Blog

  • एंटी-चिट्टा अभियान बना जन-आंदोलन, ऊना जिले में मिशन मोड में निर्णायक कार्रवाई

    एंटी-चिट्टा अभियान बना जन-आंदोलन, ऊना जिले में मिशन मोड में निर्णायक कार्रवाई

    सीएम स्वयं कर रहे नेतृत्व, वॉकथॉन के जरिए जन जागरण की अलख ऊना/सुशील पंडित: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के संकल्पवान नेतृत्व में नशा-मुक्त हिमाचल के लक्ष्य को साकार करने के लिए प्रदेशभर में चलाया जा रहा एंटी-चिट्टा अभियान अब एक व्यापक जन-आंदोलन का स्वरूप ले चुका है। इसी क्रम में ऊना जिले में यह अभियान प्रशासन, पुलिस और समाज की सक्रिय सहभागिता के साथ मिशन मोड में प्रभावी ढंग से आगे बढ़ रहा है। अभियान का सीधा फोकस युवाओं को चिट्टे जैसे घातक नशे की गिरफ्त से बचाना है। इसके लिए जन-जागरूकता, सख्त प्रवर्तन और सतत निगरानी, तीनों पर समान रूप से जोर दिया जा रहा है। उपायुक्त ऊना जतिन लाल बताते हैं कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू का स्पष्ट लक्ष्य नशा-मुक्त हिमाचल का निर्माण है और ऊना जिला उसी दिशा में पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रहा है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री स्वयं इस अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। युवाओं और समाज को सीधे जोड़ने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के नेतृत्व में वॉकथॉन जैसे प्रभावशाली आयोजन किए जा रहे हैं। राजधानी शिमला के बाद धर्मशाला और हमीरपुर में भी वॉकथॉन का सफल आयोजन हो चुका है, जिनमें हजारों विद्यार्थियों, युवाओं और नागरिकों ने भाग लेकर नशे के खिलाफ इस लड़ाई में सहभागी बनने का संकल्प लिया। इसी क्रम में शीघ्र ही ऊना जिले में भी वॉकथॉन आयोजित किया जाएगा। 245 पंचायतों में नशा निवारण समितियां, 10 संवेदनशील पंचायतों पर विशेष नजर उपायुक्त ने बताया कि सुनियोजित रणनीति के तहत ऊना जिले की सभी 245 पंचायतों में नशा निवारण समितियों का गठन किया गया है, ताकि नशे के विरुद्ध लड़ाई को गांव-गांव तक पहुंचाया जा सके। इनमें से चिट्टे की दृष्टि से 10 पंचायतों को संवेदनशील चिन्हित करते हुए वहां विशेष निगरानी और केंद्रित कार्रवाई की जा रही है। उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक स्वयं इन क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात की समीक्षा कर रहे हैं। पंचायत स्तर से नशे पर निर्णायक प्रहार की रणनीति जतिन लाल बताते हैं कि पंचायत स्तर पर गठित नशा निवारण समितियां इस अभियान की रीढ़ बन चुकी हैं। ये समितियां अपने-अपने क्षेत्रों में नशे की स्थिति का आकलन, संदिग्ध गतिविधियों की पहचान, नशा तस्करों और उपभोक्ताओं पर निगरानी, जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन तथा पुलिस-प्रशासन से समन्वय जैसे कार्य मिशन मोड में कर रही हैं। समितियों में समाज के हर वर्ग की भागीदारी नशा निवारण समितियों में स्थानीय सरकारी स्कूल के प्रधानाचार्य को अध्यक्ष तथा संबंधित क्षेत्र के पुलिस हेड कांस्टेबल को सदस्य सचिव नियुक्त किया गया है। इसके अतिरिक्त पंचायत सचिव, महिला मंडल व युवक मंडल प्रतिनिधि, आशा वर्कर, सामाजिक कार्यकर्ता, वरिष्ठ नागरिक और ग्राम रोजगार सहायक को शामिल किया गया है। पंचायत प्रधान, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य और वार्ड सदस्य एक्स-ऑफिशियो सदस्य हैं, जिससे सामाजिक सहभागिता और जवाबदेही