Blog

  • हाल ए बेहाल अस्पताल! मरीज को दिए खाने में निकले कीड़े, वीडियो वायरल

    हाल ए बेहाल अस्पताल! मरीज को दिए खाने में निकले कीड़े, वीडियो वायरल

    ऊनाः हिमाचल प्रदेश के ऊना स्थित क्षेत्रीय अस्पताल की बड़ी लापरवाही सामने आई है। जहां इलाज के लिए आए मरीजों को उस समय दोहरा झटका लगा, जब उन्हें सरकारी कैंटीन से परोसे गए खाने में कीड़े मिले। दरअसल, देर रात मरीजों को परोसी गई दाल में कीड़ा पाए जाने से अस्पताल प्रशासन व स्वास्थ्य विभाग में हडक़ंप मच गया। इस घटना से न केवल अस्पताल की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं, बल्कि मरीजों व उनके परिजनों में भी गहरा रोष व्याप्त है। मामले को लेकर एक मरीज ने स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दर्ज करवाई है।

    मरीज द्वारा रिकॉर्ड किया गया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। बता दें कि क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में स्वास्थ्य लाभ ले रहे मरीजों के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा ब्रेकफास्ट, लंच व डिनर की व्यवस्था की जाती है। इसके लिए विभाग द्वारा बकायदा ठेकेदार को टेंडर दिया गया है। सोमवार रात्रि भी प्रतिदिन की भांति मरीजों को डिनर दिया गया। इस दौरान मरीजों को दी जा रही दाल में कीड़ा निकल गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है।

    अस्पताल प्रशासन की ओर से बताया गया कि मरीजों को दिया जाने वाला खाना एक निजी ठेकेदार के माध्यम से तैयार कराया जाता है। क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के मेडिकल एमएस डॉ. संजय मनकोटिया ने बताया कि हमें शिकायत प्राप्त हुई है कि खाने में कीड़ा निकला है। वीडियो और शिकायत की जांच की जा रही है। खाना तैयार करने वाले ठेकेदार से पूछताछ की जा रही है और यदि उसकी लापरवाही पाई गई तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

     

  • फ्री में Smartwatch पाने का मौका, बस पूरा करना होगा ये Challenge

    फ्री में Smartwatch पाने का मौका, बस पूरा करना होगा ये Challenge

    टेकः अगर आप भी फ्री में स्मार्टवॉच पाना चाहते है तो यह खबर आपके लिए है। जी हां Samsung लोगों को फ्री में स्मार्टवॉच देगा। लेकिन इसके लिए आपको एक छोटा सा चैलेंज पूरा करना होगा। कंपनी एक बार फिर अपना Walk-a-thon फिटेनस चैलेंज वापस लेकर आ गई है। सैमसंग के फिटनेस फोकस कैंपेन के तीसरे एडिशन के लिए रजिस्ट्रेशन ओपन हो गए हैं। कंपनी के इस कैंपेन का उद्देश्य भारतीयों को एक्टिव लाइफस्टाइल के लिए प्रोत्साहित करना है। अगले महीने की शुरुआत यानी 1 अगस्त से Samsung का यह चैलेंज शुरू हो जाएगा। इसके लिए यूजर आसानी से रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन करने का प्रोसेस बहुत आसान है।

    क्या है चैलेंज?
    Samsung ने अपने भारतीय यूजर्स के लिए फिटनेस चैलेंज की डेट अनाउंस कर दी है। यह कैंपेन 1 अगस्त से 30 अगस्त तक चलेगा। इसके लिए रजिस्ट्रेशन ओपन हो गए हैं। चैलेंज के तहत लोगों को 30 दिन के भीतर यानी 1 अगस्त से 30 अगस्त के बीच 2 लाख स्टेप्स पूरे करने होंगे। अगर हम हर दिन का हिसाब लगाएं तो आपको एक दिन में 7 हजार से भी कम स्टेप्स चलने होंगे। किसी भी व्यक्ति के लिए यह कर पाना कोई मुश्किल काम नहीं है। आप Samsung Health App के जरिए इस चैलेंज में शामिल हो सकते हैं। हालांकि, ध्यान रखें यह ऐप केवल सैमसंग गैलेक्सी स्मार्टफोन यूजर्स के लिए उपलब्ध है।

