Blog

  • Punjab News: चोरों ने एक ही घर को दूसरी बार बनाया निशाना, देखें वीडियो

    Punjab News: चोरों ने एक ही घर को दूसरी बार बनाया निशाना, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः मोहाली फेस-2 स्थित एक घर के बाहर पिछले एक महीने में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन हैरानी की बात यह है कि मोहाली पुलिस अब तक एक भी एफआईआर दर्ज नहीं कर सकी है। चोरी की वारदाते सीसीटीवी कैमरों में कैद है।

    मिली जानकारी के अनुसार पहली चोरी जून महीने में हुई थी, जब 2 शातिर चोर घर के बाहर से एक मोटरसाइकिल चोरी कर फरार हो गए थे। अब दूसरी वारदात में भी उसी घर के बाहर से काम करने वाली महिलाओं की साइकिल चोरी हो गई। काम करने वाली महिलाओं ने बताया कि वे सुबह-शाम उसी घर में मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पेट पालती हैं।

    हाल ही में उन्होंने साइकिल खरीदी थी, जिससे काम पर आना-जाना कर सकें। लेकिन चोरों ने वह भी चुरा ली। अगर पुलिस ने पहली घटना के बाद कोई ठोस कदम उठाया होता, तो शायद गरीब महिला की साइकिल आज सुरक्षित होती।

  • Punjab News: लगातार 5 वें दिन गोल्डन टेंपल को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जत्थेदार गर्गज ने तोड़ी चुप्पी, देखें वीडियो

    Punjab News: लगातार 5 वें दिन गोल्डन टेंपल को बम से उड़ाने की धमकी के बाद जत्थेदार गर्गज ने तोड़ी चुप्पी, देखें वीडियो

    अमृतसरः सचखंड श्री हरमंदिर साहिब को लेकर पिछले पाँच दिनों से लगातार मिल रही धमकियों मिल रही है। इस संबंध में श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यवाहक जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गर्गज ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ किसी धार्मिक स्थल को नहीं, बल्कि पूरी मानवता को धमकी देने जैसा है। उन्होंने पंजाब सरकार और केंद्र सरकार से मांग की कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने वाले दोषियों को बिना किसी देरी के गिरफ्तार किया जाए और खालसा पंथ के समक्ष उन्हें नेस्तनाबूद किया जाए।

    ज्ञानी गर्गज ने कहा कि सचखंड श्री हरमंदिर साहिब एकमात्र ऐसा पवित्र स्थान है, जो पूरी दुनिया में मानवता, सेवा और समरसता का संदेश देता है। यहाँ के चारों द्वार हर धर्म, हर जाति और हर देश के श्रद्धालुओं के लिए खुले हैं, और प्रतिदिन हजारों की संख्या में लोग यहाँ नतमस्तक होने आते हैं। उन्होंने कहा कि पांच दिनों से मिल रही धमकी भरी ईमेल्स ने न केवल सिख संगत को विचलित किया है, बल्कि यह चिंता का विषय है कि इतनी तकनीकी प्रगति और संसाधनों के बावजूद भी सरकार असली अपराधी तक नहीं पहुँच पाई है।

    पुलिस ने भले ही फरीदाबाद निवासी शुभम दुबे को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है, लेकिन धमकियों का सिलसिला अब भी जारी है, जिससे प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठते हैं। जत्थेदार गर्गज ने कहा कि ऐसे तत्वों का उद्देश्य सिख समुदाय को डराना और श्रद्धालुओं में भय का माहौल बनाना है, जिससे गुरुघर की संख्या को कम किया जा सके। लेकिन उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि डर सिख के स्वभाव में नहीं होता और ऐसी कोई ताकत सिखों को सचखंड श्री हरमंदिर साहिब जाने से नहीं रोक सकती।

    उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि जब सिखों पर प्रतिबंध थे, तब भी वे इस पवित्र स्थल पर स्नान करने पहुंचे थे। इस अवसर पर सचखंड श्री हरमंदिर साहिब के महाप्रबंधक श्री भगवंत सिंह धंगेरा भी उपस्थित रहे। जत्थेदार गर्गज ने सिख संगत से अपील की कि वे बिना किसी भय के पहले की तरह ही गुरुघर पहुँचें और माथा टेकें।

