Blog

  • दर्दनाक सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल 

    दर्दनाक सड़क हादसे में एक की मौत, एक घायल 

    गुरदासपुरः शहर में आए दिन सड़क हादसों में कई लोगों की जान जा रही है, अब ताजा मामला गांव क्लेर कलां से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार टिप्पर चालक ने मोटरसाइकिल सवार जीजा-साले को टक्कर मार दी। इस हादसे में जीजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साला गंभीर रूप से घायल हो गया। इस संबंध में पुलिस ने टिप्पर को जब्त कर टिप्पर चालक के खिलाफ धारा 304ए, 279,337,427 के तहत मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन आरोपी अभी फरार है। पुलिस द्वारा उसे पकड़ने के लिए छापेमारी की जा रही है।


    इस संबंध में जानकारी देते हुए घायल युवक के परिजनों ने बताया कि एक फरवरी को उसका दामाद अजयपाल हमारे गांव भंडाल आया था और आज वह अपने साले अजय मसीह को मोटरसाइकिल पर सवार होकर बस अड्डा नौशहिरा मझा सिंह बस पर चढ़ाने के लिए गया था। इस दौरान दोनों जैसे ही सरकारी स्कूल क्लेर कलां गांव के पास पहुंचे तो एक टिप्पर ने उन्हें साइड से टक्कर मार दी।

    इस हादसे में अजयपाल टिप्पर के नीचे मोटरसाइकिल सहित फंस गया, जबकि साइड लगने से अजय मसीह कच्ची जगह पर गिर गया। लेकिन टिप्पर चालक ने टिप्पर को नहीं रोका और घसीटते हुए आगे बढ़ गया, जिसके कारण अजयपाल का सिर टिप्पर के पिछले टायरों के नीचे आ गया और उसकी कमर के ऊपर से गुजर गया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद टिप्पर चालक टिप्पर वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया।

  • वीएसएनएल स्टोर से टेलीफोन तार चोरी का आरोपी युवक पंजाब से पकड़ा 

    वीएसएनएल स्टोर से टेलीफोन तार चोरी का आरोपी युवक पंजाब से पकड़ा 

    ऊना/सुशील पंडित : जिला ऊना पुलिस ने मदनपुर बीएसएनएल के स्टोर से चोरी हुए तार चोरी करने के आरोपी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को पंजाब के फरीदकोट से काबू किया है। इस मामले में पुलिस 2 मुख्य आरोपियों सहित अन्य की तलाश कर रही है। पकड़े गए आरोपी की पहचान आकाश (22) निवासी नवांशहर के रूप में हुई है। पुलिस ने चोरी के दौरान प्रयोग की गाड़ी को भी कब्जे में लिया है। साथ ही कुछ तार भी बरामद की है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।

    बीती 12 जनवरी को गांव मदनपुर बसोली बीएसएनएल कार्यालय में चोरों ने करीब 2.70 लाख की टेलीफोन की तार चोरी कर ली थी।  जेटीओ वंदना कुमारी ने इसकी जानकारी के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें एक पिकअप ट्रेस हुई, जिसको तलाशते हुए पुलिस पहले बरनाला गई और वहां से फरीदकोट पहुंची। यहां एक पिकअप पर बतौर चालक काम कर रहे आकाश को पकड़ा गया, जिसने पूछताछ में चोरी की वारदात में शामिल होने की बात कबूल की। 

    पुलिस के मुताबिक आकाश फरीदकोट से 5 महिलाओं व 6 पुरुषों सहित पिकअप में पीर निगाह आया था और वापस जाते हुए चोरी करके तार पिकअप में लोड कर फरार हो गए।  सुल्तान और अशोक सहित अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण धीमान ने कहा कि चोरी मामले में आकाश कुमार को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य साथियों की तलाश की जा रही है। आरोपी आकाश को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड लिया गया है। बाकी आरोपियों की आगामी धरपकड़ जारी है।

