Blog

  • सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लोगों का जीवन स्तर हो रहा बेहतर

    सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से लोगों का जीवन स्तर हो रहा बेहतर

    चंडीगढ़: पंजाब में भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली सरकार हाशियाग्रस्त, गरीब और आर्थिक तौर पर कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। सामाजिक सुरक्षा, स्त्री एवं बाल विकास मंत्री डा. बलजीत कौर ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान जनवरी 2026 तक विभिन्न सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत ₹5,748 करोड़ से अधिक की राशि सीधे लाभार्थियों के खातों में जारी की जा चुकी है। इन योजनाओं से राज्य के 35.70 लाख से अधिक लोगों को नियमित वित्तीय सहायता मिल रही है, जिससे बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग व्यक्तियों की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हुई है।

    मंत्री ने बताया कि बुढ़ापा पेंशन योजना के तहत ₹3,806.43 करोड़, विधवा एवं निराश्रित महिलाओं के लिए ₹1,099.97 करोड़, अनाथ और आश्रित बच्चों के लिए ₹385.94 करोड़ तथा दिव्यांग व्यक्तियों को ₹456.03 करोड़ की वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा योजनाएं केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह जरूरतमंद परिवारों को सम्मान और आत्मनिर्भरता के साथ जीवन जीने का आधार भी प्रदान करती हैं।

    डा. बलजीत कौर ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य हर जरूरतमंद तक सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक मजबूती पहुंचाना है। इस लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए वित्तीय वर्ष 2025–26 के लिए ₹6,175 करोड़ का बजट प्रावधान किया गया है, ताकि सरकारी सहायता पारदर्शिता, संवेदनशीलता और सम्मान के साथ लोगों तक पहुंच सके।

     

  • देर रात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा तलवार से हमला, दो युवक घायल

    देर रात मोटरसाइकिल सवारों द्वारा तलवार से हमला, दो युवक घायल

    हमलावर मौके से फरार, पुलिस जांच में जुटी

    ऊना/सुशील पंडित: जिला ऊना के सदर थाना क्षेत्र में बीती रात अज्ञात हमलावरों ने दो युवकों पर तलवार से हमला कर दिया। इस हमले में दोनों युवक घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 9 मोहल्ला बैहली निवासी गौरव पुत्र रछपाल अपने ताया के लड़के विक्रम पुत्र विशन दास के साथ करीब 9:30 बजे भारत पेट्रोलियम पंप बैहली से पैदल अपने घर लौट रहे थे।

    इसी दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे और उन्होंने दोनों का रास्ता रोक लिया व हमलावरों ने तलवार से हमला करते हुए दोनों के साथ मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घटना के दौरान मौके पर स्थानीय लोग एकत्रित हो गए, जिसके बाद आरोपी युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।

    घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ वीएनएस व आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।

     

     

     

  • Himachal News: जल्द आ रहा है बीबीएन क्रिकेट लीग का सीजन 6

    Himachal News: जल्द आ रहा है बीबीएन क्रिकेट लीग का सीजन 6

    बद्दी/सचिन बैंसल: बद्दी में बीबीएन क्रिकेट लीग सीजन 6 का आयोजन किया जा रहा है। जिसके लिए वीरवार को बीबीएनआईए के हाल में प्रेस वार्ता रखी गई है ।जानकारी देते हुए बीबीएन क्रिकेट लीग के अध्यक्ष मुकेश जैन ने बताया कि हर साल की तरह इस साल भी बीबीएन क्रिकेट लीग सीजन 6 आयोजन किया जा रहा है  जिसकी तिथि प्रेस वार्ता में घोषित की जाएगी।

    उन्होंने कहा कि पिछले पांच सीजन बड़े ही अच्छे ढंग से पूर्ण हुए हैं ,इसलिए छठे सीजन का भी आगाज होने वाला है। उन्होंने कहा इस लीग का मुख्य उद्देश्य आपस में खेल भावना को बढ़ाना और युवाओं को नशे से दूर रखना है। उन्होंने कहा कि इस लीग में हर व्यक्ति भाग लेता है चाहे वह ऊंचे पद पर हो चाहे छोटे पद पर।  आपसी प्रेम को बढ़ाना है इस लीग का उद्देश्य है।

