Blog

  • Punjab News: ट्रक और बाइक की टक्कर में 11वीं के छात्र की मौत, साथी घायल

    Punjab News: ट्रक और बाइक की टक्कर में 11वीं के छात्र की मौत, साथी घायल

    रूपनगरः कीरतपुर साहिब में मनाली मुख्य मार्ग पर गांव कल्याणपुर के पास ट्रक और मोटरसाइकिल में भीषण टक्कर हो गई। इस घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक 11वीं कक्षा का विद्यार्थी था और परिवार में इकलाैता था। मृतक की पहचान 16 वर्षीय गुरसिमरन सिंह निवासी मियांपुर अखाड़ा के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।

    पुलिस कर्मी कुलदीप सिंह ने बताया कि ट्रक और मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर से स्कूल ऑफ एमिनेंस श्री कीरतपुर साहिब में पढ़ने वाले छात्र गुरसिमरन सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी छात्र अभी निवासी ताजपुर गंभीर रूप से घायल हो गया। गुरसिमरन सिंह का सिर ट्रक की खिड़की से टकराया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने एंबुलेंस को फोन किया। एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को भाई जैता जी अस्पताल, श्री आनंदपुर साहिब ले जाया गया। जहां से उसे रूपनगर रेफर कर दिया गया।

    हादसा उस समय हुआ जब दोनों किशोर अपने तीसरे साथी हर्ष को उसके गांव छोड़ने जा रहे थे। जब वे गांव कल्याणपुर के पास पहुंचे, तो एक ट्रक अचानक सड़क पर चढ़ आया। बाइक ट्रक को देखकर संभल नहीं पाई और सीधे ट्रक की ड्राइवर साइड की खिड़की से जा टकराई। राहगीरों के मुताबिक ट्रक चालक ने बिना सड़क देखे अचानक ट्रक मोड़ दिया, जिससे सामने से आ रहे छात्र घबरा गए और भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया है और ट्रक चालक व घायल छात्र के बयान लिए गए हैं।

     

  • Punjab News: आज Jalandhar सहित 2 घंटे ठप रहेगा रेलवे ट्रैक, कई किसानों को किया नजरबंद

    Punjab News: आज Jalandhar सहित 2 घंटे ठप रहेगा रेलवे ट्रैक, कई किसानों को किया नजरबंद

    जालंधर, ENS: आज जालंधर सहित 2 घंटे रेलवे ट्रैक ठप रहेंगा। दरअसल, किसानों द्वारा पहले ही 26 जगह पटरियों धरना प्रदर्शन करने का ऐलान किया गया था। इसको लेकर आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ेगा। किसानों का प्रदर्शन दोपहर 1 से 3 बजे तक यानी 2 घंटे के लिए होगा। दूसरी ओर पंजाब पुलिस ने कई किसान नेताओं को घरों में नजरबंद कर दिया है।

    इस रेल को रोकने आंदोलन के घोषणा के साथ टांडा उड़मुड़ में किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के अध्यक्ष परमजीत सिंह भुल्ला के नेतृत्व में किसानों ने रेलें रोकनी थी, लेकिन आज तड़के ही थाना टांडा की पुलिस ने परमजीत सिंह भुल्ला को घर में ही नजरबंद कर लिया गया। प्रशासन का कहना है कि इस रेल रोक आंदोलन से आम जनता को आने वाली परेशानियों से बचाया जा सके। इस मौके पर परमजीत सिंह भुल्ला से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका फोन बंद आ रहा था।

    भारतीय किसान मजदूर यूनियन पंजाब के प्रधान दिलबाग सिंह के घर के बाहर पुलिस तैनात की गई है। लुधियाना में रेल रोको आंदोलन की अगवाई दिलबाग सिंह ही कर रहे हैं। बताया जा रहा है कि किसानों द्वारा रेलवे ट्रैक के ऐलान को लेकर रेलवे की तरफ से भी ट्रेनों को जाम के वक्त रास्ते में रोकने, टर्मिनेट करने या कैंसिल करने की तैयारी कर ली है। हालांकि अभी इसकी लिस्ट जारी नहीं की गई है।

