Blog

  • पंजाब: पति ने पत्नी को बाथरूम में प्रेमी के साथ पकड़ा, हुआ हंगामा, देखे वीडियो

    लुधियाना: ताजपुर इलाके से रिश्तों को तार-तार करने वाली एक घटना सामने आई है। जहां पति ने  पत्नी को किसी दूसरे शख्स के साथ बाथरूम में पकड़ लिया। जिसके बाद उसने बाथरूम को बाहर से बंद कर दिया और पत्नी के मायके व पुलिस को सूचित कर मौके पर बुला लिया। 

    महिला के पति ने बताया कि उसे पिछले कुछ दिनों से अपनी पत्नी पर शक था। आज उसे एक व्यक्ति का फोन आया कि वह किसी और लड़के के साथ है।  जब उसने घर जाकर देखा तो पत्नी गैर मर्द के साथ बाथरूम में मौजूद थी। इस दौरान चाल के अन्य लोग भी मौजूद रहे।

    वहीं महिला राधिका ने बताया कि उसे बाथरूम मे धक्का दिया गया है। जिस लड़के से उसका नाम जोड़ा जा रहा है। महिला ने उससे दो हजार रुपये लेने है।  महिला के मुताबिक, वह अपने पैसे लेने के लिए बाथरूम मे गई थी। यह बात वह मौजूद लोगो के गले से  नहीं उतर रही थी। हालांकि पुलिस ने इस मामले में कुछ भी कहने से इनकार कर दिया।

  • ऊना में कांग्रेस से निष्कासित विधायकों के विरुद्ध कांग्रेस समर्थकों ने किया प्रदर्शन

    ऊना/सुशील पंडित : जिला मुख्यालय पर कांग्रेस समर्थकों ने कांग्रेस के छह बर्खास्त विधायकों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतले जलाए। विरोध प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना था कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस के चुनाव चिन्ह पर चुनाव जीतने के बाद उन्होंने पार्टी से दगा किया।

    कांग्रेस समर्थकों ने विधायकों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए यह भी आरोप जड़े कि राज्यसभा के चुनाव के लिए इन छह विधायकों ने क्रॉस वोटिंग करके पार्टी के खिलाफ कार्य किया है। 

    कांग्रेस समर्थकों द्वारा जिला मुख्यालय के विश्राम गृह पर बर्खास्त विधायकों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन हुआ। इस विरोध प्रदर्शन में युवा कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस ऊना के पदाधिकारियों समेत भारी संख्या में लोग शामिल थे। स्थानीय विश्राम गृह से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जिले के चिंतपूर्णी के बर्खास्त विधायक चैतन्य शर्मा और कुटलैहड़ के दविंदर भुट्टो के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने प्रदेश भाजपा नेतृत्व, केंद्रीय भाजपा नेतृत्व के खिलाफ भी जमकर हल्ला बोला। इसके साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए रोटरी चौक तक रोष रैली निकाली और रोटरी चौक पर पुतलों पर जूतियां बरसाते हुए उन्हें आगे हवाले किया। मुख्य चौराहे पर विधायकों के पुतले जलाने के बाद फिर से कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा जोरदार नारेबाजी की गई और बाद में विश्राम गृह प्रांगण में यह प्रदर्शन समाप्त हुआ।

    इस प्रदर्शन को लेकर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रविंद्र सहोड़ ने कहा कि इन विधायकों ने हमारे लाखों हिमाचली लोगों की भावनाओं से खिलवाड़ किया है। इन बर्खास्त विधायकों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। राज्य में कांग्रेस की सरकार को अस्थिर करने का प्रयास करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस प्रदर्शन में रविंद्र सहोड़, वीरेंद्र धर्माणी, सीमा शर्मा, करण शर्मा, वरुण पुरी, एनएसयूआई, महिला कांग्रेस तथा कांग्रेस के अग्रणी संगठनों से जुड़े लोगों के अलावा कई लोग शामिल थे।
  • हिमाचल के लोगों का ईमान अभी बिका नहीं है : विजय डोगरा

