Blog

  • शुरुआती गिरावट के बाद शेयर बाजार में आया उछाल, अदाणी ग्रुप को राहत

    शुरुआती गिरावट के बाद शेयर बाजार में आया उछाल, अदाणी ग्रुप को राहत

    नई दिल्लीः भारतीय शेयर बाजार में आज यानी शुक्रवार को उतार-चढ़ाव के साथ कारोबार की शुरुआत हुई। बाजार खुलते ही निवेशकों को थोड़ा झटका लगा, जब सेंसेक्स 151 अंक गिरकर 77,837 के स्तर पर और निफ्टी 37 अंक फिसलकर 24,159 पर ओपन हुआ। हालांकि, यह गिरावट ज्यादा देर नहीं टिकी और निचले स्तरों पर हुई खरीदारी ने बाजार को तुरंत संभाल लिया। सुबह 9:20 बजे तक बाजार हरे निशान में लौट आया और सेंसेक्स 153 अंकों (0.20%) की बढ़त के साथ 78,141 पर ट्रेड करने लगा। वहीं, निफ्टी भी संभलकर 24,218 के पार निकल गया।

    आज अदाणी समूह के ज्यादातर शेयर हरे निशान में कारोबार करते दिखे। सुबह 9 बजकर 16 मिनट पर अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर करीब ₹10.30 (0.47%) बढ़कर ₹2,214 पर पहुंच गया, वहीं अदाणी टोटल गैस में सबसे ज्यादा तेजी दिखी और यह ₹16.70 (2.79%) चढ़कर ₹614.30 पर ट्रेड करता नजर आया. इसके अलावा अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक ज़ोन का शेयर ₹6.80 (0.44%) बढ़कर ₹1,556.60 पर पहुंचा, अदाणी पावर ₹0.89 (0.46%) की बढ़त के साथ ₹194.08 पर रहा, और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस भी ₹10.40 (0.85%) चढ़कर ₹1,233 पर कारोबार करता दिखा।

  • Punjab News: सड़क हादसे में बाइक सवार 3 युवकों में एक की मौत, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    Punjab News: सड़क हादसे में बाइक सवार 3 युवकों में एक की मौत, 2 गंभीर घायल, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताज़ा मामला देर रात सामने आया जिसमें मोटरसाइकिल सवार तीन दोस्त एक अज्ञात वाहन की चपेट में आ गए। इस हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतक की पहचान पंकज कुमार (28) के रूप में हुई है जो मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था और पिछले 10 वर्षों से लुधियाना में रह रहा था। पंकज अपने दो साथियों, विनोद और जय प्रकाश के साथ एक रोलिंग मिल में काम करता था।

    परिजनों के मुताबिक तीनों दोस्त काम के सिलसिले में बाहर गए थे और जब वे वापस लौट रहे थे तभी रास्ते में उनकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। मृतक के भाई दीपक कुमार ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही वे मौके पर पहुँचे, लेकिन तब तक पंकज की स्थिति काफी नाजुक हो चुकी थी। उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं बाइक पर सवार अन्य दो साथियों में से जय प्रकाश की हालत गंभीर बनी हुई है,जिन्हें बेहतर इलाज के लिए PGI (चंडीगढ़) रेफर किया गया है। विनोद को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।

    पंकज अभी अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा था। उसके भाई दीपक ने बताया कि पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है। परिजनों की मांग है कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान हो सके। मौके पर पहुँची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे कैमरों और वीडियो फुटेज की जांच की जा रही है ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके।

  • सीजफायर लागू होने के बाद तेल की कीमतों में आई गिरावट

    सीजफायर लागू होने के बाद तेल की कीमतों में आई गिरावट

    नई दिल्लीः शुरुआती कारोबार में शुक्रवार को तेल की कीमतों में गिरावट आई है। क्योंकि उम्मीद है कि लेबनान और इजराइल के बीच 10 दिन का सीजफायर लागू होने के बाद मिडिल ईस्ट संघर्ष खत्म होने वाला है और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका और ईरान वीकेंड पर बातचीत के लिए मिल सकते हैं। ब्रेंट क्रूड फ्यूचर्स 0021 GMT पर $1.34, या 1.35% गिरकर $98.05 प्रति बैरल पर आ गया। यू.एस. वेस्ट टेक्सास इंटरमीडिएट क्रूड फ्यूचर्स $1.65, या 1.74% गिरकर $93.40 प्रति बैरल पर आ गया, जिससे पिछले सेशन की बढ़त कम हो गई।