सुनिश्चित हो सके। लापरवाही किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि नशे के विरुद्ध गठित समितियों को अत्यंत गंभीर जिम्मेदारी सौंपी गई है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नियमित समीक्षा, त्वरित सूचना साझा करना, स्कूलों और समुदायों में जागरूकता, नशे से प्रभावित परिवारों की पहचान और उनके लिए सहायता योजना, इन सभी पहलुओं पर ठोस सामुदायिक एक्शन प्लान के तहत कार्य किया जा रहा है। चिट्टा उन्मूलन में शिक्षण संस्थानों की अहम भूमिका उपायुक्त का कहना है कि चिट्टे के उन्मूलन में शिक्षण संस्थानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। जिले के सभी कॉलेजों और आईटीआई संचालकों को विद्यार्थियों के व्यवहार पर सतत निगरानी रखने और असामान्य लक्षण दिखने पर समय रहते परामर्श व आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।यदि किसी शिक्षण संस्थान के बाहर छात्रों को नशा बेचने की कोशिश होती दिखाई दे, तो तुरंत पुलिस को सूचित करने को कहा गया है। एन-कॉर्ड के तहत बहु-स्तरीय निगरानी तंत्र नशे की आपूर्ति श्रृंखला पर प्रभावी प्रहार के लिए एन-कॉर्ड के अंतर्गत प्रतिमाह जिला स्तरीय समन्वय बैठकें आयोजित की जा रही हैं। पंचायत, उपमंडल और जिला, तीनों स्तरों पर निरंतर समीक्षा के माध्यम से नशा तस्करी की हर कड़ी पर कड़ी नजर रखी जा रही है। नियमित बैठकें, एसडीएम स्तर पर मासिक समीक्षा अभियान को निरंतर गति देने के लिए ग्राम स्तर पर नियमित बैठकें आयोजित की जा रही हैं, जबकि एसडीएम स्तर पर मासिक समीक्षा के माध्यम से प्रगति का आकलन किया जा रहा है। सदस्य सचिव (हेड कांस्टेबल) विस्तृत रिपोर्ट पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेज रहे हैं। सूचना देने पर 10 लाख तक का इनाम उपायुक्त ने बताया कि हिमाचल सरकार ने चिट्टा तस्करी के विरुद्ध प्रभावी इनाम योजना लागू की है। पकड़ी गई चिट्टे की मात्रा के आधार पर 10 हजार से 10 लाख रुपये तक तथा बड़े तस्करी गिरोह की सूचना पर 5 लाख रुपये से अधिक का पुरस्कार दिया जाएगा। नशे से संबंधित सूचना के लिए आपातकालीन नंबर 112 जारी किया गया है। सूचना देने वाले की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी। विशेष ग्राम सभाओं से गांव-गांव तक संदेश एंटी-चिट्टा अभियान को ग्रामीण स्तर पर मजबूत करने के लिए उपायुक्त के निर्देश पर 15 दिसंबर को जिले की विभिन्न पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। इन सभाओं में हर परिवार तक अभियान की जानकारी पहुंचाई गई, नशे के दुष्परिणामों पर चर्चा की गई और नशे के विरुद्ध सामूहिक संकल्प लिया गया। सप्लाई चेन तोड़ने पर पुलिस की निरंतर कार्रवाई, लेकिन नशे की डिमांड खत्म करना सबसे अहम : एसपी अमित यादव पुलिस अधीक्षक अमित यादव बताते हैं कि पुलिस नशे के खात्मे को लेकर निर्णायक कार्रवाई कर रही है। उनका कहना है  कि नशे की सप्लाई चेन तोड़ना जरूरी है, जिस पर पुलिस निरंतर और सख्ती से कार्रवाई कर रही है, लेकिन नशे की डिमांड खत्म करना सबसे अहम पहलू है। एसपी ने अभिभावकों से आह्वान किया कि वे बच्चों और युवाओं के व्यवहार में आने वाले बदलावों को हल्के में न लें, क्योंकि समय पर सजगता ही उन्हें नशे के जाल से बचाने का सबसे प्रभावी उपाय है। उन्होंने अपील की कि नशे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
  • Haryana News: पुलिस की सतर्कता से टली चोरी की वारदात

