Blog

  • Punjab News: कार और बाइक की टक्कर में BSC नर्सिंग-4 के स्टूडेंट की मौत

    Punjab News: कार और बाइक की टक्कर में BSC नर्सिंग-4 के स्टूडेंट की मौत

    लुधियानाः जिले में हंबड़ा रोड पर बाइक और कार में टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इस घटना में बीएससी नर्सिंग-4 के छात्र की सड़क हादसे में मौत हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार मृतक कश्मीरी छात्र 2 दोस्तों के साथ बाइक पर हंबड़ा रोड से जा रहा था। तभी एक स्विफ्ट कार ने उसके बाइक को टक्कर मारी। इस घटना में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक सवार बीच सड़क गिर गए।

    सूचना मुताबिक तीनों युवकों को खून से लथपथ देख राहगीरों ने उन्हें डीएमसी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल के डाक्टरों ने उपचार दौरान मुदारिस अहमद को मृतक करार दे दिया। जबकि उसके दो अन्य साथी ज़ाहिद अहमद और मोमिन अहमद की हालत गंभीर है। जानकारी देते हुए मुदारिस के एक साथी स्टूडेंट ने बताया कि वह सरसवती कालेज में बीएससी नर्सिंग-4 का स्टूडेंट था।

    तीनों स्टूडेंट की पहचान बारामूला के पट्टन निवासी मुदासिर अहमद, बांदीपोरा के ज़ाहिद अहमद और सोपोर के बटिंगू निवासी मोमिन अहमद के रूप में हुई है। मुदासिर का शव लुधियाना के दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। परिवार की पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला से अंतिम संस्कार के लिए उनके पार्थिव शरीर को उनके गृहनगर शीघ्र पहुंचाने की अपील है। इस मामले में संबंधित थाना पुलिस कार ड्राइवर की तलाश में जुट गई है। परिवार की मांग है कि स्विफ्ट कार ड्राइवर को पुलिस जल्द दबोचे।

  • आज का राशिफल 30 जुलाई, 2025

    आज का राशिफल 30 जुलाई, 2025

    आज श्रावण शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि बुधवार का दिन है। षष्ठी तिथि आज रात 2 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। आज देर रात 3 बजकर 40 मिनट तक सिद्ध योग बना रहेगा। आज रात 9 बजकर 53 मिनट तक हस्त नक्षत्र रहेगा। इसके अलावा आज श्री कल्कि जयंती है।

    मेष राशि:आज आपका दिन अच्छा रहेगा। आज नौकरी में उन्नति के अवसर प्राप्त होंगे, धन लाभ के नए स्रोत नजर आ सकते हैं। आज बिजनेस में उत्साह के साथ आर्थिक पक्ष मजबूत रहेगा, आप से प्रतिस्पर्धा करने वालों को कड़ी मेहनत करनी पड़ेगी। आपको परिवार के किसी काम से यात्रा करनी पड़ सकती है। किसी ऐसे व्यक्ति से मुलाकात हो सकती है, जिससे आपको भविष्य में बड़े फायदे हो सकते हैं। आज आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा, खुद को ऊर्जावान महसूस करेंगे।

    वृष राशि:आपके दिन की शुरुआत अच्छी होने वाली है। परिवार में सुख समृद्धि का वातावरण रहेगा। आज पराक्रम और धैर्य की वृद्धि होगी। रोजगार में आपको बड़े मौके मिलेंगे, जिनका लाभ उठाकर आप बढ़िया धन कमायेंगे। किसी सोचे हुए काम की शुरुआत आज करेंगे। बेटे को सफलता मिलने से ख़ुशी का माहौल बनेगा। आपका दांपत्य जीवन सौहार्द से भरा रहेगा। आज किसी ख़ास रिश्तेदार से मिलेंगे। लम्बे समय से चल रही किसी समस्या से आज आपको बढ़िया लाभ मिलेगा।

    मिथुन राशि:आज आपका दिन उत्साह से भरपूर रहेगा। दैनिक जीवन की गतिविधियां अच्छी चलेंगी। आपका मन काम में लगा रहेगा। परिवार के साथ किसी धार्मिक स्थान पर दर्शन के लिए जायेंगे। इस राशि के विवाहित जातकों के लिए आज का दिन काफी अच्छा है। रचनात्मक काम से आपको धन लाभ होगा। आज आपके किसी काम को पूरा होने के बाद सहकर्मियों का आभार व्यक्त करना न भूलें। किसी काम में थोड़ी सी कोशिश करने से ही किस्मत का पूरा सहयोग मिलेगा।

    कर्क राशि:आज का दिन आपके अनुकूल रहने वाला है। आज सारा काम आपके हिसाब से होगा, आपको जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा। मित्रों के साथ किसी खास विषय पर बातचीत होगी, जिससे आपको फायदा हो सकता है। आज भाई बहनों के साथ मौज-मस्ती करेंगे, बाहर घूमने जायेंगे। आज स्वास्थ्य ठीक रहेगा, आपके जरूरी कार्य बनेंगे। बड़ों के आशीर्वाद से आपका दाम्पत्य जीवन मधुर रहेगा। आपको कुछ अच्छे अवसर मिल सकते हैं। कारोबार में सफलता मिल सकती है।

