Blog

  • MG Road से मजार हटाने पहुंची पुलिस, भारी फोर्स तैनात, देखें वीडियो

    MG Road से मजार हटाने पहुंची पुलिस, भारी फोर्स तैनात, देखें वीडियो

    आगराः एमजी रोड पर आगरा कॉलेज के सामने बनी विवादित मजार को हटाने की कार्रवाई शुरू हो गई है। सड़क के बीच स्थित इस मजार को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था, क्योंकि इससे यातायात बाधित होता था और हादसों की आशंका बनी रहती थी। प्रशासन और संबंधित पक्षों के बीच कई दौर की बातचीत के बाद यह फैसला लिया गया। कार्रवाई पुलिस प्रशासन की निगरानी में की जा रही है और मौके पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। दरअल, मेट्रो के निर्माण के दाैरान फुटपाथ को छोटा करके सड़क को चौड़ा किया गया था, जिसके बाद से यह मजार सड़क के बीच में आने से यातायात बाधित हो रहा था।

    इसको देखते हुए प्रशासन द्वारा मजार वहां से हटाने का निर्णय किया गया था। मंगलवार सुबह नौ बजे से मजार को हटाने का कार्य शुरू किया गया। इस दौरान मौके पर पुलिस मौजूद रही। एसएन इमरजेंसी से नालबंद चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को रोक दिया गया। बता दें कि मजार को लेकर लंबे समय से विवाद था। इसको लेकर हिंदूवादी नेता की ओर से कोर्ट में वाद दायर किया गया था। प्रशासन का कहना है कि मुस्लिम पक्ष से बात कर सहमति से मजार की शिफ्टिंग की जा रही है। योगी यूथ ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष और हिंदूवादी नेता कुंवर अजय तोमर ने अपने अधिवक्ता शिव आधार सिंह तोमर के माध्यम से दोनों मजारों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की मांग को लेकर अपर सिविल जज (सीनियर डिवीजन) की अदालत में वाद दायर किया था।

    कोर्ट ने PWD के इंजीनियर को भेजा समन न्यायाधीश श्वेत्शा चंद्रा की अदालत ने वाद स्वीकार करते हुए आगरा के जिलाधिकारी, नगर निगम के नगर आयुक्त और पीडब्ल्यूडी के मुख्य अभियंता को समन जारी किए थे। इससे पहले 19 जनवरी 2026 को कुंवर अजय तोमर ने धारा 80 सीपीसी के तहत नोटिस भेजकर बीच सड़क बनी मजार और दरगाह पर कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि तय समय सीमा बीतने के बावजूद संबंधित अधिकारियों ने न तो कोई कार्रवाई की और न ही नोटिस का जवाब दिया, जिसके बाद उन्हें कोर्ट का रुख करना पड़ा। वादी का कहना था कि उक्त मजार और दरगाह सरकारी भूमि पर बनी हैं और इनके कारण यातायात बाधित होता है, जिससे कई हादसे भी हो चुके हैं।

  • उड़ान के कुछ मिनट बाद टुकड़ों में बंटा B-52 बॉम्बर विमान, 8 की मौत, देखें वीडियो

    उड़ान के कुछ मिनट बाद टुकड़ों में बंटा B-52 बॉम्बर विमान, 8 की मौत, देखें वीडियो

    कैलिफ़ोर्नियाः अमेरिकी वायु सेना का B-52 बमवर्षक विमान दक्षिणी कैलिफोर्निया स्थित एडवर्ड्स एयर फोर्स बेस से उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया और विमान के टुकड़े-टुकड़े हो गए। इस हादसे में विमान में सवार सभी 8 लोगों की मौत हो गई। एयर फोर्स बेस के अनुसार यह दुर्घटना सोमवार को स्थानीय समयानुसार सुबह 11 बजकर 20 मिनट पर हुई, जब विमान एक नियमित मिशन पर था। हादसे के बाद घटनास्थल से काले धुएं का विशाल गुबार उठता दिखाई दिया, जिसे कई मील दूर से देखा जा सकता था।
     
    View this post on Instagram
     

    A post shared by Encounter News (@encounter.news)

