Blog

  • Punjab News: अब इस इलाके में चली गोलियां, महिला घायल, इलाके में दहशत, देखें वीडियो

    Punjab News: अब इस इलाके में चली गोलियां, महिला घायल, इलाके में दहशत, देखें वीडियो

    अमृतसरः पंजाब में फायरिंग की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। अमृतसर के शहरी और ग्रामीण इलाकों में हर दिन गोलीबारी की घटनाएं सामने आ रहे हैं जिससे लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है। ताजा मामला जंडियाला गुरु के गौशाला रोड से सामने आया है, जहां कुछ अज्ञात युवकों ने ब्यूटी पार्लर पर अंधाधुंध गोलीबारी की। इस गोलीबारी के दौरान ब्यूटी पार्लर में काम करने वाली महिला के पैर में गोली लग गई और उसे तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

    प्रत्यक्षदर्शी अनु बाला ने बताया कि वह पार्लर में काम कर रही थी, तभी अचानक उसे गोलियों की आवाज सुनाई दी। उसने बताया कि जब वह बाहर आई तो उनकी देवरानी खून से लथपथ जमीन पर पड़ी थी। उसके मुताबिक, 4 से 5 गोलियां चलीं, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। बाद में तुरंत घायल महिला को अस्पताल में दाखिल करवाया गया।

    वहीं घायल महिला के पति ने बताया कि उसकी मोबाइल रिपेयर की दुकान है और वह उस समय ब्यूटी पार्लर में मौजूद थे। उसके मुताबिक, 2 युवक मोटरसाइकिल पर आए थे, जिनके चेहरे ढके हुए थे। परिवार ने किसी भी तरह की धमकी या पैसे मांगने के बारे में कुछ भी कहने से मना कर दिया।

    हालांकि पुलिस कुछ भी कहने को तैयार नहीं है, लेकिन पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। इलाके में दहशत का माहौल है और लोग पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

  • पूर्व CM Atishi की वायरल वीडियो के मामले में दर्ज हुई FIR पर नोटिस जारी, देखें वीडियो

    पूर्व CM Atishi की वायरल वीडियो के मामले में दर्ज हुई FIR पर नोटिस जारी, देखें वीडियो

    जालंधर: आम आदमी पार्टी की दिल्ली से MLA व पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी मार्लेना के विवादित वीडियो के मामले में FIR दर्ज करने पर दिल्ली विधानसभा ने सख्त तेवर दिखाए हैं। बताया जा रहा है कि इस मामले में दिल्ली विधानसभा की तरफ से पंजाब के DGP, साइबर क्राइम के स्पेशल डीजीपी और जालंधर की पुलिस कमिश्नर को नोटिस जारी किया गया है। वहीं इस मामले को लेकर उनसे पूरे मामले को लेकर 48 घंटे में जवाब तलब किया गया है। इसके अलावा केस से जुड़े दस्तावेज और लैब की रिपोर्ट भी मांगी गई है।

    इस मामले में कल (9 जनवरी) को जालंधर में पुलिस ने BJP की दिल्ली सरकार में मंत्री कपिल मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज की थी। जिसमें दावा किया गया कि इस वीडियो की मोहाली की फोरेंसिक लैब में जांच कराई है, जिसमें स्पष्ट हुआ है कि आतिशी ने कहीं भी गुरू शब्द का इस्तेमाल नहीं किया। इसको लेकर दिल्ली विधानसभा में जालंधर पुलिस कमिश्नर के खिलाफ शिकायत हो गई।

    दिल्ली भाजपा के विधायक ने कहा कि सदन की अंदर की कार्यवाही के मामले में पंजाब पुलिस दूसरे राज्य में केस कैसे दर्ज कर सकती है। यह सदन के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है। जिस पर दिल्ली विधानसभा के स्पीकर ने कहा कि जालंधर पुलिस कमिश्नर और FIR दर्ज करने से जुड़े सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

  • तेज रफ्तार Audi का कहर, सड़क पर लोगों को रौंदा, 16 घायल, देखें वीडियो

    तेज रफ्तार Audi का कहर, सड़क पर लोगों को रौंदा, 16 घायल, देखें वीडियो

    जयपुरः शहर में बीती देर रात रेसिंग कर रही एक ऑडी कार ने कहर मचा दिया। मानसरोवर के भीड़भाड़ वाले इलाके में 120 की रफ्तार से दौड़ रही ऑडी कार पहले बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई, फिर सड़क किनारे लगी फूड स्टॉल्स में घुस गई जिससे कार करीब 16 लोगों को रौंदते हुए एक पेड़ से टकराकर रुकी। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। वहीं, 4 लोग गंभीर घायल हैं। ऑडी में ड्राइवर सहित 4 लोग बैठे थे। इनमें जयपुर पुलिस का सिपाही भी है। घटना के तुरंत बाद भीड़ ने एक कार सवार को पकड़ लिया था। जबकि, एक युवक को शनिवार सुबह पुलिस ने हिरासत में ले लिया। आरोपी ड्राइवर दिनेश सहित दो लोग फरार हैं।

