Blog

  • Punjab News : Free हुआ यह Toll Plaza, देखें वीडियो

    Punjab News : Free हुआ यह Toll Plaza, देखें वीडियो

    लुधियाना : पंजाब के सबसे महंगे टोल प्लाजा लाडोवाल में देर शाम बड़ी घटना देखने को मिली। टोल कटने में देरी के कारण फिल्लौर से लेकर गोराया तक लंबा जाम लग गया। लोग घंटों तक वाहनों में फंसे रहे। इसी दौरान कांग्रेस नेता सिमरजीत सिंह बैंस किसी कार्यक्रम से लौट रहे थे। जब वे टोल पर पहुंचे और जाम देखा, तो उन्होंने कर्मचारियों को तुरंत टोल जल्दी काटने को कहा। लेकिन जब तेजी नहीं दिखाई गई, तो बैंस और उनके समर्थकों ने जबरन टोल खोल दिया और करीब 15 मिनट तक गाड़ियों को फ्री में निकलवाते रहे। टोल कर्मचारी इसे रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन समर्थकों ने उन्हें किनारे कर दिया।

    टोल प्रबंधन पर लगाया लापरवाही का आरोप
    बैंस ने साफ कहा कि जाम लगाने की जिम्मेदारी पूरी तरह टोल प्रबंधन की है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई लेन बंद पड़ी थीं, जिससे भीड़ बढ़ी।

    टोल प्रबंधक बार-बार कहते रहे कि जाम उनकी वजह से नहीं लगा, लेकिन बैंस नहीं माने। उनका कहना था कि अगर टोल समय पर कटे तो जाम हो ही नहीं सकता।

    तीन मिनट का है नियम
    बैंस ने टोल प्रबंधन को बताया कि अगर कोई वाहन चालक तीन मिनट से ज्यादा टोल पर फंसा रहे, तो कंपनी उससे टोल शुल्क नहीं ले सकती। हालांकि टोल कर्मचारियों ने कहा कि यह नियम केवल काउंटर पर लागू होता है।

    इस पर बैंस भड़क उठे और कहा कि वे इस नियम पर पहले ही विधानसभा कमेटी में अफसरों की “क्लास” लगा चुके हैं। उन्होंने साफ कहा—मुझे नियम न समझाओ, मैं सब जानता हूं।

    बैंस ने दी चेतावनी, हर शाम आकर करेंगे ‘सेवा’
    पूर्व विधायक ने कहा कि लाडोवाल टोल प्लाजा पर रोजाना जाम लगता है और जनता परेशान होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि—”अगर स्थिति नहीं सुधरी, तो मैं हर शाम लोगों के साथ यहां आकर इसी तरह सेवा करता रहूंगा।”

     

  • Punjab News: Flyover पर चलती कार में अचानक लगी आग, देखें वीडियो

    Punjab News: Flyover पर चलती कार में अचानक लगी आग, देखें वीडियो

    फगवाड़ा। शहर के फगवाड़ा-जालंधर जीटी रोड पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब फ्लाईओवर पर एक चलती कार में अचानक आग लग गई और कुछ ही मिनटों में वह आग का गोला बन गई। वहीं, सूचना पाकर मौके पहुंची दमकल विभाग के आग पर काबू पाने से पहले ही कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

    अग्निशमन अधिकारी ने बताया कि विभाग को फगवाड़ा फ्लाईओवर पर एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद एक टीम को तुरंत मौके पर भेजा गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, खन्ना से जालंधर जा रहे एक परिवार ने फ्लाईओवर पार करते समय गाड़ी से धुआं निकलता देखा। कुछ ही पल बाद, गाड़ी में आग लग गई। समय रहते लोग बाहर कूद गए, जिससे एक बड़ा हादसा होने से बाल-बाल बच गया।

  • कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने ज्ञान और धर्म का संदेश दिया

    कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव: उपराष्ट्रपति राधाकृष्णन ने ज्ञान और धर्म का संदेश दिया

    चंडीगढ़: भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने आज हरियाणा के कुरुक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव 2025 से इतर आयोजित अखिल भारतीय देवस्थानम सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया।