    Haryana News: पुलिस की सतर्कता से टली चोरी की वारदात

    पंचकूला: कानून व्यवस्था के साथ-साथ नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पंचकूला पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अब पुलिस ने सतर्कता दिखाते हुए चोरी की वारदात समय रहते टाल दी है।

    जानकारी के अनुसार, बीती शाम 4 बजे पंचकूला के सेक्टर-5 में स्थित राजहंस सिनेमा की पार्किंग में गश्त कर रही थी। पुलिस टीम में थाना प्रभारी सतिन्द्र सिंह और मुख्य सिपाही अनिल भी शामिल थे। इस दौरान उन्होंने गाड़ी का शीशा खुला था।

    कार में लैपटॉप समेत काफी जरुरी सामान रखा था। वाहन मालिक अपने परिवार के साथ सिनेमा हाल के अंदर मूवी देखने के लिए गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी रुपेश चौधरी भी तुरंत मौके पर पहुंच गए।

    पुलिस टीम ने वाहन से संबंधित जानकारी जुटाकर कार मालिक को सिनेमा हॉल से बाहर बुलाया। इसके बाद उन्होंने शीशे बंद करके ताला लगवाकर सामान को सुरक्षित रखवा दिया। वाहन चालक ने समय पर मदद करने के लिए पुलिस का धन्यवाद किया।

    डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि सेक्टर-5 के साथ-साथ जिले के बाकी महत्वपूर्ण स्थानों पर जब भी कोई बड़ा आयोजन हो तो पुलिस के द्वारा खास सावधानी और निरंतर पेट्रोलिंग की जाती है।

    वर्तमान में परेड ग्राउंड में 10 दिनों का स्वदेशी मेला आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में वाहन चालकों को खास सावधानी बरतने की जरुरत है। उन्होंने लोगों से अपील की है लोग अपनी गाड़ियों के सभी शीशे और ताले अच्छे से बंद रखे।

    इससे ऐसी चोरी की घटनाओं की संभावना नहीं होगी। पुलिस भी अपनी ओर से लगातार कोशिश कर रही है परंतु शहर के लोगों को भी अपनी जिम्मेदारी समझनी पड़ेगी। डीसीपी ने आगे कहा कि पहले भी ऐसी कुछ घटनाएं सामने आई थी।

    परंतु अब क्षेत्र में पुलिस के एक्टिव होने से अच्छे परिणाम देखने को मिले हैं। इसका एक उदाहरण पिछलों दिनों हुआ साइंस फिल्म फेस्टिवल है। यह पुलिस की प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था के कारण पूरी तरह से शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक हो पाया है। इस दौरान कोई भी चोरी या आपराधिक घटना सामने नहीं आई है।

  • Punjab News: संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस कर्मी की मौत, परिवार में छाया मातम

    Punjab News: संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिस कर्मी की मौत, परिवार में छाया मातम

    लुधियाना: शहर में पुलिस लाइन स्थित एक पुलिस कर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। रात को वह ड्यूटी से वापिस आया और सुबह जब उसकी पत्नी उसे उठाने के लिए गई तो वह नहीं उठा। उसने शोर मचाया जिसके बाद बाकी परिवार वाले लोग भी इकट्ठे हो गए।

    जब परिवार वालों ने चैक किया तो उसकी मौत हो गई थी। मृतक पुलिस कर्मी की पहचान रणजीत सिंह के तौर पर हुई है। उसका शव पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, रणजीत सिंह एक रिटायर आईजी के पास बतौर गनमैन तैनात थे।

    बीती रात वह काम से वापिस आकर सो गया था। सुबह पत्नी प्रभजोत कौर ने जब उसको जगाया तो वह जागा नहीं। इसके बाद उसने तुरंत बाकी परिवार वालों को बताया। रणजीत को जब डॉक्टर के पास दिखाया गया तो पता चला कि वो दम तोड़ चुका था।

    उसकी मौत का असली कारण क्या है यह अभी नहीं पता चल पाया। मौके पर थाना डिवीजन नंबर 8 की पुलिस पहुंच गई। मामला संदिग्ध होने के कारण पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। रणजीत सिंह करीबन 9 साल पहले पुलिस में भर्ती हुआ था।

    उसका एक बच्चा है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चलेगा।

     

  • Punjab News: पेपर देने गए बच्चे के साथ हुई बदसलूकी, परिवार ने किया विरोध, देखें वीडियो

    Punjab News: पेपर देने गए बच्चे के साथ हुई बदसलूकी, परिवार ने किया विरोध, देखें वीडियो

