Blog

  • Punjab News: 32 साल की शादीशुदा महिला ने किया Suicide, ससुर पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    Punjab News: 32 साल की शादीशुदा महिला ने किया Suicide, ससुर पर लगाए गंभीर आरोप, देखें वीडियो

    अमृतसर: छेहरटा इलाके से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। 32 साल की शादीशुदा महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मृतक महिला की पहचान अनु के तौर पर हुई है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।मृतक महिला पीछे चार साल का बच्चा छोड़ गई है।

    उसके मायके वालों के द्वारा ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। परिवार वालों ने आरोप लगाया है कि अनु का ससुर उस पर गलत नजर रखता था और उसके साथ जबरदस्ती शारीरिक संंबंध बनाने की कोशिश करता था। इन्हीं बातों से परेशान होकर उनकी बेटी ने यह कदम उठाया है।

    बताया जा रहा है कि अनु का पति दुबई में नौकरी करता है और ज्यादातर समय वह विदेश में ही रहता था। घटना की सूचना मिलते ही छेहरटा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

    तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ससुर को गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि मायके वालों के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपों की गंभीरता के साथ जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और बाकी सबूतों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

     

     

     

  • Himachal News: पीएनबी आरसेटी ऊना में कंप्यूटर आधारित बुक-कीपिंग कोर्स शुरू 

    Himachal News: पीएनबी आरसेटी ऊना में कंप्यूटर आधारित बुक-कीपिंग कोर्स शुरू 

    ऊना/सुशील पंडित: पीएनबी आरसेटी ऊना में ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए सक्षम बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए कंप्यूटर आधारित बुक-कीपिंग कोर्स का नया प्रशिक्षण बैच शुरू किया गया। इस अवसर पर निदेशक पीएनबी आरसेटी ऊना सुधीर कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि पीएनबी आरसेटी ऊना जिले का एकमात्र ऐसा प्रशिक्षण संस्थान है, जो ग्रामीण विकास मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत तथा हिमाचल प्रदेश राज्य सरकार के साथ समन्वय में कार्य कर रहा है।

    उन्होंने बताया कि संस्थान का मुख्य उद्देश्य जिले में बेरोजगारी की समस्या को कम करना तथा ग्रामीण युवाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक कौशल और ज्ञान प्रदान करना है। इसके अंतर्गत लघु अवधि के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिनमें एक सफल उद्यमी बनने के लिए बैंकिंग ज्ञान, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं की जानकारी, बाजार सर्वेक्षण तथा एसडब्ल्यूओटी विश्लेषण जैसी महत्वपूर्ण तकनीकों का प्रशिक्षण दिया जाता है।

    निदेशक ने बताया कि आज(बुधवार) को एलडीएम ऊना संजीव सक्सेना की उपस्थिति में 38 दिवसीय बुक-कीपिंग (कंप्यूटर कोर्स) प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्राज डोगरा (एफएलसी) तथा आकाश भारद्वाज, सीनियर फैकल्टी उपस्थित रहे, जिन्होंने प्रतिभागियों को स्वरोजगार आरंभ करने हेतु बैंकिंग सेवाओं और वित्तीय सहयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी।

    यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 18 से 50 वर्ष की आयु के ग्रामीण युवाओं के लिए आयोजित किया जाता है, ताकि वे स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें। पीएनबी आरसेटी ऊना द्वारा प्रशिक्षण पूर्ण करने के उपरांत प्रतिभागियों को अगले दो वर्षों तक निरंतर सहयोग प्रदान किया जाता है, जिसमें कम ब्याज दर पर बैंकों से ऋण (क्रेडिट लिंकेज) प्राप्त करने के लिए मार्गदर्शन भी शामिल है।

