Blog

  • पंजाब: पार्किंग ठेकेदार से विवाद मामले में रेहड़ी-फड़ी वालों ने लगाया धरना

    पंजाब: पार्किंग ठेकेदार से विवाद मामले में रेहड़ी-फड़ी वालों ने लगाया धरना

    खन्नाः शहर में कुछ ही दिन पहले ठेके पर चढ़ी खन्ना की गुरू अमर दास मार्केट की पार्किंग को लेकर शनिवार की सुबह विवाद खड़ा हो गया। मार्केट में लगने वाली साप्ताहिक किसान सब्जी मंडी में लगने वाली रेहड़ी-फड़ी वालों से पार्किंग ठेकेदार से झगड़े के बाद रेहड़ी-फड़ी वालों ने धरना लगा दिया। विवाद तब शुरू हुआ जब शनिवार तड़के मंडी शुरू करने के लिए पहुंच रहे रेहड़ी-फड़ी वालों को ठेकेदार के करिंदों और नगर काउंसिल के कर्मचारियों ने अंदर जाने से रोक दिया। इसके बाद शुरू हुई बहसबाजी से विवाद बढ़ गया और रेहड़ी-फड़ी वाले धरने पर बैठ गए।

    रेहड़ी-फड़ी यूनियन के प्रधान जगदीश कुमार ने बताया कि गरीबों के साथ धक्केशाही हो रही है। वे लोग 35 साल से इस जगह पर रेहड़ियां लगा रहे हैं। कभी किसी ने तंग नहीं किया। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार के करिंदे उनसे 50 से 100 रूपए प्रति रेहड़ी मांग रहे हैं। गरीब रेह़ड़ी-फड़ी वाला ये कैसे दे सकता है। उन्होंने मना किया तो ठेकेदार ने उन्हें रेहड़ी-फड़ी लगाने से रोक दिया। धरना दे रहे रेहड़ी वालों ने उसके बाद जमकर नारेबाजी की।

    प्रधान जगदीश कुमार ने कहा कि ठेकेदार के साथ नगर काउंसिल के अधिकारियों की मिलीभगत है। शनिवार को काउंसिल कर्मचारी भी ठेकेदार व उसके करिंदों के साथ उन्हें रोकने आए थे। जगदीश ने कहा कि उन्होंने इस दिन के लिए आम आदमी पार्टी को वोट देकर नहीं जिताया था। उनकी रोटी छीनी जा रही है। वे इसे सहन नहीं कर सकते। फड़ी लगाकर सब्जी बेचने वाली गांव सलौदी की महिला सुरजीत कौर ने कहा कि वे उधार मंडी और किसानों से माल लाकर यहां बेचते हैं। इससे ही उनके परिवार का गुजारा चलता है।

    अब अगर सब्जी नहीं बेच पाएंगें तो कर्ज कैसे चुकेगा। उन्होने कहा कि ठेकेदार जो पैसे मांगता है वे देने में असमर्थ हैं। मौके पर मौजूद ठेकेदार गौतम शर्मा ने कहा कि उन्होंने किसी से भी रुपये नहीं मांगे। रेहड़ी-फड़ी वाले झूठ के सहारे सहानुभूति हासिल करना चाहते हैं। उनके ठेके की शर्तों में नगर काउंसिल ने लिखा हुआ है कि रेहड़ियां और फड़ियां नहीं लग सकती। उन्होंने पिछले शनिवार को भी रेहड़ी-फड़ी वालों से अपील की थी कि वे किसी और जगह पर रेहड़ियां लगा लें। जब कानूनन रेहड़ी लग ही नहीं सकती तो वे कैसे लगवा सकते हैं।

