्थायी सुविधा मिल सकेगी और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी। इसके साथ ही जोगी पंगा,लांभ,झम्बर क्षेत्र को जोड़ने के लिए 10.50 करोड़ की लागत से संपर्क मार्ग का निर्माण किया जा रहा है, जिससे क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा एवं विकास के नए अवसर प्राप्त होंगे।

    2 वर्षों के भीतर पूरे कुटलैहड़ को मिलेगी थ्री फेज की सुविधा

    उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में कुटलैहड़ क्षेत्र में कुल 62 नए बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को राहत मिली है। साथ ही, दो वर्षों के भीतर पूरे कुटलैहड़ को बिजली की थ्री फेज सुविधा के जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा के बौल क्षेत्र में लगभग 300 कनाल भूमि इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित करने के लिए चिन्हित की गई है, जिससे आने वाले समय में उद्योग स्थापित होंगे और क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे।

    इस मौके पर विधायक विवेक शर्मा ने झलेड़ा पंचायत में 16 सौलर लाईटें स्थापित करने की घोषणा भी की।
    इस अवसर पर जिला विकास परियोजना अधिकारी एवं बीडीओ ऊना रमनवीर चौहान ने विभाग के माध्यम से संचाजित की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी व विकासात्मक योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

    कार्यक्रम में जिला कांग्रेस अध्यक्ष देशराज गौतम, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य विजय डोगरा, जिला कांग्रेस कमेटी के इंचार्ज विकास ठाकुर, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मीका, जिला परिषद सदस्य उर्मिला शर्मा, बीडीसी सदस्य सुमित शर्मा, ग्राम पंचायत टक्का के प्रधान स्वर्ण दास, ग्राम पंचायत झलेड़ा के प्रधान गुलशन राय सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

  • 23 जनवरी को प्रदेश एससी मोर्चा की प्रादेशिक कार्यसमिति बैठक, मिशन 2027 पर होगा मंथन:सूरम सिंह

    23 जनवरी को प्रदेश एससी मोर्चा की प्रादेशिक कार्यसमिति बैठक, मिशन 2027 पर होगा मंथन:सूरम सिंह

    प्रदेश के 171 भाजपा एससी मोर्चा के 313 पदाधिकारी होंगे शामिल

    ऊना/सुशील पंडित : भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अनुसूचित जाति मोर्चा की प्रादेशिक कार्यसमिति की महत्वपूर्ण बैठक आगामी 23 जनवरी को ऊना स्थित भाजपा कार्यालय ऊना में आयोजित की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए भाजपा एससी मोर्चा के जिलाध्यक्ष सुरम सिंह ने बताया कि बैठक को लेकर संगठना त्मक स्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदेश भर से मोर्चा के पदाधिकारी, जिला अध्यक्ष, मंडल स्तर के कार्यकर्ता तथा विशेष आमंत्रित प्रतिनिधि इस बैठक में भाग लेंगे। सुरम सिंह ने बताया कि यह प्रादेशिक बैठक संगठन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसमें भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं जनप्रतिनिधि विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, सांसद सुरेश कश्यप, संगठन मंत्री सिद्धार्थन, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष मुनीश चौहान, वरिष्ठ नेता अजय कबीर सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी जनप्रतिनिधि कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।

    सूरम सिंह ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के सान्निध्य में संगठनात्मक विषयों पर गहन चर्चा और मंथन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि बैठक का मुख्य उद्देश्य मिशन 2027 को ध्यान में रखते हुए एससी मोर्चा की स्पष्ट और मजबूत रणनीति तैयार करना है। आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनज़र अनुसूचित जाति मोर्चा की भूमिका को और अधिक प्रभावी बनाने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त करने तथा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर विशेष चर्चा की जाएगी। बैठक में यह भी तय किया जाएगा कि किस प्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर अनुसूचित जाति समाज तक पार्टी की नीतियों और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए। जिलाध्यक्ष सुरम सिंह ने बताया कि प्रादेशिक बैठक में केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की जाएगी।

    अंत में उन्होंने प्रदेश भर के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस प्रादेशिक बैठक में भाग लें और संगठन को सशक्त बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि एकजुटता, समर्पण और स्पष्ट लक्ष्य के साथ भाजपा और एससी मोर्चा आगामी चुनावों में जनविश्वास को और मजबूत करेगा।

     

  • फर्जी वीडियो से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, एफएसएल ने वीडियो को फर्जी ठहराया: कंग