    बता दें कि किसान मजदूर मोर्चा (KMM) के संयोजक सरवण पंधेर ने कहा कि उनकी 3 प्रमुख मांगे हैं। जिसमें बिजली संशोधन बिल-2025 रद्द करवाना, पंजाब में लगाए जा रहे प्रीपेड बिजली मीटर हटाना और पंजाब सरकार को सरकारी जमीनों को बेचने से रोकना है। पंधेर ने कहा कि यह आंदोलन किसानों-मजदूरों के हितों की रक्षा के लिए है । इसका मकसद सरकारों को इन मुद्दों पर जनता की आवाज सुनाने के लिए मजबूर करना है।

  • Stock Market में शुरुआत फ्लैट, इस IPO में Apply करने का आज आखिरी दिन

    Stock Market में शुरुआत फ्लैट, इस IPO में Apply करने का आज आखिरी दिन

    बिजनेसः आरबीआई मॉनेटरी पॉलिसी के फैसले से पहले आज शेयर बाजार में सपाट शुरुआत हुई। दोनों प्रमुख सूचकांक BSE Sensex और NSE Nifty धीमी गति के साथ कारोबार करते दिखाई दिए। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 53.54 अंक बढ़कर 85,318.86 पर पहुंचा; निफ्टी 28.2 अंक चढ़कर 26,061.95 पर था।

    बैंक निफ्टी 76 अंक या 0.13% गिरकर 59,212 पर खुला। इसी तरह, स्मॉल और मिड-कैप शेयर भी सपाट खुले। निफ्टी मिडकैप बिना किसी बदलाव के 60,299 पर खुला। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 50 पर सबसे ज्यादा मुनाफा कमाने वालों में इटरनल (Zomato), श्रीराम फाइनेंस, विप्रो, इन्फोसिस और SBI Life Insurance जैसे शेयर शामिल थे। वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडिगो, मैक्स हेल्थकेयर इंस्टीट्यूट, नेस्ले इंडिया और अपोलो हॉस्पिटल्स नुकसान के साथ कारोबार करते दिखे।

    ओपनिंग ट्रेड में जिन शेयरों में सबसे ज़्यादा हलचल देखी गई, उनमें इन्फोसिस, जोमैटो (Eternal), कोटक महिंद्रा बैंक, ICICI बैंक और बजाज फ़ाइनेंस शामिल थे। ये सुबह के कारोबार के प्रमुख मूवर्स रहे।

    मीशो के IPO का आज आखिरी दिन है। 3 दिसंबर को खुला IPO पहले दो दिन में कुल 8.28 गुना सब्सक्राइब हो चुका है। रिटेल कैटेगरी में यह 9.65 गुना सब्सक्राइब हुआ है। इसके अलावा, दो और कंपनियों-एकस लिमिटेड और विद्या वायर्स के IPO में भी आज भर निवेश का मौका है।

  • Jalandhar रोड पर इनोवा चालक ने पहले कार को मारी टक्कर, फिर डीसी आवास में ठोकी गाड़ी

    Jalandhar रोड पर इनोवा चालक ने पहले कार को मारी टक्कर, फिर डीसी आवास में ठोकी गाड़ी

    कपूरथलाः जालंधर रोड पर सड़क हादसे की घटना सामने आई है, जहां डीसी चौक पर टाटा के पास कार को टक्कर मार कर भागे इनोवा चालक ने सीधी गाड़ी डीसी कपूरथला आवास के गेट में ठोक दी। घटना के बाद कार चालक गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।

    घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर के एएसआई कर्मजीत सिंह ने बताया कि देर रात अर्बन स्टेट निवासी अमृतपाल सिंह ने टाटा गाड़ी में सवार होकर परिवार के साथ जालंधर की तरफ से आ रहे थे। उनके पीछे ही इनोवा गाड़ी नं. पीबी-08बीएल-1334 भी जालंधर की तरफ से तेज रफ्तार से आ रही थी। अमृतपाल सिंह जब वह करोल बाग कट से मुड़ने लगे तो इनोवा सवार ने पीछे लाकर उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।