    सिंह राशि:आज का दिन आपके लिए खुशियों की सौगात लेकर आया है। आप खुद को ऊर्जा से भरा महसूस करेंगे। आज आप जिस काम को करेंगे वो समय से पहले पूरा हो जायेगा। इस राशि के इंजीनीयर्स अपने अनुभव का प्रयोग सही दिशा में करेंगे। किसी जरूरी काम में जीवनसाथी की सलाह लेना फायदेमंद रहेगा। प्राइवेट जॉब करने वाले लोगों के लिए आज का दिन अच्छा है। अधिकारियों से खास मामलों पर बातचीत होगी, सरकारी कार्यों में सफलता मिलेगी। लवमेट एक – दूसरे के साथ अच्छे से टाइम स्पेंड करेंगे।

    कन्या राशि:आज आपका दिन ठीक-ठाक रहेगा। आज आपके व्यापारिक मामले में किसी अनुभवी व्यक्ति का साथ मिलेगा। रुका हुआ काम अगर फिर से शुरू करेंगे, तो फायदा हो सकता है। पेंडिंग कार्यों को पूरा करने के लिए अधिक फोकस करना चाहिए, जितना जल्दी हो सके काम को पूरा करने पर ध्यान दें। जीवनसाथी के साथ डिनर करने बाहर जायेंगे इस राशि के कंप्यूटर स्टूडेंट्स के लिए आज का दिन बेहतर है। आप जितनी मेहनत करेंगे आपको उतने ही बढ़िया नतीजे भी मिलेंगे। किसी जरूरतमंद व्यक्ति की मदद करके आपको काफी अच्छा महसूस होगा।

    तुला राशि:आज का दिन आपके लिए बेहद खास है। प्राइवेट ऑफिस में कार्यरत व्यक्तियों को आज पदोन्नति के अवसर प्राप्त होंगे। छात्र आज अपनी पढाई पर अच्छे से फोकस करेंगे, सीनियर्स का साथ मिलेगा। कपड़ा व्यापारियों को अधिक धन लाभ से मन प्रसन्न रहेगा। वैवाहिक जीवन में सुख सौहार्द की बढ़ोतरी होगी, परिवार में सम्पन्नता रहेगी। आज आप अपनी गलतियों से सीखकर आगे बढ़ेंगे, जो आपके भविष्य के लिए अच्छा होगा। बच्चों के साथ बाहर घूमने जायेंगे उनको बहुत आनंद आएगा।

    वृश्चिक राशि:आज का दिन आपके लिए शुभ है। आज व्यापार में आपको बढ़िया लाभ मिलेगा। आज नौकरी करने वाले लोगों को पदोन्नति मिलने से ख़ुशी होगी। नया वाहन लेने का विचार परिवार जनों से करेंगे। सरकारी कर्मचारियों को प्रमोशन मिलने के चांस बन रहे हैं। पारिवारिक सुख सौहार्द बना रहेगा, संतान से सुख मिलेगा। समाज में लोगों से अच्छा ताल-मेल बनेगा। अधिक भरोसा करके किसी से अपनी बातें शेयर न करें। प्रतियोगी परीक्षा के परिणाम आपके पक्ष में होंगे।

    धनु राशि:आज आपका दिन अच्छा रहेगा। ऑटोमोबाइल कम्पनी में काम करने वाले व्यक्तियों को आज आर्थिक लाभ होगा। लवमेट अपने रिश्ते की बात घरवालों से करेंगे, परिवार का सहयोग मिलेगा। आज ससुराल पक्ष से मांगलिक आयोजन की सूचना मिल सकती है, जिसमें आप शामिल होंगे। आज आपको कार्यक्षेत्र में सफलता मिलेगी। छात्रों को पढ़ाई में थोड़ी ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। आज आप अनावश्यक खर्च करने से बचें, आर्थिक स्थिति अच्छी रहेगी। परिवार में धार्मिक कार्य होने से आपकी व्यस्तता बढ़ सकती है।

    मकर राशि:आज आपका दिन खुशियों से भरा रहेगा। बच्चों की तरफ से शुभ समाचार मिलेगा, घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा। दाम्पत्य जीवन में आपसी सामंजस्य बना रहेगा। रोजमर्रा के कामों में व्यस्तता बनी रहेगी, कारोबार में रुका हुआ पैसा वापस मिल सकता है। आज आप बाहर घूमने जायेंगे और कुछ नए दोस्त बनायेंगे, जो किसी काम में आपकी हेल्प करेंगे।

