Blog

  • Punjab News: पुलिस और शूटरों में चली गोलियां, 2 गिरफ्तार

    Punjab News: पुलिस और शूटरों में चली गोलियां, 2 गिरफ्तार

    लुधियानाः जगराओं के निकट गांव सोहियां में शूटर और पुलिस के बीच मुठभेड़ हो गई। मिली जानकारी के अनुसार शूटर ने पुलिस पर फायरिंग की। इस दौरान शूटर द्वारा चलायी गई गोलियां पुलिस की गाड़ी पर लगीं। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की। मामले की जानकारी देते हुए एसएसपी अंकुर गुप्ता ने बताया कि पिछले 5 जुलाई को गांव रूमी की एक दुकान पर इस शूटर नानक राम ने अपने एक साथी दीपू सिंह के साथ मिलकर फायरिंग की थी। पुलिस ने दोनों सुपारी शूटरों को गिरफ्तार कर लिया है।

    पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने फायरिंग के दौरान इस्तेमाल किए गए 32 बोर के रिवाल्वर को गांव सोहियां फाटक के पास सूए के नजदीक दबाया गया था। जिसके बाद आरोपियों की निशानदेही से उस रिवाल्वर को बरामद करने के लिए जब पुलिस शूटर के साथ पहुंची, तो शूटर ने अंधेरे का फायदा उठाते हुए अपना छिपाया हुआ 32 बोर का हथियार निकालकर पुलिस पर फायरिंग कर दी और मौके से फरार होने की कोशिश की।

    जिसके चलते पुलिस ने जवाबी गोलीबारी में उसकी टांग में 2 गोलियां मारी, जिनमें से एक गोली उसकी टांग में लगी और उसे घायल हालत में इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ करेगी कि रूमी गांव की दुकान पर उन्होंने फायरिंग किसके कहने पर और क्यों की थी। इसका खुलासा भी जल्द ही किया जाएगा।

  • Punjab News: ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    Punjab News: ड्यूटी से लौट रहे व्यक्ति पर जानलेवा हमला, देखें वीडियो

    होशियारपुरः चिंतपूर्णी मार्ग पर स्थित न्यू वीना वैली में लूट की वारदात का मामला सामने आया है। जहां तीन नाकाबपोश लुटेरों ने एक व्यक्ति से लूट की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे। घटना करीब शाम साढ़े 5 बजे की बताई जा रही है। मामले संबंधी जानकारी देते बलविंदर सिंह ने बताया कि वह वेरका मिल्क प्लांट में काम करता है। शाम को ड्यूटी खत्म कर घर की ओर जा रहा था कि रास्ते में 3 युवक खड़े थे, जिन्होंने उन्हें रुकने का इशारा किया, जब उसने बाइक स्लो किया तो उन्होंने हमला कर दिया। इतने में वहां से गुजर रहे ट्रैक्टर सवार नौजवान ने जब उक्त हमलावरों पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश की, तो वे अपना मोटरसाइकिल छोड़कर वहां से फरार हो गए।

    बलविंदर सिंह ने बताया कि मौके पर जांच की तो पास में ही झाड़ियों में एक बेसबाल और प्लास्टिक की पाइप भी मिली है। उन्होंने बताया कि अगर ट्रैक्टर चालक वहां न होता तो उसका काफी नुक्सान हो सकता था। लेकिन किसी भी तरह की कोई लूट नहीं हो पाई। जिसके बाद उन्होंने मौके पर पुलिस को सूचित कर शिकायत दर्ज करवा दी है। वहीं आरोपियों के बाइक की जांच की तो पता चला कि उसका बिना नंबर प्लेट का पहले भी चालान हो चुका है। लुटेरे फरार चल रहे है। बलविंदर ने बताया कि उसकी किसी के साथ कोई रंजिश नहीं है। उसके परिवार में बच्चे और पत्नी है। जिस तरह से उस पर हमला हुआ है उससे अपनी जान का खतरा महसूस हो रहा है। जिसके चलते पुलिस जल्द से जल्द इन लुटेरों को पकड़ कर सामने लाए और उसे इंसाफ दिलाया जाए।

