Blog

  • Jalandhar News: इस इलाके में हुई झड़प, ई-रिक्शा चालक घायल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इस इलाके में हुई झड़प, ई-रिक्शा चालक घायल, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: महानगर में क्राइम की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। वहीं ताजा मामला किशनपुरा इलाके के पास देर रात लूट का सामने आया है। जहां ई-रिक्शा चालक हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार आपसी रंजिश के तहत घटना को अंजाम दिया गया। घायल ई-रिक्शा चालक की पहचान कमल कुमार के रूप में हुई है, जिनकी उम्र लगभग 65 वर्ष बताई जा रही है। कमल कुमार के परिजनों और रिश्तेदारों को जैसे ही इस घटना की भनक लगी, वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हालांकि, इसे लूट की घटना बताया जा रहा था, लेकिन बाद में पुलिस और जांच के दौरान साफ हुआ कि यह लूट का नहीं, बल्कि आपसी लड़ाई-झगड़े और मारपीट का मामला है। इस घटना में एक ई-रिक्शा चालक के साथ बुरी तरह मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसके ई-रिक्शा का शीशा भी तोड़ दिया गया।

    घायल व्यक्ति की पहचान कमल कुमार के रूप में हुई है, जिन्हें इलाज के लिए जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, किशनपुरा चौक के पास एक ई-रिक्शा चालक के साथ कुछ लोगों ने अचानक मारपीट शुरू कर दी। हमलावरों के हौसले इतने बुलंद थे कि उन्हें कानून या पुलिस का कोई खौफ नहीं था। उन्होंने ई-रिक्शा पर हमला करके उसका शीशा पूरी तरह तोड़ दिया। इस घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों और स्थानीय लोगों में यह चर्चा शुरु हो गई कि ई-रिक्शा चालक से तीन-चार हजार रुपये की लूटपाट की गई है। लोगों का कहना था कि बदमाशों ने गरीब चालक को बुरी तरह पीटा और उसके पैसे छीनकर फरार हो गए।

    बढ़ते हंगामे को देखकर पुलिस तुरंत हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की। पुलिस की शुरुआती पूछताछ और तफ्तीश में एक अलग ही कहानी सामने आई। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला किसी लूटपाट का नहीं है, बल्कि दो पक्षों के बीच पुराना या अचानक हुआ कोई आपसी लड़ाई-झगड़ा है। इस हिंसक झड़प में ई-रिक्शा चालक को काफी गंभीर चोटें आई हैं। उसकी बाजू और शरीर के अन्य हिस्सों पर गहरे जख्म हैं। पीड़ित की हालत को देखते हुए उसे तुरंत जालंधर के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है।

     

  • Punjab News: घल्लूघारा की बरसी पर श्री दरबार साहिब पहुंचे निहंग सिंह संगठन और धार्मिक समूह, देखें वीडियो

    Punjab News: घल्लूघारा की बरसी पर श्री दरबार साहिब पहुंचे निहंग सिंह संगठन और धार्मिक समूह, देखें वीडियो

    अमृतसरः 6 जून 1984 की घटनाओं की याद में सचखंड श्री दरबार साहिब में घल्लूघारा की बरसी श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई जा रही है। इस मौके पर विभिन्न निहंग सिंह संगठन, पंथ और धार्मिक समूह दरबार साहिब और श्री अकाल तख्त साहिब में मत्था टेक रहे हैं और शहीदों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

    बाबा बलबीर सिंह 96 करोड़ी ने कहा कि 6 जून खालसा पंथ के लिए बहुत दुखद और काला दिन है। इस दिन को याद करते हुए संगत प्रार्थना कर रही है और समुदाय के लिए न्याय की मांग कर रही है। उन्होंने कहा कि जिन जेल में बंद सिखों की सजा पूरी हो चुकी है, उन्हें बिना किसी शर्त के रिहा किया जाना चाहिए। उन्होंने सरकार से अपील की कि लंबे समय से जेलों में बंद सिखों की रिहाई के बारे में तुरंत फैसला लिया जाए। उन्होंने गुरु हरगोबिंद साहिब जी द्वारा बंदी छोड़ दिवस से जुड़े ऐतिहासिक संदर्भ का जिक्र किया और कहा कि जिस तरह गुरु साहिब ने कैदियों को रिहा कराया था, उसी तरह आज भी जेल में बंद सिखों को न्याय मिलना चाहिए। वहीं घल्लूघारा की बरसी के मौके पर दरबार साहिब में संगत की भारी भीड़ देखी गई और दिन भर धार्मिक समारोह, प्रार्थनाएं और श्रद्धांजलि कार्यक्रम चलते रहे।

  • Jalandhar News: इंसानियत शर्मसार, व्यक्ति ने 5 लाख में बेच दिया 16 दिन का बच्चा, देखें वीडियो

    Jalandhar News: इंसानियत शर्मसार, व्यक्ति ने 5 लाख में बेच दिया 16 दिन का बच्चा, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: जिले में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां नशे के लिए व्यक्ति ने तलाकशुदा पत्नी का 16 दिन का बच्चा बेच दिया। यह बच्चा उसने 5 लाख रुपए में अमृतसर की किसी महिला को बेच दिया। बच्चा जब चुप नहीं हुआ तो उसी महिला ने उसे फोन कर कह दिया कि बच्चा नहीं संभल रहा, पैसे लौटाकर इसे ले जाओ। वहीं बच्चा बेचने वाले पूर्व पति ने अपने इंस्टाग्राम पर नोटों की गडि्डयों की स्टोरी तक लगा दी। जैसे ही बच्चे की मां ने स्टोरी देखी तो उसने तुरंत उसे डिलीट कर दिया। इसके बाद आरोपी पूर्व पति ने बच्चे को बेचकर मिले पैसों से LED, कूलर और अन्य सामान भी खरीद लिया। जब उसने आरोपी से बच्चे के बारे में पूछा तो उसने झूठ कहा कि बच्चा मर गया।