    जिससे कार में सवार लोगों का तो बचाव रहा, लेकिन गाड़ी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। एएसआई के अनुसार अमृतपाल सिंह ने बताया कि इनोवा चालक शराब के नशे में धुत्त था और उनकी कार को टक्कर मारने के बाद गाड़ी भगाकर ले गया। इस घटना में इनोवा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। थाना सिटी से आए एएसआई ने इनोवा कार कब्जे में ले ली है।

  • आज का राशिफल 5 दिसंबर, 2025

    आज का राशिफल 5 दिसंबर, 2025

    मेष:मेष राशिचक्र की पहली राशि है और नेतृत्व के गुण के कारण सामाजिक स्तर पर ये खूब ख्याति पाते हैं। मंगल का प्रभाव इन्हें बेहद सक्रिय बनाता है। हालांकि कई बार आक्रामकता और क्रोध भी इनमें देखने को मिल सकता है। इसलिए खुद पर काबू रखना इन्हें सीखना चाहिए। आज का दिन मेष राशि के जातकों के लिए कैसा रहने वाला है आइए जानते हैं।

    वृषभ: वृषभ राशि के जातकों को विश्वसनीय और कर्मठ माना जाता है। ये हर कार्य को कलात्मक तरीके से पूरा करने में विश्वास रखते हैं। यही कारण है कि करियर के क्षेत्र में ऊंचाइयां ये प्राप्त कर सकते हैं। 5 दिसंबर 2025 के दिन चंद्रमा वृषभ राशि में ही विराजमान होंगे, इसलिए इस राशि के लोगों को अच्छे परिणाम प्राप्त हो सकते हैं। आपको बता दें कि वृषभ राशि में चंद्रमा उच्च स्थिति में होते हैं। आइए जान लेते हैं आज का दिन वृषभ राशि के लोगों के लिए कैसा रहने वाला है।

    मिथुन: मिथुन राशि के लोग बेहद सामाजिक और मिलनसार प्रकृति के होते हैं। इनकी बात करने की शैली और तार्किक क्षमता लोगों को बहुत पसंद आती है। अपने ज्ञान से भी कई बार ये लोगों को चकित कर सकते हैं। 5 दिसंबर 2025 के दिन इनके द्वादश भाव में चंद्रमा संचार करेंगे जिससे कुछ क्षेत्रों में इन्हें सुखद परिणाम मिल सकते हैं। हालांकि सेहत को लेकर इन्हें सतर्क रहना होगा, सर्दी-जुकाम जैसी स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं। आइए विस्तार से जानते हैं मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

    कर्क: कर्क राशि के जातकों के लिए 5 दिसंबर का दिन कुछ मामलों को लेकर बेहद खास रह सकता है। आज के दिन आपकी राशि के स्वामी चंद्रमा आपके लाभ भाव में विराजमान होंगे, जिससे जीवन के कई क्षेत्रों में आप लाभ पा सकते हैं। रोजगार के नए स्रोत इस राशि के कुछ जातकों को मिलने के आसार हैं। हालांकि भावनाओं में बहकर किसी का अहित न करें इससे आपको भविष्य में परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।

    सिंह: सिंह राशि के जातकों को ऊर्जावान और अनुशासनप्रिय माना जाता है। अपने कार्यों से ये लोग समाज में मान-सम्मान भी प्राप्त करते हैं। 5 दिसंबर 2025 के दिन सिंह राशि से दसवें भाव में चंद्रमा विराजमान होंगे जिससे करियर क्षेत्र में थोड़े उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, इसलिए सतर्कता बरतें। हालांकि इस राशि के उन लोगों के लिए दिन अच्छा रहेगा जो स्पोर्ट्स के क्षेत्र में कार्यरत हैं। आइए जानते हैं विस्तार से सिंह राशि का दैनिक राशिफल।