    ये मिलेंगे रिवॉर्ड
    कंपनी के इस चैलेंज को पूरा करने वालों को गारंटी रिवॉर्ड दिए जाएंगे। इसके साथ ही, ड्रॉ के तहत सिलेक्ट किए गए तीन लोगों को कंपनी की नई Galaxy Watch8 भी मिलेगी। इतना ही नहीं, चैलेंज पूरा करने वालों को गैलेक्सी वॉच8 के लिए 15 हजार रुपए तक के डिस्काउंट वाउचर भी दिए जाएंगे।

    रिवॉर्ड के लिए क्लेम करने का तरीका
    सैमसंग हेल्थ ऐप के जरिए आप इस चैलेंज के एनरोल कर सकते हैं। ऐप में दिए गए लाइवबोर्ड के जरिए प्रतिभागी की प्रोग्रोस को देखा जा सकेगा। स्टेप्स पूरे करने के बाद आपको सैमसंग मेंबर ऐप पर लॉग इन करना होगा। रिवॉर्ड रिडीम करने के लिए ऐप पर 5 सितंबर से 30 सितंबर के बीच लॉग इन करना होगा। इस तरह यूजर्स स्टेप्स पूरे करके न सिर्फ अपनी फिटनेस पर ध्यान देंगे बल्कि फ्री में स्मार्टवॉच भी जीत सकते हैं।

  • Punjab News: घर में घुसकर कार सवार युवकों ने चलाई गोलियां, नौजवान की हालत गंभीर, देखें वीडियो

    Punjab News: घर में घुसकर कार सवार युवकों ने चलाई गोलियां, नौजवान की हालत गंभीर, देखें वीडियो

    लुधियानाः पंजाब में आए दिन गोलियां चलने की घटनाएं सामने आ रही है। वहीं ब्लॉक माछीवाड़ा के अंतर्गत आते गांव चकलोहट में सुबह 9:30 बजे गोली चलने की घटना सामने आई है। इस घटना में नौजवान गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल नौजवान की पहचान 21 वर्षीय जसप्रीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार हमलावार आल्टो कार में सवार होकर आए थे।

    जहां उक्त हमलावारों ने दर्शन सिंह के घर की दीवार फांदकर घर में घुसपैठ की और वहां मौजूद उसके जवान बेटे पर गोलियां चलाई। इस घटना में जसप्रीत सिंह की पीठ में 2 गोलियां लगी हैं। पीड़ित के ताया जसविंदर सिंह के अनुसार यह हमला किसी रंजिश के कारण किया गया है। आरोप है कि यह घिनौना काम उसके अपने ही लोगों ने करवाया है। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। दूसरी ओर घायल युवक की हालत गंभीर होने के कारण डॉक्टरों द्वारा उसे चंडीगढ़ पीजीआई में रेफर कर दिया गया है।

     

     

     

  • इंसानियत शर्मसार! भाई के साथ मिलकर किया पत्नी का कत्ल

    इंसानियत शर्मसार! भाई के साथ मिलकर किया पत्नी का कत्ल

    सिरसाः मंडी डिब्वाली के गांव सुखेराखेड़ा में इंसानियत शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। जहां पति ने भाई के साथ मिलकर पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हमले में माथे और गर्दन पर चोटें लगने के कारण राम मूर्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देर रात को हुई है। वहीं घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची सदर पुलिस ने मामला दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हत्या की वजह पारिवारिक ज़मीन का विवाद बताया जा रहा है। मृतिका राम मूर्ति खेत की ढाणी में ही पति और दोनों पुत्रों से अलग रहती थी।