    हमने उसे दफना दिया। यही नहीं, उसे धमकी दी कि उसने नया पिस्टल खरीदा है, अगर कहीं शिकायत की तो देख लेना। मां ने कहा कि अभी सास ने भी बच्चे की शक्ल नहीं देखी थी। जब उसे बच्चा नहीं मिला तो मजबूर होकर उसने जालंधर के पुलिस कमिश्नर को शिकायत कर दी। कमिश्नर ने रामा मंडी के SHO को जांच के आदेश दिए हैं। दरअसल, 4 साल पहले तलाक, दूसरी शादी की। शिवानी ने बताया कि 12 साल पहले उसकी शिवा नामक लड़के से शादी हुई। शादी के बाद उसे बेटा और बेटी पैदा हुए। उसका बेटा 5वीं क्लास में पढ़ रहा है। 4 साल पहले घरेलू विवाद के कारण शिवा ने पंचायत में उससे तलाक ले लिया।

    शिवा ने दूसरी शादी की तो उसने भी दूसरी शादी कर ली। इस बीच वह प्रेग्नेंट हुई। करीब 3 महीने पहले उसकी पति से अनबन हो गई। इससे गुस्से में आकर वह किराए पर कमरा लेकर अलग रहने लगी। 21 मई को सिविल अस्पताल जालंधर में डिलीवरी- अलग रहने की भनक लगने पर उसका पूर्व पति पहली शादी से हुए बच्चों को साथ लेकर आने लगा। उसने कहा कि चिंता मत करो, वह उसकी डिलीवरी करवा देगा। जब उससे प्रेग्नेंसी पेन होने लगी तो पूर्व पति उसे सिविल अस्पताल जालंधर लेकर गया। वहां उसकी नॉर्मल डिलीवरी हुई। वह अपनी दूसरी पत्नी और एक लड़की को भी साथ लेकर आया। उसकी पत्नी ने उसके बच्चे को दूध पिलाया और नजदीकियां बढ़ा लीं।

    शिवानी ने बताया कि 25 मई को उसके पति ने कहा कि बच्चे का टीकाकरण होगा। उसने एक लड़की को उसके कमरे पर भेजा। लड़की ने कहा कि वह बच्चे का टीकाकरण करवा देगी। उसका बड़ा बेटा आंगन में खेल रहा था। इस बीच वह वॉशरूम गई तो लड़की बच्चा लेकर गायब हो गई। अज्ञात महिला का फोन आया, बच्चा उसके पास- बच्चा गायब होने के 4 दिन बाद उसे एक अज्ञात महिला का फोन आया और उसने बताया कि उसका बच्चा उसके पास है। बच्चा संभाला नहीं जा रहा। उसका पैसा लौटा दो और बच्चा ले जाओ। शिवानी ने बताया कि जैसे ही उसने उसकी कॉल रिकॉर्डिंग शुरू की तो उसने फोन काट दिया और फिर फोन स्विच ऑफ कर लिया। अब उसका फोन नहीं मिल रहा है। महिला ने खुद को अमृतसर की बताया था।

    शिवानी ने बताया कि बच्चे का पता लगाने के लिए उसने अपने पूर्व पति को फोन किया तो उसकी पत्नी ने फोन उठाया। बच्चे के बारे पूछने पर कहा कि बच्चा तो मर गया है और उसे हमने दफना दिया है। इसके बाद जब उसने मोहल्ले के लोगों से बात की तो पता चला कि बच्चा मरा नहीं है, उसे बेचा गया है। शिवानी ने बताया कि 25 मई को उसका बच्चा गायब हुआ था। इसके बाद वह अपने स्तर पर उसका पता लगाने की कोशिश करती रही। उसे डर था कि पति और सास को कैसे बताउंगी। उनको तो डिलीवरी होने का भी पता नहीं था। इस बीच 29 मई को उसने हिम्मत करते पति को फोन किया और उसे पूरी बता बताई। इसके बाद उसकी सास उसके कमरे पर आई और अब पुलिस कंप्लेंट की है।

  • Jalandhar News: Raid करने गई पुलिस और परिवार में टकराव, गोलियां लगने से नौजवान की मौत, देखें वीडियो

    Jalandhar News: Raid करने गई पुलिस और परिवार में टकराव, गोलियां लगने से नौजवान की मौत, देखें वीडियो

    जालंधर, ENS: थाना मेहतपुर क्षेत्र के गांव बंगीवाल में वांछित को पकड़ने गई पुलिस और उसके परिजनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान चली गोली में घायल हुए आरोपी लवप्रीत उर्फ लवी की उपचार के दौरान मौत हो गई। गोली लगने के दौरान मौके पर मौजूद परिवार ने घायल की रो रो कर वीडियो बनाई, जिसमें पुलिस और परिवार आपस में बहस रहा है। मिली जानकारी के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि इरादा कत्ल मामले में वांछित लवप्रीत उर्फ लवी अपने घर आया हुआ है। सूचना के आधार पर थाना मेहतपुर के एसएचओ अमन सैनी पुलिस टीम के साथ गांव बंगीवाल पहुंचे।

    इस दौरान आरोपी और उसके परिजनों सहित आसपास मौजूद लोगों का पुलिस के साथ विवाद हो गया, जो देखते ही देखते बढ़ गया। पुलिस के अनुसार विवाद के दौरान भीड़ द्वारा हाथापाई की गई और मौके पर गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायर किए। इस दौरान एक गोली लवप्रीत की टांग में लग गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत नकोदर के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