    हमने कांग्रेस की निस्वार्थ भाव से सेवा की है
    ऊना/सुशील पंडित : कांग्रेस पार्टी बागी विधायकों को सस्ते में छोड़ने के मूड़ में नहीं है। शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ विजय डोगरा ने बागी विधायकों को चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी धोखेबाजों पर नरमी नहीं बरतेगी। हिमाचल प्रदेश के इतिहास में पहली बार विधायकों की खरीद फरोख्त होना राज्य के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जिस प्रकार से भाजपा सरकार गिराने में नाकाम रही उससे यह भी साबित होता है कि हिमाचल के लोगों का ईमान अभी बिका नहीं है। दो चार लोग बिक सकते हैं लेकिन हिमाचल का जनमानस बिकाऊ नहीं है। डॉ विजय डोगरा ने आगे कहा कि किसी ने नहीं सोचा था कि कांग्रेस पार्टी के चुनाव चिन्ह पर जिन्हें विधानसभा भेजा गया वही हमें दगा दे जाएंगे। उन्होंने कहा कि सवाल मात्र राज्य सभा चुनाव का भी नहीं है। यह तो एक राज्य को अस्थिर करने की साजिश है।

    सवाल उस जनता के साथ हुए विश्वासघात का है जिसने इन विधायकों को भारी बहुमत से जिताकर सत्ता के शिखर तक पहुंचाया था। ऐसे नेताओं ने तो पार्टी के चुनाव चिन्ह का भी ख्याल नहीं किया। विधायक देवेंद्र भुट्टो को जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले विजय डोगरा से जब पत्रकारों ने कुटलैहड़ से जुड़े प्रश्न पूछे तो उन्होंने कहा कि हमने 32 साल कांग्रेस की कुटलैहड़ में विजय की प्रतीक्षा की थी। 32 वर्षों से हम निस्वार्थ भाव से पार्टी की सेवा में जुटे रहे। जब वह दिन आया तो हमें लगा था कि अब कुटलैहड़ फिर से पटरी पर लौट आएगा। आज विधायक भुट्टो ने कुटलैहड़ की जनता के साथ जो किया है उसने हमें 32 वर्ष पीछे ला खड़ा किया है। सबसे बड़ी हैरानी तो यही है कि हिमाचल सरकार को अस्थिर करने के षड्यंत्र में लिप्त विधायक मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू और उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के जिलों से संबंधित हैं। जो मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री के नहीं हुए उन्हें जनता की कितनी परवाह होगी यह इस कायरतापूर्ण कृत्य से साबित हो चुका है। जिस प्रकार पिछले साल आई प्राकृतिक आपदा को सुक्खू सरकार ने संभाला था, उसी प्रकार इस संकट में भी सरकार ने जो सख्त और त्वरित कार्रवाई की है उसके लिए मैं मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को बधाई देता हूं।
  • तूतड़ूः 43 जानवरों के हुए ऑप्रेशन

    ऊना सुशील पंडित : जानवरों की जनसंख्या कम करने के लिए सरकार अभियान स्तर पर कार्य कर रही है। एनिमल बर्थ कंट्रोल कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को बंगाणा के तूतड़ू गांव में 43 कुत्तों की नसबंदी और नलबंदी की गई। कुत्तों की संख्या को नियंत्रित करने के लिए जिले भर में डॉग स्टर्लाइजेशन कैंप लगाए जा रहे हैं। बंगाणा में तैनात वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. सतेंद्र ठाकुर ने बताया कि हमने पंचायत स्तर पर 22 शिविर आयोजित किए हैं। 1800 से अधिक कुत्तों का एंटी रैबीज का टीकाकरण हो चुका है।
  • जालंधर: CT Institute में कश्मीरी और पंजाबी छात्रों में टकराव, देखें वीडियो