    फर्जी वीडियो से सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश, एफएसएल ने वीडियो को फर्जी ठहराया: कंग

    चंडीगढ़: आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद मलविंदर सिंह कंग ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर फर्जी और एडिट किए गए वीडियो के माध्यम से सिखों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुँचाने वाले भाजपा नेता कपिल मिश्रा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कंग ने कहा कि पंजाब और दिल्ली की फोरेंसिक साइंस लैबोरेटरीज (एफएसएल) की जांच में स्पष्ट हो गया है कि वीडियो फर्जी था और दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी पर झूठे आरोप लगाए गए थे। उन्होंने इसे सांप्रदायिक सौहार्द भड़काने की जानबूझकर की गई कोशिश करार दिया।

    कंग ने कहा कि कपिल मिश्रा ने राजनीतिक लाभ के लिए सिख धर्म को हथियार बनाया और यह कोई गलती नहीं बल्कि एक जानबूझकर की गई धोखाधड़ी है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील की कि इस मामले में तुरंत दखल दिया जाए, जिसमें मिश्रा को सभी पदों से हटाना और उनके कार्यों की सार्वजनिक निंदा करना शामिल हो। कंग ने कहा कि समय पर कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश जाएगा कि गुरुओं की पवित्रता और धार्मिक आस्था से समझौता नहीं किया जा सकता।

    सांसद ने यह भी बताया कि यह घटना गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी दिवस के समय हुई, जो धार्मिक स्वतंत्रता की रक्षा के लिए अपनी जान कुर्बान कर गए थे। कंग ने जोर देकर कहा कि सिख समुदाय न्याय और सद्भाव के लिए मजबूती से खड़ा रहेगा और किसी भी राजनीतिक लाभ के लिए धर्म को बदनाम करने की कोशिश को बर्दाश्त नहीं करेगा।

     

  • हर पंजाबी दे योगदान, सरकार देगी हर सुविधा— रंगला पंजाब हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री

    हर पंजाबी दे योगदान, सरकार देगी हर सुविधा— रंगला पंजाब हमारा संकल्प: मुख्यमंत्री

    अजनाला (अमृतसर): अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे अजनाला क्षेत्र में 15 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले सरकारी डिग्री कॉलेज का शिलान्यास करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि कांग्रेस, शिरोमणि अकाली दल और भाजपा ने दशकों तक आपसी मिलीभगत से पंजाब को लूटा, जिससे राज्य की संस्थाएं कमजोर हुईं और युवाओं को रोजगार के लिए विदेश जाने को मजबूर होना पड़ा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष के पास पंजाब के कल्याण के लिए कोई ठोस एजेंडा नहीं है और जनता ऐसे अवसरवादी नेताओं को भली-भांति पहचानती है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि नया कॉलेज आम आदमी पार्टी सरकार की शिक्षा को मजबूत करने, रोजगार के अवसर पैदा करने और पंजाब को फिर से “रंगला पंजाब” बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने घोषणा की कि इस कॉलेज का नाम बाबा गमचुक्क जी महाराज के नाम पर रखा जाएगा। 15 एकड़ में बनने वाले इस कॉलेज से आसपास के 50 गांवों के युवाओं को लाभ मिलेगा और यहां कला, विज्ञान, वाणिज्य, कंप्यूटर साइंस, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल शिक्षा जैसे आधुनिक पाठ्यक्रम संचालित किए जाएंगे।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार हर संभव सुविधा उपलब्ध कराएगी, लेकिन पंजाब को फिर से रंगला बनाने के लिए हर पंजाबी को अपनी भूमिका निभानी होगी। उन्होंने बताया कि उनकी सरकार योग्यता के आधार पर अब तक 63 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दे चुकी है और सीमावर्ती क्षेत्रों के युवाओं को घर के नजदीक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देकर पलायन रोकने के लिए प्रतिबद्ध है।

  • राज्यपाल ने नोगली कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों का किया उद्घाटन

    राज्यपाल ने नोगली कॉलेज में स्नातक पाठ्यक्रमों का किया उद्घाटन

    शिमला: राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना अत्यंत महत्त्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान को केवल उसकी इमारतों से नहीं, बल्कि वहां दी जा रही शिक्षा की गुणवत्ता और विद्यार्थियों की प्रतिभा में होने वाले निखार से आंका जाना चाहिए।