    कन्या: कन्या राशि के लोग बेहद संजीदा और काम के प्रति निष्ठावान माने जाते हैं। इनकी यह खूबी इन्हें हर क्षेत्र में आगे लेकर जाती है। आज 5 दिसंबर के दिन भी इन लोगों को शुभ फल प्राप्त होंगे। आपके भाग्य भाव में चंद्रमा का होना आपको मिलने वाली बड़ी सफलता का सूचक है। आप अपनी बातों को खुलकर सामाजिक स्तर पर रखेंगे जिससे आपको मान-सम्मान की प्राप्ति होगी। आज आपको माता-पिता के साथ भी अच्छा समय बिताने का मौका मिल सकता है। ।

    तुला: रचनात्मक और संवेदनशील तुला राशि के जातक हर पार्टी की जान होते हैं। इनकी ऊर्जा लोगों को भी सकारात्मक रूप से प्रभावित करती है। 5 दिसंबर के दिन भी आप अपनी सक्रियता से लोगों को चकित कर सकते हैं। ग्रह नक्षत्रों की चाल का आपके जीवन पर अच्छा असर देखने को मिल सकता है। अगर कला के क्षेत्र से जुड़े हैं तो आज का दिन आपके लिए उपलब्धियों से भरा हो सकता है। आइए अब विस्तार से जान लेते हैं तुला राशि के जातकों को आज के दिन कैसे परिणाम मिलेंगे।

    वृश्चिक: वृश्चिक राशि के लोग रहस्यमयी और बातों को छुपाने वाले माने जाते हैं। हालांकि इनकी कर्मठता ऊंचाइयों तक इन्हें ले जाती है। मंगल के प्रभाव के कारण इनमें ऊर्जा भी देखने को मिलती है। 5 दिसंबर के दिन वृश्चिक वालों के सप्तम भाव में चंद्रमा संचार करेंगे इसलिए शुभ फल इस राशि वालों को मिल सकते हैं। कुछ नया आपके जीवन आज के दिन घटित हो सकता है। आइए विस्तार से जानते हैं कि वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

    धनु: धनु राशि के जातकों को ऊर्जावान और धार्मिक प्रवृत्ति का माना जाता है। अग्नि तत्व की यह राशि अपने ज्ञान से समाज में अलग पहचान भी बनाती है। 5 दिसंबर 2025 के दिन इस राशि के जातक सामाजिक स्तर पर अनुकूल परिणाम पा सकते हैं। इसके साथ ही आपको शिक्षा क्षेत्र में भी अच्छे बदलाव देखने को मिलेंगे। हालांकि प्रेम जीवन को लेकर आपको थोड़ा सावधान रहने की आवश्यकता होगी। आइए अब विस्तार से जान लेते हैं कि धनु राशि वालों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

    मकर: मकर राशि के जातकों को मेहनती और कार्य के प्रति वफादार माना जाता है। शनि के प्रभाव के कारण ये न्यायप्रिय भी होते हैं। जो लक्ष्य ये तय करते हैं उसको पाने के लिए हर संभव कोशिश कर सकते हैं। 5 दिसंबर 2025 शुक्रवार के दिन इस राशि के जातकों को कार्यक्षेत्र में अनुकूल परिणाम देखने को मिल सकते हैं। कारोबारियों को भी आज के दिन लाभ मिलने की संभावना है। आइए अब विस्तार से जानते हैं कि मकर राशि वालों के लिए आज का दिन कैसा रहने वाला है।

    कुंभ: कुंभ राशि के जातकों को बुद्धिमान और तार्किक माना जाता है। अपनी बातों से ये हर किसी के दिल में जगह बना सकते हैं। शनि के प्रभाव से इनको दूसरों को परखने का गुण भी मिलता है। 5 दिसंबर 2025 के दिन कुंभ राशि के लोगों को कार्यक्षेत्र में बेहतरीन रिजल्ट मिल सकते हैं। कोई अच्छी खबर आपका दिन बना सकती है, साथ ही सेहत के लिहाज से भी आज का दिन आपके लिए अच्छा साबित होगा। आइए अब विस्तार से जानते हैं कुंभ राशि वालों का आज का राशिफल।