    जानकारी के अनुसार चारों लोग नशे में थे। हादसा रात करीब 9:30 बजे पत्रकार कॉलोनी थाना क्षेत्र स्थित खरबास सर्किल के पास हुआ। मौके से पकड़े गए कार सवार रेनवाल निवासी पप्पू ने पुलिस को बताया कि ऑडी कार चूरू का रहने वाला दिनेश रणवां चला रहा था। दिनेश ने उसे शुक्रवार रात खरबास सर्किल के पास बुलाया था। पप्पू ने बताया कि ऑडी में दो और लोग बैठे थे। इसके बाद दिनेश ने एक और कार के साथ रेसिंग शुरू कर दी। आरोपी करीब 120 की स्पीड पर ऑडी को दौड़ा रहा था। कार बेकाबू होकर डिवाइडर से टकराई तो, पीछे वाली कार वापिस घूम गई।

    डिवाइडर से टकराने के बाद दिनेश ने कार सड़क किनारे लगे फूड स्टॉल्स में घुसा दी। उस दौरान वहां करीब 50 लोग मौजूद थे। दिनेश ने कार की स्पीड और बढ़ा दी और उसने 10 से ज्यादा थड़ी-स्टॉल्स को टक्कर मार दी। ऑडी की स्पीड इतनी ज्यादा थी कि उसकी टक्कर से एक और कार पलट गई। आरोपी ने 16 से ज्यादा लोगों को रौंद दिया। करीब 100 मीटर दूर एक पेड़ से टकराकर उनकी कार रुकी। घटना के बाद पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

     

     

  • Punjab News: Elevated पुल पर महिला की खतरनाक स्टंटबाजी, पुलिस ने की कार्रवाई, देखें वीडियो

    Punjab News: Elevated पुल पर महिला की खतरनाक स्टंटबाजी, पुलिस ने की कार्रवाई, देखें वीडियो

    लुधियानाः फिरोजपुर रोड स्थित एलिवेटेड पुल पर महिला द्वारा ट्रैफिक नियमों की खुलेआम अनदेखी और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने का मामला सामने आया है। महिला की लापरवाह राइडिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत महिला का चालान काट दिया गया।

    जानकारी मुताबिक, वायरल वीडियो में महिला रॉयल एनफील्ड बाइक को एक हाथ से चलाती नजर आ रही है। इतना ही नहीं, वह चलते हुए वाहन पर चश्मा पहनती दिखाई देती है, जो साफ तौर पर ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन है। वीडियो में महिला के आगे एक युवक बाइक चला रहा है, जो पूरे घटनाक्रम की रिकॉर्डिंग करता हुआ दिखाई देता है। इस वीडियो को एक गाने के साथ सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया, जिसके बाद यह तेजी से वायरल हो गया।

    मामला संज्ञान में आते ही लुधियाना ट्रैफिक पुलिस ने वीडियो में नजर आ रही बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर जांच शुरू की। जांच में महिला की पहचान दुगरी इलाके की निवासी के रूप में हुई, जो एक प्राइवेट बैंक में कार्यरत है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि जिस रॉयल एनफील्ड बाइक पर महिला स्टंट करती दिख रही है, वह उसके एक सहकर्मी की है।

    जोन इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल ने बताया कि महिला को ट्रेस कर लिया गया है और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत उसका चालान काटा गया है। उन्होंने कहा कि इस तरह की खतरनाक राइडिंग न सिर्फ राइडर की जान के लिए खतरा है, बल्कि सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की सुरक्षा को भी गंभीर रूप से प्रभावित करती है जिसके चलते नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज के लिए इस तरह के स्टंट न करें और ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

  • Punjab News: आतिशी मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री धालीवाल का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: आतिशी मामले में पूर्व कैबिनेट मंत्री धालीवाल का आया बयान, देखें वीडियो

