Blog

  • कार और पिकअप में आमने-सामने टक्कर, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

    कार और पिकअप में आमने-सामने टक्कर, वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

    बीकानेरः श्रीडूंगरगढ़ में बीती देर रात कार और पिकअप में भयानक सड़क हादसा हो गया जिसमें 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार दोनों युवकों को गंभीर चोट आई है, जबकि पिकअप सवार को भी चोट लगी है।

    जानकारी देते पुलिस ने बताया कि देर रात करीब 12 बजे बाना रोड पर रेलवे फाटक से 2 किलोमीटर आगे स्विफ्ट कार व पिकअप आमने सामने टकरा गए। कार में 3 युवक सवार थे, जिसमें 2 को गंभीर चोट आई हैं। घायलों की पहचान राजेश पुत्र सोहनलाल जाट निवासी कुंतासर व महेंद्र जाट निवासी बाना तथा पिकअप सवार बाना निवासी अमरचंद पुत्र जेसाराम नायक शामिल है। टक्कर में पिकअप पलट गई व कार भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गयी। इमरजेंसी सेवा नम्बर 112 वाहन के चालक श्रवण कुमार ने मौके पर घायलों को निकालने में सहयोगी रहे।

    वहीं हरिराम बाना, इन्द्रचंद गोदारा, सुरेंद्र महिया ने अपने वाहनों से उतरकर घायलों को निकाला और निजी वाहन से अस्पताल पहुंचाया। हेड कांस्टेबल देवाराम टीम सहित मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवा कर यातायात सुचारू करवाया। दोनों वाहन गांव बाना के ही बताए जा रहे हैं।

  • निमिषा प्रिया की मौत की सजा को लेकर क्या है सच्चाई, जानें

    निमिषा प्रिया की मौत की सजा को लेकर क्या है सच्चाई, जानें

    नई दिल्लीः भारतीय नर्स निमिषा प्रिया को यमन में सुनाई मौत की सजा को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है। इस बात की जानकारी भारत के ग्रैंड मुफ्ती कंथापुरम एपी अबूबकर मुसलियार के कार्यालय ने एक बयान जारी कर दी है। हालांकि बयान में ये भी स्पष्ट किया गया कि अभी यमन की सरकार से आधिकारिक लिखित पुष्टि प्राप्त नहीं हुई है। बयान में कहा गया है कि निमिषा प्रिया की मौत की सजा, जिसे पहले स्थगित किया गया था, अब पूरी तरह से रद्द कर दी गई है। वहीं, विदेश मंत्रालय से जुड़े सूत्रों ने बताया कि निमिषा प्रिया केस को लेकर चुनिंदा लोगों द्वारा कुछ सूचना शेयर की जा रही है, जो गलत हैं।

    मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक ग्रैंड मुफ्ती के ऑफिस ने बताया कि यमन की राजधानी सना में एक हाईलेवल मीटिंग के दौरान ये फैसला लिया गया है। निमिषा प्रिया का मामला वर्ष 2018 से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में रहा है। निमिषा पर अपने बिजनेस पार्टनर की हत्या करने और फिर शव के टुकड़े कर देने के आरोप हैं। उन्हें मार्च 2018 में हत्या के आरोप में दोषी ठहराया गया था और 2020 में यमनी अदालत ने उन्हें फांसी की सजा सुनाई थी।

  • सुबह सुबह शुरू हुई बारिश, बदला मौसम का मिजाज, देखें वीडियो

    सुबह सुबह शुरू हुई बारिश, बदला मौसम का मिजाज, देखें वीडियो

    नई दिल्ली: पहाड़ों से लेकर मैदान तक मॉनसून की बारिश का सिलसिला जारी है। वहीं दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार सुबह हुई झमाझम बारिश ने मौसम को सुहाना बना दिया। बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है। मौसम विभाग ने आज दिल्ली और एनसीआर में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई है। हालांकि, बारिश के चलते ऑफिस टाइम में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक की रफ्तार धीमी हो गई है।

    इस समय, लोग जल्दी पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन बारिश ने उनकी योजनाओं में बाधा डाल दी है। वहीं आईटीओ तिलक ब्रिज बस स्टैंड में बारिश में लोग बस शेल्टर के नीचे बैठ या खड़े भी नहीं हो सकते। क्योंकि शेल्टर से बरसात का पानी गिर रहा है। इसकी तस्वीरें भी सामने आई है, जिसमें देखा जा सकता है कि लोग बस का इतंजार खड़े होकर कर रहे है।

    मौसम विभाग के अनुसार, आज दिल्ली-एनसीआर, पानीपत, गोहाना, गन्नौर, सोनीपत, और आसपास के क्षेत्रों में हल्की आंधी और बिजली के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। तेज हवाएं 30-40 किमी/घंटा की गति से चल सकती हैं। गंगोह, देवबंद, शामली, मुजफ्फरनगर, और कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की आंधी और बारिश की संभावना है। यह बारिश किसानों के लिए फायदेमंद हो सकती है, खासकर इस समय जब फसलें तैयार हो रही हैं।

