Blog

  • Punjab News: महिला के खिलाफ गलत टिप्पणी करना एडवोकेट को पड़ा महंगा, महिला आयोग ने लिया एक्शन, किया नोटिस जारी

    Punjab News: महिला के खिलाफ गलत टिप्पणी करना एडवोकेट को पड़ा महंगा, महिला आयोग ने लिया एक्शन, किया नोटिस जारी

    लुधियानाः जिले के वकील हरीश राय ढांडा को लेकर पंजाब राज्य महिला आयोग ने एक्शन लिया है। इस मामले में महिला आयोग की चेयरपर्सन राज लाली ने पंजाब राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2001 की धारा 12 के अंतर्गत अपनी शक्तियों का प्रयोग करते हुए कमिशनर ऑफ पुलिस को पत्र जारी करते हुए सूटो मोटो नोटिस जारी किया है।

    महिला आयोग की चेयपर्सन ने पत्र में कहा कि वह महिलाओं के खिलाफ सोशल मीडिया पर वायरल वीडियों में वकील द्वारा गलत शब्दावली का प्रयोग किया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले के संबंध में सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो, खबर तथा आयोग के कार्यालय में प्राप्त शिकायतों से ज्ञात हुआ है कि हरीश राय ढांडा, वकील द्वारा महिलाओं के खिलाफ अत्यंत अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया है।

    ऐसे में इस वीडियो के बाद संज्ञान लेेते हुए मामले की तुरंत एसपी रैंक के वरिष्ठ अधिकारी द्वारा जांच करवाने के आदेश जारी किए है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट आयोग को 3 दिन तक यानी 10 मार्च तक ईमेल द्वारा भेजी जाए। महिला आयोग ने कहा कि किसी को भी महिलाओं के खिलाफ गलत व्यवहार करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। बताया जा रहा है कि एडवोकेट हरीश राय ढांडा और एडवोकेट संजीव मल्होत्रा में विवाद चल रहा है। आरोप है कि एडवोकेट संजीव मल्होत्रा की पत्नी को लेकर सोशल मीडिया पर दूसरे वकील द्वारा कोई टिप्पणी की गई थी। इस मामले को लेकर महिला आयोग ने एक्शन लिया है। लेकिन अब वकील की मुश्किलें बढ़ती हुई दिखाई दे रही है।

     

     

  • ग्रामीण विकास कार्य समयबद्ध पूरा करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी

    ग्रामीण विकास कार्य समयबद्ध पूरा करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं : डीसी

    सामूहिक प्रयासों से ऊना को विकास में अग्रणी जिला बनाने पर जोर

    ऊना/सुशील पंडित:  उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्रामीण विकास योजनाओं के तहत चल रहे सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए।

    उन्होंने ये निर्देश शनिवार को जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) के तहत प्रायोजित विभिन्न विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दिए। बैठक में मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना 2.0 के अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

    उपायुक्त ने कहा कि सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, उनका लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंचना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि आपसी सहयोग के कार्य करने को कहा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के माध्यम से ऊना जिला विकास के मामले में प्रदेश का अग्रणी जिला बने।

    जतिन लाल ने कहा कि ऊना जिला भौगोलिक रूप से सुगम है और सभी पंचायतों तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध है, इसलिए योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि अगली समीक्षा बैठक में कार्यों की प्रगति आंकड़ों में स्पष्ट रूप से दिखाई देनी चाहिए।

    मनरेगा 99 प्रतिशत कामगारों की केवाईसी पूरी

    उपायुक्त ने बताया कि जिला ऊना में मनरेगा के तहत पंजीकृत 38,394 कामगारों में से 37,953 कामगारों की आधार से केवाईसी कर 99 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है। इसके अलावा जिले की 229 ग्राम पंचायतों में से 55 ग्राम पंचायतों में मनरेगा मजदूरों की हाजिरी फेस ऑथेंटिकेशन मशीन के माध्यम से दर्ज की जा रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2022-23 से अब तक इस योजना के तहत लगभग 94 प्रतिशत विकास कार्य पूरे किए जा चुके हैं।
    उन्होंने कहा कि युक्तधारा कार्यक्रम के तहत मनरेगा के विकास कार्यों को एकीकृत कर अब तक 94 ग्राम पंचायतों में कार्य शुरू किए जा चुके हैं, जिनमें गगरेट विकास खंड की सभी 40 ग्राम पंचायतें शामिल हैं। उपायुक्त ने सभी खंड विकास अधिकारियों को शीघ्र सभी पंचायतों के विकास कार्यों को युक्तधारा के अंतर्गत अपलोड करने के निर्देश दिए।

