Blog
-

इस मामले में ED के सामने पेश हुई एक्ट्रेस Urvashi Rautela, जब्त हो सकती है संपत्ति!
मनोरंजन: बॉलीवुड एक्ट्रेस उर्वशी रौतेला के फैंस के लिए एक अहम खबर सामने आई है। एक्ट्रेस 1xBet ऑनलाइन सट्टेबाजी और गेमिंग प्लेटफॉर्म से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी के सामने पेश हुई है। इस बात की जानकारी अधिकारिक सूत्रों के द्वारा दी गई है। सूत्रों ने बताया कि सघीय जांच एजेंसी ने पीएमएलए के प्रावधानों के अंतर्गत उनका बयान दर्ज करना शुरु कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले कुछ हफ्तों में ईडी के इस जांच के अंतर्गत युवराज सिंह, सुरेश रैना, रोबिन उथप्पा और शिखर धवन जैसे क्रिकेटरों के अलावा एक्टर सोनू सूद, मिमी चक्रवर्ती और अंकुश हाजरा से भी पूछताछ हुई है। कुछ चर्चित सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर्स से भी इस मामले में पूछताछ की गई है। -

क्या अब फिल्मों पर टैक्स लगाएंगे Donald Trump? अमेरिकी राष्ट्रपति के बयान ने बढ़ाई चिंता!
नई दिल्ली: अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप टैरिफ पर टैरिफ लगाते जा रहे हैं। फार्मा प्रोडक्ट्स से लेकर फर्नीचर आयात तक उन्होंने हाई टैरिफ लगाने का ऐलान कर दिया है। इसके बाद अब ट्रंप की नजरें सिनेमा पर हैं। उन्होंने अब 100% मूवी टैक्स का ऐलान कर दिया है। इसका सीधा असर अब सिनेमा जगत पर होगा। अनुमान के अनुसार, हर साल 150 मिलियन डॉलर के रेवन्यू का इससे नुकसान होगा। ट्रंप ने सोमवार को यह कहा है कि यूएस अमेरिका से बाहर बनने वाली फिल्मों पर अब वो हाई टैरिफ लगाएंगे।सोशल मीडिया ट्रूथ पर दी जानकारी
अमेरिका के राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ पर इससे जुड़ी जानकारी दी है। उन्होंने लिखा कि – अमेरिका के बाहर बनने वाली सभी फिल्मों पर 100% टैरिफ लगाऊंगा। उनका कहना है कि फिल्म निर्माण का बिजनेस दूसरे देशों ने अमेरिया के चुरा लिया है। इसको एक बच्चे के हाथ से कैंडी चुराने की तरह बताया। अपनी पोस्ट में अमेरिका में फिल्म उद्योग को फिर से स्थापित करने के लिए अब टैरिफ जरुरी है। यदि ऐसा हुआ तो फिर से सारे देशों के साथ ही भारतीय सिनेमा जगत को भी तगड़ा झटका लगेगा क्योंकि भारतीय फिल्मों के लिए अमेरिका सबसे आकर्षक और बड़े बाजारों में से एक है। डोनाल्ड ट्रंप के द्वारा 100% मूवी टैक्स, डिजिटल एटंरटेनमेंट के सीमा-पार डिस्ट्रिब्यूशन पर पहला अमेरिकी टैरिफ होगा। यह लगभग पूरी तरह से डिजिटल हो चुके वैश्विक सिनेमा को सीधे तौर पर टारगेट करता है। इसमें थिएटर डिजिटल सिनेमा पैकेज से लेकर नेटफ्लिक्स-अमेजन जैसे स्ट्रीमिंग दिग्गज भी शामिल हैं। खास बात यह है कि यह अपनी तरह का पहला हमला है जिसका बड़ा असर उत्तरी अमेरिका में भारतीय सिनेमा के तेजी से बढ़ते हुए कारोबार पर देखने को मिलेगा।फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स हुए परेशान