    निदेशक ने बताया कि इस प्रकार के सभी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम पूरी तरह निःशुल्क होते हैं। संस्थान में आयोजित घरेलू प्रशिक्षण के दौरान आवास एवं भोजन की सुविधा भी निःशुल्क प्रदान की जाती है, जबकि ऑफ-साइट प्रशिक्षण के लिए डे-बोर्डिंग की सुविधा उपलब्ध करवाई जाती है। सफल प्रशिक्षणार्थियों को सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त प्रमाण पत्र भी प्रदान किया जाता है।

    उन्होंने कहा कि पीएनबी आरसेटी ऊना से प्रशिक्षण प्राप्त कर कई युवा अपना स्वयं का व्यवसाय स्थापित कर चुके हैं और आज वे न केवल आत्मनिर्भर बने हैं, बल्कि दूसरों को रोजगार प्रदान कर समाज के लिए प्रेरणास्रोत भी बन रहे हैं।

  • युवाओं की भूमिका संगठन की रीढ़, वन बूथ टेन यूथ अभियान से हर बूथ पर बढ़त का लक्ष्य : जयराम ठाकुर

    युवाओं की भूमिका संगठन की रीढ़, वन बूथ टेन यूथ अभियान से हर बूथ पर बढ़त का लक्ष्य : जयराम ठाकुर

    संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में भाजपा युवा मोर्चा की प्रदेश कार्य समिति बैठक में शामिल हुए जयराम ठाकुर

    ऊना/सुंदरनगर/मण्डी/सुशील पंडित: हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर संगठनात्मक जिला सुंदरनगर में आयोजित भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश की प्रदेश कार्य समिति की बैठक में शामिल हुए। औपचारिक परिचय के साथ ही उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी के कार्यकलापों के साथ-साथ भावी चुनाव से जुड़ी तैयारियों की भी समीक्षा की। इस अवसर पर जयराम ठाकुर ने वन बूथ टेन यूथ अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि यह अभियान संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने में अहम भूमिका निभा रहा है।

    बूथ पर काम कर रहा कार्यकर्ता ही पार्टी की सबसे मजबूत कड़ी होता है। चुनाव में प्रचंड जनादेश की नींव “अपना बूथ सबसे मजबूत” के लक्ष्य से ही हासिल होती है। सुक्खू सरकार की नाकामियों के खिलाफ आवाज मुखर करनी हो या पूर्व सरकार की उपलब्धियां तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की योजनाओं का प्रचार प्रसार सभी कामों में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है।

    जयराम ठाकुर ने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी ही किसी भी संगठन की सबसे बड़ी शक्ति होती है और भाजपा युवा मोर्चा इस दिशा में सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने बैठक में उपस्थित युवा कार्यकर्ताओं की मेहनत, अनुशासन और समर्पण की प्रशंसा करते हुए कहा कि राष्ट्र निर्माण, समाज सेवा और संगठन विस्तार में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि भाजपा युवा मोर्चा के कार्यकर्ता विचारधारा के वाहक बनकर गांव-गांव और बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त कर रहे हैं।

    उन्होंने नवगठित कार्यकारिणी को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा मोर्चा आने वाले समय में नई ऊर्जा, प्रतिबद्धता और उत्साह के साथ संगठन के कार्यों को और गति देगा तथा भारतीय जनता पार्टी को और अधिक मजबूत करेगा। इस मौके पर उनके साथ नाचन विधायक विनोद कुमार, भाजपा की महामंत्री पायल वैद्य, संजीव कटवाल, भारतीय जनता युवा मोर्चा हिमाचल प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ सन्नी शुक्ला, प्रदेश युवा मोर्चा महामंत्री सुशील कटसोली, शाश्वत कपूर, प्रदेश प्रवक्ता अजय राणा,  अजय ठाकुर और युवा मोर्चा के तमाम पदाधिकारी उपस्थित रहे।

  • Haryana News: विदेश भेजने के नाम पर ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    Haryana News: विदेश भेजने के नाम पर ठगी मामले में दो आरोपी गिरफ्तार, देखें वीडियो