    कुम्भ राशि:आज आपका दिन नया बदलाव लाने वाला है। आज व्यापारिक गतिविधियों में आपको बड़ी सफलता मिलेगी। कोर्ट-कचहरी का फैसला आज आपके पक्ष में आ सकता है। आज घरेलू जरूरत की चीजों की खरीददारी हो सकती है। आज आप परिवार के साथ कहीं पिकनिक मनाने जा सकते है। आप जो भी काम करने की सोचेंगे, उसे लेकर पॉज़िटिव नज़रिया रखने से सब काम अच्छे से होंगे। काम के साथ – साथ अपनी सेहत का भी ख्याल रखें। किसी रिश्तेदार के आने की खुशी में घर का माहौल खुशनुमा बना रहेगा।

    मीन राशि:आज आपका दिन शानदार रहेगा। आज आपको व्यापार में बढ़िया धन लाभ होगा, भौतिक सुख – सुविधाओं की बढ़ोतरी होगी। छात्र आज किसी खेल प्रतियोगिता में हिस्सा ले सकते हैं। इस राशि के जॉब कर रहे लोगों के लिए अच्छे ऑफर्स आने के योग बन रहे हैं। घर में खुशी का माहौल बनेगा। संतान पक्ष से आज आपको खुशी मिल सकती है। आप अपनी बेहतर सोच से हालात को संभालने में सफल रहेंगे। जीवनसाथी के साथ आज आपका तालमेल बढ़िया रहेगा।

  • चावल छोड़ें, सेहत पाएं – शुगर, मोटापा और Cholesterol सब होगा कंट्रोल में

    चावल छोड़ें, सेहत पाएं – शुगर, मोटापा और Cholesterol सब होगा कंट्रोल में

    Health: आपका सवाल बहुत अच्छा है, और आज के समय में डायबिटीज (शुगर), कोलेस्ट्रॉल और मोटापे से जूझ रहे लोगों के लिए यह जानना ज़रूरी है कि कौन-सी चीजें चावल की जगह खाई जा सकती हैं जो सेहत के लिए बेहतर हों। चावल की जगह आप निम्नलिखित विकल्पों को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं: 1. ब्राउन राइस (Brown Rice):
    • फाइबर से भरपूर होता है
    • शुगर धीरे-धीरे बढ़ाता है (Low Glycemic Index)
    • वजन कम करने में मदद करता है
    2. क्विनोआ (Quinoa):
    • हाई प्रोटीन और फाइबर
    • कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करता है
    • डायबिटिक लोगों के लिए बहुत अच्छा विकल्प
     3. बाजरा (Millets – जैसे कि रागी, ज्वार, बाजरा):
    • कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स
    • लंबे समय तक पेट भरा रहता है
    • वजन घटाने और हार्ट हेल्थ के लिए फायदेमंद
     4. दलिया (Broken Wheat/Dalia):
    • फाइबर में हाई
    • डायजेशन बेहतर करता है
    • वजन और शुगर कंट्रोल में मददगार
     5. ओट्स (Oats):
    • बीटा-ग्लूकन नामक फाइबर होता है जो कोलेस्ट्रॉल कम करता है
    • ब्लड शुगर धीरे बढ़ाता है
     6. कटी हुई सब्जियों के साथ लो-कार्ब रोटी/थाली (Low-Carb Veg Plate):
    • यदि आप चावल की आदत छोड़ना चाहते हैं तो मिक्स वेजिटेबल के साथ बेसन या सोयाबीन की रोटी खा सकते हैं

     सलाह:

    • सफेद चावल (White Rice) रिफाइंड होता है, जिससे शुगर तेजी से बढ़ती है और वजन बढ़ता है।
    • ऊपर बताए गए विकल्प धीरे पचते हैं, जिससे ब्लड शुगर और वजन दोनों कंट्रोल में रहते हैं।
  • Punjab में बैलों की दौड़ शुरू करने पर CM का हुआ सम्मान

    Punjab में बैलों की दौड़ शुरू करने पर CM का हुआ सम्मान

    11 साल बाद पंजाब में फिर शुरु हो रही है बैलों की दौड़ – CM Mann

    लुधियाना: पंजाब में कानूनी बंधनों के कारण लुप्त हो रही विरासती ग्रामीण खेलों को पुनर्जनन का ऐलान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि राज्य सरकार विरासती खेलों को प्रफुल्लित करने के लिए सभी कानूनी बाधाएं हटाएगी ताकि हमारे महान खेल विरासत की प्राचीन शान बहाल की जा सके। राज्य में बैल दौड़ को फिर से शुरू करने के लिए पंजाब विधानसभा में कानून पास करने के लिए बड़ी संख्या में विरासती खेल प्रेमियों द्वारा मुख्यमंत्री का सम्मान किया गया।

    इस अवसर पर सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बैलगाड़ी दौड़ केवल मनोरंजन का साधन नहीं हैं, बल्कि ये दौड़ें ग्रामीण विरासत की व्याख्या करती हैं। प्राचीन काल से ही पंजाब में बैलगाड़ी दौड़ आयोजित की जाती रही हैं और ये पंजाबियो को संस्कृति और विरासत से जोड़े रखती हैं।