  • रेलवे स्टेशन पर 36 करोड़ की ड्रग्स सहित महिला गिरफ्तार

    रेलवे स्टेशन पर 36 करोड़ की ड्रग्स सहित महिला गिरफ्तार

    मुंबईः ड्रग तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रेलवे सुरक्षा बल पनवेल, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो बेंगलुरु और आपराधिक जांच शाखा की संयुक्त टीम ने पनवेल रेलवे स्टेशन पर 36 करोड़ रुपए की ड्रग बरामद कर नाइजीरियाई महिला को गिरफ्तार किया गया है। महिला की पहचान एट्टूमुदोन डोरिस के रूप में हुई।

    वह ट्रेन मंगला एक्सप्रेस से आ रही थी। इस संयुक्त ऑपरेशन का नेतृत्व मुंबई के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला ने किया। उन्हें एनसीबी बेंगलुरु से गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी, कि ट्रेन में एक विदेशी महिला भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ यात्रा कर रही है। सूचना मिलते ही आरपीएफ, एनसीबी और सीआईबी अधिकारियों की टीम गठित की गई। जैसे ही मंगला एक्सप्रेस पनवेल रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर 7 पर पहुंची, टीम ने कोच A-2 की सीट नंबर 27 पर बैठी एक नाइजीरियाई महिला को एक बच्चे के साथ पकड़ा।

    महिला की पहचान एट्टूमुदोन डोरिस के रूप में हुई, जिसके पास नाइजीरियाई पासपोर्ट नंबर A06895991 था। उसके बैग की तलाशी लेने पर रबर के कपड़े में लिपटे दो काले रंग के आयताकार पैकेट बरामद हुए, जिन पर “विंटेज” लिखा था। जांच में इन पैकेट्स में कुल 2.002 किलोग्राम कोकीन और एक बैग में एक मिकी माउस थीम वाला बच्चों का बैग भी मिला, जिसमें 2 कागज़ी पैकेट थे। एक पर केलॉग्स कॉर्न फ्लेक्स और दूसरे पर बोंग्स परफेक्ट रोल लिखा था।

    इन पैकेट्स में सफेद क्रिस्टलीय पदार्थ पाया गया, जिसकी जांच में 994 ग्राम मेथैम्फेटामाइन निकली। यह कार्रवाई आईजी सुरेंद्र चौधरी, डीआईजी हेमंत कुमार, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ऋषि कुमार शुक्ला और सहायक सुरक्षा आयुक्त प्रतीक्षा सिंह के नेतृत्व में हुई और इस कार्रवाई में एनसीबी बेंगलुरु से मुरारी लाल, मधुसूदन विश्वकर्मा; आरपीएफ से अंजनी बाबर, प्रहलाद सिंह, प्रहलाद पाटिल; सीआईबी कुर्ला से शनवीन सिंह और अन्य अधिकारी शामिल रहे।

  • अब चूहे बने पियक्कड़, पी गए 800 बोतल शराब ! देखें वीडियो

    अब चूहे बने पियक्कड़, पी गए 800 बोतल शराब ! देखें वीडियो

    धनबादः झारखंड में चूहे 800 बोतले शराब पी गए। इंसान तो इंसान अब चूहे भी पियाकर बन गए है। जैसे ही झारखंड में 1 सितंबर से नई शराब नीति लागू होने जा रही है, राज्य भर में शराब की दुकानों और गोदामों पर स्टॉक की कड़ी जांच शुरू हो गई है। इसी सिलसिले में धनबाद से एक चौंकाने वाला मामला सामने आ रहा है जहां एक गोदाम से 802 शराब की बोतलें खाली मिलीं।

    जब जांच अधिकारियों ने संबंधित व्यापारी से इन खाली बोतलों के बारे में पूछताछ की, तो उन्होंने सारा दोष चूहों पर डाल दिया। व्यापारी का कहना है कि “चूहों ने बोतलों के ढक्कन कुतर दिए और शराब पी गए।”