    बोले – गुरु साहिबानों का इस्तेमाल राजनीति के लिए न करें

    अमृतसरः दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी के बयान को लेकर राजनीति गरमा गई है। कई नेता उनके बयान को गलत बता रहे हैं। वहीं दूसरी ओर आतिशी द्वारा उनके बयान को गलत तरीके से बताने की बात कही जा रही है। इसी को लेकर आम आदमी पार्टी पंजाब के प्रवक्ता और पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने अमृतसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान धालीवाल ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए और कहा कि BJP ने गंदी राजनीति करके गुरु साहिबानों को भी अपनी राजनीति के हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया है। कुलदीप धालीवाल ने कहा कि दिल्ली में आतिशी के खिलाफ एक झूठा और एडिटेड वीडियो तैयार करके वायरल किया गया, जिसके जरिए जानबूझकर सिख भावनाओं को भड़काने की कोशिश की गई। उन्होंने कहा कि यह वीडियो BJP मंत्री कपिल मिश्रा के अकाउंट से डाउनलोड किया गया था, जिनके खिलाफ जालंधर में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने वीडियो को जांच के लिए फोरेंसिक लैब भेजा, जहां यह साफ हो गया कि आतिशी ने कहीं भी गुरुओं के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की। धालीवाल ने कहा कि पंजाब गुरुओं, पीरों और संतों की धरती है, लेकिन BJP ने पहले ही पंजाब को गलत रास्ते पर धकेल दिया है और अब गुरुओं को भी राजनीति में घसीटा जा रहा है। आम आदमी पार्टी और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान की सरकार ने हमेशा 10 गुरुओं के आगे सिर झुकाया है और आगे भी झुकाती रहेगी। अकाली दल, कांग्रेस और दूसरे नेताओं पर भी निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गलत वीडियो शेयर करना बहुत बड़ी गलती है। उन्होंने मांग की कि इस वीडियो को वायरल करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए, क्योंकि कानून सबके लिए एक जैसा है। कुलदीप धालीवाल ने कहा कि BJP पंजाब विरोधी, किसान विरोधी और सिख विरोधी पार्टी है। उन्होंने सिख समुदाय से अपील की कि वे BJP की नफरत भरी राजनीति से सावधान रहें और देश में भाईचारा बनाए रखें।
  • Punjab News: जेल में बंद बिक्रम मजीठिया की बढ़ी सुरक्षा

    Punjab News: जेल में बंद बिक्रम मजीठिया की बढ़ी सुरक्षा

    पटियाला: अकाली नेता और पूर्व मंत्री विक्रम सिंह मजीठिया पर बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बी.के.आई) के निशाने पर है। इस संबंध में खुफिया एजेंसी को गोपनीय सूचना प्राप्त हुई है।

    एजेंसी की सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने नाभा जेल में बंद विक्रम मजीठिया की सुरक्षा बढ़ा दी है। जेल में भारी पुलिस फ़ोर्स द्वारा पटियाला केंद्रीय जेल के साथ नाभा जेल में चलाए गए तलाशी अभियान को भी इसी सूचना से जोड़ा जा रहा है। भरोसेमंद स्रोतों के मुताबिक केंद्रीय खुफिया एजेंसी ने पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों को सूचना दी है कि पाकिस्तान आधारित आतंकी संगठन बब्बर खालसा इंटरनेशनल द्वारा विक्रम सिंह मजीठिया को निशाना बनाने की योजना बनाई जा रही है।

    खुफिया एजेंसी ने पिछले दिनों पंजाब पुलिस के उच्च अधिकारियों को इस बारे में जानकारी सांझा की है ताकि मजीठिया की सुरक्षा के संबंध में उचित कदम उठाए जा सकें और किसी अप्रिय घटना से पहले ही रोका जा सके। भले ही इस बारे में कोई अधिकारी बोलने को तैयार नहीं है, लेकिन शुक्रवार को पटियाला और नाभा जेल में भारी पुलिस द्वारा तलाशी अभियान भी चलाया गया है। इस दौरान जेल के चारों ओर की जांच के साथ गैंगस्टरों और शातिर अपराधियों की बेड़ियों की भी जांच की गई है।

  • Punjab News: Royal Limo’s Showroom पर फायरिंग, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त, मचा हड़कंप

    Punjab News: Royal Limo’s Showroom पर फायरिंग, कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त, मचा हड़कंप

    लुधियानाः जिले में आज दिनदहाड़े मुल्लापुर नजदीक बद्दोवाल के इलाके में लग्जरी कारों के शोरुम पर फायरिंग करने का मामला सामने आया है। बाइक पर आए 2 बदमाशों ने रॉयल लीमोज शोरुम के बाहर ताबड़तोड़ गोलियां चला दी। कुछ गोलियां कारों के फ्रंट शीशे पर भी लगी है, जिससे कारें क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं गोलियां चलाने के बाद बदमाश शोरुम के बाहर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम की पर्चियां फेंककर गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही मुल्लांपुर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में ये मामला रंगदारी का लग रहा है। बाकि की जांच जारी है।