    कश्मीरी लड़कियों ने छेड़छाड़ और सिख छात्रों ने लगाए पगड़ी उतारने के आरोप, हंगामा 

    मैनेजमेंट और पुलिस द्वारा कारवाई न करने पर गुस्साए छात्रों ने की नारेबाजी  

    जालंधर, ENS: अक्सर विवादों में रहने वाले शाहपुर स्थित CT Institute ऑफ इंजीनियरिंग इंस्टिट्यूट को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां बीते दिन छात्रों के दो गुटों में खूनी टकराव होने का मामला सामने आया है। जानकारी अनुसार छात्र द्वारा एक कश्मीरी छात्रा पर तंज कसा गया और उसके साथ छेड़छाड़ की गई। लड़की ने इसकी शिकायत कॉलेज कमेटी से की, मगर कमेटी ने कोई कार्रवाई नहीं की। जिसके बाद उसी छात्र ने लड़की के साथ दोबारा छेड़छाड़ की। इस बार यह मामला कश्मीर से पढ़ने आए छात्रों तक पहुंचा और उसके बाद मामला गरमा गया।

    इस घटना को लेकर कश्मीरी छात्रों कि दूसरे छात्रों से बहसबाजी हो गई। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया की बात हाथापाई तक पहुंच गई। इस घटना को लेकर कश्मीरी छात्रों ने इंस्टीट्यूट की मैनेजमेंट के खिलाफ खूब भड़ास निकाली। वहीं छेड़छाड़ करने वाले लड़के के साथ हाथापाई की भी कुछ वीडियो भी सामने आई है। जिसमें देखा जा सकता है कि दोनों पक्षों में टकराव इस हद तक बढ़ गया कि इंस्टीट्यूट की सिक्योरिटी और मैनजमेंट से भी काबू नहीं हुआ। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर ए.सी.पी  भरत मसीह भारी पुलिस बल के साथ पहुंचे और दोनो पक्षों को शांत करवाकर स्थिति का जायजा लिया।

    दूसरी ओर इस मामले में दूसरे पक्ष के सिख छात्रों ने आरोप लगाया कि कश्मीरी छात्रों ने कैंपस में बिना वजह मारपीट की और एक छात्र की पगड़ी पर हाथ डाला। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल की CCTV फुटेज का डंप रिकॉर्ड में सेव कर लिया है। फिलहाल इस मामले में पुलिस द्वारा किसी के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। जिससे यहां पढ़ने आए छात्राओं के दिल में CT Institute और पुलिस के खिलाफ काफी रोष देखने को मिला। गुस्साए छात्रों ने आज भी सारा दिन इंस्टिट्यूट की ग्राउंड में बैठकर इंस्टिट्यूट प्रशासन तथा पुलिस के खिलाफ खूब नारेबाजी की और इंसाफ की गुहार लगाई।

    इस मामले को लेकर CT Institute की मैनेजमेंट से संपर्क करना चाहा, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। यदि वह अपना पक्ष रखना चाहते है तो उसे प्रमुखता से प्रकाशित किया जायेगा।  

    CT Institute के शाहपुर कैंपस से 3 आतंकवादी हुए थे गिरफ्तार 

    बता दें कि 5 वर्ष पहले भी पंजाब और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने अलकायदा से जुड़े कश्मीरी आतंकी संगठन अंसार गजवत-उल-हिंद (एजीएच) से जुड़े 3 कश्मीरी छात्रों को सीटी (चन्नी ट्रस्ट) इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी के हॉस्टल से गिरफ्तार किया था। जो जालंघर में तीन साल से इंस्टीट्यूट मे पढ़ने की आड़ मे स्लीपर सेल चला रहे थे। जिनकी पहचान अवंतिपुरा श्रीनगर के जाहिद गुलजार, पुलवामा के मोहम्मद इदरिश शाह और पुलवामा के नूरपुरा निवासी युसूफ रफीक के तौर पर हुई है।

