Blog

  • Punjab News: इस इलाके में चोरी का प्रयास, चौकीदार की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, देखें CCTV

    Punjab News: इस इलाके में चोरी का प्रयास, चौकीदार की सतर्कता से टला बड़ा हादसा, देखें CCTV

    लुधियानाः शहर के थाना डिवीजन नंबर-2 के अधीन आते इलाके जनक पुरी में चोरों द्वारा दुकान का शटर तोड़ने का मामला सामने आया है। वहीं चौकीदार की सतर्कता से हादसा टल गया। घटना का सीसीटीवी भी सामने आया है जिसमें चोर दुकान का शटर तोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मामले में केस दर्ज करके और सीसीटीवी को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी मुताबिक, जनकपुरी की 16 नंबर गली के नजदीक एक दुकान को 3 चोरों ने निशाना बनाया। देर रात तीन चोर जिनके मुंह ढके हुए थे, ने दुकान का शटर उखाड़ा। पहले एक चोर ने शटर उखाड़ने के लिए काफी जोर लगाया। जब उससे शटर नहीं उखाड़ा गया तो कुछ देर बाद उसने अपने दूसरे साथी को इशारा करके बुलाया। जब दोनों से शटर नहीं उठा तो उसने तीसरे साथी को बुलाया। तीनों बदमाशों ने मिलकर शटर खींच कर उखाड़ दिया। बदमाशों ने कुल 1 से 4 मिनट के बीच में दुकान का शटर उखड़ा दिया। सारी घटना सीसीटीवी में भी कैद हो गई।

    दुकान के अंदर से जब वह सामान चोरी करने लगे तो अचानक सड़क पर चौकीदार चक्कर लगाने आ गया। चौकीदार ने दुकान का शटर खुला देखा तो उसे शक हुआ। उसने चोर-चोर कहकर शोर मचाया तो इतने में बदमाश घटनास्थल से फरार हो गए।

    वहीं दुकान के मालिक मनोज कुमार ने कहा कि वह बीती रात सो रहा था। तभी सुबह करीब 5 बजे उसकी दुकान के नीचे से चौकीदार के शोर मचाने की आवाज आने लगी। उसकी दुकान सैलून और बिड़ी-सिगरेट की है। शटर खुलने की आवाज से मैं भी जाग गया था। शोर मचने पर तीनों बदमाश भाग गए। उन्होंने कहा कि मामले की शिकायत पुलिस को भी जल्द करेंगे।

  • Cough Syrup पीने से बच्ची की मौत, मचा हड़कंप

    Cough Syrup पीने से बच्ची की मौत, मचा हड़कंप

    झारखंडः कफ सिरप पीने के बाद डेढ़ वर्षीय बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। जिससे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। मृत बच्ची की पहचान रवि भुइयां की पुत्री रागिनी कुमारी के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रागिनी को पिछले दो दिनों से खांसी की शिकायत थी।

    परिवार ने दूधीमाटी चौक के पास स्थित एक मेडिकल दुकान से खांसी का सिरप खरीदा था। जैसे ही बच्ची को सिरप पिलाया, कुछ ही समय बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। बच्ची की हालत गंभीर होते देख परिजन आनन-फानन में उसे कोडरमा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे।

    अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने बच्ची की जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद रागिनी को मृत घोषित कर दिया। कोडरमा के सिविल सर्जन ने बताया कि कफ सिरप पीने के बाद बच्ची की मौत की सूचना मिली है। मामले को गंभीरता से लेते ड्रग इंस्पेक्टर को पूरे प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।

  • कार एक्सीडेंट के बाद Nora Fatehi का आया बयान, बोली – ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं’

    कार एक्सीडेंट के बाद Nora Fatehi का आया बयान, बोली – ‘मैं बिल्कुल ठीक हूं’

    मनोरंजन : एक्ट्रेस नोरा फतेही शनिवार की दोपहर में एक कार हादसे का शिकार हुई थी। शराब के नशे में धुत एक्ट्रेस की कार को टक्कर मार दी थी। ऐसे में अब नोरा ने अपने एक्सीडेंट को लेकर जानकारी शेयर की है। उन्होंने बताया कि वो बिल्कुल ठीक हैं। मगर अभी भी ट्रॉमा में हैं। नोरा ने नशे की हालत में ड्राइव करने वाले लोगों को भी अच्छे से खरी-खोटी सुना दी है।

