Blog

  • विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी सत्संग भवन में शिविर का आयोजन, देखें वीडियो

    विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर संत निरंकारी सत्संग भवन में शिविर का आयोजन, देखें वीडियो

    पंचकूलाः निरंकारी सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पवित्र आशीर्वाद से आज ”विश्व रक्तदाता दिवस” के अवसर पर स्थानीय सेक्टर 9 स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। संत निरंकारी चेरिटेबल फाउंडेशन के तत्वाधान में आयोजित रक्तदान शिविर में 44 महिलाओं सहित कुल 225 श्रद्धालुओं ने रक्तदान कर मानवता की सेवा में एक श्रेष्ठ कदम बढ़ाया है।  रक्तदान शिविर में जिला रेडक्रास सोसायटी का सहयोग भी प्राप्त हुआ।

    इस अवसर पर चंडीगढ़ जोन के जोनल इंचार्ज ओ.पी.निरंकारी जी ने कहा कि सन् 1986 से अब तक 9000 से अधिक रक्तदान शिविरों में लगभग 15 लाख यूनिट रक्त मानव कल्याण के लिए समर्पित किए जा चुके है। इसी प्रकार चंडीगढ़ जोन में 20 कैंप इस वर्ष में लगाए जा रहे हैं जिनमें लगभग 3500 यूनिट रक्तदान होने का अनुमान है।

    आज विश्व रक्तदाता दिवस भी है। इस वर्ष विश्व रक्तदाता दिवस का अभियान है -” मानवता की एक बूँद। रक्तदान करें। जीवन बचाएँ।” इसीलिए संत निरंकारी मिशन में रक्तदान को केवल सामाजिक सेवा नहीं, बल्कि मानवता की निःस्वार्थ सेवा माना जाता है। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने अनेक अवसरों पर यह संदेश दिया है कि रक्तदान ऐसा दान है जो सीधे किसी व्यक्ति को नया जीवन दे सकता है।

    श्री निरंकारी जी ने आगे कहा कि रक्तदान के अतिरिक्त निरंकारी मिशन द्वारा समय समय पर स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, प्रोजेक्ट अमृत के तहत स्वच्छ जल अभियान इत्यादि चलाए जाते हैं । निरंकारी भवनों पर कढ़ाई-सिलाई केंद्र, फ्री चेरिटेबल डिस्पेंसरी भी चलाए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि अगले रविवार दिनांक 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योगा दिवस भी लगभग सभी भवनों पर आयोजित किया जाएगा।

    उन्होंने कहा कि बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की प्रेरणा कि “मानव रक्त नालियों में नहीं नाड़ियों में बहना चाहिए” के अंतर्गत आज सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज भी मानव कल्याण के हित को ध्यान में रखते हुए सभी को बढ़चढ़ कर इस महादान में अपना योगदान देने के लिए प्रोत्साहित कर रहे हैं ।

    इस अवसर पर पंचकुला के संयोजक एस. के. सोनी जी ने जोनल इंचार्ज चंडीगढ़ सहित सभी रक्तदाताओं का आभार व धन्यवाद किया। सारी मानवता ही अपना परिवार है। जब हम रक्तदान करते हैं, तब हम किसी  के जीवन में आशा का दीप जलाते हैं। यही सच्ची इंसानियत और सेवा का मार्ग है। सिविल अस्पताल सेक्टर 6, पंचकुला के डॉ अमित के नेतृत्व में 10 सदस्यीय टीम ने यूनिट एकत्रित किए। इस अवसर पर स्थानीय सेवादल ने भी भरपूर सहयोग दिया।

  • Jalandhar News: Human Rights Council India द्वारा ‘नशे के विरुद्ध चेतना शिविर’ का श्री राम चौक में हुआ सफल आयोजन

    Jalandhar News: Human Rights Council India द्वारा ‘नशे के विरुद्ध चेतना शिविर’ का श्री राम चौक में हुआ सफल आयोजन