  • क्राइस चर्च कैथल में व्यक्ति ने की तोड़फोड़, देखें तस्वीरें

    क्राइस चर्च कैथल में व्यक्ति ने की तोड़फोड़, देखें तस्वीरें

    अमृतसरः रामबाग के इलाके में चर्च में तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। इस घटना के बाद चर्च प्रबंधक और ईसाई भाईचारे में रोष पाया जा रहा है। दरअसल, जिले के रामबाग में क्राइस चर्च कैथल में एक व्यक्ति के द्वारा तोड़फोड़ की गई। चर्च प्रबंधकों ने इस घटना की सूचना रामबाग थाने के पुलिस अधिकारियों को दी गई। चर्च प्रबंधकों का कहना है कि यह चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए युवक अंदर आया हो सकता है।

    इस दौरान चर्च प्रंबधकों के साथ उक्त व्यक्ति द्वारा बदतमीजी भी की गई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को काबू कर लिया है। राजविंदर कौर थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जारी है। जांच के बाद असल कारणों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी। राजविंदर कौर ने कहा यह बेअदबी का मामला नहीं लग रहा है। काबू किया व्यक्ति मानसिक परेशान लग रहा है। हो सकता है कि वह चोरी की नीयत से ही आया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

    अगर बेअदबी की या चोरी की घटना की सामने आती है, तो उक्त व्यक्ति पर पर्चा दर्ज करके आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं पास्टर स्टीफन मसीह का कहना है कि रामबाग की चर्च में आज सुबह व्यक्ति ने मेन गेट को तोड़ा। उनका कहना है कि इस युवक की नीयत से हमारी धार्मिक भावनाओं को आहत पहुंचाई है। उसकी नीयत से लग रहा कि चोरी की नीयत से वह चर्च में आया था। वहीं पुलिस गहराई से मामले की जांच कर रही है। 

  • अहमदी मस्जिद पर TLP समर्थकों की भीड़ ने की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    अहमदी मस्जिद पर TLP समर्थकों की भीड़ ने की तोड़फोड़, देखें वीडियो

    कराचीः पाकिस्तान इन दिनों गंभीर आर्थिक संकट से घिरा हुआ है। इसके बावजूद हमारे पड़ोसी देश में धार्मिक कट्टरता अपने चरम पर है। बता दें कि एक वीडियो सामने आया है, जिसमें कुछ लोग पाकिस्तान के कराची शहर में एक मस्जिद की मीनारों को सरेआम तोड़ते नजर आ रहे हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, तोड़फोड़ करने वाले लोग तहरीक ए लब्बैक पाकिस्तान के सदस्य हैं और जिस मस्जिद की मीनारों को तोड़ा जा रहा है, वह एक अहमदी मस्जिद है।

    बता दें कि अहमदिया मुस्लिम, पाकिस्तान का एक अल्पसंख्यक समाज है और पाकिस्तान में उन्हें दूसरे दर्जे का नागरिक माना जाता है। बहुत से अहमदिया मुसलमानों को ईशनिंदा के झूठे आरोपों में मौत की सजा भी दी जा चुकी है। पाकिस्तान का धार्मिक संगठन तहरीक ए लब्बैक पाकिस्तान खास तौर पर अहमदिया मुसलमानों के खिलाफ मुखर रहता है।

    बीते साल अक्टूबर में तहरीक ए लब्बैक पाकिस्तान के एक मौलवी के बयान ने खूब सुर्खियां बटोरी थी। अपने बयान में मौलवी ने अहमदिया समुदाय की गर्भवती महिलाओं पर हमला करने का निर्देश दिया था। मौलवी ने ऐसा इसलिए कहा था ताकि कोई अहमदिया पैदा ही ना हो सके। टीएलपी के मौललवी मोहम्मद नईम चट्ठा का यह वीडियो खूब वायरल हुआ था। 

  • लाखों की तादाद में सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे लोग, देखें वीडियो

    लाखों की तादाद में सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे लोग, देखें वीडियो

    ब्रिटेन: वेतन बढ़ाने और महंगाई को नियंत्रित करने की मांग को लेकर ब्रिटेन में पांच लाख से ज्यादा लोग लंदन की सड़कों पर हैं। प्रदर्शन करने वालों में टीचर्स, सरकारी कर्मचारी और अन्य लोग शामिल हैं। इसे ब्रिटेन का पिछले एक दशक में अब तक का सबसे बड़ा प्रदर्शन माना जा रहा है।

