Blog

  • Jalandhar News: इस इलाके में चली गोलियां और हथियार, एक घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इस इलाके में चली गोलियां और हथियार, एक घायल, देखें वीडियो

    जालंधर (ENS): उप चौंकी जंडूसिंहा के अधीन आते झंडू सिंहा में स्थित धोगड़ी गांव में गोलियां और तेजधार हथियार चलने की घटना सामने आई है। जहां घर में घुसकर नौजवानों द्वारा 3 हवाई फायर किए गए, वहीं घर में मौजूद सदस्यों पर तेजधार हथियारों से हमला कर घायल किया गया। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया।

    मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित महिला ने बताया कि बीते दिन बेटे द्वारा गांव के नौजवानों को देखने को लेकर विवाद हुआ था। इस बात को लेकर बदमाशों द्वारा हाथ पर खंडे मारकर बेटे को घायल किया गया। महिला ने कहा कि उन्होंने इस मामले को लेकर किसी को भी शिकायत नहीं दी थी। लेकिन आज दोपहर 12:00 बजे राहुल और सौरभ अपने 3 साथियों को लेकर घर आ गया। इस दौरान उन्होंने बेटे पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।

    जानकारी देते हुए घायल की बहन रिम्पी ने बताया कि गांव के चार लड़के घर में घुस आये और उसके भाई को पीटना शुरू कर दिया। जिसके बाद इलाका वासियों को इकट्ठा होते देखा हमलावर भाग निकले। हमलावरों ने घर में तीन हवा में फायर भी किए। पीड़िता ने कहा कि उनकी कहीं पर भी कोई सुनवाई नहीं हो रही।

  • प्रेस क्लब बद्दी ने किया लोहड़ी प्रेस परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन

    प्रेस क्लब बद्दी ने किया लोहड़ी प्रेस परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन

     लोहड़ी पर्व का धूमधाम से आयोजन के बाद सभी को किया सम्मानित
    बद्दी/सचिन बैंसल:प्रेस क्लब बददी की ओर से लोहड़ी पर्व के उपलक्ष्य में पहली बार परिवार मिलन समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह समारोह बददी के महाराणा प्रताप नगर परिसर में आयोजित हुआ, जिसमें पत्रकारों के साथ-साथ उनके परिवारों, बच्चों और महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य पत्रकारिता के व्यस्त जीवन में पारिवारिक जुड़ाव को बढ़ावा देना और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करना रहा।
    समारोह में एन.यू.जे (इंडिया) के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं मानवाधिकार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रणेश राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने लोहड़ी पर्व के खास मौके पर लकडियों को ज्वाला देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और प्रेस क्लब बददी की इस नई पहल की सराहना करते हुए कहा कि परिवार मिलन जैसे आयोजन न केवल आपसी भाईचारे को बढ़ाते हैं, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी देते हैं। उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज का दर्पण होते हैं और उनके परिवारों का सहयोग उनके कार्य को और मजबूत बनाता है।
    फूलमालाओं से हुआ परिवारों से स्वागत- प्रेस क्लब बददी के अध्यक्ष सचिन बैंसल व महासचिव अंकुश नेगी तथा वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील कुमार शर्मा ने सभी अतिथियों और सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि क्लब की ओर से यह पहला परिवार मिलन समारोह है, जिसे भविष्य में हर वर्ष आयोजित करने की परंपरा बनाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस आयोजन के माध्यम से क्लब ने एक नई शुरुआत की है, जिससे पत्रकारों के परिवारों को भी आपस में मिलने और एक-दूसरे को समझने का अवसर मिला है। सभी पत्रकारों का फूल मालाओं से स्वागत किया गया। लोहड़ी पर्व को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया गया। ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चों, महिलाओं और पत्रकारों ने खूब मनोरंजन किया। मूंगफली, रेवड़ी, गजक और अन्य पारंपरिक पकवानों के साथ लोहड़ी की अग्नि प्रज्वलित की गई। देर रात तक चले इस कार्यक्रम में पूरे परिसर में उत्सव का माहौल बना रहा।
    उत्कृष्ट कार्य करने वाले पत्रकारों को किया सम्मानित- समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों व सदस्यों को सम्मानित भी किया गया। सम्मान पाकर उपस्थित सदस्यों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम के समापन पर सभी ने एकजुट होकर प्रेस क्लब बददी की इस पहल को सराहा और भविष्य में ऐसे आयोजनों को और व्यापक रूप देने की बात कही। इस सफल आयोजन ने न केवल लोहड़ी पर्व की खुशियों को दोगुना किया, बल्कि प्रेस क्लब बददी को एक परिवार के रूप में और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ। इस खास अवसर पर ऋषि ठाकुर, अंकुश नेगी, ओमपाल ठाकुर, सुरेंद्र शर्मा, सुनील शर्मा, शांति गौत्तम, कविता गौतम, स्वास्तिक,  राजिंद्र चौधरी, विकास राजा, नेहा, रवि ठाकुर, अंजना ठाकुर, सुखजिंदर कौर, एकता ठाकुर,अंकुश, दीपिका, रिमिका, निशा शर्मा, सोहन देवी, माया देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।
  • विश्व पुस्तक मेले में होगा कुलदीप शर्मा के बहुचर्चित कविता संग्रह ‘आत्महत्या से बचे हुए लोग’ का लोकार्पण