    युवा ही करेगा पंजाब को नशे से मुक्त: आरती राजपूत

    जालंधर: पंजाब को नशा-मुक्त बनाने के उद्देश्य से ह्यूमन राइट्स काउंसिल इंडिया जालंधर इकाई द्वारा आज “नशे के विरुद्ध चेतना शिविर” का आयोजन जालंधर के प्रसिद्ध श्री राम चौक में किया गया।कार्यक्रम में ह्यूमन राइट्स काउंसिल इंडिया की राष्ट्रीय अध्यक्ष आरती राजपूत, पंजाब इंचार्ज सतविंदर सिंह मथारू, पंजाब महासचिव मनजीत सिंह, पंजाब सह-इंचार्ज संदीप गगन,  पंजाब अध्यक्ष हतिंदर सिंह तलवार तथा जिला अध्यक्ष जालंधर चंदन रखेजा विशेष रूप से उपस्थित रहे।

    आरती राजपूत (राष्ट्रीय अध्यक्ष, HRCI)  ने कहा, “नशा केवल एक व्यक्ति की समस्या नहीं बल्कि पूरे समाज और राष्ट्र के भविष्य के लिए खतरा है। हमें परिवार, समाज और प्रशासन के संयुक्त प्रयासों से इस बुराई को समाप्त करना होगा। युवाओं को सकारात्मक दिशा देना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।”

    स.सतविंदर सिंह ने कहा,  पंजाब की युवा शक्ति हमारी सबसे बड़ी पूंजी है। नशे के खिलाफ लड़ाई केवल सरकार की नहीं बल्कि हर नागरिक की जिम्मेदारी है। जागरूकता ही इस लड़ाई का सबसे प्रभावी हथियार है।

    स. मनजीत सिंह ने कहा,  समाज के प्रत्येक वर्ग को नशे के खिलाफ खुलकर आवाज उठानी होगी। जब तक हम सामूहिक रूप से इस बुराई का विरोध नहीं करेंगे,  तब तक इसका स्थायी समाधान संभव नहीं है।

    संदीप गगन ने कहा,  युवाओं को खेल, शिक्षा,  रोजगार और सामाजिक गतिविधियों से जोड़कर ही नशे के जाल से बचाया जा सकता है। हमारा यह अभियान युवाओं को सही दिशा देने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

    हतिंदर सिंह तलवार ने कहा, ह्यूमन राइट्स काउंसिल इंडिया पंजाब में नशा-मुक्त समाज के निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। यह चेतना शिविर लोगों को जागरूक करने और सामाजिक एकता को मजबूत करने का एक सशक्त माध्यम बनेगा।

    चंदन रखेजा ने कहा,  जालंधर की धरती से हम नशे के खिलाफ एक मजबूत जनआंदोलन का संदेश देना चाहते हैं। मैं सभी युवाओं, सामाजिक संगठनों और नागरिकों से अपील करता हूं कि वे इस अभियान का हिस्सा बनें और नशा-मुक्त पंजाब के निर्माण में अपना योगदान दें।

    ह्यूमन राइट्स काउंसिल इंडिया ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे अपने आस पास भी नशे के खिलाफ जन-जागरण अभियान को सफल बनाएं और जितना हो सके अपने अपने माध्यम से नशे जैसी बीमारी से दूर रहने की आवाज उठाते रहें।

    इस मौके पर समाज सेवी प्रशांत गंभीर और हह्यूमन राइट्स काउंसिल इंडिया की पूरी टीम जिसमें रमन नेहरा, नंद सोनी, दीपक भल्ला, गगन बेदी, अमित दुरेजा, प्रिया मेहरा, तरूणा, ज्योति, प्रबल उप्पल, रजत खत्तरी, सुमन, परमजीत, दिया आदि भारी संख्या में समाज सेवी संस्थाएं और उनके साथी उपस्थित रहे। वहीं अंत में पूरी टीम ने सभी उपस्थित समाज सेवी संस्थाओं, समाज सेवी सदस्यों और उपस्थित मीडिया साथियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।

     

     

     

  • दर्दनाक हादसा: आग लगने की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन के चपेट में आने से 4 की मौत

    दर्दनाक हादसा: आग लगने की अफवाह से पटरी पर कूदे यात्री, दूसरी ट्रेन के चपेट में आने से 4 की मौत

    मुरैनाः मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में रविवार को एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह फैलने के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घबराए यात्रियों ने ट्रेन की चेन खींचकर उसे रुकवा दिया और कई लोग जान बचाने के लिए ट्रेन से नीचे उतर गए।