    पीएमओ ने ऐसा नहीं करने की अपील की

    जानकारी के अनुसार प्रदर्शन से पहले पीएमओ ने लोगों को ऐसा नहीं करने की अपील की थी। बताया जा रहा है कि प्रदर्शन में करीब तीन लाख टीचर्स शामिल हैं। जिससे बड़ी संख्या में स्कूलों पर असर पड़ रहा है। दरअसल, पूर्व में कोरोना और फिर अब यूक्रेन जंग से ब्रिटेन में महंगाई है। जिससे लोग परेशान हैं।

    12 सालों में लगातार टीचर्स के वेतन में कमी 

    गौरतलब है कि इंस्टीट्यूट फॉर फिस्कल स्टडीज के मुताबिक साल 2010 से 2022 के बीच में टीचर्स के वेतन में 9 से 10 फीसदी की कमी दर्ज की गई है। यूनिवर्सिटी ऑफ कैम्ब्रिज की प्रोफेसर कैथरीन बर्नार्ड ने मीडिया में कहा, ब्रिटेन में हड़ताल करने के खिलाफ काफी सख्त कानून हैं। भारी संख्‍या में सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन करना इतना आसान नहीं है। फिर भी अगर पांच लाख से ज्यादा लोग अपने घरों से निकले हैं तो मामला गंभीर है।

  • अमीरों की टॉप-20 से बाहर हुए गौतम अडानी, जाने कितने अरब डॉलर का हुआ नुकसान

    अमीरों की टॉप-20 से बाहर हुए गौतम अडानी, जाने कितने अरब डॉलर का हुआ नुकसान

    नई दिल्ली: अमेरिकी रिसर्च फर्म हिंडनबर्ग की रिपोर्ट पब्लिश होने के बाद अडानी ग्रुप की कंपनी के शेयरों में जो सुनामी आई, उसने गौतम अडानी के साम्राज्य का हिला कर रख दिया है। हर बीतता दिन उनकी नेटवर्थ में बड़ी गिरावट लेकर आ रहा है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, गौतम अडानी अब दुनिया 20 सबसे अमीर लोगों की लिस्ट से भी बाहर हो गए हैं। नौ विपक्षी दलों ने अडानी ग्रुप के खिलाफ अमेरिका की शॉर्टसेलिंग कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च के आरोपों पर संसद में चर्चा की मांग की है। मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटों में उनकी संपत्ति 10.7 बिलियन डॉलर घटी है।

    5 दिनों में गंवाई सबसे ज्यादा रकम

    अडानी ने पिछले साल 44 अरब डॉलर की कमाई की थी, लेकिन पिछले पांच दिनों में वह इससे ज्यादा रकम गंवा चुके हैं। ब्लूमबर्ग बिलिनेयर इंडेक्स के मुताबिक इस साल अडानी अब तक 48.5 अरब डॉलर (करीब 39,61,72,49,25,000 रुपये) की नेटवर्थ गंवा चुके हैं। अडानी ग्रुप के सभी दस शेयरों में बीते दिनों भारी गिरावट भी देखने को मिली थी। इससे अडानी को एक ही दिन में 12.5 अरब डॉलर का फटका लगा था और उनकी नेटवर्थ 72.1 अरब डॉलर रह गई थी। वह दुनिया के अमीरों की लिस्ट में लगातार नीचे खिसकते जा रहे हैं। इसी के साथ ही एशिया में भी उनकी बादशाहत छिन गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज के मुकेश अंबानी एक बार फिर एशिया के सबसे बड़े रईस बन गए हैं।