    भगवंत सिंह मान ने कहा कि प्रथम पातशाह श्री गुरु नानक देव जी ने करतारपुर साहिब में लंबे समय तक बैलों के साथ खेती की थी। बैल दौड़ पर प्रतिबंध लगाने वाले कानून लागू होने से जहां विरासती खेल प्रेमियों को बड़ा झटका लगा था, वहीं हमारी पारंपरिक खेल विरासत को भी ठेस पहुंची थी। पंजाबियों द्वारा दौड़ शुरू करने के लिए कानून लाने की लगातार मांग की जा रही थी।

    11 जुलाई, 2025 को ‘पंजाब विधानसभा में पशु क्रूरता निवारण (पंजाब संशोधन), 2025’ को सर्वसम्मति से पास किया गया। यह कानून जहां पंजाब की देसी पशु नस्लों को बचाने में मदद करेगा, वहीं बैलगाड़ी दौड़ फिर से शुरू करने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने बताया कि भारत के राष्ट्रपति द्वारा इस कानून को मंजूरी दी जानी है, जिसके बाद बैल दौड़ आयोजित की जा सकेंगी।

    नए कानून का जिक्र करते हुए भगवंत सिंह मान ने बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य खेलों में भाग लेने वाले पशुओं के लिए सुरक्षा उपाय, पशुओं की पशु चिकित्सा निगरानी, सुरक्षा मानदंड, पंजीकरण और दस्तावेजीकरण के अलावा उल्लंघन के लिए जुर्माने की व्यवस्था करना है ताकि मूक प्राणियों को किसी भी प्रकार के अत्याचार का सामना न करना पड़े। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य सरकार द्वारा कबूतर बाजी को फिर से शुरू करने की संभावनाएं भी तलाशी जाएंगी।

    गांव किला रायपुर में होने वाले खेलों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि 1933 में शुरू हुए इन खेलों को “मिनी ओलंपिक” या “ग्रामीण ओलंपिक” कहा जाता है। उन्होंने कहा कि इन खेलों की चर्चा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हो चुकी है। इन खेलों को बीबीसी और डिस्कवरी जैसे बड़े चैनलों ने कवर किया है और यहां तक कि देश के राष्ट्रपति भी इन खेलों को देखने आते रहे हैं।

  • आढतियों के लिए राहत: पंजाब सरकार मंडियों में प्लाटों और दुकानों के बकाए पर जल्द लायेगी OTS स्कीम

    आढतियों के लिए राहत: पंजाब सरकार मंडियों में प्लाटों और दुकानों के बकाए पर जल्द लायेगी OTS स्कीम

    चंडीगढ़: राज्य के आढ़तियों के लिए राहत की खबर सामने आई है। पंजाब सरकार राज्य भर की अनाज मंडियों में आढ़तियों को अलॉट दुकानों और प्लाटों पर ब्याज और जुर्माने के बोझ को घटाने के लिए एकमुश्त- निपटारा (ओटीऐस) नीति लेकर आयेगी। जिसका ऐलान कृषि और किसान कल्याण मंत्री स. गुरमीत सिंह खुड्डियां ने किया।

    स. गुरमीत सिंह खुड्डियां धान और अन्य खरीफ फसलों की खरीद को और ज्यादा सुचारू बनाने के लिए गठित मंत्री समूह के प्रमुख हैं। पंजाब मंडी बोर्ड की ओ.टी.एस. स्कीम के साथ बड़ी संख्या आढ़तियों को लाभ होने की उम्मीद है, जिससे उनकी वित्तीय स्थिरता बढ़ेगी और पंजाब में कृषि क्षेत्र के समूचे विकास में योगदान पड़ेगा।

    इस अवसर पर उपस्थित आढ़तियों ने बताया कि मंडियों में फसल लोडिंग की दरों में कई वर्षों से कोई वृद्धि नहीं की गई है। उन्होंने इसमें वृद्धि की मांग की, जिस पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निदेशक वरिंदर कुमार शर्मा ने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है और जल्द ही अधिसूचना जारी की जाएगी।

    गौरतलब है कि मुख्यमंत्री मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने खरीफ फसलों की सुचारू खरीद सुनिश्चित करने के लिए एक मंत्री समूह का गठन किया है, जिसमें कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुड़ियां चेयरमैन हैं और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामलों के मंत्री लाल चंद कटारूचक्क, परिवहन मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर और जल संसाधन मंत्री बरिंदर कुमार गोयल इसके सदस्य के रूप में शामिल हैं।

  • ऊना बाजार में जर्जर भवन गिरा, लोगों में दहशत

    ऊना बाजार में जर्जर भवन गिरा, लोगों में दहशत

    ऊना/सुशील पंडित: ऊना नगर निगम के अंतर्गत आते मेन बाजार में सुबह हो रही भारी बारिश के चलते वार्ड नंबर 6 में स्थित एक पुराना और जर्जर भवन अचानक गिर गया। इस हादसे में एक स्कूटी चालक ने भाग कर जान बचाई, जबकि स्कूटी मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गई।