    पुलिस ने इन आतंकियों  से इटेलियन मेड पिस्टल, 2 मैगजीन, ए.के 47 के अलावा लगभग एक किलो आरडीएक्स बरामद किया था। पुलिस ने त्योहारी सीजन में इन आतंकवादियो की ब्लास्ट करने की साजिश को नाकाम दिता था। पूछताछ के दौरान एक अफसर ने भट्ट से सवाल किया कि कहीं धमाका दशहरे में तो नहीं करना था, तो वह बोला-गुलजार बता सकता है। गुलजार ने सब को यह कह कर चौंका दिया कि ज्योति चौक का प्लान था।

    नूपुर शर्मा के हक में पोस्ट डालने पर भी कैंपस मे हुआ था विवाद 

    दो साल पहले भाजपा की पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा के हक में CT instiute की छात्र द्वारा एक पोस्ट डाले जाने पर भी विवाद हुआ था। जिसे इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाली जम्मू की एक हिंदू छात्रा ने  सोशल मीडिया पर पोस्ट किया था। इससे इंस्टीट्यूट में पढ़ने वाले मुस्लिम स्टूडेंट्स भड़क गए। यह सभी स्टूडेंट्स जम्मू-कश्मीर के ही बताए गए थे।  इसके बाद हिंदू स्टूडेंट्स दहशत में आ गए।

    यह विवाद रात 12 बजे शुरू होकर  5 बजे तक चला था। इंस्टीट्यूट के मुस्लिम स्टूडेंट्स ने हिंदू छात्रा से जबरन माफी भी मंगवाई। इतना ही नहीं, पुलिस और इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट ने भी इस पूरे विवाद में उक्त हिंदू लड़की का ही दोष निकालते हुए उसे गलत ठहराया था। PRO कंवरप्रीत के अनुसार, रात में ही नूपुर शर्मा के हक में पोस्ट डालने वाली हिंदू लड़की से माफी मंगवाई गई और सोशल मीडिया से उसकी पोस्ट डिलीट करवा कर मामला शांत करवाया गया था।

    पेपर दौरान गरमाया माहौल, सिखों में रोष

    गौरतलब है कि  सीटी इंस्टीट्यूट में पेपर के दौरान सिख युवकों के कड़े उतवाए गए थे। जिससे गुस्साए बच्चों के परिजनों की ओर से इसकी निंदा की गई थी। इस मामले को लेकर सिख संगठन की ओर से काफी हंगामा भी किया गया था।

  • ट्रैफिक नियम तोड़ने वाले 153 वाहनों के चालान

    ऊना/सुशील पंडित : ऊना पुलिस ने दैनिक चालान गतिविधि में वीरवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 162 चालान किए। इनमें से 153 चालान उन लोगों के किए हैं जो ट्रैफिक नियमों को तोड़कर वाहन चलाते हुए पाए गए। उनमें से कई लोगों ने तो मौके पर ही चालान का भुगतान कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस को 24700 रूपए जुर्माने के रूप में प्राप्त हुए हैं। सात लोग ऐसे भी पकड़े गए हैं जो सार्वजनिक स्थलों पर धुम्रपान कर रहे थे। उनसे पुलिस ने 700 रूपए जुर्माना वसूला है। इसके अलावा रेत बजरी के अवैध खनन में लिप्त दो वाहनों के भी पुलिस ने चालान काटे हैं।
  • कुरियाला मोड़ः कार ने स्कूटी को टक्कर मारी

    ऊना/सुशील पंडित : कुरियाला मोड़ पर वीरवार को सड़क हादसे में दो महिलाें घायल हो गईं। प्राप्त जानकारी के अनुसार बरनोह गांव के रहने वाले तारा सिंह पुत्र राजा राम ने सदर थाने में दी शिकायत में कहा है कि वीरवार को जब वह कुरियाला मोड़ पर खड़ा था तब एक कार ने स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर से उसके ऊपर सवार दो महिलाओं चोटिल हो गईं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक पर कार्रवाई की है। पुलिस ने लुधियाना वासी गगनदीप पुत्र कमल किशोर के विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 279 और 337 के अधीन मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है। 
  • अनुसूचित जाति वर्ग के लिए भाजपा ने सदैव काम किया:कृष्ण लाल चंदेल