  • Jalandhar News: विधायक रमन अरोड़ा की बढ़ी मुश्किलें, 10 लाख वसूलने के आरोप में RTI Activist नामजद

    Jalandhar News: विधायक रमन अरोड़ा की बढ़ी मुश्किलें, 10 लाख वसूलने के आरोप में RTI Activist नामजद

    जालंधर, ENS: करप्शन केस में फंसे विधायक रमन अरोड़ा की मुश्किलें थमने का नाम नहीं ले रही। दरअसल, करप्शन केस में लगातार विजिलेंस द्वारा नई परतें खोली जा रही है। अब विजिलेंस ने 10 लाख रुपए वसूली का एक मामला खोल दिया है। विजिलेंस अरोड़ा के संपर्क में रहने वाले अफसरों की भूमिका की जांच कर रही है, जिनके जरिये वह अपने उलटे-सीधे काम निकलवाता था। दरअसल, अब बंदा बहादुर नगर के महिंदर गुल्लू ने स्टेटमेंट में देते हुए कहा है कि विधायक ने उसे विजिलेंस का डर दिखाकर 10 लाख रुपए वसूले थे। एटीपी सुखदेव ने उसे आरटीआई एक्टिविस्ट रविंदर पाल सिंह चड्डा और विधायक से मिलने के लिए कहा था। इसके बाद वे चड्डा से मिले तो उसने 2 लाख रुपए रिश्वत ली।

    विजिलेंस ने चड्डा को नामजद किया है, लेकिन चार्जशीट में कहा कि जांच चल रही है। गुल्लू ने कहा कि उन्होंने गोपाल नगर में 22 मरले रिहायशी मकान खरीदा, लेकिन उसने निगम से कॉमर्शियल करवा लिया था। इमारत की शिकायत करके पैसे मांगे थे। एटीपी सुखदेव ने नोटिस निकाला और कहा कि चड्डा और विधायक से मिलें। विधायक ने दफ्तर में मीटिंग कर दस लाख मांगे, लेकिन 5 पांच में मान गए तो मैं दे आया। 20 जून, 2022 को उसे अरोड़ा के पीए रविंदर बांसल ने वाट्सएप कॉल करके कहा कि आप के खिलाफ विजिलेंस में एक कंप्लेंट आई है। विधायक से आकर दफ्तर में मिली। वे बेटे संग विधायक से मिले तो बोले- इमारत की 87 लाख निर्माण फीस बनती है। सेटिंग कर ले, वरना विजिलेंस से एक्शन करवा देंगे।

    विधायक ने 30 लाख मांग, फिर डील पांच लाख में हुई, जो मैं दे आया। गुल्लू ने कहा कि उससे दो बार डरा-धमका कर 10 लाख रुपए लिए थे। सुखविंदर लाली ने कहा कि बीएमसी चौक के पास उनकी लाली बिल्डिंग है। वे छत की मरम्मत करवा रहे थे, तो निगम कर्मी चक्कर मारने लगे। काम करने के दौरान परेशान करना शुरू कर दिया। उनके पास खुद को विधायक का पीए अशोक जसीजा बताकर कहा कि आप विधायक से मिल लें, लेकिन मैं विधायक से नहीं मिला। इसके बाद निगम ने और तंग करना शुरू कर दिया। इस बीच उसका पीए मिला तो मैंने परेशानी में कहा कि आप मेरी विधायक से बात करवा दें। उससे 20 लाख की डिमांड की गई, लेकिन विधायक 8.50 लाख रुपए मान गए थे।

    लाली ने कहा कि मैं दोस्त संग विधायक को उक्त पैसे देकर आ गया था। कुछ समय काम ठीक चला और फिर तंग करना शुरु कर दिया और इमारत सील करवा दी। कमिशनर से मिलकर अपने दस्तावेज दिखाए तो उन्होंने कहा कि दस्तावेज ठीक हैं। मैं जल्द सील खुलवा दूंगा। इतना ही नहीं, अग्रवाल ढाबे के मालिक नरेश कुमार ने कहा कि एटीपी ने धक्का करते ढाबा सील करने की धमकी दी। विधायक से मिले तो उन्होंने 20 लाख मांगे, लेकिन 8 लाख में सेटिंग हो गई। बेकरी मालिक संजीव दुग्गल ने कहा कि विधायक ने डरा धमका कर तीन लाख लिए थे। यह पैसे महिला इंस्पेक्टर हरप्रीत कौर को देकर आए थे। नरिंदर अग्रवाल ने विधायक पर एक लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप लगाए है। यशपाल खत्रा ने पांच लाख रुपए रिश्वत लेने के आरोप की रिकार्डिंग विजिलेंस को सौंपी है।

