Blog

  • फोक मीडिया दलों ने छपरोह, सारड़ा, समूरकलां व लमलैहड़ी में किया सरकारी योजनाओं बारे जागरूक

    फोक मीडिया दलों ने छपरोह, सारड़ा, समूरकलां व लमलैहड़ी में किया सरकारी योजनाओं बारे जागरूक

    ऊना/सुशील पंडित: सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष प्रचार अभियान के तहत पूर्वी कलामंच जलग्रां के कलाकारों ने विकास खंड अंब की ग्राम पंचायत छपरोह व सारड़ा तथा आरके कलामंच चिंतपूर्णी के कलाकारों ने विकास खंड ऊना की ग्राम पंचायत समूरकलां व लमलैहड़ी में प्रदेश सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी नीतियों व योजनाओं का गीत संगीत व नुक्कड़ नाटक के माध्यम से प्रचार कर लोगों को जागरूक किया।
    इस मौके पर कलाकारों ने बताया कि मुख्यमंत्री एक बीघा योजना के तहत एक महिला या उसके परिवार को बैकयार्ड किचन गार्डन तैयार करने के लिए 40 हज़ार रूपये का अनुदान प्रदान किया जा रहा है। 

    फोक मीडिया दलों ने बताया कि मुख्यमंत्री खेत संरक्षण योजना के तहत जंगली जानवरों व आवरा पशुओं से फसलों की सुरक्षा के लिए किसानों को व्यक्तिगत सोलर बाड़बंदी पर 80 प्रतिशत व किसान समूह आधारित सोलर बाड़बंदी पर 85 प्रतिशत सब्सिडी और कांटेदार व चेन लिंक बाड़बंदी पर 50 प्रतिशत व कम्पोजिट बाड़बंदी पर 70 प्रतिशत सब्सिडी प्रदान की जा रही है।

    इसके अलावा कलाकारों ने लोगों को नशों से दूर रहने तथा नशों के दुष्प्रभावों के संबंध में भी जागरूक किया। उन्होंने बताया कि नशा समाज को खोखला करने का काम कर रहा है। नेश का समूल नाश करके ही देश और समाज की तरक्की संभव है। नशे की लत को पूरा करने के लिए बहुत से नौजवान अपराधों का रास्ता चुनते हैं। इसलिए नशे से समाज को बचाना होगा। इसमें नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं के अलावा समाज के हर वर्ग नशे के दुष्प्रभावों से अवगत होगा तो यह समस्या हम दूर कर सकते हैं। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज व देशहित मंे कार्य करने की अपील की।
    इस अवसर पर प्रधान शशि कालिया, ज्ञान चंद, शीला देवी, कविता देवी, उप प्रधान मदन लाल, वार्ड सदस्य नवीन शर्मा, ऊषा, पुनीत कालिया, रजनी सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधि व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

  • वीरेंद्र कंवर ने जिला में कोरोना से प्रभावित हुए 4 बच्चों को दी पीएम केयर्स योजना के तहत सहायता

    वीरेंद्र कंवर ने जिला में कोरोना से प्रभावित हुए 4 बच्चों को दी पीएम केयर्स योजना के तहत सहायता

    पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल कार्यक्रम में देश भर के लाभार्थियों को जारी की सहायता

    ऊना/सुशील पंडित: देश में कोरोना महामारी के चलते अपने माता-पिता को खो चुके बच्चों को आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पीएम केयर्स योजना के तहत लाभ जारी किए। ऊना में ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज, कृषि, मत्स्य एवं पशु पालन मंत्री वीरेंद्र कंवर वर्चुअली इस कार्यक्रम में शामिल हुए तथा जिला ऊना के चार प्रभावित बच्चों को सहायता प्रदान की। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कहा कि अनेकों बच्चों ने कोरोना महामारी दौरान अपने मां-बाप को खोया है। मां-बाप की कमी की भरपाई तो नहीं की जा सकती है, लेकिन ऐसे अनाथ बच्चों को हर सभंव सहायता के लिए सरकार सतत प्रयास कर रही है तथा पीएम केयर्स योजना इसी दिशा में सरकार की पहल है। उन्होंने कहा कि योजना के तहत अनाथ बच्चे को 23 वर्ष की आयु होने पर 10 लाख रुपए तक की एकमुश्त राशि प्रदान की जाएगी। इस योजना में बच्चे को 23 वर्ष की आयु तक आयुष्मान भारत के तहत 5 लाख रुपए का मुफ्त स्वास्थ्य बीमा भी दिया जा रहा है, जिसका पूरा प्रीमियम सरकार देगी। इसके साथ ही बाल बालिका सुरक्षा योजना के तहत 4 हजार रुपए की राशि 18 वर्ष की आयु तक प्रदान की जाएगी तथा बच्चों की पढ़ाई के लिए भी सरकार ऋण प्रदान करेगी, जिसके ब्याज का भुगतान सरकार ही करेगी। 