    घटना के दौरान मौजूद लोगों ने पूरे घटनाक्रम की वीडियो भी बनाई, जो अब सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक के चाचा ने बताया कि छिंदा सिंह ने बताया कि मेहतपुर पुलिस किसी मामले में लवप्रीत को गिरफ्तार करने आई थी। उस समय युवक बाथरूम में था। जब वह बाहर आया तो सिविल कपड़ों में आए एसएचओ के गनमैन ने युवक के पीछे से गोली चला दी। वही एसएसपी हरविंदर सिंह विर्क ने बताया कि पुलिस टीम मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जांच के आधार पर बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

  • आज का राशिफल, 6 जून 2026

    आज का राशिफल, 6 जून 2026

    आज 6 जून का राशिफल बता रहा है कि, श्रवण नक्षत्र का एक ही संदेश है, ध्यान से सुनें और काम की जानकारी पर तुरंत एक्शन लें। करियर और बौद्धिक कामों के लिए आज का दिन शानदार है। बृहस्पति की उच्च स्थिति से साझेदारी और रचनात्मकता को बल मिल रहा है। आर्थिक मामलों में सतर्कता बरतना जरूरी है। अनुशासन और मेहनत से किया गया काम आज जरूर रंग लाएगा। देखें अपना आज का राशिफल विस्तार से।

    ​मेष राशि: सुनी हुई जानकारी को करियर में इस्तेमाल करें। आज करियर से जुड़ी जो भी जानकारी मिले, उस पर तुरंत काम करना शुरू कर दें। लग्नेश मंगलदेव अपनी ही राशि में बैठकर आपका आत्मविश्वास और ऊर्जा को पीक पर बनाए रखेंगे। आज मिलने वाले काम को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभाएं। बुधदेव और शुक्रदेव तीसरे भाव में रहकर आपकी नेटवर्किंग को मजबूत कर रहे हैं। साथ ही प्लानिंग करने में आज आप बेहद प्रभावशाली रहेंगे। पांचवें भाव में बृहस्पति क्रिएटिविटी में निखार लाएंगे। वैवाहिक जोड़ों के जीवन में आनंद रहेगा। सिंगल्स को प्रेम जीवन पर आशीर्वाद मिलेगा। हालांकि, बारहवें भाव के शनिदेव नींद का ध्यान रखने का संकेत दे रहे हैं। आर्थिक मामलों में आवेग में आकर कोई बड़ा फैसला न लें।

    ​वृष राशि: आर्थिक मामलों में मिलेगी स्पष्टता। आज का दिन वृष राशि के जातकों के लिए कई मोर्चों पर उत्साहजनक रहने वाला है। चंद्रदेव भाग्य के नौवें भाव में श्रवण नक्षत्र में हैं। वह संकेत दे रहे हैं कि आज जो भी ज्ञान या सलाह मिले, उसे प्रैक्टिकली इस्तेमाल करें क्योंकि भाग्य का साथ उसी से मिलेगा। लग्नेश शुक्रदेव और बुधदेव की दूसरे भाव में युति पारिवारिक जीवन में आनंद का समय लाएगी। साथ ही आपको आर्थिक मामलों में स्पष्टता भी मिलेगी। बातचीत में गर्मजोशी से क्लाइंट डीलिंग और नेगोशिएशन में सफलता मिलेगी। तीसरे भाव में उच्च के बृहस्पति कम्युनिकेशन और नेटवर्किंग को बेहतर बनाने वाले हैं। सिंगल्स के लिए किसी से जुड़ने का यह सही समय है। बारहवें भाव के मंगलदेव एनर्जी ड्रेन करने वाले हैं। लिहाजा, थकान से बचने के लिए आराम करना जरूरी है।

    ​मिथुन राशि: बुद्धि और आकर्षण दोनों बढ़ेंगे। मिथुन राशि वालों के लिए आज का दिन बौद्धिक रूप से ताकतवर है। लग्नेश बुधदेव के स्वराशि में होने से आपके सोचने और बोलने की क्षमता को धार मिलेगी। उनके साथ शुक्रदेव आपके व्यक्तित्व में स्वाभाविक चमक और चुंबकीय आकर्षण दे सकते हैं। आप जहां भी जाएंगे, लोग नोटिस करेंगे। आठवें भाव में चंद्रदेव रिसर्च और गुप्त मामलों को निपटाने की असाधारण क्षमता दे सकते हैं। दूसरे भाव में उच्च राशि के बृहस्पति धन और परिवार के मामलों में फोकस बनाने में मदद कर सकते हैं। ग्यारहवें भाव के मंगलदेव आर्थिक लाभ दिला सकते हैं। दसवें भाव में शनिदेव करियर के मोर्चे पर आपको मेहनत ज्यादा करा सकते हैं। निरंतरता बनाए रखेंगे, तो लंबे समय में लाभ होगा। दोपहर बाद थकान हो सकती है, इसलिए थोड़ा आराम करना भी जरूरी है।

    ​कर्क राशि: करियर के मामले में दिन बनेगा यादगार। कर्क राशि के जातकों के लिए आज का दिन करियर की दृष्टि से बेहद खास है। लग्न भाव में उच्च राशि के बृहस्पति आज आपके व्यक्तित्व में मैच्योरिटी ला रहे हैं। वहीं, आपका आत्मविश्वास भी चरम पर रहने वाला है। योगकारक मंगलदेव दसवें भाव में बैठकर संकेत दे रहे हैं कि आज जो भी काम आप हाथ में लेंगे, उसे पूरी जिम्मेदारी और लगन से पूरा करेंगे। इसके नतीजे भी चौंकाने वाले होंगे। सातवें भाव में चंद्रदेव पार्टनर की बात ध्यान से सुनने और उन पर तुरंत अमल करने का संकेत दे रहे हैं। आज पार्टनर की बात में जो अच्छे सुझाव मिले, उस पर काम कर लें। बारहवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव एकांत में काम करने वालों को लाभ दिला सकते हैं। आज के दिन अपने खर्चों पर नजर रखना जरूरी है।

