Blog

  • उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना जिला के 4 दिवसीय प्रवास पर

    उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना जिला के 4 दिवसीय प्रवास पर

    विकास कार्यों की समीक्षा समेत परियोजनाओं की प्रगति का लेंगे जायजा
    ऊना/सुशील पंडित: उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ऊना जिला के 4 दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री जिला में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा समेत परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लेंगे। मुकेश अग्निहोत्री 14 जनवरी(बुधवार) को ऊना में दोपहर 12 बजे जल शक्ति विभाग, भाषा विभाग, हिमाचल पथ परिवहन निगम और ट्रांस्पोर्ट विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। उप मुख्यमंत्री का रात्रि ठहराव गोंदुपर जयचंद में होगा। यह जानकारी सरकारी प्रवक्ता ने दी।
    सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उप मुख्यमंत्री 15 जनवरी को सुबह 11 बजे नालागढ़ में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय पीरस्थान लोहड़ी मेला नालागढ़ में भाग लेने के लिए रवाना होंगे। इसके उपरांत उनका रात्रि ठहराव वापिस गोंदपुर जयचंद में रहेगा। मुकेश अग्निहोत्री 16 जनवरी को ऊना जिला में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण करेंगे। 17  जनवरी को प्रातः 11 बजे मुकेश अग्निहोत्री केवी इंटरनेशनल स्कूल धुसाड़ा में आयोजित होने वाले वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्यातिथि शिरकत करेंगे। इसके अलावा 18 जनवरी को सुबह 11 बजे श्री गुरु रविदास मंदिर भदसाली और सायं 7 बजे श्री गुरु रविदास मंदिर बालीवाल का दौरा करेंगे।
  • Punjab News: स्कूलों में छुट्टियों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति, जानें कल खुलेंगे या रहेंगे बंद

    Punjab News: स्कूलों में छुट्टियों को लेकर बनी असमंजस की स्थिति, जानें कल खुलेंगे या रहेंगे बंद

    जालंधर, ENS: पंजाब के स्कूलों में छुट्टियों को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। दरअसल, आज चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा तीसरी बार स्कूलों में छुट्टियां बढ़ा दी गई है। दरअसल, चंडीगढ़ और पंजाब में घने कोहरे और कंपकंपाती सर्दी का कहर जारी है। ऐसे में चंडीगढ़ में 17 जनवरी तक स्कूलों में छुट्टियां कर दी गई है।

    वहीं अब पंजाब में स्कूलों की छुट्टियों को लेकर सरकार की ओर से अभी तक कोई आदेश जारी नहीं हुआ है। हालांकि आज पंजाब में मौसम विभाग की ओर से रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मौसम विभाग द्वारा रेड अलर्ट जारी होने पर अभिवावकों की चिंता बढ़ने लगी है। ऐसे में अब देखना यह है कि कल स्कूल खुलेंगे या देर शाम तक पंजाब में स्कूलों में छुट्टियों की बढ़ौतरी को लेकर कोई नया आदेश जारी होता है।

    दरअसल, पंजाब के कई इलाकों में दृश्यता शून्य तक गिर गई है। सुबह के समय सड़कों पर निकलना सुरक्षित नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक स्थिति में सुधार की कोई उम्मीद नहीं है। ऐसे में अभिवावकों द्वारा कंपकंपती सर्दी में स्कूलों में छुट्टियां बढ़ाने को लेकर अपील की जा रही है।

  • हरियाणा ने बागवानी और मधुमक्खी पालन में बनाई राष्ट्रीय पहचान

    हरियाणा ने बागवानी और मधुमक्खी पालन में बनाई राष्ट्रीय पहचान

    चंडीगढ़: हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार ने बागवानी, मधुमक्खी पालन और टिकाऊ कृषि के क्षेत्र में नई मिसाल कायम की है। हरियाणा मधुमक्खी पालन नीति को अपनाने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। इस नीति के प्रभावी क्रियान्वयन से राज्य में शहद उत्पादन को बढ़ावा मिला है।

    कृषि मंत्री आज यहां बागवानी विभाग से संबंधित बजट-पूर्व परामर्श-बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने गत वर्ष के बजट में बागवानी विभाग को आवंटित बजट के खर्च बाबत विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में किसानों की आमदनी को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है , किसान-हित में योजनाएं बनाई जा रही हैं।

    कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने बैठक के बाद बताया कि मधुमक्खी पालन को वैज्ञानिक और व्यावसायिक रूप देने के उद्देश्य से रामनगर में एकीकृत मधुमक्खी पालन विकास केंद्र की स्थापना की गई है। इस केंद्र के माध्यम से मधुमक्खी बक्सों की खरीद पर 85 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है। इसके अलावा शहद प्रसंस्करण, बोतलिंग और शहद गुणवत्ता जांच पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी उपलब्ध कराई जा रही है।

    उन्होंने बताया कि बागवानी क्षेत्र में नवीनतम तकनीकों के प्रदर्शन हेतु उत्कृष्टता केंद्रों (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) की स्थापना में भी हरियाणा देश में अग्रणी है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 9 उत्कृष्टता केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं, जबकि 3 नए उत्कृष्टता केंद्रों पर कार्य प्रगति पर है। इन केंद्रों के माध्यम से किसानों को उच्च गुणवत्ता वाली पौध सामग्री और आधुनिक तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।

    राज्य में कम लागत वाली वर्टिकल खेती को बड़े पैमाने पर प्रोत्साहित किया जा रहा है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में 18,630 एकड़ क्षेत्र में उन्नत तकनीकों के माध्यम से सब्जी उत्पादन को बढ़ावा दिया गया है। संरक्षित खेती अपनाने वाले किसानों को 50 से 85 प्रतिशत तक अनुदान सहायता प्रदान की जा रही है।

    संरक्षित खेती और उन्नत तकनीकों के प्रयोग में भी हरियाणा अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। इन तकनीकों से किसानों की उपज में 2 से 3 गुना तक वृद्धि दर्ज की गई है और किसानों की आमदनी कई गुणा बढ़ी है। इसके अतिरिक्त, हरियाणा भावांतर भरपाई योजना लागू करने वाला देश का पहला राज्य है। वर्तमान में इस योजना के अंतर्गत 21 फलों और सब्जियों को शामिल किया गया है। इन दूरदर्शी और किसान हितैषी नीतियों के माध्यम से हरियाणा सरकार किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को लाभकारी बनाने और राज्य को कृषि नवाचार का केंद्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

     

  • विधायक विवेक शर्मा ने 90 आपदा प्रभावित परिवारों को वितरित किए 65 लाख के चैक

    विधायक विवेक शर्मा ने 90 आपदा प्रभावित परिवारों को वितरित किए 65 लाख के चैक

    कहा…कुटलैहड़ विस में अब तक 290 आपदा प्रभावित परिवारों को दी जा चुकी है 3 करोड़ से अधिक की आर्थिक मदद।
     
    ऊना/सुशील पंडित: कुटलैहड़ के विधायक विवेक शर्मा(विक्कू) ने आज(मंगलवार) को जल शक्ति विभाग के विश्रामगृह में कुटलैहड़ क्षेत्र के 90 आपदा प्रभावित परिवारों को 65 लाख रूपये के चैक वितरित किए। इस अवसर पर विवेक शर्मा ने कहा कि सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार हर संकट की घड़ी में जनता के साथ खड़ी है। विवेक शर्मा (विक्कू) ने कहा कि कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के तहत अब तक कुल 290 आपदा प्रभावित परिवारों को 3 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है। वर्तमान राज्य सरकार ने आपदा राहत नीति को और अधिक जनहितकारी बनाते हुए उन परिवारों के लिए राहत राशि में ऐतिहासिक बढ़ोतरी की है, जिनके घर आपदा में पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। पहले जहां यह सहायता राशि मात्र डेढ़ लाख रुपये थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 7 लाख रुपये कर दिया गया है। इसके लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।
    विक्कू ने कुटलैहड़ विस में किए जा रहे विकास कार्यों की बात करते हुए बताया कि लगभग 2 करोड़ रुपये की लागत से डटवाड़ा से पनोह सड़क का निर्माण कार्य पूर्ण किया गया है, जिससे क्षेत्र के करीब 1200 लोगों को सीधा लाभ मिला है और आवागमन सुगम हुआ है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि मौजूदा कार्यकाल में कुटलैहड़ क्षेत्र में कुल 62 नए बिजली ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं, जिससे लंबे समय से चली आ रही लो-वोल्टेज की समस्या से लोगों को राहत मिली है। उन्होंने बताया कि कुटलैहड़ विधानसभा के बौल क्षेत्र में लगभग 300 कनाल भूमि इंडस्ट्रियल एरिया स्थापित करने के लिए चिन्हित की गई है, जिससे आने वाले समय में उद्योग स्थापित होंगे और क्षेत्र के युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास और युवाओं का सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। लोहड़ी पर्व की बधाई विवेक शर्मा ने कुटलैहड़ विधानसभा के समस्त लोगों को लोहड़ी और मकर संक्रांति की हार्दिक शुभकामनाएं और बधाई दी। साथ ही, उपस्थित सभी लोगों के साथ लोहड़ी का पर्व बड़े हर्षोल्लास और धूमधाम से मनाया। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर विधायक विवेक शर्मा की धर्मपत्नी मृदु शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम आसरा शर्मा, कार्यकारी अध्यक्ष विवेक मिंका, सुमित, रमेश बंगा, उप मंडल अधिकारी ऊना अभिषेक मित्तल, एसडीओ आईपीएच रविंद्र सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी सहित उपस्थित रहे।
  • Punjab News: हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में लगी आग