     

  • Punjab News:नहीं थम रही गोल्डन टेंपल को बम से उड़ाने की धमकियां, आज 7वीं बार आया ई-मेल

    Punjab News:नहीं थम रही गोल्डन टेंपल को बम से उड़ाने की धमकियां, आज 7वीं बार आया ई-मेल

    अमृतसरः सचखंड श्री हरिमंदिर साहिब में बम धमाके से संबंधित धमकियां मिलने की घटना थमने का नाम नहीं ले रही। हालांकि इस मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया है, लेकिन उसके बावजूद लगातार श्री हरिमंदिर साहिब को धमकियां मिलने का सिलसिला जारी है। आज एक फिर से श्री हरिमंदिर साहिब को लेकर धमकी भरा ई-मेल आया है।

    उल्लेखनीय है कि 14 जुलाई से लेकर आज 19 जुलाई तक शिरोमणि कमेटी को 7 धमकी भरी ईमेलें मिल चुके हैं। दरअसल, 14 जुलाई से किसी व्यक्ति द्वारा भेजी जा रही धमकी भरी ईमेलों के मामले में पुलिस प्रशासन ने शुभम दुबे नामक एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेने का खुलासा किया था, लेकिन शिरोमणि कमेटी को बीते दिनों के बाद आज फिर धमकी भरी ईमेल प्राप्त होने की सूचना मिली है। वहीं लगातार मिल रही धमकियों को लेकर गोल्डन टेंपल की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। ऐसे में पुलिस द्वारा बारीकी से मामले की जांच की जा रही है।

  • Haryana News: मंदिर से माथा टेककर घर लौट रहा दंपित हुआ हादसे का शिकार, देखें वीडियो

    Haryana News: मंदिर से माथा टेककर घर लौट रहा दंपित हुआ हादसे का शिकार, देखें वीडियो

    पंचकूलाः माता मनसा देवी मंदिर से माथा टेकर लौट रहे दंपति हादसे का शिकार हो गए। जिससे वह गंभीर जख्मी हुए है। जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल दाखिल करवाया गया है।

    जानकारी अनुसार हादसा कार और आटो के बीच मेें हुआ। जिससे आटो में बैठे दंपति को चोटें आई है। घायल नथूराम ने बताया कि वह मनसा देवी मंदिर के सिंहद्वार के पास माता मनसा देवी मंदिर से माथा टेक वापस लौट रहे थे। वापसी के लिए उन्होंने आटो किया। जैसे कुछ दूरी पर गए तो एक कार ने आकर उन्हें टक्कर मार दी। जिससे वह गिर गए और जख्मी हो गए।

    मौके पर मौजूद लोगों औऱ आटों वाले ने हमें अस्पताल दाखिल करवाया। हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोटें आई है जिसका उपचार पंचकूला के सेक्टर 6 अस्पताल में किया जा रहा है। नथूराम ने बताया कि आटो वाला अस्पताल छोड़कर वहां से चला गया है। जिस गाड़ी ने उसे टक्कर मारी है वह भी मौके से आटो वालों को कुछ पैसे देकर फरार हो गया।

  • Punjab News: भाजपा नेता पर किया तेजधार हथियार से हमला, मिल रही थी धमकियां, देखें वीडियो