    होशियारपुर : जिले के प्राइवेट स्कूल में सिख बच्चे के साथ बदसलूकी हुई है। बच्चे का कड़ा और श्री साहिब के साथ उसे परीक्षा में नहीं बैठने दिया गया। इस बात का जब पेरेंट्स ने विरोध किया उसके बाद पुलिस के द्वारा बोलने पर बच्चे को परीक्षा में एंट्री मिल पाई।

    आज पंजाब सरकार के सीनियर असिस्टेंट पद की भर्ती के लिए परीक्षा थी। इस परीक्षा के लिए प्राइवेट स्कूलों को सेंटर बनाया गया था। इसी में एक सेंटर होशियारपुर का प्राइवेट स्कूल भी था। सुबह जब 9 बजे बच्चा परीक्षा के लिए आया तो गेट पर ही उसको रोक दिया।

    बच्चे ने आरोप लगाया कि उसको स्कूल प्रशासन की ओर से बोला गया कि पहले अपना कड़ा और श्री साहिब उतारो। इसके बाद ही आपको परीक्षा में बैठने के लिए दिया जाएगा। हंगामा होने के बाद छात्र के परिवार वालों और अन्य लोगों ने विरोध किया।

    इसे बाद उसे परीक्षा में एंट्री मिली। स्कूल प्रबंधन का यह कहना है कि उनके स्कूल में सेंटर बना था। उन्होंने बच्चे को नहीं रोका। गेट पर स्टाफ ने तलाशी के लिए कहा था कड़ा और श्री साहिब उतारने के बाद ही गलतफहमी बढ़ी है।

    मामले पर बोलते हुए बच्चे के पिता हरजीत सिंह ने कहा कि यदि पंजाब के अंदर ही सिख युवाओं के साथ ऐसा बर्ताव किया जाएगा तो आगे की व्यवस्था कैसे चलेगी। मेरे बच्चे को कड़ा और श्री साहिब डालकर अंदर जाने से रोका गया।

    स्कूल ने पेपर लेने की हिदायतों में कहीं भी नहीं लिखा था कि कड़ा या श्री साहिब डालकर नहीं आ सकते। पेपर 9 बजे था और विरोध करने के बाद एंट्री दी गई।

     

     

     

  • Jalandhar पहुंचे बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर, कांग्रेस पर कसे तंज, देखें वीडियो

    Jalandhar पहुंचे बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर, कांग्रेस पर कसे तंज, देखें वीडियो

    जालंधर (Ens) : भारतीय जनता पार्टी के सांसद अनुराग ठाकुर आज जालंधर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मनरेगा को लेकर कांग्रेस पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के लिए महात्मा गांधी सिर्फ राजनीति का साधन ही बन कर रह चुके हैं।

    जब जवाहर रोजगार योजना, संपूर्ण रोजगार योजना और बाकी अन्य योजनाएं आई थी तो महात्मा गांधी की याद कांग्रेस को क्यों नहीं आई परंतु जब 2005 के बाद नरेगा लाई गई तो अचानक उन्हें महात्मा गांधी के नाम से जोड़ दिया गया।अनुराग ठाकुर ने यह आरोप भी लगाया है कि कांग्रेस ने गांधी के नाम पर सिर्फ राजनीति और गरीब व जरुरतमंद लोगों को ही गुमराह किया है।

    उन्होंने ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को भरोसा दिलवाते हुए कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार मनरेगा के अंतर्गत 100 दिन नहीं बल्कि 125 दिन तक रोजगार देने की दिशा में काम कर रही है।अब मजदूरी भी पहले से ज्यादा मिलेगी। बीजेपी सांसद ने कहा कि कांग्रेस के समय मनरेगा का बजट सिर्फ 30 हजार करोड़ रुपये था।

    मौजूदा सरकार ने एक साल में मनरेगा पर 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये खर्च कर दिए हैं। उन्होंने यह साफ कहा है कि उनकी सरकार गरीबों और जरुरतमंद लोगों के कल्याण के लिए काम कर रही है।

  • आर्थिक तंगी से परेशान व्यक्ति ने खुद के अपहरण की रची कहानी, पत्नी से मांगे 50 हजार रुपए

    आर्थिक तंगी से परेशान व्यक्ति ने खुद के अपहरण की रची कहानी, पत्नी से मांगे 50 हजार रुपए