    वीरेंद्र कंवर ने कहा कि पीएम केयर्स योजना के तहत बच्चों को व्यक्तिगत जरूरतों को पूरा करने के लिए 1000 रुपए प्रति माह भत्ता भी दिया जाएगा। साथ ही पहली से बारहवीं कक्षा तक के बच्चों को 20 हजार रुपए प्रतिवर्ष छात्रवृति प्रदान की जाएगी। इसके अलावा कर्मा योजना के तहत कौशल प्रशिक्षण एवं तकनीकी शिक्षा के लिए सवानार्थ छात्रवृति भी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत कोविड-19 वायरस के चलते अपने माता-पिता को खोने वाले बच्चों को सरकार 50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि भी दी जाएगी। 

    ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान चारों बच्चों को आयुष्मान कार्ड, स्नेह पत्र, पीएम केयर्स प्रमाण पत्र, पोस्ट ऑफिस की पासबुक, जिलाधीश ऊना का जारी पत्र तथा पीएम केयर्स के संबंध में निर्देश पुस्तिका की किट प्रदान की। इस अवसर पर डीसी राघव शर्मा, जिला बाल सरंक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस सतनाम सिंह तथा बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे।

  • किसान नेता राकेश टिकैत पर स्याही अटैक, बेंगलुरू में कर रहे थे प्रेस कॉन्फ्रेंस

    किसान नेता राकेश टिकैत पर स्याही अटैक, बेंगलुरू में कर रहे थे प्रेस कॉन्फ्रेंस

    नई दिल्ली- बेंगलुरु के गांधी भवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किसान नेता राकेश टिकैत पर एक शख्स ने स्याही फेंक दी। जिसके बाद वहां माहौल गर्मा गया। पुलिस ने स्याही फेंकने वाले शख्स को गिरफ्तार कर लिया है।

    जानकारी के मुताबिक, गांधी भवन में किसान नेता राकेश टिकैत और युद्धवीर सिंह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। इस बीच एक शख्स ने उन पर काली स्याही फेंक दी। दोनों किसान नेता एक लोकल चैनल के स्टिंग ऑपरेशन के वीडियो पर सफाई देने आए थे।

  • पेट्रोल-डीजल 5 रुपये तक हो सकते हैं और सस्ते!…

    पेट्रोल-डीजल 5 रुपये तक हो सकते हैं और सस्ते!…

    नई दिल्ली. बेतहाशा मंहगाई को देखते हुए केंद्र सरकार ने अभी हाल ही पेट्रोल-डीजल के एक्साइज ड्यूटी में कमी की है. इसके बाद कई राज्यों ने भी वैट में कटौती की है. इससे पेट्रोल-डीजल के दाम 10-15 रुपये प्रति लीटर तक कम हुए हैं. अगर राज्य सरकारें चाहें तो इनकी कीमतों में 5 रुपये प्रति लीटर तक की और कमी हो सकती है और लोगों को महंगाई से कुछ और निजात मिल सकती है.

    स्टेट बैंक ऑफ इंडिया रिसर्च ने सोमवार को जारी अपनी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी है कि जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़े थे तो राज्यों को वैल्यू एडेड टैक्स (VAT) के रूप में 49,229 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिला था. यही वजह है कि राज्यों के पास अभी वैट में कटौती की और गुंजाइश है.

    एसबीआई रिसर्च ने अपनी रिपोर्ट में कहा है कि वैट अभी भी रेवेन्यू से 34,208 करोड़ रुपये ज्यादा है. राज्य सरकारें चाहें तो तेल की कीमतों में कटौती कर सकती हैं. एसबीआई के चीफ इकोनॉमिक एडवाइजर सौम्य कांति घोष ने रिपोर्ट में कहा है कि कोविड-19 के बाद राज्यों की वित्तीय स्थिति में सुधार हुआ है. उनके पास टैक्स को समायोजित करने के आवश्यक साधान मौजूद हैं. राज्यों की कम उधारी से भी यह जाहिर होता है.