    हालांकि, अधिकारियों ने इस दावे को नकारते हुए व्यापारी को नुकसान की भरपाई करने का निर्देश दिया है। एक अधिकारी ने कहा, “यह दावा न सिर्फ असंभव प्रतीत होता है, बल्कि यह शराब स्टॉक की हेराफेरी को छुपाने की एक चाल भी हो सकती है।” इस मामले में भी अधिकारी यह सुनिश्चित करने में लगे हैं कि दोषियों पर कार्रवाई हो और राज्य को होने वाले राजस्व नुकसान की भरपाई की जाए।

    गौर करने वाली बात यह है कि यह पहला मौका नहीं है जब चूहों पर ऐसे अनोखे आरोप लगे हैं। इससे पहले भी कई जगहों पर चूहों पर भांग, गांजा और यहां तक कि बीयर पीने जैसे आरोप लग चुके हैं।

  • बीबीएन के फार्मा उद्योगो के प्रतिनिधियों ने की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नडडा से भेंट

    बीबीएन के फार्मा उद्योगो के प्रतिनिधियों ने की केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री नडडा से भेंट

    2017 के अनुसार भारतीय सलाहकार मंच का हो गठन-डा. राजेश गुप्ता

    फार्मा जगत के विभिन्न मुददों पर सकारात्मक चर्चा की

    एमएसएमई सैक्टर की 50 करोड से कम टर्नओवर वाली कंपनियों को बचाने की गुहार

    बद्दी/सचिन बैंसल: देश के सबसे बडे उद्योग संगठन लघु उद्योग के पदाधिकारी विभिन्न मुददों को लेकर देश के स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा से दिल्ली  में मिले। टीम का प्रतिनिधित्व अखिल भारतीय अध्यक्ष लघु उद्योग भारती घनश्याम ओझा, अखिल भारतीय महासचिव ओम प्रकाश गुप्ता, अखिल भारतीय फार्मा विंग प्रमुख डॉ. राजेश गुप्ता, महाराष्ट्र फार्मा विंग प्रमुख डॉ. रवलीन खुराना, मध्य प्रदेश फार्मा विंग प्रमुख अमित चावला, रसायन एवं वस्त्र उद्योग के आयातक रवि पोद्दार, अखिल भारतीय वस्त्र विंग प्रमुख महेश हुरकत ने किया। डा राजेश गुप्ता जो कि फार्मा हब हिमाचल प्रदेश से ताल्लुक रखते हैं ने बताया कि एक घंटे की वार्ता के दौरान स्वास्थ्य मंत्री के कई मुददों पर सार्थक मुददों पर चर्चा हुई। इसमें प्रमुख तौर पर 50 करोड़ रुपये से कम टर्नओवर वाली एम.एस.एम.ई फार्मा कंपनियों का भविष्य के लिए सुरक्षा और बंद होने से बचाने के लिए संशोधित अनुसूची एम का विस्तार पर बात हुई।

    दवाओं के सैंपल फेल होने के मुददे पर यह बात हुई कि अच्छी गुणवत्ता वाले उत्पादों (97.3फीसदी) की सराहना न किए जाने की चिंता जताई गई, जबकि 2.64 फीसदी एनएसक्यू उत्पादों को जोखिम-आधारित निरीक्षणों और बंद करने के माध्यम से टारगेट किया जाता है जो कि सही नहीं है। भारत में एनएसक्यू (नॉन स्टैंड क्वालिटी) मुद्दों और ब्रांड भारत पर प्रभाव के आधार पर अफ्रीकी बाजारों में अलर्ट से भारत को नुकसान हो रहा है। यूएसएफडीए रिकॉल के कारण ब्रांड भारत पर प्रभाव पड़ रहा है। राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा ने डीटीएबी में लघु उद्योग भारती के किसी  प्रतिनिधि की नियुक्ति को स्वीकृति देने की बात दोहराई। संगठन के पदाधिकारियो ने  औषधि न्यायाधिकरण बोर्ड के पुर्नगठन की बात उठाई जो कि धारा 33पी दिशानिर्देशों और जन विश्वास विधेयक के अनुसार कार्य करता हो। उद्योग भारती ने 183 देशों को निर्यात के लिए बाधाओं को दूर करने की मांग प्रमुखता से स्वास्थ्य मंत्री के समझा उठाई और अधिकारियों को तुरंत ध्यान देने के निर्देश देने की बात कही गई। अगर समय पर  निर्यात नहीं होगा तो उत्पादों को भारी नुक्सान झेलना पड़ सकता है। एनडीसीटी नियम 2019 कार्यान्वयन पूर्वव्यापी नहीं होना चाहिए, 2019 से पहले निर्मित निरंतर-रिलीज फार्मूेलेशन के लिए अनुमोदन सुरक्षित रखना चाहिए। आयात और घरेलू विनिर्माण के लिए एपीआई, एक्सीपिएंट्स और सॉल्वैंट्स उद्योग पर मार्गदर्शन की आवश्यकता है।