    यह बात राज्यपाल ने आज जिला शिमला के रामपुर उप-मंडल के सर्वपल्ली डॉ. राधाकृष्णन कॉलेज ऑफ एजुकेशन नोगली में स्नातक पाठ्यक्रमों के शुभारंभ के उपरांत एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि शिक्षक और उनका प्रशिक्षण छात्रों के भविष्य को आकार देने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सच्ची शिक्षा वही है, जो विद्यार्थियों को बेहतर नागरिक बनने तथा राष्ट्र के प्रति योगदान के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा और प्रशिक्षण को भारतीय संस्कृति और मूल्यों से जुड़ा होना चाहिए।

    राज्यपाल ने कहा कि आज के समय में ‘गुरु’ की जगह ‘शिक्षक’ शब्द का उपयोग होने लगा है, लेकिन भारतीय परंपरा में गुरु को हमेशा समाज का मार्गदर्शक माना गया है। उन्होंने भगवान श्रीराम और श्री कृष्ण का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने भी गुरु-शिष्य परंपरा का पालन किया और अपने गुरुओं की शिक्षाओं को जीवन में आत्मसात किया। उन्होंने कहा कि जब शिष्य श्रद्धा और ईमानदारी से गुरु का अनुसरण करता है, तो सफलता अपने आप मिलती है।

    राष्ट्रीय शिक्षा नीति का उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह नीति विद्यार्थियों को भारत के महान विचारकों और नेताओं से जुड़ने का अवसर देती है और उनमें मूल्य तथा नैतिकता का विकास करती है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को सुरक्षित रखने के लिए नशे की समस्या को जड़ से खत्म करना जरूरी है। राज्यपाल ने कहा कि यह संस्थान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के नाम पर है, जो एक महान शिक्षाविद् और भारत के पूर्व राष्ट्रपति थे। उनका मानना था कि शिक्षक केवल विषय का ज्ञान देने वाले नहीं होते, बल्कि चरित्र निर्माण करने वाले शिल्पकार भी होते हैं। उन्होंने कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों को डॉ. राधाकृष्णन के आदर्शों को अपनाने का आग्रह किया।

    राज्यपाल ने कहा कि स्नातक पाठ्यक्रमों की शुरुआत से क्षेत्र के विद्यार्थियों को घरद्वार के निकट उच्च शिक्षा उपलब्ध होगी और वे आत्मनिर्भर बन सकेंगे। इससे पूर्व, संस्थान के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. मुकेश शर्मा ने राज्यपाल का स्वागत किया और संस्थान की गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने नए पाठ्यक्रमों बी.ए., बी.एससी. और बी.कॉम. के बारे में अवगत करवाते हुए कहा कि इस संस्थान में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के विद्यार्थियों को निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।

    कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. सीमा भारद्वाज ने भी राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर कॉलेज के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिनमें रामायण पर आधारित एक भावनात्मक नृत्य नाटिका भी शामिल थी। राज्यपाल ने डॉ. मुकेश कुमार और डॉ. सीमा भारद्वाज द्वारा लिखित ‘असेसमेंट ऑफ लर्निंग’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। उन्होंने विभिन्न संस्थानों, सामाजिक क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों और मेधावी छात्रों को सम्मानित भी किया।

    इससे पूर्व, स्थानीय किसानों-बागवानों ने भी राज्यपाल का गर्मजोशी से स्वागत किया। राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा, जिला प्रशासन के अधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

  • दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में स्थायी आजीविका को मिलेगा बल: मुख्यमंत्री

    दूरदराज और सीमावर्ती इलाकों में स्थायी आजीविका को मिलेगा बल: मुख्यमंत्री

    शिमला : मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू की उपस्थिति में आज यहां भारतीय सेना, हिमाचल प्रदेश सरकार और बैद्यनाथ आयुर्वेद झांसी के मध्य एक त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किया गया। इसका उद्देश्य राज्य के सीमावर्ती और दूरदराज के गांवों में औषधीय और सुगंधित पौधों की खेती को बड़े स्तर पर बढ़ावा देना है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल किसानों को स्थायी रोजगार देने के साथ-साथ पारंपरिक आयुर्वेद पद्धति को बढ़ावा देने में भी अहम भूमिका निभाएगा। इस समझौते पर भारतीय सेना की ओर से कर्नल टी.एस.के. सिंह, हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से आयुष विभाग के निदेशक रोहित जमवाल और बैद्यनाथ आयुर्वेद झांसी की ओर से शैलेश शर्मा ने हस्ताक्षर किए।

