Blog

  • शादी समारोह में मातम में बदली खुशियां, पिकअप चालक ने बच्चों सहित 5 को कुचला

    शादी समारोह में मातम में बदली खुशियां, पिकअप चालक ने बच्चों सहित 5 को कुचला

    टोंक: जिले में एक शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया, जब डांस के दौरान पिकअप चालक ने 4 बच्चों सहित 5 लोगों को कुचल दिया। मिली जानकारी के अनुसार सदर थाना क्षेत्र के गोल डूंगरी इलाके में डीजे वाहन अचानक पीछे लेते समय अनियंत्रित हो गया और वहां मौजूद बच्चों को कुचल दिया। घटना की सूचना मिलते मौके पर पुलिस पहुंच गई और मामले की जांच में जुट गई। हादसे में 2 बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में कुलदीप (8) पुत्र रामकिशोर और दिलकुश (10) पुत्र पप्पू की मौत हो गई।

    इस घटना में अंता (34), ऊषा (8) और नेहा (7) गंभीर घायल हो गई। मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी जयमल सिंह ने बताया कि गोल डूंगरी इलाके में शादी समारोह के दौरान डीजे बज रहा था। इस दौरान डीजे की पिकअप चला रहे ड्राइवर ने आगे लेने की बजाय पीछे बैक कर लिया। पीछे महिलाएं, पुरुष और बच्चे डांस कर रहे थे। बैक लेते ही पिकअप के नीचे बच्चे और महिलाएं आ गए। डीजे की पिकअप चला रहे युवक को डिटेन किया गया है। पूछताछ जारी है।

    पार्षद मुकेश कश्यप ने बताया कि डीजे वाला डीजे बजा रहा था। पीछे गोबर पड़ा हुआ था। उसने ड्राइवर को आगे ले जाने का कहा। लेकिन वह पिकअप को पीछे लेकर आ गया। स्पीड से 10 से 15 फीट पिकअप को रिवर्स कर लिया। एक बच्चा पीछे और एक आगे वाले टायर की चपेट में आ गया। पार्षद ने बताया कि डीजे वाला अनट्रेड था। डीजे वाले की ही लापरवाही रही थी। उन्होंने बताया कि गोल डूंगरी में शादी थी। घर से तेजाजी मंदिर तक बिंदौली निकलने वाली थी।

     

  • Punjab News: 3 माह से लिव-इन रिश्ते में रह रही महिला की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: 3 माह से लिव-इन रिश्ते में रह रही महिला की मौत, देखें वीडियो

    फिरोजपुरः जिले में थाना लक्खो के बहराम पुलिस ने एक 29 वर्षीय महिला की आत्महत्या के मामले में बड़ा खुलासा किया है। इस केस में पुलिस ने अब हत्या का मामला दर्ज किया है। यह मामला जिला फाज़िल्का के गांव चक राधे वाला का है। मिली जानकारी के मुताबिक पीड़ित पप्पू पुत्र बिल्लू सिंह ने पुलिस को बयान दिया कि उसकी 29 वर्षीय बेटी जसप्रीत कौर का पहले गुर प्यास सिंह के विवाह हुआ था।

    इस दौरान उसके 2 बच्चे भी थे। कुछ समय पहले जसप्रीत कौर ने अपनी मर्जी से सिमरनजीत सिंह निवासी गांव अल्फू के के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहना शुरू कर दिया था। पारिवारिक बयानों के अनुसार लगभग 3 महीने एक साथ रहने के दौरान बच्चा न होने के कारण जसप्रीत कौर को आरोपी सिमरनजीत सिंह और उसके परिवार द्वारा तंग-परेशा‍न किया जा रहा था। इस प्रताड़ना से तंग आकर महिला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

    मामले की जांच के दौरान आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जहां पूछताछ में उन्होंने हत्या करने की बात कबूल की। इसके बाद पुलिस ने आत्महत्या के मामले को हत्या में बदलते हुए मामला दर्ज कर लिया और अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है और आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।

     

     

  • भारत में कब से शुरु होगा Ramadan, जानें क्या कहता है Islamic Calendar?

    भारत में कब से शुरु होगा Ramadan, जानें क्या कहता है Islamic Calendar?