    चंडीगढ़ः शहर में एक अजीब मामला सामने आया है जहां, नौकरी की तलाश में चंडीगढ़ आए एक व्यक्ति ने आर्थिक तंगी के चलते खुद के ही अपहरण की झूठी कहानी रच दी और अपनी पत्नी से 50 हजार रुपए की मांग की। मामले की सूचना मिलते ही उत्तर प्रदेश पुलिस ने चंडीगढ़ पुलिस से संपर्क साधा जिसके बाद चंडीगढ़ पुलिस ने कुछ ही घंटों में युवक को ट्रेस कर पूरे मामले का खुलासा किया।

    जानकारी मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले के रामनगर निवासी रामवृक्ष यादव कुछ दिनों पहले नौकरी की तलाश में चंडीगढ़ आए थे। इस दौरान उनको पैसों की काफी तंगी थी तो उन्होंने घरवालों से पैसे ऐंठने के लिए खुद के अपहरण की साजिश रची। उन्होंने अपनी पत्नी संतोषी को मोबाइल फोन पर कॉल किया। कॉल के दौरान वह रो रहा था और कह रहा था कि उसे किडनैप कर लिया गया है, उसकी पिटाई की जा रही है और उसे एक कमरे में बंद कर दिया गया है। उसने धमकी दी कि अगर 50 हजार रुपए नहीं दिए गए तो उसे जान से मार दिया जाएगा। इसके बाद फोन बंद हो गया। पति की इस कॉल से घबराई संतोषी ने तुरंत परिजनों को इसकी जानकारी दी। परिजन रात में ही नजदीकी थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले से अवगत कराया।

    मामले की गंभीरता को देखते हुए यूपी पुलिस ने इसकी जानकारी चंडीगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलते ही क्राइम ब्रांच ने कॉल करने वाले युवक की लोकेशन ट्रेस की और उसे कुछ ही समय में ढूंढ लिया। पुलिस ने रामवृक्ष को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरू में वह पुलिस को गुमराह करता रहा और दावा करता रहा कि उसे किडनैप किया गया था और वह किसी तरह जान बचाकर भाग निकला है, लेकिन जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने पूरी सच्चाई कबूल कर ली।

    रामवृक्ष ने माना कि उसे किसी ने किडनैप नहीं किया था। पैसों की जरूरत के चलते उसने खुद ही अपहरण की कहानी बनाई थी, ताकि पत्नी और परिजनों से 50 हजार रुपए मंगवाए जा सकें। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी और रामवृक्ष को उनके हवाले कर दिया।

  • असम में PM Modi ने किया फर्टिलाइजर यूनिट का उद्घाटन, बोले – ‘किसानों को मिलेगी नई उम्मीद’

    असम में PM Modi ने किया फर्टिलाइजर यूनिट का उद्घाटन, बोले – ‘किसानों को मिलेगी नई उम्मीद’

    नई दिल्ली: पीएम मोदी ने असम के नामरुप में 12 लाख मीट्रिक टन वार्षिक क्षमता वाली नई फर्टिलाइजर यूनिट का उद्घाटन किया। इस मौके पर पीएम ने इसे असम और पूरे पूर्वोत्तर भारत के लिए ऐतिहासिक दिन बताया है और कहा कि इससे क्षेत्र में औदयोगिक विकास को नई दिशा मिलेगी। पीएम मोदी ने कहा कि – आज असम और पूरे पूर्वोत्तर के लिए यह बहुत बड़ा दिन है। नामरुप और डिब्रूगढ़ को लंबे समय से जिस पल का इंतजार था वो सपना आज पूरा हो चुका है। आज इस पूरे इलाके में औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय शुरु होगा।

    असम ने पकड़ी विकास की नई रफ्तार

    पीएम ने कहा कि असम अब विकास की नई गति के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्होंने लोगों को यह भरोसा दिलवाते हुए कहा कि है कि – ‘असम विकास की एक नई रफ्तार पकड़ रहा है। मैं आपको यह बताना चाहता हूं कि अभी आप जो देख रहे हैं जो अनुभव कर रहे हैं यह सिर्फ एक शुरुआत है हमें तो असम को बहुत आगे लेकर जाना है’। पीएम मोदी ने कहा कि किसानों के हित में बड़े फैसले बीजेपी की सरकार आने के बाद ही हो पाए हैं। उन्होंने कहा कि – ‘आप सोचिए किसानों के लिए काम बीजेपी सरकार आने के बाद क्यों हो रहा है? नामरुप तो दशकों तक खाद उत्पादन का केंद्र था जब देश के कई हिस्सों में खाद की आपूर्ति चुनौती बनी तब भी नामरुप किसानों के लिए उम्मीद बन रहा है’।