    स्थानीय निवासियों ने बताया कि यह भवन लंबे समय से बेहद खस्ताहाल स्थिति में था और स्थानीय लोग बार-बार प्रशासन को इसकी सूचना दे चुके थे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

    स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने पूर्व में कई बार नगर निगम को लिखित प्रार्थनाएं दीं, जिसमें भवन को गिराने की मांग की गई थी। लेकिन प्रशासन की अनदेखी अब जानलेवा बनती जा रही है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते चेत जाता, तो यह हादसा रोका जा सकता था।

    घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जर्जर हो चुके सभी भवनों की तुरंत पहचान कर उन्हें गिराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।

    जानकारी मिलने पर नगर निगम ऊना के आयुक्त महेन्द्र पाल गुर्जर मौके पर पहुंचे। एडीसी महेंद्र पाल गुर्जर ने कहा कि जल्द ही इन भवनों को डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट के तहत गिराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी और इस मामले को गंभीरता से जिला प्रशासन के समक्ष उठाया जाएगा।

  • नरसेवा-नारायण सेवा समिति ने खेड़ा स्कूल में लगाया लंगर

    नरसेवा-नारायण सेवा समिति ने खेड़ा स्कूल में लगाया लंगर

    सभी बच्चों ने ग्रहण किया दिन का भोजन

    बद्दी/सचिन बैंसल: नरसेवा-नारायण सेवा समिति  ने  खेडा में एक लंगर शिविर आयोजित किया जिसमें 950 से अधिक छात्र, छात्राओं ने भोजन का आनन्द लिया। संस्था के संरक्षक देवव्रत यादव ने बताया कि संस्था हर माह संस्था की ओर से  लंगर लगाती रहती है। मंगलवार को  खेड़ा के सरकारी स्कूल में सभी छात्रों के लिए लंगर आयोजित किया। लंगर लगाने से पहले समिति ने स्कूल के प्रधानाचार्य से इसके लिए अनुमति ली। घर जैसा खाना खाने के बाद  छात्र व छात्राएं  बहुत खुश मुद्रा ने नजर आये। समिति के संयोजक राधा गोबिंद मंत्री ने कहा कि  बच्चे भगवान का रूप हैं और लंगर खाने  के बाद बच्चे  हमारी पुरातन संस्कृति जिसमें कहा गया है कि बच्चे भगवान का रूप हैं वह चारितार्थ हो रही थी और ऐसा अनुभव हो रहा था कि बच्चों की खुशी में भगवान का आशीर्वाद छिपा है।

    विद्यालय के प्रधानाचार्य ने इस पुण्य कार्य के लिए नरसेवा-नारायण सेवा समिति  के अध्यक्ष विष्णु शर्मा, उपाध्यक्ष परमवीर चौहान, सचिव अनुपम शर्मा, कोषाध्यक्ष व संयोजक राधा गोविन्द मन्त्री, महिला प्रमुख प्रेमलता भावसार, महिला आयोजक पार्वती मन्त्री, ईएसआई शाखा प्रबन्धक अभिनव गुप्ता, संस्था के संरक्षक देवव्रत यादव का आभार  जताया। इस अवसर पर बजाज एलायन्स इन्श्योरेन्स के ब्रान्च मैनेजर देव कुमार, विकास अधिकारी मुकेश वर्मा, गौरव ताकुर, संग्राम ठाकुर, विशाल ठाकुर, अनिल शर्मा एवं सचिन ने लंगर सेवा में बढ़चढ़ कर भाग लिया।

  • Manicure करवाना पड़ा भारी, नाखूनों से शरीर में गया Dangerous Virus

    Manicure करवाना पड़ा भारी, नाखूनों से शरीर में गया Dangerous Virus

    सेहत: अपने नाखूनों को सुंदर बनाने के लिए लड़कियां क्या-क्या नहीं करती। हाथों में मैनीक्योर करवाती हैं। नेल्स की शेप बनाती हैं और सुंदर-सुंदर नेल आर्ट करवाती हैं परंतु यदि वही नेल आर्ट्स या मैनीक्योर आपके लिए प्रॉबल्म बन जाए तो क्या होगा। ऐसा ही 23 साल की लड़की के साथ हुआ है। मैनीक्योर करवाना उस उस समय महंगा पड़ा जब नाखून में ऐसा वायरस चला गया जो यौन संचारित संक्रमण का कारण बन सकता है। लड़की ने बताया कि 1 जून 2023 को वो ऐक्रेलिक नेल मैनीक्योर करवाने के लिए पोर्टलैंड के सैलून में गई थी। इस दौरान उसको संक्रमण हो गया।