    उन्होंने कहा कि इन सभी बातों को ध्यान में रखा जाए और एक्साइज ड्यूटी में हुई कमी को समायोजित कर लिया जाए तो राज्यों को बजट अनुमान से अतिरिक्त और ज्यादा तेल राजस्व पर कोई फायदा या नुकसान नहीं हुआ है. राज्य सरकारें तेल पर वैट में कमी किए बिना भी डीजल की कीमत 2 रुपये और पेट्रोल 3 रुपये प्रति लीटर सस्ता कर सकते हैं.

    इस मामले में महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना सबसे ज्यादा फायदे में हैं. घोष ने कहा कि महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य जिन पर जीडीपी अनुपात की तुलना में कर्ज कम है वे पेट्रोल और डीजल के दाम में 5 रुपये प्रति लीटर तक कटौती कर सकते हैं. हरियाणा, केरल, राजस्थान, तेलंगाना और अरुणाचल प्रदेश सहित कई राज्यों का टैक्स-जीडीपी अनुपात 7 फीसदी से ज्यादा है. इन राज्यों के पास ईंधन पर टैक्स को समायोजित करने की पर्याप्त वजह हैं.

    सभी राज्य पेट्रोल और डीजल की कीमत पर वैट वसूलते हैं. इनकी कीमतें जितनी ज्यादा बढ़ती हैं उन्हें वैट भी उतना ही ज्यादा मिलता है. केंद्र सरकार द्वारा एक्साइज ड्यूटी घटाने पर यह खुद ही घट जाता है.

  • पंजाब: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच के बीच अभिनेता करतार चीमा गिरफ्तार

    पंजाब: सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड की जांच के बीच अभिनेता करतार चीमा गिरफ्तार

    अमृतसर: पंजाब के अमृतसर से बड़ी खबर है। सिद्धू मूसेवाला की चल रही जांच के दौरान अमृतसर की पुलिस ने अभिनेता करतार चीमा को गिरफ्तार किया है। चीमा की गिरफ्तारी के पीछे धमकाने और फिरौती मांगने का मामला बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस चीमा से पूछताछ कर रही है।

    पंजाब में सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जांच के दौरान नई खबर सामने आई है। अमृतसर पुलिस ने अभिनेता करतार चीमा को गिरफ्तार कर लिया है। चीमा पर आरोप है कि उन्होंने एनएसयूआई पंजाब प्रेसिडेंट को धमकाने व फिरौती मांगी है। जिसकी शिकायत पुलिस को मिली थी।

  • Sidhu Moose Wala Murder- पिता के भेजे पत्र पर सीएम भगवंत मान का आया जबाव, कहीं ये बात…

    Sidhu Moose Wala Murder- पिता के भेजे पत्र पर सीएम भगवंत मान का आया जबाव, कहीं ये बात…

    बठिंडा/चंडीगढ़। पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसे वाला शव का परिवार द्वारा पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया गया है।  सिद्धू मूसे वाला के पिता ने मुख्यमंत्री भगवंत मान को पत्र लिखा इंसाफ की मांग की है। सिद्धू मूसेवाला के पिता के पत्र के जवाब मुख्‍यमंत्री भगवंत मान ने हत्‍या की न्‍यायिक जांच कराने की बात कही।  कांग्रेस के प्रदेश प्रधान राजा वड़िंग सिद्धू मूसे वाला के घर पर पहुंचे हुए हैं। वहीं गांव को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। गांव को आने वाले सभी रास्तों को सील कर दिया गया है। प्रताप सिंह बाजवा भी सिद्धू मूसे वाला के घर पर पहुंचे हैं।

    प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला के पिता की ओर से लिखे पत्र के जवाब में  मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इस हत्या की जांच सिटिंग जज से करवाने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा, किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। काबिले गौर है कि सिद्धू मूसेवाला के पिता ने अपने बेटे का संस्कार करने से मना करने के साथ साथ मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर इंसाफ की मांगी की थी। वह डीजीपी वीके भावरा के उस बयान से भी नाराज थे जिसमें उन्होंने इस हत्याकांड को गैंगवार बताया था। मूसेवाला के पिता ने कहा कि उसके बेटे का गैंगस्टरों के साथ कोई संबंध नहीं था।