    अमेरिकी वायुसेना के मुताबिक, विमान नियमित परीक्षण उड़ान पर था। सुबह करीब 11.20 बजे टेकऑफ के तुरंत बाद विमान नीचे गिरा और उसमें आग लग गई। मृतकों में वायुसेना के जवान और विमान परीक्षण से जुड़े विशेषज्ञ शामिल थे। फिलहाल दुर्घटना की वजह साफ नहीं है। अनुमान है कि विमान का कंट्रोल सिस्टम, इंजन या टेस्टिंग किए जा रहे किसी उपकरण में खराबी आई होगी। अधिकारियों ने यह नहीं बताया है कि क्या विमान में हथियार मौजूद थे। हादसे के बाद एयरफील्ड को बंद कर दिया गया है और आने वाले विमानों को दूसरे एयरबेस की ओर भेजा जा रहा है। विमानन सुरक्षा विशेषज्ञ जेफ गुजेटी ने कहा कि विमान जिस तरह उड़ान भरने के तुरंत बाद गिरा, उससे शुरुआती तौर पर फ्लाई कंट्रोल सिस्टम में खराबी की आशंका लगती है। हालांकि, उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने से पहले किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। गुजेटी के मुताबिक, यह मेंटेनेंस के बाद नियंत्रण प्रणाली में गड़बड़ी, इंजन की गंभीर खराबी या किसी परीक्षण उपकरण के फेल होने का मामला भी हो सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षण उड़ानें सामान्य उड़ानों की तुलना में अधिक जोखिम भरी होती हैं। एडवर्ड्स एयरफोर्स बेस लॉस एंजिलिस से करीब 161 किलोमीटर उत्तर में स्थित है। यह अमेरिकी वायुसेना के विमान परीक्षण और विकास का प्रमुख केंद्र है। यहां नए विमानों, हथियार प्रणालियों, सॉफ्टवेयर और उपकरणों का परीक्षण किया जाता है।
  • Punjab News: मौसम का बड़ा यू-टर्न! 60 km/h की रफ्तार से चलेंगी आंधी, कई जिलों में अलर्ट

    Punjab News: मौसम का बड़ा यू-टर्न! 60 km/h की रफ्तार से चलेंगी आंधी, कई जिलों में अलर्ट

    चंडीगढ़ः पंजाब में वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर अभी जारी रहेगा। पंजाब में आज भी 17 जिलों में अलर्ट जारी रहने वाला है। बुढलाडा, लहरा, मूनक, पटरान, बटाला, अजनाला, डेरा बाबा नानक, गुरदासपुर और पठानकोट में 40–60 km/h की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। सुनाम, फाजिल्का, मुक्तसर, जलालाबाद, फरीदकोट, फिरोजपुर, ज़ीरा, पट्टी, सुल्तानपुर लोधी, तरनतारन, खडूर साहिब, बाबा बकाला, अमृतसर-1, अमृतसर-2, मुकेरियां और धार कलां में 30–40 km/h की हवाएं चलने की संभावना है। लोगों को खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहकर सुरक्षित जगह पर शरण लेने की सलाह दी गई है। पंजाब से बिहार तक बने वेदर ट्रफिक और 18 जून को एक्टिव होने वाले नए वेस्टर्न डिस्टर्बेंस की वजह से मौसम खराब रहेगा। बादल छाए रहने, आंधी-तूफान, तेज़ हवाएं और हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है। पंजाब में बारिश और नमी के चलते बिजली की मांग अचानक बढ़कर 13,036 मेगावॉट तक पहुंच गई, जो सोमवार शाम करीब 5:45 बजे दर्ज की गई। बाद में रात 8 बजे के आसपास यह मांग घटकर लगभग 12,000 मेगावॉट रह गई। इसी दौरान अबोहर में सुबह करीब 9:15 बजे हुई बारिश में आर्य नगर इलाके में एक कच्ची दीवार गिर गई, जिससे एक व्यक्ति, उसकी बहन और दो बच्चे मलबे में दबकर घायल हो गए।
    • तापमान:
      • 16 से 18 जून तक हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
      • 19 से 21 जून तक कई जगहों पर बारिश की संभावना है।
      • अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान 2–4 डिग्री तक बढ़ सकता है, इसके बाद ज्यादा बदलाव नहीं होगा।
         
  • केंद्र ने बढ़ाया Diesel और ATF के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स, आज से नई दरें लागू