    ज़मीन को लेकर पति-पत्नी के बीच अदालत का भी मामला चल रहा था। मृतक के भाई सूरजीत सिंह निवासी ढाणी गंगा ने बताया कि लगभग 22 साल पहले उसकी बहन राम मूर्ति का विवाह गुरमहेज पुत्र मन्नफूल निवासी सुखेराखेड़ा से हुआ था। उसके 2 पुत्र 20 वर्षीय ईश्वर और 16 वर्षीय अभिषेक हैं। उसने बताया कि गुरमहेज और संजय कुमार के पास लगभग 20 एकड़ जमीन थी, जिसमें से करीब 8 एकड़ जमीन बेच दी गई थी। इसीलिए राम मूर्ति अपने परिवार और बच्चों के भविष्य को लेकर काफी चिंतित रहती थी। उसने जमीन पर अपना हक जताया।

    कई सामाजिक पंचायते के बाद उसे ढाई एकड़ जमीन दी गई थी, बाद में उस जमीन का कब्जा भी वापस ले लिया गया। सूरजीत सिंह ने बताया कि उसका जीजा गुरमहेज और ससुर शुरू से ही राम मूर्ति को मारपीट कर परेशान करते थे। जमीन को लेकर दोनों पक्षों में अदालत में केस चल रहा था। चश्मदीद सुरजीत सिंह का आरोप है कि देवर संजय कुमार ने उसकी बहन पर कुल्हाड़ी से हमला किया और उसका बहनोई गुरमहेज उसे राम मूर्ति को मारने के लिए उकसा रहा था। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों भाई मौके से फरार हो गए। सदर थाने के मुखी शैलेन्द्र कुमार ने बताया कि मृतका के भाई सूरजीत सिंह के बयान पर संजय कुमार और गुरमहेज खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

  • Punjab News: वीरवार को सरकारी छुट्टी का हुआ ऐलान, स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

    Punjab News: वीरवार को सरकारी छुट्टी का हुआ ऐलान, स्कूल-कॉलेज रहेंगे बंद

    मोहालीः पंजाब सरकार ने सरकारी छुट्टी का ऐलान कर दिया है। ऐसे में 31 जुलाई को सरकारी छुट्टी रहेंगी। मामले की जानकारी कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के ज़रिए दी है। जहां उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि पंजाब सरकार ने शहीद उधम सिंह के शहीदी दिवस (31 जुलाई) को पूरे राज्य में गजटेड छुट्टी घोषित करने का ऐलान किया है। इस दिन सभी सरकारी दफ्तर, स्कूल और कॉलेज बंद रहेंगे।

    यह उल्लेखनीय है कि पंजाब सरकार द्वारा जारी किए गए वर्ष 2025 के सरकारी अवकाशों की सूची में पहले इस 31 जुलाई की छुट्टी को राखवीं अवकाश के रूप में जगह दी गई थी, जिसे अब सरकारी छुट्टी घोषित कर नोटिफिकेशन भी जारी किया गया है। कैबिनेट मंत्री और आप पार्टी के राज्य अध्यक्ष अमन अरोड़ा ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान बताया कि शुक्रवार को मुख्यमंत्री भगवंत मान और पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल मिल कर भावानीगढ़-सुनाम रोड का नाम अब शहीद उधम सिंह मार्ग रखा जाएगा।

    जिसका ऐलान पहले ही कर दिया गया है। अमन अरोड़ा ने कहा कि कंबोज समाज की यह लंबे समय से मांग थी कि शहीद उदम सिंह के शहादत दिवस पर सिर्फ सुनाम में ही नहीं, बल्कि पूरे पंजाब में छुट्टी घोषित की जाए, जिसे पंजाब सरकार ने मान लिया है।

  • Haryana News: Drug Network का भंडाफोड़, 2 आरोपी भेजे जेल, देखें वीडियो

    Haryana News: Drug Network का भंडाफोड़, 2 आरोपी भेजे जेल, देखें वीडियो

    पंचकूलाः नशा तस्करों के खिलाफ एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 141 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है। डीसीपी क्राइम मनप्रीत सिंह सूदन के नेतृत्व में पंचकूला पुलिस की ओर से नशा तस्करों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।

    इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल पंचकूला को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एंटी नारकोटिक्स सेल टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक परमजीत सिंह उर्फ पम्मा और यादविन्द्र सिंह वासी अमृतसर पंजाब सेक्टर-12A पंचकूला स्थित शिमला-जीरकपुर हाईवे के पास ग्रीन बेल्ट क्षेत्र में किसी को हेरोइन बेचने आने वाले हैं। सूचना मिलते ही एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज की अगुवाई में एंटी नारकोटिक्स सेल इंचार्ज सब-इंस्पेक्टर प्रवीण कुमार की टीम ने मौके पर दबिश दी और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

    एंटी नारकोटिक्स सेल के इंचार्ज प्रवीण मलिक ने जानकारी देते बताया कि तलाशी के दौरान परमजीत सिंह से 89 ग्राम और यादविन्द्र सिंह से 52 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। दोनों के पास किसी प्रकार का कोई वैध लाइसेंस नहीं था। आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। रिमांड के दौरान पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि उन्होंने यह हेरोइन अमृतसर निवासी कुलदीप से खरीदी थी।

    इसके आधार पर टीम ने कुलदीप को अमृतसर से गिरफ्तार किया और उसे भी तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सेक्टर-14 पंचकूला में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार किए दो आरोपियों परमजीत और यादविन्द्र को रिमांड अवधि समाप्त होने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि सप्लायर कुलदीप से पूछताछ जारी है और पूरे ड्रग नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। अब एंटी नारकोटिक सेल की टीम के द्वारा पुलिस रिमांड के दौरान मुख्य सप्लायर कुलदीप से पूछताछ की जाएगी और यह पता लगाने की कोशिश की जाएगी कि यह नशीला पदार्थ कहां से आता था और कहां-कहां पर सप्लाई किया जाता था।

    आपको बता दें कि पंजाब का अमृतसर इंडिया पाकिस्तान बॉर्डर पर स्थित है और ऐसे में हो सकता है कि आरोपी इंटरनेशनल बॉर्डर के माध्यम से आने वाली हेरोइन आगे सप्लाई करता हो, लेकिन फिलहाल पुलिस रिमांड के दौरान खुलासा होगा कि आरोपी के साथ और कौन-कौन लोग शामिल हैं और इनका नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

  • तालीबानी सजा! व्यक्ति को उल्टा लिटाकर बेरहमी से पीटा, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    तालीबानी सजा! व्यक्ति को उल्टा लिटाकर बेरहमी से पीटा, 4 गिरफ्तार, देखें वीडियो

    गुरुग्राम: सेक्टर 37C में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां एक बिल्डर कॉन्ट्रैक्टर ने प्रवासी मजदूर को तालिबानी सजा दी। बिल्डिंग कॉन्ट्रेक्टर की दबंगई दिखाते हुए मजदूर को बिल्डिंग के बेसमेंट में ही पैरों में रस्सी बांधकर लोहे के पाइप पर उल्टा लटका दिया। उसके बाद व्यक्ति ने पीड़ित को डंडों से पीटा। इस दौरान मजदूर हाथ जोड़कर रहम की भीख मांगता रहा, लेकिन उन्हें तरस नहीं आया, लेकिन उस पर अत्याचार जारी रहा। इस घटना का वीडियो अब सामने आया है। जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। इस वीडियो ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है। वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि 4 लोग मिलकर प्रवासी मजदूर की पिटाई कर रहे हैं। ये घटना एक सोसाइटी में हुई, जहां मजदूर को ना केवल पीटा गया, बल्कि उसे धमकियां भी दी गई। वीडियो सोसाइटी की बेसमेंट की पार्किंग की दिखाई दे रही है। जहां पीड़ित को उल्टा लटकाया हुआ है और डंडे से उसकी पिटाई की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए गुरुग्राम पुलिस ने वीडियो सामने आने के बाद स्वत: संज्ञान लिया। गुरुग्राम पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जो वीडियो में मजदूर के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। आरोपियों की पहचान 39 वर्षीय पुष्पेंद्र निवासी गांव ज्ञानपुरा थाना फुफ जिला भिंड मध्य-प्रदेश, वर्तमान छोटी चौपाल गांव बसई गुरुग्राम में किराए पर रहता है। 38 वर्षीय अजित सिंह निवासी गांव खरक कलां, जिला भिवानी, हरियाणा, वर्तमान सरस्वती प्राइवेट स्कूल गांव बसई में किराए पर रहता है। आरोपी 19 वर्षीय कृष्ण कुमार निवासी गांव खड़ोड़ा थाना बावल, जिला रेवाड़ी, वर्तमान आर्य समाज मंदिर गांव बसई में रहता है और आरोपी 39 वर्षीय अमित कुमार निवासी गांव खासा, जिला अमृतसर (पंजाब) है, जो वर्तमान में पेट्रोल पंप, बसई एन्क्लेव में रहता है। पुलिस का कहना है कि अभी तक पीड़ित ने कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की है, लेकिन जांच तेजी से चल रही है। पीड़ित की तलाश भी जारी है। जानकारी के अनुसार, कॉन्ट्रैक्टर ने पीड़ित को धमकियां दीं और मामले को दबाने की कोशिश की। लेकिन वायरल वीडियो ने इस साजिश को नाकाम कर दिया। पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि इस मामले में किसी भी तरह की अफवाह न फैलाएं। यदि किसी के पास इस घटना से संबंधित कोई जानकारी है, तो वह मोबाइल नंबर 9999981836 पर संपर्क कर सकता है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि दोषियों को कड़ी सजा दी जाएगी।  
  • Punjab News: नशेड़ी पति ने बच्चों सहित पत्नी को घर से निकाला, बाल भी काटे, देखें वीडियो