    ईरान युद्ध को खत्म करने के लिए बातचीत में एक अहम रुकावट पर बात करते हुए, जिसने होर्मुज स्ट्रेट को सात हफ़्तों के लिए बंद कर दिया है और दुनिया की तेल सप्लाई का लगभग पांचवां हिस्सा रोक दिया है, ट्रंप ने कहा कि तेहरान ने 20 साल से ज़्यादा समय तक न्यूक्लियर हथियार न रखने का ऑफ़र दिया है। ट्रंप ने गुरुवार को व्हाइट हाउस के बाहर रिपोर्टर्स से कहा, “हम देखेंगे कि क्या होता है। लेकिन मुझे लगता है कि हम ईरान के साथ डील करने के बहुत करीब हैं।” मार्च में तेल की कीमतें रिकॉर्ड 50% बढ़ीं और हाल ही में $100 प्रति बैरल के निशान से नीचे गिरी हैं।

    लेकिन इस हफ़्ते $90 के अंदर रहीं। लेबनान में इज़राइल का कैंपेन, ईरान पर युद्ध खत्म करने के लिए ट्रंप द्वारा चाही गई शांति डील को हासिल करने में एक बड़ी रुकावट रहा है, जिसे उन्होंने फरवरी के आखिर में इज़राइल के साथ शुरू किया था। दो ईरानी सूत्रों ने गुरुवार को रॉयटर्स को बताया कि U.S. और ईरानी बातचीत करने वालों ने एक बड़े शांति समझौते की अपनी उम्मीदें कम कर दी हैं और इसके बजाय लड़ाई को वापस आने से रोकने के लिए एक टेम्पररी मेमोरेंडम मांग रहे हैं। ING के एनालिस्ट का अनुमान है कि स्ट्रेट के बंद होने से हर दिन लगभग 13 मिलियन बैरल तेल का फ्लो रुक गया है।

  • Jalandhar News: तेज रफ्तार Swift और Tractor की टक्कर में गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    Jalandhar News: तेज रफ्तार Swift और Tractor की टक्कर में गाड़ी के उड़े परखच्चे, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: कपूरथला चौक पर देर रात तेज रफ्तार स्विफ्ट कार और ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि कार सवार युवक शराब के नशे में थे और हादसे के तुरंत बाद मौके से फरार हो गए। गनीमत यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। कार की हालत देखकर हादसे की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। चश्मदीद करनैल सिंह और बघेल सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली अपनी सही दिशा में मुड़ रही थी, तभी पीछे से बेहद तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी।

    टक्कर के बाद कार सड़क पर ही घूम गई और ट्रैक्टर के पिछले हिस्से से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कार में तीन से चार युवक सवार थे, जो पूरी तरह नशे की हालत में थे। हादसे के तुरंत बाद वे अपनी क्षतिग्रस्त गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर भाग निकले। हादसे के बाद इकट्ठा हुए लोगों ने यह आशंका जताई है कि कार का नंबर या उसके दस्तावेज संदिग्ध हो सकते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस तरह से युवक गाड़ी छोड़कर भागे, उससे यह प्रतीत होता है कि वे पुलिस कार्रवाई या किसी कानूनी पचड़े से बचना चाहते थे।

    मौके पर मौजूद लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि युवकों के चलने के तरीके और व्यवहार से साफ झलक रहा था कि वे नशे में धुत थे। फिलहाल कार सड़क के बीचों-बीच खड़ी है, जिससे यातायात में भी बाधा आ रही है। घटनास्थल पर मौजूद बघेल सिंह ने बताया कि यह क्षेत्र दुर्घटनाओं के प्रति काफी संवेदनशील है। यहां अक्सर गाड़ियां बहुत तेज रफ्तार में निकलती हैं, जिससे आए दिन हादसे होते रहते हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि इस सड़क पर गति सीमा को नियंत्रित करने के लिए कड़े कदम उठाए जाएं और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जल्द से जल्द सड़क से हटाकर यातायात सुचारू किया जाए।