    ​सिंह राशि: करियर में अधिकार और पहचान का दिन। सिंह राशि के जातकों के लिए आज करियर के मोर्चे पर दिन बेहद शुभ है। लग्नेश सूर्यदेव दसवें भाव में शत्रु राशि में होने के बावजूद दिग्बली हैं। आज काम के क्षेत्र में आप बेहद प्रभावशाली बने रहेंगे। किसी बड़े अधिकारी से मुलाकात करने के लिए, सरकारी कामकाज या किसी महत्वपूर्ण प्रेजेंटेशन के लिए यह दिन बिल्कुल सटीक है। ग्यारहवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव की मौजूदगी दोस्तों या नेटवर्किंग से फायदा दिलाएगी। योगकारक मंगलदेव नौवें भाव में होने से किस्मत का साथ बना रहेगा। बारहवें भाव में उच्च राशि के बृहस्पति पर्दे के पीछे कुछ शुभ बना रहे हैं। विदेशी कनेक्शन या आध्यात्मिक कार्यों में आने वाले दिन अनुकूल रहेंगे। लग्न में केतु के कारण आत्मविश्वास में कभी-कभी कमी आ सकती है, खुद पर भरोसा बनाए रखें।

    ​कन्या राशि: करियर की हर उलझन आज सुलझेगी। कन्या राशि के जातकों के लिए आज करियर के मोर्चे पर असाधारण दिन है। लग्नेश बुधदेव दसवें भाव में अपनी राशि में विराजमान हैं और उनके साथ शुक्रदेव का संयोग पेशेवर जीवन में अलग ही पहचान दिलाने वाला साबित होगा। जो भी काम लंबे समय से अटका हो, वह आज पूरा होने की बेहद प्रबल संभावना है। बातचीत में आज स्वाभाविक आकर्षण और स्पष्टता रहेगी, जो लोगों को प्रभावित करेगी। ग्यारहवें भाव में उच्च राशि के बृहस्पति आर्थिक लाभ का सुनहरा दौर जारी रखे हुए हैं। दोस्तों के साथ यादगार समय बीतेगा। सातवें भाव में दिग्बली शनिदेव साझेदारियों को मजबूत आधार दे रहे हैं। नौवें भाव में चंद्रदेव रचनात्मक विचारों को एक नई ऊंचाई देंगे। छठे भाव में राहु से प्रतिस्पर्धा में अप्रत्याशित बढ़त मिलने की उम्मीद है। खुद पर बहुत ज्यादा दबाव न डालें।

    ​तुला राशि: आज मिल सकती है कोई अच्छी खबर। तुला राशि के जातकों के लिए लग्नेश शुक्रदेव और बुधदेव नौवें भाव में होने से भाग्य का साथ मिलेगा। यात्रा, उच्च शिक्षा या विदेशी मामलों में कोई अच्छी खबर आ सकती है। चंद्रदेव के चौथे भाव में होने से घर का माहौल अच्छा रहेगा और परिवार के लोगों की बातें काम आएंगी। मां का प्यार आपको भावनात्मक रूप से सपोर्ट देगा। आज का दिन करियर के लिहाज से बेहद शुभ और उत्साहजनक है। दसवें भाव में उच्च राशि के बृहस्पति पेशेवर जीवन में सफलता के रास्ते बना रहे हैं। जो लोग अपने करियर में कुछ बड़ा करने का सपना देख रहे हैं, उनके लिए यह दौर किसी वरदान से कम नहीं। योगकारक शनिदेव छठे भाव में होने से प्रतिस्पर्धा में पलड़ा भारी रहेगा। सातवें भाव के मंगलदेव रिश्तों में जोश तो भर रहे हैं। मगर, अपने गुस्से पर काबू रखना भी बेहद जरूरी है।

    ​वृश्चिक राशि: शत्रुओं पर भारी पड़ेंगे और काम में दिखेगा जलवा। वृश्चिक राशि के जातकों के लिए आज का दिन कई मायनों में विजयी रहने वाला है। लग्नेश मंगलदेव छठे भाव में अपनी राशि में होकर हर्ष योग बना रहे हैं। प्रतिस्पर्धा में जीत मिलेगी और विरोधियों पर आप भारी पड़ेंगे। रोजमर्रा के कामों में असाधारण रूप से बेहतर नतीजे मिलेंगे। यही आज आपकी खासियत होगी। आठवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव की युति शोध और गहरे विश्लेषण में जबरदस्त तेजी देगी। नौवें भाव में उच्च राशि के बृहस्पति भाग्य में निरंतर सुधार कर रहे हैं। दूसरे भाव में चंद्रदेव परिवार में सकारात्मकता और धन के मामलों में स्थिरता लाएंगे। आज आपको सफेद या ठंडक देने वाली चीजें, जैसे छाछ, लस्सी या दही खाना चाहिए। दसवें भाव पर केतु का प्रभाव करियर में कोई अप्रत्याशित मोड़ ला सकता है। मगर, लेकिन बृहस्पति का साथ है, तो घबराने की जरूरत नहीं। प्रेम जीवन में गंभीर इरादों के साथ आगे बढ़ें।

