Blog

  • जयमाला के दौरान दूल्हे ने की शर्मनाक हरकत, दुल्हन ने तोड़ी शादी

    जयमाला के दौरान दूल्हे ने की शर्मनाक हरकत, दुल्हन ने तोड़ी शादी

    मैनपुरीः जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, जयमाला के दौरान स्टेज पर दूल्हे की शर्मनाक हरकत के चलते बारात को दुल्हन के बिना ही खाली हाथ घर लौटना पड़ा। बड़े-बुजुर्गों ने दोनों पक्षों को खूब समझाया, परन्तु दुल्हन ने किसी की नहीं मानी। थाने में भी दोनों पक्षों को समझाने की कोशिश की गई। दुल्हन ने कहा कि दूल्हा नशे में है। वह अपनी शादी में शराब पीकर आया है, आगे क्या ही करेगा? लड़की के घरवाले भी शादी करने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद दूल्हा बिना ब्याह के लौट गया।

    दुल्हा।
    दुल्हा।

    जानकारी मुताबिक, इटावा के सैफई थाना क्षेत्र के गांव शाहजहांपुर से बारात बसंतपुर आई थी। आमोद अपनी बारात लेकर बसंतपुर मास्टर के घर पहुंचा। बारात के स्वागत में लड़की वालों ने कोई कसर नहीं छोड़ी। बारातियों ने नाच-गाने के साथ धूमधाम से एंट्री ली। दरवाजे पर द्वाराचार का कार्यक्रम संपन्न हुआ। इसके बाद दूल्हा जयमाला के लिए स्टेज पर पहुंचा। जैसे ही वरमाला का कार्यक्रम शुरू हुआ, वैसे ही वहां हाई वोल्टेज ड्रामा शुरू हो गया।

    दुल्हन बनी डॉली ने आरोप लगाया कि दूल्हा नशे में था। उसने स्टेज पर ही उसे गालियां दीं।दूल्हे की इस हरकत को देखकर दुल्हन भड़क गई और शादी करने से साफ इनकार कर दिया। लड़की वालों का कहना था कि दूल्हे को देखकर ही लग रहा था कि वह नशे में है। उसकी चाल भी ठीक नहीं थी।

    दुल्हन।
    दुल्हन।

    दुल्हन के शादी से इनकार करते ही बारातियों में हड़कंप मच गया। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। काफी देर तक रिश्तेदारों और गांव वालों के बीच पंचायत चलती रही, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। अंत में मामला किशनी थाने पहुंचा। थाने में भी दोनों पक्षों के बीच घंटों बातचीत और पंचायत होती रही, लेकिन दुल्हन अपने फैसले पर अड़ी रही।

    दुल्हन पक्ष का आरोप था कि उन्होंने दूल्हे पक्ष की सभी मांगें मानीं, लेकिन दूल्हा पक्ष घटिया आभूषण और कपड़े लेकर आया। ऊपर से शराब पीकर मंच पर तमाशा किया। आखिरकार दूल्हा बिना दुल्हन के ही बारात लेकर बैरंग लौट गया। दोनों पक्षों में अभी तक किसी ने कोई शिकायत नहीं की है।

  • Punjab News: महिला से बैग छीनकर कई मीटर तक उसे घसीटकर ले गए बाइक सवार लुटेरे, देखें CCTV

    Punjab News: महिला से बैग छीनकर कई मीटर तक उसे घसीटकर ले गए बाइक सवार लुटेरे, देखें CCTV

    जीरकपुरः शहर में लूटपाट की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। हालात यह हो गए है कि बेखौफ लुटेरे सरेआम घटनाओं को अंजाम दे रहे है। वहीं ऐसा ही एक मामला ढकोली क्षेत्र के एमएस इनक्लेव के सामने सामने आया है, जहां 2 मोटरसाइकिल सवारों मां के साथ जा रही एक युवती को अपना निशाना बनाया। इस दौरान लुटेरे युवती से बैग झपटते हुए उसे काफी दूर तक घसीटकर ले गए। घटना में लड़की घायल हो गई।

    जानकारी देते हुए रोशनी ने बताया कि वह अपनी मां के साथ बैंक से घर वापस जा रही थी। इस दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार 2 युवक आए जिन्होंने उसका बैग छीन लिया। उसने काफी देर तक बैग नहीं छोड़ा, लेकिन लुटेरे उसे घसीटते हुए काफी दूर तक ले गए। जिसके बाद आरोपी बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि बैग में 5 हजार, फोन, चैकबुक, पासबुक सहित अन्य दस्तावेज मौजूद थे।