     

  • Punjab News: Axis Bank के ATM में महिला के कट गए पैसे, नहीं निकला कैश, देखें वीडियो

    Punjab News: Axis Bank के ATM में महिला के कट गए पैसे, नहीं निकला कैश, देखें वीडियो

    लुधियानाः जिले में गिल रोड पर स्थित करतार सिंह सराभा मार्केट में Axis bank लगे एटीएम के साथ ठगी को लेकर हंगामा हो गया। जहां महिला द्वारा एटीएम से पैसे निकालने को लेकर ठगी हो गई। मामले की जानकारी देते हुए शिमलापुरी की रहने वाली रमनप्रीत कौर ने आरोप लगाए हैं कि करतार सिंह सराभा मार्केट में Axis bank में वह 10 हजार रुपए निकालने के लिए आई थी। आरोप है कि एटीएम से 10 हजार रुपए नहीं निकले लेकिन उसके खाते से पैसे भी निकल गए। महिला ने आरोप लगाए है कि एटीएम में कोई सिक्योरिटी गार्ड मौजूद नहीं था। वहीं महिला ने आरोप लगाए है कि एटीएम में पैसे निकालने वाली जगह पर लोहे की चिप लगी हुई थी।

    महिला ने कहा कि इसकी शिकायत संबंधित बैंक को देने गई तो बैंक के अधिकारी ने भी कहा कि हमने एटीएम में कोई चिप नहीं लगाई। जबकि एटीएम में चिप (प्लेट) लगी हुई थी। वहीं एक्सीस बैंक के अधिकारियों ने कहा कि उनका कोटक बैंक में खाता है और ऐसे में वह वहां पर जाकर शिकायत दर्ज करवाएं। महिला ने कहाकि एटीएम चल रहा है, लेकिन उसमें कैश निकलने वाली जगह पर चिप लगी होने के कारण कैश निकल नहीं रहा है।

    महिला ने कहा कि एटीएम का इस्तेमाल करने के बाद उसे चिप के बारे में पता लगा। लेकिन बैंक में जाने के बाद वह दोबारा वापिस आई तो चिप को हटा दिया गया। महिला ने कहाकि उसकी सैलेरी आई थी, जो पैसे उसके निकल गए है। वहीं अब कहा जा रहा है कि शिकायत के 24 घंटे तक उन्हें इंतजार करना पड़ेंगा, उसके बाद पैसे वापिस आ जाएगे। महिला ने कहा कि इस मामले को लेकर उसे काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    वहीं घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच में जुट गए। अधिकारी ने कहा कि महिला ने बयान दिए कि वह एटीएम में पैसे निकालने के लिए आई थी और 10 मिनट तक उसने पैसे निकलने का इंतजार किया, लेकिन पैसे नहीं निकले, दूसरी ओर उसे पैसे कटने का मैसेज आ गया। पुलिस ने कहाकि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है। सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस ने माना कि बैंक की ओर से एटीएम में कोई सिक्योरिटी गार्ड तैनात नहीं किया गया है।

     

     

  • हरियाणा में विकास और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता: CM Nayab Singh Saini

    हरियाणा में विकास और जनकल्याण सरकार की प्राथमिकता: CM Nayab Singh Saini

    चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि सरकार की नीयत, नीति और अंत्योदय के संकल्प पर ही प्रदेश में तीसरी बार डबल इंजन की सरकार बनी है। उचाना के विकास के पहिए को अब और भी तीव्र गति दी जाएगी और यहां की खुशहाली में कोई कोर-कसर बाकी नहीं रहने दी जाएगी। मुख्यमंत्री जींद के उचाना में बुधवार को धन्यवाद रैली को संबोधित कर रहे थे। रैली में पहुंचने पर आयोजक एवं उचाना विधानसभा से विधायक देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का स्वागत किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने 103 करोड़ 31 लाख रुपये लागत की 5 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास भी किए हैं। इनमें 28 करोड़ 54 लाख रुपये लागत के 3 उद्घाटन और 74 करोड़ 77 लाख रुपये की लागत के 2 शिलान्यास शामिल हैं। इस दौरान प्रदेश के जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी एवं लोकनिर्माण मंत्री णबीर गंगवा, समाज कल्याण व अधिकारिता मंत्री कृष्ण बेदी, हरियाणा विधानसभा के उपाध्यक्ष डॉ कृष्ण मिड्ढा, विधायक पवन खरखौदा भी मौजूद थे।