    ऊना/सुशील पंडित : जिला मंडल ऊना भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की बैठक शुक्रवार को हुई। बैठक की अध्यक्षता प्रदेश मोर्चा के अध्य्क्ष चंदेल ने की, जबकि बैठक में भाजपा जिला अद्यक्ष बलबीर चौधरी  विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में कृष्ण लाल चंदेल ने कहा कि प्रदेश में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा जल्द ऊना  सम्मेलन करेगा। इन सम्मेलन में प्रदेश के भाजपा नेता व पदाधिकारी शामिल हों सकेंगे। चंदेल  ने कहा कि अनुसूचित जाति वर्ग के कल्याण के लिए भाजपा ने सदैव काम किया है। जबकि कांग्रेस ने अनुसूचित जाति को वोट बैंक के लिए प्रयोग किया है।

    कांग्रेस की नीतियों के कारण यह वर्ग कांग्रेस से दूर हुआ है। अनुसूचित जाति वर्ग में कांग्रेस के नेता भाजपा को लेकर गलत धारणाएं पैदा करते रहे, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने साबित किया है। कृष्ण लाल चन्देल ने कहा कि आने बाले लोकसभा चुनावों एक जुट होकर कार्य करेंगे।इस मौके पर भाजपा ऊना मंडल अध्य्क्ष सुभाष कौंडल, पूर्व सब्जी मंडी बोर्ड अध्य्क्ष बलबीर बग्गा, पुरषोतम भाटिया, संजय भाटिया, नीलम कुमारी,   गुरबचन दास बंगा, सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।
  • बंगाल में जंगल राज जारी है- कंवर

    कंवर बोले हिंदू महिलाओं को टीएमसी के गुर्गे उठा रहे हैं
    ऊना/सुशील पंडित : बंगाल में टीएमसी के गुर्गे हिंदू महिलाओं को उठा रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी ने शुक्रवार को देश भर के जिला मुख्यालयों पर बंगाल में हो रहे हिंदू महिलाओं के यौन शोषण के विरुद्ध रोष प्रकट किया। कुटलैहड़ के पूर्व विधायक विरेंद्र कंवर ने ऊना में आयोजित रोष प्रदर्शन रैली में कहा कि बंगाल से मिलने वाली खबरें बेहद दुखद हैं। वहां हिंदू महिलाओं के साथ टीएमसी के नेता यौन शोषण को हथियार बनाकर एक समाज को गुलाम बना रहे हैं। जनवरी माह में टीएमसी के जिला पार्षद शाहजहां शेख के समर्थकों ने ईडी की एक जांच टीम पर हमला कर दिया था। ईडी की टीम की गाड़ियां तोड़ दी गईं। अधिकारियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटा। उस हमले के बाद से बंगाल की त्रिणमूल सरकार शाहजहां को बचाने में जुटी थी। बंगाल और बांग्लादेश सीमा पर उत्तरी 24 परगना जिले में एक गांव है संदेशखाली।

    जब वहां ईडी की टीम पर हमला हुआ तो उस इलाके की महिलाओं ने जो किस्से बताए उससे पूरे भारत के हिंदुओं में आक्रोश की लहर दौड़ गई है। इस गांव की हिंदू महिलाओं को शाहजहां शेख के ईशारे पर उठा लिया जाता था। शादी से पहले लड़की को शेख के पास रात गुजारने को मजबूर किया जाता था। ईडी की टीम पर हमले के बाद से वह 55 दिनों से फरार था। बंगाल पुलिस उसे पांच सितारा सेवाएं उपलब्ध करवा रही थी। हाईकोर्ट ने जब बंगाल सरकार को लताड़ लगाई तब जाकर उसे गिरफ्तार किया गया। कंवर ने बताया कि अब जरा कल्पना करिए कि ऐसे दुर्दांत अपराधियों को त्रिणमूल कांग्रेस बड़े बड़े पदों पर पहुंचा रही है। कंवर ने यह भी बताया कि बंगाल में पिछले एक दशक में भारतीय जनता पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ताओं की हत्याएं करवा दी गई हैं।