    जानकारी मुताबिक, मुल्लापुर नजदीक बद्दोवाल के इलाके में जिस रॉयल लीमोज शोरूम पर फायरिंग की गई है, उसके मालिक परमिंदर और तलविंदर है। यहां मर्सिडीज और रेंज रोवर ​​​​​​जैसी गाड़ियां खड़ी हुई है।​ मर्सिडीज और रेंज रोवर दोनों ही लग्जरी कारें हैं, जिनकी कीमतें काफी ज्यादा होती हैं। शोरूम के कर्मचारियों सतनाम, निर्मल, गुरप्रीत के मुताबिक, शनिवार की सुबह करीब साढ़े दस बजे हम तीनों ऑफिस में मौजूद थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। दोनों ने शोरूम परिसर में खड़ी गाड़ियों को निशाना बनाते हुए गोलियां बरसाईं। सात से आठ राउंड फायरिंग की गई, जो कई कारों में जाकर लगी। इसके बाद बदमाश वहां से भाग गए।

    शोरूम के कर्मचारियों सतनाम, निर्मल, गुरप्रीत ने बताया कि बाइक सवार दोनों बदमाश मुल्लांपुर की तरफ से आए थे और फायरिंग करने के बाद लुधियाना की तरफ भाग गए। एक बार फिर रांग साइड से आकर शोरुम के बाहर गोलियां चलाकर गांव देतवाल की तरफ भाग गए। अचानक हुई इस फायरिंग से वहां मौजूद शोरूम कर्मचारियों और लोगों में दहशत मच गई। गोलियां चलने की आवाज सुनते ही लोग इधर-उधर भागने लगे। बदमाशों के फरार हो जाने के काफी देर बाद तक कर्मचारी डरे हुए दिखाई दिए। बदमाशों के जाने के बाद जब शोरूम कर्मचारी बाहर निकले तो उन्हें दो पर्चियां पड़ी मिली। इन पर गैंगस्टर पवन शौकीन और मोहब्बत रंधावा के नाम लिखे थे। पुलिस ने इन पर्चियों को कब्जे में ले लिया है।

    DSP वरिंदर सिंह खोसा ने बताया कि आज करीब साढ़े 10 बजे कंट्रोल रुम से सूचना मिली थी कि बाइक सवारों ने रॉयल लीमोज कार शोरूम के बाहर गोलियां चलाईं हैं। प्राथमिक जांच में अभी तक यही पता चला है कि दो नकाबपोश शख्स यहां आए है। दो गोलियां शोरुम के शीशे पर लगी है। गोलियां किन कारणों से चली? अभी कहना मुश्किल है। शोरुम मालिक से भी पूछताछ की जा रही है ताकि पता चल सके कि उनकी किसी के साथ दुश्मनी है या नहीं।

  • Punjab News: ट्राले ने कार में मारी जबरदस्त टक्कर, आवाज से दहला इलाका, देखें CCTV

    Punjab News: ट्राले ने कार में मारी जबरदस्त टक्कर, आवाज से दहला इलाका, देखें CCTV

    कपूरथलाः सुल्तानपुर लोधी-ताशपुर लोहियां रोड पर गांव फत्तूवाल में देर शाम एक भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है, जहां एक ट्राले और कार के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और कार में सवार 2 युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि सभी गांव वाले घबराकर बाहर आ गए, जिन्होंने बड़ी मुश्किल से घायल युवकों को गाड़ी से निकाला। इस दौरान घटना CCTV में कैद हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    घायलों की पहचान अंशदीप सिंह (25), बेटे संतोख सिंह, निवासी रायवाल, थाना लोहियां खास और जगदेव सिंह, बेटे शिंगारा सिंह, निवासी रायवाल, थाना लोहियां खास के रूप में हुई है। राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें आगे रेफर कर दिया गया। इस बीच, राहगीरों ने आरोप लगाया कि वे बार-बार 108 एम्बुलेंस सर्विस को फोन करते रहे, लेकिन एम्बुलेंस समय पर मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस सभी एंगल से जांच कर रही है।

    SHO इंस्पेक्टर सोनमदीप कौर ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि ट्राले ने कार को टक्कर मार दी है जिससे 2 लोग घायल हो गए हैं। इस दौरान मौके पर पहुंचकर जांच की गई और घायलों को भी अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।

  • Punjab News: अकाली नेता के भतीजे के घर बदमाशों ने चलाई गोलियां, बना दहशत का माहौल, देखें वीडियो