    Punjab News: हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में लगी आग

    कपूरथलाः किसान सेल्स कॉर्पोरेशन हार्डवेयर स्टोर के बने गोदाम में आग लग गई। घटना सब डिविजन कस्बा भुलत्थ में भोगपुर रोड के पास हुई। जहां आग लगने से लाखों का सामान जलकर राख हो गया। घटना का सूचना लोगों द्वारा दमकल विभाग को दी गई।

    मौके पर पहुंची दमकल विभाग की टीम द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्टोर के मालिक राम लुभाइया ने जानकारी देते हुए बताया कि रात को स्टोर के पड़ोसियों ने उन्हें फोन पर सूचित किया कि आपके स्टोर में आग लगी हुई है।

    जब हम स्टोर पर पहुंचे तो भीषण आग के कारण स्टोर में खड़ी उनकी बोलेनो कार, स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, 4 पानी की टंकियां और अनेक पाइप जलकर राख हो चुके थे। उन्होंने बताया कि हमारा लगभग 15-20 लाख से अधिक का नुकसान हो गया है। पूछे जाने पर आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की सूचना थाना भुलत्थ पुलिस को दे दी गई है।

  • अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए ‘हरिजन’ और ‘गिरिजन’ शब्दों का प्रयोग बंद करने का आदेश

    अनुसूचित जाति-जनजाति के लिए ‘हरिजन’ और ‘गिरिजन’ शब्दों का प्रयोग बंद करने का आदेश

    चंडीगढ़: हरियाणा सरकार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अनुसूचित जातियों एवं अनुसूचित जनजातियों के संदर्भ में सरकारी पत्राचार तथा अन्य आधिकारिक कार्यों में “हरिजन” और “गिरिजन” जैसे शब्दों का प्रयोग न करने के निर्देश दिए हैं।

    इन निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि भारत के संविधान में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के लिए इन शब्दों का प्रयोग नहीं किया गया है तथा सभी आधिकारिक कार्यों में केवल संविधान में वर्णित अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति शब्दावली का ही उपयोग किया जाना चाहिए।

    सरकार के संज्ञान में आया है कि पूर्व में जारी निर्देशों के बावजूद कुछ विभागों द्वारा अब भी “हरिजन” और “गिरिजन” शब्दों का प्रयोग किया जा रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए राज्य सरकार ने सभी विभागों को केंद्र सरकार के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा सभी आधिकारिक मामलों में इन शब्दों का तत्काल प्रभाव से प्रयोग बंद करने के निर्देश दिए हैं।

  • पंडोगा में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर से ऊना में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

    पंडोगा में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर से ऊना में औद्योगिक विकास को मिलेगी नई गति