    Punjab News: नशेड़ी पति ने बच्चों सहित पत्नी को घर से निकाला, बाल भी काटे, देखें वीडियो

    बठिंडा: आए दिन ऐसी घटनाएं सामने आती हैं जिसमें पति-पत्नी के रिश्तों पर से विश्वास उठ जाता है। कुछ मामलों में पति पत्नी को धोखा देता है तो कुछ में पत्नी पति को धोखा दे देती है। इन सबके चलते युवा पीढ़ी का शादी पर से विश्वास ही उठ जाता है। अब ऐसा मामला बठिंडा के जोगी नगर से सामने आया है। जहां पर एक नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी और बच्चों को ही घर से निकाल दिया है।

    उस युवक ने अपनी पत्नी के सिर के बाल काट दिए। बताया जा रहा है कि युवक नशे का आदि है। युवक का नाम हैप्पी  है। महिला ने मामले की जानकारी देते हुए कहा कि उसका पति नशे करता है। नशे के चलते उसने महिला के जेवर और घर बेच दिए। वह काम करके जो पैसे कमाती थी वो भी उसने नशे के चलते ले लिए। महिला अपने सास-ससुर और देवर के साथ रहती है। उसका कहना है कि उसने अपने मायके परिवार वालों को फोन कर दिया और वह उसे लेने आ जाएंगे। आपको बता दें कि दोनों की शादी को 8 साल हो गए हैं।

    पहले पति ने अपनी मां को घर से बाहर निकाला और फिर अपनी पत्नी समेत दोनों बच्चों को ही घर से निकाल दिया है। इस मामले पर पुलिस का भी बयान सामने आया है उनके अनुसार, उन्हें सूचना मिली की पति (हैप्पी) अपनी पत्नी (मानवी) के साथ मार-पीट करता था। कुछ दिन पहले वह दोस्तों के साथ नशे की हालत में घर आया जब उसको पत्नी ने रोकने की कोशिश की तो उसने उसके साथ मार-पीट की और उसके बाल काट दिए। ऐसे में उन्होंने पीड़ित महिला के बयानों के आधार पर शिकायत दर्ज कर ली है और वह दोषी (पति) की तलाश में जुट गई हैं। उनका कहना है कि पति को ढूंढ कर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी और उसके टेस्ट भी करवाए जाएंगे।

  • Punjab News: पांच सिंह साहिबानों की मीटिंग स्थगित, अब नहीं पेश होंगे शिक्षा मंत्री Harjot Bains

    Punjab News: पांच सिंह साहिबानों की मीटिंग स्थगित, अब नहीं पेश होंगे शिक्षा मंत्री Harjot Bains