    एमओयू के तहत आयुष विभाग किसानों को औषधीय पौधों की खेती से जुड़ी तकनीकी जानकारी और प्रशिक्षण प्रदान करेगा। कंपनी किसानों से तय कीमत पर फसल खरीदेगी और गुणवत्तायुक्त बीज या पौधे भी उपलब्ध करवाएगी। वहीं भारतीय सेना किसानों को प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित करेगी। इस अवसर पर राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी, आयुष मंत्री यादविंद्र गोमा, सचिव आयुष प्रियंका बासु इंगटी, लेफ्टिनेंट जनरल डी.जी. मिश्रा, ब्रिगेडियर अनुराग पांडे और राज्य सरकार व भारतीय सेना के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।

  • मुख्यमंत्री के हाथों डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों का सम्मान

    मुख्यमंत्री के हाथों डॉक्टरों और स्वास्थ्य संस्थानों का सम्मान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने रविवार देर रात पीटरहॉफ में प्रतिष्ठित दैनिक समाचार पत्र द्वारा आयोजित ‘डॉक्टर्स अवार्ड 2025’ समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान में समाचार पत्र लोगों को सूचनाएं उपलब्ध करवाने के साथ-साथ जीवन में बेहतर प्रदर्शन करने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच प्रदान कर रहे हैं। यह समाचार पत्र महिलाओं और युवाओं को विभिन्न प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से मंच प्रदान कर रहा है और ‘डॉक्टर्स अवार्डदृ2025’ भी ऐसा ही एक मंच है।

    मुख्यमंत्री ने एचओडी नेफ्रोलॉजी एम्स बिलासपुर के प्रो. (डॉ.) संजय विक्रांत, अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज शिमला के प्रिंसिपल, प्रोफेसर एवं प्रमुख प्रो. (डॉ.) बृज शर्मा, राष्ट्रीय आयुर्वेद संस्थान जयपुर के कुलपति प्रो. संजीव शर्मा, एआईएमएसएस चमियाना के प्रोफेसर एवं प्रमुख न्यूरोलॉजी डॉ. सुधीर शर्मा, आईजीएमसी शिमला के रूमेटोलॉजिस्ट (मेडिसिन विभाग) के डॉ. विकास शर्मा, एआईएमएसएस चमियाना के एसोसिएट प्रोफेसर यूरोलॉजी डॉ. कैलाश बरवाल, पंडित जवाहर लाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय चंबा के एचओडी ऑर्थोपेडिक्स डॉ. मणिक सहगल, टांडा के न्यूरोसर्जन (ब्रेन एवं स्पाइन विशेषज्ञ) डॉ. मुकेश कुमार, टांडा के सहायक प्रोफेसर रीनल ट्रांसप्लांट सर्जरी डॉ. अमित शर्मा, जोनल अस्पताल मंडी के मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट (ऑर्थोपेडिक्स) डॉ. वीरेंद्र नेगी, जोनल अस्पताल मंडी के मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट (ओबीजी) डॉ. वरुण कपूर, जोनल अस्पताल मंडी के मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट (जनरल सर्जरी) डॉ. दीपक ठाकुर, क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ, किन्नौर के मेडिकल ऑफिसर स्पेशलिस्ट (जनरल सर्जरी) डॉ. भारतेन्दु नागेश, अभिनम आई केयर सेंटर सोलन के विशेषज्ञ डॉ. अभिराज कुमार को उनकी निःस्वार्थ एवं असाधारण स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पीजीआईएमईआर चंडीगढ़ में रोगी-केंद्रित स्वास्थ्य सेवाओं को आगे बढ़ाने में दूरदर्शी नेतृत्व के लिए उप निदेशक (प्रशासन) पंकज राय को भी सम्मानित किया गया।