  • रिहायशी इलाके में गिरे रॉकेट से लगी आग, देखें वीडियो 

    रिहायशी इलाके में गिरे रॉकेट से लगी आग, देखें वीडियो 

    नई दिल्ली: इजराइल पर गाजा की तरफ से रॉकेट दागने की बात सामने आ रही है। मिल रही सूचना के अनुसार गाजा की तरफ से इजराइल के कई रिहायशी इलाकों को निशाना बनाया गया है। फिलिस्तीनी संगठन हमास ने इजराइल के 3 शहरों पर रॉकेट अटैक कर दिया है। अलजजीरा की रिपोर्ट के मुताबिक, शनिवार सुबह करीब 8 बजे राजधानी तेल अवीव, स्देरोट और अश्कलोन शहर में रॉकेट दागे गए हैं। ये रॉकेट रिहायशी इमारतों पर गिरे हैं। टाइम्स ऑफ इजराइल की रिपोर्ट के मुताबिक हमास ने इन हमलों की जिम्मेदारी लेते हुए इजराइल के खिलाफ मिलिट्री ऑपरेशन शुरू करने का ऐलान किया है।

    सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार हमास के कई चरमपंथियों के इजराइल में घुसने की भी खबर सामने आई है। हालांकि, आधिकारिक तौर पर हमास चरमपंथियों के इजराइल में दाखिल होने की पुष्टि किसी ने अभी तक नहीं की है। गाजा की तरफ से किए गए रॉकेट हमले के बाद इजराइल ने भी एक बयान जारी किया है। इस बयान में कहा गया है कि हम ‘युद्ध के लिए तैयार’ हैं। इस हमले को लेकर इजराइल डिफेंस फोर्स की तरफ से एक एक्स पर एक पोस्ट किया गया है। इस पोस्ट में लिखा गया है कि आज कि सुबह साइरन के साथ हुई है। क्योंकि हमारे ऊपर गाजा की तरफ से रॉकेट दागे जा रहे हैं। लेकिन हम अपनी रक्षा कर सकने में सक्षम हैं।

    बता दें कि गाजा की तरफ से इजराइल पर यह कोई पहला हमला नहीं है। पिछले साल भी गाजा की तरफ से इजराइल पर रॉकेट दागे गए थे। हालांकि, इनमें से एक को आयरन डोम वायु रक्षा प्रणाली द्वारा रोक दिया गया था। इस हमले के बाद सेना की ओर से जारी बयान में कहा गया था कि वीरवार रात 9 बजे के बाद रॉकेट सायरन ने गाजा सीमा के पास इजराइली शहरों किसुफिम, ऐन हाशलोशा और निरीम को सतर्क किया गया था। क्योंकि गाजा पट्टी से एक रॉकेट लॉन्च किया गया था। सेना ने कहा था कि रात करीब 10 बजे दक्षिणी इजराइल में गाजा से रॉकेट दागा गया, लेकिन लक्ष्य तक पहुंचने से पहले ही वह गाजा पट्टी में ही गिर गया।

    गौरतलब है कि पिछले साल हुआ यह हमला नेतन्याहू और उनके सहयोगियों द्वारा इजराइल की संसद में बहुमत की सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें जीतने के बाद हुआ था। इजराइली मीडिया के अनुसार उस हमले से पहले नेतन्याहू ने यरुशलम में एक विजय रैली में भाषण के दौरान अपने समर्थकों से कहा था कि हमें भारी विश्वास मत प्राप्त हुआ है और हम बहुत बड़ी जीत के कगार पर हैं।

  • National Highway के पास हुआ हादसा, होटल कारोबारियों की Scorpio को लगी आग, देखें वीडियो

    National Highway के पास हुआ हादसा, होटल कारोबारियों की Scorpio को लगी आग, देखें वीडियो

    झज्जरः हरियाणा के झज्जर से मनाली जा रहे होटल कारोबारियों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। जहां होटल कारोबारियों की स्कॉर्पियो कार को रोपड़ के कीरतपुर साहिब में अचानक आग लग गई। यह हादसा कीरतपुर साहिब-बिलासपुर नेशनल हाईवे पर गांव कल्याणपुर में दरगाह बाबा बुढण शाह जी की लिंक रोड पर हुआ। इससे गाड़ी में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। अंदर बैठे होटल कारोबारियों ने तुरंत गाड़ी से बाहर कूदकर अपनी जान बचाई।