    अमृतसरः श्रीनगर समारोह के दौरान मर्यादा उल्लंघन के मामले में तलब किए पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस अब 1 अगस्त को शिरोमणि अकाली दल की होने वाली पांच सिंह साहिबान की बैठक में उपस्थित नहीं होंगे। यह बैठक अब स्थगित कर दी गई है।

    श्री अकाल तख्त साहिब के सचिव इंचार्ज बगीचा सिंह ने जानकारी देते कहा कि यह निर्णय श्री अकाल तख्त साहिब के कार्यकारी जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज के पारिवारिक सदस्य के आकस्मिक अकाल निधन के कारण लिया गया है।

    उन्होंने बताया कि पांच सिंह साहिबान की नई बैठक की तिथि और समय बाद में तय करके जानकारी साझा की जाएगी। इस बैठक में शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के साथ-साथ भाषा विभाग पंजाब के निदेशक जसवंत सिंह को भी तलब किया गया था। अब दोनों को नई तिथि अनुसार ही तलब किया जाएगा।

  • भारी बारिश ने मचाई तबाही, 30 लोगों की मौत, देखें वीडियो

    भारी बारिश ने मचाई तबाही, 30 लोगों की मौत, देखें वीडियो

    बीजिंगः चीन में भारी बारिश से आई बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। चीन की सरकारी मीडिया ने मंगलवार को बताया कि अकेले राजधानी बीजिंग में भारी बारिश से 30 लोगों की मौत हो गई, जबकि 80 हजार से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर भेजना पड़ा है। पूरे उत्तरी चीन के कई हिस्सों में ही मूसलाधार बारिश हुई, जिससे घातक भूस्खलन हुआ है। चीन की सरकारी न्यूज एजेंसी शिन्हुआ ने कहा कि मौसम अधिकारियों ने राजधानी बीजिंग, पड़ोसी प्रांत हेबेई और तियानजिन के साथ-साथ उत्तरी, पूर्वी और दक्षिणी चीन के 10 अन्य प्रांतों के लिए अपनी दूसरी सबसे बड़ी बारिश की चेतावनी जारी की है।

    राष्ट्रपति शी जिनपिंग ने जानमाल के नुकसान को कम करने के लिए राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक, सबसे अधिक वर्षा मियुन में दर्ज की गई, जो 543.4 मिलीमीटर तक पहुंच गई। इन क्षेत्रों में बाढ़ और भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आई हैं। भारी बारिश और बाढ़ की वजह से बीजिंग में 31 सड़कों को नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा 136 गांवों में बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। प्रशासन ने लोगों को तेज बहाव वाली नदियों और खतरनाक इलाकों से दूर रहने की चेतावनी दी है।

    बीजिंग में अभी भी बारिश रुक-रुक कर हो रही है, जिससे हालात और खराब हो सकते हैं। सोमवार रात बीजिंग के नगर बाढ़ नियंत्रण मुख्यालय ने पूरे शहर में बाढ़ आपात प्रतिक्रिया प्रणाली का सबसे ऊंचा स्तर लागू कर दिया। इसका मकसद यह है कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्यवाही की जा सके। नगर प्रशासन द्वारा सभी संबंधित विभागों को सतर्क किया गया है और संवेदनशील इलाकों में राहत दलों को तैनात किया गया है।

    मियुन की एक निवासी (जिनका सरनेम जियांग है) ने न्यूज एजेंसी एएफपी को बताया, “इस बार बारिश असामान्य रूप से भारी हुई है, यह आमतौर पर ऐसी नहीं होती है।” उन्होंने कहा, “सड़क पानी से भरी हुई है इसलिए लोग काम पर नहीं जा रहे हैं।” सरकारी मीडिया ने कहा कि शहर के उत्तर में हुआइरो जिला और दक्षिण-पश्चिम में फैंगशान भी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। बीजिंग डेली ने कहा कि दर्जनों सड़कें बंद कर दी गई हैं और 130 से अधिक गांवों में बिजली गुल हो गई है। आउटलेट में जनता से कहा गया है, “कृपया मौसम के पूर्वानुमानों और चेतावनियों पर ध्यान दें और जब तक आवश्यक न हो, जोखिम वाले क्षेत्रों में न जाएं।”