    पंचकूला: विदेश भेजने के नाम पर लोगों से ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में अब न्यूजीलैंड में वर्क वीजा दिलवाने का झांसा देकर 15 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के द्वारा इस मामले में मुख्य आरोपी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके उनसे नकदी बरामद की गई है।

    इस मामले में बाकी आरोपियों की तलाश पुलिस के द्वारा जारी है। पंचकूला के रहने वाले शिकायतकर्ता ने पुलिस उपायुक्त कार्यालय में शिकायत दी थी कि साल 2024 के मई और जून महीने में उसके बेटे को न्यूजीलैंड भेजने के नाम पर आरोपियों ने उससे 15 लाख रुपये ले लिए। लंबे समय तक आरोपियों ने उसे झूठे वादे करके गुमराह किया।

    जब आरोपियों ने उसे विदेश नहीं भेजा तो शिकायतकर्ता के द्वारा पैसे मांगने पर आनाकानी करनी शुरु कर दी। मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी पंचकूला सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर 27 मई को भारतीय दंड संहित की धारा 420,406, 120-बी,201 और इमिग्रेशन एक्ट की धारा 24 के अंतर्गत मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी गई।

    मामले की जांच एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट को दी गई। जांच के दौरान पुलिस के द्वारा पहले आरोपी नीरज पुत्र रघुबीर निवासी जिला अंबाला को 10 सिंतबर को गिरफ्तार किया गया। इसके बाद 11 सितंबर को आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश करके 4 दिन का पुलिस रिमांड लिया गया। पूछताछ में यह सामने आया कि ठगे गए पैसे आरोपी के द्वारा शैलेंद्र नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर किए गए थे।

    पुलिस ने मुख्य आरोपी शैलेंद्र के ठिकानों पर रेड की परंतु वह फरार हो जाता था। इसके बाद पुलिस ने काफी मेहनत के बाद 9 दिसंबर को मुख्य आरोपी शैलेंद्र कुमार उर्फ शैल पुत्र राम बहादुर वासी जिला कानपुर उत्तर प्रदेश को रेड कर गिरफ्तार किया गया। आरोपी को 10 नवंबर को अदालत में पेश करके पांच दिन का पुलिस रिमांड लिया गया।

    आरोपी के द्वारा माननीय पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट में दायर की गई जमानत याचिका को पहले ही खारिज कर दिया गया था। जांच में पता चला कि आरोपी पिछले पांच सालों से नोएडा में बिना लाइसेंस द मैन पॉवर नाम से एक फर्म चलाकर विदेश भेजने के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहा था। जांच में खुलासा हुआ कि ठगी की गई राशि सद्दाम हुसैन अंसारी नाम के व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर की गई थी।

    पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में रेड कर 12 दिसंबर को आरोपी को काबू किया। आरोपी को 16 दिसंबर को अदालत में पेश कर 7 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। इसके दौरान उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने आरोपी के पास से 5 लाख रुपये कैश बरामद कर लिए हैं। पूछताछ पूरी होने के बाद दूसरे आरोपी शैलेंद्र कुमार को आज न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।

    डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि इस पूरी कार्रवाई में एंटी इमिग्रेशन फ्रॉड यूनिट के इंचार्ज इंस्पेक्टर योगविंद्र सिंह, जांच अधिकारी जगपाल सिंह, एएसआई दीपक कुमार, महिला सिपाही पूनम तथा साइबर सेल की टीम की सराहनीय भूमिका रही है। डीसीपी का कहना है कि मामले की जांच अभी भी चल रही है और कुछ अन्य आरोपियों की भूमिका भी सामने आई है।

    बाकी आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। पंचकूला पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि विदेश भेजने के नाम पर किसी भी अनधिकृत एजेंट या फर्म के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दी।

  • Punjab News: जवाहर नगर में महिला पर जहरीले पदार्थ से किया हमला, हालत गंभीर, देखें वीडियो