    स्वच्छ भारत मिशन के तहत अच्छी प्रगति

    उपायुक्त ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन के तहत वित्त वर्ष 2025-26 के लिए स्वीकृत 2 करोड़ 83 लाख रुपये की राशि में से 2 करोड़ 39 लाख रुपये खर्च किए जा चुके हैं। इस दौरान 933 व्यक्तिगत और 22 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया गया है, जबकि 14 पृथक्करण शेड भी बनाए गए हैं। जिले के चार विकास खंडों में स्थापित प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट इकाइयां भी क्रियाशील हैं। उन्होंने 31 मार्च तक निर्धारित लक्ष्य पूरा करने के निर्देश दिए।

    प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत 8080 हेक्टेयर भूमि सिंचित

    प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत स्वीकृत 8.69 करोड़ रुपये की राशि में से 8.31 करोड़ रुपये व्यय कर 8080 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा प्रदान की गई है।

    प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 847 मकान निर्मितजिला ऊना में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत वर्ष 2023-24 में 884 मकानों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। इनमें से 875 लाभार्थियों का पंजीकरण किया जा चुका है और जियो टैगिंग सुनिश्चित करने के बाद अब तक 847 मकान निर्मित किए जा चुके हैं। इस अवसर पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के परियोजना अधिकारी रमनवीर चौहान सहित सभी खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

     

  • Punjab News: दिन दहाड़े घर में घुसकर सिलेंडर लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: दिन दहाड़े घर में घुसकर सिलेंडर लेकर चोर फरार, देखें वीडियो

    लुधियानाः महानगर में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। दिन दहाड़े चोर वारदातों को अंजाम देकर फरार हो रहे है। वहीं ताजा मामला समराला चौक के अधीन आते नरिंदर नगर से सामने आया है। जहां आज सुबह सरेआम घर में घुसकर चोर सिलेंडर लेकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की जानकारी देते हुए पीड़ित दिलप्रीत सिंह ने कहा कि वह आज सुबह वह खाना खाने के लिए 10.30 बजे कमरे गए थे। इस दौरान बाहर से एक व्यक्ति उनके घर में दाखिल होता है और रसोई में जा कर सिलेंडर चोरी कर फरार हो जाता है।

    पीड़ित ने कहा कि जब वे खाना खाकर बाहर आए तो रसोई का दरवाज़ा खुला देख हैरान रह गए। पीड़ित के अनुसार चोर नशेड़ी था और उसने कमरे में तालाशी ली, लेकिन घर में आवाज आने के बाद वह सिर्फ सिलेंडर लेकर फरार हो गया। घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित ने कहा कि चोर ने गली में 2 जगह सिलेंडर बेचने की कोशिश भी की। उन्हें पता चला है कि एक हलवाई को सिलेंडर बेचने की कोशिश की गई।

    पीड़ित के अनुसार शिंगार चौकी की पुलिस को शिकायत दी गई है। पीड़ित ने कहा कि घटना के बाद डर का माहौल बना हुआ है, दरअसल, घर में छोटा बच्चा है। गनीमत यह रही कि बच्चे को किडनैप करके चोर नहीं ले गया। पीड़ित के अनुसार चोर ने गली में पहले अन्य घरों को देखा, जिसके बाद उनके घर का दरवाजा खुला देखकर वह घर में घुस गया और रसोई से सिलेंडर लेकर फरार हो गया। वहीं सीसीटीवी फुटेज में चोर बड़े आराम से सिलेंडर लेकर जाता हुआ दिखाई दे रहा है। चोर की तस्वीर भी साफ दिखाई दे रही है।

     

  • Punjab News : गुरु नानक मिशन वृद्ध आश्रम व संगीत एकेडीमी में 37वां सालाना समागम कल, देखें वीडियो