    मौसम विभाग ने मंगलवार को आसमान में बादल छाए रहने और मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक है। न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है।

  • फिर फटा बादल, भारी तबाही, पैलेस कलोनी में दहशत में लोग, National Highway बंद, देखें वीडियो

    फिर फटा बादल, भारी तबाही, पैलेस कलोनी में दहशत में लोग, National Highway बंद, देखें वीडियो

    15 से ज़्यादा गाड़ियां मलबे में दबी, लोगों का रेस्क्यू जारी

    मंडी: हिमाचल में लगातार बारिश के कारण भारी नुकसान हो रहा है। वहीं मंडी में देर रात बादल फटने के बाद भारी बारिश हो गई और एक बार फिर से हालात बिगड़ गए। मंडी के जेल रोड के पास देर रात भारी बारिश के बाद 15 से ज़्यादा गाड़ियां मलबे में दब गईं और कई घरों को नुकसान हुआ है। पानी लोगों के घरों में घुस गया। प्रशासन की ओर से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। सबसे ज्‍यादा नुकसान जेल रोड व पैलेस कालोनी क्षेत्र में हुआ है। भारी बारिश के कारण चंडीगढ़ मनाली नेशनल हाईवे बंद हो गया है। मंडी में भारी बारिश के कारण दो प्रमुख नेशनल हाईवे बंद कर दिये गए हैं। चंडीगढ़-मनाली और पठानकोट-मंडी नेशनल हाईवे बीती रात से बंद पड़ा है। चंडीगढ़-मनाली एनएच पर वाड़ा, झलोगी और अन्य स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ है। इसी तरह से पठानकोट मंडी पर भी पत्थर से लेकर मंडी तक अनेकों स्थानों पर भूस्खलन हुआ है। मंडी शहर के कई इलाकों में बाढ़ गई और 50 से अधिक गाड़ियां मलबे में दब गई और कुछ गाड़ियां बह भी गई है। वहीं, जेल रोड में फ्लैश फ्लड के चलते 3 लोगों की मौत हो गई है। जानकारी के अनुसार, मंडी जिले में बीते 12 घंटे से लगातार मूसलाधार बारिश हो रही है। भारी बारिश के चलते दो प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग – चंडीगढ़-मनाली एनएच और पठानकोट-मंडी एनएच बीती रात से यातायात के लिए पूरी तरह बंद हो गए हैं। चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर 4 मील, 9 मील, दवाड़ा, झलोगी सहित कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ है, जिससे सड़क पर भारी मलबा आ गया है और मार्ग अवरुद्ध हो गया है। वहीं, पठानकोट-मंडी एनएच पर पधर से लेकर मंडी तक अनेक स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही बारिश से मलबा हटाने और राहत कार्यों में भारी परेशानी आ रही है। इसी बीच, मंडी शहर के विक्टोरिया पुल के पास भी भीषण लैंडस्लाइड हुआ है, जिससे आसपास के क्षेत्र में खतरा और अधिक बढ़ गया है।
  • सुबह-सुबह 6.3 की तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके

    सुबह-सुबह 6.3 की तीव्रता से लगे भूकंप के तेज झटके

    नई दिल्लीः अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में सोमवार रात भूकंप के तेज झटके महसूस किएं गए। समाचार एजेंसी रायटर्स ने जर्मन रिसर्च सेंटर फॉर जियोसाइंसेज (GFZ) के हवाले से बताया कि इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 6.3 मापी गई। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी के अनुसार बंगाल की खाड़ी में मंगलवार तड़के रिक्टर पैमाने पर 6.3 तीव्रता का भूकंप आया जिसका केंद्र 6.82°N अक्षांश और 93.37°E देशांतर था।

    जिस वक्त भूकंप आया उस वक्त लोग गहरी नींद में सो रहे थे, अचानक जब धरती हिलने लगी तो सभी डर से कांप गए लेकिन राहत की बात यह रही कि इस भूकंपीय घटना के बाद किसी भी तरह के नुकसान या हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। भूकंप का केंद्र अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में कैम्पबेल खाड़ी से लगभग 62 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में स्थित था।

    बता दें कि भूकंप एक प्राकृतिक आपदा है जो कि अचानक आता है और इसका पूर्वानुमान लगाना अत्यंत कठिन होता है, इसलिए इससे निपटने के लिए जागरूकता और सावधानी बेहद जरूरी है। बता दें कि पृथ्वी की सतह कई बड़े टुकड़ों में बंटी हुई है। ये प्लेटें लगातार बहुत धीरे-धीरे हिलती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं, फिसलती हैं या दबाव बनाती हैं, तो किसी एक समय पर वह दबाव अचानक टूटता है और ऊर्जा बाहर निकलती है, यही ऊर्जा धरती को हिला देती है।