    पटरी पर उतरे यात्री दूसरी ट्रेन की चपेट में आए
    जानकारी के अनुसार, ट्रेन रुकने के बाद कुछ यात्री रेलवे ट्रैक पर उतर गए। इसी दौरान दूसरी लाइन पर पातालकोट एक्सप्रेस तेज रफ्तार से आ रही थी। यात्रियों को संभलने का मौका नहीं मिला और चार लोग ट्रेन की चपेट में आ गए। इस हादसे में एक बच्चे और तीन महिलाओं की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

    हेतमपुर और घेर स्टेशन के बीच हुई दुर्घटना
    यह हादसा मुरैना के हेतमपुर और घेर रेलवे स्टेशन के बीच हुआ। उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस मुरैना से धौलपुर की ओर जा रही थी। तभी किसी ने ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैला दी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई। घबराहट में कई लोगों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवा दी और नीचे उतर गए। इसी दौरान दूसरी पटरी पर आ रही पातालकोट एक्सप्रेस ने चार लोगों को अपनी चपेट में ले लिया।

    चश्मदीदों ने बताई घटना की पूरी कहानी
    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रेन रुकने के बाद यात्री जल्दबाजी में नीचे उतरने लगे। कई लोग रेलवे ट्रैक के पास खड़े हो गए थे। तभी आगरा की ओर से आ रही पातालकोट एक्सप्रेस वहां पहुंच गई। लोगों को हटने का मौका नहीं मिला और हादसा हो गया।

    रेलवे और प्रशासन मौके पर पहुंचा
    घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, जीआरपी, आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे। राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया तथा प्रभावित यात्रियों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।

    रेलवे ने शुरू की जांच
    रेलवे अधिकारियों ने हादसे की जांच शुरू कर दी है। मंडल जनसंपर्क अधिकारी मनोज सिंह ने बताया कि गाड़ी संख्या 19665 खजुराहो-उदयपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के जनरल कोच में चेन पुलिंग होने के कारण ट्रेन रुकी थी। इसी दौरान कुछ यात्री दूसरी रेल लाइन पर चले गए और पातालकोट एक्सप्रेस की चपेट में आ गए। उन्होंने कहा कि घटना के सभी पहलुओं की विस्तार से जांच की जा रही है।

    इससे पहले रतलाम में भी सामने आया था आग का मामला
    गौरतलब है कि इससे पहले मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में राजधानी एक्सप्रेस के एक एसी कोच में आग लगने की घटना सामने आई थी। इस वजह से मुंबई-दिल्ली रेल मार्ग पर कई ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित हुई थी।

    रेलवे अधिकारियों के अनुसार, तिरुवनंतपुरम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के एसी कोच में सुबह करीब 5:15 बजे आग लगी थी। हालांकि समय रहते कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था, लेकिन कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ था।

     

  • ऊना निवासी अनमोल शर्मा का राष्ट्रीय युवा संसद के लिए चयन

    ऊना निवासी अनमोल शर्मा का राष्ट्रीय युवा संसद के लिए चयन

    ऊना/ सुशील पंडित: जिला ऊना के गाँव लोअर देहलां निवासी अनमोल शर्मा का चयन देहरादून, उत्तराखंड में आयोजित होने जा रही राष्ट्रीय युवा संसद के लिए हुआ है। यह राष्ट्रीय युवा संसद 17 जून से 19 जून तक आयोजित होगी जिसमें हर राज्य के युवा हिस्सा लेंगे तथा एक राष्ट्र एक चुनाव व हिमालय, पलायन एवं सतत विकास जैसे राष्ट्रीय मुद्दों पर विचार विमर्श होगा। इस युवा संसद में उत्तरखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी तथा केंद्रिय मंत्री भी शामिल होंगे।
    ज्ञात रहे अनमोल शर्मा ने 9-12 जनवरी को आयोजित हुए राष्ट्रीय युवा उत्सव (विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग) के 2026 संसकरण में भाषण प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर तीसरा स्थान हासिल कर प्रदेश व जिला ऊना का नाम रोशन किया था।
     