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना जिले के औद्योगिक विकास को नई गति देने की दिशा में एक बड़ी सौगात मिली है। केंद्र सरकार के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (एमएसएमई) मंत्रालय ने हरोली विधानसभा क्षेत्र के पंडोगा औद्योगिक क्षेत्र में एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने को मंजूरी प्रदान की है। यह टेक्नोलॉजी सेंटर करीब 10 करोड़ रुपये की लागत से पंडोगा स्थित कम्युनिटी सेंटर भवन में स्थापित किया जाएगा। इसके अलावा परवाणू में भी टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित करने की मंजूरी मिली है।
    टेक्नोलॉजी सेंटर्स से प्रदेश में उद्योगों को मिलेगी ताकत : उपमुख्यमंत्री
    उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर्स की स्वीकृति हिमाचल प्रदेश में उद्योगों को मजबूत करने की दृष्टि से बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय ने देशभर में 13 नए टेक्नोलॉजी सेंटर-एक्सटेंशन सेंटर स्थापित करने को लेकर कार्यालय ज्ञापन जारी किया है, जिनमें पंडोगा और परवाणू को भी शामिल किया गया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इन टेक्नोलॉजी सेंटर्स के स्थापित होने से राज्य में औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। इससे उद्योगों को आधुनिक तकनीकी सहयोग मिलेगा, औद्योगिक निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा और रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से युवाओं को कौशल प्रशिक्षण, स्टार्टअप तथा स्वरोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे और एमएसएमई इकाइयों की गुणवत्ता व प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता भी मजबूत होगी। उपमुख्यमंत्री ने बताया कि पंडोगा और परवाणू दोनों टेक्नोलॉजी सेंटर एमएसएमई टेक्नोलॉजी सेंटर लुधियाना के अधीन संचालित व मार्गदर्शित होंगे, जिससे प्रशिक्षण और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित रहेगी।
    क्वालिटी टेस्टिंग, एआई लैब और तकनीकी मार्गदर्शन सहित मिलेंगी अनेक सुविधाएं : संयुक्त निदेशक उद्योग*
    वहीं, उद्योग विभाग के संयुक्त निदेशक ऊना, अंशुल धीमन ने बताया कि टेक्नोलॉजी सेंटर्स स्थापित होने से उद्योगों को क्वालिटी टेस्टिंग, डिजाइनिंग, आधुनिक मशीनरी, तकनीकी मार्गदर्शन सहित कई सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि सेंटर से टूल एंड डाई मेकिंग एंड रिपेयर तथा प्रोडक्ट डेवलपमेंट में भी सहायता मिलेगी। इसके अलावा यहां कैड-कैम तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस(एआई)लैब जैसी आधुनिक सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी। यहां स्थानीय उद्योगों की जरूरत के अनुरूप आधुनिक तकनीकी सेवाएं और प्रशिक्षण उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके तहत एमएसएमई इकाइयों को आधुनिक तकनीक तक पहुंच सुनिश्चित होगी तथा युवाओं को ऑनलाइन व वर्चुअल माध्यम से भी प्रशिक्षण का लाभ मिलेगा। सेंटर के माध्यम से उत्पाद एवं प्रक्रिया डिजाइन से संबंधित परामर्श, उद्यमिता विकास तथा नवाचार आधारित गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
  • बागवानी से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवानों से की चर्चा

    बागवानी से जुड़े मुद्दों पर मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील बागवानों से की चर्चा

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज यहां प्रदेश के बागवानों के प्रतिनिधियों और प्रगतिशील बागवानों के साथ आयोजित बैठक में कहा कि सेब उत्पादन प्रदेश की आर्थिकी का प्रमुख संसाधन है और इसका संरक्षण व संवर्द्धन प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूजीलैंड से आयात किए जाने वाले सेब पर आयात शुल्क घटाने से बागवानों के हितों पर विपरीत प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह इस विषय के सकारात्मक समाधान के लिए केन्द्र सरकार के समक्ष मामला उठाएंगे। वह केन्द्रीय वित्त मंत्री तथा केन्द्रीय वाणिज्य मंत्री से भेंट कर प्रदेश के बागवानांे के हितों के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाने के लिए आग्रह करेंगे।

    बैठक में बागवानों के प्रतिनिधियों ने विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बागवानी मंत्री जगत सिंह नेगी, मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, सचिव सी. पालरासु, निदेशक बागवानी विनय सिंह, हिमाचल सेब उत्पादक संघ की राज्य कमेटी के अध्यक्ष संजय चौहान, हिमाचल किसान सभा के राज्य सचिव राकेश सिंघा, स्टोन फूट ग्रोवर एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक सिंघा, प्रोग्रेसिव ग्रोवर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष आशुतोष चौहान और प्रगतिशील बागवान बैठक में उपस्थित थे।

  • Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी, लोगों ने युवक को किया काबू, भारी हंगामा

    Punjab News: गुरुद्वारा साहिब में हुई बेअदबी, लोगों ने युवक को किया काबू, भारी हंगामा

    तरनतारनः खडूर साहिब के गांव खवासपुर स्थित गुरुद्वारा साहिब में बेअदबी की घटना सामने आई है। जहां नौजवान द्वारा धार्मिक शास्त्रों की तोड़फोड़ की गई। हालांकि घटना के बाद लोगों ने युवक को काबू कर लिया है। इस घटना से इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं गांव वासियों का कहना है कि एक सिख युवक गुरुद्वारा श्री कलगीधर साहिब में माथा टेकने के बहाने घुस गया।