    मुख्यमंत्री ने सिद्धू मूसेवाला के पिता के इस पत्र का जवाब देते हुए कहा कि सरकार जांच में पूरा सहयोग करेगी। उन्होंने सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा में कटौती करने और डीजीपी के बयान का भी नोटिस लिया। मुख्यमंत्री ने कल वाले डीजीपी के बयान पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही उन्होंने सुरक्षा घटाने के फैसले पर भी मुख्यमंत्री ने जांच के आदेश दिए हैं। 

  • सिद्धू मूसेवाला के पिता ने पंजाब के CM भगवंत मान को लिखी चिट्ठी

    सिद्धू मूसेवाला के पिता ने पंजाब के CM भगवंत मान को लिखी चिट्ठी

    मानसा: पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला पर गत दिन अंधाधुंध फायरिंग हुई जिस दौरान लगभग 20 गोलियां उन पर चलाई गई। सिद्धू मूसेवाला के पिता का कहना है कि पंजाब सरकार ने एक दिन पहले ही सिक्योरिटी वापिस ली और दूसरे दिन उनके बेटे पर गोलियों की बरसा दी गई। सिद्धू मूसेवाला के पिता ने कहा कि पंजाब सरकार की नाकामियों कारण ही उनका बेटा शुभदीप सिंह उनसे हमेशा के लिए दूर चला गया। पिता ने अपने बेटे के लिए गहरा दुख जताते हुए कहा कि उनके परिवार को इंसाफ दिलवाया जाए। उन्होंने कहा कि शुभदीप की मां बार-बार उनसे पूछ रही है कि उसका बेटा कब घर वापिस आएगा। 

  • Sidhu Moose Wala Murder: गाड़ी में मौजूूद दोस्‍त ने बताया कैसे हुई घटना….

    Sidhu Moose Wala Murder: गाड़ी में मौजूूद दोस्‍त ने बताया कैसे हुई घटना….

    लुधियाना। पंजाबी गायक और कांग्रेस नेता सिद्धू मूसेवाला की हत्‍या के दौरान उनके साथ गाड़ी में मौजूद रहे दोस्‍त गुरविंदर सिंह ने घटना कैसे हुई इसके बारे में बताया है। घटना में गुरविंदर भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। उन्‍होंंने बताया कि जब गाड़ी पर गोलियां चलीं तो मूसेवाला ने भी दो फायर किए, लेकिन हमालवरोंं ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।   

    डीएमसी में दाखिल गुरविंदर ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला रविवार को अपनी बीमार मौसी का हाल जानने के लिए अपने गांव से निकले थे। जैसे ही मानसा के गांव जवाहरके में पहुंचे तो उनकी हत्या कर दी गई। गोली लगने से घायल गुरविंदर सिंह ने कहा कि मैं गाड़ी में पीछे और दूसरा दोस्‍त गुरप्रीत सिंह उनके साथ वाली सीट पर बैठा था।

    गुरविंदर सिंह ने बताया कि सिद्धू मूसेवाला की मौसी बीमार थी। वह अचानक उनका हालचाल लेने जाने के लिए तैयार हो गया। गाड़ी में पांच लोगों के बैठने की जगह नहीं थी, इसलिए उन्‍होंने अपने सुरक्षा कर्मियों को साथ नहीं बैठाया। गुरविंदर सिंह के अनुसार जैसे ही वह गांव से कुछ दूर पहुंचे तो सबसे पहले उनके पीछे से एक फायर हुआ। इतने में एक गाड़ी उनके आगे आकर रुक गई। तभी एक युवक गाड़ी के सामने आया और उसने कई गोलियां चलाईं।

    गुरविंदर के अनुसार मूसेवाला ने भी अपनी पिस्तौल से जवाब में दो फायर किए थे, मगर सामने वाले हमलावर के पास आटोमैटिक गन होने के कारण वह लगातार फायरिंग करता रहा। मूसेवाला के दो फायर करते ही हमारी गाड़ी पर तीन तरफ से फायरिंग होने लगी। मूसेवाला ने एक बार गाड़ी को भगाने का प्रयास भी किया लेकिन हमें आगे और पीछे दोनों तरफ से घेर लिया गया था।

  • सिद्धू मूसेवाला के ​परिजनों का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार….

