Blog

  • ऊना में श्री गुरु गोविंद सिंह प्रकाशोत्सव धूमधाम से मनाया

    कुरियाला से किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी ऊना तक महान नगर कीर्तन

    ऊना/सुशील पंडित :श्री गुरु गोविंद सिंह जी का प्रकाश दिवस हर वर्ष की तरह श्रद्धा पूर्वक मनाया गया। इस उपलक्ष्य में जिला के विभिन्न गुरुद्वारा में पाठ और शब्द कीर्तन का आयोजन किया गया। कई स्थानों पर लंगर में प्रसाद वितरित किया गया। श्री गुरु गोविंद सिंह के प्रकाशोत्सव पर सप्ताह भर से धार्मिक आयोजन चल रहे थे। सुबह शहर के बाबा साहिब सिंह बेदी प्रमुख गुरुद्वारा में प्रभात फेरी का आयोजन हुआ।  इस उपलक्ष्य में जिला स्तरीय कार्यक्रम के दौरान गांव कुरियाला से किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी ऊना तक महान नगर कीर्तन बाबा सरबजोत सिंह जी के मार्गदर्शन में किया गया। यह नगर कीर्तन श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी की छत्रछाया व पांच प्यारों के नेतृत्व में सजाया गया। जोकि गांव कुरियाला से शुरु हो कर  डंगेडा, बरनोह, डंगोली, अजनोली, कोटला कलां, अरनियाला आदि स्थानों से होता हुआ शहर की  परिक्रमा करते हुए  किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी ऊना में संपन्न हुआ।
     
    इससे पहले नगर कीर्तन का जगह जगह पर जोरदार स्वागत किया गया। हजारों की संख्या में संगत भी नगर कीर्तन के साथ चल रही थी। सैंकड़ों वाहनों के काफिले के साथ यह नगर कीर्तन करीब छह घंटों बाद गंतव्य तक पहुंचा। किला बाबा बेदी साहिब में गुरु नानक देव जी के वंशज बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी , बाबा अमरजोत सिंह जी बेदी द्वारा नगर कीर्तन का स्वागत पुष्प वर्षा से किया गया। प्रमुख आकर्षण में नगर कीर्तन के दौरान श्री गुरु ग्रन्थ साहिब जी की पालकी को सुंदर रूप में सजाया गया था और सैकड़ों की तादात में श्रद्धालु संगत शब्द कीर्तन करती हुई साथ चल रही थी। गुरु नानक मिशन संस्था गतका अखाड़ा के वीर योद्धाओं द्वारा इस अवसर पर पुरानी युद्ध कला  का सुंदर प्रदर्शन किया। विभिन्न स्थानों पर संगत द्वारा नगर कीर्तन के स्वागत में फलों के अलावा मिठाइयों का भी प्रसाद बांटा गया। किला बेदी साहिब पहुंचने पर बाबा सरबजोत सिंह जी बेदी द्वारा पांच प्यारों व संत महापुरुषों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर किला बाबा साहिब सिंह जी बेदी में कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न रागी जत्थों द्वारा शब्द कीर्तन किया गया और गुरु गोविंद सिंह जी के इतिहास के बारे में संगत को अवगत करवाया गया। इस अवसर पर संत बाबा जीत सिंह,बाबा प्रितपाल सिंह, बाबा अमनदीप सिंह, परमजीत सिंह,हरपाल सिंह कोटला, जोगमान सिंह, सुखवंत सिंह, बलविंदर सिंह, सुखविंदर सिंह, गुरिक्बाल सिंह, गुरमेज सिंह पुबोवाल सहित कई उपस्थित थे। इस अवसर पर गुरु के लंगर का आयोजन भी किया गया।

  • 20 से 21 जनवरी तक इंदिरा खेल मैदान में आयोजित होगी जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 

    20 से 21 जनवरी तक इंदिरा खेल मैदान में आयोजित होगी जिला स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता 

    ऊना/सुशील पंडित : जिला स्तरीय मास्टर बैडमिंटन प्रतियोगिता 20 से 21 जनवरी तक इंदिरा खेल मैदान ऊना में आयोजित की जा रही है। यह जानकारी जिला बैडमिंटन संघ ऊना के सचिव अशोक ठाकुर ने दी। अशोक ठाकुर ने बताया कि बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी इच्छुक खिलाड़ी अपने आवेदन 19 जनवरी सांय 6 बजे तक जिला बैडमिंटन संघ के कोषाध्यक्ष संजीव शर्मा व हरेन्द्र सिंह के पास जमा करवा सकते हैं।
  • तीन दिन के रिमांड पर बसोली का ड्रग कारोबारी