    अमृतसरः थाना सदर अंतर्गत आते जवाहर नगर इलाके में महिला पर जहरीले पदार्थ से हमला किया गया। मिली जानकारी के अनुसार महिला द्वारा दूसरी महिला पर जहरीले पदार्थ से हमला किया गया है। इस हमले के कारण पीड़ित का चेहरा बुरी तरह झुलस गया है और उसकी आंखों की रोशनी चली जाने का खतरा बना हुआ है। पीड़ित संतोष कुमारी ने मीडिया को बताया कि वह घर के बाहर कपड़े धो रही थी जब अचानक एक महिला आई और उस पर कोई जहरीला पदार्थ फेंककर मौके से फरार हो गई।

    उन्होंने कहा कि हमले के तुरंत बाद आंखों में भयानक जलन हुई और अब कुछ भी ठीक से दिखाई नहीं दे रहा। पीड़ित का कहना है कि उसका किसी के साथ बड़ा कोई विवाद नहीं था, सिर्फ पारिवारिक स्तर पर हल्की बहस हुई थी, लेकिन इस तरह का हमला उसने कभी सोचा नहीं था। उन्होंने बताया कि घटना के समय उनकी मां और भाई भी घर पर मौजूद थे और घर के बाहर सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं।

    पीड़ित महिला ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि उसे न्याय मिले और दोषी को सख्त सजा दी जाए। इस संबंध में पुलिस अधिकारी ने बताया कि पीड़ित की पहचान संतोष कुमारी के रूप में हुई है और हमला करने वाली उसकी भतीजी चांदनी उर्फ रीचा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और मामले की गंभीरता के साथ जांच जारी है। डॉक्टरों की रिपोर्ट के बाद प्रयोग किए गए रसायन की पुष्टि की जाएगी।

  • Jalandhar News: पंचायत समिति चुनावों में आप पार्टी ने बनाई बढ़त

    Jalandhar News: पंचायत समिति चुनावों में आप पार्टी ने बनाई बढ़त

    जिला परिषद के नतीजों में आप और कांग्रेस में कांटे की टक्कर

    जालंधर, ENS: पंजाब में जिला परिषद और ब्लॉक समिति में आप पार्टी भारी सीटों से आगे चल रही है। आप पार्टी के प्रधान अमन अरोड़ा ने कहा कि जिला परिषद में 85 प्रतिशत आप पार्टी जीत हासिल कर चुकी है, जबकि 113 सीटों पर लीड पर चल रही है। वहीं ब्लॉक समिति चुनावों में से 68 प्रतिशत जीत हासिल करने के साथ-साथ 217 सीटों पर लीड पर चल रही है। वहीं जालंधर में जिला परिषद की 21 सीटों में आप और कांग्रेस में कांटे की टक्कर देखने को मिल रही है। दरअसल, आप पार्टी और कांग्रेस दोनों 8-8 सीटों में आगे चल रही है, वहीं बसपा 4 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि शिरोमणि अकाली दल एक सीट से आगे चल रही है। दूसरी ओर पंचायत समिति चुनावों की 188 जोन में से 40 सीटों पर आप पार्टी आगे चल रही है, जबकि कांग्रेस 31 सीटों पर, शिरोमणि अकाली दल 20 सीटों पर, बसपा 14 सीटों पर भाजपा 2 सीटों पर और अन्य 12 सीटों पर आगे चल रहे है। आप पार्टी के प्रधान ने आज पंजाब में जारी हो रहे नतीजों को लेकर चंडीगढ़ में प्रेस वार्ता की। जहां उन्होंने पंजाब के लोगों को चुनावी नतीजों को लेकर बधाई दी। इस दौरान उन्होंने कहा कि जारी नतीजों में एक तरफा आप पार्टी जीत हासिल कर रही है। उन्होंने कहा कि पौने 4 सालों में आप पार्टी के विकास कार्यों पर लोगों ने फिर से मोहर लगा दी है। वहीं उन्होंने सभी जीत हासिल करने वाले उम्मीदवारों को बधाई दी है। अमन अरोड़ा ने कहा कि अब तक जारी हुए रुझानों के अनुसार शायद ही पिछले 10 सालों में किसी पार्टी ने इतना भारी बहुमत हासिल किया हो।
  • खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की बैठक में उद्योग मंत्री ने किया वेबसाइट का शुभारंभ

    खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की बैठक में उद्योग मंत्री ने किया वेबसाइट का शुभारंभ

    शिमला: उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने आज यहां हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की 246वीं बैठक की अध्यक्षता की। बैठक के दौरान बोर्ड से संबंधित विभिन्न विभागीय एवं नीतिगत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा हुई तथा खादी एवं ग्रामोद्योग क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाने के लिए महत्त्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।

    बैठक के दौरान उद्योग मंत्री ने खादी एवं ग्रामोद्योग से जुड़े कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन, रोज़गार सृजन तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने पर विशेष बल दिया। उद्योग मंत्री ने इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह वेबसाइट विभाग की योजनाओं, कार्यक्रमों, गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी आमजन तक सरल एवं पारदर्शी तरीके से पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी। विभागीय वेबसाइट http://hpkhadi.in के माध्यम से लाभार्थियों, उद्यमियों तथा आम नागरिकों को विभाग से जुड़ी जानकारियां उपलब्ध हो सकेंगी।

    अतिरिक्त मुख्य सचिव उद्योग आर.डी. नजीम, मुख्य कार्यकारी अधिकारी खादी एवं ग्रामोद्योग जितेंद्र कुमार, उप-सचिव (वित्त) भुवनेश शर्मा, संयुक्त निदेशक उद्योग रमेश वर्मा, राज्य नोडल अधिकारी-सह जिला अधिकारी (डी.ओ.) संजीव जस्टा इस अवसर पर उपस्थित थे।

  • जिला प्रशासन ऊना ने घने कोहरे और शीतलहर के दृष्टिगत जनहित में जारी की एडवाइजरी

    जिला प्रशासन ऊना ने घने कोहरे और शीतलहर के दृष्टिगत जनहित में जारी की एडवाइजरी

    ऊना/सुशील पंडित: जिला प्रशासन ऊना ने घने कोहरे और शीतलहर के दृष्टिगत जनहित में एडवाइजरी जारी की है। इसके जरिए प्रशासन ने बढ़ती ठंड और घने कोहरे के मद्देनजर लोगों से स्वास्थ्य और सुरक्षा को लेकर कुछ आवश्यक सावधानियां बरतने का आग्रह किया है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने कहा कि तापमान में लगातार गिरावट के चलते आगामी दिनों में शीतलहर और धुंध का असर और बढ़ सकता है। ऐसे में सुरक्षा और बचाव की दृष्टि से आवश्यक सावधानियां बरतना जरूरी है।

    यातायात के लिए जरूरी सावधानियां
    यातायात के लिए जरूरी सावधानियों की बात करते हुए उपायुक्त ने सभी वाहन चालकों से गति नियंत्रित रखने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घने कोहरे में वाहन धीमी गति से चलाएं ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही लाइट का सही उपयोग करें। गाड़ी की लाइट को लो बीम पर रखें। यदि दृश्यता बहुत कम हो, तो फॉग लाइट का प्रयोग करें। वाहनों के बीच पर्याप्त दूरी रखें ताकि अचानक रुकने की स्थिति में दुर्घटना न हो। सड़क पर पेंट की गई लाइन का उपयोग एक गाइड के रूप में करें। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन और तेज आवाज में संगीत न सुनें।