    सिद्धू मूसेवाला के ​परिजनों का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार….

    चंडीगढ़: सिद्धू मूसेवाला के परिवार ने सिंगर की डेड बॉडी का पोस्टमार्टम करवाने से इनकार कर दिया है. परिजनों ने इस हत्याकांड की जांच एनआई से करवाने की मांग की है. ऐसे में मूसेवाला के अंतिम संस्कार में देर हो सकती है. परिजानों का कहना है कि इस हत्याकांड के तार अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जुड़ हुए हैं, इसलिए मामले में एनआईए जांच होनी चाहिए.

    उनका कहना है कि, पंजाब पुलिस की एसआईटी की जांच पर उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन एनआई और अन्य एजेंसियों को भी इसमें शामिल किया जाना चाहिए. इस पंजाबी सिंगर की फैमिली ने डीजीपी से स्पष्टीकरण मांगा है कि सिद्धू मूसेवाला की सुरक्षा वापिस लिए जाने की खबर लीक क्यों हुई? एक मीडिया रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि मूसेवाला की पिछले दो दिन से विदेश से लगातार रेकी कराई जा रही थी.

    सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या की जिम्मेदारी कनाडा में बैठे गैंग्स्टर गोल्डी बराड़ ने ली है. गोल्डी बराड़ तिहाड़ जेल में बंद गैंग्स्टर लॉरेंस बिश्नोई के गैंग का सदस्य है. परिजनों का कहना है कि बीते 9 दिनों से सिद्धू को लगातार सोशल मीडिया के जरिए जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं. लेकिन मूसेवाला ने इस संबंध में न तो जिला पुलिस को कोई शिकायत दी और न ही अपने सुरक्षाकर्मियों को इसकी जानकारी दी थी.

    गौरतलब है कि 28 साल के इस पंजाबी सिंगर की मानसा जिले में 29 मई को दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई. सिद्धू मूसेवाला की थार जीप पर 30 राउंड से अधिक गोलियां बरसाई गईं. सिद्धू के पिता बलकौर सिंह के मुताबिक जब उनके बेटे पर हमला हुआ तो वह दूसरी गाड़ी में कुछ ही दूर पर मौजूद थे. उन्होंने बताया कि एक कोरोला कार उनके बेटे की थार जीप का पीछा कर रही थी. जवाहर गांव के बाहरी रास्ते पर खड़ी एक सफेद बोलेरो में सवार 4 बंदूकधारियों ने सिद्धू मूसेवाला की थार जीप पर गोलीबारी की, जिसमें उसकी मौत हो गई.

  • आज का राशिफल, 30 मई 2022

    आज का राशिफल, 30 मई 2022

    मेष राशिफल। आज आप अपने माता-पिता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे,क्योंकि आप उनके द्वारा सौपी गई जिम्मेदारियों को अच्छे से निभाएंगे। विदेश में रह रहे परिजन आपके स्वास्थ्य को लेकर चिंतित रहेंगे। आपको अपने किसी परिजन से समय पर मदद ना मिलने के कारण आपका विश्वास टूटेगा। आपको व्यापार व कार्यक्षेत्र में मन मुताबिक कार्य मिलने से आप प्रसन्न रहेंगे। विद्यार्थियों को अपने कमजोर विषयों पर अत्यधिक मेहनत करनी होगी। प्रेम जीवन में लंबे समय से चल रहा विरोध समाप्त होगा। आपको आज किसी नई योजना का पता चलेगा।

    वृष राशिफल। आज का दिन राजनीति की दिशा में कार्यरत लोगों के लिए बेहतर रहेगा,क्योंकि उन्हे कोई नया पद भार सौंपा जाएगा जिसमें वह व्यस्त रहेंगे। आप अपने मित्रों के साथ घूमने करने की योजना बनाएंगे,जिसमे आपको सावधान रहना होगा,नहीं तो किसी दुर्घटना के होने का भय बना हुआ है। आपके कुछ रुके हुए कार्यों को लेकर आप परेशान रहेंगे,लेकिन उन्हें पूरा करने के लिए प्रयास भी अवश्य करेंगे। प्रेम जीवन में नई ऊर्जा का संचार होगा और आप अपने घर सुख सुविधाओं की किसी वस्तु की खरीदारी भी कर सकते हैं।