    विश्व पुस्तक मेले में होगा कुलदीप शर्मा के बहुचर्चित कविता संग्रह ‘आत्महत्या से बचे हुए लोग’ का लोकार्पण

    ऊना/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के प्रख्यात साहित्यकार एवं चिंतक कुलदीप शर्मा के बहुचर्चित कविता-संग्रह ‘आत्महत्या से बचे हुए लोग’ का 16 जनवरी को दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित विश्व पुस्तक मेले में लोकार्पण किया जाएगा। साहित्य-प्रेमियों के लिए यह अवसर विशेष महत्व रखता है, क्योंकि राष्ट्रीय स्तर के मंच पर यह संग्रह एक गंभीर साहित्यिक विमर्श का केंद्र बनने जा रहा है।

    लोकार्पण के उपरांत आयोजित चर्चा-सत्र में प्रसिद्ध आलोचक-कवि मदन कश्यप, चर्चित कवि-लेखक आलोक श्रीवास्तव, सतीश धर, धर्मपाल साहिल तथा कृष्ण मोहन पाण्डे भाग लेंगे। इन प्रतिष्ठित साहित्यकारों की उपस्थिति में संग्रह की रचनात्मक दृष्टि, संवेदना, विषय-वस्तु तथा समकालीन प्रासंगिकता पर सारगर्भित विचार-विमर्श किया जाएगा।

    गौरतलब है कि ऊना जिले के सुकड़ियाल गांव में जन्मे कुलदीप शर्मा अपनी संवेदनशील, सधी हुई और वैचारिक रूप से समृद्ध रचनात्मक अभिव्यक्ति के लिए जाने जाते हैं। उनकी कविताएँ समय के यथार्थ, मनुष्य की पीड़ा और आशा को साथ लेकर चलने वाली रचनात्मक चेतना हैं। उनकी रचनाएँ वर्षों से देश की अनेक प्रतिष्ठित पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित होती रही हैं तथा साहित्य-जगत में उनकी विशिष्ट पहचान स्थापित हुई है।

    विश्व पुस्तक मेले जैसे देश के सबसे बड़े साहित्यिक मंच पर ‘आत्महत्या से बचे हुए लोग’ का लोकार्पण, कुलदीप शर्मा की साहित्यिक यात्रा का एक और महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है।

  • अंब के साहिल पंडित ने इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में किया शानदार प्रदर्शन, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने किया सम्मानित