    Punjab News: भाजपा नेता पर किया तेजधार हथियार से हमला, मिल रही थी धमकियां, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में क्राइम की वारदातों का ग्राफ इस कदर बढ़ गया है कि सरेआम हमलावार घटनाओं को अंजाम दे रहे है। वहीं ताजा मामला टिब्बा रोड गोपाल नगर से सामने आया है। जहां देर रात अज्ञात युवकों ने बीच सड़क भाजपा नेता नमन बांसल पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस घटना को लेकर पुलिस की कार्रगुजारी सवालों के घेरे में आ गई है। दरअसल, पुलिस क्राइम की वारदातों पर नकेल कसने के दावे कर रही है, लेकिन जमीनी हकीकत में सरेआम हमलावार वारदातों को अंजाम देकर पुलिस की गिरफ्त से कोसो दूर दिखाई दे रहे है। घटना में हमलावारों ने नमन को बुरी तरह से घायल कर दिया। नमन ने आरोप लगाए है कि हमलावरों ने थप्पड़ जड़े और उसकी पीठ पर दातर से हमला किया। जिसके बाद खून से लथपथ नमन ने दुकान में घुस कर खुद की जान बचाई। घटना में घायल नमन ने अपने दोस्तों को सूचना दी। मौके पर पहुंच उसके दोस्तों ने उसे सिविल अस्पताल दाखिल करवाया जहां उसकी पीठ पर टांके लगे है। पत्रकारों ने जब रात साढ़े 10 बजे टिब्बा रोड स्थित इलाके के लोगों से घटना संबंधी जानकारी ली तो एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि कुछ युवकों ने गोपाल नगर चौक के पास जमकर एक-दूसरे के साथ मारपीट की है। इस दौरान गोपाल नगर चौक के पास फायरिंग भी हुई है। अब ये फायर किसने किया इस बारे अभी कुछ पता नहीं चला। थाना टिब्बा की पुलिस को भी घटना की जानकारी मिल चुकी है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल नमन ने बताया कि उसकी गोपाल नगर में दुकान है। उसे 2 से 3 दिन पहले थ्रेट भी मिली थी। वह रोजाना की तरह ही दुकान से रात को निकला, तभी कुछ युवक दुकान के आस-पास रेकी कर रहे थे, लेकिन उसने इतना ध्यान नहीं दिया। जैसे ही वह कुछ आगे गया तो उक्त युवकों ने उसे रोक लिया और नाम पूछने लग गए। जब उसने अपना नाम बताया तो उन लोगों ने कहा कि तुम अपना नाम झूठ बोल रहे हो। इतने में सड़क पर भागते हुए कुछ युवक तेजधार हथियार लेकर आ गए। हमलावारों ने आते ही उसे थप्पड़ मारे फिर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जिसके बाद उसने किसी दुकान में घुस कर अपनी जान बचाई। नमन मुताबिक वह थाना टिब्बा की पुलिस को मामले की शिकायत देगा ताकि हमलावरों को दबोचा जा सके।
  • Jalandhar News: टीचर की डांट के बाद 9वीं के छात्र ने छत से लगाई छलांग, प्रिंसीपल का आया बयान

    Jalandhar News: टीचर की डांट के बाद 9वीं के छात्र ने छत से लगाई छलांग, प्रिंसीपल का आया बयान

    जालंधर, ENS: फिल्लौर में टीचर की डांट से परेशान होकर छात्र ने खौफनाक कदम उठा लिया। जिसको लेकर हर कोई हैरान हो गया है। दरअसल, निजी स्कूल के 9वीं कक्षा के छात्र ने होमवर्क नहीं किया था। जिसको लेकर स्कूल में टीचर ने उसे डांटा। टीचर की डांट के बाद छात्र ने स्कूल की छत से छलांग लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। इस घटना में छात्र दोनों पैर फ्रैक्चर हो गए। स्कूल प्रशासन की मदद से घायल छात्र को निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

    15 वर्षीय जख्मी बच्चे की मां ने बताया कि उसकी शादी 2009 में बलाचौर में रहने वाले व्यक्ति से हुई थी। बेटे के जन्म के बाद पति से झगड़ा हुआ तो वे फिल्लौर स्थित मायके आ गई। बेटा निजी स्कूल में पढ़ता है। उन्होंने बताया कि कुछ दिनों से उनका भाई रोज रात को शराब पीकर झगड़ा और मारपीट कर रहा है। इसकी कंप्लेंट पुलिस में की गई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसी झगड़े की वजह से उनका बेटा होमवर्क पूरा नहीं कर पाया। 5 दिन पहले उन्होंने बेटे को तैयार करके स्कूल भेजा और खुद लोगों के घरों में काम करने चली गई।