    कुछ रसायनों के बारे में एसक्यूए मामले और आयात बाधाएँ हैं उनको दूर किया जाना अति आवश्यक है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं रसायन उर्वरक मंत्री जेपी नडडा  ने संस्था के उस आग्रह को स्वीकृत कर लिया जिसमें फ़ॉस्कोस/एफएसएसएआई से संबंधित मुद्दे में लघु उद्योग भारती के पदाधिकारियों को प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। डा राजेश कुमार गुप्ता ने बताया कि  पीएलआई योजना और एमएसएमई सदस्यों का निवेश और अभी भी अनुदान वितरण (सब्सिडी) अभी भी लंबित है। गुप्ता ने मंत्री से आग्रह किया कि  2017 के इंडियन एडवाईजारी फॉरम का गठन किया जाना अत्यंत आवश्यक है कि ताकि ड्रग के मुददों पर समय समय पर सार्थक चर्चा हो सके और मेक इन इंडिया का सपना पूर्ण तौर पर सार्थक हो सके।

    दिया सकारात्मक आश्वासन- केंद्रीय स्वास्थ्य एवं रसासन उर्वकर मंत्री भारती सरकार जेपी नडडा ने लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय स्तर के प्रतिनिधिमंडल की तमाम बातों व मुददों को ध्यान से सुना और उन पर सहानुभूति पूर्वक विचार करने का आश्वासन दिया। मुख्य तौर पर प्रतिनिधिमंडल ने फार्मा सैक्टर से जुडे एमएसएमई को बचाने के लिए उपाय सुझाने व ऐसे उद्योगों के प्रति नर्मी बरतने का आग्रह किया क्योंकि आज यही एक सैक्टर है जो कि सर्वाधिक 82 फीसदी रोजगार देश को प्रदान करता है। संगठन के पदाधिकारियों ने जेपी नडडा को हिमाचली टोपी व शॉल देकर सम्मानित किया।

  • Himachal News: विधायक हरदीप बावा ने किया पुल का भूमि पूजन

    Himachal News: विधायक हरदीप बावा ने किया पुल का भूमि पूजन

    मोके पर सुनी जनता की समस्याएं , दिए निपटाने के निर्देश

    नालागढ़/सचिन बैंसल:  विधायक हरदीप सिंह बावा ने नालागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचयात मंझोली 1 करोड़ 75 लाख रूपये की लागत से मंझोली लखनपुर झिडा रोड पर पुल का कार्य भूमि पूजन के बाद शुरू करवाया। इस दौरान विधायक ने लोगों की समस्याएं भी सुनी और अपने स्तर की कई मांगों का निपटारा कर शेष के लिए संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।

    विधायक ने जनता की मांग पर लखनपुर झिड़ा में सड़क के निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने पेयजल समस्या का समाधान करने के लिए पाइप लाइन डालने और ओवरहेड टैंक बनाने का आश्वासन दिया। विधायक ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों मंझोली में सड़क के साथ बने नाले को साफ करने और नए नाले को बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मझौली पंचायत में जो बिजली, पानी, सड़कों की समस्याएं हैं उनके लिए जल्द फंड का प्रावधान किया जाएगा और कार्य शुरू करवाये जायेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सहयोग से नालागढ़ के लोगों की हर समस्या का हल किया जा रहा है। नालागढ़ के विकास के लिए पैसे की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। नालागढ़ क्षेत्र को आदर्श बनाना उनकी पहली प्राथमिकता है जिसके लिए वह दिन-रात लोगों की सेवा में लगे हुए हैं।