    घटना वहां लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है। मामले के संबंध में ढकोली थाना प्रभारी ट्रेनिंग डीएसपी प्रीत कव्ल सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें 2 युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर लूट की वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। मोटरसाइकिल के नंबर के आधार पर दोषियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

  • Punjab News: श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु के महल में उमड़े श्रद्धालु, देखें Video

    Punjab News: श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु के महल में उमड़े श्रद्धालु, देखें Video

    अमृतसरः सिखों के 9वें गुरु, श्री गुरु तेग बहादुर जी के 404वें प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरु के जन्मस्थान गुरुद्वारा गुरु के महल में श्रद्धालुओं द्वारा विशेष उत्सव मनाया जा रहा है, जहां हर साल की तरह इस साल भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरु जी की जन्मस्थली पर माथा टेकने पहुंच रहे हैं और प्रकाश पर्व के अवसर पर सभी की खुशहाली की प्रार्थना कर रहे हैं। इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष इंतजाम किए।

    इस अवसर पर गुरुद्वारा गुरु के महल में माथा टेकने आए श्रद्धालुओं ने कहा कि आज श्री गुरु तेग बहादुर जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़ी संख्यां में श्रद्धालु गुरुद्वारा साहिब में माथा टेक रहे हैं और सभी के कल्याण के लिए प्रार्थना कर रहे हैं। संगत का कहना है कि गुरु तेग बहादुर जी का पूरा जीवन लोगों को सच्चाई के लिए आवाज उठाने के लिए प्रेरित करता है। गुरु साहिब ने धार्मिक मूल्यों को दबाने वालों के खिलाफ आवाज उठाते हुए धर्म की रक्षा के लिए शहादत प्राप्त की।

    श्री दरबार साहिब के मैनेजर भगवंत सिंह ने संगत से अपील की कि वे गुरु साहिब के प्रकाश पर्व के अवसर पर सामाजिक बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाने तथा गुरु साहिब के जीवन और शिक्षाओं पर चलते हुए अपना जीवन जीने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि आज के इस पावन अवसर पर सचखंड श्री दरबार साहिब, श्री अकाल तख्त साहिब और बाबा अटल राय साहिब में सुंदर जलो साहिब भी सजाया गया है। श्रद्धालु दोपहर 12 बजे तक सुंदर जलो का दर्शन कर सकेंगे तथा रात्रि में दीप प्रज्ज्वलन व आतिशबाजी होगी।

  • रेलवे चलाएगा Super Fast साप्ताहिक Summer Special Train, यात्रियों को मिलेगी राहत

    रेलवे चलाएगा Super Fast साप्ताहिक Summer Special Train, यात्रियों को मिलेगी राहत

    छत्तीसगढ़ः गर्मी शुरू हो चुकी है। ऐसे में बच्चों को भी छुट्टियां पड़ने वाली है। ट्रेनों में होने वाली भीड़ को देखते रेलवे ने बिलासपुर से काचीगुड़ा रेलवे स्टेशन (हैदराबाद) के बीच 8 फेरों के लिए सुपर फास्ट साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन 12 मई से शुरू होकर 2 जून तक चलेगी। वर्तमान में काचीगुड़ा के लिए गिनती की 2 या 3 ही ट्रेन है, वह भी साप्ताहिक है।

    दरअसल, समर सीजन में रेलवे ने इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट के नाम पर लंबी दूरी के साथ ही लोकल ट्रेनों को कैंसिल कर दिया है, जिसके चलते बची हुई ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। यात्रियों को सुविधा मुहैया कराने के लिए रेलवे ने समर स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है, जिससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिलेगी।

    8 फेरों के लिए जो ट्रेन चलाई जा रही है उसके मुताबिक सुपर फास्ट साप्ताहिक समर स्पेशल ट्रेन बिलासपुर से काचीगुड़ा के लिए ट्रेन नंबर 08263 के साथ 12, 19, 26 मई और 2 जून को प्रत्येक सोमवार को चलेगी। इसी प्रकार विपरीत दिशा में भी काचीगुड़ा से बिलासपुर के लिए ट्रेन नंबर 08264 के साथ 13, 20, 27 मई और 3 जून प्रत्येक मंगलवार को चलेगी। इस ट्रेन में एसी1 -1, एसी 2 -1, एसी 3- 2, 01 एसी कुर्सीयान 1, स्लीपर 09 , SLRD 02 और 06 जनरल कोच सहित 22 कोचों के साथ चलेगी।