    सुबह 10 बजे किसी ने बताया कि बेटा स्कूल की छत से कूद गया है और उसकी हालत गंभीर है। बच्चे के स्कूल परिसर में गिरने की आवाज सुनकर पूरा स्टाफ बाहर आ गया और उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। दूसरी तरफ उपचाराधीन विद्यार्थी ने बताया कि वह स्कूल पहुंचा तो टीचर ने होमवर्क न करने पर बुरी तरह डांटा। इसके बाद उसने छत से छलांग लगा दी।

    वहीं इस घटना को लेकर स्कूल की प्रिंसिपल का कहना है कि विद्यार्थी घर में होने वाले रोज के झगड़ों से परेशान था। इसी कारण उसने भयानक कदम उठाया है। बच्चे के इलाज का पूरा खर्च स्कूल प्रबंधन कर रहा है। बच्चे के घर की खराब हालत को देखते हुए उसकी फीस पहले ही माफ कर दी गई है। दूसरी तरफ थाना प्रभारी भूषण का कहना है कि उन्होंने हाल ही में कार्यभार संभाला है। बच्चे की मां की शिकायत उनके संज्ञान में नहीं है। अगर बच्चे और उसकी मां को प्रताड़ित करने की बात सामने आती है तो मामले की जांच करवाई जाएंगी और बनती कार्रवाई की जाएंगी।

  • Punjab News: सुबह-सुबह आटा मिल पर हमलावार ने चलाई गोलियां, देखें वीडियो

    Punjab News: सुबह-सुबह आटा मिल पर हमलावार ने चलाई गोलियां, देखें वीडियो

    अमृतसरः जिले में गुरु की वड़ाली में मान आटा मिल पर एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते गोलियां चलाई। घटना को लेकर इलाके में दहशत का माहौल बन गया। वहीं पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच पुलिस ने घटनास्थल से एक खोल बरामद किया है। पुलिस ने पीड़ित के बयानों पर कार्रवाई करते हुए हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी कर रही है।

    पीड़ित लखविंदर सिंह ने बताया कि कुछ महीने पहले इलाके के रहने वाले सुखजीत सिंह की एक युवक से लड़ाई हुई थी, जिसके बाद पुलिस ने उसकी मिल से उक्त वीडियो बरामद की थी। इसी शक के कारण सुखजीत सिंह मिंटू से रंजिश रखता था और उसकी मिल की उसने तोड़फोड़ भी की। इसी बात को लेकर आज सुबह लगभग 5 बजे वह कार में आया और उसकी दुकान पर 2 गोलियां चलाईं और भाग गया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए और उसे गिरफ्तार किया जाए।

    सुखजीत सिंह मिंटू की पत्नी राजबीर कौर ने बताया कि कुछ दिन पहले लखविंदर सिंह द्वारा उनके पति मिंटू के साथ बदसलूकी करने पर झगड़ा हुआ था। जिसके बाद लखविंदर सिंह ने उनके सिर पर झूठा आरोप लगाकर उन्हें फंसाने की कोशिश की। मिंटू को फंसाने के लिए उसने उनकी दुकान पर गोलीबारी की झूठी शिकायत दर्ज करवाई, जबकि उनका पति मिंटू झगड़े के कारण कुछ दिनों के लिए शहर से बाहर है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की गहराई से जांच की जाए और सच्चाई सामने लाई जाए।

    इस संबंध में थाना इंचार्ज विनोद कुमार ने कहा कि लखविंदर सिंह और सुखजीत सिंह मिंटू के बीच पुरानी लड़ाई चल रही है। दो दिन पहले भी मिंटू ने लखविंदर सिंह पर हमला कर उसे घायल कर दिया था। उसके बाद आज शिकायत मिली है कि मिंटू ने उस पर गोली चलाई है। सीसीटीवी कैमरों की जांच करके मामले की छानबीन की जा रही है। उन्होंने कहा कि मौके से गोलियों के खोल बरामद हुए हैं। हमलावार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और जो भी आवश्यक कार्रवाई होगी वह की जाएगी।