    ऊना /सुशील पंडित: बसोली गांव में ड्रग रैकेट चलाने वाला बलराम सिंह पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। मंगलवार को ऊना पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया और तीन दिन का रिमांड हासिल किया।जबकि मामले में आरोपी उसकी पत्नी मधुबाला को अदालत ने 14 दिन की न्यायायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। बलराम सिंह और उसकी पत्नी मधुबाला पर आरोप है कि वे लंबे समय से नशीली दवाओं का अवैध कारोबार कर रहे थे। बता दें कि पिछले दिनों ऊना से 8 किमी दूर बसोली गांव में पुलिस और ड्रग विभाग की एक टीम को नकली और नशीली गोलियों का जखीरा मिला था। ज्यादातर गोलियों के पत्ते जला दिए गए थे और कुछ साबुत पत्ते ड्रग इंस्पेक्टर के हाथ लग गए थे। नशे का कारोबारी और आरोपी बलराम सिंह मूल रूप से उत्तर प्रदेश का निवासी है लेकिन कई सालों से वह नकली और नशीली दवाओं का व्यापार कर रहा था। जिस दिन ड्रग इंस्पेक्टर ने छापेमारी की थी उस दिन बलराम फरार होने में कामयाब हो गया था। जानकार बताते हैं कि बलराम ने नशीली गोलियों का कारोबार विदेशों तक फैला रखा था। वह चुपके से नशीली गोलियों को ब्रांडेड कंपनी के खाली पत्तों में भरकर करोड़ों का कारोबार कर रहा था।
  • टिप्पर और ट्रैक्टर पर 30 हजार जुर्माना

    टिप्पर और ट्रैक्टर पर 30 हजार जुर्माना

    ऊना /सुशील पंडित: ऊना पुलिस ने अवैध खनन में लिप्त एक ट्रैक्टर और एक टिप्पर पर 30 हजार रूपए जुर्माना लगाया है। पुलिस की रोजाना गतिविधि में मंगलवार को ट्रैफिक नियमों की अवहेलना करने वाले 140 वाहनों के भी चालान काटे गए। उनमें से 11 का मौके पर निपटारा कर दिया गया व उनसे 5200 रूपए जुर्माना वसूला गया। साथ ही 6 लोगों से 600 रूपए भी वसूले गए हैं जो सार्वजनिक स्थलों पर धुम्रपान कर रहे थे।
  • हरोलीः सट्टेबाज पुलिस के हत्थे चढ़ा

    हरोलीः सट्टेबाज पुलिस के हत्थे चढ़ा

    ऊना /सुशील पंडित:हरोली पुलिस ने दड़ा सट्टा की पर्चियों और पैसों के साथ एक व्यक्ति को काबू किया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार हरोली पुलिस की एक टीम जिस समय समनाल चौक के पास मौजूद थी तभी गुप्त सूचना के आधार पर सैंसोवाल निवासी राकेश कुमार की तालाशी लेने पर उससे दड़ा सट्टा पर्चियां और 660 रूपए बरामद हुए। पुलिस ने जुआ अधिनियम की धारा 3-3-67 के अधीन मामला दर्ज करते हुए आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 
  • भंजालः युवक की सड़क दुर्घटना में मौत

    भंजालः युवक की सड़क दुर्घटना में मौत

    ऊना सुशील पंडित: भंजाल में मोटरसवार एक युवक की मंगलवार को अनजान वाहन द्वारा टक्कर से मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार अपर भंजाल के राम सिंह पुत्र रोशन लाल ने अम्ब थाने में शिकायत दी है कि मंगलवार को वह अपने निजी काम से मुबारिकपुर गया हुआ था। जब वह अपने घर वापस आ रहा था और पिपलां वाला ढाबा के पास पहुँचा तो इसने सड़क के किनारे भीड़ देखी 01 मोटरसाइकिल और 02 घायल व्यक्तियों को पड़े हुए पाया। उनमें से एक व्यक्ति प्रदीप कुमार पुत्र गिरधारी लाल, निवासी वार्ड नंबर 6, भंजाल, तहसील घनारी,जो रिश्ते में इसका भतीजा लगता था की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। उसने पुलिस को बताया कि यह सड़क हादसा अज्ञात वाहन चालक द्वारा तेज़ गति व लापरवाही से वाहन चलाने के कारण हुआ है। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 304-ए, 279 और 337 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी की तालाश शुरू कर दी है।
  • अठवां : कार की टक्कर से व्यक्ति घायल