  • Punjab News: डिवाइडर तोड़ दीवार से टकराई सवारियों से भरी बस, ड्राइवर की फंसी टांगें

    Punjab News: डिवाइडर तोड़ दीवार से टकराई सवारियों से भरी बस, ड्राइवर की फंसी टांगें

    चंडीगढ़: डेल्टा ट्रैवल्स कंपनी की बस फ्लाईओवर से उतरते समय हादसे का शिकार हो गई। मिली जानकारी के अनुसार सवारियों से भरी बस का अचानक टायर फट गया और बस नियंत्रण से बाहर हो गई। इस दौरान बस डिवाइडर तोड़कर दूसरी ओर पुल की दीवार से जा टकरा गई। गनीमत रही कि बस ने दीवार को तोड़ा नहीं और पुल के ऊपर से नीचे नहीं गिरी वरना यह हादसा खतरनाक हो सकता था।

    घटना के दौरान बस में करीब 13 सवारियां थीं। इस घटना को लेकर करीब डेढ़ घंटे तक पुल के ऊपर जाम लगा रहा। बरनाला निवासी लाडी बस का ड्राइवर और अमृतसर का स्वर्ण सिंह कंडक्टर बस में मौजूद थे। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम के वरिंदर सिंह, कांस्टेबल चमकौर सिंह और लेडी कांस्टेबल काजल मौके पर पहुंचीं और सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान बस के ड्राइवर की टांगें स्टेयरिंग के नीचे फंस गईं।

    सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम और कुछ स्थानीय लोगों ने करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद रॉड और कटर से ड्राइवर को बाहर निकाला। जिसके बाद एम्बुलेंस बुला कर ड्राइवर को डेरेबास्सी के सरकारी अस्पताल भेजा गया, जहां ड्राइवर की हालत स्थिर बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जिस तरफ बस दीवार के साथ जाकर टकराई उसे तरफ सामने से एक ऑटो आ रहा था जिसने सामने से बेकाबू बस को देखते हुए ब्रेक लगा दिए। वह ऑटो भी पलट गया।

  • Punjab News: SSP Amneet Kaundal का एक्शन, SHO और सहायक SHO निलंबित

    Punjab News: SSP Amneet Kaundal का एक्शन, SHO और सहायक SHO निलंबित

    बठिंडा: पंजाब में नशे के खिलाफ चलाई गई मुहिम को लेकर लगातार तस्करों के खिलाफ शंकजा कसा जा रहा है। वहीं नशा बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई में लापरवाही बरतने के कारण एसएचओ और सहायक एसएचओ को निलंबित किया गया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए बठिंडा के एसएसपी अमनीत कौंडल ने बताया कि धोबियाना बस्ती को नशे के हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। यहां नशे की बिक्री को लेकर स्थानीय लोगों की शिकायतें प्राप्त हुई थीं, जिसके परिणामस्वरूप सिविल लाइन्स थाना बठिंडा के इंस्पेक्टर रविंदर सिंह और सहायक एसआई बेअंत सिंह को निलंबित किया गया है।

    एसएसपी बठिंडा ने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई पुलिस अधिकारी इस प्रकार की गतिविधियों में लिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने जनता से भी आग्रह किया कि यदि उनके क्षेत्र में कोई नशा तस्कर अवैध नशे के व्यापार में संलग्न है, तो वे 91155-02252 पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उनकी पहचान और पता पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा, और इस सूचना के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

     

  • Punjab News: पेशी पर आया कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, देखें वीडियो