    शीतलहर से बचाव के उपाय
    एडवाइजरी में जिला वासियों से यह भी आग्रह किया गया है कि शीतलहर के दौरान यथासंभव घर के अंदर ही रहें। बाहर निकलते समय सिर, कान, हाथ, पैर और नाक को अच्छी तरह ढक कर निकलें। रेडियो, टीवी और समाचार पत्रों से मौसम के पूर्वानुमान की जानकारी लेते रहें। कई स्तरों वाले ऊनी कपड़े पहनें ताकि शरीर की गर्मी बरकरार रहे। शरीर को गर्म रखने के लिए पोषक आहार और गर्म पेय का सेवन करें। हीटर, कोयले की अंगीठी या केरोसिन के उपयोग के दौरान कमरे में वेंटिलेशन का उचित प्रबंध करें। अपने सिर को ढक कर रखें, क्योंकि ठण्ड में सिर के माध्यम से ऊष्मा का अभाव हो सकता है। अपने मुहं को भी ढक कर रखें, इससे आपके फेफड़ों को ठण्ड से सुरक्षा मिलेगी। कम तापमान में कठिन काम न करें, क्षमता से अधिक शारीरिक कार्य न करें, इससे हृदयघात का खतरा उत्पन्न हो सकता है।

    स्वास्थ्य संबंधी सावधानियां
    उपायुक्त ने लोगों से स्वास्थ्य लेकर भी सजग रहने को कहा है। उन्होंने कहा कि शरीर के अंगों का सुन्न होना, हाथ-पैर की उंगलियों, कान और नाक पर सफेद या पीले दाग दिखना शीतदंश के लक्षण हो सकते हैं। अत्यधिक ठिठुरना, सुस्ती, थकान, स्मृति कमजोर होना या तुतलाना हाइपोथर्मिया के संकेत हैं। यदि किसी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या महसूस हो, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

    उपायुक्त ने सभी नागरिकों से मौसम की गंभीरता को समझने, सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर सतर्कता बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

  • महाविद्यालय ऊना में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता

    महाविद्यालय ऊना में सड़क सुरक्षा क्लब द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता

    ऊना/सुशील पंडित:राजकीय महाविद्यालय ऊना में सड़क सुरक्षा क्लब के तत्वावधान में पावरपॉइंट प्रस्तुति प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा उनके प्रस्तुति कौशल को निखारना था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं मुख्य वक्ता अशोक कुमार, आर.टी.ओ., ऊना रहे, जबकि गेस्ट ऑफ़ ऑनर के रूप में डॉ. संजय वर्मा उपस्थित थे। यह कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मीता शर्मा के मार्गदर्शन में तथा विद्यार्थियों की पहल को प्रोत्साहित करते हुए आयोजित किया गया।

    प्रतियोगिता का संचालन क्लब समन्वयक डॉ. मोनिका खन्ना तथा क्लब सदस्यों डॉ. गगनदीप, करण कुमार, डॉ. मोनिका ठाकुर, डॉ. शिवानी भगत और प्रो. अनु के सहयोग से किया गया। इस दौरान निरीक्षक (Observer) के रूप में डॉ. रूचि शर्मा तथा निर्णायक मंडल (Judges) के रूप में डॉ. श्वेता शर्मा, प्रो. संजय शर्मा और प्रो. यशपौल ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया।

    प्रतियोगिता में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही विद्यार्थियों द्वारा सड़क सुरक्षा पर आधारित नुक्कड़ नाटक भी प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने का प्रभावी संदेश दिया।

    विजेताओं को हेलमेट प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो छात्रों एवं समाज में सड़क सुरक्षा का संदेश फैलाने की दिशा में एक सराहनीय पहल है। विजेताओं की घोषणा इस प्रकार की गई: प्रथम पुरस्कार – जिया सिंह (बीकॉम प्रथम वर्ष), द्वितीय पुरस्कार – ईशा ठाकुर (बीकॉम द्वितीय वर्ष) तथा तृतीय पुरस्कार – मेहक ठाकुर (बीसीए द्वितीय वर्ष)।
    कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों, निर्णायक मंडल एवं सहयोगी शिक्षकों का धन्यवाद किया गया। यह प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुति विद्यार्थियों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और उनके कौशल को प्रोत्साहित करने में पूर्णतः सफल रही।