    इस अवसर पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। इस अवसर पर बोलते हुए, उपराष्ट्रपति ने कहा कि वह “वेदों की भूमि” कुरुक्षेत्र की पावन धरती पर खड़े होकर अत्यंत सम्मानित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह पवित्र स्थान हजारों वर्षों से इस स्थान के रूप में पूजनीय है जहां भगवान श्री कृष्ण ने अर्जुन को भगवद् गीता का दिव्य ज्ञान प्रदान किया था। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र हमेशा याद दिलाता है कि धर्म अंततः अधर्म पर विजय प्राप्त करता है, चाहे अधर्म कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो।

    उपराष्ट्रपति ने भगवद् गीता को एक धार्मिक ग्रंथ से कहीं अधिक “धार्मिक जीवन, साहसी कार्य और प्रबुद्ध चेतना के लिए एक सार्वभौमिक ग्रंथ” बताया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धर्म द्वारा निर्देशित अपने कर्म पर ध्यान केंद्रित करने का भगवान कृष्ण का आह्वान, एक सार्थक और उद्देश्यपूर्ण जीवन जीने की कुंजी है।

    मजबूत चरित्र निर्माण की महत्‍ता बताते हुए उन्होंने कहा कि चरित्र, धन या अन्‍य सांसारिक उप‍लब्धियों से अधिक महत्‍वपूर्ण है। उन्‍होंने कहा कि गीता मानवता को एक सदाचारी और अनुशासित जीवन जीने का मार्गदर्शन करती है और भगवान कृष्ण की तरह हमें याद दिलाती है कि नैतिक शक्ति उद्देश्य की स्पष्टता और धार्मिकता के प्रति समर्पण से उत्पन्न होती है।

    यह आशा व्यक्त करते हुए कि तेजी से बदलते युग में, गीता व्यक्तियों, समाजों और राष्ट्रों को शांति और सद्भाव की दिशा में मार्गदर्शन करती रहेगी, उपराष्ट्रपति ने इसकी स्थायी प्रासंगिकता के महत्‍व के बारे में बताया।

    इस आयोजन के विकास की सराहना करते हुए, उन्होंने कहा कि प्रतिवर्ष मनाई जाने वाली गीता जयंती पिछले नौ वर्षों में एक वैश्विक सांस्कृतिक और आध्यात्मिक उत्सव के रूप में विकसित हुई है। उन्होंने महोत्सव को अंतर्राष्ट्रीय मंच पर स्थापित करने और हरियाणा को प्रगति की नई ऊंचाइयों की ओर ले जाने के लिए हरियाणा सरकार और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को बधाई दी।

    उपराष्ट्रपति ने इस बात पर संतोष व्यक्त किया कि अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव भगवान कृष्ण के दिव्य गुणों, श्रीमद्भगवद्गीता की शिक्षाओं और सनातन धर्म की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सभी उम्र के लोगों के लिए सुलभ तरीके से प्रदर्शित करता है।

    उन्होंने महोत्सव की सराहना करते हुए इसे एक ऐसा मंच बताया जो सदियों से भारत को जीवित रखने वाले मूल्यों – धर्म, कर्तव्य, आत्मानुशासन और उत्कृष्टता की खोज को सुदृढ़ करता है। उन्होंने कहा कि ये मूल्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा व्यक्त आत्मनिर्भर भारत और 2047 तक विकसित भारत के राष्ट्रीय दृष्टिकोण की नींव हैं।

    उपराष्ट्रपति ने कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड और गीता ज्ञान संस्थान द्वारा आयोजित सम्मेलन की भी सराहना की, जिसमें पूरे भारत के संत, विद्वान, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ, कलाकार और सांस्कृतिक नेता एक साथ आए। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन संवाद को गहरा करते हैं, सांस्कृतिक आदान-प्रदान को मजबूत करते हैं और युवा मन को भगवद् गीता को एक दूरस्थ ग्रंथ के रूप में नहीं, बल्कि साहस, विनम्रता और ज्ञान के जीवंत मार्गदर्शक के रूप में देखने के लिए प्रेरित करते हैं।

    अपने संबोधन को समाप्‍त करते हुए श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने उपस्थित सभी लोगों से भगवद् गीता की शाश्वत शिक्षाओं को आत्मसात करने, धर्मानुसार कार्य करने, ज्ञान प्राप्त करने, शांति को अपनाने और मानवता के कल्याण में योगदान देने का आग्रह किया। इससे पहले उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन ने कुरूक्षेत्र में मां भद्रकाली शक्तिपीठ मंदिर का दौरा किया और पूजा-अर्चना की।