अमेरिका के द्वारा मूवी टैक्स के संकेतों को सुनकर फिल्म डिस्ट्रीब्यूटर्स में खलबली मच चुकी है। मुंबई के एक डिस्ट्रीब्यूटर ने कहा है कि इस सेक्टर में खून खराबा हो सकता है। उनका कहना है कि मुनाफा पहले से ही कम है और ऐसा टैरिफ पूरा मॉडल तोड़ देगा क्योंकि ज्यादातर भारतीय फिल्में अमेरिका में नहीं चल पाएगी। बाहुबली-2, कल्कि 2898 AD,पठान और जवान जैसी बड़ी ब्लॉकबास्टर फिल्मों ने भी अमेरिकी दर्शकों से करोड़ों की कमाई की है परंतु नए 100% टैरिफ के बाद ऐसी सफलता की कहानियां दिक्कत पैदा कर सकती है। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से यह चेतावनी दी गई है कि यदि ट्रंप की यह नीति लागू हो जाती है तो भारतीय सिनेमा एक जरुरी इंटरनेशनल लाइफलाइन खो सकता है। बता दें कि अमेरिकी फिल्म इंडस्ट्रीज हॉलीवुड दुनिया में सबसे मजबूत मानी जाती है परंतु पिछले कुछ सालों में चीन, कोरिया और भारत समेत बाकी देशों की फिल्मों की यूएस में क्रेज तेजी से बढ़ चुका है। ट्रंप के टैरिफ अटैक से ऐसे सारे देशों को काफी नुकसान होगा। -

Women Cricket ODI World Cup आज से, पहले मुकाबले में Sri Lanka से भिड़ेगा India
गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3 होगा मैच, टॉस 2:30 बजे
नई दिल्लीः महिला क्रिकेट वनडे विश्व कप 2025 की शुरुआत आज से हो चुकी है। इस बार का विश्व कप भारत और श्रीलंका में खेला जाना है। इस बार की लड़ाई में जहां भारत की निगाह खिताब पर होगी तो ऑस्ट्रेलिया अपने खिताब का बचाव करेगा। भारत और श्रीलंका दोनों टीमों को अपने पहले खिताब का इंतजार है। मैच गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में दोपहर 3:00 बजे से शुरू होगा। टॉस 2:30 बजे होगा। पिछले वर्ल्ड कप में भारतीय महिला टीम सेमीफाइनल तक भी नहीं पहुंच सकी थी। वहीं, श्रीलंकाई टीम तो क्वालिफाई ही नहीं कर पाई थी। भारतीय टीम दो बार (2005, 2017) इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची, लेकिन कभी खिताब नहीं जीत पाई। श्रीलंका ने अब तक एक भी फाइनल नहीं खेला है। भारत और श्रीलंका की विमेंस टीमों के बीच वनडे क्रिकेट में अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें भारत ने 31 जीते, जबकि श्रीलंका को केवल 3 जीत मिली। वहीं, एक मैच का नतीजा नहीं निकल सका। भारतीय बैटर स्मृति मंधाना अपनी लगातार अच्छी बल्लेबाजी की वजह से ICC वनडे बैटिंग रैंकिंग में पहले स्थान पर हैं। 29 साल की इस खिलाड़ी ने अकेले 2025 में 4 वनडे शतक और तीन अर्धशतक जड़े हैं और इस साल अपनी 14 पारियों में उनका औसत 62 का रहा है। आज के मुकाबले में भी स्मृति पर सभी की नजर रहेगी। वहीं, बॉलिंग में स्नेह राणा ने इस साल शानदार परफॉर्म किया है। वे इस साल टीम की टॉप विकेट टेकर हैं। -

बकरियां चराने गई 2 बहनों पर गिरी कई टन वजनी चट्टान, 1 की मौत
छतरपुरः लवकुशनगर में 2 बहनों के चट्टान के नीचे दबने का मामला सामने आया है। गांववालों ने बच्चियों को निकालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए। करीब एक घंटे बाद जेसीबी की मदद से दोनों को बाहर निकाला गया। घटना में बड़ी बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि छोटी बहन जिला अस्पताल में भर्ती है।
जानकारी मुताबिक, गांव के ही राजेश रजक की बेटियां खुशबू (10) और सोनम (12) बकरी चराने खेत में गई थीं। बारिश होने पर दोनों चट्टान के नीचे बैठ गईं। इसी दौरान मिट्टी धंसने से चट्टान दोनों बहनों के ऊपर आ गई। इस दौरान सोनम ने वहीं दम तोड़ दिया। खुशबू गंभीर घायल हो गई। खुशबू को 112 की मदद से लवकुशनगर अस्पताल ले जाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों बच्चियां अपने चाचा के पास रहती थीं। बच्चियों के पिता राजेश रजक दिल्ली में मजदूरी करते हैं। मां भी उन्हीं के साथ रहती है। घर पर दादी कुसुम और चाचा राकेश बच्चों की देखभाल करते हैं। परिवार में एक छोटा बेटा लवकुश (5) है।