  • Jalandhar News: तहसील परिसर में हुए झगड़े को लेकर BJP नेता की बढ़ी मुश्किलें, समन जारी

    Jalandhar News: तहसील परिसर में हुए झगड़े को लेकर BJP नेता की बढ़ी मुश्किलें, समन जारी

    जालंधर, ENS: तहसील परिसर में हुए झगड़े के मामले में भाजपा नेता की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है। दरअसल, मई 2023 में हुए झगड़े को लेकर कोर्ट में फाइल किए गए कंप्लेंट केस में अदालत ने आरोपी पक्ष से जुड़े भाजपा नेता गौरव लूथरा, उसके साथी गुरशरण सिंह और हरीश कुमार को आईपीसी की धारा 325 व 326 में समन जारी कर दिए हैं। केस की अगली सुनवाई अब 19 अगस्त को होगी। प्रॉसीक्यूशन के एडवोकेट केके अरोड़ा के जरिये जख्मी अमृतसर के झीता कलां के रहने वाले 20 साल के अमृतपाल सिंह ने कहा है कि वह किसान है। वह 2 मई 2023 को विकास शर्मा के पास किसी काम से आया था।

    विकास ने उसे कहा कि उसने गौरव से पैसे व अपने बच्चों के पासपोर्ट लेने हैं। इसलिए वह एक्टिवा पर सवार होकर गौरव लूथरा के कैबिन में पहुंच गए। वहां पर विकास ने गौरव से पासपोर्ट और पैसे मांगे। गौरव ने पासपोर्ट तो दे दिए, मगर 30 हजार रुपए नहीं दिए। अमृतपाल ने आरोप लगाया कि गौरव के साथी हरीश और गुरचरण ने कहा कि इन्हें पैसे मांगने का मजा चखाते हैं। इतना कहते ही उन पर हमला कर दिया। आरोप है कि गौरव ने दातर निकाल कर अमृतपाल के सिर में मारा, मगर उसने हाथ आगे कर लिया। इससे उसकी अंगुली में जख्म हो गया। अमृतपाल ने आरोप लगाया कि उसे और विकास पर हमला कर जख्मी कर दिया। वे लोग जान बचाकर भाग निकले।

    पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 323, 324, 506, 294 व 34 लगाकर क्रॉस केस दर्ज कर लिया था। एडवोकेट ने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट पेश कर कहा था कि केस में आईपीसी की धारा 325 व 326 जोड़ी जाएं, लेकिन कोर्ट ने केवल 323 व 324 में समन जारी कर दिए थे। पीड़ित पक्ष ने इस आदेश के खिलाफ सेशन कोर्ट में रिवीजन फाइल कर दी थी। एडवोकेट अरोड़ा ने कोर्ट में दलील दी थी कि मेडिकल रिपोर्ट में क्लियर है कि उनके क्लांइट पर जानलेवा अटैक हुआ था।

    सेशन कोर्ट ने 323 व 324 के आदेश को खारिज कर निचली अदालत को आदेश जारी किए थे। इसके बाद निचली कोर्ट ने केस में 323 की जगह 325 व 324 की जगह 326 की धाराएं लगाकर आरोपी पक्ष को समन जारी कर दिए हैं। केस की अगली सुनवाई 19 अगस्त को होनी है। बता दें कि भाजपा नेता गौरव लूथरा की शिकायत पर 10 लोगों के खिलाफ आईपीसी की धारा 451, 323, 506, 294 व 149 केस दर्ज किया गया था। गौरव की शिकायत में चहार के विकास शर्मा उर्फ चीनू और अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया था।

  • आज का राशिफल 19 जुलाई, 2025

    आज का राशिफल 19 जुलाई, 2025

    आज श्रावण कृष्ण पक्ष की नवमी तिथि शनिवार का दिन है। नवमी तिथि आज दोपहर 2 बजकर 43 मिनट तक रहेगी। आज दोपहर 2 बजकर 43 मिनट तक यायिजय योग रहेगा। साथ ही आज रात 12 बजकर 38 मिनट तक भरणी नक्षत्र रहेगा।