    धर्म : इस्लामिक कैलेंडर का सबसे पवित्र महीना रमजान भारत के साथ-साथ दुनियाभर के मुसलमानों के लिए रोजा (उपवास), प्रार्थना और दान का महीना है। कुछ लोग पहले से ही इस बात को जानना चाहते हैं कि आखिर भारत में रमजान कब शुरु होगा और ईद उल फितर कब मनाई जाएगी।

    भारत में इस समय मनाई जाएगी रमजान

    इस्लाम धर्म में रमजान इस्लामी चंद्र कैलेंडर के अनुसार मनाया जाता है जो चांद दिखने पर आधारित है। इस वजह से इसकी शुरुआत की तारीख हर साल बदलती रहती है और स्थानीय स्तर पर चांद दिखने की स्थिति के आधार पर अलग-अलग देशों में इसके समय में बदलाव देखने को मिलता है। भारत में रजमान 2026 की शुरुआत इस साल 19 फरवरी 2026 गुरुवार से हो सकती है हालांकि धार्मिक अधिकारियों के द्वारा चांद देखे जाने के बाद ही इसकी सटीक तिथि पता चल पाएगी। रमजान के दौरान मुसलमान आमतौर पर व्रत रखते हैं जिनको रोजा कहते हैं। इस दौरान अल्लाह की प्रार्थना और दान का खास महत्व होता है। रमजान के दौरान मुसलमान पूरे महीने सुबह से शाम तक रोजा रखते हैं और दिन के समय भोजन, पेय और अन्य शारीरिक जरुरतों से बचा जाता है। रमजान के महीने में नमाज पढ़ना, कुरान पढ़ना और जकात व सदका सहित दान-पुण्य भी किया जाता है।

    रमजान की अवधि

    रमजान का महीना 29 से 30 दिनों का होता है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि अगला चांद कब दिखाई देता है। आखिरी के 10 दिनों में तरावीह और कियाम उल-लैल नाम की खास प्रार्थना पर जोर दिया जाता है। भारत में ईद-उल-फितर इस्लामी कैलेंडर का जरुरी त्योहार है जो रमजान के खत्म होने का प्रतीक माना जाता है और आमतौर पर प्रार्थनाओं, दावतों और उपहारों के आदान-प्रदान के साथ मनाया जाएगा। भारत में ईद-उल-फितर 2026 के चंद्रमा के आधार पर 20 या 21 मार्च 2026 को पड़ने की उम्मीद है। इस्लाम में इस त्योहार की शुरुआत में मस्जिदों और खुले मैदानों में आयोजित खास ईद की नमाज से होती है इसके बाद उत्सव के भोज का आनंद उठाया जाता है। इस दिन लोग एक-दूसरे को गले लगाकर शुभकामनाएं देते हुए। बच्चों को ईदी देने के साथ जकात के रुप में जरुरतमंदों को दान किया जाता है। इसे ईद की नमाज से पहले अदा करना जरुरी होता है।        
  • पीएम आदर्श ग्राम योजना के कार्यों को समयबद्ध पूरा करें : उपायुक्त

    पीएम आदर्श ग्राम योजना के कार्यों को समयबद्ध पूरा करें : उपायुक्त

    तीसरे चरण में जिले के 11 गांव चयनित

    ऊना/सुशील पंडित: उपायुक्त जतिन लाल ने प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत जिले में चयनित गांवों में चल रहे विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं। वे बुधवार को सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

    उपायुक्त ने कहा कि इस योजना का उद्देश्य उन गांवों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है, जहां अनुसूचित जाति की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। योजना के तहत सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ किया जा रहा है। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम विकास योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत धनराशि का समयबद्ध एवं पारदर्शी उपयोग सुनिश्चित किया जाए तथा उपयोगिता प्रमाण-पत्र शीघ्र प्रस्तुत किए जाएं।

    उन्होंने बताया कि पूर्व में भी जिले के 23 गांव इस योजना के तहत चयनित किए जा चुके हैं, जिनमें विभिन्न विकास कार्य प्रगति पर हैं। साथ ही तीसरे चरण में जिले के 11 नए गांव – बह, धनोबाल, फतेहपुर, धेवट-बेहड़, ज्वाल, ज्वार, जबेहड़, किन्नू, लमलेहड़ा, लमलेहड़ी उपरली तथा नैहरी खालसा, का चयन किया गया है। उन्होंने इन गांवों की ग्राम विकास योजनाएं शीघ्र तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि विकास कार्यों को तेजी से आरंभ किया जा सके।

    उपायुक्त ने कहा कि ग्राम विकास योजना में ऐसे कार्यों को प्राथमिकता दी जाए, जिन पर किसी प्रकार का विवाद न हो, ताकि विकास की गति प्रभावित न हो। उन्होंने पूर्ण हो चुके कार्यों का विवरण फोटो सहित पीएमएजीवाई पोर्टल पर अनिवार्य रूप से अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