परिजनों का आरोप है कि पास की पत्थर खदान संचालक की लापरवाही से खेत में पत्थरों का ढेर डाला गया था। किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की वजह से यह हादसा हुआ। संदीप रजक (चचेरा भाई) ने बताया कि यह घटना पूरी तरह खदान संचालक की लापरवाही के कारण हुई है।
लवकुशनगर थाना प्रभारी अजय अंबे ने बताया कि खेत की मेड़ पर रखे पत्थर पर बच्चियां बैठी थीं। मिट्टी धसकने से चट्टान खिसकी और दोनों दब गईं। एक बच्ची का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है, दूसरी का इलाज जिला अस्पताल में जारी है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
-

Jalandhar News: दुकान में घुसी तेज रफ्तार थार, खुले एयरबैग, चालक घायल, देखें वीडियो
थार चालक पर नशे में धुत्त होने के लगे आरोप
जालंधर, ENS: बस्ती बावा खेल स्थित डरोना गार्डन के सामने मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जहां तेज रफ्तार थार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गुप्ता सेंटरी स्टोर में घुस गई। हादसे के दौरान थार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं चालक को गंभीर चोटें आईं है। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसमें देखा जा सकता है कि व्यक्ति पैदल जा रहा था, इस दौरान थार चालक ने उसे भी कुचलने की कोशिश की, लेकिन वह बाल-बाल बच गया। जिसके बाद थार दुकान में घुस गई। वहीं घटना में जोरदार धमाके की आवाज सुनकर लोग तुरंत बाहर आ गए। मामले की जानकारी देते हुए दलजीत सिंह ने बताया कि आज सुबह 6.30 बजे की घटना है। इस दौरान जब थार चालक को बाहर आने के लिए कहा तो वह लोगों के साथ बहसबाजी करने लग गया। जिसके बाद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलते ही थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई। घटना के दौरान थार में 2 लोग सवार थे, थार में एक नाबालिग था और दूसरा 20 से 22 साल का युवक मौजूद था। दुकान मालिक भूपिंदर गुप्ता ने कहा कि सुबह उन्हें फोन आया कि उनकी दुकान में थार चालक ने टक्कर मार दी है। दुकानदार ने कहा कि वह नशे में धुत्त लग रहा था। जिसके बाद उन्होंने अपने साथी के साथ जाकर घायल युवक का अस्पताल में उपचार करवाया। भूपिंदर ने कहा कि थार मालिक घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचा और वह थार के नुकसान का अंदाजा लगाने लगा, लेकिन उसने दुकान के हुए नुकसान को लेकर कोई बात नहीं की। भूपिंदर ने कहा कि रोजाना दुकान में वह, उसका बेटा और 4 कर्मी मौजूद होते है। लेकिन दुकान बंद होने के कारण बड़ा हादसा होने से टल गया। भूपिंदर का कहना हैकि थार से शराब की बोतलें बरामद हुई। वहीं हादसे में थार के एयरबैग खुल गए। हादसा इतना भीषण था कि इस घटना में दुकान का शटर टूट गया है। गनीमत यह रही कि घटना के दौरान दुकान बंद थी, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। तेज रफ्तार का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान का शटर टूटकर अंदर रखा सामान भी बिखर गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने तुरंत चालक को वाहन से बाहर निकाला और नज़दीकी अस्पताल में भर्ती करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चालक नशे की हालत में गाड़ी चला रहा था। थार की पिछली सीट पर शराब की बोतल भी बरामद हुई है। -

खांसी सिरप पीने से 2 बच्चों की मौत, परिजनों का आरोप