    लाइफ का सबसे खौफनाक पल था

    नोरा फतेही शनिवार को दोपहर में मुंबई में डीजे डेविड गुएटा के कॉन्सर्ट में जा रही थी। उसी दौरान शराब पीकर ड्राइव कर रहे एक शख्स ने अपनी कार के साथ नोरा फतेही की कार को टक्कर मार दी। एक्सीडेंट की खबर जैसे ही सामने आई तो नोरा के फैंस काफी चिंता में थे। अब नोरा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर अपने साथ हुए हादसे के बारे में बताया है। नोरा ने कहा कि ये उनकी जिंदगी का सबसे खौफनाक और डरावना पल था। उन्होंने कहा कि वो अभी भी शॉक में है।

    ‘मैं ठीक हूं’

    नोरा ने कहा कि – ‘मैं आप सभी को यह बताने के लिए आई हूं कि मैं बिल्कुल ठीक हूं। आज दोपहर में मेरे साथ एक बहुत ही खतरनाक कार एक्सीडेंट हो गया था। नशे में ड्राइव कर रहे एक शख्स ने मेरी गाड़ी में जोर से टक्कर मार दी। टक्कर का इंपेक्ट काफी तेज था। जिसके कारण से मैं कार में बुरी तरह से उछल गई। मेरा सिर विंडो से टकरा गया। खैर मैं जिंदा हूं मुझे छोटी-मोटी चोटें आई हैं। हल्की सूजन भी है लेकिन मैं शुक्रगुजार हूं कि मैं ठीक हूं ये इससे भी खतरनाक हो सकता था इसलिए मैं यह कहना चाहती हूं कि नशे में बिल्कुल भी ड्राइव न करें मैं झूठ नहीं बोलूंगी ये मेरे लिए बहुत ही डरावना और खोफनाक पल था। मैं अभी भी थोड़े सदमे में हूं’।

    एक्सीडेंट के बाद भी शो में किया परफॉर्म

    एक्सीडेंट के बाद भी नोरा ने डेविड गुएटा के साथ शो में परफॉर्म किया। ऐसे में कई लोग हैरान भी रह गए। इस पर उन्होंने कहा कि वो अपने काम और ऑपर्च्युनिटी में किसी को भी बीच नहीं आने देगी। कोई भी नशे में ड्राइव करने वाला शख्स उनसे उनके काम और ऑपर्च्युनिटी को नहीं छीन सकता। एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने यहां तक पहुंचने के लिए बहुत मेहनत की है। अंत में नोरा ने उन सभी लोगों से भी अपील की है कि वो नशे में ड्राइव न करें। लोगों की सेफ्टी का ध्यान रखें नोरा ने उन सभी लोगों का भी धन्यवाद किया है जो उन्हें लेकर चिंता में थे।  
  • Punjab News: New Zealand में नगर कीर्तन रोकने को लेकर SGPC के सीनियर नेता मंजीत सिंह का आया बयान, देखें वीडियो

    Punjab News: New Zealand में नगर कीर्तन रोकने को लेकर SGPC के सीनियर नेता मंजीत सिंह का आया बयान, देखें वीडियो

    अमृतसरः न्यूजीलैंड के ऑकलैंड शहर में शनिवार को सिख समुदाय द्वारा निकाले गए वार्षिक नगर कीर्तन दौरान उस समय विवाद खड़ा हो गया था, जब कुछ स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया। नगर कीर्तन के लौटते समय डेस्टिनी चर्च से जुड़े समूह “ट्रू पैट्रियट्स ऑफ न्यूजीलैंड” के सदस्य सड़क पर खड़े हो गए और उन्होंने हाका प्रदर्शन शुरू किया था।