    मीन:राशिचक्र की अंतिम राशि मीन के जातक दयालु और आध्यात्मिक माने जाते हैं। इनके अंतर्ज्ञान से अन्य लोग भी लाभ उठा सकते हैं। इनके बात करने का अंदाज लोगों को भा सकता है। दिसंबर 5 तारीख को मीन वालों को करियर में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं। आपके संपर्क बढ़ेंगे और भविष्य में इनसे आपको लाभ भी प्राप्त होगा। आज के दिन प्रेम संबंधों में भी सकारात्मक बदलाव आ सकते हैं। आइए विस्तार से जानते हैं मीन राशि वालों का आज का राशिफल।

  • Jalandhar News : जिला परिषद चुनाव के लिए 114 व पंचायत समिति के लिए 745 नामांकन पत्र दाखिलः DC डॉ. हिमांशु अग्रवाल

    Jalandhar News : जिला परिषद चुनाव के लिए 114 व पंचायत समिति के लिए 745 नामांकन पत्र दाखिलः DC डॉ. हिमांशु अग्रवाल

    जालंधर, ENS : पंजाब में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के नामांकन का आज आखिरी दिन है। वहीं पंजाब स्टेट इलेक्शन कमीशन द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार जिले में 14 दिसंबर को होने वाले 188 ज़ोन में 21 ज़िला परिषद और 11 पंचायत समिति के चुनाव के लिए नॉमिनेशन फाइल करने के आखिरी दिन ज़िला परिषद के लिए कुल 114 और पंचायत समिति के लिए 745 नॉमिनेशन फाइल किए गए।

    जिला चुनाव अधिकारी-कम-डिप्टी कमिश्नर डॉ. हिमांशु अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि जिला परिषद के लिए कुल 114 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं, जबकि पंचायत समिति रुड़की कला के लिए कुल 56, पंचायत समिति जालंधर पूर्व के लिए 64, पंचायत समिति जालंधर पश्चिम के लिए 66, पंचायत समिति नूरमहल के लिए 68, पंचायत समिति लोहियां खास के लिए 46, पंचायत समिति शाहकोट के लिए 73, पंचायत समिति नकोदर के लिए 79, पंचायत समिति मेहितपुर के लिए 56, पंचायत समिति आदमपुर के लिए 85, पंचायत समिति भोगपुर के लिए 64 और पंचायत समिति फिल्लौर के लिए कुल 88 नामांकन पत्र दाखिल किए गए हैं।

    डॉ. अग्रवाल ने बताया कि नॉमिनेशन पेपर की स्क्रूटनी 5 दिसंबर, 2025 को होगी और नॉमिनेशन 6 दिसंबर, 2025 को दोपहर 3 बजे तक वापस लिए जा सकेंगे। उन्होंने आगे बताया कि वोटिंग 14 दिसंबर, 2025 को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक बैलेट पेपर से होगी और डाले गए वोटों की गिनती 17 दिसंबर, 2025 को सुबह 8 बजे से होगी।

  • सत्ती ने विधानसभा शीतकालीन सत्र में रामपुर स्थित संतोषगढ़ रोड के क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा उठाया

    सत्ती ने विधानसभा शीतकालीन सत्र में रामपुर स्थित संतोषगढ़ रोड के क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा उठाया