    जानकारी के अनुसार गांव झज्जर के रहने वाले देविंदर कुमार और प्रवीण कुमार अपनी चंडीगढ़ नंबर की स्कॉर्पियो गाड़ी में मनाली जा रहे थे। उन्होंने कीरतपुर साहिब के पास स्थित एक पेट्रोल पंप से गाड़ी में जेल भराया और आगे निकल गए। चलते-चलते अचानक उनकी स्कॉर्पियो से आवाजें आने लगी। उन्होंने इसको चैक कराने के लिए आसपास पूछा। जिसके बाद वह गांव कल्याणपुर वेयरहाउस से श्री कीरतपुर साहिब की ओर जाने लगे। जब वे बाबा बुड्‌ढन शाह की दरगाह की ओर जाती सड़क के पास पहुंचे तो गाड़ी में अचानक आग लग गई।

    यह देख दोनों ने तुरंत दरवाजे खोले और बाहर निकल आए। उन्होंने गाड़ी से सामान निकालने की कोशिश की लेकिन आग इतनी तेजी से फैली कि ज्यादा सामान नहीं बचा पाए। उन्होंने आग बुझाने की भी कोशिश की लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। इसके बाद फायर ब्रिगेड को कॉल की गई। फायर ब्रिगेड करीब आधे घंटे बाद पहुंची। तब तक पूरी गाड़ी जलकर राख हो गई। इसका पता चलते ही थाना श्री कीरतपुर साहिब से पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने जली कार का मुआयना किया और उसमें सवार होटल कारोबारियों के बयान दर्ज किए। ASI बलवीर चंद ने बताया कि आग लगने के बारे में अभी कुछ पता नहीं चल सका है। इसकी जांच कर रहे हैं।

  • लॉरेंस बिश्नोई मामले में PM और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उड़ाने की मिली धमकी

    लॉरेंस बिश्नोई मामले में PM और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को उड़ाने की मिली धमकी

    नई दिल्लीः मुंबई पुलिस को धमकी भरा एक मेल मिला है। इसमें प्रधानमंत्री और अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम को धमाके से उड़ाने की वार्निंग दी गई। वीरवार रात मिले इस मेल में सेंडर ने इसके बदले भारत सरकार से 500 करोड़ रुपये की मांग की है। साथ ही कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई को रिहाई भी मांगी गई है। मालूम हो कि बिश्नोई दिल्ली की मंडोली जेल में बंद है और नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के कई मैच होने हैं। ईमेल में कहा गया कि आतंकी गुट ने हमलों को अंजाम देने के लिए पहले से ही अपने लोगों को तैनात कर दिया है।

    पुलिस के अनुसार, यह धमकी भरा मेल राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को भेजा गया था जिसकी सूचना उसने मुंबई पुलिस को दी है। माना जा रहा है कि यह मेल यूरोप से भेजा गया है। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘एनआईए से हमें ईमेल मिला है। इसे लेकर हमने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क कर दिया है। हमें वह ईमेल आईडी भी मिली है जिससे एनआईए को ईमेल भेजा गया था। फिलहाल हम उसका पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। शुरुआती जांच में यह मेल यूरोप से भेजा गया मालूम पड़ता है।’ पुलिस अधिकारी ने कहा कि मेल में दी गई धमकी फर्जी भी मालूम पड़ती है। यह विदेश में बैठे किसी व्यक्ति की शरारत हो सकती है। हालांकि, सभी क्रिकेट मैचों की सुरक्षा की समीक्षा की जाएगी और जरूरत पड़ी तो सिक्योरिटी बढ़ाई जा सकती है।