    फिर उसने गोलक से बड़ी मात्रा में पैसे चुरा लिए। उसने कथित तौर पर श्री गुरु ग्रंथ साहिब की मौजूदगी में रखे धार्मिक शास्त्रों के साथ भी छेड़छाड़ की और उन्हें तोड़ दिया। इस दौरान स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर ही पकड़ लिया, जिसके बाद उसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

    आरोपी युवक की तलाशी के दौरान उसकी जेब से शराब की बोतल, नमकीन और गोलक से चोरी किए गए पैसे बरामद हुए। मौके पर जानकारी देते गांव वासियों ने कहा कि धार्मिक बेअदबी के मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। दूसरी ओर मौके पर पहुंची पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। दरअसल, यह घटना धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाली है, जिससे स्थानीय समुदाय में रोष व्याप्त है। प्रशासन ने शांति बनाए रखने की अपील की है।

     

  • प्राकृतिक खेती किसानों का डेटा अब हिम परिवार पोर्टल से जुड़ेगा, CM ने किया ऐलान

    प्राकृतिक खेती किसानों का डेटा अब हिम परिवार पोर्टल से जुड़ेगा, CM ने किया ऐलान

    शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कृषि विभाग को प्राकृतिक खेती कर रहे किसानों का पूरा डेटा 20 जनवरी, 2026 तक हिम परिवार पोर्टल से जोड़ने के निर्देश दिए हैं। डेटा में प्राकृतिक खेती से सम्बन्धित सम्पूर्ण विवरण का समावेश किया जाएगा। प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों का ब्लॉक आधार डेटा तैयार कर उसकी मैपिंग की जाएगी।

    मुख्यमंत्री ने आज यहां कृषि विभाग की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए युवाओं को प्राकृतिक खेती से जोड़ा जाएगा। उन्होंने प्रदेश में इस पद्धति से खेती करने पर बल दिया ताकि किसान अधिक से अधिक आय अर्जित कर सके। हम प्राकृतिक खेती आधारित व्यवस्था में क्रांतिकारी बदलाव लाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि वह प्राकृतिक खेती से जुड़े किसानों से इस माह हमीरपुर में आयोजित होने वाले सम्मेलन में संवाद करेंगे।

    ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं, मक्की और कच्ची हल्दी से सम्बन्धित विभिन्न विषयों की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं के आटे को ‘हिम चक्की आटा’, मक्की के आटे को ‘हिम भोग मक्की’ आटा और कच्ची हल्दी को ‘हिम हल्दी’ के ब्रांड के साथ बाजार में उतारा गया है। उन्होंने आटे की पैकिंग के पैकेट में एक्सपायरी डेट से सम्बन्धित जानकारी प्रमुखता से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन उत्पादों में पौष्टिकता के सम्बन्ध में भी उचित जानकारी होनी चाहिए। इसका आकलन करने के लिए एक विशेष इकाई के गठन करने के भी निर्देश दिए।

    उन्होंने कहा कि प्राकृतिक विधि से उगाई गई 606.8 मीट्रिक टन मक्की की खरीद की गई है और 2.31 करोड़ रुपये सीधे किसानों के खातों में डाले गए हैं। प्राकृतिक खेती से उत्पादित 2123 क्विंटल गेहूं की समर्थन मूल्य पर खरीद की गई और किसानों के खातों में एक करोड़ 31 लाख 57 हजार रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किये गए।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती से उगाई कच्ची हल्दी पर 90 रुपये समर्थन मूल्य प्रदान करने के उत्साहजनक परिणाम सामने आ रहे हैं। इस वर्ष 1629 किसानों से लगभग 2422 क्विंटल हल्दी के प्रापण का अनुमान है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कृषि विभाग द्वारा अपने 25 फार्मों में प्राकृतिक खेती पद्धति से विभिन्न फसलों का उत्पादन किया जा रहा है।

    मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक खेती के उत्पादों का बेहतर विपणन सुनिश्चित किया जाए। कृषि मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने बैठक में बहुमूल्य सुझाव दिए। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह, महाधिवक्ता अनूप रतन, मुख्यमंत्री के सचिव राकेश कंवर, सचिव सी. पालरासु और अशीष सिंहमार, निदेशक डीडीटीजी डा. निपुण जिंदल, निदेशक कृषि डॉ. रविन्द्र सिंह जसरोटिया, निदेशक बागवानी विनय सिंह और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।