    इस मौके पर अधिशासी अभियंता परवसर सिंह, एस.डी.ओ. राजकुमार शर्मा, जे.ई. नीरज कुमार शर्मा, पूर्व प्रधान अवतार सिंह, प्रधान कुलदीप कौर, रामकरण चौधरी, नाजर खान, पूर्व उप प्रधान राजेंदर राजी, अम्बाला खान, अली मोहम्मद, नाजर मोहम्मद, ठेकेदार राजेश कुमार, छोटू खां, जसपाल सिंह, कुलजीत सिंह, अजीत सिंह, अजीत सिंह, अमरीक सिंह, नेक मुहम्मद, मिन्दर सिंह, गुरमुख सिंह, सोमनाथ समेत अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

  • रास्ते खोलने में हमारी मदद करें मशीन मालिक, तेल के खर्चे पर दे मशीनें: जयराम ठाकुर

    रास्ते खोलने में हमारी मदद करें मशीन मालिक, तेल के खर्चे पर दे मशीनें: जयराम ठाकुर

    सेब सीजन के पहले सड़के सही करने के लिए नेता प्रतिपक्ष की लोगों से अपील 

    दान देने से पहले करें सत्यापन, जिससे प्रभावितों को लाभ मिले

    ऊना/सुशील पंडित:  नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर राहत कार्यों का जायज़ा लिया और प्रभावित परिवारों की मदद की। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सड़के अभी नहीं बहाल हुई हैं। सेब का सीजन शुरू होने वाला है। ऐसे में आपदा से जो बाग बगीचे बच गए हैं। उनके उत्पाद को बाजार तक पहुंचाना बहुत बड़ी चुनौती हो गई है। इसके लिए मुख्य मार्ग ही नहीं लिंक रोड भी समय से खोलना पड़ेगा। सड़के खोलने के लिए सरकार के प्रयास अभी भी नाकाफी हैं। इस काम में तेजी लाने के लिए नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश के जेसीबी मशीन मालिकों से मदद करने का अनुरोध  किया है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि जिनके पास भी मशीन हैं वह हमारी मदद करें और आपदा प्रभावित क्षेत्र में सड़कें खोलने में उन्हें लगाएं। मशीनों  के  तेल आदि पर होने वाला खर्च हम वहन करेंगे।  इस प्रकार के सहयोग से आपदा क्षेत्र में सड़कों की बहाली का काम युद्ध स्तर पर हो पाएगा।

    नेता प्रतिपक्ष ने इसी के साथ ही यह भी कहा कि  वर्तमान स्थिति देखते हुए बहुत सारे लोगों ने हमसे अपने स्तर पर रास्ता खोलने में मदद की बात भी की है। ऐसे लोगों का भी मैं खुले दिल से स्वागत करता हूं जो अपने पूरे खर्चे पर मशीनें लगाना चाहते हैं। मुसीबत के वक्त हमारे साथ खड़े होने के लिए उनका आभार भी प्रकट करता हूं। उन्होंने कहा कि यदि हमें मशीनें मिल जाएंगी तो भी हम तेल डालकर सड़कें खोलने में जी जान से जुट जाएंगे। ऐसे कुछ लोग अभी भी आगे आए हैं जिन्होंने हालात देखकर मदद की है। उन्होंने कहा कि हमें सेब के सीजन को ध्यान में रखते हुए सभी सड़कें बहुत जल्द खोलनी है और अगर लोगों का सहयोग हमें इस प्रकार मिल जाए तो बहुत जल्दी सभी सड़कें बहाल हो सकती हैं।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि आपदा प्रभावितों के नाम पर दानी सज्जनों की उदारता का कुछ लोग फ़ायदा उठा रहे हैं। इसलिए दानी सज्जनों से आग्रह है कि आपदा राहत सही मायनों में प्रभावितों तक पहुंचे इसलिए लिए वेरिफिकेशन भी करें। इसके लिए प्रशासन या हमारी मदद  ले सकते हैं। बहुत से दानी सज्जनों ने हमसे संपर्क किया और प्रभावितों के पुनर्वासन हेतु आर्थिक मदद करने की इच्छा जताई। हमने उन्हें बताया है कि आप चेक साइन कर लें और उस पर अपनी इच्छानुसार अमाउंट भर लें और अपनी उपस्थिति में हमारे समन्वय से सीधे प्रभावित को दें। यदि दानी सज्जन चाहते हैं तो हम उन चेकों में नाम भर कर के प्रभावितों को चेक उपलब्ध करवा देंगे और आपका पैसा किस-किस प्रभावित को दिया गया इसकी सूची भी उपलब्ध करवा देंगे। बहुत सारे लोगों ने भरोसा करके हमें यह काम सौंपा हैं। उन्होंने सभी दानी देवदूतों का आभार व्यक्त करते हुए निवेदन किया कि दान प्रभावित तक पहुंचे। इसके लिए दानी सज्जन वेरिफिकेशन अवश्य करें।