    केंद्र ने बढ़ाया Diesel और ATF के निर्यात पर विंडफॉल टैक्स, आज से नई दरें लागू

    नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने मंगलवार से डीजल और एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) के निर्यात पर विंडफॉल गेन टैक्स बढ़ा दिया है। हालांकि, पेट्रोल पर शुल्क में कोई बदलाव नहीं किया है। रेवेन्यू डिपार्टमेंट की ओर से जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, डीजल के एक्सपोर्ट पर लगने वाली एक्सपोर्ट ड्यूटी को 50 पैसे प्रति लीटर बढ़ाकर 13.5 रुपये प्रति लीटर से 14 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। जबकि, ATF के एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी 3 रुपये प्रति लीटर बढ़ाकर 9.5 रुपये प्रति लीटर से 12.5 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर लगने वाले टैक्स में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पेट्रोल एक्सपोर्ट पर लगने वाली ड्यूटी को 1.5 रुपये प्रति लीटर पर ही बरकरार रखा गया है।

    सरकारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, एक्सपोर्ट ड्यूटी की नई दरें मंगलवार, 16 जून से लागू होंगी और सरकारी समीक्षा प्रक्रिया के तहत अगले दो हफ्तों तक प्रभावी रहेंगी। ये बदलाव 26 मार्च को जारी और बाद में फिर 30 मई को संशोधित सेंट्रल एक्साइज नोटिफिकेशन में संशोधन के जरिए बताए गए थे। भारत देश में पैदा होने वाले कच्चे तेल और पेट्रोलियम उत्पादों के निर्यात पर लगने वाले स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी की समय-समय पर समीक्षा करता है। इसकी दरें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कच्चे तेल की कीमतों और रिफाइनिंग मार्जिन में होने वाले बदलावों से जुड़ी होती हैं।

    ये टैक्स घरेलू ईंधन की बिक्री पर लगने वाले टैक्स से अलग है और इसका घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल या एविएशन फ्यूल की खुदरा कीमतों पर सीधा असर नहीं पड़ता है। इससे पहले, सरकार ने पेट्रोल, डीजल और एटीएफ के एक्सपोर्ट पर लगाए जाने वाले टैक्स में कटौती की थी, जो 1 जून से लागू हुआ था। 31 नई की एक नोटिफिकेशन के मुताबिक, पेट्रोल के एक्सपोर्ट पर स्पेशल एडिशनल एक्साइज ड्यूटी (SAED) को 3 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 1.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था। इसी तरह, डीजल के एक्सपोर्ट पर लगाए जाने वाले टैक्स को 16.5 रुपये प्रति लीटर से घटाकर 13.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया था।

     

  • Punjab News: ससुराल पक्ष से परेशान होकर बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़ा नौजवान, देखें वीडियो

    Punjab News: ससुराल पक्ष से परेशान होकर बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़ा नौजवान, देखें वीडियो

    मोहालीः खरड़ बस अड्डे के पास देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक पारिवारिक परेशानियों से परेशान होकर बीएसएनएल के टॉवर पर चढ़ गया। युवक की पहचान सोनी सिंह के रूप में हुई है। सोनी गांव जलोवाल, जिला फतेहगढ़ साहिब का निवासी है। टॉवर से पत्रकारों से फोन पर बातचीत में सोनी सिंह ने बताया कि उसकी शादी वर्ष 2014 में खर्रड़ के पास के एक गांव की लड़की से हुई थी। उसने आरोप लगाया कि कुछ समय से उसके और उसकी पत्नी के बीच मनमुटाव चल रहे हैं और ससुराल वाले उसे तंग-परेशान कर रहे है।

    युवक का कहना है कि उसे अपनी पत्नी और पुत्र से बात करने नहीं दी जा रही। इसी कारण गुस्से में वह टॉवर पर चढ़ गया है। उसने मांग की कि जब तक उसकी पत्नी, उसका पुत्र और डेढ़ लाख रुपए उसे दिए नहीं जाते तब तक वह टॉवर से नहीं उतरेगा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए और युवक को सुरक्षित तरीके से नीचे उतारने का प्रयास शुरू कर दिया। खबर लिखे जाने तक युवक टॉवर पर ही मौजूद था और पुलिस की अपीलों के बावजूद नीचे उतरने के लिए तैयार नहीं था।

  • Punjab News: भीषण सड़क हादसे में फ्लाईओवर से 40 फीट नीचे गिरने से 2 भाईयों की मौत

    Punjab News: भीषण सड़क हादसे में फ्लाईओवर से 40 फीट नीचे गिरने से 2 भाईयों की मौत