    नए प्लांट होंगे शुरु

    पीएम ने कहा कि असम ही नहीं बल्कि देश के कई राज्यों में कांग्रेस शासन के दौरान खाद की फैक्ट्रियां बंद हो गई थी। उन्होंने कहा कि असम की तरह देश के दूसरे राज्यों में भी खाद की कितनी फैक्ट्रियां बंद हो गई थी। कांग्रेस ने जिन हालातों को बिगाड़ा था हमारी सरकार ने उन्हें सुधारने के लिए पूरी ताकत लगा दी है।

    देश बनेगा आत्मनिर्भर

    पीएम ने कहा कि अब की सरकार के द्वारा कई तरह के नए फर्टिलाइजर प्लांट शुरु किए गए हैं। इसका सीधा फायदा किसानों को मिला है। कांग्रेस के दौर में फर्टिलाइजर फैक्ट्रियां बंद होती थी वहीं हमारी सरकार ने कई प्लांट शुरु किए हैं। इसी का यह नतीजा है कि हम यूरिया के क्षेत्र में आने वाले समय में आत्मनिर्भर हो पाएं उस दिशा में मजबूती के साथ कदम रख रहे हैं।
  • B.Tech की छात्रा ने Hostel के कमरे में लगाई फांसी, Suicide Note में लिखा – Sorry Mummy Papa…

    B.Tech की छात्रा ने Hostel के कमरे में लगाई फांसी, Suicide Note में लिखा – Sorry Mummy Papa…

    रायगढ़ः जिले में एक छात्रा द्वारा हाॅस्टल के कमरे में फांसी लगाने का मामला सामने आया है। मृतक प्रिंसी कुमारी (20) जिंदल युनिवर्सिटी में बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। बीती रात हॉस्टल के कमरे में उसका शव मिला। प्रिंसी के कमरे से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने अपनी दर्दभरी दास्तां सुनाई। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक, जमशेदपुर टाटा की रहने वाली प्रिंसी कुमारी पूंजीपथरा स्थित जिंदल युनिवर्सिटी में हाॅस्टल में रह कर बी-टेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही थी। शनिवार की रात तकरीबन साढ़े 8 बजे उसके परिजन उसे मोबाइल पर काॅल कर रहे थे, लेकिन कई बार काॅल करने के बाद भी उसने मोबाइल रिसीव नहीं किया। ऐसे में प्रिंसी के परिजन घबरा गए और हाॅस्टल में वार्डन को काॅल किया। तब हाॅस्टल की वार्डन छात्रा के कमरे में गई तो दरवाजा अंदर से बंद मिला और जब दरवाजा नहीं खुला, तब वार्डन ने किसी तरह खिड़की से देखा तो पता चला कि प्रिंसी फांसी पर लटकी हुई है। इसके बाद अन्य छात्राओं को जानकारी देते हुए मामले की सूचना पूंजीपथरा पुलिस को दी गई।

    थाना प्रभारी समेत पुलिस के जवान मौके पर पहुंचे और कमरे में जाकर जांच की गई। घटना की जानकारी उसके परिजनों को दी गई। वहीं शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। प्राथमिक जांच में पुलिस को मौके पर सुसाइड नोट भी मिला जिसमें उसने लिखा है कि साॅरी मम्मी पापा मैं आप लोगों के इच्छा के अनुरूप नहीं कर पाई और बहुत ज्यादा पैसा खर्च करा दी। आपके सेविंग अकाउंट का पैसा भी लग जा रहा है। मैं पढ़ने में बहुत अच्छी नहीं हूं। मम्मी-पापा साॅरी आप लोगों का नाम खराब कर रही हूं।

    बताया जा रहा है कि मृतका द्वारा बीच-बीच में अपने परिजनों से रुपए भी मांगे गए थे, जिसमें कुछ माह पहले 50 हजार रुपए उसके बाद 35 हजार और फिर 15 हजार रुपए सेमेस्टर फीस के नाम पर मांगे थे, जिससे उसके परिजनों ने उसे रुपए भी दिए। इस संबंध में पूंजीपथरा थाना प्रभारी राकेश मिश्रा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जूट गई है। पुलिस मामले की हर पहलू में बारिकी से जांच कर रही है।