  • प्राकृतिक खेती को मिला ‘गारंटी का बाजार’, हिमाचल में बढ़ रहा किसानों का भरोसा

    प्राकृतिक खेती को मिला ‘गारंटी का बाजार’, हिमाचल में बढ़ रहा किसानों का भरोसा

    सुक्खू सरकार की पहल से मिला नया संबल, गेहूं, मक्की और हल्दी की सरकारी खरीद और बढ़े एमएसपी से मजबूत हुआ किसानों का विश्वास
    ऊना, सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक खेती तेजी से किसानों की पसंद बन रही है। सरकारी खरीद, बढ़े हुए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और ‘गारंटी के बाजार’ की व्यवस्था ने किसानों की उपज की बिक्री और उचित मूल्य को लेकर वर्षों पुरानी चिंता को काफी हद तक दूर कर दिया है। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की यह पहल प्राकृतिक खेती को पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आर्थिक रूप से भी एक व्यवहारिक और लाभकारी विकल्प के रूप में स्थापित कर रही है।
    एक समय था जब प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों के सामने सबसे बड़ी चुनौती अपनी उपज के लिए उचित बाजार और बेहतर मूल्य प्राप्त करना था। किसानों को यह चिंता सताती थी कि रासायनिक खेती से अलग रास्ता चुनने के बाद उनकी उपज को खरीदार मिलेगा भी या नहीं। प्राकृतिक गेहूं, मक्की और हल्दी की सरकारी खरीद तथा बेहतर समर्थन मूल्य उपलब्ध करवाने से किसानों को अब अपनी उपज का सुनिश्चित ‘गारंटी का बाजार’ मिला है।
    एमएसपी ने बढ़ाया किसानों का आत्मविश्वास
    सुक्खू सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) में उल्लेखनीय बढ़ोतरी की है। सरकार ने प्राकृतिक गेहूं का एमएसपी 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम, प्राकृतिक मक्की का 40 रुपये से बढ़ाकर 50 रुपये प्रति किलोग्राम, पांगी घाटी के जौ का 60 रुपये से बढ़ाकर 80 रुपये प्रति किलोग्राम तथा प्राकृतिक हल्दी का 90 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है। वहीं, पहली बार प्राकृतिक अदरक को भी एमएसपी के दायरे में लाते हुए 30 रुपये प्रति किलोग्राम का समर्थन मूल्य निर्धारित किया गया है। सरकार के इस फैसले ने प्राकृतिक खेती करने वाले किसानों को अपनी उपज के लिए सुनिश्चित बाजार और बेहतर मूल्य का भरोसा दिया है। सरकारी खरीद व्यवस्था ने प्राकृतिक खेती को व्यवहारिक और लाभकारी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यही कारण है कि प्रदेश के विभिन्न जिलों में बड़ी संख्या में किसान प्राकृतिक खेती की ओर आकर्षित हो रहे हैं।
    ऊना बना सकारात्मक बदलाव का उदाहरण
    प्राकृतिक खेती के बढ़ते प्रभाव का एक सशक्त उदाहरण जिला ऊना में देखने को मिल रहा है। पिछले तीन वर्षों के दौरान जिले के 9,393 किसान राजीव गांधी प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना के तहत प्राकृतिक खेती से जुड़े हैं। यह संख्या दर्शाती है कि यदि किसानों को बाजार और मूल्य की सुरक्षा मिले तो वे नई कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए तैयार हैं।
    आत्मा परियोजना ऊना की निदेशक प्यारो देवी के अनुसार, इस वर्ष जिले में 111 किसानों से 520 क्विंटल प्राकृतिक गेहूं की खरीद 80 रुपये प्रति किलोग्राम के एमएसपी पर की जा रही है। इसके लिए लगभग 41.60 लाख रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में हस्तांतरित की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल किसानों को प्राकृतिक खेती अपनाने के लिए प्रेरित कर रही है तथा उन्हें उनकी मेहनत का उचित मूल्य सुनिश्चित कर रही है।