    26 जून को एक भाई ने जाना था कनाडा

    लुधियानाः मंडी गोबिंदगढ़ के स्थानीय चान्नण राम पेट्रोल पंप के निकट फ्लाईओवर पुल पर कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे 2 सगे भाइयों की मौत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई फ्लाईओवर से करीब 40 फुट नीचे जा गिरे, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान जगजीत सिंह तथा हरजीत सिंह दोनों पुत्र अवतार सिंह, निवासी गांव रामपुर, तहसील पायल, थाना दोराहा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि हरजीत सिंह का परिवार कनाडा में रहता है और वह 26 जून को कनाडा जाने वाला था, लेकिन उससे पहले ही यह दुखद हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार एक व्यक्ति अपने टेंपो (पीबी-10-एफवी-4193) में पानी की टंकी लेकर सरहिंद की ओर से आ रहा था। जब वह चन्नण राम पेट्रोल पंप के पास पहुंचा तो वाहन अचानक खराब होकर बंद हो गया। इसके बाद चालक ने अपने भाई को फोन कर गांव रामपुर से बैटरी लेकर आने के लिए कहा। कुछ समय बाद उसका भाई अपनी ब्रीजा कार में बैटरी लेकर मौके पर पहुंच गया। दोनों भाई खराब वाहन को चालू करने का प्रयास कर रहे थे कि इसी दौरान सरहिंद की ओर से आ रहे एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। सहायक थाना प्रभारी तिलक राज ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।
  • लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में आई तेजी, निवेशकों के चेहरों पर छाई मुस्कान

    लगातार तीसरे दिन शेयर बाजार में आई तेजी, निवेशकों के चेहरों पर छाई मुस्कान

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार ने आज एक बार फिर निवेशकों के चेहरों पर मुस्कान ला दी है। ईरान-अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते की उम्मीदों के चलते बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी का दौर जारी है। दरअसल, मंगलवार की सुबह शेयर बाजार हरे निशान में खुला। बीएसई सेंसेक्स 300.03 अंक (0.39%) की मजबूत बढ़त के साथ 76,564.36 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 75.15 अंक (0.32%) चढ़कर 23,929.05 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।

    मंगलवार को शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 5 पैसे मजबूत होकर 94.53 पर पहुंच गया, क्योंकि तेल की कीमतों में तेज गिरावट और पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से घरेलू मुद्रा के पक्ष में अल्पकालिक रुझान बदल गया है। इस लगातार शानदार उछाल के पीछे सबसे बड़ा कारण भू-राजनीतिक मोर्चे से आ रही एक सकारात्मक खबर है। ईरान और अमेरिका के बीच शांति समझौते के फ्रेमवर्क को लेकर बन रही उम्मीदों ने बाजार के सेंटीमेंट को मजबूत किया है। इसी आशावाद के चलते पिछले दो कारोबारी सत्रों में बेंचमार्क इंडेक्स पहले ही 3 फीसदी तक की बड़ी छलांग लगा चुके हैं।

    बाजार की इस तेजी को लीड करने में मुख्य रूप से आईटी और फाइनेंस सेक्टर का हाथ रहा। शुरुआती कारोबार में एचसीएल टेक और बजाज फाइनेंस के शेयरों में शानदार खरीदारी देखने को मिली और दोनों कंपनियों के शेयर 2-2 फीसदी तक उछल गए। कॉर्पोरेट मोर्चे पर वेदांता ग्रुप ने एक बहुत बड़ा कदम उठाया है। अपने कारोबार को अलग-अलग कंपनियों में बांटने के बाद, वेदांता ग्रुप ने अपनी 5 लिस्टेड संस्थाओं के जरिए निवेशकों के लिए लगभग 20 फीसदी की नई वैल्यू अनलॉक की है। यह बड़ा वैल्यू क्रिएशन साफ तौर पर दिखाता है कि बाजार और निवेशक कंपनी के इस पुनर्गठन को लेकर कितने आशान्वित हैं।

    यहीं पर बाजार का असली उतार-चढ़ाव देखने को मिला। डिमर्जर के बाद शेयर बाजार में नई लिस्ट होने वाली वेदांता की 4 कंपनियों के शेयरों ने अपनी शुरुआती बढ़त गंवा दी। अपने डेब्यू (पहले) दिन की भारी उठापटक के बीच ये नए शेयर लाल निशान में बंद हुए। हालांकि, इसके बावजूद ग्रुप के ओवरऑल 20% वैल्यू अनलॉक ने निवेशकों को बड़ी राहत दी है। ईरान-अमेरिका के बीच शांति की उम्मीदों ने ग्लोबल और भारतीय बाजारों में नई जान फूंक दी है। इसके साथ ही, वेदांता के उदाहरण से यह साबित होता है कि जब कोई बड़ी कंपनी सही रणनीति के साथ अपना पुनर्गठन करती है, तो शुरुआती उतार-चढ़ाव के बावजूद निवेशकों के लिए लंबी अवधि में अच्छी वैल्यू क्रिएट हो सकती है।