सीकरः राजस्थान में निशुल्क दवा योजना से मिली खांसी की सिरप बच्चों की ज़िंदगी के लिए खतरा बन गई है। परिवार का आरोप है कि इस दवा के पीने से सीकर में 5 साल के एक बच्चे की मौत हो गई। यह घटना सीकर के खोरी ब्राह्मणान गांव का है। परिवार का दावा है कि निशुल्क दवा योजना की सिरप पीने से 5 साल के नितियांस की मौत हो गई। जबकि जयपुर में 2 साल की एक बच्ची जीवन और मौत से लड़ रही है। वहीं भरतपुर में भी ऐसा मामला सामने आया है।
आरोप है कि सरकारी अस्पतालों में दी जानेवाली दवा dextromethorphan hydrobromide syrup पीने के बाद ही बच्चों की तबीयत ख़राब हो गई। जहां एक बच्चे की मौत हो गई। ऐसे में अब सीकर और भरतपुर में 2 बच्चों की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने इन मामलों को देखते हुए खांसी की सिरप के एक बैच (19 नंबर बैच) के वितरण पर पूरे राज्य में रोक लगा दी है। खास बात यह है कि इसी साल जून में जांच के बाद सप्लाई शुरू हुई थी।
जिस कंपनी का ये सिरप है। उसकी एक दवा पहले भी ‘नॉट ऑफ स्टैंडर्ड’ पाई गई थी। इधर, लगातार मामलों के बाद आरएमएससीएल ने दवा की वितरण पर रोक लगा दी है। ड्रग डिपार्टमेंट ने दवाओं के सैंपल लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि भरतपुर में डॉक्टर ने खुद इसे पीकर जांच की थी। उनकी भी तबीयत बिगड़ गई थी। नितियांस के चाचा बसंत शर्मा ने बताया- भतीजे को 4- 5 दिन से खांसी थी। नजदीक के चिराना सीएचसी पर भाभी खुशी उसे लेकर गई थी। सीएचसी से ही खांसी की दवा ली गई थी। रात करीब 11:30 बजे उसे दवा दी गई थी।
रात 3:30 बजे के करीब उसे हिचकी आई। इस पर उसे पानी पिलाया था। सोमवार सुबह उसे उठाया तो, नहीं उठा। इस पर सीकर के एसके हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। चाचा का दावा है कि सिरप पीने से ही भतीजे की मौत हुई है। बच्चे के पिता का झारखंड में होटल है। बच्चे का एक 7 साल का बड़ा भाई है। दादिया एसएचओ बुद्धिप्रसाद ने कहा- परिवार ने बच्चे का पोस्टमॉर्टम करवाने से मना कर दिया था। उनका कहना है कि बच्चा खांसी से परेशान था। दवा पीने से उसकी मौत हुई है।
-

Punjab Police की नौकरी छोड़ Singing में आए Jawanda लड़ रहे मौत से जंग, देखें वीडियो
सलामती के लिए राजवीर के पैतृक गावं में रखवाया अखंड पाठ साहिब
लुधियानाः पंजाबी इंडस्ट्री के मशहूर गायक राजवीर जावंदा की हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। वह पिछले तीन दिन से वेंटिलेटर पर है। हादसे के बाद लुधियाना स्थित उनके पैतृक गांव पौना के लोग भी सदमे में हैं। हर तरफ जवंदा के जल्द ठीक होने को लेकर अरदासें की जा रही है। जहां तक की लोग गुरुद्वारा साहिब में पहुंच गए। जवंदा की सलामती के लिए लोगों ने सिधवां कलां में 6वें गुरु हरगोबिंद राय जी के चरण छू गुरुद्वारा साहिब में अखंड पाठ रखवाया है। गांव पौना में जवंदा का पैतृक घर बंद मिला है, गांव के ज्यादातर लोग मोहाली में है। जहां के फोर्टिस अस्पताल में जवंदा 3 दिन से एडवांस लाइफ सपोर्ट सिस्टम पर जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं। गांव पौना में गुरुद्वारा साहिब के ग्रंथी गुरमीत सिंह ने बातचीत में बताया कि जब राजवीर छोटा था तो उनकी मां परमजीत कौर गांव की सरपंच हुआ करती थीं। तब दूरदर्शन की टीम मेरा पिंड–मेरा खेत की शूटिंग करने गांव में आई। कुछ शूटिंग राजवीर के घर भी हुई। तब राजवीर ने 2 लाइनें गाईं तो टीम के सदस्यों ने उसे शाबाशी दी और कहा कि तेरी आवाज अच्छी है। वहीं से