    वहीं अब इस प्रदर्शन को लेकर सभी जगह समूह की निंदा हो रही है और लोग इस घटना को गलत ठहरा रहे हैं। इसी कड़ी में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सीनियर लीडर भाई मंजीत सिंह ने भी गोरों द्वारा नगर कीर्तन के विरोध की निंदा की। उन्होंने पीएम मोदी से अनुरोध किया कि वह न्यूजीलैंड के प्राइम मीनिस्टर के साथ संपर्क साधे और उन्हें इस बारे में जांच करवाने के लिए कहें कि आखिर किन लोगों की शह के पीछे उन्होंने नगर कीर्तन को रोकने की कोशिश की। हर साल पूरी दुनियां में नगर कीर्तन सजाए जाते हैं और इस तरह की घटना सामने नहीं आई है, तो अब ऐसा क्यों हो रहा है, इसकी जांच होनी चाहिए। वहीं कई गोरे पंजाब के मेहनती लोगों से जलते भी हैं कि वह ज्यादा मेहनत करके उच्च स्थानों पर नौकरी कर रहे हैं।

    दूसरी ओर एसजीपीसी भी अपनी ओर से कार्रवाई करते हुए न्यूजीलैंड एक वफद भेजेगी और जांच करवाएगी कि किन लोगों ने ऐसे काम को अंजाम देने के लिए लोगों को भड़काया। यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं ये सब पब्लिसिटी के लिए तो नहीं किया गया। वहीं न्यूजीलैंड वहां के प्राइम मीनिस्टर को पत्र भी लिखेगी कि इसकी जांच हो, क्योंकि शिरोमणि प्रबंधक कमेटी विदेशों में बैठे पंजाबियों के साथ सदा दिवार बनकर खड़ी है और कभी भी उनके साथ कुछ गलत नहीं होने दिया जाएगा।

  • Burj Khalifa का टूटेगा रिकार्ड, इस देश में बन रही सबसे ऊंची Building

    Burj Khalifa का टूटेगा रिकार्ड, इस देश में बन रही सबसे ऊंची Building

    रियाद: दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग होने का खिताब दुबई में स्थित बुर्ज खलीफा के नाम पर ही दर्ज है, लेकिन पड़ोसी देश में तैयार हो रही एक गगनचुंबी इमारत इस रिकॉर्ड को तोड़ने वाली है। सऊदी अरब के जेद्दा इकनॉमिक सिटी में बन रहा जेद्दा टावर 1000 मीटर से ज्यादा ऊंचा होने वाला है। 2025 में फिर से निर्माण शुरू होने के बाद इसकी लगभग 80 मंजिलें बन चुकी हैं और यह बुर्ज खलीफा को पीछे छोड़ने की तरफ बढ़ रहा है। टावर का निर्माण तेजी से चल रहा है और हर 3 से 4 दिन में इसकी एक नई मंजिल तैयार हो रही है। इसके 2028 तक पूरा होने की उम्मीद है।

    जेद्दा टावर दुबई के बुर्ज खलीफा से 172 से 180 मीटर ऊंचा होगा। वर्तमान में 828 मीटर के साथ बुर्ज खलीफा के नाम दुनिया की सबसे ऊंची बिल्डिंग होने का रेकॉर्ड है। जेद्दा टावर का नाम पहले किंगडम टावर रखा गया था लेकिन बाद में इसे बदल दिया गया।

    जेद्दा इकनॉमिक सिटी में स्थित इस टावर में 160 से ज्यादा मंजिल होंगी। इसका इस्तेमाल कई कामों के लिए किया जाएगा, जिसमें होटल, लग्जरी आवास, सर्विस अपार्टमेंट और हाई-एंड ऑफिस स्पेस शामिल हैं। इसकी सबसे चर्चित खासियतों में है एक बहुत ऊंचा ऑब्जर्वेशन डेक जो लाल सागर और नीचे शहर का पैनोरमिक नजारा दिखाता है। टॉवर को एड्रियान स्मिथ ने डिजाइन किया है। वे बुर्ज खलीफा के को-डिजाइनर भी थे।

  • Jalandhar News: गढ़ा चौक पर स्कूटी सवार युवकों ने ढाबे पर फैंका Petrol Bomb, बना दहशत का माहौल, देखें वीडियो

    Jalandhar News: गढ़ा चौक पर स्कूटी सवार युवकों ने ढाबे पर फैंका Petrol Bomb, बना दहशत का माहौल, देखें वीडियो