    Punjab News: अकाली नेता के भतीजे के घर बदमाशों ने चलाई गोलियां, बना दहशत का माहौल, देखें वीडियो

    कपूरथलाः शहर के गांव लक्खन कलां में देर रात एक किसान के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग का मामला सामने आया है। अज्ञात बदमाशों ने रात करीब 10 बजे अकाली दल के पूर्व नेता कश्मीर सिंह के भतीजे के घर के बाहर 13 राउंड फायरिंग कर दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से 13 खाली खोल बरामद किए हैं। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    जानकारी देते पीड़ित प्रितपाल सिंह ने बताया कि जब उनके गांव में ब्लॉक समीति के चुनाव थे तब उन्होंने अपने रिश्ते में लगते भाई का साथ दिया था। इसी को लेकर आरोपी पवित्र सिंह संगा उनके साथ रंजिश रखते थे और उन्हें धमकियां भी दी जाती थी। आरोपी उसके स्पेन में रह रहे भाई को भी मारपीट की धमिकयां दे रहे थे। वहीं बीते दिन कार में सवार होकर कुछ लोग आए और उन्होंने पहले घर का गेट खटखटाया और बाद में उन्होंने घर के बाहर फायरिंग की। इस दौरान कई रोंद फायर किए। घटना के बाद पुलिस को मामले की सूचना दी गई। उन्होंने मांग की कि उन्हें इंसाफ दिया जाए।

    डीएसपी सबडिवीजन शीतल सिंह ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि बरामद किए गए खोलों में कुछ .30 बोर और कुछ .32 बोर के हैं। जांच दौरान सामने आया है कि किसान दलजीत सिंह पुत्र गुरमुख सिंह के गांव से बाहर डेरे पर बने घर पर कुछ गोलियां गेट और दीवार में भी लगी हैं। हालांकि इस घटना में किसी प्रकार का कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि जिस घर पर फायरिंग हुई, वह गांव की कोऑपरेटिव सोसाइटी के दफ्तर के सामने बाहरी तरफ स्थित है। फिलहाल पुलिस ने पीड़ित के बयान पर 9 आरोपियों पर मामला दर्ज कर हमलावरों की तलाश शुरू कर दी है।

  • Punjab News: शरारती तत्वों ने 3 गाड़ियों पर बरसाए पत्थर, 2 चालक घायल, बना दहशत का माहौल

    Punjab News: शरारती तत्वों ने 3 गाड़ियों पर बरसाए पत्थर, 2 चालक घायल, बना दहशत का माहौल

    लुधियानाः शहर में बीती देर रात चंडीगढ़ रोड स्थित वीर पैलेस के नजदीक उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया जब करीब 3 गाड़ियों पर अचानक पत्थरों से हमला कर दिया गया। प्राइवेट कंपनी की 2 बसों और 1 टेम्पो ट्रैवलर पर हुए इस हमले में तीनों वाहनों के आगे के शीशे टूट गए जबकि 2 बस ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

    जानकारी देते सिविल अस्पताल में भर्ती बस ड्राइवर सिमरनजीत सिंह ने बताया कि वह ननकाना साहिब की प्राइवेट कंपनी की बस चलाता है और हर रोज की तरह शुक्रवार रात फैक्ट्री वर्करों को घर छोड़कर वापिस लौट रहा था। जब वह चंडीगढ़ रोड पर वीर पैलेस के पास रेड लाइट पर पहुँचा अचानक एक बड़ा पत्थर तेज़ी से उड़ा और उसकी बस के आगे वाले शीशे को तोड़ते हुए सीधे उसके चेहरे पर आ लगा। खून बहने लगा तो उसने तुरंत बस साइड में रोक दी। सिमरनजीत ने बताया कि उसके पीछे आ रही कंपनी की दूसरी बस और एक टेम्पो ट्रैवलर भी वहीं रुक गए। उनके भी आगे के शीशे टूट चुके थे। दूसरी बस के ड्राइवर को भी पत्थर लगने से गहरी चोटें आईं।

    दूसरे ड्राइवर जोहनी के परिजनों ने उसे तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जबकि सिमरनजीत को उसके पिता सिविल अस्पताल लेकर आए। डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी।

    इलाज के बाद दोनों घायलों ने पुलिस को बयान देकर शिकायत दर्ज करवा दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस तरह तीनों वाहनों पर एक ही इलाके में कुछ ही मिनटों के अंतर पर हमला हुआ इससे साफ है कि किसी ने जानबूझकर पत्थरबाज़ी की।

    पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है। हालांकि हमलावर कौन थे उनका मकसद क्या था यह अभी भी सामने नहीं आया है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर ली जाएगी।