    तंजिन अस्पताल शिमला, नेगी क्लीनिक एवं नर्सिंग होम ठियोग (शिमला), जनता अस्पताल एवं पाइल्स सेंटर, डॉ. दक्ष खुराना लिवर एंड डाइजेस्टिव केयर तथा करण सिंह वैद्य प्राचीन आयुर्वेद को उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए सम्मानित किया गया। पुरस्कार विजेताओं को बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र को विशेष प्राथमिकता दे रही है और पिछले तीन वर्षों में इसे सुदृढ़ करने के लिए कई पहल की गई हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की राह पर चलते हुए पिछले तीन वर्षों में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के दृष्टिगत अनेक कदम उठाए गए हैं।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने के बाद केंद्र सरकार ने राज्य की उधार लेने की सीमा में 1,600 करोड़ रुपये की कटौती की है। इसके अलावा राजस्व घाटा अनुदान जो वर्ष 2021-22 में 10,949 करोड़ रुपये था को केन्द्र ने घटाकर वर्ष 2025-26 में 3,257 करोड़ रुपये कर दिया है। स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में पहली बार एआईएमएसएस चमियाना में रोबोटिक सर्जरी की शुरूआत की गई और यह सुविधा टांडा मेडिकल कॉलेज में भी उपलब्ध करवाई जा रही है। अभी तक चमियाना अस्पताल में 120 से अधिक सफल रोबोटिक सर्जरी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष, 2026 की शुरुआत तक राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी सुविधाएं शुरू की जाएंगी। यह लोगों को उनके घर के नजदीक उन्नत उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में उल्लेखनीय कदम है। राज्य सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना के उन्नयन और आधुनिक सेवाओं के विस्तार के लिए 3,000 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा लोगों को उच्च गुणवत्तायुक्त उपचार उपलब्ध करवाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग के सभी रिक्त पदों को चरणबद्ध तरीके से भरा जा रहा है। उन्होंने कहा कि एआईएमएसएस चमियाना में एक एडवांस्ड पीडियाट्रिक सेंटर स्थापित किया जा रहा है। इसके साथ ही आईजीएमसी और टांडा में एआई-सक्षम अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं के लिए 75 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है।

    उन्होंने कहा कि 70 वर्ष से अधिक आयुवर्ग के वरिष्ठ नागरिकों के लिए अस्पतालों में विशेष ओपीडी परामर्श स्लॉट शुरू किए जा रहे हैं ताकि उन्हें प्रतीक्षा न करनी पड़े। उन्होंने बताया कि 236 डॉक्टरों की भर्ती प्रक्रिया जारी है और 150 अतिरिक्त पदों को भरने की स्वीकृति दी जा चुकी है। रेजिडेंट डॉक्टरों की कार्य अवधि को भी युक्तिसंगत किया गया है, 36 घंटों के ड्यूटी आवर्स को घटाकर 12 घंटे किया गया है। इसके अतिरिक्त, वरिष्ठ रेजिडेंट्स के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 1,00,000 रुपये तथा सुपर स्पेशियलिटी विभागों में 1,00,000 से बढ़ाकर 1,30,000 रुपये किया गया है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से शिक्षा के क्षेत्र में भी राज्य की राष्ट्रीय रैंकिंग में सुधार हुआ है और एनएएस सर्वे में हिमाचल प्रदेश 21वें स्थान से छलांग लगाकर 5वें स्थान पर पहुंच गया है। पहले चरण में 100 चयनित सरकारी स्कूलों में सीबीएसई पाठ्यक्रम लागू किया जा रहा है और 20 राजीव गांधी डे-बोर्डिंग स्कूलों का कार्य शुरू हो चुका है।

    संवेदनशील प्रशासन की प्रतिबद्धता दोहराते हुए उन्होंने कहा कि 6,000 अनाथ बच्चों को ‘चिल्ड्रन ऑफ द स्टेट’ के रूप में अपनाया गया है। मुख्यमंत्री सुख-आश्रय योजना के तहत उनकी सभी आवश्यकताओं का ध्यान रखा जा रहा है। दिव्यांगजनों के लिए शिक्षा के लिए सोलन के कंडाघाट में एक उत्कृष्टता केंद्र भी स्थापित किया जा रहा है। इससे पूर्व दिव्य हिमाचल के प्रधान संपादक अनिल सोनी ने मुख्यमंत्री एवं अन्य गणमान्यों का स्वागत किया। उन्होंने सामाजिक क्षेत्र में समाचार पत्र की यात्रा और योगदान को विस्तारपूर्वक बताया।

    इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. (कर्नल) धनी राम शांडिल, एचपीटीडीसी के अध्यक्ष आर.एस. बाली, शिमला नगर निगम के महापौर सुरेंद्र चौहान, उप-महापौर उमा कौशल, सूचना एवं जन संपर्क विभाग के निदेशक राजीव कुमार, दिव्य हिमाचल समाचार पत्र के क्षेत्रीय संपादक संजय अवस्थी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।