    मिथुन राशिफल। आज का दिन आपके लिए सामान्य रहने वाला है। संतान पक्ष की ओर से आपको कोई सुखद समाचार सुनने से आपका मनोबल बढ़ेगा। आप दान पुण्य के कार्य में भी कुछ धन लगाएंगे। व्यापार कर रहे लोग कुछ नई योजनाओं को लॉन्च करेंगे,जिसका उन्हें भविष्य में भरपूर लाभ मिलेगा। आपके परिवार का कोई वरिष्ठ सदस्य आपसे नाराज हो सकता है,जिनको मनाने की आपको पूरी कोशिश करनी होगी। आप यदि किसी से पार्टनरशिप में किसी डील को फाइनल करें,तो उसमें सावधानी बरतें। आपको किसी से भी धन उधार लेने से बचना होगा,नहीं तो आपको उसे उतार पाना मुश्किल होगा।

    कर्क राशिफल। आज आपकी शुभ कार्य में दिलचस्पी रहेगी,जिसके कारण आपके आत्मसम्मान में भी वृद्धि होगी। संतान पक्ष के विवाह में यदि कुछ अड़चनें आ रही थी,तो वह समाप्त होगी। आपके घर किसी मांगलिक कार्यक्रम पर विचार-विमर्श हो सकता है। वरिष्ठ सदस्य को रिटायरमेंट मिल सकता है। व्यापार में यदि आपने पहले किसी को धन उधार दिया था,तो वह आपको वापस मिल सकता है। आपको परिवार में कुछ अहम जिम्मेदारियां सौंपी जा सकती हैं,जिनको लेकर आपको परेशान नहीं होना है

    सिंह राशिफल। आज का दिन आपके लिए भाग्य के दृष्टिकोण से उत्तम रहेगा। आपके विरोधी आपके खिलाफ षड्यंत्र रचने में सफल रहेंगे। आप अपनी चतुर बुद्धि का प्रयोग करके अपने व्यापार की समस्याओं को भी हल करेंगे व अपने शत्रु पर विजय प्राप्त करेंगे। सांसारिक सुख भोग के साधनों में वृद्धि होने से आपके मन में हर्ष होगा। आपको ससुराल पक्ष के किसी व्यक्ति से बातचीत सोच विचार कर करनी होगी। यदि आस पडोस में कोई वाद विवाद हुआ,तो जीवनसाथी आपसे नाराज हो सकती हैं। आप संतान के लिए किसी नए व्यवसाय को कराएंगे,तो उसमें आपको भाग्य का पूरा साथ मिलेगा।

    कन्या राशिफल। आज के दिन दांपत्य जीवन सुखमय रहेगा और आपके प्रतिद्वंदी भी आपके सिरदर्द बने रहेंगे। आपको वृद्धजनों की सेवा व दान पुण्य के कार्य पर धन व्यय करने से आपके मन में हर्ष होगा। आपको संतान द्वारा कोई खुशखबरी सुनने को मिल सकती है,जो लोग नई नौकरी की तलाश कर रहे हैं,उन्हें उसे तुरंत ज्वाइन करना बेहतर रहेगा।  पिताजी के स्वास्थ्य में अक्समात गिरावट के कारण आप परेशान रहेंगे। आपका साझेदारी में चल रहा व्यवसाय आपको मन मुताबिक लाभ देगा। यदि किसी संपत्ति के विक्रय की योजना बना रहे हैं,तो उसमें आपको अपनी आंख व कान दोनों खुले रखकर ही किसी डील को फाइनल करना बेहतर रहेगा।

    तुला राशिफल। आज का दिन आपके लिए भाग दौड़ भरा रहेगा। परिवार में भी कुछ अशांति का माहौल रहेगा,क्योंकि परिवार की कोई कलह फिर से सिर उठा सकती है। आपको व्यापार में कुछ शत्रुओं से सावधान रहना होगा,नहीं तो वह आपके अधिकारियों से आपकी चुगली लगा सकते हैं। आपको बिजनेस में अत्यधिक मेहनत के बाद भी आय कम और व्यय अधिक होगा,जिसके कारण आप थोड़ा परेशान तो रहेंगे,लेकिन किसी भी परिस्थिति में आपका साहस देखकर आपके परिवार के सदस्य भी हैरान रहेंगे। आपको अपनी समस्या को अपने पिताजी से साझा करना होगा,तभी वह सफलता हासिल कर सकेंगे।