    Punjab News : गुरु नानक मिशन वृद्ध आश्रम व संगीत एकेडीमी में 37वां सालाना समागम कल, देखें वीडियो

    फगवाड़ाः गुरु नानक मिशन नेत्रहीन वृद्ध आश्रम एवं संगीत एकेडमी सापरोड नंगल जीटी रोड फगवाड़ा की ओर से 8 मार्च दिन रविवार को आश्रम में 37वां सालाना समागम बड़ी ही श्रद्धा एवं भावना के साथ करवाया जा रहा है। इस संबंधी प्रबंधकों ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए आश्रम के मैनेजर सरदार मुख्तियार सिंह ने बताया के इस समागम में जहां दो जत्थे श्री अखंड पाठ साहिब जी के पाठ आरंभ किए गए वहींं पर 7 मार्च को शाम 7:00 बजे से 10:00 तक धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे जबकि नीति 8 मार्च दिन रविवार को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे धार्मिक समागम होंगे।

    समागम में अलग-अलग बीमारियों के माहिर डाक्टर की ओर से मरीजों का फ्री चेकअप कर दवाइयां फ्री दी जाएगी, समागम में विशेष तौर से संत महापुरुष पहुंच के संगतों को अपना आशीर्वाद भी देंगे। उन्होंने समूह इलाका निवासियों को समागम में पहुंचकर गुरु महाराज जी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। इस दौरान संगतों में गुरु जी का लंगर अटूट बरताया जाएगा।

  • हिमोत्कर्ष परिषद महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही: दीपशिखा कौशल

    हिमोत्कर्ष परिषद महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही: दीपशिखा कौशल

    ऊना/सुशील पंडित: हिमोत्कर्ष परिषद महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। यह बात अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस 2026 के उपलक्ष्य में हिमोत्कर्ष महिला मंच द्वारा शनिवार को संयुक्ता चौधरी हिमोत्कर्ष महिला प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित कार्यक्रम में अपने संबोधन में हिमोत्कर्ष महिला मंच की अध्यक्ष दीपशिखा कौशल ने कही। उन्होंने महिलाओं को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की बधाई दी।

    कार्यक्रम में हिमोत्कर्ष प्रशिक्षण संस्थान में 35 वर्षों से प्रशिक्षक के रूप में सेवाएं दे रही उप प्रधानाचार्य रंजू व संस्थान में सेवारत कमला देवी को शाल व टोपी भेंट कर सम्मानित किया गया। दीपशिखा कौशल ने कहा कि वर्तमान दौर में महिलाएं हर क्षेत्र में बेहतरीन कार्य कर रही है। आज ऐसा कोई भी क्षेत्र नहीं है, जहां महिलाओं ने अपनी प्रतिभा के दम पर उचित स्थान हासिल न किया हो। उन्होंने कहा कि महिलाएं आत्म विश्वास से लवरेज होकर परिवार व समाज के उत्थान में अपना योगदान दे रही है। शिक्षित महिला सशक्त समाज की परिकल्पना को साकार कर सकती है। उन्होंने बेटियों से शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढऩे का भी आहवान किया।

    उन्होंने कहा कि इसके साथ ही महिलाओं को स्वरोजगार के क्षेत्र में स्थापित होने के लिए व्यावसायिक शिक्षा को भी केंद्र बिंदु बनाकर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक तौर पर सशक्त होकर ही महिला सशक्तिकरण के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस तो साल में मात्र एक दिन मनाया जाता है, लेकिन हिमोत्कर्ष परिषद प्रत्येक दिन महिलाओं के उत्थान व कल्याण के लिए जुटी हुई है। परिषद द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए व्यावसायिक शिक्षा हेतु प्रशिक्षण संस्थान का संचालन किया जा रहा है। वहीं बच्चियों को उच्च शिक्षा दिलाने के लिए परिषद ने ऊना में कन्या महाविद्यालय की भी स्थापना की। इसके अलावा परिषद छात्राओं को शिक्षा पूरी करने के लिए फीस में सहयोग प्रोत्साहन स्वरुप छात्रवृतियों का वितरण सहित अनेक प्रकल्प चला रही है।

    कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महिला मंच की वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनूपा ठाकुर ने बताया कि हिमोत्कर्ष संस्थान में छात्राओं के लिए कटिंग, टेलरिंग एवं ड्रैस मेकिंग का एक वर्ष का कोर्स, कटिंग टेलरिंग के एक वर्ष व छह माह के हॉबी कोर्स, फैशन डिजाइनिंग का एक वर्ष का हॉबी कोर्स चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए अप्रैल माह से नया बैच भी शुरु होने जा रहा है। जिसके चलते एडमिशन का दौर भी अब शुरु है। कार्यक्रम में संस्थान की छात्राओं ने भी महिला दिवस पर अपने विचार रखे।

    महिला मंच की सदस्य कविता गोयल ने धन्यवाद प्रस्ताव रखा। जबकि हिमोत्कर्ष महिला मंच सदस्य रमा कंवर ने मंच का संचालन किया। इस अवसर पर हिमोत्कर्ष महिला मंच सदस्य दीपशिखा कौशल, अनूपा ठाकुर, रंजना जसवाल,कविता गोयल,रमा कंवर, रंजू बाला, कमला सहित संस्थान की छात्राएं उपस्थित थी।

     

  • अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा में लगेंगे महिला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर- डॉ. मुक्ता कुमार

    अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर हरियाणा में लगेंगे महिला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर- डॉ. मुक्ता कुमार

    सभी जिलों में आयोजित होंगे शिविर, महिलाओं को रक्तदान व स्वास्थ्य जागरूकता के लिए किया जाएगा प्रेरित

    चंडीगढ़, 7 मार्च – अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नारी शक्ति को समर्पित एक विशेष पहल के तहत 8 मार्च को हरियाणा के सभी जिलों में महिला स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों का आयोजन हरियाणा राज्य रक्त संचरण परिषद तथा स्वास्थ्य विभाग हरियाणा की देखरेख में राज्य के सभी लाइसेंस प्राप्त रक्त केन्द्रों, जिला नागरिक अस्पतालों और निजी रक्त केन्द्रों किया जाएगा।

    हरियाणा राज्य रक्त संचरण परिषद की परियोजना निदेशक डॉ. मुक्ता कुमार ने बताया कि इन रक्तदान शिविरों में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। रक्तदान को महादान माना जाता है और एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने में सहायक होती है। महिला दिवस के अवसर पर आयोजित यह अभियान समाज सेवा और मानवता की भावना को मजबूत करने का संदेश देगा।

    उन्होंने कहा कि यह राज्य स्तर पर अपनी प्रकार की पहली अनूठी पहल है, जिसका उद्देश्य महिलाओं को समाज सेवा के साथ साथ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी है। यह अभियान “स्वस्थ नारी – स्वस्थ परिवार” के संकल्प को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा। इन रक्तदान शिविरों में उनके स्वास्थ की भी जांच की जाएगी। महिलाओं की हीमोग्लोबिन जांच तथा सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किये जाएंगे।रक्तदानी महिला में हीमोग्लोबिन स्तर 12.5 या इससे अधिक होना चाहिए। उन्होंने सभी पात्र महिलाओं से अपील की है कि वे स्वैच्छा रक्तदान में भागीदारी कर रक्तदान करें और जीवन रक्षक अभियान को सफल बनाए।

  • Bollywood Singer व Rapper Badshah का आया बयान, की ये अपील, देखें वीडियो

    Bollywood Singer व Rapper Badshah का आया बयान, की ये अपील, देखें वीडियो

    पंचकूलाः बॉलीवुड सिंगर व रैपर आदित्य प्रतिक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह हाल ही में रिलीज हुए सॉन्ग ‘टटीरी’ को लेकर रैपर बादशाह विवादों में आ गए है। टटीरी गाने की आपत्तिजनक सामग्री पर हरियाणा पुलिस ने कड़ा एक्शन लिया है। बादशाह की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और लुकआउट सर्कुलर जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है, ताकि वह देश छोड़कर बाहर न जा सके। गायक को पुलिस के समक्ष तत्काल पेश होने के लिए विधिवत नोटिस जारी किया है। गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। वहीं बादशाह ने वीडियो जारी करते हुए कहा कि उसका नया गाना हाल ही में रिलीज हुआ है। बादशाह ने माना उसके गाने के कुछ शब्दों से हरियाणा सहित कई लोगों के मन को ठेस पहुंची है।