उसका सिंगिंग की तरफ झुकाव हुआ। जिसके बाद उसने रियाज शुरू कर दिया। राजवीर ने जगराओं के सन्मति विमल जैन स्कूल से स्कूली पढ़ाई की। फिर जगराओं के DAV कॉलेज से ग्रेजुएशन किया। इसके बाद पढ़ाई के लिए पटियाला गए। जहां पंजाबी यूनिवर्सिटी से थिएटर एवं टेलीविजन में MA की डिग्री हासिल की। राजवीर के पिता कर्म सिंह पंजाब पुलिस में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर थे। इसलिए राजवीर का झुकाव भी पंजाब पुलिस की तरफ हुआ। राजवीर 2011 में पंजाब पुलिस में कॉन्स्टेबल के तौर पर भर्ती हुए। उन्होंने जगराओं में ड्यूटी भी की। मगर, सिंगिंग का शौक भी बरकरार रहा। करीब 8 साल बाद 2019 में जब राजवीर को लगा कि अब सिंगिंग में करियर की लाइन क्लियर है तो उन्होंने पुलिस की नौकरी छोड़ दी। ग्रंथी गुरमीत सिंह ने आगे बताया कि राजवीर जवंदा या उसके परिवार का कोई भी सदस्य गांव आता तो गुरुद्वारा साहिब में अरदास करने जरूर आते हैं। राजवीर अक्सर दिन के समय गुरुद्वारा साहिब में आते हैं और मिठाइयां व अन्य खाने की चीजें लेकर आते। -

Womens World Cup में बढ़ाई गई प्राइज मनी, Champion बनने वाली टीम को मिलेगी इतनी राशि
खेल: एशिया कप 2025 खत्म होने के बाद अब आईसीसी महिला वनडे कप शुरु होने जा रहा है। यह टूर्नामेंट का 13वां एडिशन है और इस वजह से खास है क्योंकि इस बार प्राइज मनी में अब तक की सबसे ज्यादा बढ़ोतरी की गई है। सिर्फ इतना ही नहीं महिला वर्ल्ड कप की प्राइज मनी अब पुरुषों के वर्ल्ड कप और आईपीएल से भी ज्यादा हो गई है।चैंपियन बनने वाली टीम के मिलेंगे 20 करोड़
आईसीसी ने यह घोषणा की है कि इस बार महिला वनडे वर्ल्ड कप की प्राइज मनी बढ़ा दी गई है। वर्ल्ड कप की कुल प्राइज मनी 13.88 मिलियन डॉलर होगी। यह पिछले वर्ल्ड कप की तुलना में करीबन 300 प्रतिशत ज्यादा होगी। वहीं जो टीम चैंपियन बनेगी उनके 4.48 मिलियन डॉलर यानी की लगभग 40 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। फाइनल में रनरअप टीम को भी करीबन 20 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इस बार सिर्फ जीतने वाली टीम ही नहीं बल्कि सभी टीमों को प्राइज मनी दी जाएगी। सेमीफाइनल तक जो टीम पहुंचेगी उन चारों टीमों को 10-10 करोड़ रुपये दिए जाएंगे। इसके अलावा जो टीमें ग्रुप स्टेज में कोई भी मैच नहीं जीत पाएंगी उन्हें भी कम से कम 2.5 करोड़ रुपये मिलेंगे। इससे यह साफ हो चुका है कि इस बार कोई भी टीम इस टूर्नामेंट से खाली हाथ वापिस नहीं जाएगी।2 नवंबर को होगा फाइनल मैच
महिला वर्ल्ड कप 2025 में कुल 8 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं। यह टूर्नामेंट 34 दिनों तक चलेगा और इसमें 31 मैच खेले जाएंगे। फाइनल मुकाबला महिलाओं में 2 नवंबर को होगा। ज्यादातर मैच भारतीय समय के अनुसार, दोपहर 3 बजे से खेले जाएंगे। भारत और श्रीलंका इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर रहे हैं।मैच में शामिल होंगी ये टीमें
भारत ने मेजबान होने के नाते सीधे तौर पर क्वालिफाई कर लिया है। भारत के अलावा ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और दक्षिण अफ्रीका ने महिला चैंपियनशिप रैंकिंग के आधार पर जगह बना ली है। पाकिस्तान और बांग्लादेश ने लाहौर में हुए क्वालीफायर टूर्नामेंट के जरिए ही वर्ल्ड कप का टिकट हासिल किया है।भारत और ऑस्ट्रेलिया में मुकाबला