    Punjab News: पेशी पर आया कैदी पुलिस को चकमा देकर फरार, देखें वीडियो

    चंडीगढ़ः बुड़ैल जेल से मोहाली जिला अदालत में अंडर ट्रायल केस में पेशी के लिए लाया गया कत्ल का आरोपी पुलिस कस्टडी से फरार हो गया। इस घटना को लेकर प्रशासन में हड़कंप मच गया। दरअसल, पुलिस आरोपी को जीरकपुर में दर्ज हत्या के एक मामले में विचाराधीन आरोपी को चंडीगढ़ पुलिस की बस में मोहाली कोर्ट लेकर आई थी। हालांकि पुलिस ने आरोपी को काबू करने के लिए उसका करीब 2 से 3 किलोमीटर तक पीछा भी किया। लेकिन वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
    मिली जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ पुलिस आरोपी को पेशी के बाद वापस जेल ले जाने के लिए सरकारी पुलिस बस का इंतजार कर रही थी। इस दौरान आरोपी रिंटू ने पुलिस कर्मी से हाथ छुड़ाया और पुलिस कर्मी को धक्का देकर फरार हो गया। घटना को लेकर मोहाली पुलिस ने सोहाना थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार कांस्टेबल दलजीत सिंह पुलिस लाइन चंडीगढ़ में जनरल ड्यूटी के पद पर तैनात है और उसी की कस्टडी से आरोपी फरार हुआ है।
    मोहाली पुलिस को दिए बयान में कांस्टेबल दलजीत सिंह ने कहा कि रिंटू और एक अन्य विचाराधीन व्यक्ति को एक ही बस में लाया गया था। दूसरे विचाराधीन कैदी को एक अन्य कांस्टेबल खरड़ कोर्ट में पेश करने चला गया। आरोपी रिंटू को उसने मोहाली कोर्ट में पेश किया और प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह लखनौर क्रॉसिंग के पास खरड़ से बस के आने का इंतजार करने लगा। इस बीच रिंटू ने अपना हाथ छुड़ाया और उसे धक्का देकर नाले में कूद कर भाग गया। कांस्टेबल दलजीत सिंह ने बताया कि उसने काफी देर तक आरोपी की तलाश की, लेकिन जब वह नहीं मिला तो उसने पीसीआर को फोन किया और सोहाना पुलिस के पास बयान दर्ज करवाया। इसके बाद सोहाना पुलिस ने रिंटू के खिलाफ बीएनएस की धारा 262 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है और आरोपी की तालाश में छापेमारी की जा रही है।
  • Punjab News: पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां, 2 घायल

    Punjab News: पुलिस और बदमाशों में चली गोलियां, 2 घायल

    तरनतारनः जिले के गांव नौशहरा पन्नुआ में पुलिस और गैंगस्टरों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस मुठभेड़ में 2 गैंगस्टर घायल हो गए। आरोपियों की पहचान महिकप्रीत सिंह और युवराज सिंह उर्फ़ युवी के रूप में हुई है। दोनों गैंगस्टर विदेश में बैठे सतनाम सत्ता और जैसल के लिए काम करते थे। दरअसल, पुलिस ने दोनों को नाके पर रुकने का संकेत दिया था, इसी दौरान दोनों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों गैंगस्टर पैर में गोली लगने के कारण घायल हो गए।

    पुलिस ने मौके से पिस्टल बरामद की है। जानकारी के अनुसार ये अपराधी फिरौती वसूलने वाले गैंग के लिए काम करते थे और पंजाब में आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती करा दिया है और मामले की जांच जारी है। वहीं मामले की जानकारी देते हुए अधिकारी ने बताया कि 17 अप्रैल को पंजाब पुलिस ने एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स के साथ एक सांझा अभियान में उनके एक साथी को गिरफ्तार किया और उसके कहने पर शूटर के ठिकाने का पता लगाया।

    जब पुलिस वहां पहुंची, तो दोनों शूटरों ने पुलिस टीम पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जिसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की और पुलिस की गोलियां लगने दोनों घायल हो गए। दोनों घायलों को 4 गोलियां लगीं। जानकारी के अनुसार, महिक घायलों में से एक सत्ता नौशहरा गैंग से संबंधित है। अधिकारी ने बताया कि महिक जनवरी में हमारे द्वारा बरामद किए गए हैंड ग्रेनेड मामले में लोड़ींदा था।

  • Punjab News: अजनाला थाना Building पर मिली बमनुमा वस्तु, बब्बर खालसा ने ली जिम्मेदारी

    Punjab News: अजनाला थाना Building पर मिली बमनुमा वस्तु, बब्बर खालसा ने ली जिम्मेदारी