  • जिला ऊना में 21 दिसम्बर को 46,167 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप्स, 362 पोलियो ड्रॉप्स बूथ स्थापित

    जिला ऊना में 21 दिसम्बर को 46,167 बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो ड्रॉप्स, 362 पोलियो ड्रॉप्स बूथ स्थापित

    एडीसी ने पल्स पोलियो अभियान के सफल क्रियान्वयन को लेकर संबंधित विभागों को दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

    ऊना/सुशील पंडित:राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल आयोजन को लेकर अतिरिक्त उपायुक्त(एडीसी) ऊना महेंद्र पाल गुर्जर ने स्वास्थ्य सहित अन्य संबंधित विभागों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने अभियान की तैयारियों, कार्ययोजना और विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की।

    एडीसी ने बताया कि आगामी 21  दिसंबर को जिलाभर में पल्स पोलियो अभियान मनाया जाएगा, जिसके तहत 5 वर्ष से कम आयु के प्रत्येक बच्चे को पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएगी। उन्होंने बताया कि इस बार पूरे जिला में 46,167 बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए जिले में 362 बूथ स्थापित किए जाएंगे, जबकि 55 ट्रांजिट प्वाइंट्स पर भी पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त 22 मोबाइल टीमें भी सक्रिय रहेंगी, जो दूर-दराज और संवेदनशील क्षेत्रों में बच्चों तक पहुंचेंगी।

    उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कोई भी बच्चा प्लस पोलियो ड्रॉप्स से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से जिले में झुग्गी-झोपड़ियों, निर्माण स्थलों, अस्थायी बस्तियों तथा प्रवासी मजदूरों के बीच रहने वाले सभी बच्चों को चिन्हित कर उन्हें पोलियो ड्रॉप्स अवश्य पिलाने को लेकर निर्देश दिए। साथ ही जिला में बच्चों को पिलाई जाने वाले पोलियो ड्रॉप्स का पूर्ण रिकॉर्ड रखने को कहा। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि वे इस अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करें, ताकि जिला ऊना को पूरी तरह पोलियो मुक्त बनाए रखा जा सके।

    महेंद्र पाल गुर्जर ने बताया कि आईएसबीटी ऊना, रेलवे स्टेशन, मुख्य बस अड्डों सहित जिला के अन्य प्रमुख स्थानों पर पोलियो ड्रॉप्स केंद्र स्थापित किए जाएंगे ताकि यात्रा कर रहे बच्चों को भी पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जा सके। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, आशा कार्यकर्ता तथा स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी सक्रिय भूमिका निभाएंगे। पोलियों ड्रॉप्स सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक प्रत्येक बूथ पर पिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी कारणवश पोलियो ड्रॉप्स से छूट जाने वाले बच्चों को 22 और 23 दिसंबर को घर-घर जाकर पोलियो ड्रॉप्स पिलाई जाएंगी ताकि कोई भी बच्चा पोलियो ड्रॉप्स से वंचित न रहे।

    मुख्य चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ संजीव वर्मा ने बताया कि यह अभियान सरकारी आयुर्वेदिक अस्पताल, आंगनवाड़ी केंद्रों, स्कूलों सहित अन्य चिन्हित स्थानों पर भी चलाया जाएगा, जहां आशा कार्यकर्ता, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स पिलाएगा। एडीसी ने आम जनता से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में पूरा सहयोग दें और अपने 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो ड्रॉप्स अवश्य पिलवाएं, ताकि भविष्य की पीढ़ी को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

    बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिधू, आईसीडीएस डीपीओ नरेंद्र कुमार, जिला श्रम अधिकारी अक्षय शर्मा, डीएसपी पदम अजय ठाकुर जिला आयुर्वेदिक अधिकारी किरण शर्मा स्वास्थ्य विभाग से गोपाल कृष्ण और संबंधित विभागों के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।