    मेष राशि:आज का दिन खुशियों से भरा रहेगा। आज आप पार्टनरशिप में किसी बिजनेस की शुरुआत को लेकर बात कर सकते हैं, जो आपके लिए फायेदेमंद साबित होगा। आर्ट्स के स्टूडेंट के लिए आज का दिन अच्छा रहने वाला है, मन में आज नए विचार आएंगे। आज बेरोजगार व्यक्तियों को रोजगार मिल सकता है, आपका आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा। लवमेट के साथ आज मूवी का प्लान बन सकता है, आपको ख़ुशी मिलेगी।

    वृष राशि:आज का दिन बेहतरीन रहने वाला है। बिजनेस के सिलसिले में आपकी आज विदेश यात्रा भी हो सकती है। सरकारी ऑफिस में काम करने वालों को जल्द ही पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। आज मेहमानों के आगमन से आपके घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। परिवार वालों के साथ कहीं बाहर जाने का प्लान बन सकता है। आज आपके मन में नए विचार आ सकते हैं, जो आपके काम में सहायक सिद्ध होंगे। आज आप कोई इलेक्ट्रोनिक सामान खरीद सकते है।

    मिथुन राशि:आज का दिन ठीक-ठाक बना रहेगा। आज आपको रोजगार के लिए बढ़िया अवसर प्राप्त होंगे। आज आप अपने किसी करीबी दोस्त के साथ बाहर जा सकते हैं, जहां आपका मन लगेगा। आज आप करियर से रिलेटेड कोई बात अनुभवी व्यक्ति से कर सकते हैं, जो आपको अच्छी सलाह देंगे। किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वालों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा। दांपत्य जीवन खुशनुमा बना रहेगा। हालांकि धनहानि हो सकती है इसलिए आर्थिक पक्ष को लेकर सतर्क रहें।

    कर्क राशि:आज का दिन आप परिवार वालों के साथ बिताएंगे। प्राइवेट ऑफिस में कार्यरत व्यक्तियों को आज उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे और आपकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा। आपके बच्चों से आपको गुड न्यूज मिल सकती है, जिससे आपको गर्व महसूस होगा। आज आप दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने जा सकते हैं, जिससे आप खुद को तरोताजा फील करेंगे। आज परिवार वालों को शॉपिंग कराने ले जा सकते हैं, जिससे उनको ख़ुशी मिलेगी।

    सिंह राशि:आज का दिन बेहद खास रहने वाला है। आज आप अटके हुए काम को पूरा करने में दोस्त की मदद ले सकते हैं। दुकानदारों के लिए आज का दिन अच्छा रहेगा, आज अच्छी कमाई होने का योग बन रहा है। कला के क्षेत्र में रुचि रखने वालों को आज अच्छे ऑफर मिल सकते है। इंजीनियरिंग करने वाले छात्रों के लिए आज जॉब के अच्छे ऑफर मिलने की संभावना बन रही है। लम्बे समय बाद किसी दोस्त से मुलाकात हो सकती है, उससे मिलकर आपको ख़ुशी होगी।

    कन्या राशि:आज का दिन अच्छा रहेगा। आज आपको बिजनेस में बड़ी डील मिलने के योग बन रहें है, जिससे आपको धनलाभ हो सकता है। आज आपको ससुराल पक्ष से शुभ समाचार मिलने के संकेत बन रहे हैं। आज पारिवारिक रिश्तों के बीच सामंजस्य बनाने में आप सफल रहेंगे। आज मनोरंजन में पैसे खर्च हो सकते हैं, लेकिन आपको आनन्द की प्राप्ति होगी। शाम को बच्चों के साथ कहीं घूमने जायेंगे, उनको ख़ुशी मिलेगी। काम की अधिकता रहने से आपको शारीरिक थकान महसूस हो सकती है।

    तुला राशि:आज आपकी रुचि नए कार्यों में बढ़ेगी जिससे आपको कुछ नया सीखने को मिलेगा। आज बिजनेस में बढ़िया धन लाभ होगा, लेकिन आप अपने अनावश्यक खर्चो से बचने का प्रयास करें। आज आर्थिक पक्ष पहले से अधिक मजबूत रहेगा, घर में सुख-सुविधा की बढ़ोतरी होगी। ऑफिस में आज एक्सट्रा वर्क करने से रुका हुआ काम जल्दी पूरा हो जाएगा, जिससे खुश होकर बॉस आपकी पीठ थपथपा सकते हैं। संगीत के क्षेत्र में रुचि रखने वालों को आज किसी फिल्म में गाने का ऑफर मिल सकता है।