  • मां की गोद में सो रहे मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, गांव के बाहर क्षत-विक्षत मिला शव

    मां की गोद में सो रहे मासूम को उठा ले गया तेंदुआ, गांव के बाहर क्षत-विक्षत मिला शव

    बलरामपुर। उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के सोहेलवा वन क्षेत्र में एक बहुत दर्दनाक घटना हुई। एक तेंदुआ रात में घर के बरामदे में सो रहे डेढ़ साल के बच्चे को उसकी मां की गोद से उठा कर ले गया। अगले दिन सुबह बच्चे का क्षत-विक्षत शव गांव के पास जंगल में मिला। वन विभाग ने इस घटना की पुष्टि की है।

    बच्चे की रोने की आवाज सुनकर मां की नींद खुली
     मिली जानकारी के अनुसार घटना शनिवार रात की है। नेवलगंज के रेहरा झोहना गांव की महिला धन्नावती अपने डेढ़ साल के बेटे रोहित के साथ घर के बाहर बरामदे में सो रही थी। इसी दौरान रात लगभग 2 बजे बच्चे के रोने की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली तो उन्होंने देखा कि एक तेंदुआ बच्चे को अपने मुंह में दबाकर ले जा रहा है। मां ने शोर मचाया, लेकिन जब तक घर वाले पहुंचे, तेंदुआ जंगल की तरफ भाग चुका था।

    सुबह जंगल के पास मिला बच्चे का क्षत-विक्षत शव
    घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की। कुछ ही समय बाद गांव के पश्चिम दिशा में जंगल के पास बच्चे का शव मिला। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

    तेंदुए को पकड़ने के लिए लगाए जा रहे ट्रैप कैमरे
    जिलाधिकारी विपिन जैन ने बताया कि तेंदुए की पहचान और खोज के लिए जंगल के आसपास ट्रैपिंग कैमरे लगाए जा रहे हैं। वन विभाग की तीन टीमें इस काम में लगाई गई हैं। इसके अलावा क्षेत्र में ड्रोन कैमरे लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं ताकि तेंदुए की लोकेशन का पता चल सके।

    ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील
    प्रशासन ने गांव वालों से कहा है कि घर के बाहर रात में लाइट जरूर जलाकर रखें। दरवाज़े और खिड़कियाँ अंदर से बंद करके सोएं। जंगल के किनारे रहने वाले लोग अपने बच्चों को दिन में भी अकेला बाहर न भेजें।

     

     

  • CISF के हेड कॉन्स्टेबल ने बारात में पैसे लूट रहे नाबालिग को मारी गोली, मचा हड़कंप

    CISF के हेड कॉन्स्टेबल ने बारात में पैसे लूट रहे नाबालिग को मारी गोली, मचा हड़कंप

    नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा के मानसरोवर पार्क इलाके में एक बारात के दौरान बेहद दुखद घटना हुई है। बताया जा रहा है कि बारात में नोट उड़ाए जा रहे थे और 14 साल का लड़का साहिल भी उन नोटों को पकड़ने लगा। इसी बात से नाराज होकर एक सीआईएसएफ का हेड कांस्टेबल गुस्से में आकर अपनी पिस्टल निकालकर साहिल के सिर में गोली मार दी। जिसके बाद सभी बरातियों में हड़कंप मच गया।

    गोली मारने के बाद आरोपी फरार
    वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। गंभीर हालत में साहिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। साहिल की उम्र सिर्फ 14 साल थी और वह नत्थू कॉलोनी की झुग्गियों में अपने परिवार के साथ रहता था।

    आरोपी कौन है
    आरोपी का नाम मदन गोपाल तिवारी है। वह सीआइएसएफ में हेड कांस्टेबल है। फिलहाल उसकी तैनाती कानपुर, उत्तर प्रदेश में है। वह छुट्टी लेकर बारात में शामिल होने आया था। आरोपी दूल्हे की बुआ का बेटा बताया जा रहा है।

    आरोपी की कैसे हुई गिरफ्तारी
    पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट सहित कई धाराओं में केस दर्ज किया। रविवार सुबह पुलिस ने उसे उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के भरताना गांव से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वही पिस्टल भी बरामद कर ली, जिससे साहिल को गोली मारी गई थी।