    पिछले वर्ष जिले में 39 किसानों से 416 क्विंटल प्राकृतिक गेहूं 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदा गया था, जिसके एवज में किसानों को 25.83 लाख रुपये का भुगतान सीधे उनके खातों में किया गया। इसी प्रकार 33 किसानों से 196.43 क्विंटल प्राकृतिक मक्की 40 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी गई, जिसके लिए 8.25 लाख रुपये का भुगतान किया गया। इसके अलावा 6.42 क्विंटल प्राकृतिक हल्दी 150 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी गई, जिसके बदले किसानों को 96,300 रुपये की राशि प्रदान की गई। ये आंकड़े बताते हैं कि सरकार प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए नीति, खरीद और भुगतान—तीनों स्तरों पर प्रभावी पहल कर रही है।
    किसानों की जुबानी बदलाव की कहानी
    गगरेट विकासखंड के मरवाड़ी गांव के प्रगतिशील किसान जोगिन्द्रपाल शर्मा प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उनका कहना है कि प्राकृतिक खेती उत्पादों के एमएसपी में बढ़ोतरी किसानों के लिए बड़ा संबल बनी है। पिछले वर्ष उन्होंने 40 क्विंटल गेहूं 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा था, जबकि इस वर्ष 30 क्विंटल गेहूं 80 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से विक्रय हुआ है। उनके अनुसार, बेहतर मूल्य मिलने से किसानों का प्राकृतिक खेती के प्रति विश्वास बढ़ा है और अधिक लोग इस पद्धति को अपना रहे हैं।
    ग्राम पंचायत लठियानी के भंजाल गांव की महिला किसान अनिता कुमारी बताती हैं कि शुरुआती वर्षों में उत्पादन अपेक्षाकृत कम रहा, लेकिन प्रशिक्षण, तकनीकी मार्गदर्शन और अनुभव के साथ उत्पादन में उल्लेखनीय सुधार हुआ। उनका मानना है कि प्राकृतिक खेती उत्पादों के लिए बढ़ा हुआ एमएसपी किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। टकारला गांव के किसान प्रकाश चंद शर्मा पिछले तीन वर्षों से प्राकृतिक खेती कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रारंभ में वह सीमित भूमि पर प्राकृतिक खेती करते थे, लेकिन बेहतर उत्पादन और आकर्षक एमएसपी मिलने से उन्होंने इसके दायरे का विस्तार किया है। पिछले वर्ष उन्होंने 11 क्विंटल गेहूं 60 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से बेचा था, जबकि इस वर्ष 15 क्विंटल गेहूं 80 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से बेचा है। इससे उनकी आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
    सरकारी खरीद और एमएसपी में निरंतर बढ़ोतरी ने रखी जिले में सकारात्मक बदलाव की नींव : डीसी जतिन लाल
    उपायुक्त ऊना जतिन लाल का कहना है कि मुख्यमंत्री श्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार जिले में किसानों को प्राकृतिक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के लिए तत्परता से प्रयास किए जा रहे हैं। उत्पादों की सरकारी खरीद सुनिश्चित करने और एमएसपी में निरंतर बढ़ोतरी की नीति ने जिले में सकारात्मक बदलाव की नींव रखी है। किसान अब आत्मविश्वास के साथ प्राकृतिक खेती की ओर कदम बढ़ा रहे हैं। यह पहल किसानों की आर्थिक समृद्धि, टिकाऊ कृषि और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
    आर्थिक लाभ के साथ पर्यावरण संरक्षण
    उनका कहना है कि प्राकृतिक खेती मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने, रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता कम करने और सुरक्षित खाद्य उत्पादन को बढ़ावा देने वाली एक टिकाऊ कृषि पद्धति के रूप में उभर रही है। इसके बढ़ते दायरे से जल, मिट्टी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिल रहा है।
     