    वृश्चिक राशिफल। आज का दिन आपके लिए कुछ चुनौतीपूर्ण रहेगा। आपको व्यापार में महत्वपूर्ण निर्णय लेने होंगे,लेकिन विरोधी उसमें टांग अड़ाने की पूरी कोशिश करेंगे। आप अपनी बात दूसरों तक पहुंचाने में कामयाब रहेंगे,जो आने वाले समय में आपके लिए प्रशंसा का कारण बनेगी। आपकी किसी नए वाहन को खरीदने की इच्छा पूरी होगी,लेकिन आपको अपने कीमती सामानों की सुरक्षा रखनी होगी,नहीं तो उनके चोरी होने का भय बना हुआ है। जीवनसाथी से आपका कुछ मनमुटाव हो सकता है। विद्यार्थियों ने यदि किसी परीक्षा के लिए आवेदन किया था,तो वह उसमें उन्हें सफलता मिलेगी।

    धनु राशिफल। आज का दिन आपके लिए उत्तम रूप से फलदायक रहेगा। आपके घर में धन-धान्य में वृद्धि होगी व यदि आपकी अपने मित्रों से कोई कलह चल रही थी,तो वह भी  समाप्त होगी। आपकी किसी मनोकामना की पूर्ति होने से आप प्रसन्न रहेंगे,जिसके बाद आप किसी धार्मिक स्थल पर जाने की योजना बनाएंगे। संतान के विवाह में आ रही समस्या के लिए आपको अपने किसी परिजन से मदद लेनी पड़ सकती है। आज आप किसी मांगलिक उत्सव में सम्मिलित होंगे,जहां आपकी कुछ रसूखदार लोगों से मुलाकात होगी। आपकी दूर संचार के साधनों में वृद्धि होगी।

    मकर राशिफल। आज का दिन आपका स्वास्थ्य कुछ खराब रहेगा,इसलिए आपको बाहर के खानपान व अत्यधिक तले भुने से परहेज रखना बेहतर रहेगा। महापुरुषों के मिलने से आपका मन हर्षित होगा। विद्यार्थियों को शिक्षा में कुछ समस्याओं का सामना करना पड़ेगा, जिसके लिए वह परेशान रहेंगे। आपका यदि कोई जमीन जयादाद से संबंधित विवाद चल रहा है,तो उसका समाधान हो सकता है और उसमें आपको लाभ होगा। आपका अपना परिचय कोई आपको धोखा दे सकता है,जिसको लेकर आप परेशान रहेंगे। आप माताजी को कोई सरप्राइस दे सकते हैं।

    कुंभ राशिफल। आज का दिन आपके लिए निश्चित रूप से फलदायक रहेगा। आपको किसी वरिष्ठ महिला का आशीर्वाद मिलने से उन्नति के विशेष अवसर पर प्राप्त होते रहेंगे। यदि भाई बंधुओं से आपका कोई विरोध चला आ रहा है,तो वह भी आज सुलझ जाएगा और आपका आपसी प्रेम बढ़ेगा। व्यापार में भी आपको आपका कहीं से रुका हुआ धन प्राप्त हो सकता है। आप कहीं घूमने फिरने की योजना अपने मित्रों के साथ बना सकते हैं,जिसमें आपको अपने जीवनसाथी से सलाह मशवरा करके जाना बेहतर रहेगा,नहीं तो वह नाराज हो सकती है

    मीन राशिफल। आज का दिन व्यवसाय कर रहे लोगों के लिए उत्तम रहेगा। व्यापार में यदि अधिक से अधिक धन निवेश करेंगे,तो उन्हें उसका लाभ अवश्य मिलेगा। यदि आपके कुछ विरोधी आपको परेशान करने की कोशिश करेंगे,तो आप उन्हें पराजित करने में सफल रहेंगे,लेकिन आपको पूरे दिन आय के स्त्रोत मिलते रहेंगे,जिनके कारण आप अपनी आर्थिक स्थिति को मजबूत करने में सफल रहेंगे। विद्यार्थियों को अपने कमजोर विषयों पर अत्यधिक मेहनत करनी होगी,तभी वह सफलता हासिल कर सकेंगे। आपको अपनी माताजी के स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहना होगा,नहीं तो उनको कोई समस्या हो सकती है।