     

     

  • आज का राशिफल, 16 जून 2026

    आज का राशिफल, 16 जून 2026

    आज 16 जून दिन मंगलवार है। आज मंगलवार के दिन बजरंगबली की पूजा करने का विधान है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मंगलवार को हनुमान जी की पूजा करने से रोग, भय, डर, कष्ट आदि दूर होता है। मंगलवार को बजरंगबली की पूजा करने से जीवन में सुख बना रहता है। आज 16 जून का दिन कुछ राशि वालों के लिए बेहद शुभ रहने वाला है, तो कुछ राशि वालों को जीवन में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है।

    मेष राशि: रोमांटिक पलों का आनंद लें। आप जॉब और फाइनेंस के मामले में आप अच्छे रहेंगे। आप किसी भी तरह की बड़ी बीमारियों से भी दूर रहेंगे। प्यार से जुड़े मसले सॉल्व करने की कोशिश करें। रोमांस में ज्यादा क्रिएटिव समय बिताएं। आपकी प्रोफेशनल लाइफ भी अच्छी रहेगी।

    वृषभ राशि: स्मार्ट इन्वेस्टमेंट के लिए अच्छा दिन साबित होगा। रोमांटिक लाइफ प्रोडक्टिव रहेगी। आप नए असाइनमेंट भी पसंद कर सकते हैं, जो चैलेंजिंग लग सकते हैं। कोई मेडिकल प्रॉब्लम भी नहीं आएगी।

    मिथुन राशि: रिलेशनशिप में हर दिक्कत को सुलझाने के लिए अपने पार्टनर से बात करें। काम पर अपने गोल्स पर फोकस करें। इसका पॉजिटिव असर हो सकता है। हेल्थ से जुड़ी दिक्कतें आ सकती हैं।

    कर्क राशि: रिलेशन में सेंसिटिविटी के बजाय समझदारी की जरूरत रहेगी। प्रोफेशनल दिक्कतों को कॉन्फिडेंस के साथ दूर करें। फाइनेंशियल तौर पर आज आप अच्छी सिचुएशन में रहेंगे।

    सिंह राशि: अच्छी लव लाइफ जिएं, जहां आप अपने पार्टनर के साथ ज्यादा से ज्यादा समय बिता सकें। करियर और फाइनेंस दोनों का मामला पॉजिटिव रहेगा। हेल्थ के मामले में भी आप अच्छी सिचूऐशन में रहेंगे।

    कन्या राशि: आपकी लव लाइफ में छोटी-मोटी दिक्कतों को सुलझाने के लिए कदम उठाएं। प्रोफेशनल चुनौतियों को कॉन्फिडेंस के साथ पार करें। आज आपको बिना सोचे-समझे पैसे से जुड़े फैसले लेने से बचना चाहिए।

    तुला राशि: सफल प्रोफेशनल लाइफ के साथ-साथ एक खुशहाल लव लाइफ आपका दिन बना सकती है। आज पैसों से जुड़े स्मार्ट डिसीजन लें। आज के दिन आपकी हेल्थ कंडीशन भी अच्छी रहेगी।

    वृश्चिक राशि: प्यार में पड़ें और बिना किसी रोक-टोक के अपनी भावनाएं जाहिर करें। आपकी प्रोफेशनल लाइफ अच्छी रहेगी, और फाइनेंशियली भी आज आप मजबूत रहेंगे। कुछ मेडिकल दिक्कतें दिन को खराब कर सकती हैं।

    धनु राशि: एक स्ट्रॉंग लव अफेयर आपके दिन की खास बात है। आप वर्कप्लेस पर शानदार परफॉर्मेंस दे सकते हैं। एक सही फाइनेंशियल प्लान बनाएं और स्मार्ट तरीके से पैसे का इन्वेस्टमेंट करें। आप हेल्थ के मामले में भी अच्छी सिचूऐशन में हैं।

    मकर राशि: पैसों को ध्यान से संभालें। इस बात का ध्यान रखें कि रिश्ते में कोई बड़ी रुकावट न आए। वर्कप्लेस पर घमंड का त्याग करें। आज के दिन डेडलाइन को ईमानदारी से पूरा करें। आज आपको अपनी हेल्थ पर भी ध्यान देना चाहिए।