  • Stock market: गिरावट का ट्रेंड बरकरार; बाजार खुलते ही धड़म, डूबे करोड़ों रुपए

    Stock market: गिरावट का ट्रेंड बरकरार; बाजार खुलते ही धड़म, डूबे करोड़ों रुपए

    बिजनेसः शेयर बाजार में गिरावट का ट्रेंड लगातार चौथे दिन भी बरकरार है। सेंसेक्स मंगलवार को बाजार खुलते ही धड़ाम हो गया। वहीं, निफ्टी 50 में भी गिरावट देखने को मिल रही है। शुरुआती बाजार में सेंसेक्स करीब 180 अंक टूटकर ट्रे़ड कर रहा है, जिससे पिछले 4 दिनों में निवेशकों के 13 लाख करोड़ रुपये डूब गए हैं। बीते कारोबारी दिन याना सोमवार को भी भारतीय मार्केट का प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स करीब 550 अंकों की गिरावट के साथ बंद हुआ था। भारत-अमेरिका व्यापार वार्ता को लेकर चिंताओं के बीच बाजार तेजी से नीचे बंद हुआ था। सेंसेक्स 572.07 अंक या 0.70% गिरकर 80,891.02 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 156.10 अंक या 0.63% गिरकर 24,680.90 पर बंद हुआ था।

    वहीं, आज भी शुरुआती कारोबार में मार्केट टूट गया। हालांकि, कुछ देर बाद मार्केट ने थोड़ी-बहुत रिकवरी की। मार्केट में लगातार गिरावट का ट्रेंड बना हुआ है। अंतर बेशक कम है, लेकिन लाल निशान से थोड़ा हरे में आकर मार्केट लाल में ही चला जा रहा है। इस दौरान सेंसेक्स की 30 में लिस्टेड बैंकिंग सेक्टर की बड़ी कंपनियां जैसे HDFC, ICICI BANK और सरकारी कंपनियां पावर ग्रिड और एनटीपीसी में दबाव देखने को मिल रहा है। वहीं, दूसरी ओर रिलायंस और ट्रेट में मामूली तेजी देखी जा रही है।

    भारतीय शेयर बाजार इन दिनों ट्रंप की टैरिफ के दबाव में खासा उलझ सा गया है। अमेरिका के साथ जैसे-जैसे ट्रेड डील टलती जा रही है। 1 अगस्त की तारीख नजदीक आ रही है मार्केट में बिकवाली हावी हो गई है। बीते बुधवार के बाद से है मार्केट में गिरावट को दौर जारी है, जो कि आज भी शुरुआती कारोबार पर देखा जा रहा है। बीते चार दिनों में सेंसेक्स में 1600 अंकों से ज्यादा की गिरावट आ गई है और इस दौरान बीएसई का मार्केट कैप करीब 13 लाख करोड़ कम हुआ है।

  • Punjab News: Friends Guest House की तीसरी मंजिल से गिरी महिला, टूटी रीढ़ की हड्डी, साथी फरार

    Punjab News: Friends Guest House की तीसरी मंजिल से गिरी महिला, टूटी रीढ़ की हड्डी, साथी फरार

    लुधियानाः रायकोट के फ्रेंड्स गेस्ट हाउस से बड़ी खबर सामने आई है। जहां दोस्त के साथ गेस्ट हाउस में आई महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। इस घटना में महिला की रीढ़ की हड्डी टूट गई। दरअसल, महिला ने अपने पुरुष मित्र के साथ होटल में कमरा किराये पर लिया था। अब पुरुष मित्र ने उसे धक्का दिया या उसने आत्महत्या की कोशिश की, इसका खुलासा नहीं हो पाया है।

    गेस्ट हाउस के मालिक चमकौर सिंह ने बताया कि महिला अपने पुरुष मित्र के साथ रात साढ़े 11 बजे गेस्ट हाउस पहुंची थी। करीब डेढ़ घंटे बाद महिला तीसरी मंजिल से नीचे गिर गई। उसका पुरुष मित्र उसे बाइक पर रायकोट के सिमरत अस्पताल ले गया। अस्पताल के प्रबंधक शमशाद अली ने बताया कि महिला की रीढ़ की हड्डी में फ्रेक्चर पाया गया, जिसे तुरंत सर्जरी की जरूरत थी।

    इसके बाद पुरुष मित्र महिला को लुधियाना के अस्पताल ले गया। थाना सिटी रायकोट के प्रभारी अमरजीत सिंह ने कहा कि मामला ध्यान में आते ही गेस्ट हाउस मालिक चमकौर सिंह से पूछताछ की गई है। महिला के बयान अभी नहीं लिए जा सके हैं और रुपिंदर सिंह भी फरार है। महिला और उनके परिजनों के बयान के अनुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गेस्ट हाउस के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