    बंगाल में इस समय जंगल राज चल रहा है जिसमें हिंदू समाज को डराया और दबाया जा रहा है। इस मौके पर एचपीएसआईडीसी के पूर्व अध्यक्ष रामकुमार, जिलाध्यक्ष बलबीर चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोहर लाल शर्मा, बलवीर बग्गा,जिला महामंत्री राजकुमार पठानिया, शाम मिन्हास, जिला प्रवक्ता भाजपा विनय शर्मा, सतीश शर्मा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, मीनाक्षी राना प्रदेश सचिव महिला मोर्चा, ममता कश्यप जिला उपाध्यक्ष, सीमा शर्मा शहरी महामंत्री महिला मोर्चा, वंदना कपूर,पुष्पा देवी,जयवीर सिंह, बलराम बबलू जिला उपाध्यक्ष भाजपा, विजय शर्मा जिला सचिव व अन्य भाजपा कार्यकर्ता रोष प्रदर्शन में शामिल हुए।
  • 17 से 28 मार्च तक आयोजित होगा होली मेला मैड़ी – उपायुक्त

    ऊना/ सुशील पंडित : उत्तर भारत का प्रमुख धार्मिक आयोजन होली मेला मैड़ी इस वर्ष 17 से 28 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान 25 मार्च को निशान साहिब(झंड़ा चढ़ाने) की रस्म अदा की जाएगी। जबकि 27 मार्च की मध्यरात्रि को पंजा प्रसाद वितरित किया जाएगा। यह जानकारी उपायुक्त जतिन लाल ने इस संबंध में मैड़ी में आयोजित बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए अतिरिक्त उपायुक्त ऊना मेला अधिकारी तथा एसडीएम अम्ब को सहायक मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऊना को मेला पुलिस अधिकारी तथा डीएसपी अम्ब को सहायक मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया गया है।

    उपायुक्त ने बताया कि मेला क्षेत्र में विभिन्न व्यवस्थाओं के सुचारू संचालने के लिए मेला क्षेत्र को दस सेक्टरों में बांटा गया है ताकि यातायात, पार्किंग तथा स्वच्छता सहित अनेक प्रकार की अन्य व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि मेला स्थल के विभिन्न क्षेत्रों में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग व आयुष विभाग द्वारा विभिन्न स्थानों पर चिकित्सा कैम्प लगाए जाएंगे। उन्होंने बताया कि मेले में खुले ट्रको तथा अन्य वाणिज्यक वाहनों में आना प्रतिबंधित है इसलिए मेले में आने के लिए सभी यात्री केवल यात्री वाहनों का ही प्रयोग करें। उपायुक्त ने बताया कि यात्रियों की सुविधाओं तथा आवश्यकताओं के अनुसार अतिरिक्त बसें भी चलाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि मेला क्षेत्र में रात 10 बजे से लेकर सुबह 6 बजे तक लाउड स्पीकर लगाने पर प्रतिबंध रहेगा। उपायुक्त ने मैड़ी स्थित विभिन्न धार्मिक स्थलों के प्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों तथा सीमावर्ती ग्राम पंचायतों के जन प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे मेले के सफल आयोजन में हर संभव योगदान दें। 

    बैठक के उपरांत उपायुक्त ने मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थनों में जाकर विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को यातायात, पार्किंग, पेयजल तथा विद्युत वितरण के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस अवसर पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया, एसडीएम अम्ब विवेक महाजन, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ संजीव वर्मा, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ ज्योति कंवर, खंड विकास अधिकारी अम्ब ओमपाल डोगरा, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक सुरेश धीमान सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों के संचालक तथा सीमावर्ती ग्राम पंचायतों के जन प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।