    वृश्चिक राशि:आज का दिन मिली-जुली प्रतिक्रिया देने वाला रहेगा। आज अगर बड़े-बुजुर्ग का आशीर्वाद लेकर किसी काम की शुरुआत करेंगे, तो आपको फायदा होना तय है। आज स्वास्थ्य के प्रति आप थोड़ी सावधानी रखें, इसलिए बेहतर होगा कि आप बाहर के खाने को न खाएं। इस राशि के लवमेट आज लॉन्ग ड्राइव पर जाने का प्लान बना सकते हैं, घर वालों का सपोर्ट बना रहेगा। वकीलों के लिए आज का दिन फायदेमंद रहने वाला है, किसी बड़े केस में आज आपको शानदार जीत मिलेगी। हालांकि इस राशि के कुछ लोगों को आर्थिक नुकसान भी हो सकता है।

    धनु राशि:आज का दिन आपके लिए उत्तम रहेगा। आज आपको अधिकतर कार्यों में सफलता हासिल होगी। आज घर का खुशनुमा माहौल आपको ख़ुशी प्रदान करेगा, बच्चे भी मन लगाकर पढ़ाई करेंगे। आज आपके सकारात्मक विचारों से खुश होकर बॉस आपको उपहार स्वरूप उपयोगी वस्तु गिफ्ट कर सकते हैं। स्टूडेंट को आज अपनी पढ़ाई में बदलाव करने के लिए टाइम-टेबल में परिवर्तन करने की जरूरत है। पिछले काफ़ी दिनों से चल रही उलझन आज जीवनसाथी के माध्यम से हल हो जाएगी, जिससे आपको राहत मिलेगी।

    मकर राशि:आज का दिन आपके लिए बढ़िया रहेगा। आज आप बिजनेस को बड़ा बनाने के लिए, किसी एक्सपर्ट की राय ले सकते हैं। आज आप किसी काम को करने से पहले उसकी योजना जरूर बना लें, जिससे उसे पूरा करने में आसानी रहेगी। किसी नयी जमीन से संबंधित कोई लेन-देन करने जा रहे हैं तो पहले उसकी अच्छे से जांच-पड़ताल जरूर कर लें। आज आप अपने स्वास्थ्य के साथ-साथ घर के सदस्यों का भी ध्यान रखें, तला-भुना भोजन खाने से बचें।

    कुम्भ राशि:आज का दिन आपके लिए अच्छा रहेगा। आज आपको बिजनेस में अचानक बड़ा धन लाभ होगा और भौतिक-सुख की प्राप्ति होने से मन प्रसन्न रहेगा। इस राशि के विद्यार्थियों के लिए भी आज का दिन अच्छा है, पढ़ाई में मन लगेगा। आज आपके दांपत्य जीवन में मधुरता बनी रहेगी, जिससे पूरा परिवार खुश होगा। सामाजिक कार्यों में कार्यरत व्यक्ति आज अपनी जिम्मेदारी बहुत अच्छे से निभाएंगे। आज आप किसी भी व्यक्ति से बात करते वक्त अपने शब्दों को कण्ट्रोल में रखें अन्यथा आपके बनते काम बिगड़ सकते हैं। निवेश सोच-समझकर करें नहीं तो धनहानि हो सकती है।

    मीन राशि:आज का दिन बेहतरीन रहेगा। आज आप बिजनेस को नयी ऊंचाई तक पहुंचाने के लिए अथक प्रयास करेंगे। इस राशि के विवाहित जातकों के लिए आज का दिन अच्छा है, जीवनसाथी के साथ कहीं बाहर डिनर पर जा सकते हैं। आज आपकी मुलाकात किसी पुराने मित्र से हो सकती है, जिससे आप दोनों को ख़ुशी होगी। आज आपको व्यापार में अचानक से धनलाभ का अवसर प्राप्त हो सकता है। नियमित योग करने से आपका स्वास्थ्य फिट रहेगा।