  • डाबर इंडिया बद्दी ने जिला मंडी में भेजी राहत सामग्री, SDM ने झंडी दिखाकर रवाना किए वाहन

    डाबर इंडिया बद्दी ने जिला मंडी में भेजी राहत सामग्री, SDM ने झंडी दिखाकर रवाना किए वाहन

    हम हमेशा प्रभावित लोगों के साथ खड़े हैं-रितेश सिंह बद्दी/सचिन बैंसल: डाबर इंडिया लिमिटेड बददी यूनिट की ओर से मंडी जिले में हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा से प्रभावित लोगों के लिए राहत सामग्री के ट्रक शुक्रवार को रवाना किए। राहत सामग्री के ट्रकों को एसडीएम बददी राजकुमार ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। डाबर इंडिया ने यह काम मानवता व सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना से प्रेरित होकर किया है ताकि आपदा से प्रभावित लोगों के जख्मों पर मरहम लग सके। डाबर की यह पहल सिर्फ राहत सामग्री भेजने के साथ साथ एकजुटता, सहानुभूति और भरोसे का संदेश है। डाबर के अधिकारियों ने कहा कि हमारी कंपनी हमेशा समाज के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खडी है और आगे भी ऐसे सेवा कार्योंे में पीछे नहीं हटेगी। एसडीएम बददी राजकुमार ने कंपनी के सामाजिक कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल सराहनीय है और बीबीएन के अन्य उद्योगों को भी ऐसे पुनीत कार्यों के लिए आगे आना चाहिए। पीड़ीतो के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कंपनी के मानव विकास संसाधन प्रमुख रितेश सिंह ने कहा कि हम प्रभावित लोगों के साथ खडे हैं। इस अवसर पर डाबर इंडिया लिमिटेड के यूनिट हैड मनीष कपूर के साथ सुभाष ठाकुर व अन्य अधिकारी व कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
  • जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 19 को, सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे अध्यक्षता

    जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक 19 को, सांसद अनुराग ठाकुर करेंगे अध्यक्षता

    ऊना/सुशील पंडित: जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) ऊना की त्रैमासिक समीक्षा बैठक का आयोजन 19 जुलाई को प्रातः 9.30 बजे किया जाएगा।हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर बैठक की अध्यक्षता करेंगे। यह बैठक जिला परिषद सम्मेलन कक्ष ऊना में आयोजित होगी।

    उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि बैठक में जिला ऊना में क्रियान्वित की जा रही केंद्र प्रायोजित योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की जाएगी। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को इस बैठक में भाग लेना सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही विभागों से योजनागत प्रगति की रिपोर्ट पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के रूप में तैयार कर जिला विकास अधिकारी कार्यालय में सौंपने के निर्देश दिए।

    इसके अतिरिक्त, विभागों को 7 दिसंबर, 2024 को आयोजित पिछली बैठक के निर्णयों पर की गई कार्रवाई की रिपोर्ट  भी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

  • सावधान! ऊना में बेसमेंट खरीदने से पहले जांचें नक्शा, वरना हो सकती है बड़ी परेशानी

    सावधान! ऊना में बेसमेंट खरीदने से पहले जांचें नक्शा, वरना हो सकती है बड़ी परेशानी