    कुंभ राशि: रिलेशनशिप में प्यार से जुड़ी दिक्कतों को आज के दिन सुलझाने की कोशिश करें। ऑफिस में नई जिम्मेदारियां आपको बिजी रख सकती हैं। आपको अपनी सेहत पर भी खास ध्यान देने की जरूरत होगी।

    मीन राशि: लव लाइफ मजबूत और प्रोफेशनल लाइफ क्रिएटिव रहेगी। आपकी फानेंशियल हालत स्मार्ट पैसे के इन्वेस्टमेंट प्लान की इजाजत देती है। आपकी सेहत पर ध्यान देने की जरूरत है।

  • Punjab News: ‘ED Party’ के पदाधिकारी पंजाब में ड्रग्स बेचते पकड़े गए, क्या नशा कारोबार से जुड़े हैं ED Party के तार; अरविंद केजरीवाल

    Punjab News: ‘ED Party’ के पदाधिकारी पंजाब में ड्रग्स बेचते पकड़े गए, क्या नशा कारोबार से जुड़े हैं ED Party के तार; अरविंद केजरीवाल

    नई दिल्ली/पंजाब, 15 जून: पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार द्वारा चलाए जा रहे ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान के तहत नशा तस्करों और ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी है। इसी अभियान के बीच भाजपा (BJP) के एक पदाधिकारी और उसके सहयोगियों की कथित रूप से नशा तस्करी के मामले में गिरफ्तारी के बाद राज्य की राजनीति गरमा गई है। इस मामले को लेकर AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा और वरिष्ठ नेता कुलदीप कुमार ने भाजपा पर तीखे आरोप लगाए हैं। उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार की नशा विरोधी मुहिम अब उन लोगों को भी बेनकाब कर रही है जो कथित तौर पर नशे के कारोबार से जुड़े हुए हैं।

    पंजाब में ड्रग्स बेचते पकड़े गए BJP पदाधिकारी: केजरीवाल

    सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब में भाजपा के एक पदाधिकारी का ड्रग्स मामले में पकड़ा जाना बेहद गंभीर विषय है। उन्होंने कहा, “ED Party (BJP) के पदाधिकारी खुद पंजाब में ड्रग्स बेचते पकड़े गए हैं। यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या ED Party के तार नशा कारोबार से जुड़े हुए हैं? आज पंजाब में आने वाले लगभग 70 प्रतिशत नशे का रास्ता गुजरात से होकर गुजरता है। यह बेहद चिंताजनक स्थिति है।” केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पूर्व में सत्ता में रही पार्टियों के दौरान पंजाब में नशे का जाल फैलाया गया, जिससे हजारों परिवार प्रभावित हुए और युवाओं का भविष्य बर्बाद हुआ।

    ‘चिट्टा पार्टी’ और ‘ED Party’ ने पंजाब को नशे की गिरफ्त में धकेला

    अरविंद केजरीवाल ने आरोप लगाया कि पंजाब में चिट्टा और अन्य नशीले पदार्थों के प्रसार के लिए पूर्ववर्ती राजनीतिक दल जिम्मेदार रहे हैं। उन्होंने कहा, “चिट्टा पार्टी और ED Party के गठबंधन के दौरान पंजाब के घर-घर तक नशा पहुंचा। युवाओं को नशे की दलदल में धकेला गया और पूरे राज्य को इसका खामियाजा भुगतना पड़ा। आज वही लोग पंजाब की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।” उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सत्ता संभालने के बाद नशा माफिया के खिलाफ निर्णायक लड़ाई शुरू की, जिसके सकारात्मक परिणाम अब दिखाई देने लगे हैं।

    भगवंत मान ने युवाओं को फिर दी नई उम्मीद

    AAP सुप्रीमो ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार द्वारा चलाया जा रहा ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान पंजाब के युवाओं को नया भविष्य देने का काम कर रहा है। उन्होंने कहा, “चिट्टा माफिया की कमर तोड़कर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पंजाब के युवाओं को फिर से एक बेहतर और सुरक्षित भविष्य की उम्मीद दी है। सरकार का लक्ष्य केवल नशा तस्करों को पकड़ना नहीं, बल्कि पूरे नेटवर्क को खत्म करना है।” AAP के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने भी सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब सरकार की सख्त कार्रवाई के कारण नशा तस्करी के नेटवर्क को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा, “भगवंत मान सरकार ने नशा नेटवर्क की कमर इतनी बुरी तरह तोड़ दी है कि अब ED Party के लोग खुद मैदान में उतरकर नशा बेचने लगे हैं। पंजाब की आने वाली पीढ़ियों को बचाने के लिए नशा कारोबार में शामिल हर व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।” ढांडा ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से अपील करते हुए कहा कि नशा कारोबार से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