    बैठक में  जिला कल्याण अधिकारी आवास पंडित, जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक राजीव शर्मा, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी (आईसीडीएस) नरेंद्र कुमार, प्रबंधक लीड बैंक संजीव कुमार सक्सेना, तहसील कल्याण अधिकारी जितेंद्र शर्मा,  खंड विकास अधिकारी अंब, ऊना व गगरेट सहित संबंधित ग्राम पंचायतों के प्रधान, सचिव तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

     

     

  • Jalandhar News: ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ मारपीट के मामले में 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, देखें वीडियो

    Jalandhar News: ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ मारपीट के मामले में 2 पुलिसकर्मी सस्पेंड, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: जालंधर कुंज के पास दो दिन पहले रात ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ मारपीट के मामले में 2 पुलिस कर्मियों पर गाज गिरी है। दरअसल, ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों के साथ पुलिस कर्मियों द्वारा मारपीट के आरोप लगे थे और घटना में उनकी पगड़ियां उतर गई। वहीं ट्राली चालक ने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों पर गाली-गलौज करने के आरोप भी लगाए थे। इस मामले में 2 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

    तरनतारन के रहने वाले ट्रॉली चालक लवप्रीत ने बताया कि वह पिता तथा साथी के साथ जालंधर के लैदर काम्पलैक्स स्थित डेयरी में दूध छोड़ने आए थे। इस दौरान लैदर काम्पलैक्स के समीप पहुंचे तो पुलिस हैल्पलाइन नंबर 112 (रैपिड) के कर्मियों ने उन्हें रुकने का इशारा किया और वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी।

    लवप्रीत ने बताया कि पुलिस कर्मियों ने कागज चैक करने के बावजूद उनसे एक हजार रुपए मांगे। आरोप है कि पैसे देने से इंकार करने पर पुलिस कर्मी कंवरपाल सिंह और उनके साथी द्वारा उनसे मारपीट की गई। मामला उच्च अधिकारियों के सामने आने पर इसकी जांच शुरू की गई। जांच के दौरान उच्च अधिकारियों ने दोनों पुलिस कर्मियों को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है। वहीं इस मामले को लेकर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

     

     

     

  • महाविद्यालय में शिविर के दूसरे दिन का शुभारंभ स्वच्छता अभियान से

    महाविद्यालय में शिविर के दूसरे दिन का शुभारंभ स्वच्छता अभियान से

    ऊना/ सुशील पंडित: अटल बिहारी वाजपेई राजकीय महाविद्यालय वंगाणा की राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय वार्षिक विशेष शिविर के दूसरे दिन का शुभारंभ प्रातः स्वच्छता अभियान से किया गया। स्वयंसेवियों ने महाविद्यालय परिसर में सफाई कर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वयंसेवियों ने “स्वच्छ परिसर–स्वस्थ समाज” का संकल्प भी लिया।

    दिवस के बौद्धिक सत्र में मुख्य अतिथि एवं रिसोर्स पर्सन के रूप में संजीव कुमार भाटिया (एडिशनल डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस, ऊना) ने शिरकत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी तथा रोड सेफ्टी क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर ने की। मंच संचालन स्वयंसेवियों वदेही शर्मा एवं तनु ठाकुर ने किया। बौद्धिक सत्र का विषय “सड़क सुरक्षा एवं जागरूकता” रहा। मुख्य वक्ता ने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों, हेलमेट एवं सीट बेल्ट के महत्व तथा मोटर वाहन अधिनियम के प्रमुख प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने युवाओं को यातायात नियमों का पालन कर समाज में जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

    इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा ने मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। दोपहर पश्चात आयोजित दूसरे बौद्धिक सत्र में जिला समन्वयक, पंजाब नेशनल बैंक आरसेटीआई ऊना, आकाश भारद्वाज ने रिसोर्स पर्सन के रूप में भाग लिया। इस सत्र का विषय “डिजिटल इंडिया, ई-बैंकिंग एवं साइबर क्राइम एवं सिक्योरिटी” रहा। उन्होंने विद्यार्थियों को डिजिटल लेन-देन की सावधानियों, साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा सुरक्षित ऑनलाइन बैंकिंग के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