    ​धनु राशि: शुभ बदलाव हो सकते हैं। धनु राशि के जातकों के लिए आज का दिन भीतरी ताकत और छुपे हुए मौकों को सामने लाने का दिन है। लग्नेश बृहस्पति उच्च राशि में आठवें भाव में विराजमान हैं। यह स्थिति पर्दे के पीछे कोई शुभ बदलाव लेकर आ सकती है। सातवें भाव में बुधदेव और शुक्रदेव के साथ चंद्रदेव की दृष्टि रिश्तों और साझेदारियों को एक सुखद ताजगी देगी। पार्टनर के साथ यदि कोई विवाद चल रहा था, तो वह आज सुलझ सकता है। पांचवें भाव में मंगलदेव अपनी राशि में होने से रचनात्मक ऊर्जा और जोश चरम पर ले जा सकते है। छठे भाव के सूर्यदेव प्रतिस्पर्धा में बढ़त देंगे। घर और परिवार से जुड़ी जिम्मेदारियों को बोझ मत समझें, यह आपका कर्तव्य है और इसे निभाने में ही संतुष्टि मिलेगी। प्रेम जीवन में आज खुलकर बात करें। यह सही मौका है।

    ​मकर राशि: घर और संपत्ति के मामलों में सक्रियता लाएंगे। मकर राशि के जातकों के लिए आज का दिन बेहद खास है। चंद्रदेव सीधे आपके लग्न भाव में श्रवण नक्षत्र के सबसे व्यावहारिक पद में विराजमान हैं। श्रवण नक्षत्र का संदेश है आज ध्यान से सुनें, क्योंकि जो सुनेंगे वो तुरंत काम में आएगा। साथ ही आपके जीवन में नया नजरिया भी लाएगा। सातवें भाव में उच्च के बृहस्पति साझेदारियों और विवाह के लिए अत्यंत शुभ दौर बनाए हुए हैं। जो लोग जीवनसाथी की तलाश में हैं या व्यापारिक गठजोड़ बनाना चाहते हैं, उनके लिए यह समय बेहद अनुकूल है। छठे भाव में योगकारक शुक्रदेव और बुधदेव का संयोग कॉम्पटीशन में बौद्धिक बढ़त दिला सकता है। लग्नेश शनिदेव तीसरे भाव में होने से अनुशासन के साथ की गई मेहनत धीरे-धीरे रंग लाएगी। चौथे भाव में मंगलदेव घर और संपत्ति के मामलों में सक्रियता लाएंगे। बड़े वित्तीय लेन-देन में सतर्कता बरतना जरूरी है।

    ​कुंभ राशि: नए लोगों से जुड़ाव फलदायी रहेगा। कुंभ राशि के जातकों के लिए आज रचनात्मकता और बौद्धिक कार्यों के लिहाज से अत्यंत शानदार दिन है। पांचवें भाव में योगकारक शुक्रदेव और बुधदेव का संयोग रचनात्मक विचारों में अनोखा और अप्रत्याशित निखार लाएगा। आज जो आइडिया मन में आएगा, वह साधारण नहीं होगा। उसे नोट करें और उस पर आगे बढ़ें। ग्यारहवें भाव में चंद्रदेव नेटवर्किंग और लाभ में विजयी ऊर्जा भर रहे हैं। नए लोगों से जुड़ाव फलदायी रहेगा। छठे भाव में उच्च राशि के बृहस्पति स्वास्थ्य और प्रतिस्पर्धा में बेहतरी का दौर जारी रखेंगे। लग्नेश शनिदेव दूसरे भाव में होने से खर्चों पर अनुशासन बनाए रखना जरूरी है। तीसरे भाव में मंगलदेव बोल्ड और जिम्मेदाराना कम्युनिकेशन की एनर्जी दे रहे हैं। लग्न में राहु की उपस्थिति एक चुंबकीय आकर्षण बनाती है। लोग आपको नोटिस किए बिना नहीं रहेंगे।

    ​मीन राशि: वाणी में संयम रखना जरूरी है। मीन राशि के जातकों के लिए आज का दिन प्रेम, रचनात्मकता और घर के सुख की दृष्टि से बेहद शुभ है। परिवार के सदस्यों के साथ क्वालिटी टाइम बीतेगा। लग्नेश बृहस्पति पांचवें भाव में उच्च राशि में हैं और उनका आशीर्वाद हर रोज गहरा होता जा रहा है। दसवें भाव में चंद्रदेव करियर में विस्तार और पहचान की लहर लेकर आएंगे। जो काम आज करेंगे उसमें मन और दिल दोनों लगेंगे। चौथे भाव में दिग्बली शुक्रदेव और बुधदेव घर में गर्माहट और संपत्ति के मामलों में स्पष्टता लाएंगे। दूसरे भाव में मंगलदेव धन के मामलों में जिम्मेदार और सक्रिय दृष्टिकोण देंगे। हालांकि, वाणी में संयम रखना जरूरी है। लग्न में शनिदेव की उपस्थिति थकान और जिम्मेदारियां दोनों लाती है। इसलिए आराम को प्राथमिकता दें। बारहवें भाव में राहु से खर्चों पर नजर रखें। छठे भाव में केतु पुरानी स्वास्थ्य समस्याओं को उभार सकते हैं, इन्हें अनदेखा न करें।

  • Punjab News: पंजाब में निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर सख्ती, अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के फैसले का किया स्वागत

    Punjab News: पंजाब में निजी स्कूलों की फीस बढ़ोतरी पर सख्ती, अरविंद केजरीवाल ने भगवंत मान सरकार के फैसले का किया स्वागत