    वहीं, प्रत्यक्षदर्शी चरणजीत सिंह ने बताया कि हादसा उस समय हुआ जब ट्रैक्टर-ट्रॉली अपनी सही साइड पर जा रही थी और पीछे से आ रही स्विफ्ट कार का चालक नशे में इतना धुत था कि वह ब्रेक तक नहीं लगा पाया। चरणजीत के अनुसार, जब उन्होंने और अन्य लोगों ने कार सवार युवक को बाहर निकालने की कोशिश की, तो मदद करने के बावजूद वह युवक उनके साथ गाली-गलौज करने लगा। बताया जा रहा है कि कार सवार अमृतसर का रहने वाला है और वह अपने घर की ओर जा रहा था।

     

     

  • आज का राशिफल,17 अप्रैल, 2026 

    आज का राशिफल,17 अप्रैल, 2026 

    आज ग्रहों की स्थिति आपके भीतर गहरे बदलाव और नई ऊर्जा के होने का संकेत दे रही है। मीन राशि में चंद्रदेव का गोचर, विशेष रूप से मंगलदेव और शनिदेव के साथ उनकी युति, मन में संवेदनशीलता और विचारों की गहराई पैदा कर सकती है। दोपहर के बाद चंद्रदेव का मेष राशि में प्रवेश करना आपके आत्मविश्वास और साहस में अचानक वृद्धि लाएगा। सूर्यदेव और शुक्रदेव पहले से ही मेष राशि में बैठकर आपके व्यक्तित्व को निखार रहे हैं, जिससे आप दूसरों को प्रभावित करने में सफल रहेंगे। हालांकि, बुधदेव की नीच स्थिति बातचीत में थोड़ी उलझन पैदा कर सकती है, इसलिए आज अपने शब्दों और फैसलों में स्पष्टता बनाए रखना ही आपकी सफलता की कुंजी होगी।

    मेष राशि: नीच बुध संचार में थोड़ी उलझन पैदा कर सकते हैं। दिन की शुरुआत काफी संवेदनशील रहेगी क्योंकि चंद्रदेव मीन राशि में विराजमान हैं। सुबह के समय आप थोड़े इंट्रोवर्ट महसूस कर सकते हैं और अपने ही विचारों में खोए रह सकते हैं। जैसे ही दोपहर में चंद्रदेव आपकी ही राशि में प्रवेश करेंगे, आपकी ऊर्जा का स्तर तेजी से बढ़ेगा और आत्मविश्वास में सुधार होगा। आप अधूरे कामों को पूरा करने के लिए पहल करने को तैयार रहेंगे। ऊर्जा का यह बदलाव स्पष्टता तो लाएगा, लेकिन साथ ही जल्दबाजी भी बढ़ा सकता है, इसलिए धैर्य बनाए रखें।

    वृषभ राशि: दोपहर के बाद अचानक खर्चे बढ़ सकते हैं। दिन की शुरुआत ग्यारहवें भाव में चंद्रदेव के होने से लाभ और सामाजिक दायरे पर केंद्रित रहेगी। आप अपने दोस्तों या नेटवर्क से भावनात्मक जुड़ाव महसूस करेंगे। दोपहर में जब चंद्रदेव मेष राशि में जाएंगे, तो वे आपके बारहवें भाव को सक्रिय करेंगे, जिससे आपकी ऊर्जा भीतर की ओर मुड़ सकती है। आप अकेले रहना या शांत सोच-विचार करना पसंद करेंगे। आज का दिन सामाजिक मेलजोल और एकांत के बीच का एक अनूठा मिश्रण है, जिसमें आपको सही संतुलन बिठाने की जरूरत होगी।