  • बददी से चुराई गई भैंसों को हमीरपुर के जाहू से बरामद

    बददी से चुराई गई भैंसों को हमीरपुर के जाहू से बरामद

    दसौरामाजरा से 8 जून को दो लाख की भैंसे चुराकर ले गए थे दो शातिर लोग
    बददी, सचिन बैंसलः बददी उपमंडल से एक किसान परिवार की भैंसे शातिराना तरीके से चुराकर उसको मंडी जिले के जाहू में बेचने का मामला प्रकाश में आया है। करीब दो लाख की कीमत वाली इन दुधारु भैंसों के चोरी होने से जहां किसानों में भय का माहौल था वहीं फिल्मी अंदाज में आरोपियों ने भैंसों को दसौरामाजरा(बददी) से चुराया और पैदल ही उनको 25 किलोमीटर ले गए। बददी के निकट लक्कड पुल पर रहने वाले दो अहीरों ने इन भैंसों को चुराने के बाद  उसके बाद पटटा महलोग के निकट गुनाई से पिकअप वाहन में ले जाकर रातों रात सफर करके अगले दिन उसको दोपहर को मंडी जिले के जाहू में पहुंचाया। दुधारु भैंसों के मालिक चेपूराम पुत्र पंाजूराम निवासी दसौरामाजरा तहसील बददी ने पुलिस स्टेशन बरोटीवाला में इस सारे प्रकरण की शिकायत दर्ज करवाई थी कि मेरी भैंसे रात को अचानक गायब हो गई। उसके बाद पुलिस थाना प्रभारी देवराज ठाकुर ने संपूर्ण शिकायत सुनने के बाद जंाच बिठाई तो उसमें चोरी के हैरतअंगेज तरीके का खुलासा हुआ। सीसीटीवी हरिपुर साहिब देखने पर पता चला कि उक्त दुधारु भैंसे लक्कड डिपो झाडमाजरी के निवासी अमाम अली व उसके सहयोगी सुलेमान ने चुराई थी जो कि रिश्ते में आपस में साढू लगते हैं। हरिपुर के बाद पैदल भैंसों को बिलावांली के एक युवा की पिकअप वाहन एचपी-93, 5037 में डालकर जाहू पहुंचाया गया।
    बददी पुलिस पहुंची कोटखाई-
    अमाम अली व सुलेमान ने दुधारु भैंसों को जाहू(हमीरपुर) के एक गोदाम में एक व्यापारी को 80 हजार रुपये में बेचने के बाद बाईक नंबर एचपी 12एन-8279  पर सवार होकर कोटखाई (जिला शिमला) के खडा पत्थर पहुंच गए। इसके बाद जिला पुलिस बददी की बरोटीवाला पुलिस टीम ने आरोपियों को फोन पर संपर्क साधा कि आप कहां हो आपके विरुद्व शिकायत आई है। अमाम अली ने कहा कि मैं खडा पत्थर में नहीं हूं वहीं सुलेमान ने का कि मैं दो दिन बाद बददी वापिस आ जाऊंगा। भैंसों की चोरी बारे दोनो साफ मुकर गए कि हमारा इसमें कोई हाथ नहीं है जबकि सीसीटीवी में एक चेहरा कैद हो चुका था।  उसके बाद बरोटीवाला पुलिस कोटखाई पहुंची और दोनों को 11 जून को 4 बजे बरोटीवाला गिरफतार करके ले आए। वहां पर आरोपियों ने अपना समस्त जुर्म कबूल लिया कि हमने ही भैंसे चुराई थी और उसको जाहू में बेच दिया था। 12 जून को दोनो को कोर्ट नालागढ़ में पेश किया तो तीन दिन का पुलिस रिमांड मिला।
    जाहू से बरामद की दो लाख कीमत की भैंसे-
    दोनो आरोपियों को रिमांड पर लेने के बाद बरोटीवाला थाना पुलिस के कर्मचारी दोनो भैंसों की बरामदगी के लिए जाहू पहुंचे जबकि वहां से दोनो भैंसो को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर भेजा जा चुका था। बरोटीवाला पुलिस ने जाहू के पशु खरीद व्यापारी अली शान को बोला कि आप बददी से चुराई भैंसे जो सहारणपुर भेजी गई है को वापिस मंगवाओ तो भैंसो को दोबारा जाहु मंगवाया गया। फिर पुलिस मुख्य आरोपी अमाम अली व दुधारु पशुओं के मालिक के पुत्र मान सिंह को शिनाखत करवाने के लिए जाहू (हमीरपुर) पहुंची। वहां पर भैंस मालिक ने अपनी दोनो भैंसो को पहचान लिया और शनिवार देर रात भैंसो को लाकर उसके असली मालिक को सौंप दिया। पुलिस ने चोरी की संपति खरीदने पर जाहू के पशु व्यापारी अली शान उर्फ कालूराम पर भी मुकदमा दर्ज कर उसको भी हिरासत में ले लिया। एएसपी बददी अशोक कुमार वर्मा ने बताया कि इन सभी तीनों आरोपियो अमाम अली, सुलेमान व जाहू के पशु डीलर अलीशान को गिरफतार कर लिया गया है जिनको पुन: सोमवार को नालागढ़ की अदालत में पेश किया जाएगा।
    पुलिस की कार्यवाही को सराहा-
    वहीं दूसरी ओर स्थानीय किसानों ने बरोटीवाला पुलिस की इस मामले को त्वरित हल कर करने पर जमकर सराहना की है। किसान भारत भूषण , कमलवदे आदि ने कहा कि गरीब किसान के पास पशुधन की संपति ही बडी संपति होती है और उसी से उसका गुजारा चलता है को बरामद कर एक सराहनीय कार्य किया है। गौरतलब है कि 2023 की बाढ में चेपूराम का माजरी गांव में घर बह गया था और अब दूसरे स्थान दसौरामाजरा में रह रहे हैं। इन भैंसो से दूध से बने घी को बेचकर यह परिवार गुजारा करता है और साथ में थोडी बहुत खेतीबाडी भी करते हैं।
     