    गायक ने कहा कि वह खुद हरियाणा से है और वह खुद किसी महिला को ठेस पहुंचाना नहीं चाहते। यह गाना किसी महिला को ठेस पहुंचाने के मकसद से नहीं गाया गया। गायक ने कहा कि वह खुद अपने हरियाणा के कल्चर और बोली को काफी ऊंचाईयों तक ले जाना चाहते है। उन्होंने कहाकि गायक अक्सर कंपीटिशन में अपने प्रतिद्वंद्वी को नीचा दिखाने की कोशिश करते है। गायक ने लोगों से अपील करते हुए कहाकि वह चाहते है हरियाणा के लोग उसे अपना बच्चा समझ क्षमा करें। अगर किसी के मन को ठेस पहुंची है तो वह उन सभी से माफी मांगते है।

    बता दें कि बादशाह के इस गाने को यूट्यूब से हटा दिया गया है। गाने को लेकर बीते दिन हरियाणा की महिला आयोग द्वारा नोटिस भी जारी किया गया था और पुलिस द्वारा एफआईआर भी दर्ज की गई थी। वहीं संबंधित गाने की वीडियो को सभी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटवाने के लिए नोटिस जारी किए हैं। पुलिस के अनुसार गाने की वीडियो में स्कूल यूनिफॉर्म पहने नाबालिग बच्चियों को स्कूल बैग फेंकते हुए और पढ़ाई से दूर भागते हुए दिखाया गया है। साथ ही “बादशाला” जैसे शब्दों का प्रयोग कर स्कूल और शिक्षा के माहौल को गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है।

    गौर हो कि 1 मार्च 2026 को रिलीज हुए इस गाने पर 50 मिलियन से भी ज्यादा व्यूज आ चुके हैं। सरकार की कानूनी शिकायत के बाद यूट्यूब ने ये एक्शन लिया। अब भारत में यूजर्स सॉन्ग से जुड़ा कंटेंट नहीं देख पाएंगे। सॉन्ग के रिलीज होते ही कई सामाजिक संस्थाओं ने इसके लिरिक्स पर आपत्ति दर्ज कराई थी। हरियाणा महिला आयोग ने बादशाह को नोटिस भेजकर समन जारी करके 13 मार्च को पेश होने के लिए कहा गया था। इस गाने में कैथल की रहने वाली बॉक्सर सिमरन जागलान की भी आवाज है। वह हरियाणवी सिंगर कर्मबीर फौजी की बेटी हैं। सॉन्ग बादशाह और कर्मवीर फौजी ऑफिसियल के यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया गया था।

  • अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया बल

    अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया गया बल

    बेटियों को शिक्षा और अवसरों में प्राथमिकता देना जरूरी : डीसी

    ऊना/सुशील पंडित:  उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि बेटियों को शिक्षा और अवसरों में प्राथमिकता देना समय की आवश्यकता है, ताकि वे अपने अधिकार प्राप्त कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि जब बेटियां शिक्षित और सशक्त बनती हैं तो पूरा समाज प्रगति की ओर अग्रसर होता है।

    वे शनिवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर ऊना के लाला जगत प्रकाश नारायण कन्या महाविद्यालय, लालसिंगी में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव अनीता शर्मा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।

    इस वर्ष महिला दिवस की थीम ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ पर केंद्रित रही

    उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं का हमारे जीवन और समाज को सही दिशा देने में विशेष योगदान होता है। उन्होंने बेटियों को शिक्षित करने, उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा उन्हें सशक्त बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों को मिलकर प्रयास करने की आवश्यकता पर बल दिया।

    उन्होंने कहा कि जब बेटियां शिक्षित होती हैं तो पूरा समाज शिक्षित और प्रगतिशील बनता है। उन्होंने कहा कि जीवन में जितने अवसर हम बेटों को प्रदान करते हैं, वैसे ही अवसर बेटियों को देकर उन्हें उनका अधिकार देना चाहिए, ताकि वे आत्मनिर्भर बनकर अपने पैरों पर मजबूती से खड़ी हो सकें।

    उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रही हैं। समाज के समावेशी विकास के लिए महिलाओं का आत्मनिर्भर और जागरूक होना अत्यंत आवश्यक है।

    इससे पहले उपायुक्त ने महिला एवं बाल विकास विभाग तथा स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव अनीता शर्मा ने कहा कि महिलाओं को शिक्षित होने के साथ-साथ अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना भी आवश्यक है। उन्होंने कानूनी सहायता, मध्यस्थता, समानता का अधिकार तथा महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी और महिलाओं को समाज में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।

    आयुष विभाग की डॉ. इंदु भारद्वाज ने महिला स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर जानकारी दी। इससे पहले बाल विकास परियोजना अधिकारी शिव कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत करते हुए विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी हरीश मिश्रा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विभिन्न आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा महिला सशक्तिकरण पर मॉडलिंग, ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ विषय पर स्किट तथा विभागीय योजनाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी गईं।

    कार्यक्रम के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त पोषण अभियान के अंतर्गत तीन बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार करवाया गया तथा तीन गर्भवती महिलाओं की गोद भराई रस्म भी संपन्न करवाई गई। सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाली महिलाओं को भी पुरस्कार वितरित किए गए।
    कार्यक्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी कमलदीप सिंह, विभागीय अधिकारी, विभिन्न ब्लॉकों के सुपरवाइजर तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

     

  • मनरेगा के अंतर्गत 50 दिन कार्य करने वाले परिवार बी.पी.एल. सूची में होंगे शामिल

    मनरेगा के अंतर्गत 50 दिन कार्य करने वाले परिवार बी.पी.एल. सूची में होंगे शामिल

    शिमला: ग्रामीण विकास विभाग के प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि विभाग द्वारा बी.पी.एल. परिवारों के निर्धारण संबंधी दिशानिर्देशों में संशोधन किया गया है। उन्होंने बताया कि विभाग द्वारा जारी निर्देशों तथा उसमें समय-समय पर किए गए संशोधनों के क्रम को जारी रखते हुए, 04 फरवरी, 2026 के बी.पी.एल. दिशानिर्देशों में वर्णित पैरा 1(क) (4) को पुनः संशोधित किया गया है।

    प्रवक्ता ने बताया कि संशोधित प्रावधान के अनुसार अब ऐसे परिवार भी बी.पी.एल. सूची में शामिल किए जा सकेंगे, जिनके सभी वयस्क सदस्यों द्वारा पिछले वित्तीय वर्ष में मनरेगा के अंतर्गत कम से कम 50 दिन कार्य किया गया हो। उन्होंने बताया कि उक्त श्रेणियों के अंतर्गत प्रथम चरण से चतुर्थ चरण के सर्वेक्षण के दौरान प्राप्त आवेदनों पर भी विचार किया जाएगा। इसके अतिरिक्त पात्र परिवारों से नए आवेदन भी 12 मार्च, 2026 तक स्वीकार किए जाएंगे।

    प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत जारी की गई गई अधिसूचना के अनुसार 15 मार्च, 2026 तक खंड स्तरीय समिति द्वारा ऐसे पात्र परिवारों को पंचायत-वार अधिसूचित करते हुए बी.पी.एल. परिवारों की पांचवें चरण की सूची” के रूप में प्रकाशित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण से चतुर्थ चरण के सर्वेक्षण के अंतर्गत की गई समस्त कार्यवाही, तैयार की गई सूचियां तथा लिए गए निर्णय यथावत रहेंगे और उनमें कोई परिवर्तन नहीं किया जाएगा।

    उनहोने बताया कि पांचवें चरण के सर्वेक्षण के लिए उपर्युक्त संशोधित समावेशन बहिष्करण मानदंडों के अतिरिक्त सत्यापन, अनुमोदन, अपील, अभिलेख संधारण तथा समय-सीमा से संबंधित समस्त प्रक्रियाएं विभाग के पत्र दिनांक 19 मार्च, 2025 तथा 15 दिसम्बर, 2025 को जारी अधिसूचना में वर्णित प्रावधानों के अनुसार ही लागू रहेगी।

  • श्री चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेला 19 से 27 मार्च तक, तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम ने ली बैठक