    कार्यक्रम में प्राचार्य प्रो. रेखा शर्मा, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. सिकंदर नेगी, रोड सेफ्टी क्लब के नोडल अधिकारी डॉ. किरण ठाकुर, एसएचओ, बंगणा रोहित , प्रो. कृष्ण चंद, डॉ. कुलदीप सिंह, प्रो. अरविंद रतन, प्रो. मुकेश कुमारी, प्रो. रेणुका, एनएसएस कैप्टन रोहित डोगरा, कैप्टन अंकिता ठाकुर तथा छात्र संघ अध्यक्ष गौरव सहित अनेक प्राध्यापक एवं स्वयंसेवी उपस्थित रहे। शिविर के दूसरे दिन के कार्यक्रमों ने विद्यार्थियों में सामाजिक जिम्मेदारी, सड़क सुरक्षा जागरूकता तथा डिजिटल साक्षरता के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित किया। महाविद्यालय प्रशासन ने ऐसे ज्ञानवर्धक सत्रों को समय की आवश्यकता बताते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार के कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

     

  • Punjab News: CM Mann का हाल जानने पहुंचे Manish Sisodia, मेडिकल बुलेटिन हुआ जारी, देखें वीडियो

    Punjab News: CM Mann का हाल जानने पहुंचे Manish Sisodia, मेडिकल बुलेटिन हुआ जारी, देखें वीडियो

    मोहालीः पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज फोर्टिस अस्पताल में नियमित मेडिकल जांच करवाई। अस्पताल द्वारा जारी मेडिकल बुलेटिन के अनुसार उनकी विस्तृत क्लिनिकल जांच और मानक डायग्नोस्टिक टेस्ट किए गए। डॉक्टरों के मुताबिक मुख्यमंत्री के सभी वाइटल पैरामीटर स्थिर हैं और सामान्य सीमाओं के भीतर हैं। उन्हें हल्की थकावट महसूस हो रही थी, जिस कारण उनकी निगरानी और सहायक इलाज के लिए भर्ती किया गया है। अस्पताल सूत्रों ने पुष्टि की है कि मुख्यमंत्री की स्वास्थ्य स्थिति पूरी तरह स्थिर है और वे बहु-विभागीय मेडिकल टीम की निगरानी में हैं।

    डॉक्टरों ने कहा कि उनकी हालत चिंताजनक नहीं है और जल्द ही अगला अपडेट जारी किया जाएगा। दूसरी ओर आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और दिल्ली के पूर्व उप-मुख्यमंत्री मनिष सिसोदिया मुख्यमंत्री भगवंत मान का हाल-चाल जानने के लिए अस्पताल पहुंचे। मीडिया से बात करते हुए सिसोदिया ने कहा कि उनकी डॉक्टरों से बात हुई है।

    डॉक्टरों के अनुसार मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य में सुधार हो रहा है और उनकी स्थिति अब पहले की तुलना में काफी स्थिर है। सिसोदिया ने स्पष्ट किया कि उनकी इस मुलाकात का मकसद केवल मुख्यमंत्री की सेहत के बारे में जानकारी लेना था। जब मीडिया ने राजनीतिक मुद्दों पर सवाल किए तो उन्होंने किसी भी तरह की राजनीतिक चर्चा करने से साफ़ इनकार कर दिया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि इस बारे में अंतिम फैसला डॉक्टरों को ही लेना है और वही इस मामले में बेहतर जानकारी दे सकते हैं।

  • डीसी ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन की वार्षिक योजना की समीक्षा की, बागवानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश

    डीसी ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन की वार्षिक योजना की समीक्षा की, बागवानों को अधिकतम लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश

    ऊना में साढ़े चार करोड़ से फलेगी बागवानी

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत 4 करोड़ 57 लाख रुपये की धनराशि व्यय की जाएगी। यह जानकारी बुधवार को उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने बागवानी विभाग की वार्षिक योजना की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

    उन्होंने बताया कि मिशन के तहत यह धनराशि फल उत्पादन को बढ़ावा देने, पौध वितरण, ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणाली, प्राकृतिक खेती, दवाइयां तथा उपकरण उपलब्ध करवाने पर व्यय की जाएगी। योजना के अंतर्गत सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के लिए 57 लाख 88 हजार रुपये का प्रावधान किया गया है। सुरक्षात्मक खेती के लिए पॉलीहाउस एवं हाइब्रिड संरचनाओं हेतु 2 करोड़ 37 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त बागवानी मशीनरी व उपकरणों की खरीद के लिए 16 लाख रुपये की अनुदान राशि तथा रिफ्रिजरेटेड ट्रांसपोर्ट वाहन के लिए 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