    धमकी भरे मेल में कहा गया, ‘अगर सरकार हमें 500 करोड़ रुपये देने और लॉरेंस बिश्नोई को रिहा करने में विफल रही तो हम नरेंद्र मोदी और नरेंद्र मोदी स्टेडियम को भी उड़ा देंगे। हिंदुस्तान में तो सब कुछ बिकता है और हमने भी कुछ खरीदा है। तुम कितना भी सुरक्षित रहो मगर हमसे नहीं बच पाओगे। अगर कोई बात करना चाहते हो तो इस ईमेल पर ही करो।’ गौरतलब है कि खालिस्तानी आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू भी विश्व कप मैचों पर हमले की धमकी दे चुका है। पन्नू के खिलाफ पहले से ही मामला दर्ज है। उसने तीन सप्ताह पहले ही शाहीद निजार की हत्या का बदला लेने की धमकी दी थी। अहमदाबाद पुलिस की साइबर अपराध शाखा ने FIR में कहा कि पन्नू ने किसी विदेशी नंबर से पहले से रिकॉर्ड किए संदेश के जरिए देश के लोगों को धमकी दी। साइबर अपराध शाखा के उप निरीक्षक एचएन प्रजापति की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया, ‘संज्ञान में आया है कि कई लोगों को फोन नंबर +447418343648 से पहले से रिकॉर्ड धमकी भरा संदेश मिला है। 

  • इमारत में लगी भीषण आग, 8 की मौत,  60 से अधिक जख्मी

    इमारत में लगी भीषण आग, 8 की मौत, 60 से अधिक जख्मी

    नई दिल्ली : मुंबई के गोरेगांव इलाके में एक आवासीय इमारत में आग लगने से 2 बच्चों समेत 8 लोगों की मौत हो गई और 60 से अधिक लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर है। शहर के अग्निशमन विभाग के प्रमुख ने कहा कि इमारत में अग्निशमन की कोई व्यवस्था नहीं थी। उन्होंने कहा कि 7 मंजिला इमारत की छत और विभिन्न मंजिलों से 30 निवासियों को सुरक्षित निकाला गया। नगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने कहा कि आग गोरेगांव पश्चिम के उन्नत नगर में आजाद मैदान के पास ‘जय भवानी एसआरए बिल्डिंग’ में रात करीब 3 बजे लगी।

    उन्होंने कहा कि इसके भूतल पर बहुत सारे पुराने कपड़े रखे थे। बीएमसी के अधिकारियों ने बताया कि कुल 68 निवासियों को विभिन्न अस्पतालों में ले जाया गया जबकि 42 को जोगेश्वरी में नगरपालिका द्वारा संचालित एचबीटी ट्रॉमा केयर अस्पताल में और 15 को जुहू में बीएमसी द्वारा संचालित कूपर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 11 घायलों को 3 निजी अस्पतालों में ले जाया गया।

  • लोकसभा चुनावों से पहले आज इस दिग्गज नेता की होगी कांग्रेस में वापसी

    लोकसभा चुनावों से पहले आज इस दिग्गज नेता की होगी कांग्रेस में वापसी

    नई दिल्लीः लोकसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज है। नेताओं का घर वापसी, एक पार्टी से दूसरी में जाने का सिलसिला भी जारी है। अब पूर्व बसपा नेता इमरान मसूद कांग्रेस में जा रहे हैं। आज यानी शनिवार (7 अक्टूबर) को उन्हें कांग्रेस के दिग्गज नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में शामिल किया जाएगा। उत्तर प्रदेश में बड़े मुस्लिम नेताओं के तौर पर जाने जाने वाले इमरान मसूद पहले कांग्रेस में ही थे। बसपा सुप्रीमो और पूर्व सीएम मायावती ने अनुशासनहीनता के आरोप में हाल ही में उन्हें पार्टी से निकाल दिया था। कांग्रेस में वापसी पर इमरान मसूद ने कहा है कि मौजूदा हालात में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा की। उसके बाद परिवर्तन का युग शुरू हुआ।