    अडानी के शेयरों में 60 फीसदी आ चुकी गिरावट

    अमेरिकी इनवेस्टमेंट रिसर्च फर्म और शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के बाद अडानी ग्रुप के कई शेयर 60 फीसदी तक नीचे जा चुके हैं। ब्लूमबर्ग बिलेनियर इंडेक्स के टॉप 10 अरबपतियों की लिस्ट में इसी वजह से गौतम अडानी सीधे 21वें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस साल यानी 2023 की बात करें तो गौतम अडानी की संपत्ति 59.2 अरब डॉलर कम होकर 61.3 अरब डॉलर रह गई है। एक सप्ताह में ही अडानी को 52 अरब डॉलर का बड़ा झटका लगा है। पिछले साल की बात करें तो दुनिया के टॉप 10 अमीरों की लिस्ट में केवल दो भारतीयों की दौलत बढ़ी थी। इसमें गौतम अडानी और मुकेश अंबानी शामिल थे। अडानी कमाई के मामले में नंबर एक पर रहे थे। एलन मस्क और जेफ बेसोस समेत अमेरिकी अरबपतियों के लिए साल 2022 अच्छा साबित नहीं हुआ था। हालांकि अब इनके लिए अच्छे दिन शुरू हो गए हैं और गौतम अडानी के खराब दिन चल रहे हैं।

    कौन है पहले नंबर पर

    साल 2023 की बात करें तो एलन मस्क ने अब तक 36.5 अरब डॉलर की कमाई की है। कमाई के मामले में पहले नंबर पर हैं। बनॉर्ड अर्नाल्ट 30.7 अरब डॉलर और जेफ बेजोस 29.3 अरब डॉलर की नेटवर्थ बढ़ा चुके हैं। मार्क जुकरबर्ग की संपत्ति भी 24.1 अरब डॉलर पिछले एक महीने में बढ़ी है। बनॉर्ड अर्नाल्ट अब अमीरों की सूची में पहले नंबर पर पहुंच गए हैं। हालांकि फोर्ब्स की सूची में गौतम अडानी को नेटवर्थ के मामले में 17वें स्थान पर दिखाया गया है। इस सूची के अनुसार गौतम अडानी की नेटवर्थ 64.2 बिलियन डॉलर बताई गई है। इधर गौतम अडानी समूह ने अपनी फ्लैगशिप कंपनी अडानी एंटरप्राइजेज का 20 हजार करोड़ रुपये का एफपीओ भी वापस ले लिया है। अडानी ने खुद बयान जारी कर निवेशकों को ग्रुप में भरोसा बनाए रखने की अपील की है।

  • बर्फीली सड़क पर फिसलने से कई वाहनों से टकराई बस, वीडियो वायरल

    बर्फीली सड़क पर फिसलने से कई वाहनों से टकराई बस, वीडियो वायरल

    वैंकूवरः बर्फबारी के समय सड़कों पर बर्फ की परत जम जाती है जो आने-जाने वाले वाहनों के लिए मुश्किलें पैदा कर देती है। कभी-कभी बर्फीली सड़कों पर ड्राइविंग करना अत्यधिक खतरनाक हो सकता है। अक्सर ड्राइवर इन सड़कों पर अपने वाहनों से नियंत्रण खो देते हैं। हाल ही में कनाडा में हुई एक सड़क दुर्घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें एक बस बर्फ पड़ी सड़क पर अचानक फिसल जाती है और आस-पास की कुछ कारों से टकरा जाती है।

    वायरल हो रहा घटना का ये सीसीटीवी एक फरवरी की सुबह का बताया जा रहा है। वैंकूवर सिटी न्यूज के अनुसार हुई इस घटना में किसी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। ये घटना वहीं किसी घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसकी क्लिप सोशल मीडिया पर खूब शेयर हो रही है। वीडियो में तेज धमाके की आवाज भी सुनी जा सकती है जब ये बेकाबू हुई बस बर्फ की वजह से साइड में मुड़ जाती है और दूसरी कारों से टकरा जाती है।