    उपायुक्त ने कहा कि जिला ऊना की अर्थव्यवस्था में बागवानी का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बागवानों को योजनाओं का अधिकतम लाभ पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाए। गुणवत्तायुक्त पौध सामग्री, रोग एवं कीट नियंत्रण दवाइयों तथा आधुनिक तकनीकों से युक्त उपकरण समय पर उपलब्ध करवाने पर विशेष जोर दिया गया।

    उन्होंने विभागीय अधिकारियों को फील्ड विजिट बढ़ाने, योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने तथा बागवानों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के निर्देश भी दिए। बैठक में उपनिदेशक बागवानी के.के. भारद्वाज, कृषि विज्ञान केंद्र की वैज्ञानिक डॉ. रानु पठानिया, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक संजीव सक्सेना सहित सभी खंडों के विषय विशेषज्ञों व संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

     

     

  • Haryana News: 9 Motorcycle 2 Scooty समेत शातिर चोर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: 9 Motorcycle 2 Scooty समेत शातिर चोर गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला: क्राइम ब्रांच 26 की टीम ने एक शातिर बाइक चोर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान 28 वर्ष के युवक के तौर पर हुई है। आरोपी फरीदकोट पंजाब का रहने वाला है परंतु अब हाल ही में वो मोहाली में रह रहा था।

    पुलिस ने खुलासा किया है कि आरोपी चोरी की बाइक अपने ही पहचान वालों को आधे दाम में दिया करता था। बाकी के आधे पैसे लेकर बाइक ट्रांसफर करने का झांसा देकर ठगी करता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9 मोटरसाइकिल और 2 स्कूटी बरामद की है।

    गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करके पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि इस मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ की जा पाए। इस मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम मनप्रीत सूदन ने बताया कि आरोपी खासतौर पर सप्लेंडर बाइक को निशाना बनाता था क्योंकि उसे चुराना आसान होता है।

    पूछताछ में यह सामने आया है कि आरोपी पहले भी करीबन 10 महीने की जेल काट चुका है। पुलिस के अनुसार, चोरी की गई बाइक वह अपने परिचितों को बेच देता था और उनसे भी ठगी करके आधे पैसे लेता था। आरोपी को रामगढ़ से गिरफ्तार किया गया है।

    पुलिस ने बताया कि क्राइम ब्रांच 26 के इंचार्च और उनकी टीम के द्वारा आरोपी को गिरफ्तार करके 9 मोटरसाइकिल और दो स्कूटी बरामद की है। उसने बताया कि आरोपी नशा करने का भी आदी है और लंबे समय से बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था।

    उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की जाएगी ताकि आरोपी से इस मामले में और भी खुलासे किए जा पाएं। पुलिस ने बताया कि आज आरोपी को अदालत में पेश किया जाएगा जिसके बाद रिमांड के दौरान और भी खुलासे हो सकते हैं।

     

     

     

     

     

     

  • Punjab News: रिश्वत लेते PSPCL का लाइनमैन गिरफ्तार

    Punjab News: रिश्वत लेते PSPCL का लाइनमैन गिरफ्तार

    होशियारपुरः पंजाब विजिलेंस की तरफ से राज्य में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए चलाई जा रही मुहिम के तहत पीएसपीसीएल का लाइनमैन रिश्वत लेते काबू किया गया। मिली जानकारी के अनुसार विजिलेंस की टीम ने होशियारपुर के सब-डिविजनल कार्यालय अटोवाल में तैनात लाइनमैन बलवीर सिंह को 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया है। विजिलेंस ब्यूरो के प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी की गांव से गिरफ्तारी की गई थी।

    तनूली जिला होशियारपुर के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तारी की गई है। प्रवक्ता ने बताया कि शिकायतकर्ता खेतीबाड़ी का काम करता है और उसने मीटर से अपने घर बिजली की तारों का रूट बदलने के लिए आवेदन दिया गया था। इस संबंध में, शिकायतकर्ता दोषी लाइनमैन बलवीर सिंह (फौजी) को मिला, जिसने मीटर को उसके घर के साथ जोड़ा और बिजली की तारों का रूट बदलने के बदले 5000 रुपये की रिश्वत मांगी।

    पीड़ित की शिकायत पर शुरुआती जांच के बाद, विजीलेंस ब्यूरो की टीम ने आरोपी को 2 सरकारी गवाहों के साथ गिरफ्तार कर लिया। शिकायतकर्ता से 5000 रुपये रिश्वत लेते हुए, उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया गया। इस संबंध में भ्रष्टाचार को रोकने के लिए विजिलेंस ब्यूरो के पुलिस स्टेशन मोहाली में आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।