    साहिल के पिता करते हैं मजदूरी
    साहिल अपने माता-पिता और दो भाइयों के साथ रहता था। पिता सिराजुद्दीन दिहाड़ी मजदूर हैं। साहिल पढ़ाई नहीं करता था और उस रात अपने छोटे भाई और दोस्तों के साथ बारात देखने गया था।

    घटना कैसे हुई
    रात करीब 10 बजे बारात की घुड़चढ़ी चल रही थी। लोग नाचते हुए नोट उड़ा रहे थे। साहिल भी मजे में नोट लूटने लगा। इसी दौरान आरोपी ने पहले उसे पकड़ा और पिटाई की। फिर उसने जेब से पिस्टल निकाली और कनपटी पर गोली मार दी। यह सब कुछ कुछ ही सेकंड में हो गया।

    छोटे भाई ने दी जानकारी
    साहिल का छोटा भाई यह सब देखकर डर गया और दौड़कर घर पहुंचा। उसने परिवार को सारी बात बताई। परिवार वाले तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को बुलाया।

    पुलिस की जांच जारी
    शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। यह भी जांच रही है कि क्या घटना में कोई और भी शामिल था।

  • दर्दनाक हादसा: दो बसों में जोरदार टक्कर, 10 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

    दर्दनाक हादसा: दो बसों में जोरदार टक्कर, 10 लोगों की मौत, दर्जनों घायल

    नेशनल डेस्क। तमिलनाडु से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। जहां, शिवगंगा जिले में रविवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। पिल्लैयारपट्टी से करीब 5 किलोमीटर दूर तिरुपत्तूर इलाके में दो सरकारी बसें आमने-सामने टकरा गईं। टक्कर इतनी तेज थी कि बसों के आगे का हिस्सा बुरी तरह से टूट गया। इस घटना में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 20 यात्री घायल होने की खबर है। मिली जानकारी के अनुसार बताया जा है कि पुलिस और आसपास मौजूद लोगों की मदद से कई यात्रियों को बस से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।

    दुर्घटनाग्रस्त एक बस तिरुपुर से कराईकुडी जा रही थी, जबकि दूसरी बस कराईकुडी से डिंडीगुल की ओर जा रही थी।दोनों बसों के सामने से टकरा गई जिससे ये हादसा हो गया।

    घटनास्थल से  हादसे की तस्वीरें और वीडियो सामने आई जो बहुत दर्दनाक दिख रही है। एक बस का ड्राइवर साइड का हिस्सा पूरी तरह कुचल गया था। सड़क पर कई शव एक लाइन में पड़े हुए दिखाई दे रहे हैं। एक महिला खिड़की के टूटे हिस्से से बाहर कूदती हुई दिखी। वहीं एक दूसरी महिला जमीन पर बैठी थी और उसके माथे से खून बह रहा था।

    राहत और बचाव कार्य जारी
    घटना के बाद पुलिस, स्थानीय लोग और मेडिकल टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और गंभीर रूप से घायल मरीजों को बड़े अस्पतालों में रेफर किया गया।

     

  • निर्दयता की हद: प्यार के दुश्मनों ने पीटा, गोली मारी और पत्थर से कुचला… प्रेमिका ने शव से रचाई शादी

    निर्दयता की हद: प्यार के दुश्मनों ने पीटा, गोली मारी और पत्थर से कुचला… प्रेमिका ने शव से रचाई शादी

    नेशनल डेस्क। महाराष्ट्र के नांदेड़ से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अलग जाति में प्यार करने की कीमत एक युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। लड़की के परिवारवालों ने बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। लड़के की मौत के बाद प्रेमिका ने अंतिम संस्कार के समय ही उसके नाम का सिंदूर भरकर हमेशा के लिए उसके परिवार के साथ रहने का फैसला किया।

    कैसे शुरू हुआ रिश्ता
    आंचल नाम की लड़की अपने भाइयों की पहचान के जरिए 20-साल के सक्षम टेटे से मिली थी। घर आने-जाने के दौरान दोनों एक-दूसरे के करीब आए और तीन साल से चुपचाप रिश्ता निभा रहे थे।

    परिवार ने जाति के नाम पर किया विरोध
    जैसे-जैसे रिश्ता मजबूत होता गया, आंचल के परिवार ने दबाव बनाना शुरू कर दिया। परिवार वालों को दोनों की जाति अलग होने पर आपत्ति थी। आंचल को कई बार धमकाया गया, लेकिन उसने सक्षम का साथ नहीं छोड़ा और रिश्ता जारी रखा।