ऑस्ट्रेलिया की टीम अब तक 7 बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपनी नाम कर चुकी है। इसके अलावा वह मौजूदा चैंपियन भी हैं। दूसरी ओर भारत अभी भी खिताब की तलाश कर रहा है। घरेलू सरजमीं पर खेलते हुए भारतीय महिला टीम के पास यह सुनहरा मौका है कि वह ट्रॉफी जीतकर इतिहास अपने नाम कर लें। -

Punjab News: America जाने के नाम पर ठगे 37 लाख, Mexico में फंसे हरदीप सिंह का दर्दनाक वीडियो आया सामने
मोहालीः डेराबस्सी ब्लॉक के गांव समगोली के युवक हरदीप सिंह की मैक्सिको में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत बताई जा रही है, लेकिन अभी तक किसी ने इसकी पुष्टि नहीं हुई है। वहीं अब हरदीप सिंह का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वो एजेंटों पर गंभीर आरोप लगा रहा है और अपनी किसी भी हानि पर उनको जिम्मेदार ठहरा रहा है।
वीडियो में उसने बताया कि एजेंटों ने उसे अमेरिका भेजने के नाम पर परिवार से 37 लाख रुपए ऐंठ लिए। हरदीप के भाई मलकीत सिंह के अनुसार उसका भाई हरदीप सिंह जुलाई 2024 में घर से निकला था। हरदीप सिंह ने वीडियो में कहा कि एजेंट नीतिन सैनी निवासी बरनाला और नीतिन के जीजा सुखविंदर ने उसे डोंकी के जरिए मैक्सिको से होते हुए अमेरिका भेजने का भरोसा दिलाया था, लेकिन मैक्सिको पहुंचने के बाद डोंकरों ने उसे एक कमरे में भूखा-प्यासा रखा। परिवार द्वारा 37 लाख रुपये देने के बावजूद वहां खर्च नहीं भेजा गया, जिसके चलते मजबूरी में उनके परिवार को 4 लाख रुपये और भेजने पड़े, लेकिन फिर भी उसे अमेरिका नहीं भेजा गया। पिछले 8-9 महीनों से उसे मेक्सिकों में ही रखा गया है जहां उसने सीएम भगवंत मान, एमएलए और पुलिस अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।
वहीं दूसरी ओर शनिवार रात परिवार को खबर मिली कि हरदीप सिंह की मौत हो गई है। परिवार में मातम का माहौल है। हरदीप पहले अपने भाई के साथ मिलकर मेडिकल स्टोर चलाता था, जबकि उसका दूसरा भाई पुर्तगाल में रहता है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी नितिन सैनी निवासी बरनाला और सुखविंदर सिंह सैनी निवासी भांखरपुर के खिलाफ धारा 316(2), 318(4), 61(2) बीएनएस और 24 इमिग्रेशन एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
-

Jalandhar News: अवैध उसारी को लेकर प्रशासन का एक्शन, तस्कर सचिन के घर की कार्रवाई, देखें वीडियो
जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम के तहत आज नगर निगम व पुलिस प्रशासन और तहसीलदार की मौजूदगी में बस्ती गुजा में महर्षि वाल्मीकि मंदिर के पास तस्कर के घर पर कार्रवाई की गई। इस दौरान प्रशासन ने सचिन नामक तस्कर के घर अवैध उसारी किए जगह को धवस्त कर दिया। मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी हरविंदर सिंह ने बताया कि सचिन के खिलाफ तस्करी के 10 मामले दर्ज है।
सचिन ने नशा बेचकर अवैध उसारी बनाई हुई थी। जिसको लेकर नगर निगम की टीम ने उन्हें पत्र जारी करके अवैध उसारी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस की तैनाती को लेकर अपील की थी। जिसके बाद आज नगर निगम की ओर से जारी पत्र के बाद आज पुलिस की मौजूदगी में अवैध की गई उसारी को गिराने का काम किया जा रहा है।
वहीं एटीपी ने कहा कि सचिन को अवैध उसारी को लेकर नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। जिसके बाद आज सचिन के घर पर यह कार्रवाई की गई है। बताया जा रहा है कि घर के बाहर 5 फीट की जगह बनाई हुई थी, जिसे आज प्रशासन द्वारा गिराया गया है।