    उंगलियों में पड़े छाले

    हालांकि यह सिंपल ब्यूटी सर्विस थी। इसकी कीमत आमतौर पर 5-6 हजार के बीच होती है जिसके परिणामस्वरुप कथित तौर पर एसटीआई हर्पीज वायरस का संक्रमण हुआ है। मैनीक्योर करवाने के लिए गई इस लड़की को कुछ घंटे के बाद ही दाहिनी तर्जनी उंगली पर सूजन महसूस होने लग गई और वह बीमार महसूस करने लग गई। 4 दिन केे बाद जब उसकी उंगलियों में दर्दनाक छाले पड़ गए तो वह डॉक्टर के पास गई। उसकी उंगलियों की हालत देखकर डॉक्टर्स ने उसके घावों से स्वाब लिया और उसके छालों के नमूने लेकर टेस्टिंग के लिए भेज दिए। टेस्टिंग से उन्हें यह पता चला कि उसको हर्पेटिक व्हाइटलो संक्रमण हो गया था। यह हर्पीज सिम्प्लेक्स वायरस के कारण होने वाला उंगली का इंफेक्शन है। यह एक सामान्य वायरस है जो अमेरिका में एक लाख लोगों में करीबन 3 को ही प्रभावित करता है। इसके कई प्रकार हैं जिसमें एएसवी-1 (HSV-1) जो ओरल हर्पीज और कोल्ड कोर का कारण बनता है। वहीं एचसीवी-2 (HSV-2) जेनिटल हर्पीज का कारण बनेगा हालांकि यह साफ नहीं है कि महिला को कौन से प्रकार का इंफेक्शन हुआ था। आमतौर पर संक्रमित लार और जननांग लिक्विड के जरिए से फैलने वाला हर्पेटिक व्हाइटलो इंफेक्शन शेयर किए जाने वाले नेल इक्यूरमेंट या मेडिकल इक्यूपमेंट जैसी दूषित चीजों के जरिए से भी फैल सकता है। इसका कोई भी इलाज नहीं है। इसके चलते घाव और छाले हो सकते हैं। यह संक्रामक संक्रमण अक्सर उंगलियों के सिरे या नाखूनों के आस-पास दर्दनाक छाले, सूजन और लालिमा जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। इसके अलावा यह बुखार और लिम्फ नोड्स में सूजन पैदा हो सकते हैं। संक्रमण के शुरुआती चरण में आपकी उंगली में दर्द और झुनझुनी महसूस होती है। इसके चलते कुछ दिनों में आपके नाखून के पास छाले बन सकते हैं। इससे त्वचा कोमल और सेंसिटिव हो जाती है। जैसे-जैसे इंफेक्शन बढ़ता है, सूखने लगता है और ठीक हो जाता है तो उस दौरान त्वचा पर पपड़ी सी बन जाती है। हर्पेटिक व्हाइटलो के ज्यादातर मामलों में एक उंगली प्रभावित होती है पर इंफेक्शन की गंभीरता के आधार पर दूसरी उंगलियों में भी यह इंफेक्शन फैल सकता है। डॉक्टर वैसे तो घाव की उपस्थिति और रोगी के लक्षणों के आधार पर हर्पेटिक व्हाइटलो का ट्रीटमेंट कर सकते हैं। वैसे तो हर्पेटिक व्हाइटलो संक्रमण आमतौर पर खुद ठीक हो जाता है परंतु इस प्रक्रिया में मदद के लिए एंटीवायरल दवाईयों की जरुरत भी हो सकती है।    
  • सरकार केवल कागजी घोषणाएं करने में व्यस्त, आपदा से घोर संकट में है जनता: जयराम ठाकुर

    सरकार केवल कागजी घोषणाएं करने में व्यस्त, आपदा से घोर संकट में है जनता: जयराम ठाकुर

    -मंडी जेल रोड में हुई बादल फटने की घटना के बाद मौके का जायजा लेकर प्रदेश सरकार के राहत कार्यों को लेकर उठाए गंभीर सवाल
     