  • आतंकी हमले की धमकी के बाद राज्य के कई शहरों में अलर्ट जारी

    आतंकी हमले की धमकी के बाद राज्य के कई शहरों में अलर्ट जारी

    नई दिल्लीः राष्ट्रीय जांच एजेंसी NIA को शुक्रवार को एक धमकी भरा ईमेल मिला है जिसमें मुंबई में आतंकी हमले की धमकी दी गई है। मेल भेजने वाले ने खुद को तालिबानी सदस्य होने का दावा किया है। अज्ञात व्यक्ति द्वारा भेजे गए इस मेल में मुंबई में आतंकवादी हमला करने की धमकी दी गई है। इस मेल के मिलने के बाद पुलिस जांच में जुट चुकी है और मुंबई समेत महाराष्‍ट्र के कई शहरों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।

    सूत्रों के मुताबिक एनआईए ने मुंबई पुलिस को इस मेल के बार में जानकारी दी है जिसके बाद महाराष्ट्र के विभिन्न शहरों को अलर्ट पर रखा गया है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के अनुसार ये धमकी बाद मेल भेजने वाले ने खुद को तालिबानी बताया है। उसने कहा कि मुंबई में आतंकी हमला होगा।

    धमकी भरे मेल के मिलने के बाद एनआईए ने मुंबई पुलिस के साथ मिलकर सच्चाई का पता लगाने के लिए एक संयुक्त जांच शुरू कर दी है। इससे पहले इसी साल जनवरी में मुंबई के धीरूभाई अंबानी इंटरनेशनल स्कूल में एक धमकी भरी कॉल आई थी जिसमें अज्ञात कॉलर ने स्कूल को उड़ाने की धमकी दी थी।

  • कांग्रेस LIC और SBI दफ्तरों के बाहर करेगी प्रदर्शन, जाने मामला

    कांग्रेस LIC और SBI दफ्तरों के बाहर करेगी प्रदर्शन, जाने मामला

    नई दिल्लीः कांग्रेस ने एलआईसी तथा सरकारी बैंकों के शेयरों में हिंडनबर्ग रिपोर्ट के बाद आई गिरावट को गंभीर बताते हुए कहा है कि यह गरीबों के पैसे लुटवाए गए हैं और पार्टी 6 फरवरी को इसके विरोध में देशव्यापी आंदोलन करेगी। हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट सामने आने के बाद से अडाणी समूह लगातार विपक्ष के निशाने पर है। संसद में भी इसे लेकर हंगामा हुआ और विपक्षी पार्टियों ने सरकार से जांच की मांग की है। अब कांग्रेस ने अडाणी समूह पर लगे आरोपों की जांच सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) या संयुक्त संसदीय समिति (JPC) से करवाने की मांग करते हुए कहा है कि वह 6 फरवरी को देशभर में प्रदर्शन करेगी।

    कांग्रेस प्रमुख ने क्या बयान दिया?

    कांग्रेस प्रमुख मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, “जनहित को देखते हुए हम सुप्रीम कोर्ट या JPC से अडाणी मामले की जांच करवाना चाहते हैं। मामले की जांच की रोजाना रिपोर्टिंग होनी चाहिए।” कांग्रेस के कार्यकर्ता 6 फरवरी को हर जिले में भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) और भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के दफ्तरों के बाहर प्रदर्शन कर लोगों को यह बताएंगे कि कैसे मोदी सरकार ने इन सरकारी संस्थाओं को अडाणी समूह में पैसा लगाने के लिए ‘मजबूर’ किया।

    प्रधानमंत्री के दोस्त के लिए पैसा जोखिम में नहीं डाल सकती सरकार- वेणुगोपाल

    कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने प्रदर्शन का ऐलान करते हुए कहा कि सरकार देश के लोगों की मेहनत के पैसे को प्रधानमंत्री के दोस्त के लिए जोखिम में नहीं डाल सकती। LIC ने अडाणी समूह में 36,474.78 करोड़ रुपये निवेश किए हैं। वहीं भारतीय बैंकों ने कुल मिलाकर लगभग 80,000 करोड़ रुपये इसमें निवेश किए हैं। उन्होंने कहा कि हेरफेर की खबरों के बाद भी ये निवेश जारी है, जबकि समूह अरबों रुपये गंवा चुका है।