    नई दिल्ली, 5 जून: आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने पंजाब सरकार के निजी स्कूलों की फीस वृद्धि को नियंत्रित करने संबंधी फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य बन गया है जिसने निजी स्कूलों द्वारा की जाने वाली मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने के लिए ठोस कदम उठाया है। एक वीडियो संदेश में अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार जल्द ही एक नया कानून लाने जा रही है, जिसके तहत कोई भी निजी स्कूल एक वर्ष में 5 प्रतिशत से अधिक फीस नहीं बढ़ा सकेगा। उन्होंने कहा कि इस सीमा में ट्यूशन फीस, लाइब्रेरी फीस, डेवलपमेंट फीस और अन्य सभी प्रकार के शुल्क शामिल होंगे।

    तीन साल में अधिक फीस बढ़ाने वाले स्कूलों को लौटानी होगी राशि

    केजरीवाल ने प्रस्तावित कानून की एक महत्वपूर्ण व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान निर्धारित सीमा से अधिक फीस बढ़ाने वाले निजी स्कूलों को अतिरिक्त वसूली गई राशि अभिभावकों को वापस करनी होगी। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि किसी स्कूल ने पिछले तीन वर्षों में कुल 50 प्रतिशत फीस बढ़ाई है, तो उसे निर्धारित सीमा से अधिक वसूली गई राशि लौटानी होगी। उन्होंने इसे अभिभावकों को राहत देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। केजरीवाल ने कहा कि इससे पहले दिल्ली में भी आम आदमी पार्टी सरकार ने निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि को वापस करवाया था और अब पंजाब में भी इसी मॉडल को लागू किया जा रहा है।

    शिक्षा क्षेत्र में पंजाब को बताया अग्रणी

    अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब सरकार सरकारी स्कूलों को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि शिक्षा के क्षेत्र में पंजाब ने उल्लेखनीय प्रगति की है और छात्रों के हितों को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार केवल सरकारी स्कूलों तक सीमित नहीं है, बल्कि निजी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों और उनके परिवारों को भी राहत देने के लिए प्रतिबद्ध है। AAP प्रमुख ने कहा कि सभी निजी स्कूल एक जैसे नहीं हैं, लेकिन कुछ संस्थानों द्वारा अत्यधिक फीस वृद्धि अभिभावकों पर आर्थिक बोझ बढ़ाती है। ऐसे मामलों को नियंत्रित करना आवश्यक है ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सभी के लिए सुलभ बनी रहे।

    पूरे देश में लागू हो ऐसा मॉडल

    केजरीवाल ने कहा कि निजी स्कूलों की मनमानी फीस वृद्धि का मुद्दा केवल पंजाब तक सीमित नहीं है, बल्कि देशभर के अभिभावक इससे प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा उठाया गया कदम अन्य राज्यों के लिए भी एक उदाहरण बन सकता है। उनका मानना है कि शिक्षा क्षेत्र में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए इसी तरह के कानून पूरे देश में लागू किए जाने चाहिए, ताकि अभिभावकों को अनावश्यक आर्थिक बोझ से राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि यह फैसला छात्रों, अभिभावकों और शिक्षा व्यवस्था के हित में एक महत्वपूर्ण पहल है, जो शिक्षा को अधिक जवाबदेह और जनहितकारी बनाने की दिशा में मदद करेगा।
  • Shimla News: शिमला में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में युधवीर सिंह बैंस गिरफ्तार

    Shimla News: शिमला में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने के आरोप में युधवीर सिंह बैंस गिरफ्तार

    शिमला, 6 जून: जिला शिमला पुलिस ने सांप्रदायिक सौहार्द और सार्वजनिक शांति को प्रभावित करने वाली कथित आपत्तिजनक सोशल मीडिया सामग्री के मामले में युधवीर सिंह बैंस को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को शुक्रवार, 6 जून 2026 को विधिक प्रक्रिया के तहत हिरासत में लिया गया। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार थाना बालूगंज में एक शिकायत प्राप्त हुई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि युधवीर सिंह बैंस ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो साझा की थी। शिकायत में दावा किया गया कि वीडियो में विभिन्न धार्मिक समुदायों के बीच वैमनस्य पैदा करने वाली सामग्री, एक विशेष समुदाय को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां और भड़काऊ शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई थी कि इस सामग्री के प्रसार से कानून-व्यवस्था और सांप्रदायिक सद्भाव प्रभावित हो सकता है।

    डिजिटल जांच में मिले प्रारंभिक साक्ष्य

    पुलिस ने बताया कि प्रारंभिक जांच और डिजिटल विश्लेषण के दौरान संबंधित सोशल मीडिया सामग्री का परीक्षण किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी कथित तौर पर अपने सोशल मीडिया मंचों पर नियमित रूप से इसी प्रकार की सामग्री साझा करता रहा है। पुलिस के अनुसार उपलब्ध वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच के आधार पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि सामग्री विभिन्न समुदायों के बीच तनाव और वैमनस्य पैदा करने की प्रवृत्ति रखती है। उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस थाना वेस्ट, जिला शिमला में एफआईआर संख्या 108/2026 दर्ज की गई। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 196, 299 और 353(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

    जांच में सहयोग न करने का आरोप

    पुलिस के मुताबिक जांच के दौरान आरोपी को विधिवत नोटिस जारी कर पूछताछ में शामिल होने के लिए कहा गया था, लेकिन उसने अपेक्षित सहयोग नहीं किया। पुलिस ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी ने जांच प्रक्रिया में बाधा डालने का प्रयास किया, जिसके बाद मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 221 भी जोड़ी गई। जिला पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान एकत्र किए गए साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर युधवीर सिंह बैंस को गिरफ्तार किया गया है। मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस ने यह भी बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से भी कुछ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें ऊना और शिमला के विभिन्न थानों में दर्ज मामले शामिल हैं। जिला शिमला पुलिस ने कहा है कि सामाजिक सौहार्द, सार्वजनिक शांति और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले मामलों में सख्त और निष्पक्ष कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की भड़काऊ या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है।
  • Punjab News: ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान को मिला नया बल, जागरूकता ई-रिक्शे पंजाब के 3,440 गांवों तक पहुंचे