    अंब के साहिल पंडित ने इंटर कॉलेज यूथ फेस्टिवल में किया शानदार प्रदर्शन, पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने किया सम्मानित

    ऊना/सुशील पंडित:चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत अंब के रहने वाले प्रतिभाशाली युवा कलाकार साहिल पंडित ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित इंटर कॉलेज युवा एवं यूथ फेस्टिवल में शानदार प्रदर्शन कर क्षेत्र और प्रदेश का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर चिंतपूर्णी विधानसभा के पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने साहिल पंडित को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

    यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता चंडीगढ़ विश्वविद्यालय, राजपुरा (पंजाब) में आयोजित की गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश सहित पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, राजस्थान और दिल्ली के लगभग 27 विश्वविद्यालयों के प्रतिभागियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच वोकल सोलो (मेल) प्रतियोगिता में साहिल पंडित ने थर्ड रनर-अप का स्थान प्राप्त कर अपनी गायन प्रतिभा का लोहा मनवाया।

    साहिल पंडित इससे पूर्व भी हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर चुके हैं। वे अब तक एक बार गोल्ड मेडल और दो बार सिल्वर मेडल हासिल कर चुके हैं। खास बात यह है कि साहिल लगातार दो वर्षों से क्लासिकल वोकल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर प्रदेश के लिए गौरव का विषय बने हैं।

    अपने अब तक के संगीत सफर में साहिल पंडित छह बार हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर दो बार गोल्ड मेडल, दो बार नेशनल सिल्वर मेडल तथा एक बार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सिल्वर मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है।

    पूर्व विधायक बलबीर चौधरी ने साहिल पंडित को सम्मानित करते हुए कहा कि साहिल जैसे होनहार युवा हिमाचल प्रदेश की पहचान हैं और उनकी उपलब्धियां आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा स्रोत बनेंगी। उन्होंने साहिल के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सरकार और समाज को ऐसे प्रतिभावान युवाओं को हर संभव सहयोग देना चाहिए।

    साहिल पंडित की इस सफलता से क्षेत्र में खुशी की लहर है और लोगों ने उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में और बड़ी उपलब्धियां हासिल करने की शुभकामनाएं दी हैं।

  • मकर संक्रांति पर माता कामाख्या देवी मंदिर में विशाल भंडारा, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब

    मकर संक्रांति पर माता कामाख्या देवी मंदिर में विशाल भंडारा, श्रद्धा और भक्ति का उमड़ा सैलाब

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल अंब के अंतर्गत पंचायत पोलिया परोहतां में स्थित प्राचीन माता कामाख्या देवी मंदिर में मकर संक्रांति के पावन अवसर पर आयोजित विशाल भंडारा श्रद्धा, भक्ति और उल्लासपूर्ण वातावरण के बीच सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस धार्मिक आयोजन में क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने माता रानी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

    भंडारे से पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं हवन का आयोजन किया गया। हवन में क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और जनकल्याण की कामना की गई। पूरे दिन मंदिर परिसर माता रानी के जयकारों से गूंजता रहा, जिससे वातावरण पूर्णतः भक्तिमय बना रहा।

    इस आयोजन का नेतृत्व मंदिर प्रधान राकेश ठाकुर ने किया। उन्होंने बताया कि माता कामाख्या देवी की कृपा से हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी मकर संक्रांति पर भंडारे का आयोजन श्रद्धा भाव से किया गया, जिसमें क्षेत्रवासियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

    आयोजन को सफल बनाने में मेहर सिंह राणा, अनिल ठाकुर, सुनील ठाकुर, करतार सिंह ठाकुर, संजीव कुमार काका, सुनील सिंह, मेहर सिंह सहित मंदिर कमेटी के अन्य सदस्यों एवं स्वयंसेवकों ने दिन-रात सेवा कर अहम भूमिका निभाई। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे, साफ-सफाई और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा गया।