    कांग्रेस कारोबार के खिलाफ नहीं- खेड़ा

    कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि उनकी पार्टी किसी कारोबारी घराने के लिए खिलाफ नहीं है, लेकिन वो क्रॉनी कैपिटलिज्म का विरोध करती है। जब चुनिंदा अरबपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए नियम बदले जाते हैं तो उसका विरोध करती है। खेड़ा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तरफ इशारा करते हुए कहा कि उन्होंने एक ऐसे समूह को LIC और SBI में हिस्सा दिया है, जिस पर देश की सबसे बड़ी धोखाधड़ी का आरोप है।

    LIC को उठाना पड़ा है भारी नुकसान 

    पिछले हफ्ते हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट आने के बाद से ही अडाणी समूह के शेयरों में गिरावट जारी है और अब तक उसे 100 अरब डॉलर (लगभग 8.2 लाख अरब रुपये) का नुकसान हो चुका है। LIC ने भी अडाणी समूह की कई कंपनियों में निवेश किया हुआ है, इसी कारण शेयरों की कीमत गिरने से LIC को भी नुकसान हो रहा है। शुरूआती तीन दिन में ही LIC को लगभग 16,627 करोड़ रुपये का नुकसान हो गया था।

    रिपोर्ट में क्या कहा गया है?

    अमेरिका स्थित हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में गौतम अडाणी पर ‘कार्पोरेट जगत की सबसे बड़ी धोखाधड़ी’ का आरोप लगाया है। इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि अडाणी समूह की कंपनियों पर इतना कर्ज है, जो पूरे समूह को वित्तीय तौर पर अधिक जोखिम वाली स्थिति में खड़ा कर देता है। अडाणी पर अपने परिवार के जरिए फर्जी कंपनी चलाने का आरोप भी लगाया गया है। हालांकि, अडाणी समूह ने इन आरोपों को खारिज किया है।

  • हाईवे पर ट्रक से 17 गाय की बरामद, हिंदू संगठनों में रोष

    हाईवे पर ट्रक से 17 गाय की बरामद, हिंदू संगठनों में रोष

    जालंधर, वरुणः गाय की तस्करी मामले में जालंधर-पठानकोट हाईवे पर देर रात रेरू पिंड के जमकर हंगामा हुआ। दरअसल, हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता लुधियाना से एक ट्रक का पीछा करते हुए आ रहे थे। इस दौरान उन्होंने जालंधर पठानकोट हाईवे पर गाय भरकर ले जा रहे ट्रक को काबू किया है। हिंदू संगठनों का कहना है कि गाय को ले जा रहे दो ट्रक थे, हालांकि इस दौरान एक ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया, जबकि दूसरे को काबू कर लिया गया।

    हिंदू संगठनों ने उक्त ट्रक में 17 गाय बरामद की। हिंदू संगठनों का कहना है कि रास्ते में ट्रक को हाथ देकर रोकने की कोशिश की गई, लेकिन चालक नहीं रूका। जब पठानकोट हाईवे पर दोबारा ट्रक को रोकने के प्रयास किया तो ड्राइवर ने ट्रक डिवाइडर पर चढ़ा दिया। डिवाइडर पर लगी रेलिंग तोड़ डाली। इस मामले को लेकर हिंदू संगठनों में भारी रोष पाया जा रहा है। 

    इस दौरान ट्रक ड्राइवर ने पहले पीछा कर रहे लोगों को धोखा देने से लिए ट्रक को रामामंडी की तरफ घुमा लिया, लेकिन जब पठानकोट बाइपास पर पहुंचा। जिसके बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने ट्रक के आगे गाड़ियां लगा दी। ड्राइवर ने ट्रक को डिवाइडर पर चढ़ा कर रेलिंग से टकराया। इसके बाद वह ट्रक छोड़ कर भाग गया, लेकिन हिंदू संगठनों के कार्यकर्ता ने उसे पठानकोट बाइपास से पहले ही पकड़ लिया। ट्रक चालक को पुलिस को हवाले कर दिया गया है। वहीं पुलिस का कहना है कि जल्द ही दूसरे ट्रक चालक को भी काबू कर लिया जाएगा।