    Punjab News: ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान को मिला नया बल, जागरूकता ई-रिक्शे पंजाब के 3,440 गांवों तक पहुंचे

    चंडीगढ़, 5 जून: पंजाब सरकार के नशा विरोधी अभियान ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ को जमीनी स्तर पर एक नई मजबूती मिली है। राज्यभर में विशेष रूप से तैनात किए गए जागरूकता ई-रिक्शे लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने और समुदायों को इस लड़ाई में शामिल करने का काम कर रहे हैं। सरकार द्वारा शुरू किए गए इस पायलट प्रोजेक्ट के तहत पंजाब के 23 जिलों में से प्रत्येक जिले के एक विधानसभा क्षेत्र का चयन किया गया है। हर चयनित विधानसभा क्षेत्र में एक ई-रिक्शा तैनात किया गया है, जिसे 40 गांवों तक पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है। वर्तमान में यह पहल राज्य के 3,440 गांवों तक पहुंच चुकी है, जो पंजाब के कुल गांवों का लगभग एक-तिहाई हिस्सा है।

    गांव-गांव पहुंच रहा नशा विरोधी संदेश

    ई-रिक्शों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों, नशा मुक्ति सेवाओं और पुनर्वास सुविधाओं के बारे में जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही लोग गुप्त रूप से नशा तस्करों या नशे की लत से जूझ रहे व्यक्तियों के बारे में जानकारी भी साझा कर सकते हैं। सरकार का मानना है कि यह पहल उन इलाकों तक भी पहुंच बना रही है जहां पारंपरिक जागरूकता कार्यक्रमों का प्रभाव सीमित रहता है। इससे स्थानीय स्तर पर लोगों की भागीदारी बढ़ रही है और नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को मजबूती मिल रही है।

    ग्राम रक्षा समितियां निभा रही अहम भूमिका

    अभियान की निगरानी और फीडबैक के लिए गांव स्तर पर गठित विलेज डिफेंस कमेटियां (VDCs) महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। विभिन्न जिलों से प्राप्त रिपोर्टों के अनुसार ई-रिक्शों की तैनाती के बाद जागरूकता कार्यक्रमों में लोगों की भागीदारी बढ़ी है। स्थानीय बैठकों में अधिक लोग शामिल हो रहे हैं और नशे से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रशासन तथा नागरिकों के बीच संवाद भी बेहतर हुआ है।

    जून में हो रही हैं समीक्षा बैठकें

    अभियान की प्रगति का आकलन करने के लिए जून माह के दौरान विभिन्न स्तरों पर समीक्षा बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पहले सप्ताह में विधानसभा स्तर की बैठकों में विधायक, एसडीएम, डीएसपी, एसएचओ, वीडीसी संयोजक और अन्य प्रतिनिधि शामिल हो रहे हैं। दूसरे सप्ताह में ब्लॉक स्तर पर बैठकों के माध्यम से पुराने मामलों की समीक्षा और नई शिकायतों पर चर्चा की जाएगी। तीसरे सप्ताह में मंत्रियों, सिविल प्रशासन और पुलिस अधिकारियों द्वारा समीक्षा की जाएगी। महीने के अंतिम सप्ताह में मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान स्वयं अभियान की प्रगति का जायजा लेंगे और भविष्य की रणनीति पर चर्चा करेंगे।

    जनभागीदारी से मजबूत हो रही मुहिम

    स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि ई-रिक्शा अभियान सरकार की नशा विरोधी मुहिम में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल लोगों से जानकारी जुटाने में मदद कर रही है, बल्कि नशे के सामाजिक और आर्थिक दुष्प्रभावों पर समुदाय स्तर पर चर्चा को भी बढ़ावा दे रही है। उन्होंने बताया कि गांवों में लोग इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं, जिससे ‘युद्ध नशेआं विरुद्ध’ अभियान एक जन आंदोलन का रूप लेता जा रहा है। पंजाब सरकार का कहना है कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल कानून लागू करने वाली एजेंसियों के भरोसे नहीं जीती जा सकती। इसके लिए समाज की सक्रिय भागीदारी, जागरूकता और स्थानीय स्तर पर जवाबदेही बेहद जरूरी है। इसी दिशा में ई-रिक्शा पहल को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
  • Punjab News: मुख्यमंत्री सेहत योजना से 3.79 लाख मरीजों को मिला लाभ, ₹654 करोड़ का कैशलेस इलाज उपलब्ध: भगवंत मान

    Punjab News: मुख्यमंत्री सेहत योजना से 3.79 लाख मरीजों को मिला लाभ, ₹654 करोड़ का कैशलेस इलाज उपलब्ध: भगवंत मान

    चंडीगढ़, 5 जून: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री सेहत योजना (MMSY) की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि यह योजना राज्य के लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो रही है। उन्होंने बताया कि अब तक 3.79 लाख मरीज इस योजना के तहत ₹654 करोड़ मूल्य का कैशलेस इलाज प्राप्त कर चुके हैं। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब सरकार हर परिवार को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि योजना को लोगों का भरपूर समर्थन मिल रहा है और यह पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