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना विधानसभा क्षेत्र के विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने धर्मशाला में चल रहे विधानसभा के शीतकालीन सत्र में जिला मुख्यालय के रामपुर स्थित संतोषगढ़ रोड के क्षतिग्रस्त पुल का मुद्दा उठाया। विधायक ने कहा कि इस पुल को क्षतिग्रस्त हुए 2 साल बीत चुके हैं लेकिन आज तक सरकार इस पुल की जगह नए पुल का निर्माण नहीं करवा पाई, नए पुल का निर्माण तो दूर इसकी मरम्मत तक नहीं करवा पाई। उन्होंने कहा कि इस सरकार की फजीहत यहीं कम नहीं होती, इस पुल के ऊपर लोहे का वैली ब्रिज बनाकर लोगों के लिए मुसीबत को और भी बढ़ा दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी रोड पर इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन का टर्मिनल है, जहां से तेल की सप्लाई हिमाचल प्रदेश ही नहीं बल्कि हिमाचल के साथ पड़ोसी राज्यों में लेह लद्दाख तक जाती है। जिसके चलते रोजाना इसी पुल के ऊपर से करीब 300 से 400 टैंकर भी जाते हैं।

    विधायक ने कहा कि इस पुल की जगह नए पुल के निर्माण के लिए 16 करोड रुपए का एस्टीमेट बना था जो बाद में नेगोशिएट होकर 10 से 12 करोड़ तक भी सिमट सकता था। लेकिन सरकार की कमजोर इच्छा शक्ति के चलते इस क्षतिग्रस्त पुल को जस का तस रहने दिया गया है। उन्होंने कहा कि इसी पुल के ऊपर बनाया गया लोहे का वैली ब्रिज भी कई बार क्षतिग्रस्त होने के चलते बार-बार ट्रैफिक को रोका गया। जिसका खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि केवल मात्र आइओसीएल का टर्मिनल नहीं बल्कि इसी रोड से होकर लोग संतोषगढ़ सहित एक दर्जन से अधिक पंचायतो और आगे पंजाब के लिए भी हज़ारों लोग निकलते हैं। उन्होंने कहा कि इस पुल पर बने वैली ब्रिज के ऊपर से जब आइओसीएल टर्मिनल के टैंकर या विभिन्न स्टोन क्रशर उद्योग से भारी भारी भरकम टिप्पर निकलते हैं तो डर बना रहता है कि कहीं यह लोहे का पुल भी टूट न जाए।

    विधायक ने कहा कि इस मामले को कई बार मुख्यमंत्री सहित लोक निर्माण विभाग के मंत्री के समक्ष भी उठाया गया, लेकिन दुर्भाग्य यह है कि लोगों की इस पीड़ा को दूर करने के लिए सरकार के पास न तो समय है और नहीं सरकार बजट दे पा रही है। विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार से यह मांग की है कि जल्द से जल्द इस पुल के लिए बजट का प्रावधान किया जाए ताकि इसका काम शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण में भी काफी समय लगेगा ऐसे में जितना इस काम को लेट किया जाएगा उसका असर लोगों पर ही रहेगा। हालांकि विधायक द्वारा उठाए गए इस मसले को विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप पठानिया ने भी काफी गंभीर बताया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के मंत्री विक्रमादित्य सिंह के सदन में नहीं होने की स्थिति में सदन के माध्यम से लोक निर्माण विभाग और संबंधित मंत्री तक इस मसले को पहुंचाने की जिम्मेदारी भी ली है।

  • Jalandhar News : शादी समारोह से घर वापस जा रहे पिता-पुत्र को बस ने मारी टक्कर, एक की मौत

    Jalandhar News : शादी समारोह से घर वापस जा रहे पिता-पुत्र को बस ने मारी टक्कर, एक की मौत

    जालंधर ENS : महानगर से एक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। जहां, शादी समारोह से घर वापस जा रहे पिता-पुत्र को PRTC बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिससे पुत्र की मौके पर मौत हो गई व पिता गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। जिनको आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की पहचान लक्की भगत (27) पुत्र अश्वनी कुमार गढ़ा रोड रहने वाले के रूप में हुई है। मिला जानकारी मुताबिक ये हादसा BSF चौक के पास हुआ है।

    BSF चौक के पास हुआ हादसा
    मिली जानकारी के अनुसार पिता-पुत्र शादी समारोह में शामिल होकर एक्टिवा पर सवार होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान PRTC बस ने जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद पिता-पुत्र घायल होकर नीच गिर गये। वहीं, मौके पर ही पुत्र की मौत हो गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया। जहां, पिता का इलाज किया जा रहा है।