    देशभर में फैले ड्रग्स नेटवर्क पर उठाए सवाल

    AAP के वरिष्ठ नेता और कोंडली से विधायक कुलदीप कुमार ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “देश में बड़े स्तर पर नशे की खेपें पहुंच रही हैं। पंजाब सरकार लगातार इस अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी वजह से वे लोग परेशान हैं जिनके हित इस नेटवर्क से जुड़े हुए हैं।” उन्होंने दावा किया कि पंजाब सरकार के कड़े कदमों ने नशा कारोबार को बड़ा झटका दिया है। AAP नेताओं ने कहा कि पंजाब सरकार का अभियान केवल गिरफ्तारियों तक सीमित नहीं है, बल्कि नशा तस्करी के पूरे आर्थिक और संगठित ढांचे को खत्म करने पर केंद्रित है। सरकार द्वारा नशा तस्करों की संपत्तियों पर कार्रवाई, ड्रोन के जरिए होने वाली तस्करी पर रोक, सीमा क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और नशा मुक्ति केंद्रों को मजबूत करने जैसे कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से पंजाब के लोगों का सरकार पर भरोसा बढ़ा है और युवाओं के बीच एक सकारात्मक संदेश गया है कि राज्य को नशा मुक्त बनाने के लिए गंभीर प्रयास किए जा रहे हैं।

    नशा मुक्त पंजाब बनाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

    AAP नेताओं ने दोहराया कि भगवंत मान सरकार नशों के खिलाफ ज़ीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और किसी भी राजनीतिक दल, प्रभावशाली व्यक्ति या संगठन से जुड़े व्यक्ति को कानून से ऊपर नहीं माना जाएगा। उन्होंने कहा कि पंजाब को नशा मुक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान आगे भी पूरी ताकत के साथ जारी रहेगा। AAP नेताओं ने दावा किया कि नशा तस्करों, उनके आर्थिक नेटवर्क और उनके कथित राजनीतिक संरक्षण को खत्म करके ही पंजाब के युवाओं को सुरक्षित और उज्ज्वल भविष्य दिया जा सकता है।
  • Punjab News: फॉरेंसिक रिपोर्ट के सहारे CM भगवंत मान को बदनाम करने की कोशिश नाकाम, जत्थेदार अकाली दल के राजनीतिक मोहरे न बनें: बलतेज पन्नू

    Punjab News: फॉरेंसिक रिपोर्ट के सहारे CM भगवंत मान को बदनाम करने की कोशिश नाकाम, जत्थेदार अकाली दल के राजनीतिक मोहरे न बनें: बलतेज पन्नू

    चंडीगढ़, 15 जून, 2026: आम आदमी पार्टी (AAP) पंजाब के राज्य मीडिया इंचार्ज बलतेज पन्नू ने सोमवार को शिरोमणि अकाली दल और बादल परिवार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जनता का विश्वास खोने और लगातार चुनावी हार झेलने के बाद अब बादल परिवार ने अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता बचाने के लिए सिख संस्थाओं को भी राजनीति का मैदान बना लिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान को बदनाम करने के लिए जिस तथाकथित फॉरेंसिक रिपोर्ट का सहारा लिया जा रहा है, वह वीडियो में दिखाई देने वाले व्यक्ति की पहचान तक साबित नहीं कर पाई है। इससे यह स्पष्ट हो गया है कि सुखबीर सिंह बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया द्वारा मुख्यमंत्री को बदनाम करने की एक और कोशिश विफल हो गई है।

    श्री अकाल तख्त साहिब किसी एक परिवार की जागीर नहीं

    प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए बलतेज पन्नू ने कहा कि श्री अकाल तख्त साहिब दुनिया भर के सिखों की सर्वोच्च और सबसे सम्मानित संस्था है, जिसे किसी राजनीतिक दल या परिवार की निजी संपत्ति नहीं समझा जा सकता। उन्होंने कहा, “श्री अकाल तख्त साहिब पूरे पंथ का है, न कि सुखबीर सिंह बादल या शिरोमणि अकाली दल का। इसे राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करना दुर्भाग्यपूर्ण है।” पन्नू ने आरोप लगाया कि अकाली दल और बादल परिवार ने अपनी गिरती राजनीतिक स्थिति को बचाने के लिए धार्मिक संस्थाओं को राजनीतिक विवादों में घसीटना शुरू कर दिया है।