    ऊना/सुशील पंडित: यदि आप ऊना नगर निगम क्षेत्र में किसी भवन की बेसमेंट खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो थोड़ा ठहरिए…और पहले सावधानी से पूरी जांच-पड़ताल कर लीजिए। कहीं ऐसा न हो कि जो संपत्ति आपको बेची जा रही है, वह नगर निगम के अनुमोदित नक्शे में पार्किंग स्थल के रूप में दर्ज हो। ऐसी स्थिति में न केवल आपकी जमा पूंजी जोखिम में पड़ सकती है, बल्कि आपको बिजली, पानी व अन्य मूलभूत सेवाओं के कनेक्शन भी नहीं मिल पाएंगे।

    नगर निगम ऊना के आयुक्त एवं अतिरिक्त उपायुक्त महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि कुछ ऐसे मामले सामने आए हैं, जहां विक्रेता जानबूझकर पार्किंग के लिए स्वीकृत बेसमेंट को फ्लैट या दुकान के रूप में बेचने का प्रयास कर रहे हैं। यह पूरी तरह अवैध है और ऐसे सौदे खरीदार को गंभीर कानूनी और व्यवहारिक परेशानियों में डाल सकते हैं।

    सार्वजनिक जगहों की अवैध बिक्री से भी रहें सावधान

    श्री गुर्जर ने बताया कि केवल बेसमेंट ही नहीं, बल्कि ‘सरेंडर एरिया’, ‘सेट अपार्ट एरिया’ और ‘ओपन पार्किंग स्पेस’ जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीनों को भी अवैध रूप से बेचे जाने के प्रयास सामने आए हैं। यह नियमों का खुला उल्लंघन है, जो नागरिकों को भविष्य में न केवल आर्थिक हानि बल्कि कानूनी उलझनों में भी डाल सकता है।

    पूरी जांच के बाद ही करें खरीदारी

    उन्होंने कहा कि नगर निगम इस प्रकार के धोखाधड़ी मामलों पर सख्त कार्रवाई कर रहा है, लेकिन साथ ही नागरिकों को भी सतर्क रहने की आवश्यकता है। किसी भी बेसमेंट अथवा अन्य संपत्ति को खरीदने से पहले उसका वास्तविक उपयोग क्या है, यह नगर निगम से अनिवार्य रूप से जांचें।

    नगर निगम ने इस प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए एसडीओ अंकुश राणा की देखरेख में एक विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किया है, जहां इच्छुक खरीदार भवन एवं भूमि की अनुमोदित स्थिति की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। लोग जानकारी के लिए निगम कार्यालय के दूरभाष नंबर 01975-226040 पर भी संपर्क कर सकते हैं।

    गौरतलब है कि कई मामलों में भवन का अनुमोदित नक्शा दर्शाता है कि बेसमेंट का उपयोग केवल पार्किंग स्थल के रूप में किया जाना है। ऐसी स्थिति में उस बेसमेंट को आवासीय अथवा व्यावसायिक संपत्ति के रूप में बेचना गैरकानूनी है। कई विक्रेता जानबूझकर ऐसी बेसमेंट को फ्लैट या दुकान के रूप में बेच रहे हैं, जबकि वे सिर्फ पार्किंग के लिए ही स्वीकृत हैं। वहीं ‘सरेंडर एरिया’, ‘सेट अपार्ट एरिया’ और ‘ओपन पार्किंग स्पेस’ जैसी सार्वजनिक उपयोग की जमीनों को भी अवैध रूप से बेचे जाने के प्रयास सामने आए हैं। यह न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि खरीदार के लिए आने वाले समय में भारी सिरदर्द बन सकता है।

    नागरिकों की सहायता के लिए सदैव तत्पर है नगर निगम

    श्री गुर्जर ने नागरिकों से अपील की है कि संपत्ति खरीद से पहले स्वीकृत नक्शे और नियमों की पूरी जानकारी अवश्य लें। सिर्फ आकर्षक दाम या दावों के झांसे में न आएं। पूरी जांच-पड़ताल करें और किसी भी संदेह की स्थिति में नगर निगम से संपर्क करें। नगर निगम उनकी सहायता के लिए सदैव तत्पर है।