  • Punjab News: युवक की चाकू मारकर हत्या, खून से लथपथ सडक़ किनारे मिला शव

    Punjab News: युवक की चाकू मारकर हत्या, खून से लथपथ सडक़ किनारे मिला शव

    मोहालीः सहर के बलौंगी थाना क्षेत्र के झामपुर इलाके में एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक का शव खून से लथपथ सडक़ के किनारे से बरामद हुआ है। इस खबर की जानकारी लगते ही आसपास के लोगों में सनसनी फैल गई।  मृतक की पहचान मलोया निवासी दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उसके शरीर पर चाकू के कई गहरे घाव मिले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए खरड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

    जांच में जुटी पुलिस
    पुलिस के अनुसार मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का फोन डंप डेटा हासिल किया गया है। इसके अलावा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि दीपक कुमार झामपुर इलाके में कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा था। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

    ऑटो चालक ने पुलिस को दी सूचना
    जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। रात करीब 9:36 बजे एक ऑटो चालक झामपुर इलाके से गुजर रहा था। इसी दौरान उसकी नजर सडक़ पर पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी। जब वह उसके करीब पहुंचा और टॉर्च की रोशनी डाली तो युवक के शरीर पर चाकू के कई घाव दिखाई दिए। उसके शरीर से काफी खून बह रहा था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए ऑटो चालक ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग भी मौके पर एकत्र हो गए। घायल युवक को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस टीम के पहुंचने के काफी देर बाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पैरिविंकल ग्रेवाल भी मौके पर पहुंचे। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

     

     

  • ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.29 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

    ऊना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10.29 ग्राम चिट्टा बरामद, पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

    ऊना : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस ऊना ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 10.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। इस मामले में पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 जून की देर शाम पुलिस थाना मैहतपुर में तैनात अन्वेषण अधिकारी एएसआई नागिंदर पाल अपनी टीम तथा एसआईयू ऊना के साथ भटोली स्थित शिव मंदिर के समीप नाकाबंदी पर मौजूद थे। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल को जांच के लिए रोका गया।
    तलाशी के दौरान मोटरसाइकिल में छिपाकर रखा गया 10.29 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद हुआ। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चालक राहुल कुमार निवासी नंगल टाउनशिप, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब तथा पीछे बैठे अभिषेक निवासी दवेटा, तहसील नंगल, जिला रूपनगर (रोपड़), पंजाब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर पुलिस नशा तस्करी से जुड़े फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक खंगाल रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सके। जिला पुलिस ऊना ने कहा है कि नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को नशे के दुष्प्रभावों से बचाया जा सके।
     
  • Punjab News: कार क्रॉसिंग को लेकर भिड़े कार सवार, चलाई गोली, मचा हड़कंप

    Punjab News: कार क्रॉसिंग को लेकर भिड़े कार सवार, चलाई गोली, मचा हड़कंप

    लुधियानाः जिले में कार क्रॉसिंग को लेकर कार सवार आपस में भिड़ गये। जिसके बाद महज रास्ता देने की छोटी सी बात से शुरू हुई यह घटना इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने सरेआम गोली चला दी। इस घटना के बाद पुल पर लंबा जाम लग गया और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और फिर मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने सरेआम गोली चला दी।