    पहले भी जब मैं पार्टी में था तो काम करने का एक शानदार अनुभव रहा है। दुर्भाग्य से एक डेढ़ साल तक मैं पार्टी का हिस्सा नहीं था। अब मैं घर वापसी कर रहा हूं। उन्होंने कहा कि मैं 2024 के चुनाव को बहुत महत्वपूर्ण समझता हूं। यह विपक्षी पार्टी और बीजेपी दोनों के लिए ही जरूरी है। आज देश में विपक्षी नेताओं की आवाज को दबाया जा रहा है। पहले विपक्ष की बात को सही से सुना जाता था, लेकिन आज वैसी स्थिति नहीं है। देश में आज बदलाव की जरूरत है। मैं संजीव बालियान की पश्चिमी उत्तर प्रदेश को अलग राज्य बनाने की मांग का समर्थन करता हूं। अगर अलग राज्य बनता है तो देश का सबसे समृद्ध राज्य बनेगा। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की तारीफ करने पर इमरान मसूद को मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों का हवाला देते हुए निष्कासित कर दिया था।

    विधानसभा चुनाव 2022 से पहले इमरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और दिल्ली प्रदेश प्रभारी का पद छोड़कर सपा में चले गए थे, लेकिन वहां उन्हें या उनके किसी साथी को टिकट नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में सपा में जाकर संतुष्ट थे, लेकिन हमारी दाल ज्यादा नहीं गल पाई। इसके बाद हमारे समर्थकों का बहुत दबाव था। इसके बाद हमने ने पार्टी छोड़ दी। फिर बसपा में आ गए। उस पार्टी ने हमें खुद ही निष्कासित कर दिया। तो मैं अपनी पुरानी पार्टी में वापस जा रहा हूं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का काफी अच्छा भविष्य है। पार्टी को मजबूत करूंगा अगर पार्टी टिकट देगी तो देखा जाएगा। अभी सात अक्टूबर को अपने समर्थकों के साथ दिल्ली में कांग्रेस ज्वाइन करूंगा।

  • Plane Crash हादसे में भारतीय ट्रेनी पायलट समेत 3 की मौत

    Plane Crash हादसे में भारतीय ट्रेनी पायलट समेत 3 की मौत

    नई दिल्लीः कनाडा से एक दर्दनाक खबर सामने आ रही है। एक विमान दुर्घटना में दो भारतीय ट्रेनी पायलटों की मौत हो गई है। पायलट अभय गडरू और यश विजय रामुगड़े मुंबई के रहने वाले थे। कनाडा के पुलिस अधिकारियों ने घटना की पुष्टि की है। इस दुर्घटना में कुल तीन लोगों की जान गई है। उन्होंने कहा कि दो इंजन वाला हल्का विमान पाइपर पीए-34 सेनेका चिलिवैक शहर में एक मोटल के पीछे पेड़ों और झाड़ियों से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस घटना में भारतीय नागरिकों के अलावा एक अन्य पायलट की भी मौत हो गई।

  • पंजाबः संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय लड़की गायब, देखें वीडियो 

    पंजाबः संदिग्ध परिस्थितियों में 14 वर्षीय लड़की गायब, देखें वीडियो 

    परिवार को अगवा करने का शक

    लुधियानाः राम नगर इलाके में करीब 14 साल की लड़की के संदिग्ध परिस्थितियों में गायब होने का मामला सामने आया है। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई है और पुलिस लड़की को ढूंढने का प्रयास कर रही है। जबकि परिवार का आरोप है कि कोई लड़का उनकी बेटी को तंग करता था, जिसने कथित तौर पर उसे अगवा किया है। 