    मिथुन राशि: दिन जिम्मेदारी से शुरू होकर पुरस्कारों की ओर बढ़ेगा। दिन की शुरुआत में चंद्रदेव आपके दसवें भाव में होंगे, जिससे आपका पूरा ध्यान करियर और राशि्वजनिक छवि पर रहेगा। आप अपने कामकाज में भावनात्मक रूप से काफी सक्रिय महसूस करेंगे। दोपहर में जब चंद्रदेव ग्यारहवें भाव में प्रवेश करेंगे, तो यह बदलाव आपका ध्यान लाभ, नेटवर्किंग और इच्छाओं की पूर्ति की ओर ले जाएगा। यानी आपका दिन जिम्मेदारी से शुरू होकर पुरस्कारों की ओर बढ़ेगा। हालांकि, कई ग्रहों के प्रभाव के कारण स्वभाव में संवेदनशीलता बनी रहेगी।

    कर्क राशि: अचानक कुछ खर्चे सामने आ सकते हैं, बजट बनाकर चलें। दिन की शुरुआत में चंद्रदेव आपके नवम भाव को सक्रिय कर रहे हैं, जिससे आपका झुकाव आध्यात्मिकता और सही गाइडेंस की ओर रहेगा। आप भविष्य के बड़े लक्ष्यों के बारे में सोच सकते हैं। जैसे ही दोपहर में चंद्रदेव आपके दसवें भाव में प्रवेश करेंगे, आपका पूरा ध्यान करियर और जिम्मेदारियों पर आ जाएगा। आज का दिन आत्म-चिंतन से शुरू होकर कर्म की ओर बढ़ने का है। सूर्यदेव और शुक्रदेव आपके करियर में ग्रोथ और पहचान दिलाने में सहायक होंगे।

    सिंह राशि: आज होने वाले बदलाव आपकी तरक्की और जीवन को नई दिशा की ओर ले जाएंगे। दिन की शुरुआत में चंद्रदेव आपके आठवें भाव को सक्रिय कर रहे हैं, जिससे आपका ध्यान अचानक होने वाले बदलावों और भावनात्मक गहराई पर रहेगा। आप थोड़ा बेचैन या इंट्रोवर्ट महसूस कर सकते हैं। दोपहर के बाद जब चंद्रदेव नौवें भाव में जाएंगे, तो आपकी सोच सकारात्मकता और भविष्य के विजन की ओर बढ़ेगी। आज का दिन तीव्रता से प्रेरणा की ओर बढ़ने का है। सूर्यदेव और शुक्रदेव आपको भाग्य का पूरा साथ दिला रहे हैं, जिससे रुके हुए काम बन सकते हैं।

    कन्या राशि: विलासिता की वस्तुओं पर खर्च बढेगा। दिन की शुरुआत रिश्तों और पार्टनरशिप पर ध्यान केंद्रित करने के साथ होगी। आप दूसरों के साथ भावनात्मक जुड़ाव महसूस करेंगे और आपसी तालमेल बिठाने की कोशिश करेंगे। दोपहर के बाद अचानक भावनात्मक बदलाव और गुप्त बातों पर ध्यान बढ़ सकता है। आज का दिन मेल-मिलाप से शुरू होकर आंतरिक बदलाव की ओर बढ़ेगा। बृहस्पतिदेव करियर में तरक्की और नई पहचान दिलाने में आपकी पूरी मदद कर रहे हैं, जिससे आपको पेशेवर सफलता मिलेगी।

    तुला राशि: काम की जिम्मेदारियां अब धीरे-धीरे रिश्तों पर ध्यान केंद्रित करने की ओर मुड़ेंगी। दिन की शुरुआत काम, डेली रूटीन और सेहत पर केंद्रित रहेगी। आप खुद को पुरानी जिम्मेदारियों को निपटाने में व्यस्त पाएंगे। दोपहर के बाद जैसे ही चंद्रदेव सातवें भाव में प्रवेश करेंगे, आपका ध्यान रिश्तों और दूसरों के साथ तालमेल बिठाने पर केंद्रित हो जाएगा। आज का दिन कर्तव्यों से शुरू होकर आपसी जुड़ाव की ओर बढ़ेगा। शुक्रदेव और सूर्यदेव आपके रिश्तों में मधुरता और आकर्षण बढ़ा रहे हैं, जिससे आपको सामाजिक सहयोग प्राप्त होगा।