    ट्रैफिक के बीच आमने-सामने आ गईं दोनों गाड़ियां
    जानकारी के अनुसार जवादी पुल पर ट्रैफिक के दौरान दो कारें आमने-सामने आ गईं। दोनों वाहन चालकों के बीच पहले रास्ता देने को लेकर बहस शुरू हुई। कोई भी अपनी गाड़ी पीछे करने को तैयार नहीं था। कुछ ही मिनटों में बहस तेज हो गई और दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने के साथ ही दोनों पक्षों के लोग गाड़ियों से बाहर आ गए और एक-दूसरे पर आरोप लगाने लगे। माहौल लगातार तनावपूर्ण होता चला गया।

    बहस से हाथापाई और फिर चली गोली
    देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसी दौरान एक कार में सवार कुछ लोगों ने अपना आपा खो दिया और हथियार निकाल लिया। आरोप है कि दूसरे पक्ष को डराने और दबाव बनाने के लिए उन्होंने बीच सड़क पर गोली चला दी।

    गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। राहगीर और वाहन चालक अपनी सुरक्षा के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ समय के लिए पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

    पुल पर लगा लंबा जाम
    घटना के बाद जवादी पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग घटना को लेकर सहमे हुए नजर आए। ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ और कई वाहन काफी देर तक जाम में फंसे रहे।

    वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार
    फायरिंग करने के बाद आरोपी अपनी कार लेकर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने पूरे इलाके का निरीक्षण किया और मौके से एक खाली खोल भी बरामद किया।

    सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
    पुलिस द्वारा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही जवादी पुल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने और उनकी गाड़ी के नंबर का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

    जल्द होगी आरोपियों की गिरफ्तारी
    पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी हुई है।

     

     

     

  • पीएम मोदी के 12 साल बेमिसाल: सांसद Dharambir Singh

    पीएम मोदी के 12 साल बेमिसाल: सांसद Dharambir Singh

    चंडीगढ़: सांसद चौ. धर्मबीर सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृढ़ संकल्प की ही देन है कि जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटा दी गई। उनके नेतृत्व में देश में व्यापक बदलाव आएं हैं। पीएम मोदी के कार्यकाल के 12 साल बेमिसाल हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अब झुकने वाला भारत नहीं है।

    उन्होंने आमजन का आहवान किया कि 2047 तक विकसित भारत का सपना पूरा करने के लिए इस देश के नागरिक होने के नाते, हर किसी को राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी होगी। सांसद चौ. धर्मबीर सिंह रविवार को भिवानी के गांव सोंहासड़ा में आयोजित विशेष जन सम्पर्क अभियान कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस मौके पर सांसद ने आमजन की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

    सांसद ने कहा कि 2014 से पहले और बाद के भारत का अध्ययन करने से हमें यह समझने में मदद मिलती है कि क्या बदलाव आया है। उन्होंने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा अनेकों जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं जिनका लाभ सीधे लोगों को मिल रहा है। सांसद ने कहा कि अब बिचौलियों का दौर खत्म हो चुका है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास, सुशासन, आधारभूत ढांचे के विस्तार, डिजिटल क्रांति और जनकल्याण के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है।

    सांसद ने आमजन से प्राकृतिक खेती अपनाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता लगातार घट रही है और देश की भूमि का ऑर्गेनिक कार्बन स्तर गंभीर रूप से कम हो गया है, जिससे भूमि बंजर होने की स्थिति में पहुंच रही है। उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सुधार नहीं किया गया, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए न तो शुद्ध भोजन उपलब्ध रहेगा और न ही पीने योग्य पानी। सांसद ने इस दौरान नशे कर बढ़ते प्रभाव पर भी चिंता प्रकट करते हुए कहा कि युवाओं में नशे का प्रभाव बढ़ता जा रहा है। उन्होंने लोगों से एकजुट होकर नशे के खिलाफ अभियान चलाए जाने का आहवान किया।