    पंडित बच्चों के पिता ने बताया कि उनकी बेटी 2 अक्टूबर से गायब है। कुछ दिन पहले एक लड़के द्वारा उसे छेड़ा गया था, जिसके बाद मां उसे स्कूल छोड़ने जाती थी। लेकिन 2 अक्टूबर को वह कहीं गायब हो गई। उन्होंने अपने स्तर पर ढूंढने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं मिली। उन्हे शक है कि किसी ने उनकी लड़की को अगवा किया है।

    जबकि क्षेत्र के लोगों को कहना था कि परिवार को लड़की की फोटो के साथ देखकर मदद करने का प्रयास किया है। इस घटना की शिकायत पीड़ित परिवार ने पुलिस को दे दी है। वहीं पुलिस अधिकारी ने कहा कि पीड़ित परिवार के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। उन्होंने कहा कि लड़की को ढूंढने के प्रयास किए जा रहे है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित परिवार ने बताया 3 दिन पहले शाम को 8 बजे लड़की खेल रही थी। इस दौरान लड़की खेलती खेलती अचानक लापता हो गई, जिसकी तालाश जारी है।

  • सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत

    सड़क हादसे में 18 लोगों की मौत

    नई दिल्ली : मैक्सिको में एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। स्थानीय समयानुसार मैक्सिको में एक बस पलट गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई। मृतकों में 3 बच्चे को वहीं 2 महिलाएं हैं। अधिकारियों की मानें तो अब तक कारणों की तलाश नहीं हो सकी है और अधिकतर मृतक प्रवासी थे।

    जानकारी के मुताबिक ओक्साका राज्य के अटॉर्नी जनरल ने बताया कि सभी मृतक वेनेजुएला और हैती के रहने वाले हैं। हादसे में करीब 27 लोग घायल हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अधिकारी का कहना है कि घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

  • पंजाबः विवादों में फंसे सिंगर Kamal Khan, Shiv Sena ने CP को दी शिकायत

    पंजाबः विवादों में फंसे सिंगर Kamal Khan, Shiv Sena ने CP को दी शिकायत

    लुधियानाः पंजाबी गायक कमल खान को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। कमल खान के खिलाफ शिव सेना ने सीपी को शिकायत दी है। शिव सेना पंजाब के चेयरमैन राजीव टंडन व उनके साथियों ने लुधियाना पुलिस कमिश्नर मंदीप सिंह सिद्धू से मुलाकात की। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि गायक कमल खान के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और लड़कियों के बारे भजन में बोली गलत शब्दावली के खिलाफ FIR दर्ज की जाए।

    राजीव टंडन ने कहा कि जागरण करते समय कमल खान के भजन गाते समय बेटियों के बारे गलत शब्दावली का इस्तेमाल किया है जिसे सुनना भी पाप है। वह इसकी घोर निंदा करते है। जागरण में गाते समय कमल खान ने तालियां बजादें की जगह बेटियों के बारे गलत शब्द बोला है। इस बात से कमल खान की मानसिकता का पता चलता है कि वह बेटियों के प्रति किस तरह की मानसिकता रखते है। हिन्दू नेता भानू प्रताप ने कहा कि शिव सेना चुप बैठने वाली नहीं है।

    गायक कमल खान जहां कही भी कोई धार्मिक समारोह करने पहुंचेगा उसका पूरजोर विरोध किया जाएगा। आज पुलिस प्रशासन को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग की है। यदि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं होती तो हिन्दू समाज संघर्ष करेगा। शिव सेनिकों ने खान पर आरोप लगाया कि उन्होंने बाद में ये गीत डिलीट भी करवाने की कोशिश की, लेकिन वायरल होने के कारण वह नाकामयाब रहे। कुछ शरारती लोग हिन्दू-मुस्लिम भाईचारा को खराब करना चाहते है लेकिन शिव सेना इस तरह के शरारती लोगों का विरोध करती रहेगी।