    आयोजन समिति ने भंडारे में सहयोग देने वाले सभी श्रद्धालुओं, स्थानीय जनता एवं सेवाभावी कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भाईचारे और सद्भावना को मजबूत किया जाएगा।

  • चक्क गांव में लोहड़ी पर्व पर सामूहिक भंडारे का आयोजन, विधायक सुदर्शन सिंह बबलू रहे मुख्य अतिथि

    चक्क गांव में लोहड़ी पर्व पर सामूहिक भंडारे का आयोजन, विधायक सुदर्शन सिंह बबलू रहे मुख्य अतिथि

    ऊना/सुशील पंडित: उपमंडल अंब के अंतर्गत पंचायत बेहड़ जसवां के गांव चक्क में लोहड़ी के पावन अवसर पर हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी सभी ग्रामवासियों ने मिलकर भव्य भंडारे का आयोजन किया। इस पारंपरिक आयोजन में पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला और आपसी भाईचारे तथा सांस्कृतिक एकता का सुंदर संदेश दिया गया।भंडारे में चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुदर्शन सिंह बबलू ने प्रमुख रूप से शिरकत की। विधायक ने ग्रामीणों के साथ पंगत में बैठकर भोजन ग्रहण किया और आयोजन के लिए गांववासियों की सामूहिक सहभागिता की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन हमारी सांस्कृतिक परंपराओं को जीवित रखते हैं और समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करते हैं।

    ग्रामीणों ने बताया कि यह भंडारा हर वर्ष लोहड़ी के अवसर पर आयोजित किया जाता है, जिसमें गांव की सभी बस्तियां मिलकर भंडारे का पूरा खर्च वहन करती हैं। आयोजन के दौरान लोहड़ी की परंपरा के अनुसार रेवड़ी और मूंगफली का वितरण भी किया गया। भंडारे में स्वादिष्ट व्यंजन परोसे गए, जिन्हें सभी ने बड़े चाव से ग्रहण किया।

    इस भंडारे में न केवल गांव चक्क के ग्रामीणों ने बल्कि आसपास की अन्य पंचायतों से आए लोगों तथा सड़क से आने-जाने वाले राहगीरों ने भी भोजन ग्रहण किया। आयोजन देर तक चलता रहा और पूरे क्षेत्र में लोहड़ी पर्व की खुशियां साझा की गईं।

    ग्रामीणों ने विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के आगमन पर खुशी व्यक्त की और कहा कि जनप्रतिनिधियों की ऐसी सहभागिता से ग्रामीण आयोजनों का उत्साह और बढ़ता है। लोहड़ी के इस सामूहिक आयोजन ने एक बार फिर गांव चक्क में सामाजिक एकता और परंपराओं की मजबूती को दर्शाया।

  • सैनिकों व उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : उपायुक्त

    सैनिकों व उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध : उपायुक्त

    ऊना/सुशील पंडित:जिला सैनिक कल्याण कार्यालय ऊना में बुधवार को दसवां पूर्ण सशस्त्र सेना दिवस समारोह गरिमामय ढंग से आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने की। इस मौके पर उपायुक्त ने कहा कि पूर्ण सशस्त्र सेना दिवस हमें उन शहीद वीरों की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उन्होंने कहा कि सैनिकों का बलिदान केवल इतिहास नहीं, बल्कि देश की सुरक्षा की मजबूत नींव है।

    उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की जिम्मेदारी केवल सैनिकों तक सीमित नहीं है, बल्कि उनके परिवारों, विशेषकर वीर नारियों, वीर माताओं और आश्रितों को सम्मान और हर संभव सहायता देना भी हमारा दायित्व है। उन्होंने कहा कि सैनिकों एवं उनके आश्रितों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। कोई भी सैनिक या आश्रित अपनी समस्या के साथ कभी भी प्रशासन से संपर्क कर सकता है तथा समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

    इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी लेफ्टीनेंट कर्नल एस. के. कलिया ने सेवारत सैनिकों, पूर्व सैनिकों, उनके आश्रितों तथा वीर नारियों को प्रदेश सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। समारोह के दौरान उपायुक्त ने वीर नारियों, वीर माताओं एवं बहादुरी पुरस्कार विजेताओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर बहादुरी पुरस्कार विजेता ऑनरेरी कैप्टन सुखदेव सिंह (वीर चक्र), पूर्व नायक देव प्रकाश (वीर चक्र), पूर्व सूबेदार दौलत राम (सेवा मेडल), ऑनरेरी कैप्टन सुशील कुमार (शौर्य चक्र), ऑनरेरी कैप्टन चरण दास (शौर्य चक्र) के साथ-साथ सविता ठाकुर (पत्नी स्वर्गीय अमित कुमार), रुचि (पत्नी स्वर्गीय अमरिक सिंह), कंचन बाला (पत्नी कुलविंदर सिंह), प्रकाशो देवी (पत्नी स्वर्गीय शिव देव), राकेश कुमारी (पत्नी स्वर्गीय हरपाल दत्ता—सेवा मेडल) तथा 87 वर्षीय सेवा निवृत्त सूबेदार दिलबाग सिंह को सम्मानित किया गया।

    इससे पूर्व उपायुक्त सहित उपस्थित अधिकारियों व गणमान्य व्यक्तियों ने शहीद स्मारक पहुंचकर शहीदों को नमन किया तथा श्रद्धा सुमन अर्पित किए। इस अवसर पर भूतपूर्व सैनिक लीग ऊना के अध्यक्ष कर्नल शक्ति चंद, भूतपूर्व सैनिक लीग दौलतपुर के अध्यक्ष कर्नल जोगिंद्र पाल, कर्नल सतदेव सिंह, कर्नल रघुवीर सिंह, कर्नल के. पी. एस. चन्झोत्रा, कर्नल नानक चंद, कर्नल पी. एस. राजपूत, कर्नल योगेश समनोल, कर्नल दर्शन सिंह, कर्नल कुलदीप सिंह वशिष्ठ (सेवा मेडल), कर्नल जोगिंदर राणा, कर्नल डी. पी. वशिष्ठ सहित अन्य सैन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

     

     

  • मान सरकार का ऐतिहासिक कदम, सहकारी हाउसिंग में स्वामित्व अधिकार होंगे पूरी तरह सुरक्षित

    मान सरकार का ऐतिहासिक कदम, सहकारी हाउसिंग में स्वामित्व अधिकार होंगे पूरी तरह सुरक्षित

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने सहकारी हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले निवासियों के संपत्ति अधिकारों की सुरक्षा के लिए ऐतिहासिक नागरिक-केंद्रित सुधारों को मंजूरी दी है। इन सुधारों का उद्देश्य दशकों से चली आ रही कानूनी अनिश्चितता को समाप्त करना और संपत्ति पंजीकरण को किफायती, सुरक्षित और कानूनी रूप से मजबूत बनाना है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप सरकार ने एक व्यापक ढांचा लागू किया है, जिससे नागरिकों को स्पष्ट स्वामित्व मिलेगा और राज्य के राजस्व हित भी सुरक्षित रहेंगे।

    सरकार ने सहकारी हाउसिंग सोसायटियों में मूल आवंटियों के पक्ष में किए गए आवंटन दस्तावेजों को स्टांप ड्यूटी से पूर्णतः मुक्त कर दिया है, जबकि गैर-मूल आवंटियों और ट्रांसफर मामलों के लिए समयबद्ध रियायती स्टांप ड्यूटी दरें अधिसूचित की गई हैं। इसके तहत 31 जनवरी 2026 तक 1 प्रतिशत, 28 फरवरी 2026 तक 2 प्रतिशत और 31 मार्च 2026 तक 3 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी निर्धारित की गई है। साथ ही, सोसायटियों द्वारा वसूली जाने वाली ट्रांसफर फीस पर भी कानूनी सीमा तय की गई है।