    वृश्चिक राशि: भावनाओं में बहकर कोई निर्णय न लें। दिन की शुरुआत में आपका पूरा ध्यान क्रिएटिविटी, रोमांस और खुद को व्यक्त करने पर रहेगा। आप काफी प्रेरित महसूस करेंगे और अपने पैशन के प्रति भावनात्मक जुड़ाव महसूस करेंगे। दोपहर के बाद जैसे ही चंद्रदेव छठे भाव में जाएंगे, आपका ध्यान काम और जिम्मेदारियों की ओर मुड़ जाएगा। आज का दिन आनंद से शुरू होकर कर्तव्य की ओर बढ़ने का है। छठे भाव के सूर्यदेव आपको कंपटीशन में जीत दिलाने और बाधाओं को दूर करने में मदद करेंगे।

    धनु राशि: घर की सुख-सुविधाओं पर खर्चे हो सकते हैं। दिन की शुरुआत में आपका पूरा ध्यान घर, आराम और आंतरिक शांति पर रहेगा। आप खुद को पारिवारिक मामलों से जुड़ा हुआ महसूस करेंगे। दोपहर के बाद आपकी क्रिएटिविटी और खुद को जाहिर करने की इच्छा बढ़ेगी। आज का दिन घरेलू शांति से शुरू होकर सुखद अभिव्यक्ति की ओर बढ़ेगा। पांचवें भाव में सूर्यदेव और शुक्रदेव की मौजूदगी आपके जीवन में खुशियां और नया आकर्षण लेकर आएगी। बृहस्पतिदेव पार्टनरशिप में मजबूती दिलाने में सहायक होंगे।

    मकर राशि: राहु के प्रभाव से धन की स्थिति में उतार-चढ़ाव आ सकता है। दिन की शुरुआत बातचीत, साहस और नई प्लानिंग के साथ होगी। आप अपने विचारों को व्यक्त करने में काफी सक्रिय रहेंगे। दोपहर के बाद आपका ध्यान घर, आराम और भावनात्मक सुरक्षा की ओर बढ़ेगा। आज का दिन बाहरी दुनिया की हलचल से शुरू होकर निजी शांति की ओर ले जाने वाला है। सूर्यदेव और शुक्रदेव आपके चौथे भाव में बैठकर घर के माहौल में सुख और सामंजस्य बढ़ा रहे हैं। बृहस्पतिदेव मुश्किलों को हल करने में आपकी मदद करेंगे।

    कुंभ राशि: राहु की मौजूदगी आपको थोड़ा बेचैन कर सकती है। दिन की शुरुआत में आपका पूरा ध्यान पैसों, परिवार और अपनी वाणी पर रहेगा। आप बचत या घरेलू संसाधनों को मैनेज करने के बारे में सोच सकते हैं। दोपहर के बाद आप काफी सक्रिय हो जाएंगे और आपका ध्यान संवाद व छोटी यात्राओं की ओर मुड़ेगा। आज का दिन स्थिरता से शुरू होकर गतिविधि की ओर बढ़ने वाला है। सूर्यदेव और शुक्रदेव आपके साहस को बढ़ाएंगे और आपकी बातचीत में नया आत्मविश्वास भरेंगे, जिससे सामाजिक दायरा बढ़ेगा।

    मीन राशि: बड़े फैसले लेने में जल्दबाजी न करें। दिन की शुरुआत में चंद्रदेव आपकी ही राशि में विराजमान हैं, जिससे आप काफी भावुक और अपनी अंतरात्मा की आवाज सुनने वाले महसूस करेंगे। दोपहर के बाद आपका ध्यान पैसों, परिवार और अपनी वाणी की ओर चला जाएगा। आज का दिन आत्म-जागरूकता से शुरू होकर भौतिक सुखों की ओर बढ़ने वाला है। सूर्यदेव और शुक्रदेव दूसरे भाव में बैठकर आर्थिक लाभ के सुंदर अवसर प्रदान करेंगे और आपकी वाणी में मिठास लाएंगे, जिससे आपकी साख बढ़ेगी।