    जालंधरः शहर के गढ़ा चौक स्थित पार्षद पति कृपाल पाली के ढाबे पर शुक्रवार रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब नशे में धुत 2 युवकों ने पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने का प्रयास किया। गनीमत यह रही कि समय रहते आग नहीं लगी। घटना के बाद पीड़ितों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते ढाबे पर मौजूद पार्षद पति कृपाल पाली के भतीजे लक्की ने बताया कि रात करीब 9 बजे वह ढाबे पर था। इसी दौरान स्कूटी पर सवार 2 युवक पहुंचे और एक लाटरी स्टाल के बारे में पूछताछ करने लगे। जब उन्हें इस बारे में जानकारी न होने की बात कही तो युवक ढाबे पर मौजूद लड़की जो ढाबे से सामान लेने आई थी, से छेड़छाड़ और बदतमीजी करने लगे। जब लक्की ने इसका विरोध किया तो आरोपी हाथापाई पर उतर आए। बाद में लोगों के इकट्ठा होने पर दोनों युवक वहां से भाग गए।

    कुछ समय बाद 3 युवक दोबारा लौटे और लिफाफों में पेट्रोल भरकर ढाबे की ओर फेंकते हुए आग लगाने का प्रयास किया। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। उन्होंने युवकों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन वह उनके हाथ नहीं आए। इस हमले के दौरान उनके ढाबे में तीन-चार ग्राहक भी मौजूद थे और अगर आग सिलेंडर तक पहुंच जाती तो बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने पुलिस से मामले में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

    सूचना मिलते ही थाना 7 की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का मुआयना कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी बलविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ताकि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

  • Train में सफर करने वाले यात्रियों को झटका, Railway ने बढ़ाई टिकट, इस दिन से लागू होगी नई कीमतें

    Train में सफर करने वाले यात्रियों को झटका, Railway ने बढ़ाई टिकट, इस दिन से लागू होगी नई कीमतें

    नई दिल्ली: ट्रेन से यात्रा करने वालों को झटका लग सकता है। भारतीय रेलवे एक्सप्रेस ने ट्रेन की टिकट बढ़ाने का ऐलान कर दिया है। रेलवे की ओर से किराए में की गई बढ़ोतरी 26 दिसंबर से लागू हो जाएगी। खासतौर पर ट्रेन के जरिए जो यात्री लंबी दूरी तय करते हैं उन्हें अब सफर के लिए ज्यादा पैसा खर्च करना पड़ सकता है। रेलवे ने 26 दिसंबर 2025 से लागू होने वाले नए किराए के स्ट्रक्चर की घोषणा की कर दी है।

    ऑर्डिनरी क्लास में बढ़ेंगे किराए

    रेलवे की ओर से जारी किए गए बयान में 215 किलोमीटर से कम की रेल यात्रा पर कोई भी बोझ नहीं बढ़ाया गया है। इसके लिए किराए में भी कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। 215 किलोमीटर से ज्यादा की यात्रा के लिए ऑर्डिनरी क्लास में 1 पैसे प्रति किलोमीटर और मेल/एक्सप्रेस नॉन एसी और एसी क्लास के लिए 2 पैसे प्रति किलोमीटर किराए में बढ़ोतरी की गई है।

    इस वजह से बढ़ाया गया किराया

    रेलवे के अनुसार, पिछले 10 सालों में नेटवर्क और ट्रेनों की संख्या में बड़ा विस्तार हुआ है। ऐसे में सुरक्षा और बेहतर संचालन के लिए रेलकर्मियों की संख्या भी बढ़ा दी गई है। इससे सैलेरी और भत्ते का खर्च भी बढ़ गया है। रेलवे के अनुसार, मैनपावर पर खर्च बढ़कर 1.15 लाख करोड़ का हो गया है। वहीं पेंशन पर खर्च सालाना 60,000 करोड़ है। रेलवे का कुल ऑपरेशन खर्च (2024-25) में लाख करोड़ रुपये रहा। इन्हीं खर्चों को संतुलित करने के लिए रेलवे ने माल दुलाई बढ़ाने के साथ-साथ सीमित यात्रा किराया में सीमित बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है।