     

  • मुख्यमंत्री मान ने जापान से दिलाया 500 करोड़ का निवेश, पंजाब को मिलेगी नई औद्योगिक ताकत

    मुख्यमंत्री मान ने जापान से दिलाया 500 करोड़ का निवेश, पंजाब को मिलेगी नई औद्योगिक ताकत

    चंडीगढ़: अपने जापान दौरे के तीसरे दिन पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज प्रदेश के लिए 500 करोड़ रुपए का निवेश सुरक्षित किया है, जिसमें जापान की स्टील कंपनी आइची स्टील ने प्रदेश में वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ अपने सहयोग को बढ़ाने का आश्वासन दिया है। आइची स्टील और वर्धमान स्पेशल स्टील्स ने मुख्यमंत्री की मौजूदगी में समझौते पर हस्ताक्षर किए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रदेश के लिए एक स्वर्णिम दिन है क्योंकि आइची स्टील कॉर्पोरेशन, जिसे टोयोटा की स्टील शाखा के रूप में जाना जाता है, ने प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति देने के लिए इस समझौते पर हस्ताक्षर किए हैं। उन्होंने कहा कि आइची स्टील की वर्धमान में पहले से ही लगभग 24.9 प्रतिशत हिस्सेदारी है और यह मुख्य तकनीकी साझेदार के रूप में पंजाब के औद्योगिक परिवेश में एक मजबूत तथा विकसित हो रही भारत-जापान साझेदारी का प्रतीक है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि जापान की अग्रणी स्टील कंपनी पंजाब में भविष्य की फैक्ट्री संचालन का अध्ययन करेगी, जिसमें लगभग 500 करोड़ रुपये के संभावित निवेश के लिए मूल्यांकन शामिल है।

    वर्धमान स्पेशल स्टील्स के साथ आइची स्टील की साझेदारी को मजबूत और सुदृढ़ करने के लिए पंजाब सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मौजूदा जापानी कंपनियों को प्रदेश में उनके कारोबार और संचालन के विस्तार में सहायता करना पंजाब की प्रमुख प्राथमिकता है। भगवंत सिंह मान ने उम्मीद जताई कि आइची ग्रुप का तकनीकी सहयोग और वर्धमान ग्रुप की विशेषज्ञता प्रदेश में औद्योगिक क्रांति के नए युग की शुरुआत करेगी।

    आइची को 13-15 मार्च, 2026 को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस, मोहाली में होने वाले प्रगतिशील पंजाब निवेशक सम्मेलन 2026 में भाग लेने का न्योता भी दिया ताकि गहन भागीदारी और विस्तारित निवेश को और प्रोत्साहित किया जा सके। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह सम्मेलन पंजाब के विकास को दर्शाता है, जिसमें अग्रणी औद्योगिक दिग्गजों को एक मंच पर लाकर साझेदारी और सहयोग के नए अवसर प्रस्तुत किए जाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जापानी निवेशक इस सम्मेलन में बड़े पैमाने पर शामिल होंगे, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास को भारी बल मिलेगा।

    प्रदेश सरकार का लक्ष्य हमारे युवाओं के लिए नए अवसर पैदा करना और निवेशकों के लिए एक स्थिर तथा विश्वसनीय माहौल बनाना है। जापानी उद्योग के साथ पंजाब के संबंधों को याद करते हुए उन्होंने कहा कि ये संबंध पहले से ही मजबूत हैं और जापान की कई बड़ी कंपनियों ने पंजाब में अपना भरोसा जताया है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह साझेदारी जापानी निवेशकों का पंजाब में विश्वास और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