    लड़की के परिवार को शादी की भनक लगी
    जब पिता और भाइयों को पता चला कि आंचल सक्षम से शादी करने वाली है, तो मामला और भड़क गया। उनका गुस्सा इतना बढ़ गया कि उन्होंने युवक को खत्म करने की साज़िश रच दी।

    निर्दयता की हद: पीटा, गोली मारी और पत्थर से कुचला
    गुरुवार को आरोपी सक्षम को पकड़कर ले गए। पहले उसे बुरी तरह पीटा फिर उसके सिर में गोली मारी और बाद में उसका सिर पत्थर से कुचल दिया। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

    अंतिम संस्कार पर प्रेमिका का बड़ा फैसला
    जब सक्षम का अंतिम संस्कार हो रहा था, आंचल वहां पहुंची। उसने सक्षम के शरीर पर हल्दी लगाई। खुद के माथे पर उसका सिंदूर लगाया और उसके मृत शरीर से ही शादी कर ली। उसने सबके सामने कसम खाई कि वह अब अपनी पूरी जिंदगी सक्षम के घर में उसकी पत्नी बनकर ही रहेगी।

    आंचल ने कहा- हमारा प्यार मरकर भी नहीं हारा
    आंचल ने रोते हुए कहा मेरे पिता और भाई हमें अलग नहीं कर पाए। सक्षम भले ही अब इस दुनिया में नहीं है, लेकिन हमारा प्यार अभी भी जिंदा है। उसके हत्यारों को मौत की सजा मिलनी चाहिए।

    पुलिस की कार्रवाई जारी
    पुलिस ने इस हत्या में शामिल छह लोगों के खिलाफ अलग-अलग धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और जांच जारी है।

     

  • Punjab News: बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस पर रखी गई स्पेशल प्रेस कॉन्फ्रेंस, देखें वीडियो

    Punjab News: बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस पर रखी गई स्पेशल प्रेस कॉन्फ्रेंस, देखें वीडियो

    अमृतसर: बीएसएफ के 61वें स्थापना दिवस के मौके पर पंजाब फ्रंटियर की ओर से जेसीपी अटारी में वार्षिक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। इस दौरान बीएसएफ पंजाब फ्रंटियर के आईजी अतुल फुलजले मुख्य अतिथि के तौर पर मौजूद रहे।

    उन्होंने इस दौरान जनवरी 2025 से 30 नवंबर 2025 तक की बीएसएफ की प्रमुख ऑपरेशनल उपलब्धियों के बारे में मीडिया को बताया। आईजी फुलजले ने बताया कि इस दौरान सीमा से 272 ड्रोन जब्त किए गए। इसके जरिए से 367.788 किलो हेरोइन, 19.033 किलो आइस ड्रग, 14.437 किलो स्मैक और 200 किलो अफीम पकड़ी गई।

    इसके अलावा 3625 गोलियां, 265 मैंगजीन और कई तरह के हथियार भी बरामद किए। बीएसएफ ने 251 भारतीय तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। इसमें से 133 मुख्य आरोपी हैं। इसके साथ ही 18 पाकिस्तानी, 4 नेपाली और 3 बांग्लादेशी नागरिक भी गिरफ्तार किए गए हैं।

    घुसपैठ की कोशिश करने वाले 3 पाकिस्तानी घुसपैठियों को भी मार गिराया गया है। आईजी ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान की ओर से भारत में दहशत फैलाने की कोशिशें बढ़ी है परंतु बीएसएफ ने हर कोशिश को मजबूती के साथ नाकाम किया है।

    इस मौके पर उन्होंने फरवरी 2026 में होने वाली मैराथन की घोषणा भी की। यह मैराथन अमृतसर के गोल्डन गेट से शुरु होकर जेसीपी अटारी पर खत्म होगी। इसमें क्रिकेटर अभिषेक शर्मा सहित कई नामी खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

    भारतीय हॉकी टीम के कप्तान शमशेर सिंह भी कार्यक्रम में मौजूद रहे। आईजे फुलजले ने कहा कि यह साल बीएसएफ के लिए खास है क्योंकि बल अपनी हीरक जयंती मना रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब फ्रंटियर सीमा सुरक्षा के साथ-साथ नशे के खिलाफ मुहिम को भी लोगों की मदद से और मजबूत करेगा।