    अठवां : कार की टक्कर से व्यक्ति घायल

    ऊना /सुशील पंडित: अम्ब तहसील के अठवां गांव में कार की टक्कर से एक राहगीर घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार अठवां गांव के वार्ड नंबर 6 वासी रवि चंद्र पुत्र जगदीश राम ने अम्ब थाने में दी शिकायत में कहा है कि सोमवार की सुबह वह अठवां-अंदौरा चौक पर मौजूद था, तभी एक कार अठवां की ओर से आई और उसने पैदल जा रहे कृष्ण कुमार पुत्र विपतु राम निवासी अठवां को टक्कर मार दी। इससे कृष्ण कुमार को काफी चोटें आई हैं। पुलिस ने अज्ञात कार पर भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 
  • भलौणः बाईक की टक्कर से एक घायल

    भलौणः बाईक की टक्कर से एक घायल

    ऊना सुशील पंडित: बंगाणा तहसील के भलौण गांव में मंगलवार को एक सड़क हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव के ही रहने वाले ऋषि पठानिया ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मंगलवार रात करीब आठ बजे वह अपने साथी यशपाल के साथ भलौण अपने घर की ओर जा रहा था। तभी पीछे से एक मोटरसाइकिल आई और उसने यशपाल को टक्कर मार दी। टक्कर से यशपाल घायल हो गया। ऋषि की शिकायत पर बंगाणा थाने में आरोपी प्रकाश शर्मा पुत्र संजय शर्मा, निवासी उत्तर प्रदेश, हाल रिहायश गांव चौकीमन्यार के विरुद्ध तेज रफ्तार और लापरवाही से गाड़ी चलाने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। 
  • अम्बः विदेश भेजने के नाम पर दो लाख ठगे

    अम्बः विदेश भेजने के नाम पर दो लाख ठगे

    ऊना /सुशील पंडित: यदि कोई विदेश भेजने के नाम पर आपसे लाखों रूपए की मांग करता है तो आप सावधान हो जाएं। ऐसा न हो कि आपके जीवन की जमापूंजि कोई ट्रैवल एजेंट लूट ले जाए। ऐसा ही एक मामला अम्ब तहसील के जबेहड़ गांव से रिपोर्ट हुआ है। गांव के ही रहने वाले परमजीत सिंह पुत्र गुरबख्श सिंह ने अम्ब थाने में दी शिकायत में लिखा है कि उसने नंगल जरियाला के राहुल पुत्र सिकंदर पाल से विदेश भेजने को लेकर बात की थी। इस पर राहुल ने उससे 2.5 लाख रूपए की मांग की। परमजीत का आरोप है कि उसने राहुल को साल 2022 में दो लाख रूपए का भुगतान कर दिया था और बाकी रकम काम हो जाने के बाद देना तय हुआ था। मगर राहुल ने न ही उसे विदेश भेजा और न ही उसके पैसे वापस किए। उल्टा राहुल ने उसे जाली हवाई टिकट देकर धोखाधड़ी कर डाली। जब उसने उस टिकट का पता किया तो वह पूरी तरह से फर्जी पाई गई थी। अब परमजीत आरोपी राहुल से पैसे मांगता है तो वह देने से मना कर रहा है। अम्ब थाने में राहुल और उसकी मां सुमन लता के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 468 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। 
  • अदालत के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी

    अदालत के बाहर से मोटरसाइकिल चोरी

    ऊना /सुशील पंडित:ऊना अदालत परिसर के बाहर बने पार्किंग स्टैंड से मंगलवार को शातिर चोर मोटरसाइकिल उड़ा ले गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार अशोक कुमार पुत्र जगन्नाथ, निवासी गांव ललड़ी, तहसील हरोली ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह 11 जनवरी की सुबह 10 बजे के करीब अपनी मोटरसाइकिल को अदालत परिसर के बाहर बने मोटरसाइकिल स्टैंड पर खड़ी करके अंदर गया था। दोपहर करीब 3:00 बजे जब वापस लौटा तो मोटरसाइकिल वहाँ नहीं मिली। शिकायत पर सदर थाने में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 379 के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।