    इस साझेदारी को अगले स्तर पर ले जाने के लिए पंजाब सरकार प्रदेश की औद्योगिक क्षमताओं को उजागर कर रही है, सहयोग के नए क्षेत्रों की संभावनाएं तलाश रही है और जापानी उद्योग के साथ लंबे समय की साझेदारी को और गहरा कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब आज भारत के सबसे अधिक कारोबार-अनुकूल राज्यों में से एक है और भारत सरकार ने व्यापार सुधार कार्य योजना (बी.आर.ए.पी.) 2024 रैंकिंग में पंजाब को अग्रणी के रूप में मान्यता दी है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि यह उपलब्धि प्रदेश सरकार द्वारा कारोबार को सुगम बनाने, पारदर्शिता और जवाबदेही पर ध्यान केंद्रित करने को दर्शाती है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि यह दूरंदेशी सोच है, जो नीति में स्थिरता, समय पर निर्णय लेना और निवेशकों के समय तथा विश्वास का सम्मान करने वाली शासन प्रणाली प्रदान करना है, ताकि पंजाब को वैश्विक स्तर पर उद्योग के लिए पसंदीदा गंतव्य बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि पंजाब का दृष्टिकोण साझेदारों और उद्योगों के साथ मिलकर काम करना, उनकी जरूरतों को समझना और सरकार की ओर से विकास को सुनिश्चित करना है। भगवंत सिंह मान ने आगे कहा कि पंजाब ने अपने बुनियादी ढांचे को और मजबूत करते हुए औद्योगिक क्षमता का विस्तार कर चुका है और निवेश के नए रास्ते खोल चुका है।

  • चार साल बाद भारत पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन, PM मोदी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, देखें वीडियो

    चार साल बाद भारत पहुंचे राष्ट्रपति पुतिन, PM मोदी ने एयरपोर्ट पर किया स्वागत, देखें वीडियो

    नई दिल्ली। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन अपनी दो दिवसीय महत्वपूर्ण भारत यात्रा को लेकर राजधानी दिल्ली पहुंच गए हैं। रूस-यूक्रेन जंग शुरू होने के बाद यह उनका पहला भारत दौरा है। उन्हें रिसीव करने पीएम मोदी काफिले के साथ एयरपोर्ट पहुंचे। पीएम मोदी आज रात उनके सम्मान में एक प्राइवेट डिनर की मेजबानी करेंगे। पुतिन करीब 30 घंटे तक भारत में रहेंगे। रूस के राष्ट्रपति का विमान पालम एयरपोर्ट पर लैंड हुआ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गर्मजोशी से उनका एयरपोर्ट पर स्वागत किया। पीएम मोदी ने गले लगाकर अपने दोस्त पुतिन का स्वागत किया। इसके बाद पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन एक साथ एक ही कार से रवाना हुए। पुतिन के भारत पहुंचने से पहले रूस के कई मंत्री दिल्ली पहुंच चुके हैं। इनमें डिप्टी प्रधानमंत्री डेनिस मांतुरोव, रक्षा मंत्री सर्गेई शोइगु और कृषि मंत्री दिमित्री पेट्रोव शामिल हैं। दोनों देशों के बीच कई अहम समझौते हो सकते हैं कहा जा रहा है कि इस दौरान भारत और रूस के बीच कई अहम समझौते हो सकते हैं, जिसमें S-400 मिसाइल सिस्टम खरीद शामिल है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का भारत का आखिरी दौरा 6 दिसंबर 2021 को हुआ था यानी रूस-यूक्रेन जंग के बाद पुतिन पहली बार भारत आ रह हैं। राष्ट्रपति पुतिन का यह दौरा भारत और रूस के रणनीतिक संबंधों के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर हो रहा है. 2000 में राष्ट्रपति पुतिन और भारत के तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक साझेदारी पर हस्ताक्षर कर इसकी शुरुआत की थी। एयरपोर्ट पर पुतिन के जबरदस्त स्वागत की तैयारी… दिल्ली एयरपोर्ट पर पुतिन के लिए बिछाया गया रेड कारपेट, जोरदार स्वागत की है तैयारी दिल्ली एयरपोर्ट पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन के लिए रेड कारपेट बिछाया गया है। एयरपोर्ट पर पुतिन के जबरदस्त स्वागत की तैयारी की गई है।