    उचाना की भूमि परिश्रम, परंपरा और प्रगति का संगम है

    रैली में उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उचाना की भूमि परिश्रम, परंपरा और प्रगति का संगम है। यह हरियाणा की वह धड़कन है, जहां जब किसान का पसीना मिट्टी में मिलता है, तो देश के अन्न भंडार भर जाते हैं। जब यहां का युवा संकल्प लेता है, तो पूरी दुनिया में भारत की प्रतिभा का परचम लहराता है। अन्न भण्डार भरने वाले किसानों की भूमि उचाना को लम्बे समय से नजर अंदाज किया गया। झूठे वायदे करके आपके वोटों की फसल तो दो-दो-तीन-तीन पीढ़ियों तक काटी गई, लेकिन विकास के नाम पर कुछ नहीं किया गया। पिछले लंबे समय से आपको झूठे सपने दिखाकर अपनी पीढ़ियों को आगे बढ़ाने के अलावा कुछ नहीं किया। परिवारवाद की दलदल में फंसे ये लोग आपके बच्चों के भविष्य को लेकर संजीदा नहीं रहे। सिर्फ अपने बच्चों का भविष्य ही सुरक्षित किया है लेकिन प्रदेश सरकार ने विकास के मामले में इस क्षेत्र का हक सूद समेत लौटाने का काम किया है और आगे भी यह जारी रहेगा।

    98 में से 78 घोषणाओं पर काम हुआ पूरा

    हमने राजनीति को केवल सत्ता का साधन नहीं, बल्कि सेवा का माध्यम माना है। उचाना हलके के विकास को गति देने के लिए 11 वर्षो के कार्यकाल में 98 सीएम अनाउंसमेंट हुई। इनमें से 78 का काम पूरा हो चुका और 15 का काम प्रगति पर है। उचाना विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हलके में विकास कार्यों पर पिछले 11 वर्षों में 1 हजार 409 करोड़ रुपये इस सरकार में खर्च किए गए हैं। जबकि, कांग्रेस के 10 साल के शासनकाल में मात्र 386 करोड़ रुपये खर्च किये गये थे। बीजेपी के शासन में उचाना तहसील को उपमंडल और अलेवा उप-तहसील को तहसील का दर्जा दिया गया। भाजपा सरकार अपने तीसरे कार्यकाल में भी जनकल्याण के काम गति से कर रही है। बीजेपी का लक्ष्य केवल चुनाव जीतना नहीं, बल्कि जनता का विश्वास जीतना है। विपक्ष केवल आरोप लगाता है, लेकिन सरकार के पास काम का रिपोर्ट कार्ड है। प्रदेश सरकार ने जो कहा, वह करके दिखाया है।

    संकल्प को पूरा कर रही है सरकार

    कांग्रेस ने अपने कार्यकाल में इस क्षेत्र को केवल सब्जबाग दिखाते हुए वोट लेने का काम किया। विपक्ष आज मुद्दा विहिन हो चुका है लेकिन हम जो कहते हैं, उसे करते भी हैं। इसका प्रमाण यह है कि हमने पिछले विधानसभा चुनावों के अपने संकल्प-पत्र के 217 संकल्पों में से 60 को एक साल में ही पूरा कर दिखाया है। प्रदेश सरकार ने अपने तीसरे कार्यकाल में भी प्रदेश के सर्वांगीण विकास और हर वर्ग के हितों की सुरक्षा के लिए अनेक ठोस कदम उठाए हैं। इसी के तहत गरीब महिलाओं को अपनी रसोई चलाने के लिए हर महीने केवल 500 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है।

    किसान हित हमारी नीतियों के केन्द्र में है

    मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसान हित हमारी नीतियों के केन्द्र में है। कांग्रेस के राज में स्वामीनाथन आयोग की सिफारिशों को डब्बे में डाल दिया गया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने हमेशा किसानों के लिए ही काम किया है। आज प्रदेश में किसानों की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब तक 12 लाख किसानों के खातों में फसल खरीद के 1 लाख 64 हजार करोड़ रुपये डाले जा चुके हैं। इसके अलावा प्रदेश में फसल खराब होने पर गत 11 सालों में किसानों को मुआवजे और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 15 हजार 448 करोड़ रुपये की राशि दी गई है। कांग्रेस सरकार के 10 साल के शासनकाल में 1 हजार 138 करोड़ रुपये की मुआवजा राशि जारी की गई थी।