     

  • Punjab News: विक्रम मजीठिया के करीबी हरप्रीत गुलाटी इतने दिनों के विजिलेंस रिमांड पर, देखें वीडियो

    Punjab News: विक्रम मजीठिया के करीबी हरप्रीत गुलाटी इतने दिनों के विजिलेंस रिमांड पर, देखें वीडियो

    मोहालीः अकाली नेता विक्रम सिंह मजीठिया के करीबी शराब कारोबारी हरप्रीत सिंह गुलाटी को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया। जिसके बाद विजिलेंस ने छह दिनों की पुलिस रिमांड हासिल की है। मिली जानकारी के अनुसार शराब व्यापारी हरप्रीत सिंह गुलाटी को आज विक्रम मजीठिया से जुड़े मामले में मोहाली कोर्ट में पेश किया गया है। जहां कोर्ट ने हरप्रीत सिंह गुलाटी को 6 दिन के विजिलेंस रिमांड पर भेजा है।

    आपको बतादें कि विक्रम मजीठिया मामले में शराब व्यापारी हरप्रीत सिंह गुलाटी गवाह है। बताया जा रहा है कि मामला करोड़ों रुपए के लेन-देन का है। इसके अलावा गुलाटी के जरिये पूर्व मंत्री ने हिमाचल के शिमला और दिल्ली में संपत्तियां बनाई थीं। बता दें कि हरप्रीत सिंह गुलाटी को मोहाली के सेक्टर 106 से गिरफ्तार किया गया था।

  • मोक्षदा एकादशी पर न करें ये काम, भगवान विष्णु हो जाएंगे नाराज

    मोक्षदा एकादशी पर न करें ये काम, भगवान विष्णु हो जाएंगे नाराज

    धर्म: हिंदू धर्म में एकादशी की तिथि बहुत ही खास मानी गई है। पूरे साल में 24 एकादशियां होती है। एकादशी को अनुशासन संयम और भक्ति के साथ मनाने के लिए कहा जाता है। यह सिर्फ धार्मिक ही नहीं बल्कि आत्मिक शुद्धि और भगवान विष्णु और देवी लक्ष्मी का आशीर्वाद लेने के लिए भी बहुत ही महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसा माना जाता है कि जो व्यक्ति सच्चे दिल से, पूरे नियम से एकादशी का व्रत करता है उसके पाप दूर होते हैं और जीवन में खुशी, सौभाग्य और समृद्धि आती है। वहीं एकादशी के कुछ नियम भी बताए हैं। इन नियमों का पालन न करने से भगवान विष्णु नाराज हो सकते हैं।

    कल मनाई जाएगी मोक्षदा एकादशी

    हिंदू पंचाग के अनुसार, इस साल मार्गशीर्ष शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि 30 नवंबर यानी की आज रात 9:29 पर शुरु होगी और 1 दिसंबर को शाम 7:01 मिनट तक रहेगी। ऐसे में उदयातिथि के अनुसार, मोक्षदा एकादशी का व्रत 1 दिसंबर को रखा जाएगा।

    लहसुन प्याज न खाएं

    व्रत वाले दिन सादा और सात्विक खाना ही खाएं। इस दिन तामसिक चीजें जैसे कि लहसुन और प्याज जैसी चीजों से परहेज करें। यह आपकी पवित्रता को प्रभावित करेगी ऐसे में इससे बचाव ही करें।

    तुलसी के पत्ते न तोड़ें

    एकादशी वाले दिन तुलसी का पत्ता न तोड़ें और न ही इस दिन तुलसी के पौधे को हाथ भी न लगाएं।

    देर तक न सोएं

    इस दिन आलस को दूर ही रखें। बहुत देर तक सोना या फिर दोपहर में सोना भी इस दिन अवॉइड ही करें। इससे मन की शुद्धता और व्रत की आध्यत्मिक एनर्जी पर भी असर होगा।

    नेगेटिव विचारों से रहें दूर

    व्रत में सिर्फ शरीर ही नहीं बल्कि मन और वाणी का भी शुद्ध होना जरुरी है। इस दिन किसी के लिए कठोर शब्द न बोलें। इसके अलावा किसी का अपमान करना या नेगेटिव सोच आपके व्रत के प्रभाव को कम कर देगी।