    600 करोड़ की होगी कमाई

    भारतीय रेलवे के द्वारा ट्रेन किराए बढ़ाने से ट्रेन वालों को अच्छी खासी कमाई होगी। रेलवे की ओर से यह बता दिया गया है कि इस बदलाव से 600 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई होगी। ट्रेन टिकट प्राइस में इस बदलाव के अंतर्गत अब यदि कोई यात्री 500 किलोमीटर की यात्रा नॉन एसी ट्रेन के जरिए करेगा तो उसको फिलहाल मौजूदा टिकट प्राइस की तुलना में 10 रुपये ज्यादा देने पड़ेंगे।
  • Skin में दिखने वाले ये 5 बदलाव हो सकते हैं इस Cancer की शुरुआत, भूलकर भी न करें नजरअंदाज

    Skin में दिखने वाले ये 5 बदलाव हो सकते हैं इस Cancer की शुरुआत, भूलकर भी न करें नजरअंदाज

    हेल्थः आज दुनियाभर में महिलाओं की सेहत के लिए ब्रेस्ट कैंसर एक गंभीर चुनौती बन चुका है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, भारत में हर साल बड़ी संख्या में महिलाओं की मौत ब्रेस्ट कैंसर के कारण होती है। वहीं, डब्ल्यूएचओ की रिपोर्ट के मुताबिक साल 2022 में दुनिया भर में करीब 6.7 लाख लोगों की जान इस बीमारी से गई।

    एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर ब्रेस्ट कैंसर के शुरुआती लक्षणों को समय रहते पहचान लिया जाए, तो इलाज न सिर्फ आसान हो सकता है बल्कि जान बचने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है। खास बात यह है कि ब्रेस्ट कैंसर के कई शुरुआती संकेत स्किन में होने वाले बदलावों के रूप में दिखाई देते हैं, जिन्हें अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं।

    1. ब्रेस्ट की स्किन का धंसना या गड्ढेदार दिखना
    अगर ब्रेस्ट की स्किन अचानक अंदर की ओर खिंची हुई, धंसी हुई या गड्ढेदार दिखाई देने लगे, तो यह चिंता का संकेत हो सकता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ऐसा तब होता है जब स्किन के नीचे मौजूद टिश्यू सिकुड़ने लगते हैं। कई मामलों में न दर्द होता है और न ही गांठ महसूस होती है, फिर भी इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

    2. स्किन का लाल या असामान्य रूप से गर्म होना
    ब्रेस्ट की स्किन का लाल पड़ना या छूने पर गर्म महसूस होना अक्सर लोग रैश, एलर्जी या इन्फेक्शन समझ लेते हैं। लेकिन अगर लालिमा लंबे समय तक बनी रहे या धीरे-धीरे फैलने लगे और सामान्य इलाज से ठीक न हो, तो डॉक्टर से जांच कराना बेहद जरूरी है।

    3. ब्रेस्ट में सूजन और संतरे के छिलके जैसी स्किन
    अगर एक ब्रेस्ट अचानक भारी, बड़ा या कसा हुआ महसूस होने लगे और उसकी स्किन मोटी होकर संतरे के छिलके जैसी दिखे, तो यह गंभीर संकेत हो सकता है। बिना किसी चोट या संक्रमण के ऐसी सूजन दिखे तो तुरंत मेडिकल सलाह लेनी चाहिए।

    4. निप्पल से खून मिला डिस्चार्ज
    एक्सपर्ट्स के अनुसार, बिना किसी दवा या दबाव के निप्पल से अपने आप निकलने वाला खून मिला डिस्चार्ज बेहद गंभीर संकेत है। खासतौर पर जब यह समस्या सिर्फ एक ही ब्रेस्ट में हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

    5. निप्पल या आसपास की स्किन में बदलाव
    अगर निप्पल अंदर की ओर धंसने लगे, उसकी दिशा बदल जाए या उसके आसपास की स्किन में पपड़ी, छिलना या खुजली जैसी समस्या लगातार बनी रहे, तो यह भी ब्रेस्ट कैंसर का शुरुआती लक्षण हो सकता है।

    डिस्क्लेमर: यह जानकारी जागरूकता के लिए है। किसी भी लक्षण की पुष्टि के लिए डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