    आप पार्टी पर भी साधा निशाना

    कांग्रेस और आम आदमी पार्टी मिलकर लड़ती है। कुरुक्षेत्र में लोकसभा चुनाव के दौरान भी इन्होंने ऐसा ही किया था, लेकिन जनता ने इन्हें सबक सिखाने का काम किया है। आम आदमी पार्टी ने पंजाब में वायदा किया कि 1 हजार रुपये महिलाओं को देंगे, अब चुनाव में केवल 7—8 महीने बचे हैं, लेकिन अब तक वहां किसी कुछ नहीं जबकि हरियाणा में बहनों-बेटियों को आर्थिक व सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश की बीजेपी सरकार ने ‘दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना’ शुरू की। इस योजना के तहत 2100 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाती है। अब तक 9 लाख 22 हजार से अधिक बहन-बेटियों को 634 करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं। पिछले एक साल में 36 हजार युवाओं को बिना पर्ची-खर्ची के सरकारी नौकरियां दी गई हैं। इन्हें मिलाकर पिछले 11 सालों में 1 लाख 80 हजार नौकरियां दी जा चुकी हैं।

    गुमराह और दुष्प्रचार करना ही कांग्रेस का काम

    नायब सिंह सैनी ने कहा कि कांग्रेस का काम केवल और केवल दुष्प्रचार करना है। मुद्दा हासिल करने के लिए ये हाथ पांव मार रहे है, लेकिन इनके पल्ले कुछ नहीं है। मनरेगा की आड़ में हुए भ्रष्टाचार को रोकने के लिए केंद्र सरकार ने विकसित भारत-जी राम जी ग्रामीण को शुरु किया। 100 नहीं, 125 दिन की रोजगार की गारंटी दी, साथ ही 1 लाख 51 हजार 282 करोड़ इसके लिए आवंटित किए। लेकिन कांग्रेस इसे लेकर भी दुष्प्रचार करने लगी। कांग्रेस केवल और केवल झूठ बोलती है, 24 घंटे बिजली देने की भी कांग्रेस ने बात कहीं थी, लेकिन किया कुछ नहीं। कांग्रेस ने पेंशन के मुद्दे पर भी प्रदेश को गुमराह करने की कोशिश की।

    उचाना अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा: विधायक देवेंद्र चतुर्भुज अत्री

    धन्यवाद रैली के आयोजक एवं उचाना विधानसभा से विधायक देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने अपने संबोधन में कहा कि धन्यवाद रैली केवल कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह संदेश है कि उचाना अब विकास की राह पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में तीसरी बार बनी बीजेपी सरकार में विकास की रफ्तार भी बढ़ती जा रही है। उचाना में विकास तेजी से करवाया जा रहा है। इस दौरान उन्होंने उचाना क्षेत्र के 6 गांवों का आईएमटी में चयनित होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार भी जताया। देवेन्द्र चतुर्भुज अत्री ने कहा कि पहले जो भी उचाना से चुनाव जीता, उसने दिल्ली और चंडीगढ़ से ही राजनीति की। इतना ही नहीं, उचाना से विजयी होने वाले बड़े बड़े ओहदों पर भी रहे, लेकिन उनका जनता से कोई लेना देना नहीं था।    
  • Punjab News:  Hotel Regal Blue की पार्किंग में विदेशी ब्रांड्स की बोतलों में मिल रही थी सस्ती शराब, आरोपी गिरफ्तार

    Punjab News: Hotel Regal Blue की पार्किंग में विदेशी ब्रांड्स की बोतलों में मिल रही थी सस्ती शराब, आरोपी गिरफ्तार