    श्री चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेला 19 से 27 मार्च तक, तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर एसडीएम ने ली बैठक

    ऊना/सुशील पंडित: माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में चैत्र नवरात्र मेला 19 से 27 मार्च तक आयोजित होगा। यह जानकारी एसडीएम अंब पारस अग्रवाल ने चैत्र नवरात्र मेले की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर बाबा श्री माईदास सदन के सभागार में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए दी।

    उन्होंने बताया कि मेले के दौरान एसडीएम अंब मेला अधिकारी होंगे, जबकि डीएसपी अंब को पुलिस मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है। मेले के दौरान कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए मेला क्षेत्र को चार सेक्टर में बांटा जाएगा जिसमें पुलिस व होमगार्ड के लगभग 300 जवान तैनात रहेंगे। मेले के दौरान मंदिर व मेला परिसर में सीसीटीवी कैमरों का समुचित उपयोग किया जाएगा ताकि असामाजिक तत्वों के जरिए होने वाली अप्रिय घटनाओं को रोका जा सके। एसडीएम ने मंदिर अधिकारी को सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मुबारिकपुर से भरवाईं तक साफ-सफाई के निर्देश दिए गए हैं ताकि मेले में आने वाले सभी श्रद्धालुओं को एक अच्छा वातावरण मिल सके।

    अंब पारस अग्रवाल ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को चिंतपूर्णी अस्पताल में 24 घंटे सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इसके लिए खंड चिकित्सा अधिकारी अम्ब मेला चिकित्सा अधिकारी होंगे। इसके अतिरिक्त स्वास्थ्य विभाग तथा आयुर्वेद विभाग द्वारा एक-एक अतिरिक्त मेडिकल पोस्ट भी स्थापित की जाएगी जहां पर श्रद्धालुओं को आवश्यकता के अनुसार उपचार प्रदान किया जाएगा।

    उन्होंने मेले के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ व साफ-सुथरा पेयजल मुहैया करवाने के लिए जल शक्ति विभाग को पेयजल स्त्रोतों की स्वच्छता व समुचित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने पानी के समस्त पेयजल स्त्रोतों की क्लोरिनेशन करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने विद्युत विभाग भी सुचारू बिजली आपूर्ति के लिए सभी आवश्यक निरीक्षण कर लें ताकि मेले का संचालन सही ढंग से हो सके। एसडीएम ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा के दृष्टिगत मेलावधि के दौरान मंदिर में नारियल ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। नारियल मंदिर के मुख्य गेट से पहले डीएफएमडी के स्थान पर लाईन में ही यात्रियों से जमा कर लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह साईन बोर्ड लगवाना भी सुनिश्चित किया जाएगा।

    उन्होंने बताया कि मेले के दौरान लंगर लगाने के लिए लंगर कमेटी से अनुमति लेना अनिवार्य है। इसके अलावा लंगर आयोजकों को लंगर कमेटी द्वारा स्वच्छता व सड़क सुरक्षा सहित सभी निर्धारित नियमों का पालन करना होगा अन्यथा उन्हें लंगर के लिए जारी किए गए परमिट रद्द किए जा सकते हैं। लंगर का आयोजन सड़क से निर्धारित दूरी पर किया जाएगा ताकि श्रद्धालुओं को आवाजाही तथा यातायात में किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

    एसडीएम ने बताया कि माता श्री चिंतपूर्णी में भिक्षावृति पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। इसे रोकने के लिए पुलिस व होमगार्ड के जवान कड़ी नजर रखेंगे। उन्होंने आगजनी की घटनाओं की रोकथाम के लिए अग्निशमन विभाग को मेले से पूर्व अग्निशमन यंत्रों को पूरी तरह से कार्यशील करने के निर्देश दिए। बैठक में यातायात प्रबंधन, विद्युत व्यवस्था, पार्किंग व्यवस्था, डियूटी पर तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों के रहने संबंधी व्यवस्था के अतिरिक्त साफ सफाई की व्यवस्था रखने  बारे भी विस्तार से चर्चा की गई। इस अवसर पर डीएसपी अंब अनिल पटियाल, डीएफएससी राजीव शर्मा, मंदिर अधिकारी अजय कुमार अन्य उपस्थित थे।