    अमृतसरः अजनाला थाना पर सुबह करीब साढ़े 6 बजे थाना अजनाला की बिल्डिंग पर बमनुमा वस्तु के फटने की खबर सामने आई है। जिसके बाद बिल्डिंग में चारों तरफ धुआं-धुआं हो गया। लेकिन फिलहाल किसी भी तरह का कोई नुक्सान नहीं हुआ है। वहीं जिला पुलिस ने कहा कि थाना अजनाला में बम चलने संबंधी किसी भी तरह की कोई बात सामने नहीं आई है।

    ग्रेनेड हमलों के मास्टरमाइंड बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के खालिस्तानी आतंकी हरप्रीत सिंह उर्फ ​​हैप्पी पासिया की अमेरिकी पुलिस द्वारा गिरफ्तारी के बाद साथी जीवन फौजी भड़क गया है। उसने सोशल मीडिया पर दावा किया है कि अमृतसर में एक और बम धमाका किया गया है। लेकिन अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने इससे साफ इनकार किया है।

    जीवन फौजी द्वारा वायरल की पोस्ट के अनुसार दावा किया गया है कि अब अमृतसर के अजनाला थाने में बम धमाका किया गया है। यह धमाका 17 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े छह बजे किया गया है। पोस्ट में जीवन फौजी ने कहा कि मैं जीवन फौजी अजनाला थाने में हुए ग्रेनेड हमले की जिम्मेदारी लेता हूं। ग्रेनेड हमले को अंजाम देने का मुख्य कारण यह है कि हमारे कई साथियों को जेल से ले जाकर अवैध कागजात बनाए जा रहे हैं और उनके परिवारों को अवैध रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

  • 14 आतंकी हमलों की साजिश रचने वाला हैप्पी पासिया गिरफ्तार

    14 आतंकी हमलों की साजिश रचने वाला हैप्पी पासिया गिरफ्तार

    नई दिल्लीः पंजाब में 14 आतंकी हमलों की साजिश रचने वाले गैंगस्टर हैप्पी पासिया को अमेरिका में इमिग्रेशन एंड कस्टम्स इंफोर्समेंट (ICE) ने दबोच लिया है। वह भारत में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा भी मोस्ट वांटेड था। हैप्पी पासिया पंजाब में पुलिस थानों और चौकियों पर ग्रेनेड हमलों का मुख्य आरोपी है। पंजाब पुलिस और एनआईए लगातार इस आतंकी के अमेरिका में होने का दावा करती रही है। हैप्पी पासिया पाकिस्तान के बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) के आतंकी हरविंदर सिंह रिंदा के साथ मिलकर पंजाब में आतंकी घटनाओं को अंजाम दे रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर एनआईए ने 5 लाख का पुरस्कार रखा हुआ है।

    हैप्पी पासिया उस समय चर्चा में आया था जब उसने चंडीगढ़ में एक पुलिस अधिकारी के घर पर ग्रेनेड से हमला करवाया और इसकी जिम्मेदारी उसने इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट डाल कर ली। हैप्पी पासिया पंजाब में युवाओं को पैसे का लालच देकर आतंकी हमलों में इस्तेमाल करता था और उससे हमले करवाता था। हैप्पी पासिया ने ही चंडीगढ़ के सेक्टर-10 में हुए ग्रेनेड हमले और जालंधर में बीजेपी नेता मनोरंजन कालिया के घर पर हुए विस्फोट की जिम्मेदारी ली थी। राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने उसे भगोड़ा घोषित कर रखा था। वह पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई और बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी रिन्दा के साथ मिलकर पंजाब में कई आतंकी वारदातों को अंजाम दे चुका है।

    उसके खिलाफ 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं। थानों पर हमले के मामले में पासिया के अलावा आतंकी जीवन फौजी की भूमिका भी सामने आई थी, जो पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के संपर्क में है। बता दें कि मैट्रिक पास हैप्पी मूलरूप से अमृतसर जिले के रामदास पुलिस स्टेशन के तहत पासिया गांव का रहने वाला है। वह 2021 में यूके में रहने वाले अपने आपराधिक सा​थियों के पास गया, जहां उसने 2020-21 में कुछ महीने बिताए थे। उसके बाद वह मैक्सिको सीमा से अवैध डंकी रूट से अमेरिका चला गया था। वहां वह बब्बर खालसा से जुड़ा और भारत खासकर पंजाब में आतंकी हमले करवाने लगा।