  • Punjab News: Birthday Party से घर लौट रहे दोस्तों की Baleno Innova से टकराई, युवती की मौत, देखें वीडियो

    Punjab News: Birthday Party से घर लौट रहे दोस्तों की Baleno Innova से टकराई, युवती की मौत, देखें वीडियो

    बीजेपी नेता की बेटी सहित 5 लोग घायल

    लुधियानाः शहर में रविवार सुबह भीषण सड़क हादसा का मामला सामने आया है, जिसमें एक लड़की की मौत हो गई, जबकि 5 लोग घायल हो गए। घायलों में 2 लड़कियां और भी शामिल है। ये सभी बर्थडे पार्टी करके बलेनो कार से लौट रहे थे। घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जानकारी मुताबिक, बर्थडे पार्टी करके कुछ दोस्त बलेनो कार से घर वापिस आ रहे थे। इस दौरान वेरका कट के पास बलेनो और इनोवा कार जो तेज गति से आ रही थी, कट पर आमने सामने आने पर ड्राइवर स्टेयरिंग पर काबू नहीं रख सके और टकरा गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों को काफी नुकसान पहुंचा। पुलिस के मुताबिक, घायलों में एक लड़की बीजेपी नेता की बेटी बताई गई है। यह भी बताया जा रहा है कि जिस लड़की की मौत हुई है, उसी का बर्थडे था। मगर, इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई, क्योंकि परिवार के लोगों ने कोई भी पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया। फिलहाल, पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है। हादसा सुबह करीब 2 से 3 बजे के बीच बताया जा रहा है। कंट्रोल रूम को सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सराभा नगर थाने के SHO आदित्य शर्मा ने बताया कि बलेनो और इनोवा कार की आमने-सामने की टक्कर हुई थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियों को काफी नुकसान पहुंचा था। दोनों वाहनों के अगले हिस्से काफी क्षतिग्रस्त हो गए थे। पुलिस के अनुसार, वाहनों में 6 लोग सवार थे, जिनमें से पांच घायल हो गए, जबकि एक लड़की राशि सेठी (16) की मौके पर ही मौत हो गई। राशि के साथ दो लड़की और दो लड़के बलेनो कार में सवार थे, जबकि इनोवा कार में केवल एक ही युवक सवार था। ये सभी पांचों भी घायल है। पुलिस ने घायलों को तुरंत रघुनाथ अस्पताल भेजा, जहां हालत गंभीर होने के कारण उन्हें डीएमसी अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल घायलों का इलाज डीएमसी में चल रहा है।
  • सरियों से लदा ट्राला बिजली के खंभे से टकराया, Transformer गिरने से मचा हड़कंप

    सरियों से लदा ट्राला बिजली के खंभे से टकराया, Transformer गिरने से मचा हड़कंप

    झारखंडः सरियों से लदा एक भारी ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बिजली के खंभे से जा टकराया। टक्कर इतनी भयंकर थी कि खंभे पर लगे दो ट्रांसफॉर्मर नीचे गिर गए। गनीमत रही कि घटना के समय इलाके में पहले से ही बिजली आपूर्ति बाधित थी, जिससे बड़ा जान-माल का नुकसान होने से बच गया। इस दुर्घटना की चपेट में आकर सड़क किनारे स्थित एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान को भी नुकसान पहुंचा है। दुकान के बाहर रखे सामान और ढांचे को ट्रांसफॉर्मर गिरने से क्षति हुई है। जानकारी के अनुसार, यदि उस समय बिजली चालू होती तो आग लगने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।

    हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने तुरंत बिजली विभाग को सूचना दी। सुरक्षा के मद्देनजर विभाग ने पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। घटना के बाद इलाके में कुछ देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। हादसे के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रेलर गिरिडीह की ओर आ रहा था और किसी अन्य वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने नियंत्रण खो दिया, जिससे यह दुर्घटना हुई। ट्रेलर भी इस हादसे में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

    सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुट गई है, जबकि बिजली विभाग क्षतिग्रस्त ट्रांसफॉर्मर और खंभे की मरम्मत की तैयारी कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार, जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।