  • पानी के गड्ढे में गिरा निलंबित CRPF जवान, मौके पर मौत

    पानी के गड्ढे में गिरा निलंबित CRPF जवान, मौके पर मौत

    कानपुरः जलभराव से एक निलंबित सीआरपीएफ जवान की दर्दनाक मौत का मामला सामने आया है। शनिवार को मुकेश अपने घर के पास भरे पानी के गड्ढे में गिरे मिले। परिजन आनन-फानन में उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अभी मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। कुछ लोग फिसलकर गिरने और डूबने से मौत की आशंका जता रहे तो कुछ लोग हार्टअटैक की बात कह रहे। वहीं पुलिस ने मामले में आगामी जांच शुरू कर दी है।

    जानकारी देते घाटमपुर कस्बे के कूष्मांडा नगर निवासियों ने बताया कि कानपुर रोड इलाके में मड पंप लगे होने के बावजूद वर्षों से जल निकासी की व्यवस्था नहीं है। इससे बारिश या पानी भरते ही पूरा क्षेत्र तालाब बन जाता है। वहीं सीआरपीएफ जवान प्रशासन की बेपरवाही की सूली चढ़ गया। इस हादसे से इलाके में शोक और गुस्से की लहर है।

    उधर, पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। मृतक का 14 वर्षीय बेटा अपनी मां के साथ कानपुर में रहता है, जिसे घटना के तुरंत बाद बुलाया गया और आगामी कार्रवाई शुरू की गई।

  • सुबह का Breakfast स्किप करना पड़ सकता है भारी, इस बीमारी का बढ़ सकता है खतरा

    सुबह का Breakfast स्किप करना पड़ सकता है भारी, इस बीमारी का बढ़ सकता है खतरा

    हेल्थः आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में बड़ी संख्या में लोग एक गंभीर गलती कर रहे हैं, और वह है सुबह का नाश्ता न करना। कई लोगों को लगता है कि नाश्ता छोड़ने से उनकी सेहत पर कोई खास असर नहीं पड़ेगा, जबकि कुछ का मानना है कि एक वक्त का खाना कम करने से वजन घटाने में मदद मिलेगी। लेकिन विशेषज्ञों के अनुसार, यह सोच सेहत के लिए खतरनाक साबित हो सकती है।

    डॉक्टर्स का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति नियमित रूप से सुबह का नाश्ता नहीं करता, तो इससे शरीर पर कई नकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं। सुबह का नाश्ता न केवल शरीर को ऊर्जा देता है, बल्कि कई गंभीर बीमारियों से भी बचाव करता है।

    सुबह हेल्दी नाश्ता करने से शरीर को पूरे दिन काम करने के लिए जरूरी ऊर्जा मिलती है। एक रिपोर्ट के मुताबिक, जो लोग सुबह नाश्ता नहीं करते, उनमें टाइप-2 डायबिटीज होने का खतरा 33 प्रतिशत तक बढ़ जाता है। वहीं, नियमित नाश्ता करने वालों का वजन और ब्लड शुगर लेवल संतुलित रहता है।

    नाश्ता छोड़ने से ब्लड शुगर पर असर
    विशेषज्ञों के अनुसार, नाश्ता छोड़ने से शरीर में लंबे समय तक खाना नहीं पहुंचता, जिसके बाद अगला भोजन अधिक मात्रा में किया जाता है। इससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है। अगर यह आदत लंबे समय तक बनी रहती है, तो शरीर की ब्लड शुगर को नियंत्रित करने की क्षमता कमजोर हो जाती है, जिससे डायबिटीज जैसी बीमारी का खतरा बढ़ जाता है।

    नाश्ता करने से शरीर को मिलता है यह फायदा
    नाश्ता करने से शरीर को भरपूर ऊर्जा मिलती है, जिससे मानसिक और शारीरिक दोनों तरह का काम बेहतर तरीके से किया जा सकता है। सुबह हेल्दी ब्रेकफास्ट या नट्स खाने से शरीर को जरूरी विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर मिलते हैं। इससे दिमाग तेज रहता है, थकान कम होती है और शरीर स्वस्थ बना रहता है।