    फॉरेंसिक रिपोर्ट ने पहचान ही स्पष्ट नहीं की

    बलतेज पन्नू ने विवादित वीडियो से जुड़ी फॉरेंसिक रिपोर्ट पर सवाल उठाते हुए कहा कि रिपोर्ट कहीं भी यह नहीं बताती कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति आखिर कौन है। उन्होंने कहा, “मान लें कि वीडियो AI से नहीं बनाया गया, लेकिन रिपोर्ट यह नहीं बताती कि वीडियो में दिख रहा व्यक्ति कौन है। उसकी लंबाई क्या है? क्या वह मुख्यमंत्री भगवंत मान की लंबाई से मेल खाती है? वह होटल का कमरा कौन-सा है जहां गुरु साहिब की तस्वीरें लगी होने का दावा किया जा रहा है? रिपोर्ट इन सवालों का जवाब देने में पूरी तरह विफल रही है।” उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी पूरे मामले की सच्चाई जनता के सामने रखेगी।

    बेअदबी, कोटकपूरा और बहबल कलां को पंजाब नहीं भूला

    पन्नू ने कहा कि अकाली दल के इतिहास में कई ऐसे अध्याय हैं जिन्हें पंजाब आज भी नहीं भूला है। उन्होंने कहा, “2015 में बरगाड़ी और बुर्ज जवाहर सिंह वाला बेअदबी मामले हुए। श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का स्वरूप चोरी हुआ, आपत्तिजनक पोस्टर लगाए गए और बाद में पावन अंग कूड़े के ढेरों में मिले। उस समय सत्ता में बैठे लोग सोते रहे।” उन्होंने आरोप लगाया कि जस्टिस जोरा सिंह आयोग की रिपोर्ट दबा दी गई, जस्टिस रणजीत सिंह आयोग की रिपोर्ट को कमजोर करने की कोशिश की गई और कोटकपूरा तथा बहबल कलां गोलीकांड से जुड़े सबूतों को खत्म करने के प्रयास किए गए।

    CM मान सरकार ने लागू किया बेअदबी के खिलाफ सबसे सख्त कानून

    बलतेज पन्नू ने कहा कि बादल परिवार इस बात को पचा नहीं पा रहा कि जिस भगवंत मान को वे लगातार निशाना बनाते रहे, उसी मुख्यमंत्री ने पंजाब में बेअदबी रोकने के लिए सबसे सख्त कानून लागू किया है। उन्होंने कहा, “मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सत्कार कानून में ऐतिहासिक संशोधन किए हैं। अब श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वालों को सख्त सजा का सामना करना पड़ेगा। कानून विधानसभा से पारित होकर लागू हो चुका है।”

    विकास के दम पर जनता का विश्वास जीत रही है सरकार

    पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में विकास और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम किए हैं। उन्होंने बताया कि:
    • नहरी पानी की पहुंच 21 प्रतिशत से बढ़कर 80 प्रतिशत तक पहुंचाई गई।
    • किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध करवाई जा रही है।
    • परिवारों को 600 यूनिट मुफ्त बिजली दी जा रही है।
    • सड़क सुरक्षा फोर्स को सड़कों पर तैनात किया गया है।
    • लोगों को 10 लाख रुपये तक के कैशलेस स्वास्थ्य बीमा कार्ड उपलब्ध करवाए गए हैं।
    उन्होंने कहा कि जालंधर लोकसभा उपचुनाव, गिद्दड़बाहा, डेरा बाबा नानक और अन्य चुनावों में मिली जीतें सरकार के कामकाज पर जनता की मुहर हैं।

    पंजाब के लोग धार्मिक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल नहीं होने देंगे

    अपने बयान के अंत में बलतेज पन्नू ने कहा कि बादल परिवार का यह आखिरी राजनीतिक दांव भी विफल हो चुका है। उन्होंने कहा, “पंजाब के जागरूक लोग कभी भी धार्मिक और पंथक संस्थाओं का राजनीतिक इस्तेमाल स्वीकार नहीं करेंगे। बादल परिवार की राजनीति अब खत्म हो चुकी है और जनता विकास की राजनीति के साथ खड़ी है।” पन्नू ने कहा कि आम आदमी पार्टी सरकार पंजाब के विकास, सामाजिक सौहार्द और जनहित के एजेंडे पर आगे बढ़ती रहेगी तथा किसी भी राजनीतिक साजिश का जवाब तथ्यों और काम के आधार पर देगी।