    47 लाख से अधिक हेल्थ कार्ड जारी

    मुख्यमंत्री ने बताया कि अब तक योजना के तहत 47.27 लाख हेल्थ कार्ड जारी किए जा चुके हैं, जिनसे 23.01 लाख परिवारों को कवर किया गया है। उन्होंने कहा कि लाभार्थियों में 48.5 प्रतिशत पुरुष और 51.5 प्रतिशत महिलाएं शामिल हैं। वहीं, लगभग 31 प्रतिशत हेल्थ कार्ड शहरी क्षेत्रों में और 69 प्रतिशत ग्रामीण क्षेत्रों में जारी किए गए हैं। भगवंत मान ने बताया कि योजना को और अधिक आसान और सुलभ बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। लोगों को हेल्थ कार्ड डाउनलोड करने में आने वाली दिक्कतों को देखते हुए व्हाट्सएप आधारित सुविधा और एक विशेष वेब पोर्टल विकसित किया जा रहा है, जिससे लाभार्थी आसानी से अपने ई-कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अलावा, मोबाइल ऐप आधारित पंजीकरण प्रणाली पर भी काम चल रहा है, जिसे जल्द शुरू किया जाएगा।

    सरकारी और निजी अस्पतालों में मिल रहा मुफ्त इलाज

    मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत अब तक 3.79 लाख मरीजों को सरकारी और निजी अस्पतालों में मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया गया है, जिसकी कुल लागत ₹654 करोड़ रही है। उन्होंने कहा कि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए योजना के तहत 835 अस्पतालों को सूचीबद्ध किया गया है। इनमें 223 सरकारी और 612 निजी अस्पताल शामिल हैं। सरकार का कहना है कि इस व्यापक नेटवर्क के कारण लाभार्थियों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही इलाज की सुविधा मिल रही है और उन्हें इलाज पर होने वाले भारी खर्च से राहत मिली है।

    65 लाख परिवारों को कवर करने का लक्ष्य

    भगवंत मान ने कहा कि मुख्यमंत्री सेहत योजना का उद्देश्य पंजाब के सभी 65 लाख परिवारों को स्वास्थ्य सुरक्षा प्रदान करना है। इस योजना के तहत प्रत्येक पात्र परिवार को हर साल ₹10 लाख तक का कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाता है। मुख्यमंत्री ने योजना को स्वास्थ्य क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिली है, जिन्हें पहले इलाज के लिए अपनी जेब से भारी खर्च करना पड़ता था। उन्होंने कहा कि यह योजना सुनिश्चित कर रही है कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी परिवार गुणवत्तापूर्ण इलाज से वंचित न रहे। बैठक में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।
  • Punjab News: 1 जुलाई से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री मावां धीआं सत्कार योजना’, पात्र महिलाओं को मिलेगा मासिक वित्तीय सहयोग

    Punjab News: 1 जुलाई से शुरू होगी ‘मुख्यमंत्री मावां धीआं सत्कार योजना’, पात्र महिलाओं को मिलेगा मासिक वित्तीय सहयोग

    चंडीगढ़, 5 जून: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शुक्रवार को घोषणा की कि राज्य की पात्र महिलाओं को 1 जुलाई 2026 से ‘मुख्यमंत्री मावां धीआं सत्कार योजना’ के तहत वित्तीय सहायता मिलनी शुरू हो जाएगी। योजना की समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य महिलाओं की आर्थिक स्वतंत्रता को मजबूत करना और उन्हें सम्मान व आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने में सहायता प्रदान करना है। मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के तहत पंजाब की प्रत्येक पात्र महिला को हर महीने ₹1,000 की वित्तीय सहायता दी जाएगी। वहीं अनुसूचित जाति (SC) वर्ग से संबंधित पात्र महिलाओं को ₹1,500 प्रति माह प्रदान किए जाएंगे। यह राशि सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाएगी।

    97 प्रतिशत महिलाओं को मिलेगा योजना का लाभ

    भगवंत मान ने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त कर रही महिलाएं भी इस योजना के लिए पात्र होंगी। उन्होंने बताया कि पंजाब की लगभग 97 प्रतिशत महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलने की संभावना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए बजट में ₹9,300 करोड़ का प्रावधान किया है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ-साथ परिवार और समाज में उनकी भागीदारी को बढ़ावा देने में मदद करेगी। उन्होंने कहा कि महिलाओं का समाज में विशेष स्थान है और उनकी आर्थिक मजबूती से परिवारों का जीवन स्तर बेहतर होगा। साथ ही इससे सामाजिक समानता और निर्णय लेने की प्रक्रिया में महिलाओं की भूमिका भी मजबूत होगी।

    राज्यभर में शुरू हुआ पंजीकरण अभियान

    मुख्यमंत्री ने बताया कि योजना के लिए पंजीकरण प्रक्रिया पहले ही शुरू की जा चुकी है और राज्यभर में बड़ी संख्या में महिलाएं प्रतिदिन अपना नाम दर्ज करवा रही हैं। उन्होंने कहा कि लगभग दो लाख ‘महिला सत्कार सखियों’ को पात्र महिलाओं के पंजीकरण की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पंजीकरण की प्रक्रिया आंगनवाड़ी केंद्रों, सेवा केंद्रों और जिला उपायुक्तों द्वारा निर्धारित अन्य स्थानों पर संचालित की जा रही है। भगवंत मान ने कहा कि यह योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी और उन्हें आर्थिक सुरक्षा के साथ सम्मानजनक जीवन जीने में सहायता प्रदान करेगी। उन्होंने भरोसा जताया कि योजना से राज्य की लाखों महिलाओं को सीधा लाभ मिलेगा और उनकी सामाजिक व आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।