    लुधियानाः चंडीगढ़ रोड स्थित होटल रीगल ब्लू की पार्किंग में अवैध और मिलावटी शराब के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस और आबकारी विभाग शातिर जालसाज को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि उक्त व्यक्ति नामी विदेशी ब्रांड्स की खाली बोतलों में सस्ती शराब भरकर उन्हें ऊंचे दामों पर बेचता था। मामले की जानकारी देते हुए एसीएक्स डॉ. शिवानी गुप्ता ने बताया कि आबकारी निरीक्षक नवदीप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि चंडीगढ़ रोड स्थित होटल रीगल ब्लू की पार्किंग में मिलावटी शराब का खेल चल रहा है।

    पुलिस थाना मोती नगर और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम ने जब वहां छापेमारी की तो आरोपी लवलेश वर्मा पुत्र राजेश कुमार को प्रीमियम ब्रांड की बोतलों में सस्ती शराब भरते हुए रंगे हाथों दबोच लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कुबूला कि उसने सिविल लाइंस के पास कुंदन पुरी स्थित अपने घर में भारी मात्रा में खाली बोतलें और ढक्कन छिपा रखे हैं। टीम ने तुरंत वहां दबिश दी जहां से लग्जरी ब्रांड्स की 80 खाली बोतलें और बड़ी संख्या में कैप बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपी की वरना कार को भी जब्त कर लिया है।

    जालसाज जिन बोतलों को रीफिल कर चुका था और जो खाली बोतलें मिलीं उनमें कुल – 80 बोतले शामिल हैं। पुलिस ने थाना मोती नगर में आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कराई है। अधिकारियों का मानना है कि पूछताछ के दौरान इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों और उन होटलों/दुकानों के नाम सामने आ सकते हैं जहाँ यह नकली शराब सप्लाई की जानी थी। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनता की सेहत और राजस्व से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

  • बीटन कालेज के बच्चों व महिलाओं को लैंगिक उत्पीड़न कानून के प्रति जागरूक किया

    बीटन कालेज के बच्चों व महिलाओं को लैंगिक उत्पीड़न कानून के प्रति जागरूक किया

    महिलाओं और बच्चियों से संबंधित कानून, विषयों ओर अपराधों पे रखा गया था विशेष शिविर

    ऊना/ सुशील पंडित: संत बाबा ढांगू वाले गुज्जर राजकीय महाविद्यालय, बीटन  में आज महिलाओं से संबंधित अपराधों को लेकर एक विशेष शिविर रखा गया था। जिसमें पुलिस थाना हरोली के प्रभारी सुनील कुमार ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की तथा बच्चियों को महिलाओं से संबंधित अपराधों ,नियमों, कानून की विस्तृत तौर पर चर्चा करके जानकारी दी गई । इस दौरान उनके साथ कॉलेज की प्रिंसिपल महोदया तथा अध्यापक वर्ग भी मौजूद रहा।  ।

    इस दौरान कॉलेज के लगभग 100 बच्चे उपस्थित रहे । अपने संबोधन में थाना हरोली सुनील सांखयान द्वारा बच्चों को ट्रैफिक नियमों की जानकारी, नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी, तथा साइबर क्राइम के बारे में भी विस्तृत तौर पर जानकारी दी।

     

     

  • Jalandhar News: हेरोइन और अवैध शराब सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

    Jalandhar News: हेरोइन और अवैध शराब सहित 6 आरोपी गिरफ्तार

    जालंधर, ENS: नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के तहत देहात पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हेरोइन, नशीली गोलियां और अवैध शराब बरामद की है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान संदीप कुमार उर्फ सोनू पुत्र गुरमुख सिंह, प्रदीप सिंह उर्फ जोना पुत्र बलविंदर सिंह निवासी सरींह, थाना सदर नकोदर, सुखविंदर कुमार उर्फ सुख्खा पुत्र तरसेम लाल निवासी गांव गन्ना, थाना फिल्लौर, प्रिया एवं सुहाना निवासी गांव समराड़ी और चरणजीत सिंह उर्फ लाटू पुत्र जगदेव सिंह निवासी मोहल्ला रहिमानपुर (बस्ती बाजीगर), नकोदर के रूप में हुई है।

    आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आबकारी एक्ट के तहत 4 मामले दर्ज किए गए है। आरोपियों के कब्जे से 12.49 ग्राम हेरोइन, 133 नशीली गोलियां (ट्रामाडोल हाइड्रोक्लोराइड 100 मि.ग्रा. – क्लोमिडोल-100 एसआर), 21 बोतल अवैध शराब (9 बोतल विस्की और हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस ने बताया कि नशे की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, विशेष रूप से गली स्तर के तस्करों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में पुलिस का सक्रिय सहयोग करें।

  • Punjab News: देह व्यापार मामले में Sher-E-Punjab Hotel में पुलिस की रेड, देखें वीडियो

    Punjab News: देह व्यापार मामले में Sher-E-Punjab Hotel में पुलिस की रेड, देखें वीडियो

    श्री आनंदपुर साहिबः नैना देवी रोड़ पर स्थित होटल में पुलिस ने देह व्यापार मामले में रेड की। जहां पुलिस ने कोला वाला टोबा सड़क स्थित होटल में चल रहे देह व्यापार के धंधे का पर्दाफाश करते हुए 3 महिलाओं छुड़वाया गया, जबकि एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। इस संबंधी जानकारी देते हुए थाना प्रमुख दानिशवर सिंह ने बताया कि पुलिस पार्टी रुटीन पेट्रोलिंग पर थी।

    इस दौरान जब उन्हें गुप्त सूचना मिली कि उक्त सड़क ऊपर स्थित ‘शेरे-ए- पंजाब’ नामक होटल में गुरमुख सिंह द्वारा देह व्यापार का धंधा चलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत दबिश दी। दबिश के दौरान मौके पर 3 महिलाओं को छुड़ावाया गया, जबकि आरोपी गुरमुख सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे कार्रवाई शुरू कर दी है।

    पुलिस ने इस मामले में अधिनियम की धारा 3, 4 और 5 के तहत मामला संख्या 32 के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कार्यवाही शुरू कर दी है। थाना प्रमुख ने कहा कि श्री आनंदपुर साहिब एक पवित्र धार्मिक शहर है और यहां किसी भी तरह की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि यदि किसी के पास ऐसी जानकारी हो तो वे पुलिस के साथ सांझा करें। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा और कानूनी कार्रवाई तुरंत अमल में लाई जाएगी।

  • Lal Chand Kataruchak ने गिनाई वन्यजीव सुरक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां

    Lal Chand Kataruchak ने गिनाई वन्यजीव सुरक्षा क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियां

    चंडीगढ़: पंजाब में वन्य जीवों की सुरक्षा और जागरूकता बढ़ाने संबंधी भगवंत सिंह मान सरकार के प्रयासों के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। महिंद्र चौधरी जूलॉजिकल पार्क छत्तबीड़ में साल के पहले दो महीनों में 80,508 सैलानियों की आमद दर्ज की गई है। वन एवं वन्यजीव संरक्षण मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने बताया कि जनवरी में 48,719 और फरवरी में 31,789 पर्यटक चिड़ियाघर पहुंचे, जो वन्यजीव संरक्षण के प्रति लोगों की बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि सरकार लगातार जंगली जीवों की सुरक्षा और संरक्षण के लिए जनभागीदारी बढ़ाने पर काम कर रही है।

    मंत्री ने बताया कि चिड़ियाघर में देश का सबसे लंबा वॉक-इन एरिया, अत्याधुनिक डायनासोर पार्क, 1200 मीटर का सफारी क्षेत्र, 260 केवी सोलर प्लांट और मांसाहारी जानवरों के इलाज के लिए क्रिटिकल केयर यूनिट जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। साथ ही स्कूली बच्चों और सैलानियों के लिए ओपन-एयर जू एजुकेशन प्लाज़ा भी तैयार किया गया है, जिससे वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा मिल रहा है।

    कटारूचक्क ने बताया कि राज्य में सिंधु नदी डॉल्फिन को प्रांतीय जल जीव घोषित किया गया है और 13 वन्यजीव अभ्यारण्यों को प्लास्टिक मुक्त बनाया गया है। इसके अलावा केंद्र सरकार द्वारा प्राथमिक विकास के लिए चुने गए 100 वेटलैंड्स में पंजाब के हरीके, रोपड़, कांजली, केशोपुर और नंगल वेटलैंड शामिल किए गए हैं, जिससे राज्य में जैव विविधता संरक्षण को और मजबूती मिलेगी।