     बोले, राजनीति का नहीं जबाबदेही का समय*
     
    ऊना/सुशील पंडित: जिला मंडी में लगातार हो रही बादल फटने की घटनाओं ने 1500 करोड़ से अधिक का नुकसान एक माह के अंदर ही कर दिया है। 50 लोग एक माह के भीतर ही आपदा का शिकार  हो चुके हैं जिससे मंडी बेहद सदमे में है। लोगों को बारिश शुरू होते ही अब सब काम छोड़ अपना जीवन बचाने के लिए भागना पड़ रहा है। हम सराज की आपदा से अभी उबरे ही नहीं हैं तो आज मंडी शहर के अंदर ही इतनी भयंकर बारिश रात को हुई कि जान बचाना मुश्किल हो गया। पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मंडी के जेल रोड में हुई बादल फटने की घटना के बाद यहां दौरा कर मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि मंडी शहर के जेल रोड में बादल फटने की घटना से अभी तक तीन लोगों की मौत हो चुकी है जबकि एक व्यक्ति की टांगें टूट गई हैं। करीब 50 से अधिक गाड़ियों के मलबे में दबे होने की आशंका है।
    मैं यहीं सामने रात को दिल्ली से आने के बाद विश्राम गृह में रुका था तो सुबह 5 बजे जब देखा कि सामने भारी तबाही हो रही है तो मंजर देख हैरान रह गया। जहां कोई नई कंस्ट्रक्शन भी नहीं हुई है उस नाले में इतना पानी और मलबा आया कि लोगों को जान बचाना मुश्किल हो गया। मैंने मौके पर पहुंच कर हालात का जायजा लिया और हालात चिंताजनक पाए।
    जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर राहत कार्यों को लेकर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार केवल घोषणाएं करने में व्यस्त है, लेकिन धरातल पर कोई ठोस कार्य नहीं दिख रहा है। आपदाओं से प्रभावित लोगों को अब तक राहत राशि नहीं मिल पाई है। पिछले तीन वर्षों से प्रदेश में लगातार बारिश और प्राकृतिक आपदाएं भारी तबाही मचा रही हैं। कई लोगों ने अपने घर, जमीन और रोजगार गंवाए हैं, लेकिन सरकार इस दिशा में अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा सकी है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2023 के बाद केंद्र सरकार ने प्रदेश को आपदा राहत के लिए 5 हजार करोड़ रुपए से अधिक की सहायता प्रदान की है। इसके बावजूद प्रभावित परिवारों को राहत नहीं मिल पाई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।
    जयराम ठाकुर ने सरकार से आग्रह किया है कि वह सिर्फ भाषणों और घोषणाओं तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों तक राहत पहुंचाने के लिए ठोस और पारदर्शी कार्य योजना लागू करे। उन्होंने कहा कि सराज विधानसभा सभा क्षेत्र में आपदा प्रभावित लोगों को अभी 2 हजार और 5 हजार रूपए की नगदी फौरी राहत के तौर पर थमाई गई है। लोग अभी भी राहत का इंतजार कर रहे हैं।
    जिला प्रशासन राहत कार्यों में अपने संसाधनों से बेहतर काम करने में जुटा है लेकिन इन्हें भी बजट जारी न कर लाचार कर दिया है। मामूली राहत बांटने के लिए भी मुख्यमंत्री और मंत्री के दौरे का इंतजार किया जा रहा है जबकि मुख्यमंत्री बिना हेलीकॉप्टर कहीं जाते नहीं हैं। ये सामान्य स्थिति नहीं है। आपदा में तत्त्परता से काम करने और संवेदनशील होकर जनता का दुःख दर्द सुनने का काम होना चाहिये लेकिन यहां तो मंत्रियों के ये हाल हैं जिनके पास राजस्व विभाग है और आपदा प्रबंधन का जिम्मा है वो 27 दिन बाद सराज पहुंचे और फिर  लोगों की भावनाओं से खेल रहे हैं। ये कतई स्वीकार्य नहीं है। सरकार राजनीति छोड़ आपदा प्रबंधन पर फोकस करें। मैं अपना काम कर रहा हूँ। मैं केंद्रीय नेतृत्व से जो मदद चाहिये उसके लिए दिल्ली जाकर आया हूँ।
    प्रधानमंत्री जी ने समय देकर हमारी पूरी बात सुनी है और भरपूर मदद का भरोसा दिया है। ये समय अब एक दूसरे के खिलाफ भड़ास निकालने और पुरानी बातें कुरेदने का नहीं है। मेहरबानी करके लोगों का जीवन बचायें और जो लोग संकट में हैं उनके मददगार बनें।  इस दौरान उन्होंने उपायुक्त मंडी अपूर्व देवगन को निर्देश दिये और सभी प्रभावित परिवारों की मदद करने को कहा। उन्होंने विधायक अनिल शर्मा, जिलाध्यक्ष भाजपा निहाल चंद,  मेयर वीरेंद्र भट्ट और स्थानीय पार्षद हरदीप राजा के साथ पूर्व पार्षद कृष्णा देवी के घर जाकर उन्हें सांत्वना दी और उनका कुशलक्षेम जाना। इस परिवार के तीन सदस्यों की यहां मलबे में डूबने और पानी में बहने से मौत हुई जबकि इनका बेटे की टांग टूट गई है।
    किन्नौर में ही भाजपा नेताओं का विरोध और हमला क्यों
    राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी के सराज के थुनाग दौरे के दौरान उन्हें काले झंडे दिखाने के मामले में उन्होंने मीडिया के सवाल पर कहा कि मैं दिल्ली दौरे पर था। विवाद में रिकांगपिओ में एक कांग्रेस नेता द्वारा अब सरेआम आपत्तिजनक बयान देकर आग में घी डालने का काम किया है। ऐसे लोग जिनकी मानसिकता दूषित है, उनके बयानों को कोई महत्व नहीं देना चाहिए। इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करना उनकी विकृत सोच को दर्शाता है।
    उन्होंने कहा कि भगवान ऐसे लोगों को सद्बुद्धि दे। वहीं जयराम ठाकुर ने थुनाग में राजस्व मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज होने पर प्रदेश सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सराज के थुनाग में प्रदर्शन के दौरान महिलाओं के साथ पुलिस ने दुर्व्यवहार किया, जिसका वीडियो भी मौजूद है। इसके बावजूद 62 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर नई-नई धाराएं जोड़ी जा रही हैं। उन्होंने सरकार को याद दिलाते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री होते हुए पूर्व सीएम प्रेम कुमार धूमल रिकांगपिओ गए थे तो उनका काफिला भी रोका गया और गाड़ी के आगे काले झंडे दिखाए गए। ऐसी ही घटना पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर के साथ 15 अगस्त को भी पेश आई थी। राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान का सर्वोच्च दिन पर भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा उन्हें काले झंडे दिखाए गए। ऐसी ही घटना  मंत्री रही सरवीन चौधरी के साथ सरकारी बैठक में सामने आई है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के लोगों ने काजा में मेरी गाड़ी को तोड़ने और पलटने तक की कोशिश की। वो किसके इशारे पर हुआ सब जानते हैं। उन्होंने प्रदेश सरकार से सवाल किया है कि क्या इन मामलों में एफआईआर दर्ज हुई क्या जबकि हमने शिकायत दी थी।
    जयराम ठाकुर ने कहा कि बीते कल कांग्रेस नेता का आपत्तिजनक वीडियो मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुख्खू को भेजा है और मुख्यमंत्री से इस व्यक्ति के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज कराने की उम्मीद जताई है। इस व्यक्ति ने शांति को भंग किया है और ये कानून के दायरे में आता है। इसलिए इसमें एफआईआर दर्ज होना चाहिए। मैं फिर कह रहा हूँ ये लोग आपदा में कुछ नहीं कर पा रहे हैं और पीड़ित जनता का आक्रोश देख और मंडी में आई आपदा देख ये न तो काम करने को राजी हैं और न इनकी नियत सही है। ये समय राजनीति का नहीं जनता के जख्मों पर मरहम लगाने का है।
  • काठा अस्पताल में मरीजों को सुविधाएं न मिलने पर भड़के कामगार नेता