  • Punjab News : गवर्नर Gulab Chand Kataria ने बॉर्डर इलाकों का किया दौरा, कहा- Village Defense कमेटियां अच्छा काम कर रही, देखें वीडियो

    Punjab News : गवर्नर Gulab Chand Kataria ने बॉर्डर इलाकों का किया दौरा, कहा- Village Defense कमेटियां अच्छा काम कर रही, देखें वीडियो

    पठानकोटः पंजाब के गवर्नर गुलाब चंद कटारिया ने आज पठानकोट का दौरा किया। जहां उन्होंने बॉर्डर इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मुलाकात की। इस मौके पर उन्होंने विलेज डिफेंस कमेटियों के काम की खुलकर तारीफ की और कहा कि ये कमेटियां बॉर्डर इलाकों में लोगों की सुरक्षा के लिए अहम भूमिका निभा रही हैं।

    गवर्नर कटारिया ने कहा कि जो कमेटियां अच्छा काम कर रही हैं, उन्हें गवर्नर हाउस की तरफ से खास तौर पर सम्मानित किया जाएगा, ताकि दूसरे लोग भी ऐसे सुरक्षा उपायों से जुड़ने के लिए मोटिवेट हों। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सुरक्षा एजेंसियों के साथ मिलकर काम करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट करें। इस बीच गवर्नर ने राज्य सरकार के बेअदबी मामलों पर कानून बनाने के दावों को भी खारिज कर दिया।

    उन्होंने साफ किया कि इस बारे में कोई बिल अभी तक उनके पास मंजूरी के लिए नहीं आया है। उनके इस बयान से राजनीतिक माहौल में चर्चा तेज हो गई है। दौरे के दौरान प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद थे और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा इंतजामों का जायजा लेने और लोगों से सीधा संवाद स्थापित करने के मकसद से राज्यपाल का यह दौरा अहम माना जा रहा है।

     

     

     

  • Punjab News : 9वीं की छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

    Punjab News : 9वीं की छात्रा ने पंखे से फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

    लुधियानाः जिले के हैबोवाल इलाके से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां एक 16 साल की किशोरी ने मानसिक तनाव के चलते अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान दिव्या के रूप में हुई है, जो महज 16 साल की थी और हाल ही में 9वीं कक्षा पास की थी।

    पढ़ाई को लेकर थी परेशान
    दिव्या 10वीं कक्षा में दाखिला लेना चाहती थी। लेकिन घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी। उसकी माँ लोगों के घरों में बर्तन मांजकर किसी तरह परिवार का खर्च चलाती हैं। जब दिव्या ने अपने पिता अरुण कुमार से एडमिशन की बात की, तो उन्होंने पैसों की तंगी का हवाला देते हुए कुछ दिन इंतजार करने को कहा। यह बात दिव्या को बहुत ज्यादा बुरी लग गई और वह मानसिक रूप से परेशान हो गई।

    कैसे हुई घटना?
    घटना के समय दिव्या की छोटी बहनें घर के बाहर खेल रही थीं। दिव्या चुपचाप कमरे में गई, दरवाजा बंद किया और पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। काफी देर तक जब वह बाहर नहीं आई, तो बहनों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाया। परिजनों ने दरवाजा खोला तो देखा कि दिव्या फंदे से लटकी हुई थी।

    अस्पताल ले जाने पर क्या हुआ?
    परिजन तुरंत उसे नीचे उतारकर पास के अस्पताल लेकर गए, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिवार का कहना है कि उन्हें अंदाजा भी नहीं था कि दिव्या इतना बड़ा कदम उठा लेगी।

    जांच में जुटी पुलिस
    घटना की सूचना मिलते ही हैबोवाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया है। मामले में सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा और आगे की जांच जारी है।

     

  • Punjab News : 15,000 रुपये रिश्वत लेते पटवारी हरकिंदर सिंह रंगे हाथों काबू

    Punjab News : 15,000 रुपये रिश्वत लेते पटवारी हरकिंदर सिंह रंगे हाथों काबू

    चंडीगढ़ः विजिलेंस ब्यूरो ने राज्य में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही अपनी मुहिम के दौरान माल दफ्तर पायल लुधियाना में तैनात पटवारी हरकिंदर सिंह को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को तहसील पायल, जिला लुधियाना के एक निवासी द्वारा दर्ज करवाई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

    आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से उसकी जमीन के इंतकाल में संशोधन करने के बदले 25,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। इस संबंध में आरोपी पहले ही 5,000 रुपये पहली किस्त के रूप में ले चुका था।

    शिकायतकर्ता द्वारा गैर-कानूनी रिश्वत देने से इनकार करते हुए विजिलेंस ब्यूरो की आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना से संपर्क किया गया। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया और दो सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी को 15,000 रुपये की रिश्वत लेते समय रंगे हाथों काबू कर लिया।

    इस संबंध में आरोपी के खिलाफ विजिलेंस ब्यूरो थाना आर्थिक अपराध शाखा, लुधियाना में भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है।

     

  • 14 से 20 अप्रैल तक मनाया जा रहा अग्निशमन सेवा सप्ताह

    14 से 20 अप्रैल तक मनाया जा रहा अग्निशमन सेवा सप्ताह

    ऊना/सुशील पंडित: गृह रक्षा, नागरिक सुरक्षा एवं अग्निशमन सेवाएं, 12वीं वाहिनी ऊना के आदेशक हितेश लखनपाल ने कहा कि सुरक्षित समाज के लिए अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूकता अत्यंत जरूरी है। उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जा रहा है। इस वर्ष की थीम ‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक समाज – आग की रोकथाम के लिए एक साथ ‘ निर्धारित की गई है।
    उन्होंने कहा कि सप्ताह के दौरान लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए रैलियां, मॉक ड्रिल, जागरूकता शिविर तथा शैक्षणिक संस्थानों में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसका उद्देश्य आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सावधानियों एवं उपायों के प्रति लोगों को जागरूक करना है।
    लखनपाल ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने घरों, कार्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें। विद्युत उपकरणों का सावधानीपूर्वक उपयोग करें तथा गैस सिलेंडर एवं ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित भंडारण पर विशेष ध्यान दें। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत अग्निशमन सेवा को सूचित करें।
    उन्होंने कहा कि यह सप्ताह उन वीर अग्निशमन कर्मियों को भी समर्पित है, जिन्होंने अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उनके साहस और समर्पण को नमन करते हुए उन्होंने सभी नागरिकों से “सतर्क रहें, सुरक्षित रहें” के संदेश को अपनाने और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहयोग करने का आह्वान किया।
     
  • “जिला पुलिस ऊना द्वारा नशे के सौदागरों पर लगातार करारा प्रहार”, चरस/भांग सहित आरोपी काबू

    “जिला पुलिस ऊना द्वारा नशे के सौदागरों पर लगातार करारा प्रहार”, चरस/भांग सहित आरोपी काबू

    ऊना/सुशील पंडित: जिला पुलिस ऊना द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस टीम ने नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध गतिविधि के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए चरस/भांग बरामद करके आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
    बीते रोज करीब 02.15 बजे हैड कांस्टेबल सुनील कुमार अधिकारी पुलिस थाना चिन्तपूर्णी पर आधारित पुलिस टीम ने मुकाम भरवाई से कागंडा वाऊँडरी रोड पर दौराने गश्त/नाकाबंदी गौरव कुमार निवासी भद्रकाली तहसील घनारी जिला ऊना हिo प्रo की गाड़ी की तलाशी के दौरान गाड़ी के अंदर से मादक पदार्थ 42.32 ग्राम चरस/भांग बरामद की । जो इस सन्दर्भ में गौरव कुमार उपरोक्त के खिलाफ ND&PS एक्ट की प्रासंगिक धाराओं के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है।
    आरोपी के अन्य नेटवर्क से भी जुड़े होने की संभावना के चलते पुलिस द्वारा मामले की गहनता से जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि आरोपी इस अवैध धंधे में कब से संलिप्त है।
    पुलिस का सख्त संदेश दिया है कि नशे के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। ज़ीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे तत्वों पर लगातार कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। आम जनता से अपील है कि नशे से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।