  • बड़ा हादसाः बस-ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मौत, देखें वीडियो

    बड़ा हादसाः बस-ट्रक की टक्कर में 18 श्रद्धालुओं की मौत, देखें वीडियो

    देवघर: झारखंड में श्रावण मास में बाबा बैद्यनाथ धाम में चल रही कांवर यात्रा के दौरान एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। देवघर-बासुकीनाथ मुख्य पथ पर स्थित जमुनिया चौक के पास कांवड़ियों से भरी एक बस और ट्रक की भीषण टक्कर हो गई। बस और ट्रक के बीच टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गये हैं। हालांकि बस में सवार कुछ श्रद्धालु पूरी तरह से सुरक्षित हैं। वहीं कुछ लोगों को मामूली चोटें आई है। कांवरियों से भरी बस की टक्कर गैस सिलेंडर से लदे ट्रक से हुई है।

    जानकारी के अनुसार, इस हादसे में कम से कम 18 कांवड़ियों की मौत हो गई है, जबकि दर्जनों श्रद्धालु घायल हुए हैं। कुछ अन्य रिपोर्टों में मृतकों की संख्या 6 और 30 से अधिक घायलों का जिक्र है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और एंबुलेंस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। सभी घायलों को देवघर के विभिन्न अस्पतालों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। जिला प्रशासन द्वारा राहत और बचाव कार्य जारी है।

    यह हादसा उस समय हुआ जब श्रद्धालु ‘बोल बम’ के जयकारों के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम की ओर बढ़ रहे थे। इस भीषण टक्कर से इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया है कि ‘मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’

     

  • Punjab News: चोरों के हौसले बुलंद, एक दिन में 2 वारदातों को दिया अंजाम, देखें वीडियो

    Punjab News: चोरों के हौसले बुलंद, एक दिन में 2 वारदातों को दिया अंजाम, देखें वीडियो

    सिक्योरिटी गार्ड के मोटरसाइकिल में चोरों ने लगाई आग

    होशियारपुरः महानगर में चोरी की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती ही जा रही है। वहीं देर रात चोरों ने मठड्डा खुरद में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। स्कूल के सिक्योरिटी गार्ड के मोटरसाइकिल को आग लगाकर चोर फरार हो गए। इस बारे में जानकारी देते हुए मठड्डा खुरद के सरपंच जसपाल ने बताया कि एक निजी बैंक में चोरी की वारदात को अंजाम देने में वे नाकाम रहे और स्कूल के अंदर घुसकर एक एम्पलीफायर लेकर फरार हो गए। उल्लेखनीय बात यह है कि स्कूल में सिक्योरिटी गार्ड होने के बावजूद भी चोरों ने उसके मोटरसाइकिल को आग लगा दी। उन्होंने कहा कि अब तो लगातार धार्मिक स्थानों पर भी चोरी की घटनाएं हो रही हैं। सरपंच के अनुसार 2 दिनों में लगातार तीन वारदातें हो गई हैं और चोरी की घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। उन्होंने प्रशासन से अपील की हैं कि चोरों को जल्द से जल्द सलाखों के पीछे किया जाए ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।
  • Punjab News: BDPO Office से नरेगा सचिव रिश्वत मामले में गिरफ्तार

    Punjab News: BDPO Office से नरेगा सचिव रिश्वत मामले में गिरफ्तार

    बरनाला: पंजाब राज्य विजिलेंस ब्यूरो की बरनाला यूनिट ने बीडीपीओ कार्यालय बरनाला में तैनात एक मनरेगा सचिव को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में जानकारी देते हुए विजिलेंस यूनिट बरनाला के इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने बताया कि सुखविंदर सिंह ने एंटी करप्शन पोर्टल पर एक शिकायत दर्ज करवाई थी। जांच के दौरान बीडीपीओ कार्यालय बरनाला में तैनात मनरेगा सचिव गुरप्रीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है।

    उनके खिलाफ भ्रष्टाचार रोकू एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता ने अपनी शिकायत में कहा था कि सरकार द्वारा जरूरतमंद लोगों को कच्चे मकान को पक्का करने के लिए दी जाने वाली ग्रांट में से उक्त गुरप्रीत सिंह किस्त के तौर पर 5 हजार रुपये मांग रहा था और 5 हजार रुपये भी ले चुका है।

    इंस्पेक्टर गुरमीत सिंह ने सोमवार रात बताया कि सुखविंदर सिंह की इस शिकायत की गंभीरता से जांच की गई। जांच के बाद मनरेगा सचिव गुरप्रीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया। उसे मंगलवार को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।