    काठा अस्पताल में मरीजों को सुविधाएं न मिलने पर भड़के कामगार नेता

    ईएसआईसी के महानिदेशक को लिखा पत्र, शीघ्र सुनवाई न होने से आंदोलन होगा शुरू

    बद्दी/सचिन बैंसल: आईआईसी अस्पताल काठा में मजूदरों को स्वास्थ्य सेवाएं न मिलने पर कामगरों में रोष व्याप्त है। यहां से मरीजों को केवल रैफर किया जाता है। यहां पर रखी मशीने खराब पड़ी है। कामगार रोगियों को इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। भारतीय मजदूर के मंडल अध्यक्ष ने निगम के महानिदेशक को पत्र लिखा है।
    पत्र के माध्यम से मंडल अध्यक्ष शिवम चंदेल ने बताया कि मजदूरों का मासिक वेतन से चन्दा काटकर ई. एस. आई में जमा होता है। लेकिन जब पंजीकृत मजदूर या उसके परिजन बीमार होते हैं तो वे ई. एस. आई. डिस्पेन्सरी, अस्पताल आदि से अपना सम्पूर्ण मुफ्त इलाज कराने के हकदार होते हैं।  लेकिन  ईएसआई मॉडल ह एक मात्र रेफरल डिस्पेन्शरी के कार्य के अतिरिक्त कुछ भी नहीं कर रहा है तो सरकार गरीब मजदूरों के वेतन से कटे खून पसीने की कमाई को इस अस्पताल के मैनेजमेन्ट पर क्यूँ खर्च कर रही है।  इस अस्पताल में अल्ट्रासाउण्ड भी नहीं होते और हड्डियों की टूट-फूट के लिए आनलाइन एक्सरे मशीन भी 8-10 महीनों से बन्द पड़ी है। जब से यह अस्पताल शुरू हुआ है तब से आज तक इस अस्पताल में लाखों रूपये से निर्मित एचडीयू चालू नहीं हो सका है।

    अस्पताल में व्हील चेयर भी टूटी फूटी अवस्था में 2-3 बची है। बेडों पर रेलिंग भी नहीं लगी हुई हैं । डेढ़ वर्ष से भी अधिक का समय बीत चुका है आपरेशन थियेटर में ओर्थों के आपरेशन के लिए लगी सी.आ एम. मशीन भी खराब पड़ी है पिछले डेढ़ वर्ष में अस्पताल में कोई भी मेजर आपरेशन नहीं हो रहे हैं। आख एवं नाक, कान व गला के विशेषज्ञ तैनात होने के बावजूद इन विभागों से सम्बन्धित बड़ी सर्जरी भी नहीं की जा रही है। सकेंडरी केयर उपचार के लिए हिमाचल में कोई भी टाईअप अस्पातल नहीं है। जिससे बीमार कामगारों को बाहरी राज्यो में जाना पड़ रहा है। भारतीय मजदूर संघ ने चेतावनी दी है कि अगर यह  सुविधाएं अस्पातल में शुरू नहीं हुई तो उन्हें मजबूर हो कर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ेगा। जिसकी जिम्मेदारी ईएसआईसी अस्पताल प्रशासन की होगी।