    इन फैसलों से सहकारी हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले हजारों परिवारों को अपने घरों का स्पष्ट और कानूनी स्वामित्व मिलेगा। सरकार का मानना है कि ये सुधार न केवल संपत्ति लेन-देन को पारदर्शी बनाएंगे, बल्कि नागरिकों को अनावश्यक कानूनी विवादों से भी राहत दिलाएंगे, जिससे जनता का भरोसा और मजबूत होगा।

  • जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गैंगस्टरवाद पर प्रहार, एक्शन मोड में आई पंजाब पुलिस

    जीरो टॉलरेंस नीति के तहत गैंगस्टरवाद पर प्रहार, एक्शन मोड में आई पंजाब पुलिस

    चंडीगढ़: मुख्यमंत्री भगवंत मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने गैंगस्टरवाद और अपराध के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति को सख्ती से लागू किया है। सरकार ने स्पष्ट किया है कि राज्य में कानून तोड़ने वालों और दहशत फैलाने वालों के लिए कोई जगह नहीं है। आम जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए पंजाब पुलिस को अपराधियों के खिलाफ त्वरित और कठोर कार्रवाई की पूरी छूट दी गई है।

    हाल के दिनों में पंजाब पुलिस ने कई बड़े मामलों में तेज़ और प्रभावी कार्रवाई कर इस नीति को ज़मीन पर उतारा है। सरपंच जरमैल सिंह हत्याकांड में आरोपियों को छत्तीसगढ़ से गिरफ्तार किया गया, जबकि मोहाली में कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड में मुठभेड़ और अंतरराज्यीय कार्रवाई के बाद आरोपियों को पकड़ा गया। वहीं, बरनाला में पंजाबी सिंगर गुलाब सिद्धू पर संभावित हमले को समय रहते नाकाम कर तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की गई।

    इन कार्रवाइयों से साफ है कि पंजाब सरकार और पुलिस अपराध के खिलाफ पूरी तरह मुस्तैद हैं। तेज़ कार्रवाई, मजबूत इच्छाशक्ति और बेहतर समन्वय से राज्य में कानून व्यवस्था मजबूत हुई है और जनता का भरोसा बढ़ा है। सरकार का संदेश स्पष्ट है—अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

     

  • Jalandhar News: Hotel Park Plaza में Pollution Board की Raid

    Jalandhar News: Hotel Park Plaza में Pollution Board की Raid

    जालंधर (Ens) : शहर के मशहूर Hotel Park Plaza में Pollution Board द्वारा दबिश देने की खबर सामने आई है। यह कार्रवाई बोर्ड के हेड ऑफिस के अफसरों की देख रेख में हुई है। जिसकी पुष्टि जालंधर पॉल्यूशन बोर्ड के अफसर हरपाल सिंह ने की है।

    पॉल्यूशन बोर्ड की इस कार्रवाई से होटल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यह कार्रवाई किसी शिकायत या रुटीन के तौर पर हुई है इसकी जानकारी अभी पॉल्यूशन बोर्ड ने सांझा नहीं की है। उधर होटल मैनेजमेंट भी इस मामले में मीडिया से दूरी बनाए हुए है।

    कुछ दिन पहले भी इसी होटल की वैलेट पार्किंग में मोबाइल चोरी को लेकर हंगामा हुआ था। जब गौतम नाम के व्यक्ति ने कार पार्किंग के कर्मचारी को पार्क करने के लिए दी थी। 15-20 मिनट बाद जब वह गाड़ी से मोबाइल लेने के लिए गया तो मोबाइल गायब था।

    पार्किंग स्टाफ के कर्मचारियों ने मोबाइल के बारे में किसी भी तरह की जानकारी से मना कर दिया। इस घटना की सूचना पाकर मौके पर पुलिस ने पहुंचकर मामला शांत करवाया था।